भारत–मलेशिया के बीच रत्न एवं आभूषण व्यापार को मिलेगी नई उड़ान
मुंबई। भारतीय रत्न एवं आभूषण उद्योग को वैश्विक बाजारों से जोड़ने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल करते हुए ज्वेल ट्रेंड्ज प्रा. लि. और मलेशिया इंडियन गोल्डस्मिथ्स एंड ज्वेलर्स एसोसिएशन (MIGJA) ने ज्वेल ट्रेंड्ज इंटरनेशनल जेम्स एंड ज्वेलरी शो (JTIGJS) – मलेशिया एडिशन 2026 की घोषणा की। साथ ही दोनों संस्थाओं के बीच रणनीतिक समझौता ज्ञापन (MoU) पर हस्ताक्षर किए गए। इस अवसर पर MIGJA के अध्यक्ष दातुक अब्दुल रसूल बिन अब्दुल रजाक, ज्वेल ट्रेंड्ज प्रा. लि. के चेयरमैन एवं प्रबंध निदेशक गोविंद वर्मा, कोपाथा ग्रुप ऑफ कंपनीज के चेयरमैन दातो इब्राहिम कोपाथा, MIGJA के उपाध्यक्ष सैम, ज्वेलर्स मेकर वेलफेयर एसोसिएशन के अध्यक्ष संजय शाह तथा साउथ गुजरात चैंबर ऑफ कॉमर्स के अध्यक्ष नैनेश पंचीघर सहित भारत और मलेशिया के उद्योग जगत के अनेक गणमान्य प्रतिनिधि उपस्थित रहे। इसकी घोषणा मुंबई के होटल सहारा स्टार में आयोजित 22वें ज्वेल ट्रेंड्ज जेम्स एंड ज्वेलरी शो (JTGJS) 2026 के दौरान की गई। यह रणनीतिक साझेदारी भारत और मलेशिया के बीच रत्न एवं आभूषण व्यापार को नई गति देने, निवेश एवं व्यापारिक सहयोग बढ़ाने तथा भारतीय उद्योग को मलेशिया सहित पूरे आसियान (ASEAN) क्षेत्र के बाजारों से जोड़ने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।
JTIGJS – मलेशिया एडिशन 2026 का आयोजन 10 एवं 11 अक्टूबर 2026 को रेनेसां कुआलालंपुर होटल एंड कन्वेंशन सेंटर, मलेशिया में किया जाएगा। इस प्रीमियम अंतरराष्ट्रीय बी2बी प्रदर्शनी में 45 अग्रणी ज्वेलरी निर्माता एवं ब्रांड अपने 1 लाख से अधिक नवीनतम आभूषण डिजाइनों का प्रदर्शन करेंगे, जबकि 300 से अधिक प्रमुख रिटेलर्स, खरीदार एवं व्यापारिक प्रतिनिधि इसमें भाग लेंगे। यह आयोजन भारतीय निर्माताओं, निर्यातकों, थोक व्यापारियों और डिजाइनरों को मलेशिया सहित पूरे आसियान क्षेत्र में नए व्यापारिक अवसर उपलब्ध कराएगा।
MIGJA के अध्यक्ष दातुक अब्दुल रसूल बिन अब्दुल रजाक और ज्वेल ट्रेंड्ज प्रा. लि. के चेयरमैन एवं प्रबंध निदेशक गोविंद वर्मा ने कहा कि यह साझेदारी भारत और मलेशिया के बीच आभूषण व्यापार को नई ऊंचाइयों तक ले जाएगी तथा दोनों देशों के उद्योगों के लिए दीर्घकालिक व्यावसायिक सहयोग और निवेश के नए अवसरों का मार्ग प्रशस्त करेगी। कोपाथा ग्रुप ऑफ कंपनीज के चेयरमैन दातो इब्राहिम कोपाथा ने कहा कि मलेशिया, आसियान क्षेत्र का प्रमुख प्रवेश द्वार है और JTIGJS – मलेशिया एडिशन भारतीय कंपनियों के लिए दक्षिण-पूर्व एशियाई बाजारों में विस्तार का प्रभावी मंच सिद्ध होगा।
