महू बनेगा वंदे भारत ट्रेनों का मेंटेनेंस हब
![]()
कवर्ड शेड के लिए 64.50 करोड़ की मंजूरी
इंदौर। देशभर में तेज, आरामदायक और आधुनिक रेलयात्रा की पहचान बन चुकी वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेनों के मेंटेनेंस को लेकर इंदौर के महू को बड़ी सौगात मिली है। यहां वंदे भारत ट्रेनों के लिए अत्याधुनिक कवर्ड शेड का निर्माण किया जाएगा, जिसके लिए रेलवे ने 64.50 करोड़ रुपये की राशि स्वीकृत कर दी है। यह परियोजना इसी वर्ष पूरी होने की संभावना है।
फरवरी 2019 से शुरू हुई वंदे भारत सेवा के तहत वर्तमान में देश के विभिन्न शहरों में करीब 164 वंदे भारत ट्रेनें चेयर कार और एग्जीक्यूटिव क्लास की सुविधा के साथ संचालित हो रही हैं। भविष्य को ध्यान में रखते हुए रेल मंत्रालय का लक्ष्य वर्ष 2030 तक 800 और 2047 तक लगभग 2400 वंदे भारत ट्रेनें चलाने का है। इसी विस्तार योजना के तहत मेंटेनेंस ढांचे को भी मजबूत किया जा रहा है।
रेलवे के अनुसार, महू में बनने वाले कवर्ड शेड में वंदे भारत ट्रेनों की यात्रा के बाद नियमित मेंटेनेंस और रखरखाव की आधुनिक व्यवस्था होगी। इंदौर रेलवे के जनसंपर्क अधिकारी मुकेश कुमार ने बताया कि महू में दो पिट लाइनों और आधुनिक शेड का निर्माण किया जाएगा, जिससे भविष्य में वंदे भारत ट्रेनों का संचालन और अधिक सुगम होगा। फिलहाल इंदौर से नागपुर के बीच वंदे भारत एक्सप्रेस का संचालन किया जा रहा है।
रेल विशेषज्ञों का मानना है कि महू में मेंटेनेंस हब बनने से इंदौर को और भी वंदे भारत ट्रेनों की सौगात मिल सकती है। इंदौर से पुणे, दिल्ली, मुंबई और हावड़ा के लिए स्लीपर वंदे भारत एक्सप्रेस चलाने की मांग भी लंबे समय से की जा रही है।
रेलवे विशेषज्ञ नागेश नाम जोशी के अनुसार, “जहां से वंदे भारत ट्रेनों का संचालन होता है, वहीं उनका मेंटेनेंस होना सबसे सुविधाजनक रहता है। महू में हब बनने से इंदौर और आसपास के क्षेत्रों को भविष्य में बड़ा लाभ मिलेगा।”



4 hours ago
- Whatsapp
- Facebook
- Linkedin
- Google Plus
0- Whatsapp
- Facebook
- Linkedin
- Google Plus
1.5k