माध्यमिक की मान्यता के बिना हाईस्कूल में हो रहा था प्रवेश,स्कूल में बच्चों के ब्रेनवाश आरोप
*बीएसए ने दिया जांच का आदेश

गोंडा।जिले के कोड़िया थाना क्षेत्र अंतर्गत स्थित केजीएन पब्लिक स्कूल सेहरिया चौराहा पर लव जिहाद फैलाने और बच्चों का ब्रेनवाश करने के लगे आरोपों के लेकर अब कार्रवाई की मांग तेज हो गयी है।यह विद्यालय बिना माध्यमिक मान्यता के संचालित हो रहा था।इन आरोपों के बाद जिले के जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी अमित कुमार सिंह ने मामले के विस्तृत जांच आदेश दिया है।प्रारम्भिक जांच में सामने आया है कि इस विद्यालय को केवल कक्षा पांचवीं तक की मान्यता प्राप्त थी,परन्तु यहाँ हाईस्कूल तक के छात्रों को शिक्षा दी जा रही थी।बच्चों को यह बताया जा रहा था कि विद्यालय को हाईस्कूल तक की मान्यता प्राप्त है।जिला विद्यालय निरीक्षक डॉ रामचंद्र ने भी पुष्टि की है कि उनके विभाग से इस विद्यालय को माध्यमिक शिक्षा के लिए कोई मान्यता नहीं दी गई है।आरोपों के अनुसार, विद्यालय में धार्मिक शिक्षाएं भी दी जाती थीं।बताते चलें कि नियमों का उल्लंघन करते हुए रविवार को भी विद्यालय खुला था और वहां कोचिंग चल रही थी।इसी कोचिंग में आरोपी परवेज खान भी पढ़ रहा था,जिस पर एक हिन्दू छात्रा को इंस्टाग्राम पर मैसेज भेजकर परेशान करने का आरोप है।रविवार को जब छात्रा के भाई ने परवेज को छेड़छाड़ और अश्लील मैसेज भेजने से रोका तो उसके साथ मारपीट की गई थी।पीड़ित छात्रा के पिता व हिन्दू संगठनों ने विद्यालय के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।उनका आरोप है कि यहाँ मौलवी को बुलाकर बच्चों का ब्रेनवाश भी किया जा रहा था।इन आरोपों के बाद अब हिन्दू संगठन के लोगों में भी नाराजगी है और उन्होंने भी कार्रवाई को लेकर मांग उठाई है।पीड़ित छात्रा के भाई ने बताया कि जब उसने लव जिहाद फैलाने की बात कही तो विद्यालय में तैनात सलाहुद्दीन हाफिज ने कथित तौर पर कहा कि हां हम लव जिहाद फैलाएंगे।इस संबंध में जब जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी अमित कुमार सिंह से बात किया गया तो उन्होंने बताया कि जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे,उनके आधार पर कड़ी कार्यवाही की जाएगी।पुलिस ने भी चार लोगों को पूरे मामले में हिरासत में लेकर जांच शुरू कर दिया है और उनसे पूछताछ की जा रही है।
दूसरे समुदाय का युवक छात्रा से कर रहा था छेड़छाड़, स्कूल में हुआ हंगामा
*विरोध करने पर छात्रा के भाई से मारपीट