ज्वेलर्स मेकर वेलफेयर एसोसिएशन के अध्यक्ष संजय शाह ने कहा कि JTIGJS – मलेशिया एडिशन भारतीय आभूषण उद्योग के वैश्विक विस्तार की दिशा में एक ऐतिहासिक पहल है। इससे भारतीय निर्माताओं को नए निर्यात बाजार मिलेंगे और विश्व स्तर पर भारतीय शिल्पकला, नवाचार तथा विनिर्माण क्षमता को नई पहचान प्राप्त होगी। साउथ गुजरात चैंबर ऑफ कॉमर्स के अध्यक्ष नैनेश पंचीघर ने कहा कि यह मंच भारतीय निर्यातकों और निर्माताओं को नए अंतरराष्ट्रीय बाजारों तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा और द्विपक्षीय व्यापार को नई गति देगा। टी. एन. ज्वेलर्स के प्रबंध निदेशक रोहित नाहटा ने कहा, कि टी. एन. ज्वेलर्स अपनी विशिष्ट स्वर्ण आभूषण डिजाइनों और उत्कृष्ट भारतीय कारीगरी के लिए जाना जाता है। प्रत्येक आभूषण को तैयार करने में हमारे कारीगरों की महीनों की मेहनत, कौशल और बारीक शिल्पकला झलकती है। JTIGJS – मलेशिया एडिशन के माध्यम से हम लगभग 300 भारतीय ज्वेलर्स के साथ मलेशिया जा रहे हैं। यह केवल एक व्यापारिक प्रदर्शनी नहीं, बल्कि भारतीय स्वर्ण आभूषणों की समृद्ध परंपरा, उत्कृष्ट शिल्पकला और सांस्कृतिक विरासत को मलेशिया में प्रदर्शित करने का एक महत्वपूर्ण अवसर है।
ज्वेल ट्रेंड्ज के चेयरमैन एवं प्रबंध निदेशक गोविंद वर्मा ने कहा, कि JTIGJS – मलेशिया एडिशन केवल एक अंतरराष्ट्रीय प्रदर्शनी नहीं, बल्कि भारतीय रत्न एवं आभूषण उद्योग के वैश्विक विस्तार की दिशा में एक महत्वपूर्ण अभियान है। यह मंच भारतीय निर्माताओं, निर्यातकों और ब्रांड्स को मलेशिया के माध्यम से पूरे आसियान क्षेत्र के बाजारों तक पहुंचने का सुनहरा अवसर प्रदान करेगा। हमें विश्वास है कि यह साझेदारी भारत और मलेशिया के बीच व्यापार, निवेश और दीर्घकालिक व्यावसायिक सहयोग को नई ऊंचाइयों तक ले जाएगी तथा भारतीय आभूषण उद्योग की वैश्विक पहचान को और मजबूत करेगी ।
म्हाडा के लिए आरक्षित मकान नहीं सौंपने वाले बिल्डरों पर सख्त कार्रवाई करें :  मंगल प्रभात लोढ़ा
मुंबई। राज्य के कैबिनेट मंत्री तथा मुंबई उपनगर जिले के सह-पालक मंत्री मंगल प्रभात लोढ़ा ने स्पष्ट निर्देश दिए कि नए आवासीय परियोजनाओं में म्हाडा के लिए आरक्षित मकान यदि बिल्डर म्हाडा को हस्तांतरित नहीं करते हैं, तो केवल एफआईआर दर्ज कर रुकना पर्याप्त नहीं है। ऐसे मामलों में संबंधितों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाए तथा आवश्यकता पड़ने पर उन्हें जेल भी भेजा जाए। वे बांद्रा (पश्चिम) स्थित रंगशारदा सभागार में आयोजित म्हाडा मुंबई मंडल के कम्प्यूटरीकृत आवासीय लॉटरी कार्यक्रम में बोल रहे थे। इस अवसर पर आवास राज्यमंत्री  पंकज भोयर, महापौर श्रीमती रितू तावड़े, म्हाडा के वरिष्ठ अधिकारी, जनप्रतिनिधि तथा बड़ी संख्या में लाभार्थी उपस्थित थे। इस दौरान 2,640 आवासों की कम्प्यूटरीकृत लॉटरी निकाली गई। श्री लोढ़ा ने कहा कि विकास नियंत्रण नियमावली के अनुसार अतिरिक्त विकास अधिकार (एफएसआई) का लाभ लेने वाले बिल्डरों के लिए म्हाडा के हिस्से के आरक्षित मकान उसे सौंपना अनिवार्य है। लेकिन अनेक मामलों में ये मकान वर्षों तक म्हाडा को हस्तांतरित नहीं किए जाते, जिससे आम नागरिकों को मिलने वाले आवास अटक जाते हैं। उन्होंने कहा कि सिर्फ एफआईआर दर्ज करके मत रुकिए। संबंधित