"थैलेसीमिया मुक्त मऊ" का लिया संकल्प, जागरूकता और रक्तदान पर हुआ मंथन

तहज़ीबुन्निशा मैक्स फाउंडेशन की बैठक मैक्स चैरिटेबल ब्लड बैंक में संपन्न

मऊनाथ भंजन। तहज़ीबुन्निशा मैक्स फाउंडेशन की एक अत्यंत महत्वपूर्ण बैठक कल मैक्स चैरिटेबल ब्लड बैंक परिसर में आयोजित की गई।

बैठक में बताया गया कि मऊ जिले में वर्तमान में लगभग 30 बच्चे थैलेसीमिया ग्रसित हैं।

मऊ।थैलेसीमिया एक आनुवंशिक रक्त रोग है जिसमें शरीर में पर्याप्त हीमोग्लोबिन नहीं बन पाता और मासूम मरीजों को हर 15 से 20 दिन पर नया रक्त चढ़ाना पड़ता है। इन बच्चों के इलाज और जीवन रक्षा में सबसे बड़ी समस्या रक्त की निरंतर उपलब्धता और परिवार पर पड़ने वाला आर्थिक बोझ है। इसी मानवीय संवेदना को ध्यान में रखते हुए मैक्स चैरिटेबल ब्लड बैंक द्वारा इन सभी 30 बच्चों को पूरी तरह से निःशुल्क (Free) रक्त उपलब्ध कराया जा रहा है, ताकि किसी भी बच्चे का इलाज समय पर न रुके।

शादी से पहले थैलेसीमिया टेस्ट है ज़रूरी:

बैठक में वक्ताओं ने अपने विचार रखते हुए कहा कि सिर्फ रक्त देना ही काफी नहीं है, बल्कि समाज में थैलेसीमिया के प्रति जागरूकता फैलाना सबसे जरूरी है। शादी से पहले युवक-युवती का थैलेसीमिया टेस्ट अनिवार्य होना चाहिए ताकि इस गंभीर रोग को आने वाली पीढ़ी में फैलने से जड़ से रोका जा सके। वक्ताओं ने संकल्प दोहराते हुए कहा— "हमारा एकमात्र लक्ष्य 'थैलेसीमिया मुक्त मऊ' बनाना है। इसके लिए हम स्कूल-कॉलेजों में जागरूकता कार्यक्रम और गांव-गांव में स्वैच्छिक रक्तदान शिविर आयोजित करेंगे।"

बैठक में सर्वसम्मति से लिए गए मुख्य निर्णय:

जागरूकता अभियान: जिले भर में थैलेसीमिया और स्वैच्छिक रक्तदान को लेकर पोस्टर, सेमिनार और सोशल मीडिया कैंपेन चलाया जाएगा।

नियमित रक्तदान शिविर: हर महीने विभिन्न क्षेत्रों में स्वैच्छिक रक्तदान शिविरों का आयोजन कर ब्लड बैंक में रक्त की उपलब्धता को मजबूत किया जाएगा।

शिक्षा व सामाजिक सहयोग: थैलेसीमिया से ग्रसित बच्चों की पढ़ाई के साथ-साथ समाज के गरीब, असहाय और यतीम बच्चों की शिक्षा के लिए भी संस्था हर संभव मदद और सहयोग करेगी।

बैठक के अंत में उपस्थित सभी सदस्यों और वालंटियर्स ने सामूहिक रूप से यह संकल्प लिया कि सब मिलकर पूरी निष्ठा से काम करेंगे ताकि मऊ जनपद को थैलेसीमिया से मुक्त किया जा सके और भविष्य में किसी भी मासूम को रक्त के अभाव में जूझना न पड़े।

तीन शातिर मोबाइल चोर गिरफ्तार, चोरी के तीन मोबाइल व अवैध तमंचा बरामद
मऊ। कोतवाली नगर पुलिस ने मोबाइल चोरी की घटनाओं का खुलासा करते हुए तीन शातिर चोरों को गिरफ्तार किया है।

