गोंडा रेलवे स्टेशन पर महिलाओं को दी गई सुरक्षा और योजनाओं की जानकारी


गोंडा।26 सितंबर 2025 मिशन शक्ति के पांचवें चरण के अंतर्गत शुक्रवार को रेलवे चाइल्ड हेल्पलाइन गोंडा और जीआरपी गोंडा की ओर से जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस दौरान स्टेशन पर उपस्थित महिलाओं और बालिकाओं को उनकी सुरक्षा से जुड़ी अहम जानकारी दी गई।

कार्यक्रम में टीम ने महिलाओं को आत्मरक्षा के महत्व से अवगत कराते हुए सरकार द्वारा संचालित योजनाओं और हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी साझा की। विशेष रूप से 1098 (चाइल्ड हेल्पलाइन), 1090 (महिला हेल्पलाइन), 181 (महिला सहायता नंबर) तथा 112 (आपातकालीन नंबर) के उपयोग के बारे में विस्तार से बताया गया।

जीआरपी अधिकारियों ने कहा कि रेलवे स्टेशन जैसे सार्वजनिक स्थलों पर महिलाओं की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। किसी भी आपात स्थिति में तुरंत हेल्पलाइन नंबरों का उपयोग कर सहायता प्राप्त की जा सकती है।

चाइल्ड हेल्पलाइन प्रतिनिधियों ने महिलाओं को जागरूक करते हुए कहा कि मिशन शक्ति का उद्देश्य महिलाओं और बच्चों को न केवल सुरक्षा प्रदान करना है बल्कि उन्हें आत्मनिर्भर और जागरूक बनाना भी है।

इस अभियान से महिलाओं में सुरक्षा संबंधी विश्वास जागृत हुआ और उन्हें सरकार की योजनाओं और त्वरित सहायता सेवाओं की जानकारी भी प्राप्त हुई।

गोंडा में राजभाषा कार्यशाला आयोजित, हिंदी को जन-जन की भाषा बताया गया

गोंडा।26 सितंबर 2025 भारत सरकार, गृह मंत्रालय के राजभाषा विभाग के निर्देशानुसार नगर राजभाषा कार्यान्वयन समिति, गोंडा के तत्वावधान में इंडियन ऑयल कॉरपोरेशन लिमिटेड के सभा कक्ष में सामूहिक हिंदी कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का संयोजन इंडियन बैंक अंचल कार्यालय, गोंडा ने किया।

कार्यशाला का उद्देश्य केंद्र सरकार के विभिन्न विभागों, बैंकों, बीमा कंपनियों तथा उपक्रमों में राजभाषा हिंदी के प्रचार-प्रसार को गति प्रदान करना था। इस अवसर पर राजभाषा नीति, सामान्य बैंकिंग टिप्पण, अनुवाद तथा ज्ञान प्रतियोगिता का भी आयोजन किया गया, जिसमें गोंडा नगर स्थित विभिन्न कार्यालयों के प्रतिभागियों ने सक्रिय भागीदारी निभाई।

उद्घाटन सत्र में इंडियन ऑयल डिपो प्रबंधक सत्येंद्र कुमार ने समिति अध्यक्ष एवं इंडियन बैंक अंचल प्रमुख राजेश बडोरिया तथा अन्य प्रतिभागियों का स्वागत किया। उन्होंने कहा कि हिंदी भारतीय संस्कृति की तरह सबको एक सूत्र में पिरोने का कार्य करती है।

समिति के अध्यक्ष राजेश बडोरिया ने अपने उद्बोधन में कहा कि हिंदी जन-जन की भाषा है और प्रत्येक व्यक्ति अपने विचारों की अभिव्यक्ति मातृभाषा में सहजता से करता है। उन्होंने कहा कि भारत सरकार द्वारा राजभाषा संबंधी दिशा-निर्देशों का पालन करना सभी की जिम्मेदारी है। उन्होंने यह भी कहा कि राष्ट्र की पहचान उसकी भाषा से होती है और हिंदी को संघ की राष्ट्रभाषा बनाने के लिए सभी को प्रयास करना चाहिए, साथ ही क्षेत्रीय भाषाओं के गौरव को भी संरक्षित रखना आवश्यक है।