बिल्डरों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई कीजिए। जरूरत पड़े तो उन्हें जेल भेजिए। यदि एक-दो मामलों में कठोर कार्रवाई होगी, तो अन्य बिल्डर भी नियमों का पालन करेंगे और म्हाडा के लिए आरक्षित मकान समय पर सौंपेंगे। इससे कम से कम एक हजार अतिरिक्त मकान तत्काल उपलब्ध हो सकेंगे और उन्हें आम नागरिकों को आवंटित किया जा सकेगा। श्री लोढ़ा ने इस अवसर पर मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस द्वारा महानगरपालिका के प्रत्येक विभाग में नागरिक सहभागिता बढ़ाने के लिए शुरू की गई सलाहकार समिति की अवधारणा का उल्लेख करते हुए कहा कि इसी तर्ज पर म्हाडा में भी ऐसी व्यवस्था विकसित की जानी चाहिए। उन्होंने सुझाव दिया कि स्थानीय जनप्रतिनिधियों, आवास क्षेत्र के विशेषज्ञों, वास्तुकारों, स्वयंसेवी संस्थाओं के प्रतिनिधियों तथा संबंधित क्षेत्र में कार्यरत अनुभवी व्यक्तियों को शामिल करते हुए सलाहकार समितियों का गठन किया जाए। इससे नागरिकों और म्हाडा प्रशासन के बीच संवाद अधिक प्रभावी होगा तथा स्थानीय स्तर की समस्याओं का शीघ्र समाधान संभव होगा।
श्री लोढ़ा ने कहा कि पिछले कुछ वर्षों में म्हाडा ने उल्लेखनीय कार्य किए हैं, लेकिन जनोन्मुखी, पारदर्शी और जवाबदेह आवास व्यवस्था के लिए प्रशासन और नागरिकों के बीच समन्वय और अधिक मजबूत होना आवश्यक है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस के नेतृत्व में महाराष्ट्र सरकार का संकल्प है कि प्रत्येक पात्र नागरिक को पारदर्शी, न्यायसंगत और किफायती आवास उपलब्ध कराया जाए। म्हाडा के प्रत्येक घर पर नागरिकों का अधिकार सुरक्षित रहे, इसके लिए राज्य सरकार पूरी तरह प्रतिबद्ध है।
राजशाही टोपी पहनाकर शिवसेना नेताओं ने मनाया जयप्रकाश सिंह का जन्मदिन
मुंबई। शिवसेना उत्तर भारतीय संघटना महाराष्ट्र राज्य के लोकप्रिय कार्याध्यक्ष जयप्रकाश सिंह के जन्मदिन पर आज शिवसेना मुख्यालय बालासाहेब भवन कार्यालय पर शिवसेना के सभी वरिष्ठ नेताओ ने जयप्रकाश सिंह के जन्मदिन पर उन्हें शॉल, पुष्पगुच्छ व राजशाही टोपी पहनाकर धूमधाम से जन्मदिन मनाया। इस मौके पर जन्मदिन की बधाई देने वालों में शिवसेना महाराष्ट्र राज्य के मुख्य सचिव संजय मोरे, सचिव प्रशांत शेलार, पूर्व आमदार शिवसेना उप नेता किरण पावसकर,संजय मोरे शिवसेना सचिव, प्रशांत पलांडे पूर्व नगरसेवक मीरा भायंदर शहर प्रमुख संपर्क प्रमुख मावल लोकसभा,एकनाथ शेलार सह सचिव शिवसेना ,सुशांत शेलार शिवसेना चित्रपट सेना प्रमुख, ,सचिन पाटिल, सचिन प्रसन्ना पलानडे, सचिन एकनाथ शेलार,स्वामी परमहंस गिरी महाराज,, संतोष पाठक,  सरोज राजभर, संतोष तिवारी, सुषमा सिंह, सरिता पांडे, पूजा पांडे, अब्दुल्ला निजामी, खान विक्रांत, रावल रमेश गुप्ता, सुशील, सुदामा, राजपाल पटेल, संतोष सिंह, उदयभान सिंह, रमेश गुप्ता, प्रवीण सावंत शोएब खान के अलावा भारी संख्या में पार्टी के पदाधिकारी और कार्यकर्ताओं का समावेश रहा।
जब आशुतोष राणा ने कृपाशंकर को गले लगाया
