देवघर-विश्व रक्तदाता दिवस पर आयोजित होने वाले प्रथम रक्तदान शिविर के पोस्टर का लोकार्पण।
देवघर:
11 जून 2026। अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स), देवघर एवं भारतीय रेड क्रॉस सोसायटी, देवघर शाखा के संयुक्त तत्वावधान में विश्व रक्तदाता दिवस के अवसर पर 14 जून 2026 को आयोजित होने वाले विशेष रक्तदान शिविरके पोस्टर का आज एम्स देवघर में विधिवत लोकार्पण किया गया। यह रक्तदान शिविर विशेष महत्व रखता है क्योंकि एम्स देवघर के रक्त केंद्र (ब्लड सेंटर) के संचालन प्रारंभ होने के पश्चात यह पहला स्वैच्छिक रक्तदान शिविर आयोजित किया जा रहा है। इस पहल का उद्देश्य सुरक्षित रक्त की उपलब्धता सुनिश्चित करना तथा समाज में स्वैच्छिक रक्तदान के प्रति जागरूकता बढ़ाना है। पोस्टर का लोकार्पण एम्स देवघर के कार्यपालक निदेशक एवं मुख्य कार्यकारी अधिकारी प्रो. (डॉ.) नितिन एम. गंगाने द्वारा किया गया। इस अवसर पर एम्स देवघर के अकादमिक अधिष्ठाता प्रो. (डॉ.) हरविंदर सिंह , रक्त केंद्र के डॉ. गिरीश सिंह क्षत्रिय, एमएस कार्यालय के प्रमुख नितीश कुमार पाण्डेय , एम्स कर्मचारी विवेक कुमार ओझा तथा भारतीय रेड क्रॉस सोसायटी, देवघर शाखा के चेयरमैन जितेश राजपाल , वाइस चेयरमैन पीयूष जायसवाल,कोषाध्यक्ष राजकुमार बर्नवाल, कार्यकारिणी सदस्य सुधांशु शेखर बर्नवाल एवं अर्चना भगत उपस्थित थे। इस अवसर पर कार्यपालक निदेशक एवं मुख्य कार्यकारी अधिकारी प्रो. (डॉ.) नितिन एम. गंगाने ने कहा कि रक्तदान मानवता की सर्वोच्च सेवाओं में से एक है। एक यूनिट रक्त कई जरूरतमंद मरीजों को नया जीवन प्रदान कर सकता है। उन्होंने युवाओं, सामाजिक संगठनों एवं आम नागरिकों से नियमित स्वैच्छिक रक्तदान के लिए आगे आने का आह्वान किया। अकादमिक अधिष्ठाता प्रो. (डॉ.) हरविंदर सिंह ने कहा कि सुरक्षित एवं पर्याप्त रक्त की उपलब्धता किसी भी स्वास्थ्य व्यवस्था की महत्वपूर्ण आवश्यकता है। स्वैच्छिक रक्तदाता समाज के वास्तविक नायक हैं, जिनके सहयोग से अनेक जिंदगियां बचाई जा सकती हैं। उन्होंने लोगों से रक्तदान को सामाजिक दायित्व के रूप में अपनाने का आग्रह किया। रक्त केंद्र के प्रभारी अधिकारी (ओआईसी) डॉ. गिरीश सिंह क्षत्रिय ने बताया कि आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित एम्स देवघर का रक्त केंद्र क्षेत्र के मरीजों के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। उन्होंने कहा कि रक्तदान एक सुरक्षित एवं वैज्ञानिक प्रक्रिया है तथा प्रत्येक स्वस्थ व्यक्ति को नियमित रूप से स्वैच्छिक रक्तदान करना चाहिए। उन्होंने विश्व रक्तदाता दिवस पर आयोजित इस प्रथम रक्तदान शिविर में अधिकाधिक लोगों की सहभागिता की अपील की। भारतीय रेड क्रॉस सोसायटी, देवघर शाखा के चेयरमैन जितेश राजपाल ने कहा कि रेड क्रॉस का मूल उद्देश्य मानव सेवा है और रक्तदान इसका सबसे उत्कृष्ट माध्यम है। उन्होंने कहा कि समाज के प्रत्येक सक्षम नागरिक को वर्ष में कम-से-कम एक बार रक्तदान अवश्य करना चाहिए ताकि रक्त की कमी के कारण किसी भी मरीज का उपचार प्रभावित न हो। भारतीय रेड क्रॉस सोसायटी, देवघर शाखा के वाइस चेयरमैन पीयूष जायसवाल ने कहा कि रेड क्रॉस पिछले कई वर्षों से स्वैच्छिक रक्तदान को जन-आंदोलन बनाने के लिए निरंतर प्रयासरत है। "ब्लड डोनेशन ऑन व्हील्स" जैसी अभिनव पहल का उद्देश्य रक्तदान को जन-जन तक पहुँचाना तथा अधिकाधिक युवाओं को इस जीवनदायी अभियान से जोड़ना है। उन्होंने सभी सामाजिक संगठनों, शिक्षण संस्थानों, व्यापारिक प्रतिष्ठानों एवं नागरिकों से 14 जून को रक्तदान कर मानवता की सेवा में सहभागी बनने की अपील की। 14 जून 2026 को प्रातः 9:00 बजे से सायं 5:00 बजे तक एम्स देवघर के रक्त केंद्र परिसर में रक्तदान शिविर आयोजित किया जाएगा। इस अवसर पर स्वैच्छिक रक्तदान को बढ़ावा देने तथा अधिकाधिक लोगों को रक्तदान से जोड़ने का प्रयास किया जाएगा। आयोजकों ने सभी स्वस्थ नागरिकों, युवाओं, सामाजिक संगठनों एवं संस्थानों से इस पुनीत कार्य में सहभागिता कर जरूरतमंद मरीजों के जीवन की रक्षा में योगदान देने की अपील की है। *एक बूंद मानवता की — रक्तदान, जीवनदान।* *आपका रक्तदान बचाएगा किसी की जान।*
6 hours ago
- Whatsapp
- Facebook
- Linkedin
- Google Plus
13