कार्यशाला के दौरान सदस्य सचिव डॉ. अंजनी कुमार पांडे ने भारतीय संविधान में राजभाषा से संबंधित प्रावधानों और नीतियों पर विस्तृत जानकारी दी तथा कार्यालयों में वार्षिक कार्यक्रम के अनुरूप हिंदी के प्रयोग पर बल दिया। कार्यक्रम का संचालन भी डॉ. पांडे ने ही किया।

इस आयोजन से प्रतिभागियों में हिंदी के प्रति जागरूकता और उत्साह बढ़ा तथा राजभाषा के प्रयोग को और अधिक प्रभावी बनाने का संकल्प लिया गया।

*थाना उमरी बेगमगंज पुलिस ने 01 दहेज हत्याभियुक्त को किया गिरफ्तार-*

गोण्डा। पुलिस अधीक्षक गोण्डा श्री विनीत जायसवाल द्वारा अपराध एवं अपराधियों के विरूद्ध चलाये जा रहे अभियान के क्रम में अपर पुलिस अधीक्षक पश्चिमी श्री राधेश्याम राय के पर्यवेक्षण व क्षेत्राधिकारी तरबगंज श्री उमेश्वर प्रभात सिंह के नेतृत्व में थाना उमरी बेगमगंज पुलिस द्वारा थाना स्थानीय पर पंजीकृत मु0अ0सं0-161/25, धारा 85, 80(2) बीएनएस व 3/4 डीपी एक्ट से सम्बन्धित 01 दहेज हत्याभियुक्त - खुशियाल पुत्र विस्पत को पी0डी0 बन्धा हनुमान मन्दिर उमरी बेगमगंज से गिरफ्तार कर लिया गया।

घटना का संक्षिप्त विवरण-

दिनांक 28.07.2025 को वादिनी श्रीमती सुरसती पत्नी नकछेद उर्फ मोहित निवासी त्यौरासी पूरे बिहारी पुरवा थाना परसपुर जनपद गोण्डा द्वारा थाना उमरी बेगमगंज में लिखित तहरीर दी गयी कि उनकी पुत्री काजल का विवाह दिनांक 30/06/21 को रमेश चौहान निवासी ग्राम गढी माझा थाना उमरीबेगमगंज गोण्डा से हुआ था। विवाह के उपरांत पति रमेश चौहान व अन्य ससुरालीजन द्वारा दहेज की मांग को लेकर उत्पीड़न किया गया । दिनांक 26.07.2025 को ससुरालीजनों ने दहेज की मांग पूरी न होने पर गैस से जला दिया,जिससे उसकी इलाज के दौरान लखनऊ मेडिकल कालेज में मृत्यु हो गई ।

वादिनी की लिखित तहरीर के आधार पर थाना उमरी बेगमगंज में सुसंगत धाराओं में अभियोग पंजीकृत हुआ। आज दिनांक 26.09.2025 को थाना उमरी बेगमगंज पुलिस द्वारा साक्ष्य संकलन के आधार पर वांछित चल रहे दहेज हत्याभियुक्त - खुशियाल पुत्र विस्पत को पी0डी0 बन्धा हनुमान मन्दिर उमरी बेगमगंज से गिरफ्तार कर लिया गया। गिरफ्तार अभियुक्तगणों के विरूद्ध थाना उमरी बेगमगंज पुलिस द्वारा अग्रिम वैधानिक कार्यवाही कर माननीय न्यायालय रवाना किया गया।

"मिशन शक्ति अभियान" के तहत वामासार्थी एसोसिएशन के तत्वावधान में पुलिस लाइन गोण्डा में महिला पुलिस कर्मियों व उनके परिवारजनों हेतु स्वास्थ्य कैम