आरोपियों के कब्जे से चोरी के तीन मोबाइल फोन, एक अवैध 315 बोर तमंचा, एक जिंदा कारतूस तथा एक मिस कारतूस बरामद किया गया।

पुलिस अधीक्षक कमलेश बहादुर के निर्देशन में चलाए जा रहे अभियान के तहत शुक्रवार तड़के पुलिस टीम को मुखबिर से सूचना मिली कि ख्वाजाजहाँपुर मछली मंडी के पास रेलवे लाइन पुल के नीचे तीन संदिग्ध युवक किसी वारदात की योजना बना रहे हैं। सूचना पर पुलिस ने घेराबंदी कर तीनों को पकड़ लिया।

तलाशी में अभिषेक यादव उर्फ कल्लू के पास से अवैध तमंचा और कारतूस, जबकि अविनाश तिवारी व आकाश तिवारी के पास से चोरी के मोबाइल फोन बरामद हुए। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे भीड़भाड़ वाले इलाकों में मोबाइल चोरी करते थे। चोरी के मोबाइलों को खोलकर उनके पार्ट्स अलग-अलग बेच देते थे।

मुख्य आरोपी अभिषेक ने बताया कि वह चोरी के दौरान पकड़े जाने पर लोगों को डराकर भागने के लिए तमंचा अपने पास रखता था।गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अभिषेक यादव उर्फ कल्लू निवासी रानीपुर (मऊ), अविनाश तिवारी निवासी सिवान (बिहार) तथा आकाश तिवारी निवासी छपरा (बिहार) के रूप में हुई है।

पुलिस ने तीनों के विरुद्ध बीएनएस की संबंधित धाराओं तथा आयुध अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर न्यायालय भेज दिया है। पुलिस के अनुसार मुख्य आरोपी अभिषेक यादव के खिलाफ पहले से भी कई आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं, जबकि अन्य आरोपियों के आपराधिक इतिहास की जानकारी जुटाई जा रही है।
जिलाधिकारी ने जून माह के उच्च मूल्य के तीन बैनामों का किया स्थलीय परीक्षण,एक प्रकरण में जांच के दिए निर्देश
मऊ ।जिलाधिकारी आनंद वर्द्धन ने आज जनपद में पंजीकृत उच्च मूल्य के बैनामों की जांच के क्रम में जून माह में पंजीकृत तीन बड़े मूल्य के बैनामों का स्थलीय निरीक्षण एवं अभिलेखों का परीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने संबंधित अभिलेखों, स्टांप शुल्क एवं मौके की स्थिति का गहन मिलान कराया तथा अधिकारियों को सभी प्रकरणों की निष्पक्ष एवं पारदर्शी जांच सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान बैनामा संख्या 5327/2026 का परीक्षण किया गया, जिसमें क्रेता श्रीमती सुमन भारद्वाज हैं।

इस बैनामे की मालियत 3 करोड़ 27 लाख 8 हजार रुपये है। यह संपत्ति तहसील सदर के अंतर्गत मौजा ताहीरपुर में स्थित है तथा इसका क्षेत्रफल 1308.25 वर्ग मीटर है। मौके पर अभिलेखों एवं स्टांप शुल्क का मिलान करने पर सभी विवरण सही पाए गए।

इसके उपरांत बैनामा संख्या 5462/2026 का परीक्षण किया गया, जिसमें क्रेता श्रीमती अंजू हैं। इस बैनामे की मालियत 1 करोड़ 19 लाख 16 हजार रुपये है। यह संपत्ति तहसील सदर के अंतर्गत मौजा हकीकतपुर में स्थित है तथा इसका क्षेत्रफल 375 वर्ग मीटर है। स्थलीय निरीक्षण एवं अभिलेखों के परीक्षण में यह प्रकरण भी सही पाया गया।