गोंडा।जिले के कोड़िया थाना क्षेत्र अंतर्गत स्थित केजीएन पब्लिक स्कूल सेहरिया चौराहा एक गंभीर मामले को लेकर सुर्खियों में है।यहाँ नौवीं कक्षा की एक छात्रा ने विशेष समुदाय के एक युवक परवेज खान स्कूल आते जाते समय छेड़छाड़ करने और इंस्टाग्राम पर अश्लील मैसेज भेजकर परेशान करने का आरोप लगाया है।आज जब छात्रा के भाई ने विद्यालय पहुंचकर इस मामले का विरोध किया तो उसके साथ आरपी परवेज खान,वारिस खां, सलाहुद्दीन हाफिज,इसराइल, जकीरे, साजिद, अरशद, इमरान और लगभग एक दर्जन से अधिक अज्ञात लोगों ने लाठी डंडों से उसपर हमला करते हुए गाली गलौज कर भगा दिया।पीड़ित छात्रा के भाई ने जब लव जिहाद फैलाने का आरोप लगाया तो सलाहुद्दीन हाफिज ने जवाब दिया कि लव जिहाद फैलाएंगे जो करना हो कर लो।छात्रा के पिता ने विद्यालय प्रबंधन पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा है कि वारिस खान द्वारा आए दिन विद्यालय में मौलवी बुलाकर बच्चों का ब्रेनवाश करने का प्रयास किया जा रहा है।पिता ने इस अवैध रूप से संचालित विद्यालय में धर्मांतरण और ब्रेनवाश की गतिविधियों पर तत्काल रोक लगाने की मांग किया है।

पीड़ित छात्रा के पिता की तहरीर पर कौड़िया थाने की पुलिस ने मारपीट,गाली गलौज और छेड़छाड़ के आरोप आठ नामजद व एक अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है और मामले की गहनता से जांच शुरू कर दिया है।कौड़िया थाने की पुलिस ने आरोपी परवेज खान, वारिस खान,सलाहुद्दीन हाफिज और इसराइल को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दिया है।पुलिस पूरे घटनाक्रम की विस्तृत जांच कर रही है।आरोपी परवेज खान द्वारा छात्रा के इंस्टाग्राम पर भेजे गये कुछ चैट भी सामने आए हैं।इनमें छात्रा द्वारा बार बार परेशान न करने और अपने पिता को बताने की बात कह रही है।इसके बावजूद परवेज खान उसे लगातार मैसेज भेजकर उसे परेशान कर रहा था।आज जब छात्रा के भाई के पास मोबाइल फोन था और दोबारा मैसेज पहुंचा,तब उसने विद्यालय जाकर विरोध किया था।वहीं कौड़िया थानाध्यक्ष तेज प्रताप सिंह ने बताया कि पुलिस ने मौके पर पहुंच कर विद्यालय में जांच किया है और चार लोगों को हिरासत में लेकर जांच प्रारम्भ कर दी गई है।उन्होंने बताया कि आठ नामजद लोगों के खिलाफ मारपीट, गाली गलौज और अश्लील कमेंट के साथ छेड़छाड़ करने को लेकर भी मुकदमा दर्ज किया गया है।इसके साथ ही साथ लड़की नाबालिग है ऐसे में आरोपियों पर पाक्सो एक्ट की भी धारा लगाई गई है और अभी इस मामले में जो भी आरोपी फरार हैं उनके खिलाफ भी पुलिस द्वारा लगातार जांच कर कार्रवाई की जा रही है।
शत्रु संपत्ति पर दिया 24 लाख का लोन,11 पर मुकदमा दर्ज,पुलिस ने शुरू किया जांच
*आरोपियों में यूपी कोआपरेटिव बैंक का शाखा प्रबंधक भी शामिल