गोण्डा। "मिशन शक्ति अभियान" के तहत वामासार्थी एसोसिएशन के तत्वाधान में महिला सशक्तिकरण, महिला उत्पीड़न व घरेलू हिंसा के विरुद्ध जागरूकता बढ़ाने के साथ-साथ महिलाओं के स्वास्थ्य संरक्षण हेतु पुलिस लाइन परिसर गोण्डा में स्वास्थ्य कैम्प का आयोजन कराया गया। इस स्वास्थ्य कैम्प में महिला पुलिस कर्मियों एवं उनके परिवारजनों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। जाँच में मुख्य रूप से थायरॉइड, एनीमिया, रक्तचाप, क्षय रोग, एवीओएम, बीपी, हिमोग्लोबिन आदि की जांच की व्यवस्था की गई। इस अवसर पर स्त्री रोग विशेषज्ञ एवं चिकित्सा टीम द्वारा स्वास्थ्य संबंधी परामर्श एवं परीक्षण कर दवाएं वितरित की गईं।

पुलिस अधीक्षक गोण्डा विनीत जायसवाल ने बताया कि "मिशन शक्ति अभियान" के अंतर्गत महिलाओं को न केवल सुरक्षा एवं अधिकारों के प्रति जागरूक किया जा रहा है, बल्कि उनके स्वास्थ्य की दृष्टि से भी आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं। इसी क्रम में स्वास्थ्य कैम्प का आयोजन किया गया है, जिससे महिला पुलिस कर्मियों व उनके परिवारजनों को लाभान्वित किया जा सके।इस अवसर पर अपर पुलिस अधीक्षक मनोज कुमार, वामासार्थी उपाध्यक्ष भाविका, प्रतिसार निरीक्षक अजय प्रताप सिंह व अन्य अधिकारी/कर्मचारी उपस्थित रहे।

गोंडा में छात्रवृत्ति वितरण समारोह आयोजित, सीएम के कार्यक्रम का हुआ सीधा प्रसारण

गोंडा।26 सितंबर 2025 शुक्रवार को फखरू‌द्दीन अली अहमद राजकीय इंटर कॉलेज गोंडा में छात्रवृत्ति वितरण समारोह आयोजित किया गया। इस अवसर पर जिला विद्यालय निरीक्षक, जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी, जिला पिछड़ा वर्ग कल्याण अधिकारी, विद्यालय के प्रधानाचार्य सहित कार्यालय और विद्यालय स्टाफ मौजूद रहा।

कार्यक्रम में फखरू‌द्दीन अली अहमद राजकीय इंटर कॉलेज के ओबीसी वर्ग के 11 और अल्पसंख्यक वर्ग के 3 छात्रों को छात्रवृत्ति स्वीकृति प्रमाण पत्र प्रदान किए गए। इसके अलावा सरयू प्रसाद कन्या इंटर कॉलेज गोंडा की ओबीसी वर्ग की 14 छात्राओं और अल्पसंख्यक वर्ग की 1 छात्रा को प्रमाण पत्र वितरित किए गए। वहीं, स्वामी विवेकानंद इंटर कॉलेज गोंडा के ओबीसी वर्ग के 31 और अल्पसंख्यक वर्ग के 4 छात्रों को भी छात्रवृत्ति प्रमाण पत्र प्रदान किए गए।

इस दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा लखनऊ के इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान स्थित जूपिटर हाल में आयोजित राज्य स्तरीय छात्रवृत्ति वितरण समारोह का सीधा प्रसारण भी छात्रों और स्टाफ ने देखा। जनपद के अन्य विद्यालयों में भी इस कार्यक्रम का सजीव प्रसारण किया गया।

समारोह में उपस्थित अधिकारियों ने कहा कि छात्रवृत्ति योजना का उद्देश्य वंचित वर्ग के छात्रों को शिक्षा के अवसर उपलब्ध कराना और उन्हें आत्मनिर्भर बनाना है।

राम वन गमन में गंगा पार उतरने का साक्षी बना सागर तालाब

गोण्डा। मालवीय नगर में चल रही रामलीला में पंचम दिवस राम के वन गमन के प्रसंग में सागर तालाब भगवान के गंगा पार जाने के प्रसंग में साक्षी बना। नटराज रामलीला मंडल बस्ती के कलाकारों ने मालवीय नगर लीला परिसर में दशरथ के राम को राजगद्दी सौंपने के बीच कैकेई के हठ पर राम को चौदह वर्ष वनवास के प्रसंग पर भावपूर्ण मंचन किया। इस कारुणिक प्रसंग पर श्रद्धालुओं की आंखे भर आईं।

