मऊ: बारिश के बाद ब्रह्मस्थान मंदिर के पीछे गलियां बनीं तालाब, लोगों का निकलना हुआ मुश्किल
मऊ नगर क्षेत्र में बारिश के बाद जलभराव की समस्या से लोगों की परेशानी बढ़ गई है। नगर पालिका क्षेत्र के ब्रह्मस्थान मंदिर के पीछे की गलियां पानी से लबालब भर गई हैं, जिससे रास्ते तालाब में तब्दील हो गए हैं।

स्थानीय लोगों का कहना है कि जल निकासी की उचित व्यवस्था नहीं होने के कारण हर बारिश में यही स्थिति बन जाती है। पानी जमा होने से राहगीरों, बुजुर्गों और स्कूली बच्चों को आने-जाने में काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।

निवासियों ने नगर पालिका प्रशासन से जल्द जल निकासी की व्यवस्था कर समस्या के समाधान की मांग की है।
मऊ: थाना समाधान दिवस में 173 शिकायतें प्राप्त, 16 का मौके पर हुआ निस्तारण

जनशिकायतों के प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक मऊ कमलेश बहादुर के निर्देशन में जनपद के सभी थानों पर थाना समाधान दिवस का आयोजन किया गया।

इस दौरान क्षेत्राधिकारी एवं संबंधित प्रभारी निरीक्षक/थानाध्यक्षों ने फरियादियों की शिकायतें सुनीं और उनके समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।

जनपद के सभी थानों पर कुल 173 प्रार्थना पत्र प्राप्त हुए, जिनमें से 16 शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया। वहीं, राजस्व विभाग से संबंधित मामलों के शीघ्र निस्तारण के लिए राजस्व टीम को आवश्यकतानुसार पुलिस बल उपलब्ध कराने तथा समन्वय के साथ कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
ग्रामीणों को बड़ी सौगात: छिछोर से मऊ जिला मुख्यालय तक रोडवेज बस सेवा शुरू
मऊ जनपद के रतनपुरा ब्लॉक स्थित ग्राम छिछोर के ग्रामीणों को बड़ी सौगात मिली है। गांव से मऊ जिला मुख्यालय तक रोडवेज बस सेवा का शुभारंभ कर दिया गया।

बस सेवा का शुभारंभ वैदिक मंत्रोच्चार एवं विधि-विधान के साथ नारियल फोड़कर किया गया। शुभारंभ के बाद बस को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया।

इस नई बस सेवा के शुरू होने से क्षेत्र के ग्रामीणों को जिला मुख्यालय आने-जाने में काफी सुविधा मिलेगी। साथ ही विद्यार्थियों, कर्मचारियों, व्यापारियों और आम यात्रियों को सुरक्षित एवं सुगम परिवहन का लाभ मिलेगा।
नौसोपुर में सड़क निर्माण पर उठे सवाल
मऊ के नौसोपुर में महज एक सप्ताह पहले बनी सड़क पर ही घास उग आने का मामला सामने आया है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि सड़क निर्माण में गुणवत्ता का ध्यान नहीं रखा गया, जिसके चलते नई सड़क की मजबूती पर सवाल खड़े हो गए हैं। लोगों ने मामले की जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई तथा सड़क का गुणवत्तापूर्ण पुनर्निर्माण कराने की मांग की है।
मधुबन में आयोजित हुआ सम्पूर्ण थाना समाधान दिवस, 18 शिकायतों में 3 का मौके पर निस्तारण
मधुबन। शनिवार को थाना रामपुर परिसर में उपजिलाधिकारी मधुबन सत्यप्रकाश सिंह एवं थानाध्यक्ष सुनील कुमार सरोज की उपस्थिति में सम्पूर्ण थाना समाधान दिवस का आयोजन किया गया।

समाधान दिवस के दौरान कुल 18 शिकायती प्रार्थना पत्र प्राप्त हुए। इनमें 16 शिकायतें राजस्व विभाग तथा 2 शिकायतें वन विभाग से संबंधित थीं। प्राप्त राजस्व संबंधी शिकायतों में से 3 प्रार्थना पत्रों का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया, जबकि शेष शिकायतों को जांच एवं आवश्यक विधिक कार्रवाई के लिए संबंधित विभागों को भेज दिया गया।