गोंडा।जिले में एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहाँ शत्रु संपत्ति घोषित भूमि पर 24 लाख रुपए का ऋण स्वीकृत करने का आरोप लगा है।नगर कोतवाली क्षेत्र के पंतनगर, फारबिसगंज निवासी फारूख अली ने नगर कोतवाली में इस मामले में तहरीर दिया है।फारूख अली ने अपने शिकायती पत्र में बताया है कि उन्होंने 10 दिसंबर 2020 को माधवपुर चकत्ता निवासी रघुनाथ से एक जमीन खरीदी थी।बैनामे से पहले सभी अभिलेखों की जांच कराई गई थी, जिसमें खतौनी में रघुनाथ का नाम दर्ज था,हालांकि जिलाधिकारी गोंडा के आदेश पर 17 जनवरी 2023 को इस भूमि को शत्रु संपत्ति घोषित कर दिया गया था।इसके बावजूद 5 अप्रैल 2024 को यूपी कोआपरेटिव बैंक बड़गांव के शाखा प्रबंधक अजय कुमार व अन्य लोगों ने मिलकर इस भूमि पर 24 लाख रुपए का ऋण स्वीकृत कर लिया।फारूख अली का आरोप है कि उन्होंने कोई ऋण नहीं लिया है और इन लोगों ने गलत तरीके से कागजात तैयार कर यह बड़ा ऋण हासिल कर लिया है।नगर कोतवाली पुलिस ने फारूख अली की तहरीर पर बैंक मैनेजर अजय कुमार, रघुनाथ,बैंक के पैनल अधिवक्ता शिवाकांत वर्मा उर्फ पंकज वर्मा,बैंक कर्मी पवन पाल और सुशील कुमार के साथ ही पवन कुमार तिवारी,राघव राम उर्फ रघु,निशांत तिवारी और दो तीन अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है।मामले की जांच नगर कोतवाली के अपराध निरीक्षक सभाजीत सिंह को सौंपी गई है।फारूख अली ने पुलिस को बताया कि उन्होंने 10 दिसंबर 2020 को अपनी माँ के नाम पर माधवपुर चकत्ता स्थित यह जमीन रघुनाथ से खरीदा था।बैनामे के समय शिवाकांत वर्मा रघुनाथ की तरफ से पैरोकार थे।फारूख अली के अनुसार,बैनामा करने से पहले रघुनाथ अपने भतीजे व वकील शिवाकांत वर्मा उर्फ पंकज के साथ उनके पास आए थे और जमीन से संबंधित कागजात दिखाए थे।उन्होंने जमीन खरीदने से पहले उसके कागजात का मुआयना कराया था,उस समय तहसील से निकाली गई खतौनी में अंकना आयुक्त देवीपाटन मंडल के आदेश के परिप्रेक्ष्य में रघुनाथ का नाम दर्ज था।उसी खतौनी के आधार पर मेरे द्वारा उक्त जमीन का बैनामा अपनी माँ के नाम पर लिखाया गया था।जबकि यह जमीन जिलाधिकारी के आदेश के अनुसार 17 जनवरी 2023 को शत्रु संपत्ति के नाम से अंकित हो गई है।रघुनाथ और शिवाकांत वर्मा ने जालसाजी,कूटरचित दस्तावेज के आधार पर उक्त जमीन को मेरी माँ के नाम बैनामा किया था, जबकि जमीन का संपूर्ण अंश शत्रु संपत्ति के नाम दर्ज है और मेरे द्वारा उक्त जमीन को प्राप्त करने के लिए न तो कोई दावा पेश किया गया और न तो कोई प्रयास किया गया परन्तु मुझे 29 अगस्त 2024 को पता चला कि रघुनाथ और शिवाकांत वर्मा उर्फ पंकज वर्मा जो कि बैंक के पैनल अधिवक्ता भी हैं,इन्होंने यूपी कोआपरेटिव बैंक बड़गांव शाखा के मैनेजर व कर्मचारी पवन पाल,सुशील कुमार, अजय कुमार,पवन कुमार तिवारी,राघव राम उर्फ रघु,निशांत तिवारी तथा दो से तीन अज्ञात लोगों ने जालसाजी करके कूटरचित कागज बनवाकर यूपी कोआपरेटिव बैंक से 24 लाख रुपए का ऋण पास करवा लिया है।मेरे द्वारा 29 अगस्त 2024 को जब खतौनी तहसील से निकलवाई गई तो उस पर 5 अप्रैल 2024 को मेरे खाते में 24 लाख रुपये निकाला है जो रघुनाथ संतोषी के नाम से शत्रु संपत्ति की खतौनी बंधक पाई गई।उन्होंने यह भी बताया कि मेरे द्वारा बैंक के आसपास जानकारी किया गया तो पता चला कि पिछले 18 महीने से बैंक स्टाफ को पैनल अधिवक्ता और अन्य व्यक्तियों की मदद से जालसाजी व कूटरचित पेपर लगा कर के सदर तहसील के कई गांव बूढ़ा देवर, ज्ञानापुर,लक्ष्मणपुर जाट,गिर्द गोंडा और अन्य नगरीय क्षेत्र का बिना स्थलीय निरीक्षण किए गृह ऋण,वाहन ऋण सहित कई प्रकार के ऋण इन लोगों द्वारा वितरण करके इसका दुरुपयोग किया गया है।नगर कोतवाल बिंदेश्वरी मणि त्रिपाठी ने बताया कि बैंक के शाखा प्रबंधक अजय कुमार सहित 8 नामजद और दो तीन अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज करके पूरे मामले की जांच अपराध निरीक्षक सभाजीत सिंह को सौंपी गई है,जिनके द्वारा पूरे मामले को लेकर के जांच की जा रही है।फारूख अली ने पुलिस महानिरीक्षक देवीपाटन रेंज को पूरे मामले को लेकर शिकायती पत्र देकर कार्रवाई की मांग किया था,जिसके आधार पर यह कार्रवाई की गई है।
9वीं की छात्रा ने घर की दूसरी मंजिल स्थित कमरे में फांसी लगाकर की आत्महत्या
बेड पर कुर्सी रखकर लगाई फांसी

