हार से घबराएं नहीं खिलाड़ी : सुनील- इंडोर स्टेडियम में योगासन स्पोर्ट्स चैंपियनशिप-जिला ओलंपिक संघ अध्यक्ष ने प्रतिभागियों को किया पुरस्कृत
देवघर: योगासन स्पोर्ट्स एसोसिएशन देवघर की ओर से इंडोर स्टेडियम में आयोजित जिला स्तरीय योगासन स्पोर्ट्स चैंपियनशिप का समापन गुरुवार को हो गया। इस अवसर पर योगासन स्पोर्ट्स एसोसिएशन के मुख्य संरक्षक सह जिला ओलंपिक संघ अध्यक्ष डॉ. सुनील खवाड़े और डीएसओ संतोष कुमार उपस्थित रहे। खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया। खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए डॉ. सुनील खवाड़े ने कहा कि हार से घबराएं नहीं, इससे खेल में जीत की ललक मजबूत होती है। हार एक सबक, भविष्य के आयोजन में खिलाड़ी व बेहतर प्रदर्शन करते हैं। विजेताओं को भी डॉ. सुनील खवाड़े ने नसीहत देते हुए कहा कि आगे और बेहतर प्रदर्शन कर देवघर और झारखंड का नाम रौशन करें। वहीं जिला खेल पदाधिकारी संतोष कुमार ने ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए योग को जीवन का महत्वपूर्ण हिस्सा बताया।विजयी प्रतिभागियों को डॉ. सुनील खवाड़े और डीएसओ संतोष कुमार ने मेडल और प्रशस्ति-पत्र देकर सम्मानित किया। मौके पर रूपा श्री, संघ के अध्यक्ष वीरेंद्र कुमार सिंह, सचिव ऋषि राज सिंह, संजय मालवीय, कोषाध्यक्ष राजश्री मालवीय, धर्मेंद्र देव समेत कई लोग मौजूद थे। राज्य स्तरीय चैंपियनशिप के लिए चयन :- जिला स्तरीय प्रतियोगिता में विभिन्न विद्यालयों से लगभग 70 प्रतिभागियों ने भाग लिया। खिलाड़ियों ने अलग-अलग योगासन इवेंट में प्रतिभा का प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता में अलग-अलग आयु वर्ग के बालक एवं बालिकाओं ने हिस्सा लेकर योग कला का प्रदर्शन किया। उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले का चयन राज्य स्तरीय योगासन स्पोर्ट्स चैंपियनशिप के लिए किया गया। चयनित खिलाड़ियों में सुधांशु कुमार, आदित्य कुमार, संजीवनी, सुरभि गुप्ता, सुमन खरीदार, सानिया ठाकुर, तृप्ति कृष्णा, उत्सव आनंद, गुलशन कुमार, पवन कुमार, अर्जुन कुमार, आकृति कुमारी, वर्षा कुमारी, अंश एवं उदित कुमार यादव सहित अन्य खिलाड़ी शामिल हैं। सभी चयनित खिलाड़ी नेतरहाट में 24, 25 व 26 जून को होने वाली राज्य स्तरीय योगासन स्पोर्ट्स चैंपियनशिप में देवघर जिले का प्रतिनिधित्व करेंगे। इन खिलाड़ियों ने की शिरकत :- 10 से 14 आयु वर्ग (बालिका वर्ग) में सुरभि गुप्ता ने प्रथम स्थान, प्रगति कुमारी ने द्वितीय स्थान एवं सुमन खरीदार ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। 10 से 14 आयु वर्ग (बालक वर्ग) में सुधांशु कुमार प्रथम, उदित यादव द्वितीय एवं अभय कुमार तृतीय स्थान पर रहे। 