वहीं बैनामा संख्या 5495/2026, जिसमें क्रेता जेपी फाउंडेशन (श्री शैलेंद्र मिश्रा) की मालियत 2 करोड़ 10 लाख रुपये है। यह संपत्ति तहसील सदर के अंतर्गत मौजा ख्वाजाजहाँपुर में स्थित है तथा इसका क्षेत्रफल 1830 वर्ग मीटर है। इस प्रकरण में स्थलीय परीक्षण के दौरान अभिलेखों एवं स्टांप शुल्क के संबंध में संदिग्ध स्थिति पाए जाने पर जिलाधिकारी ने संबंधित तहसील से विस्तृत आख्या प्रस्तुत करने के निर्देश दिए।

जिलाधिकारी श्री आनंद वर्द्धन ने उपस्थित अधिकारियों को निर्देशित किया कि प्रत्येक प्रकरण की नियमानुसार, निष्पक्ष एवं पारदर्शी ढंग से जांच करते हुए आवश्यक विधिक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि राजस्व एवं स्टांप से संबंधित मामलों में किसी भी प्रकार की अनियमितता स्वीकार नहीं की जाएगी तथा दोषी पाए जाने पर नियमानुसार कठोर कार्रवाई की जाएगी।

इस अवसर पर एआईजी स्टांप श्री राकेश सिंह सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
10 जुलाई को लगा गोद भराई एवं स्वास्थ्य जागरूकता कैंप, गर्भवती महिलाओं को मिला विशेष सुविधाएं

मऊ। गर्भवती महिलाओं एवं आमजन के स्वास्थ्य को ध्यान में
रखते हुए 10 जुलाई (शुक्रवार) को मुंशीपुरा स्थित पशु अस्पताल के पीछे डॉ. अलका राय के क्लिनिक पर मासिक गोद भराई एवं स्वास्थ्य जागरूकता कैंप का आयोजन किया गया। आयोजकों ने अधिक से अधिक लोगों से शिविर में पहुंचकर स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ उठाए और
कैंप में सात माह या उससे अधिक की गर्भवती महिलाओं की पारंपरिक गोद भराई की गयी। साथ ही शुगर एवं थायराइड की जांच रियायती दरों पर उपलब्ध रही। इसके अलावा विशेषज्ञ चिकित्सकों द्वारा निःशुल्क स्वास्थ्य परामर्श तथा बीएमडी (बोन मिनरल डेंसिटी) जांच की सुविधा भी प्रदान की गयी ।

शिविर के दौरान स्वास्थ्य जागरूकता परिचर्चा का भी आयोजन हुआ, जिसमें विशेषज्ञ चिकित्सक गर्भावस्था के दौरान आवश्यक सावधानियां, संतुलित आहार, मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य, स्वस्थ जीवनशैली तथा विभिन्न बीमारियों से बचाव के उपायों की जानकारी दी गयी |
मऊ साड़ी व्यापार एसोसिएशन की पहल तेज, एसआईटी गठन की मांग को लेकर सीओ सिटी से की मुलाकात
मऊ। मऊ साड़ी व्यापार एसोसिएशन का एक प्रतिनिधिमंडल अध्यक्ष जमाल अर्पण एवं महासचिव शफीकुर्रहमान कोठारी के नेतृत्व में सीओ सिटी नितेश सिंह से उनके कार्यालय में मिला। प्रतिनिधिमंडल ने उन्हें मऊ की प्रसिद्ध साड़ी भेंट कर स्वागत एवं सम्मानित किया।

बैठक के दौरान एसोसिएशन ने मऊ के साड़ी व्यापारियों के साथ लगातार हो रही धोखाधड़ी और आर्थिक अपराधों पर गंभीर चिंता जताई।

प्रतिनिधिमंडल ने ऐसे मामलों की निष्पक्ष एवं प्रभावी जांच सुनिश्चित करने के लिए विशेष जांच दल (एसआईटी) के गठन की मांग प्रमुखता से उठाई।
एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने कहा कि एसआईटी के गठन से व्यापारियों का प्रशासन पर विश्वास और मजबूत होगा तथा भविष्य में इस प्रकार की घटनाओं पर प्रभावी अंकुश लगाया जा सकेगा।