गोंडा।जिले के मनकापुर कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत गायत्री नगर मुहल्ले में एक 15 वर्षीय कक्षा 9 की छात्रा ने आत्महत्या कर लिया है।कक्षा 9 की छात्रा काजल शुक्ला (15) ने अपने किराए के घर की दूसरी मंजिल पर कमरे में प्लास्टिक की कुर्सी रखकर फांसी का फंदा लगा लिया है।परिजनों ने जब छत पर धूप के लिए जाकर देखा तो काजल को फंदे से लटका हुआ पापा।परिवार के अन्य सदस्यों को तत्काल सूचित किया गया और छात्रा के शव को फांसी के फंदे से उतारकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मनकापुर ले जाया गया, जहाँ डाक्टरों ने उसको मृत घोषित कर दिया।बताया जा रहा है कि दोपहर लगभग 12 बजे परिवार के सभी सदस्यों ने एक साथ खाना खाया था इसके बाद काजल छत पर चली गई थी,जबकि परिवार के अन्य सदस्य नीचे थे।

मृतक छात्रा काजल शुक्ला अपने एक भाई व दो बहनों के साथ आरपी इंटर कॉलेज में कक्षा 9 की पढ़ाई कर रही थी।उसके पिता सुरेश कुमार शुक्ला मूलरूप से जिगना बाजार के निवासी हैं और बच्चों की पढ़ाई के लिए गायत्री नगर मुहल्ले में किराए पर रहते थे।घटना की सूचना मिलने पर मनकापुर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची।पुलिस ने मृतक काजल शुक्ला के शव को कब्जे में लेकर पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

फोरेंसिक टीम को भी मौके पर बुलाकर छात्रा के कमरे की गहन जांच की जा रही है।मनकापुर कोतवाल अरविन्द कुमार सिंह ने बताया कि परिजन ही छात्रा को इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले गये थे, जहाँ डाक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।उन्होंने पुष्टि की कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और फोरेंसिक टीम जांच कर रही है।पुलिस परिजनों से विस्तृत पूछताछ कर रही है।परिजनों ने पूछताछ के दौरान बताया कि घर में कोई विवाद नहीं हुआहै।सभी लोगों ने आपस में बहुत प्यार से खाना खाया और उसके बाद उसने इस घटना को अंजाम दिया।
महिला का शव मिलने से मचा हड़कंप,अपर पुलिस अधीक्षक पहुंचे मौके पर
डाग स्क्वायड का ले रहे सहारा व खंगाल रहे सीसीटीवी कैमरा