14 से 18 आयु वर्ग (बालिका वर्ग) में सानिया ठाकुर ने प्रथम स्थान, तृप्ति कृष्णा ने द्वितीय एवं मुस्कान कुमारी ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। 14 से 18 आयु वर्ग (बालक वर्ग) में उत्सव आनंद प्रथम एवं गुलशन कुमार द्वितीय स्थान पर रहे। 18 से 28 आयु वर्ग (बालिका वर्ग) में शांति कुमारी ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। वहीं 18 से 28 आयु वर्ग (बालक वर्ग) में पवन कुमार प्रथम एवं अर्जुन कुमार माता द्वितीय स्थान पर रहे। इसके अलावा आर्टिस्टिक सिंगल इवेंट में 10 से 14 आयु वर्ग बालिका वर्ग में संजीवनी कुमारी प्रथम, आकृति कुमारी द्वितीय एवं वर्षा कुमारी तृतीय स्थान पर रहीं। 14 से 18 आयु वर्ग बालक वर्ग में उत्सव आनंद ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। 14 से 18 आयु वर्ग बालिका वर्ग में तृप्ति कृष्णा प्रथम एवं सानिया ठाकुर द्वितीय स्थान पर रहीं। आर्टिस्टिक पेयर इवेंट में 10 से 14 आयु वर्ग बालिका वर्ग में आकृति एवं संजीवनी की जोड़ी ने प्रथम स्थान प्राप्त किया, जबकि वर्षा एवं सृष्टि की जोड़ी द्वितीय स्थान पर रही। 10 से 14 आयु वर्ग बालक वर्ग में अंश एवं उदित ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। नेशनल डेवलपमेंट कैटेगरी में बालक वर्ग में रक्षित चंद्र झा प्रथम, ओम कुमार द्वितीय एवं राजकुमार तृतीय स्थान पर रहे। वहीं बालिका वर्ग में आद्याचा प्रथम, खुशी कुमारी द्वितीय एवं अभिशा सिंह तृतीय स्थान पर रहीं।
देवघर-18 जून 2026 जयंती पर स्वर्गीय देवकीनंदन खत्री को श्रद्धांजलि।
देवघर: बिहार हिंदी साहित्य सम्मेलन के पूर्व प्रवक्ता अजय कुमार ने जयंती पर लेखक स्वर्गीय देवकीनंदन खत्री को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि वे हिंदी के प्रथम तिलस्मी लेखक थे। देवनागरी हिंदी भाषा के प्रचार प्रसार में उनके उपन्यास चंद्रकांता का बहुत बड़ा योगदान रहा है। चंद्रकांता उपन्यास ने लोगों का मन इतना मोह लिया था की इस किताब का रसास्वादन करने के लिए कई गैर हिंदी वासियों ने हिंदी भाषा सीखी। यह एक कटु सत्य है कि जितने हिंदी पाठक बाबू देवकीनंदन खत्री ने उत्पन्न किए उसने किसी और ग्रंथकार ने नहीं । अजय कुमार पूर्व प्रवक्ता बिहार हिंदी साहित्य सम्मेलन
देवघर-18 जून 2026 जयंती पर स्वर्गीय डॉक्टर अनुग्रह नारायण सिंह को श्रद्धांजलि।
देवघर: झारखंड प्रदेश कांग्रेस सेवादल के पूर्व प्रदेश उपाध्यक्ष अजय कुमार ने जयंती पर स्वतंत्रता सेनानी, एकीकृत बिहार के प्रथम उपमुख्यमंत्रीसह वित्त मंत्री स्वर्गीय डॉक्टर अनुग्रह नारायण सिंह को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि स्वतंत्रता आंदोलन एवं आधुनिक बिहार के निर्माण में अनुग्रह बाबू की भूमिका को कभी भी भुलाया नहीं जा सकता है। उच्च विचार, सादगी एवं सरलता तथा राजनीतिक शुचिता की जीती जागती प्रतिमूर्ति थे वे। अपने राजनीतिक जीवन के अंतिम क्षणों तक उन्होंने जिस तरह से राजनीतिक मर्यादा का पालन किया, उनके इस राजनीतिक जीवन से आज के राजनीतिज्ञों को सीख लेने की जरूरत है। अजय कुमार पूर्व प्रदेश उपाध्यक्ष झारखंड प्रदेश कांग्रेस सेवादल