मुंबई। हिंदी फिल्मों में अपने दमदार अभिनय के लिए पहचाने जानेवाले आशुतोष राणा और महाराष्ट्र के पूर्व गृह राज्यमंत्री कृपाशंकर सिंह का यह आलिंगनबद्ध फोटो देखकर आप चौंक गए होंगे। दरअसल यह फोटो कृपाशंकर सिंह के जन्मदिन का है। बांद्रा पूर्व में आयोजित उनके जन्मदिन समारोह में अचानक पहुंचे आशुतोष राणा ने जब कृपाशंकर को गले लगाकर जन्मदिन की शुभकामनाएं दी तो वह उपस्थित सभी लोग देखते रह गए। देखा जाए तो आशुतोष राणा कलाकार होने के साथ-साथ लेखक और कवि भी हैं। उनकी कविताओं को लोग बड़े चाव से सुनते हैं। कृपाशंकर को जन्मदिन की बधाई देने के बाद आशुतोष राणा काफी देर तक वहां बैठे रहे। कृपाशंकर ने कहा कि आशुतोष राणा एक व्यक्ति नहीं बल्कि व्यक्तित्व हैं, अभिनय के साथ-साथ साहित्य जगत में आशुतोष राणा मील के पत्थर हैं। ज्ञातव्य है कि कृपाशंकर और आशुतोष राणा एक दूसरे के गहरे मित्र हैं और एक दूसरे के पारिवारिक कार्यक्रमों में शामिल होते रहे हैं।
शिक्षण समिति सभापति स्नेहा पांडे ने किया स्कूलों का आकस्मिक निरीक्षण
भायंदर। मीरा भायंदर महानगरपालिका के घोड़बंदर स्थित स्कूल क्रमांक 9 में शिक्षण समिति की सभापति स्नेहा पांडे ने मंगलवार सुबह लगभग 11:30 बजे अचानक (सरप्राइज) दौरा कर विद्यालय की शिक्षा व्यवस्था, स्वच्छता, विद्यार्थियों को दिए जाने वाले भोजन तथा अन्य सुविधाओं का निरीक्षण किया। इस निरीक्षण के दौरान कुछ कक्षाओं में शिक्षक अनुपस्थित पाए गए। विद्यालय की मुख्याध्यापिका द्वारा जानकारी दी गई कि संबंधित शिक्षक SIR (Special Intensive Revision) कार्य के लिए बाहर गए हुए हैं। इस पर शिक्षण समिति की सभापति ने प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि SIR महत्वपूर्ण कार्य है, लेकिन शिक्षकों की अनुपस्थिति के कारण विद्यार्थियों की पढ़ाई का नुकसान न हो, इसकी भी उतनी ही चिंता करना आवश्यक है। इस समस्या का शीघ्र ही उचित समाधान निकाला जाएगा, ऐसा उन्होंने स्पष्ट किया।

इस दौरान विद्यालय की स्वच्छता, विद्यार्थियों के भोजन की गुणवत्ता तथा शैक्षणिक वातावरण का भी निरीक्षण किया गया। उन्होंने कहा कि महानगरपालिका के विद्यालयों में और अधिक आधुनिक सुविधाएँ उपलब्ध कराकर विद्यार्थियों को बेहतर एवं गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्रदान करने के लिए प्रयास किए जाएंगे। स्नेहा पांडे शिक्षण सभापती बनते ही  अब तक  23 मिभामनपा के स्कूलों का अचानक दौरा कर चुकी हैं। शिक्षण समिति की सभापति ने विशेष प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि मीरा-भाईंदर की मराठी माध्यम की शालाओं में केवल मराठी ही नहीं, बल्कि अन्य भाषी व हिन्दी  भाषी विद्यार्थी भी शिक्षा प्राप्त कर रहे हैं, यह गर्व की बात है। शहर में महानगरपालिका की कुल 36 शालाएँ हैं, जिनमें विद्यार्थियों की अच्छी उपस्थिति है। भविष्य में महानगरपालिका की मराठी शालाओं की संख्या और गुणवत्ता को और बढ़ाने का नैतिक शिक्षा पर जोर, आधुनिक उच्चस्तरीय इंफ्रास्ट्रक्चर , अत्याधुनिक सुसज्जित संगणक कक्ष, विज्ञान प्रयोगशाला, स्मार्ट  डिजिटल क्लासरूम  उपलब्ध  कराने पर अत्यधिक जोर दिया जाएगा। साथ ही अधिक से अधिक अभिभावकों से अपने बच्चों का प्रवेश महानगरपालिका के विद्यालयों में कराने की अपील भी उन्होंने की क्योंकि अपने स्कूल में  मुफ्त में शिक्षा, पुस्तक, बॅग, स्कूल ड्रेस, स्पोर्ट्स ड्रेस, दोपहर का भोजन  उपलब्ध कराया जा रहा हैं l