गोंडा।जिले के नगर कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत लोको शेड के समीप पाठक पुरवा व नई बस्ती रेलवे क्रासिंग के मध्य एक 40 वर्षीय महिला का शव मिला है।सड़क किनारे झाड़ी में शव देखकर राहगीरों ने स्थानीय लोगों को सूचित किया।स्थानीय लोगों की सूचना पर सेमरा पुलिस चौकी के प्रभारी और नगर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची।पुलिस ने डाग स्क्वायड और फोरेंसिक टीम के साथ शव को कब्जे में लेकर पंचनामा करवाया तत्पश्चात शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया साथ ही मामले की जांच शुरू कर दिया है।

घटना की सूचना मिलने पर अपर पुलिस अधीक्षक पूर्वी मनोज कुमार रावत भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे।उन्होंने स्थानीय लोगों से महिला के शव के संबंध में पूछताछ कियाइस दौरान फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल से  महत्वपूर्ण साक्ष्य एकत्रित किया है।मामले की गंभीरता को देखते हुए अपर पुलिस अधीक्षक ने जिम्मेदारों को आवश्यक दिशा निर्देश दिया है।नगर कोतवाल बिंदेश्वरी मणि त्रिपाठी ने बताया कि महिला की पहचान अभी नहीं हुई है।शव सड़क किनारे झाड़ी में मिला था,जिसे पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत का कारण स्पष्ट हो पाएगा।

पुलिस उच्चाधिकारियों ने भी घटनास्थल का निरीक्षण किया है।पुलिस महिला की पहचान कराने और मृत्यु के कारणों का पता लगाने के लिए आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है और सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है।
बार एसोसिएशन के चुनाव में रविचंद्र त्रिपाठी अध्यक्ष, सुनील पाण्डेय बने महामंत्री
आधी आबादी पर भी अधिवक्ताओं ने जताया भरोसा

गोंडा।जिला बार एसोसिएशन के वार्षिक चुनाव के लिए कल हुए मतदान के बाद देर शाम प्रारंभ हुई मतगणना मध्य रात्रि तक चली।मतगणना समाप्त होने के बाद घोषित चुनाव परिणाम में बार एसोसिएशन के आधा दर्जन से अधिक बार अध्यक्ष रहे रविचंद्र त्रिपाठी पर विश्वास जताया है।इस चुनाव में रविचंद्र त्रिपाठी ने अपने निकटतम प्रतिद्वंदी अनिल कुमार सिंह को 104 मतों से पराजित किया।

इस चुनाव मे रविचंद्र त्रिपाठी को 629 मत प्राप्त हुए तो वहीं अनिल कुमार सिंह को 525 वोट मिले।इसी तरह महामंत्री पद पर सुनील कुमार पाण्डेय ने धमाकेदार जीत दर्ज करते हुए अपने निकटतम प्रतिद्वंदी देव प्रकाश ओझा को 165 मतों से पराजित किया।सुनील कुमार पाण्डेय 463 मत तो देव प्रकाश ओझा को 298 मत मिले।वरिष्ठ उपाध्यक्ष पद पर अधिवक्ताओं ने आधी आबादी पर भरोसा जताते रजनी त्रिपाठी को विजयी बनाया तो वरिष्ठ उपाध्यक्ष पद पर राजेंद्र द्विवेदी को भी चयन किया।कनिष्ठ उपाध्यक्ष पद पर शुभम चौबे व उमेश प्रताप मिश्रा को विजयी घोषित किया गया।संयुक्त मंत्री पद पर आदित्य तिवारी,अतुल दूबे व बृजेश पाण्डेय ने जीत दर्ज किया।कोषाध्यक्ष पद पर श्री भगवान पांडेय ने जीत दर्ज किया।
कमरे में संदिग्ध परिस्थितियों में   मिला युवक का शव,नशे का आदी था मृतक
घर से दुर्गंध आने पर पड़ोसियों ने पुलिस को दी सूचना