देवघर-में यातायात नियमों का उल्लंघन कर रहे टोटो एवं टेंपो चालकों के खिलाफ कार्रवाई किए जाने एवं रूट लाइन निर्धारित करने की जिला प्रशासन से मांग।
देवघर: संथाल परगना चैंबर ऑफ़ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज के सदस्य अजय कुमार ने देवघर शहर में यातायात नियमों का उल्लंघन कर रहे टोटो एवं टेंपो चालकों के खिलाफ कार्रवाई किए जाने की मांग जिला प्रशासन से की है ताकि शहर में जाम की स्थिति न उत्पन्न होने पाए। श्री कुमार ने कहा कि टोटो एवं टेंपो चालकों द्वारा खुलेआम यातायात के नियमों की धज्जियां उड़ाने के कारण जगह-जगह पर जाम की स्थिति उत्पन्न हो रही है जिसके चलते शहर में पैदल यात्रियों एवं स्कूली बच्चों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। श्री कुमार ने जिला प्रशासन से यह मांग की है कि शहर में जाम की स्थिति उत्पन्न न हो इसके लिए टोटो एवं टेंपो के रूट लाइन का निर्धारण अति आवश्यक है। अजय कुमार सदस्य संथाल परगना चैंबर आफ कमर्स एंड इंडस्ट्रीज
देवघर-की डॉक्यूमेंट्री फिल्म ' निर्मला की दुनिया ' का चयन चित्रपट झारखंड फिल्म फेस्टिवल 2026 रांची के लिए।
देवघर: 16 जून चित्रपट झारखंड फिल्म फेस्टिवल 2026 में प्रतियोगिता श्रेणी में देवघर की डॉक्यूमेंट्री फिल्म ' निर्मला की दुनिया ' का चयन किया गया है। बता दें कि उपर्युक्त फिल्म देवघर की शिक्षाविद् निर्मला ठाकुर के जीवन, व्यक्तित्व और उनके द्वारा रची दुनिया पर आधारित है। चित्रपट झारखंड फिल्म फेस्टिवल 2026 का आयोजन 26, 27 और 28 जून 2026 को सरला बिड़ला यूनिवर्सिटी, रांची में हो रहा है। यह फेस्टिवल सिर्फ झारखंड के निर्माता निर्देशकों की फिल्मों के लिए और झारखंड के सिनेमा को बढ़ावा देने के लिए है। इस फेस्टिवल के लिए 84 फिल्में प्राप्त हुई थीं। फिल्मों के अवलोकन एवं मूल्यांकन हेतु ज्यूरी पैनल की दो दिवसीय बैठक जमशेदपुर में हुई थी । ज्यूरी सदस्यों के द्वारा गहन अध्ययन एवं कठोर परीक्षण के बाद 67 फिल्मों को फेस्टिवल में प्रतिस्पर्धा हेतु चयन किया गया। इसमें ' निर्मला की दुनिया ' भी सम्मिलित ' है। मौलिक फिल्म्स की प्रस्तुति इस फिल्म के छायाकार बबलू साह, पब्लिसिटी डिजाइनर उदयेश रवि और निर्माता , परिकल्पनाकार और निर्देशक हैं शत्रुघ्न प्रसाद।
देवघर-16 जून 2026 इंटक नेता पहुंचे झारखंड मुक्ति मोर्चा के देवघर जिला अध्यक्ष संजय शर्मा के आवास।