कमांडर मनोज चौधरी की पुस्तक ‘मरीन ड्राइव-मुंबई का दिल’ का विमोचन
मुंबई। साहित्य,इतिहास और मुंबई की सांस्कृतिक विरासत को समर्पित एक गरिमामय समारोह में आर.के. पब्लिकेशन,मुंबई द्वारा प्रकाशित तथा कमांडर मनोज चौधरी द्वारा लिखित  पुस्तक ‘मरीन ड्राइव : मुंबई का दिल’ का विमोचन समारोह रविवार 2 अगस्त 2026 को पुलिस जिमखाना, मरीन ड्राइव के भव्य सभागार में आयोजित किया गया। उक्त पुस्तक का विमोचन प्रोफेसर दयानंद तिवारी,कमांडर सुलक्षण कुमार शर्मा,पुलिस उप अधीक्षक संजय गोविलकर, पत्रकार विवेक अग्रवाल, लेखक नितिन सालुंखे और आर के पब्लिकेशन के निदेशक रामकुमार के हाथों सम्पन्न हुआ।कार्यक्रम में उपस्थित अतिथियों ने पुस्तक का लोकार्पण करते हुए कहा कि मरीन ड्राइव केवल मुंबई का एक पर्यटन स्थल नहीं, बल्कि इस महानगर की आत्मा,संस्कृति, संघर्ष, संवेदनाओं और सपनों का जीवंत प्रतीक है।उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि यह कृति केवल मुंबईवासियों के लिए ही नहीं,बल्कि देश-विदेश के उन सभी पाठकों के लिए उपयोगी सिद्ध होगी जो मुंबई के इतिहास, संस्कृति और जीवन-दर्शन को जानना चाहते हैं। आज के समय में ऐसी पुस्तकों की आवश्यकता है, जो किसी शहर को केवल भौगोलिक दृष्टि से नहीं, बल्कि उसकी आत्मा, संस्कृति और मानवीय संबंधों के माध्यम से प्रस्तुत करे। ‘मरीन ड्राइव : मुंबई का दिल’ इस उद्देश्य को सफलतापूर्वक पूरा करती है। पुस्तक के लेखक कमांडर मनोज चौधरी ने अपने संबोधन में कहा कि भारतीय नौसेना में सेवा के दौरान उन्हें मुंबई को निकट से देखने और समझने का अवसर मिला।उसी अनुभव,शोध और संवेदनाओं का परिणाम यह पुस्तक है।कार्यक्रम में मुंबई पुलिस की कांस्टेबल काजल चौहान को विशिष्ट सेवा सम्मान दिया गया, जिन्होंने मरीन ड्राइव पर समुद्र में गिरी महिला को बचाने के लिए वर्दी पहनकर कूद गयीं थी। साथ ही मरीन ड्राइव के सफाईकर्मी सायलो को विशेष स्वच्छता सम्मान से सम्मानित किया गया। कार्यक्रम का संचालन वरिष्ठ पत्रकार राजेश विक्रांत ने और अतिथियों के प्रति आभार ज्ञापन रामकुमार ने किया।कार्यक्रम में कमांडर पुष्पा पांडेय, संजय तिवारी, कमांडर विपिन झा, शायर शिवदत्त अक्स,लेफ्टिनेंट कमांडर विशाल प्रीतम, बेनू चौधरी, विनीत चौधरी, कैप्टन मुकेश कुमार गुप्ता, सर्जन कैप्टन डॉ सामंत राय मोहंती,  संजय सिंह, शराफत खान, रवि यादव, संजय रोकड़े, विनोद चतुर्वेदी, अर्चना राय, अनाहिता तारापोर, ताराचंद मकसाने, कमर हाजीपुरी, डॉ अलका अग्रवाल सिगतिया, जगदीश पुरोहित, शामी इरफान,नितिन केदारे, सुरेश द्वारिकानाथ मिश्रा, प्रभाशंकर, नवजोत कौर,पंडित मुस्तफा आरिफ सहित कई साहित्यकारों, शिक्षाविदों, प्रशासनिक अधिकारियों, पत्रकारों,सामाजिक कार्यकर्ताओं तथा  पुस्तक प्रेमियों ने सहभागिता कर आयोजन को यादगार बना दिया। यह आयोजन साहित्य, संस्कृति और मुंबई की गौरवशाली पहचान को समर्पित एक अविस्मरणीय अवसर बन गया,जिसकी सभी उपस्थितजनों ने मुक्त कंठ से सराहना की।