गोंडा।जिले के नगर कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत पोर्टरगंज पथवलिया में एक 25 वर्षीय युवक का शव संदिग्ध परिस्थितियों में उसके घर के अंदर मिला है।मृतक की पहचान कृष्ण मोहन चौबे उर्फ़ अनमोल चौबे पुत्र शामली चौबे के रूप में हुई है।घटना की जानकारी मिलने के बाद क्षेत्र में हड़कंप मच गया।पड़ोसियों को घर के अंदर से तेज दुर्गंध आने पर शक हुआ जिसकी सूचना उन्होंने तत्काल नगर कोतवाली पुलिस को दिया।जिसके बाद पुलिस ने टीम मौके पर पहुंच कर जांच शुरू कर दिया है।

क्षेत्राधिकारी आनंद कुमार राय भी फोरेंसिक टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे ।पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।पुलिस की प्रारंभिक जांच में शव दो सज तीन दिन पुराना बताया जा रहा है,क्योंकि दुर्गंध इतनी तेज थी कि पास में खड़े होना मुश्किल था।मृतक के पिता शामली चौबे ने बताया कि उनका बेटा उन्हें लगातार मारता पीटता और प्रताड़ित करता था जिसके कारण वे अपनी बड़ी बेटी के घर रहते थे।उन्होंने यह भी बताया कि उनका बेटा नशे का आदी था।

बीते 8 फरवरी को उनके बेटे को चार दोस्त ले गये थे,इसके बाद बेटे ने फोन कर कहा था कि वे वहीं रहें,वह कमा खा रहा है।पिता ने अपने बेटे की हत्या की आशंका जताई है।स्थानीय लोगों ने बताया कि आज सुबह एक चार पहिया वाहन मृतक के घर के अंदर जाते हुए देखा गया था,परन्तु उसमें सवार लोगों की पहचान नहीं हो पायी।मृतक अनमोल चौबे आठ बहनों में अकेला भाई था।नगर कोतवाली पुलिस अब कई बिंदुओं पर मामले की गहनता से जांच कर रही है।क्षेत्राधिकारी आनंद कुमार राय ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत का कारण स्पष्ट हो पाएगा और पूरे मामले की जांच की जा रही है।
अधिवक्ता संघ के वार्षिक चुनाव के लिए मतदान खल,45 प्रत्याशी मैदान में
देर रात तक घोषित होगा चुनाव परिणाम

गोंडा।जिला बार एसोसिएशन के वार्षिक चुनाव के लिए आज मतदान होगा, जिसमें जिला मुख्यालय पर कार्य कर रहे अधिवक्ताओं के साथ ही मनकापुर, तरबगंज व करनैलगंज तहसील मुख्यालय पर कार्य करने वाले अधिवक्ता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे।इस चुनाव में बार एसोसिएशन अध्यक्ष पद के लिए बार एसोसिएशन की आधा दर्जन बार अगुआई करने वाले रविचंद्र त्रिपाठी के साथ बार एसोसिएशन के पूर्व महामंत्री क्रमशः विनय कुमार मिश्रा, आलोक कुमार पाण्डेय, इंद्रमणि शुक्ला,अजीत कुमार श्रीवास्तव अनिल कुमार सिंह,सहित जगदंबा पांडेय, अवधेश शुक्ला मैदान में हैं तो वहीं महामंत्री पद के लिए मनोज श्रीवास्तव उर्फ नीरज,अजय कुमार तिवारी, सुनील कुमार पाण्डेय,मनोज सिंह सोमवंशी अपनी किस्मत आजमा रहे हैं।