इस दौरान अधिकारियों ने संबंधित कर्मचारियों को निर्देशित किया कि लंबित मामलों की निष्पक्ष, पारदर्शी एवं समयबद्ध जांच सुनिश्चित करते हुए उनका शीघ्र निस्तारण किया जाए, ताकि फरियादियों को त्वरित न्याय मिल सके और शासन की मंशा के अनुरूप जनसमस्याओं का प्रभावी समाधान हो सके।
श्री हनुमत कृपा सेवा समिति द्वारा श्री सुंदरकांड पाठ का आयोजन श्रद्धा एवं भक्तिभाव के साथ किया गया
मऊ। नगर के दक्खिन टोला महरनिया स्थित श्री हनुमान मंदिर में आज श्री हनुमान मंदिर सेवा समिति ट्रस्ट एवं श्री नर्मदेश्वर शिवालय परिवार के सौजन्य से श्री हनुमत कृपा सेवा समिति सुंदरकांड पाठ समिति द्वारा भव्य एवं संगीतमय श्री सुंदरकांड पाठ का आयोजन श्रद्धा एवं भक्तिभाव के साथ किया गया ।

कार्यक्रम का शुभारंभ भगवान श्रीराम, माता सीता एवं श्रीहनुमान जी भगवान भोलेनाथ जी के पूजन-अर्चन के साथ हुआ। इसके पश्चात सुंदरकांड पाठ समिति के प्रमुख चंद्र शेखर अग्रवाल डा रामगोपाल आशीष सिंह अजय मिश्र राम प्यारे गुप्ता अश्विनी वर्मा आदि सदस्यों ने संगीतमय शैली में सुंदरकांड का पाठ प्रस्तुत किया। पूरे वातावरण में "जय श्रीराम" एवं "जय बजरंगबली" के जयघोष गूंजते रहे, जिससे मंदिर परिसर भक्तिमय हो उठा।  अखिलेश यादव तथा  महेंद्र यादव ने भजनो की लड़ी प्रस्तुत किया।

इस अवसर पर बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने कार्यक्रम में उपस्थित होकर सुंदरकांड पाठ का श्रवण तथा श्री हनुमान जी का आशीर्वाद प्राप्त किया।

मंदिर के अध्यक्ष कमलेश चौरसिया ने कहा कि ऐसे धार्मिक आयोजनों से समाज में आध्यात्मिक चेतना, सामाजिक समरसता एवं आपसी भाईचारे की भावना को बल मिलता है।

अंत में महाआरती के उपरांत सभी श्रद्धालुओं के बीच प्रसाद का वितरण किया गया।

इस अवसर पर श्री हनुमान मंदिर सेवा समिति ट्रस्ट, श्री नर्मदेश्वर शिवालय परिवार, श्री हनुमत कृपा सेवा समिति सुंदरकांड पाठ समिति के डॉ रामगोपाल गुप्त चंद्रशेखर अग्रवाल अशोक साहू अभिषेक मद्धेशिया  शुभम गुप्ता संजय गुप्ता रवि गुप्ता मनीष साहू पवन मद्धेशिया दीपक गुप्ता कन्हैया गुप्ता प्रेम गुप्ता विंध्याचल शर्मा गणेश अग्रवाल महेंद्र सिंह व पदाधिकारी, सदस्य एवं क्षेत्र के गणमान्य नागरिक तथा बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे। कार्यक्रम का समापन सभी के सुख, शांति एवं समृद्धि की मंगलकामना के साथ हुआ।
मऊ: बिजली विभाग की लापरवाही से फिर एक पशु की मौत, मुंशीपुरा के लोगों में आक्रोश
मऊ जनपद के मुंशीपुरा मोहल्ले में स्वास्तविक हॉस्पिटल के पास बिजली विभाग की कथित लापरवाही के चलते एक और पशु की मौत हो गई। घटना के बाद स्थानीय लोगों में भारी नाराज़गी देखने को मिल रही है।