गार्गोटी म्यूजियम, जहां पत्थर खोलते हैं इतिहास का राज
चीफ केसी पांडे ने बनाई पत्थरों की अद्भुत और अविस्मरणीय दुनिया

नासिक। गार्गोटी संग्रहालय महाराष्ट्र के सिन्नर में स्थित भारत का पहला और एकमात्र प्राकृतिक रत्न, खनिज और जीवाश्म संग्रहालय है। इसकी स्थापना भारतीय नौसेना से रिटायर सैन्य अधिकारी के.सी. पांडे ने की थी। यहाँ दुनिया भर से लाए गए दुर्लभ क्रिस्टल, खनिज और प्राचीन कलाकृतियों का विशाल संग्रह मौजूद है। संग्रहालय में प्रवेश करते ही सबसे पहले आपको भारत माता की दिव्य मूर्ति नजर आती है। सामने क्रिस्टल की गणपति बप्पा की भव्य मूर्ति। फिर शुरू होती है पत्थरों की एक ऐसी दुनिया, जो आपसे बातें करते नजर आते हैं। म्यूजियम में रखे गए लाखों साल पुराने पत्थर अद्भुत दृश्य उपस्थित करते हैं। चांद और मंगल ग्रह के पत्थर से लेकर डायनासोर के जीवाश्म आपको नजर आएंगे। महात्मा गांधी की ऐतिहासिक कलम से लेकर के भगवान शंकर की अद्भुत प्रतिमा आपको नजर आएगी। चीफ केसी पांडे की 40 वर्षों से अधिक की अथक मेहनत आपको इतिहास के पन्नों की तरह बदलती नजर आएगी। 30 से अधिक देशों से संग्रह किए गए अद्भुत कीमती पत्थर आपकी आंखों को खुली रखने पर मजबूर कर देगा।

यहां आपको भारत के दक्कन के बेहतरीन ज़ियोलाइट खनिज और क्रिस्टल देखने को मिलेंगे। पहली मंजिल पर दुनिया भर से एकत्र किए गए बेशकीमती रत्न, हीरक और दुर्लभ पत्थर रखे गए है। दुनिया के सबसे बड़े प्राकृतिक क्रिस्टल नमूनों को देखकर आप कहेगे– वाह! क्या बात है? आज पूरी दुनिया में गर्गोटी संग्रहालय का नाम है। देश–विदेश से प्रतिवर्ष लाखों की संख्या में लोग यहां आते हैं। यहां गाइड की व्यवस्था बिल्कुल मुफ्त की गई है। संग्रहालय में एक खास बात है कि आप यहां से कीमती पत्थरों से बनाई गई आकर्षक वस्तुएं खरीद सकते हैं, जिन्हें आप सुनहरे यादगार के रूप में अपने पास सुरक्षित रख सकते हैं।

भारतीय नौसेना में 15 वर्षों तक चीफ एयर आर्टिफिशर के पद पर देश की सेवा करने वाले केसी पांडे, 1993 में सेवानिवृत हुए। केसी पांडे का मन पहले से ही पत्थरों में रम चुका था। 1977 से वे लगातार वेशकीमती और दुर्लभ पत्थरों का संकलन कर रहे थे। उन्होंने सिन्नर में जगह लेकर म्यूजियम बनाने का काम शुरू किया और देखते ही देखते शानदार गार्गोटी म्यूजियम बनकर तैयार हो गया। वर्ष 2001 में हिंदू हृदय सम्राट बालासाहेब ठाकरे ने इस म्यूजियम का यादगार उद्घाटन किया। उन्होंने शानदार म्यूजियम के लिए पांडे जी को बधाई दी। फिर शुरू हुआ म्यूजियम की लोकप्रियता का सफर । अब तक देश की सैकड़ो