अध्यक्ष जमाल अर्पण और महासचिव शफीकुर्रहमान कोठारी ने संयुक्त रूप से कहा कि मऊ का साड़ी उद्योग जिले की अर्थव्यवस्था की महत्वपूर्ण धुरी है। ऐसे में व्यापारियों की सुरक्षा और उनके हितों की रक्षा प्रशासन की प्राथमिकता होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि एसोसिएशन व्यापारियों की समस्याओं के समाधान के लिए प्रशासन के साथ लगातार सकारात्मक संवाद बनाए हुए है और आगे भी यह प्रयास जारी रहेगा।

सीओ सिटी नितेश सिंह ने प्रतिनिधिमंडल की बातों को गंभीरता से सुनते हुए आश्वासन दिया कि व्यापारियों की समस्याओं और एसआईटी गठन की मांग को उच्चाधिकारियों तक पहुंचाया जाएगा तथा नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई के लिए हरसंभव प्रयास किया जाएगा।

इस अवसर पर अध्यक्ष जमाल अर्पण, महासचिव शफीकुर्रहमान कोठारी, अफज़ल वंडर, ज़ुल्फिकार बनारसी, आज़म फैज़ी एवं नदीम जेमिनी सहित प्रतिनिधिमंडल के अन्य सदस्य उपस्थित रहे। प्रतिनिधिमंडल ने प्रशासन से व्यापारियों के हितों की रक्षा के लिए ठोस एवं प्रभावी कदम उठाने की अपेक्षा व्यक्त की।
घोसी लोकसभा के लिए गौरवपूर्ण क्षण, सांसद राजीव राय का 25 उत्कृष्ट सांसदों की सूची में मिला स्थान |
मऊ। घोसी लोकसभा क्षेत्र के लिए गौरव का क्षण है। घोसी के सांसद राजीव राय को देश के 25 उत्कृष्ट सांसदों की सूची में शामिल किया गया है। प्रतिष्ठित पत्रिका 'फेम इंडिया' और 'एशिया पोस्ट' द्वारा किए गए देशव्यापी सर्वे में उन्हें लोकसभा के श्रेष्ठ सांसदों में स्थान दिया गया है।

सर्वे के अनुसार सांसद राजीव राय का चयन उनके संसदीय प्रदर्शन, जनता से निरंतर संवाद, साफ-सुथरी छवि और क्षेत्र के विकास के प्रति उनकी सक्रियता को देखते हुए किया गया है।

इस उपलब्धि को घोसी लोकसभा क्षेत्र के लिए सम्मान की बात बताते हुए समर्थकों ने कहा कि यह सांसद के परिश्रम और क्षेत्र की जनता के विश्वास का परिणाम है। उन्होंने सांसद राजीव राय को इस उपलब्धि पर बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
जनपद मऊ के मुहम्मदाबाद गोहना में स्कूली वाहनों पर संयुक्त कार्रवाई, 22 का चालान, 3 वाहन सीज
पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में चलाए जा रहे "मिशन सेफ फ्यूचर" अभियान के तहत गुरुवार को एआरटीओ एवं यातायात पुलिस ने संयुक्त रूप से मोहम्मदाबाद थाना क्षेत्र में स्कूली वाहनों की सघन जांच की।

जांच के दौरान कई स्कूल वाहन निर्धारित सुरक्षा मानकों के अनुरूप नहीं पाए गए। साथ ही यातायात नियमों के उल्लंघन, फिटनेस प्रमाणपत्र एवं परमिट की शर्तों का पालन न करने पर 22 वाहनों का चालान किया गया, जबकि 3 वाहनों को सीज कर दिया गया।