देवघर: झारखंड मुक्ति मोर्चा के देवघर जिला के अध्यक्ष संजय शर्मा की मां के निधन पर देवघर जिला इंटक के जिला अध्यक्ष अनंत मिश्रा, झारखंड प्रदेश इंटक के प्रदेश सचिव अजय कुमार एवं कांग्रेस नेता डॉक्टर गौरव सिंह ने उनके आवास पर पहुंच कर शोक संतप्त परिजनों को सांत्वना दी व गहरी संवेदना व्यक्त की तथा संजय शर्मा और परिजनों को ढाढस बंधाया। सर्वप्रथम इंटक नेताओं ने संजय शर्मा की माता जी के चित्र पर पुष्प चढ़ा कर भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। अजय कुमार प्रदेश सचिव झारखंड प्रदेश इंटक
देवघर-रोहिणी के शहीद सिपाहियों को श्रद्धांजलि।
देवघर:झारखंड प्रदेश कांग्रेस सेवा दल के पूर्व प्रदेश उपाध्यक्ष अजय कुमार ने 1857 के स्वाधीनता आंदोलन में शहीद हुए रोहिणी के सिपाहियों (अमानत अली, सलामत अली व शेख हारून) को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि स्वाधीनता संग्राम के इतिहास के पन्नों में उन शहीदों का नाम स्वर्णाक्षरों में अंकित है।
राष्ट्र के लिए सर्वस्व निछावर कर देने की सीख हम सबों को इन शहीदों की शहादत से मिलती है। श्री कुमार कहा कि इन शहीदों की शहादत के मूल्यों को समझते हुए राष्ट्र के प्रति अपनी कुर्बानी देने हेतु हम सभी सदैव संकल्पित रहें यही इन शहीदों के प्रति हम सबों की सच्ची श्रद्धांजलि होगी और उनकी शहादत को याद करना सार्थक होगा। अजय कुमार पूर्व प्रदेश उपाध्यक्ष झारखंड प्रदेश कांग्रेस सेवा दल
देवघर-यात्री सुविधा दिवस पर देवघर हवाई अड्डे पर रक्तदान शिविर का सफल आयोजन; 9 यूनिट रक्त संग्रहित।
देवघर: भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण (AAI), देवघर और इंडियन रेड क्रॉस सोसाइटी (IRCS) देवघर का साझा प्रयास देवघर, 15 जून 2026 यात्री सुविधा दिवस के विशेष अवसर पर आज देवघर हवाई अड्डे (भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण - AAI), देवघर और इंडियन रेड क्रॉस सोसाइटी (IRCS), देवघर के संयुक्त तत्वावधान में एक स्वैच्छिक रक्तदान शिविर का सफल आयोजन किया गया। हवाई अड्डा परिसर के टर्मिनल भवन में आयोजित इस शिविर का मुख्य उद्देश्य मानव जीवन को बचाने और समाज में स्वैच्छिक रक्तदान के प्रति जागरूकता बढ़ाना था। इस पुनीत कार्य में हवाई अड्डे के अधिकारियों, सुरक्षाकर्मियों और स्थानीय सहयोगियों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। पूरे शिविर के दौरान कुल 9 यूनिट रक्त संग्रहित किया गया, जिसका उपयोग स्थानीय स्तर पर जरूरतमंद मरीजों की सहायता के लिए किया जाएगा। शिविर का मुख्य आकर्षण 18 वर्षीय वंशिका जायसवाल बनीं पहली रक्तदाता इस रक्तदान शिविर का सबसे प्रेरणादायक और गौरवपूर्ण क्षण तब आया जब मिस वंशिका जायसवाल शिविर की पहली रक्तदाता (1st Donor) बनीं। वंशिका ने