राम के वनवास जाते समय गंगा पार जाने के लिए राम- केवट संवाद का मंचन सागर तालाब पर हुआ। केवट के प्रेम भरे संवाद के बाद भगवान राम ने पैर धुलवाया और जानकी व अनुज लक्ष्मण के साथ नौका में सवार होकर गंगा के प्रतीक रूप में सागर तालाब पार किया। भगवान राम के पार उतरने के लिए नाव को रंग विरंगे फूल व झालर से सजाया गया था। भगवान के वन गमन के समय अयोध्या वासी के रूप में श्री रामलीला नगर समिति के अध्यक्ष अनिल कुमार सिंह, व्यवस्थापक हरीश शुक्ला, संजय तिवारी गोपेश श्रीवास्तव, धीरेंद्र पांडेय, अमर किशोर कश्यप उपस्थित रहे।

*गोण्डा पुलिस का रात्रि गश्त एवं सघन चेकिंग अभियान-*

गोण्डा। पुलिस अधीक्षक गोण्डा श्री विनीत जायसवाल के निर्देशन में 25/26.09.2025 की रात्रि जनपद के सभी थाना क्षेत्रों में रात्रि गश्त एवं सघन चेकिंग अभियान चलाया गया। जनपद के सभी राजपत्रित अधिकारीगण ने अपने-अपने थाना क्षेत्रों में भ्रमण कर कानून-व्यवस्था की स्थिति का जायजा लिया और आम नागरिकों को सतर्क एवं जागरूक रहने के लिए प्रेरित किया।

इसी प्रकार सभी प्रभारी निरीक्षक/थानाध्यक्ष, चौकी प्रभारी, हल्का प्रभारी व बीट आरक्षियों ने नगर और ग्रामीण इलाकों के मुख्य चौराहों, बाजारों, कॉलोनियों, राजमार्गों तथा सुनसान स्थलों पर विशेष निगरानी की। दो व चार पहिया वाहनों की गहन जांच की गई तथा बिना नंबर प्लेट या संदिग्ध वाहनों पर आवश्यक कार्रवाई की गई।

बैंक, एटीएम, पेट्रोल पंप, होटल, ढाबों आदि संवेदनशील स्थानों की सुरक्षा जांच के साथ तैनात सुरक्षाकर्मियों को सतर्क रहने और संदिग्ध गतिविधि पर तुरंत पुलिस को सूचित करने के निर्देश दिए गए। ग्राम प्रधानों व ग्रामीणों से संवाद कर सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाई गई। यूपी-112 पीआरवी वाहनों द्वारा लगातार पेट्रोलिंग कर त्वरित पुलिसिंग सुनिश्चित की गई। साथ ही, ऑनलाइन संदिग्ध गतिविधियों पर साइबर सेल द्वारा कड़ी निगरानी रखी जा रही है।

जनपदवासियों से अपील है कि किसी भी संदिग्ध व्यक्ति, वाहन या गतिविधि की सूचना तुरंत डायल-112 या नजदीकी थाना/चौकी को दें।

थाना को0 नगर पुलिस द्वारा आपराधिक विश्वासघात करने के आरोपी अभियुक्त को किया गया गिरफ्तार

गोण्डा। पुलिस अधीक्षक विनीत जायसवाल द्वारा अपराध एवं अपराधियों के विरूद्ध चलाये जा रहे अभियान के क्रम में अपर पुलिस अधीक्षक पूर्वी मनोज कुमार रावत के पर्यवेक्षण व क्षेत्राधिकारी नगर आनन्द कुमार राय के नेतृत्व में थाना को0नगर पुलिस टीम द्वारा थाना स्थानीय पर पंजीकृत मु0अ0सं0-743/2025 धारा 318(4),319(2) बीएनएस से सम्बन्धित 02 आरोपी अभियुक्तों-01. आशीष मिश्रा, पुत्र लक्ष्मी प्रसाद मिश्रा, 02. शाहरूख, पुत्र हमीदुल्ला को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से कब्जे से 01 अदद जनरेटर व 01 अदद ग्रांइडर मशीन बरामद किया गया।