इसी तरह वरिष्टतम उपाध्यक्ष, उपाध्यक्ष, कनिष्ठ उपाध्यक्ष सहित संयुक्त मंत्री, कोषाध्यक्ष पद के लिए भी कई उम्मीदवार मैदान में हैं।जो अपने समर्थकों के साथ व्यापक जनसंपर्क अभियान चला कर अपने अपने पक्ष में अधिवक्ताओं को लामबंद करने के लिए एंड़ी चोटी एक किए हुए हैं।बार एसोसिएशन अध्यक्ष पद के उम्मीदवार इंद्रमणि शुक्ला ने बताया कि विगत कुछ वर्षों में जिस तरह, तहसील, रजिस्ट्री आफिस आदि कार्यालयों में दलालों का साम्राज्य स्थापित हो गया है। उसको समाप्त कर अधिवक्ताओं के मान,सम्मान व स्वाभिमान की रक्षा करना उनकी पहली प्राथमिकता है।
दिवंगत शिक्षक के परिजनों को TSCT देगा 50 लाख का आर्थिक सहयोग

गोण्डा। टीचर्स सेल्फ केयर टीम संस्थापक प्रदेश अध्यक्ष विवेकानंद के निर्देश के क्रम में जिला संयोजक रणजीत सिंह के नेतृत्व में गत वर्ष 25 फरवरी 2025 को दुर्घटना के कारण दिवंगत हुए ब्लॉक मनकापुर के कम्पोजिट विद्यालय जोगापुर में कार्यरत शिक्षक स्वर्गीय सत्यदेव वर्मा के निवास स्थल ग्राम व पोस्ट तुर्काडीहा में TSCT एवं NSCT के जिला एवं ब्लॉक कार्यकारिणी द्वारा स्थलीय निरीक्षण किया गया और आर्थिक सहयोग हेतु महत्त्वपूर्ण पत्रावली का अवलोकन किया गया।

दिवंगत शिक्षक की पत्नी मंजू वर्मा की TSCT के संस्थापक/प्रदेश अध्यक्ष से फोन पर वार्ता कराई गई, उनके द्वारा परिवार को सांत्वना दी गई और TSCT सहयोग प्रक्रिया के बारे में बताया गया। नामिनी मंजू वर्मा की किरन और रोशनी दो बेटियां तथा अभिषेक एवं प्रभात दो बेटे हैं, जो अपने पिता जी के दिवंगत होने से असहाय महसूस कर रहे हैं।
आपको बता दें टीचर सेल्फ केयर टीम से अब तक लगभग 4 लाख सदस्य जुड़ चुके हैं जिनके द्वारा अब तक 476 दिवंगत शिक्षकों के परिवारों को लगभग ₹207 करोड़, 46 लाख रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की जा चुकी है।

आगामी 15 फरवरी से 25 फरवरी 2026 तक गोंडा के दिवंगत शिक्षक साथी स्व० सत्यदेव वर्मा का सहयोग होना सुनिश्चित हुआ है इसके पूर्व जनपद गोंडा से सात दिवंगत शिक्षकों का सहयोग हो चुका है और यह आठवाँ सहयोग गतिमान होना है। स्थलीय निरीक्षण में जिलाध्यक्ष एवं संयोजक रणजीत सिंह, NSCT जिलाध्यक्ष डॉ अजय पाठक, NSCT जिला सचिव डॉ विष्णु शंकर तिवारी, TSCT जिला सहसंयोजक जगदम्बा प्रसाद चौरसिया, जिला सहसंयोजक अरविंद मौर्य, जिला सहसंयोजक रमापति पांडेय, जिला IT SELL प्रभारी अनिल कुमार चौरसिया,ब्लाक अध्यक्ष रविन्द्र कुमार वर्मा, सहसंयोजक दिनेश कुमार, हरीश चन्द्र वर्मा, राकेश यादव, सूर्य भान राम, रजनीश सिंह, शुभम वर्मा, ITCELL प्रभारी जितेश नन्द यादव,  व सक्रिय सदस्य नवनीत शुक्ला, अब्दुल रब, ब्लॉक वजीरगंज सहसंयोजक अशोक कुमार मौर्य, ब्लॉक परसपुर संरक्षक अरविंद कुमार सिंह आदि शिक्षक साथी  मौजूद रहे।
ट्रस्ट की जमीन पर फर्जी बैनामा मामले में 22 लोगों पर मुकदमा दर्ज
*बलरामपुर स्टेट का फर्जी बैनामा और कब्जा करने का आरोप