कुछ ही दिन पहले अपने जीवन के 18 वर्ष पूरे किए हैं और आज उन्होंने अपने जीवन का पहला रक्तदान (Her First Blood Donation) किया। इतनी कम उम्र में ही वे इंडियन रेड क्रॉस सोसाइटी, देवघर की लाइफ मेंबर (आजीवन सदस्य) भी हैं। वे रेड क्रॉस सोसाइटी, देवघर के वाइस चेयरमैन पीयूष जायसवाल की सुपुत्री हैं। पहली बार रक्तदान करने के बाद अपना अनुभव साझा करते हुए वंशिका ने कहा अपने 18वें जन्मदिन के ठीक बाद अपने जीवन का पहला रक्तदान करना मेरे लिए एक बेहद भावुक और गर्व का क्षण है। मेरे पिता हमेशा मुझे समाज सेवा के लिए प्रेरित करते हैं। रेड क्रॉस का हिस्सा होने के नाते मैं सभी युवाओं से अपील करना चाहती हूँ कि वे रक्तदान से डरें नहीं, बल्कि आगे आकर दूसरों की जान बचाएं। सजग रक्तदाताओं ने किया महादान रक्तदाताओं के नाम क्रमानुसार: 1. वंशिका जायसवाल (प्रथम रक्तदाता - जीवन का पहला रक्तदान), 2. दिलीप कुमार, 3. शिवम कुमार यादव, 4. रविकान्त कुमार, 5. रोहित दत्ता, 6. प्रीतम भारती, 7. राकेश कुमार, 8. रंजीत कुमार और 9. महेश कुमार। *वरिष्ठ अधिकारियों और गणमान्य व्यक्तियों की उपस्थिति कार्यक्रम को सफल बनाने में देवघर हवाई अड्डे के विमानपत्तन निदेशक (Airport Director - APD) जॉय बनर्जी का विशेष मार्गदर्शन रहा। उनके साथ हवाई अड्डे के प्रबंधन दल से टर्मिनल मैनेजर सूर्य, ड्यूटी टर्मिनल मैनेजर सोनाली प्रिया और सहायक प्रबंधक (Ops) नूतन प्रकाश ने सक्रिय भूमिका निभाई। सुरक्षा व्यवस्था और सुचारू संचालन में सहयोग के लिए झारखंड पुलिस के सब-इस्न्पेक्टर (SI) प्रभात कुमार सिंह भी मुस्तैद रहे। इंडियन रेड क्रॉस सोसाइटी, देवघर की ओर से चेयरमैन जितेश राजपाल, वाइस चेयरमैन पीयूष जायसवाल, और कार्यकारिणी समिति के सम्मानित सदस्य नागेंद्र झा एवं अर्चना भगत ने शिविर की व्यवस्था और संचालन में महत्वपूर्ण योगदान दिया। अधिकारियों एवं पदाधिकारियों के मुख्य वक्तव्य जॉय बनर्जी, विमानपत्तन निदेशक (APD) यात्री सुविधा दिवस केवल यात्रियों को बेहतर सेवाएं देने तक सीमित नहीं है, बल्कि समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाने का भी दिन है। इंडियन रेड क्रॉस सोसाइटी के सहयोग से आयोजित यह शिविर हमारे इसी संकल्प का हिस्सा है। मैं हवाई अड्डे के उन सभी कर्मियों और सुरक्षाबलों का आभार व्यक्त करता हूँ जिन्होंने आगे बढ़कर रक्तदान किया। सूर्य, टर्मिनल मैनेजर एक टर्मिनल मैनेजर के रूप में हमारा प्रयास हमेशा परिसर में सुरक्षित और सुगम माहौल तैयार करना होता है। आज के इस शिविर में हवाई अड्डा प्रबंधन और सुरक्षा टीम का जो समन्वय दिखा, वह सराहनीय है। इतने व्यस्त शेड्यूल के बीच भी टीम ने जिस तरह सामाजिक सरोकार के इस काम में हिस्सा लिया, वह हमारे सामूहिक सेवा भाव को दर्शाता