क्षेत्रवासियों का आरोप है कि मुंशीपुरा में लंबे समय से बिजली व्यवस्था बदहाल है।

कहीं लगातार वोल्टेज के उतार-चढ़ाव की समस्या है, तो कहीं खुले बिजली के तार हादसों को न्योता दे रहे हैं। कई स्थानों पर बिजली के खंभे भी जर्जर हालत में हैं, लेकिन शिकायतों के बावजूद विभाग की ओर से प्रभावी कार्रवाई नहीं की जा रही है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि अभी तक पशुओं की जान जा रही है। यदि समय रहते बिजली व्यवस्था दुरुस्त नहीं की गई, तो किसी बड़े हादसे में आम

नागरिकों की जान भी खतरे में पड़ सकती है। लोगों ने विद्युत विभाग से तत्काल खुले तारों को ठीक कराने, जर्जर खंभों को बदलने और पूरे क्षेत्र की बिजली व्यवस्था की जांच कर आवश्यक सुधार करने की मांग की है।
उच्चीकृत कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय के लिए GeM पोर्टल पर ई-निविदा खोली गई
मऊ। उच्चीकृत कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय की छात्राओं के लिए फर्नीचर एवं आवश्यक उपकरणों की खरीद हेतु शुक्रवार को GeM (गवर्नमेंट ई-मार्केटप्लेस) पोर्टल पर ई-निविदा खोली गई।

इस दौरान जिलाधिकारी आनंद वर्धन ने निविदा प्रक्रिया का निरीक्षण किया और अधिकारियों को निर्देश दिया कि पूरी प्रक्रिया पूर्ण पारदर्शिता के साथ तथा शासन के निर्धारित नियमों के अनुरूप संपन्न कराई जाए।

जिलाधिकारी ने कहा कि छात्राओं को गुणवत्तापूर्ण सुविधाएं उपलब्ध कराना शासन की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है।

उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्धारित मानकों के अनुसार उच्च गुणवत्ता वाले फर्नीचर एवं उपकरणों की खरीद सुनिश्चित करने के निर्देश दिए, ताकि विद्यालय की छात्राओं को बेहतर एवं आधुनिक शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध कराया जा सके।
"थैलेसीमिया मुक्त मऊ" का लिया संकल्प, जागरूकता और रक्तदान पर हुआ मंथन

तहज़ीबुन्निशा मैक्स फाउंडेशन की बैठक मैक्स चैरिटेबल ब्लड बैंक में संपन्न

मऊनाथ भंजन। तहज़ीबुन्निशा मैक्स फाउंडेशन की एक अत्यंत महत्वपूर्ण बैठक कल मैक्स चैरिटेबल ब्लड बैंक परिसर में आयोजित की गई।

बैठक में बताया गया कि मऊ जिले में वर्तमान में लगभग 30 बच्चे थैलेसीमिया ग्रसित हैं।

मऊ।थैलेसीमिया एक आनुवंशिक रक्त रोग है जिसमें शरीर में पर्याप्त हीमोग्लोबिन नहीं बन पाता और मासूम मरीजों को हर 15 से 20 दिन पर नया रक्त चढ़ाना पड़ता है। इन बच्चों के इलाज और जीवन रक्षा में सबसे बड़ी समस्या रक्त की निरंतर उपलब्धता और परिवार पर पड़ने वाला आर्थिक बोझ है। इसी मानवीय संवेदना को ध्यान में रखते हुए मैक्स चैरिटेबल ब्लड बैंक द्वारा इन सभी 30 बच्चों को पूरी तरह से निःशुल्क (Free) रक्त उपलब्ध कराया जा रहा है, ताकि किसी भी बच्चे का इलाज समय पर न रुके।

शादी से पहले थैलेसीमिया टेस्ट है ज़रूरी:

बैठक में वक्ताओं ने अपने विचार रखते हुए कहा कि सिर्फ रक्त देना ही काफी नहीं है, बल्कि समाज में थैलेसीमिया के प्रति जागरूकता फैलाना सबसे जरूरी है। शादी से पहले युवक-युवती का थैलेसीमिया टेस्ट अनिवार्य होना चाहिए ताकि इस गंभीर रोग को आने वाली पीढ़ी में फैलने से जड़ से रोका जा सके। वक्ताओं ने संकल्प दोहराते हुए कहा— "हमारा एकमात्र लक्ष्य 'थैलेसीमिया मुक्त मऊ' बनाना है। इसके लिए हम स्कूल-कॉलेजों में जागरूकता कार्यक्रम और गांव-गांव में स्वैच्छिक रक्तदान शिविर आयोजित करेंगे।"

बैठक में सर्वसम्मति से लिए गए मुख्य निर्णय:

जागरूकता अभियान: जिले भर में थैलेसीमिया और स्वैच्छिक रक्तदान को लेकर पोस्टर, सेमिनार और सोशल मीडिया कैंपेन चलाया जाएगा।

नियमित रक्तदान शिविर: हर महीने विभिन्न क्षेत्रों में स्वैच्छिक रक्तदान शिविरों का आयोजन कर ब्लड बैंक में रक्त की उपलब्धता को मजबूत किया जाएगा।

शिक्षा व सामाजिक सहयोग: थैलेसीमिया से ग्रसित बच्चों की पढ़ाई के साथ-साथ समाज के गरीब, असहाय और यतीम बच्चों की शिक्षा के लिए भी संस्था हर संभव मदद और सहयोग करेगी।

बैठक के अंत में उपस्थित सभी सदस्यों और वालंटियर्स ने सामूहिक रूप से यह संकल्प लिया कि सब मिलकर पूरी निष्ठा से काम करेंगे ताकि मऊ जनपद को थैलेसीमिया से मुक्त किया जा सके और भविष्य में किसी भी मासूम को रक्त के अभाव में जूझना न पड़े।

तीन शातिर मोबाइल चोर गिरफ्तार, चोरी के तीन मोबाइल व अवैध तमंचा बरामद
मऊ। कोतवाली नगर पुलिस ने मोबाइल चोरी की घटनाओं का खुलासा करते हुए तीन शातिर चोरों को गिरफ्तार किया है।

आरोपियों के कब्जे से चोरी के तीन मोबाइल फोन, एक अवैध 315 बोर तमंचा, एक जिंदा कारतूस तथा एक मिस कारतूस बरामद किया गया।

पुलिस अधीक्षक कमलेश बहादुर के निर्देशन में चलाए जा रहे अभियान के तहत शुक्रवार तड़के पुलिस टीम को मुखबिर से सूचना मिली कि ख्वाजाजहाँपुर मछली मंडी के पास रेलवे लाइन पुल के नीचे तीन संदिग्ध युवक किसी वारदात की योजना बना रहे हैं। सूचना पर पुलिस ने घेराबंदी कर तीनों को पकड़ लिया।

तलाशी में अभिषेक यादव उर्फ कल्लू के पास से अवैध तमंचा और कारतूस, जबकि अविनाश तिवारी व आकाश तिवारी के पास से चोरी के मोबाइल फोन बरामद हुए। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे भीड़भाड़ वाले इलाकों में मोबाइल चोरी करते थे। चोरी के मोबाइलों को खोलकर उनके पार्ट्स अलग-अलग बेच देते थे।

मुख्य आरोपी अभिषेक ने बताया कि वह चोरी के दौरान पकड़े जाने पर लोगों को डराकर भागने के लिए तमंचा अपने पास रखता था।गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अभिषेक यादव उर्फ कल्लू निवासी रानीपुर (मऊ), अविनाश तिवारी निवासी सिवान (बिहार) तथा आकाश तिवारी निवासी छपरा (बिहार) के रूप में हुई है।

पुलिस ने तीनों के विरुद्ध बीएनएस की संबंधित धाराओं तथा आयुध अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर न्यायालय भेज दिया है। पुलिस के अनुसार मुख्य आरोपी अभिषेक यादव के खिलाफ पहले से भी कई आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं, जबकि अन्य आरोपियों के आपराधिक इतिहास की जानकारी जुटाई जा रही है।