गोंडा।जिले में बलरामपुर स्टेट के महाराजा पाटेश्वरी प्रसाद सिंह के धर्म कार्यनिधि ट्रस्ट की रजिस्टर्ड जमीन के फर्जी बैनामे और उस पर जबरन जेसीबी से कब्जा करने का मामला सामने आया है।महाराजा पाटेश्वरी प्रसाद सिंह के मुख्तार विकास सिंह ने गोंडा नगर कोतवाली में अधिवक्ता सहज राम वर्मा सहित 22 नामजद लोगों के खिलाफ विभिन्न गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कराया गया है,यह मुकदमा न्यायालय के आदेश पर दर्ज किया गया है।जिसकी जांच उपनिरीक्षक पिंटू कुमार यादव को सौंपी गई है।बलरामपुर स्टेट के मुख्तार विकास सिंह ने अपनी शिकायत में जनार्दन,अनिल कुमार मिश्रा,सोनू,जगदंबा प्रसाद,सूरत नारायण मिश्रा, नीलम,शिव कुमार चौबे, अनिरुद्ध कुमार,पवन कुमार, अधिवक्ता सहज राम वर्मा,सुरेश कुमार गुप्ता, सोनेलाल,शुभम चतुर्वेदी, अकरम,बलराज्ञ तिवारी,सुरेंद्र नाथ चौबे उर्फ़ सुधीर, मस्तराम,हरिहर प्रसाद,ललित कुमार श्रीवास्तव,गीत,श्रीमती संतोष और राजेंद्र प्रसाद पर गलत तरीके से बैनामा करवाकर जमीन पर कब्जा करने का प्रयास करने का आरोप लगाया है।बताते चलें कि यह मामला गाटा संख्या 375 से संबंधित है,जो महाराजा पाटेश्वरी प्रसाद धर्म कार्यनिधि ट्रस्ट के नाम पर दर्ज है।इस ट्रस्ट के मूल ट्रस्टी महराज अजीत प्रताप सिंह (प्रतापगढ़ ),सूरत नाथ मिश्रा,महराज दिनेश सिंह (कालाकांकर),सुरेन्द्र नाथ घोष और जगदीश कन्हैया लाल मुंशी थे,इन ट्रस्टियों का निधन वर्ष 1995 से पहले हो गया था।इसके बाद 17 दिसंबर 1995 को ट्रस्ट की बैठक में नए ट्रस्टियों की नियुक्ति की गई थी।जमीन के देखभाल की जिम्मेदारी विश्वा गणेश के शिव कुमार तिवारी,सुरजीत चौबे और संजय पाण्डेय को दिया गया था।शिकायत के अनुसार,28 दिसंबर 2025 को सभी आरोपी एक राय होकर हथियार लेकर जमीन पर कब्जा करने और नींव खोदने के लिए पहुंचे।जिसकी सूचना बलरामपुर स्टेट को दिया गया और प्रार्थना पत्र भी दिया गया,लेकिन कोई मुकदमा दर्ज नहीं हुआ,जिसके फलस्वरूप न्यायालय का सहारा लेना पड़ा।विकास सिंह ने यह भी बताया कि इन लोगों ने कूठ रचना करके धर्म कार्य निधि ट्रस्ट की जमीन हड़पने के उद्देश्य से जालि व फर्जी मृतक ट्रस्ट के स्थान पर व्यक्तियों को खड़ा करके कई तिथियों में जालसाजी किया है।अवैध रूप से कब्जा करने के लिए लगातार यह लोग प्रयासरत हैं।जब हम लोगों ने विस्तार से जांच किया तो अवैध रूप से फर्जी बैनामे की जानकारी हुई और नकल प्राप्त करने के बाद हम लोगों ने अब मुकदमा करवाया है।हमारी जमीन गोंडा से उतरौला जाने वाले मार्ग पर पडती है और बैसकीमती जमीन पर इन लोगों की हड़पने को लेकर नजर है।