नामी गिरामी हस्तियां यहां आ चुकी हैं। बॉलीवुड से जुड़े अनेक फिल्मी सितारों ने खूबसूरत पत्थरों को निहारा और सराहना की है। चीफ केसी पांडे के पिता पुलिस अधिकारी थे। उनके असमय जाने के बाद मां ने उन्हें जो संस्कार और आत्मबल दिया उसका नतीजा है कि आज अंतरराष्ट्रीय जगत में इस म्यूजियम की चर्चा की जाती है। चीफ केसी पांडे उम्र के इस पड़ाव पर भी किसी युवा की तरह सक्रिय और ऊर्जावान हैं। पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेई को वे अपना आदर्श मानते हैं और उनकी पंक्तियां अक्सर गुनगुनाते रहते हैं।
शिवसेना की राह पर कदमताल करते मीरा भायंदर के उत्तर भारतीय
भायंदर। मीरा भायंदर महानगरपालिका चुनाव में भारतीय जनता पार्टी को मिली एक तरफा जीत से निराशा के अंधकार में डूबी शिवसेना अब दुगने उत्साह के साथ अपनी ताकत और प्रभाव बढ़ाने में जुट गई है। इसकी एक झलक श्रावण के पहले सोमवार के दिन उत्तर भारतीय सेल के जिलाध्यक्ष संदीप तिवारी द्वारा आयोजित सांस्कृतिक और पक्ष प्रवेश कार्यक्रम में देखने को मिली, जिसमें भारी संख्या में उत्तर भारतीयों ने भाजपा का दामन छोड़कर शिवसेना का साथ पकड़ लिया। कार्यक्रम में उपस्थित परिवहन मंत्री प्रताप सरनाईक ने साफ कहा कि वे उत्तर भारतीय समाज के दुख सुख के साथ खड़े रहेंगे। उन्होंने कहा कि शिवसेना और उत्तर भारतीय समाज के बीच पहले से ही मधुर और मजबूत संबंध रहा है। संदीप तिवारी ने कहा कि महाराष्ट्र में शिवसेना ही उत्तर भारतीयों की सबसे विश्वसनीय और साथ देने वाली पार्टी है। उप मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे और परिवहन मंत्री प्रताप सरनाईक के मार्गदर्शन और नेतृत्व में उत्तर भारतीय समाज शिवसेना की राह पर निकल चुका है। उन्होंने कहा कि शिवसेना ने हमेशा सनातन और हिंदुत्व की रक्षा के लिए न सिर्फ आवाज उठाया है अपितु खुद को अगली पंक्ति में खड़ा किया है। उन्होंने कहा कि उत्तर भारतीय समाज जाग चुका है, और उसे मालूम है कि हमारा भला सिर्फ और सिर्फ शिवसेना में निहित है। इस अवसर पर उत्तर भारतीय शिवसेना नेता विक्रम प्रताप सिंह, जिलाध्यक्ष राजू भोईर, कथावाचक बद्री प्रसाद शुक्ला, महिला आघाड़ी प्रमुख निशा नार्वेकर, सचिन मांजरेकर, वरिष्ठ अधिवक्ता एडवोकेट डीके पांडे, विद्या शंकर चतुर्वेदी, युवा नेता नवीन सिंह ठाकुर, सुरेश दुबे, पूर्व नगरसेवक विजय राय, डॉ अजय तिवारी, धनेश पाटिल, प्रीती पाटील, गुड्डू तिवारी, राजन पांडे समेत अनेक लोग उपस्थित रहे।
उत्कृष्ट कार्य हेतु संतोष शर्मा को जन्मदिन पर समाजसेवियों ने दी बधाई