अधिकारियों ने वाहन संचालकों को स्कूली वाहनों में सुरक्षा मानकों का पूर्ण पालन करने तथा सभी आवश्यक दस्तावेज अद्यतन रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि बच्चों की सुरक्षा को देखते हुए इस प्रकार का अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।
33/11 केवी विद्युत उपकेंद्र का भूमि पूजन
मऊ। जनपद मऊ के नगर क्षेत्र स्थित बंधा रोड पर बनने वाले 33/11 केवी विद्युत उपकेंद्र का भूमि पूजन उत्तर प्रदेश सरकार के ऊर्जा एवं नगर विकास मंत्री ए. के. शर्मा के कर-कमलों द्वारा संपन्न हुआ। भूमि पूजन के उपरांत आयोजित मंगलम कार्यक्रम में मंत्री जी ने सहभागिता किया

यह विद्युत उपकेंद्र क्षेत्र की बिजली व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ एवं विश्वसनीय बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम साबित होगा।

जनपद मऊ के सभी सम्मानित नगरवासियों को इस महत्वपूर्ण सौगात के लिए हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएँ। माननीय मंत्री श्री ए. के. शर्मा जी का हृदय से आभार एवं धन्यवाद।
जनता दर्शन में डीएम आनंद वर्धन ने सुनीं फरियादें, अधिकारियों को त्वरित और पारदर्शी निस्तारण के निर्देश

मऊ। जिलाधिकारी आनंद वर्धन ने गुरुवार को आयोजित जनता दर्शन कार्यक्रम में जनपद के विभिन्न क्षेत्रों से आए लोगों की समस्याओं और शिकायतों को गंभीरता से सुना। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को सभी प्रकरणों का समयबद्ध, गुणवत्तापूर्ण और पारदर्शी तरीके से निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

डीएम ने कहा कि आमजन की समस्याओं का समाधान शासन की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि शिकायतों का निष्पक्ष और प्रभावी ढंग से समाधान करते हुए निर्धारित समय सीमा का कड़ाई से पालन किया जाए, ताकि लोगों को अनावश्यक परेशानियों का सामना न करना पड़े।

उन्होंने स्पष्ट किया कि जनता से जुड़ी शिकायतों के निस्तारण में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

जिलाधिकारी ने अधिकारियों से शिकायतों की नियमित समीक्षा कर त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा।
जुलाई 10/07/2026 को लगेगा गोद भराई एवं स्वास्थ्य जागरूकता कैंप, गर्भवती महिलाओं को मिलेंगी विशेष सुविधाएं
मऊ। गर्भवती महिलाओं एवं आमजन के स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए 10 जुलाई (शुक्रवार) को मुंशीपुरा स्थित पशु अस्पताल के पीछे डॉ. अलका राय के क्लिनिक पर मासिक गोद भराई एवं स्वास्थ्य जागरूकता कैंप का आयोजन किया जाएगा। आयोजकों ने अधिक से अधिक लोगों से शिविर में पहुंचकर स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ उठाने की अपील की है।
कैंप में सात माह या उससे अधिक की गर्भवती महिलाओं की पारंपरिक गोद भराई की जाएगी। साथ ही शुगर एवं थायराइड की जांच रियायती दरों पर उपलब्ध रहेगी। इसके अलावा विशेषज्ञ चिकित्सकों द्वारा निःशुल्क स्वास्थ्य परामर्श तथा बीएमडी (बोन मिनरल डेंसिटी) जांच की सुविधा भी प्रदान की जाएगी।

शिविर के दौरान स्वास्थ्य जागरूकता परिचर्चा का भी आयोजन होगा, जिसमें विशेषज्ञ चिकित्सक गर्भावस्था के दौरान आवश्यक सावधानियां, संतुलित आहार, मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य, स्वस्थ जीवनशैली तथा विभिन्न बीमारियों से बचाव के उपायों की जानकारी देंगे।

आयोजकों ने क्षेत्र की गर्भवती महिलाओं एवं आमजन से अपील की है कि वे 10 जुलाई को आयोजित इस स्वास्थ्य शिविर में पहुंचकर उपलब्ध स्वास्थ्य सेवाओं का अधिकतम लाभ उठाएं।