है। जितेश राजपाल, चेयरमैन (IRCS, देवघर) देवघर हवाई अड्डा प्रशासन (AAI) के साथ मिलकर इस जीवनरक्षक शिविर का आयोजन करना हमारे लिए बेहद गौरवपूर्ण रहा। इन 9 रक्तदाताओं ने जिस उत्साह के साथ रक्तदान किया है, वह समाज के लिए एक बेहतरीन संदेश है। एकत्रित किया गया रक्त सीधे तौर पर गंभीर मरीजों की मदद में काम आएगी। पीयूष जायसवाल, वाइस चेयरमैन (IRCS, देवघर) देवघर हवाई अड्डे की पूरी टीम का सहयोग अद्वितीय रहा। एक पिता के रूप में मेरे लिए आज का दिन दोहरी खुशी और गर्व का है, क्योंकि मेरी बेटी वंशिका ने 18 वर्ष पूरे होते ही अपने जीवन का पहला रक्तदान किया और इस नेक काम की शुरुआत की। रेड क्रॉस परिवार और देवघर हवाई अड्डे के सभी कर्मियों ने मिलकर जिस सेवा भाव का परिचय दिया है, वह मील का पत्थर साबित होगा।
देवघर-शहर में अतिक्रमण मुक्त एवं सुरक्षित फुटपाथों के निर्माण की देवघर उपयुक्त से मांग।
देवघर: झारखंड प्रदेश कांग्रेस सेवा दल के पूर्व प्रदेश उपाध्यक्ष अजय कुमार ने पैदल यात्रियों की सुरक्षा एवं प्राथमिकता को देखते हुए शहर में सुरक्षित और अतिक्रमण मुक्त फुटपाथों का निर्माण, ट्रैफिक सिगनलों एवं ज़ेब्रा क्रॉसिंग की व्यवस्था किए जाने की मांग देवघर उपायुक्त सौरभ कुमार भुवानिया से की है। श्री कुमार ने कहा कि उक्त तीन व्यवस्थाओं के अभाव में लोग पैदल चलने में असुरक्षित महसूस कर रहें हैं, खासकर शहर के कई स्थानों पर फुटपाथ या तो अतिक्रमण की भेंट चढ़ चुके हैं या फिर वाहन पार्किंग का स्थल बन चुके हैं। यह कहने में कोई अतिशयोक्ति नहीं की इन तीन व्यवस्थाओं के सुनिश्चित हो जाने से शहर में पैदल चलने वाले यात्री सुरक्षित महसूस करने लगेंगे। अजय कुमार पूर्व प्रदेश उपाध्यक्ष झारखंड प्रदेश कांग्रेस सेवा दल
देवघर-भोजपुरी भाषा को संविधान की आठवीं अनुसूची में शामिल करने की केंद्र सरकार से मांग।
देवघर: बिहार हिंदी साहित्य सम्मेलन के पूर्व प्रवक्ता अजय कुमार ने भोजपुरी भाषा को संविधान की आठवीं अनुसूची में शामिल करने की मांग केंद्र सरकार से की है। श्री कुमार ने कहा कि सीताकांत महापात्र समिति की रिपोर्ट पेश किए जाने के 14 साल गुजरने और संसद में आश्वासन के बावजूद भोजपुरी को संविधान की आठवीं अनुसूची में शामिल करने के बारे में अभी तक कोई फैसला नहीं किया जा सका है। श्री कुमार ने कहा कि भारत के पूर्वांचल, झारखंड एवं दिल्ली सहित नेपाल, मॉरीशस, श्रीलंका, फिजी, थाईलैंड, सूरीनाम, गयाना, त्रिनिदाद एवं टोबैगो जैसे देशों में बोली जाने वाली इस समृद्ध भाषा को अब तक आठवीं अनुसूची में शामिल नहीं किया जाना निश्चित रूप से दुखद एवं दुर्भाग्यपूर्ण तो है ही तथा साथ ही इस भाषा के साथ हो रहा सौतेला व्यवहार भी। अजय कुमार पूर्व प्रवक्ता बिहार हिंदी साहित्य सम्मेलन