मुंबई । युवा समाजसेवी एवं सलून ब्यूटी पार्लर एसोसिएशन के सचिव संतोष शर्मा के जन्मदिन पर उनके उत्कृष्ट कार्य एवं निर्बल व्यक्तियों की सहायता जैसे सहयोग हेतु उनके जन्मदिन पर समाजसेवियों ने सोमवार 3 अगस्त 2026 को केक काट कर शुभकामनाएं एवं बधाइयां दीं।उक्त समारोह का आयोजन सैलून एसोसिएशन मुलुंड विभाग की ओर से एसोसिएशन के सचिव संतोष शर्मा का जन्मदिन बड़े ही हर्षोल्लास एवं धूमधाम से मनाया गया।कार्यक्रम में एसोसिएशन के अध्यक्ष महानंद झेंडे,कार्याध्यक्ष संदीप चव्हाण,रमेश शर्मा,विजय शर्मा,कैलाश कचरे,उपाध्यक्ष निजाम सलमानी,विशाल कदम,अश्वनी राऊत,एल आईसी के मैनेजर कमलेश शर्मा, रवि शर्मा, विनोद खत्री, क्लासेस के शिक्षक अनिल सिंह, मनोज शर्मा, भरत शर्मा, शशिकांत शर्मा,सर्व सहयोग सेवा ट्रस्ट के पदाधिकारियों में कवि एवं पत्रकार विनय शर्मा दीप, हरिकेश शर्मा नंदवंशी, प्रदीप कुमार शर्मा नंदवंशी, मनोज जगदीश शर्मा, संतोष निरंकार शर्मा,हरिशंकर शर्मा उर्फ मुन्ना,गीतकार प्रवीण कुमार शर्मा प्रेमी,एडवोकेट अनिल शर्मा तथा उमेश विश्वकर्मा सहित अनेक सम्मानित अतिथियों एवं समाजसेवियों ने संतोष शर्मा को पुष्पगुच्छ एवं अंगवस्त्र देकर जन्मदिन की शुभकामना बधाई दी।कार्यक्रम का वातावरण उत्साह, प्रेम और भाईचारे से सराबोर रहा,सभी उपस्थित लोगों ने संतोष शर्मा के उत्तम स्वास्थ्य, सुख-समृद्धि एवं उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए उन्हें जन्मदिन की हार्दिक शुभकामनाएँ दीं। कार्यक्रम में उपस्थित वरिष्ठ समाजसेवी हरिकेश शर्मा नंदवंशी ने FRCT सहयोगी संस्था के कार्य-प्रणाली के विषय में उपस्थित लोगों को जानकारी देते हुए कहा कि यह संस्था सभी जातियों एवं धर्मों के लिए कार्य कर रही है जिसमें बेटी विवाह योजना तथा आकस्मिक निधन पर जुड़े हुए लगभग 2 लाख सदस्यों द्वारा न्यूनतम 50 रुपए के सहयोग से जरुरत मंदों को आर्थिक सहयोग प्राप्त होता है।हरिकेश शर्मा नंदवंशी ने निवेदन किया कि आप सभी FRCT से जुड़े और जोड़ें तथा परिवार हेतु आर्थिक मदद प्राप्त कीजिए।
परिवहन सभापति राजकुमार मिश्रा के साथ आयुक्त ने गुप्त दौरा कर दिया आवश्यक निर्देश
भायंदर। मीरा भायंदर महानगरपालिका आयुक्त राधाबिनोद शर्मा ने परिवहन सभापति एडवोकेट राजकुमार मिश्रा की उपस्थिति में परिवहन विभाग का गुप्त दौरा कर विभिन्न कार्यों का निरीक्षण किया। इस दौरे के दौरान बस मेंटेनेंस, पर्यावरण संरक्षण, वृक्षारोपण, कचरा प्रबंधन, रंगरोगन तथा परिवहन विभाग परिसर की स्वच्छता एवं अन्य सुविधाओं का विस्तृत निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान आयुक्त  ने संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को आवश्यक निर्देश देते हुए सभी कार्यों को गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध तरीके से पूर्ण करने के निर्देश दिए।
बसों का नियमित रखरखाव कर यात्रियों को सुरक्षित एवं उत्कृष्ट सेवा उपलब्ध कराना, पर्यावरण-अनुकूल गतिविधियों को बढ़ावा देना, वृक्षारोपण में वृद्धि करना, कचरा प्रबंधन को अधिक प्रभावी बनाना तथा परिवहन विभाग परिसर को स्वच्छ, सुंदर एवं आकर्षक बनाए रखने पर विशेष जोर दिया गया। इस गुप्त दौरे में परिवहन समिति के सभी सदस्य उपस्थित थे। उपस्थित सदस्यों ने विभिन्न विषयों पर अपने सुझाव प्रस्तुत करते हुए परिवहन विभाग के कार्यों में और अधिक सुधार लाने के संबंध में अपने विचार व्यक्त किए।