घटना का संक्षिप्त विवरण-

वादी सुनील सोनकर, पुत्र मुन्ना सोनकर, निवासी छेदीपुरवा, थाना को0 नगर, जनपद गोण्डा, थाना को0 नगर में लिखित तहरीर दी गयी कि उसकी दुकान बहराइच रोड पर संचालित है जहां पर वह जनरेटर, गलैन्डर एवं अन्य समान किराये पर देता है। 15.09.2025 को आशीष मिश्रा नाम के व्यक्ति द्वारा उसकी दुकान से चार दिन के लिए जनरेटर किराये पर ले गया था। लेकिन चार दिन बीत जाने के बाद जनरेटर वापस नहीं किया जा रहा है। वादी की लिखित तहरीर के आधार पर थाना को0 नगर में सुसंगत धाराओं में अभियोग पंजीकृत किया गया। आज 25.09.2025 को थाना को0 नगर पुलिस द्वारा विवेचना के दौरान प्रकाश में आये 02 आरोपी अभियुक्तों-01. आशीष मिश्रा, पुत्र लक्ष्मी प्रसाद मिश्रा, 02. शाहरूख, पुत्र हमीदुल्ला को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से कब्जे से 01 अदद जनरेटर व 01 अदद ग्रांइडर मशीन बरामद किया गया। गिरफ्तार अभियुक्तगणों के विरूद्ध थाना को0 नगर पुलिस द्वारा अग्रिम विधिक कार्यवाही कर न्यायालय रवाना किया गया।

स्वच्छता ही सेवा–2025 (स्वच्छतोत्सव)" पखवाड़े का मुख्य विकास अधिकारी ने किया शुभारंभ

गोण्डा। 25 सितम्बर 2025

सरकार द्वारा चलाए जा रहे "स्वच्छता ही सेवा–2025 (स्वच्छतोत्सव)" पखवाड़े का शुभारंभ आज जनपद गोण्डा में मुख्य विकास अधिकारी अंकिता जैन की अध्यक्षता में विकास भवन परिसर से किया गया। यह विशेष स्वच्छता पखवाड़ा 17 सितंबर से 02 अक्टूबर 2025 तक सम्पूर्ण जनपद में संचालित किया जा रहा है, जिसमें विभिन्न विभागों, संस्थानों, विद्यालयों, स्वैच्छिक संगठनों तथा आम नागरिकों की भागीदारी सुनिश्चित की जा रही है।

इस अवसर पर "एक साथ, एक दिन, एक घंटा" अभियान के अंतर्गत राष्ट्रव्यापी श्रमदान कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसके तहत पूर्व से चिह्नित गंदगीयुक्त स्थलों (सीटीयू – क्रिटिकल टू क्लीन अप लोकेशन्स) पर सामूहिक श्रमदान कर सफाई की गई। विकास भवन परिसर में मुख्य विकास अधिकारी स्वयं झाड़ू लगाकर, कूड़ा एकत्र कर और अन्य अधिकारियों व कर्मचारियों के साथ साफ-सफाई कर स्वच्छता के प्रति जागरूकता का संदेश दिया।

कार्यक्रम में विकास भवन के विभिन्न विभागों के अधिकारियों व कर्मचारियों ने बढ़-चढ़कर सहभागिता की। मिशन शक्ति 5.0 के तहत महिला सशक्तिकरण को ध्यान में रखते हुए विकास भवन में कार्यरत महिला कर्मचारियों ने विशेष रूप से सक्रिय भूमिका निभाई। उन्होंने न केवल श्रमदान किया, बल्कि अन्य महिलाओं को भी स्वच्छता के प्रति जागरूक करने का संकल्प लिया।

मुख्य विकास अधिकारी अंकिता जैन ने कहा कि स्वच्छता केवल एक दिन का अभियान नहीं, बल्कि यह एक निरंतर चलने वाली आदत होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि यदि प्रत्येक नागरिक अपने आस-पास की सफाई के लिए एक घंटा समय निकाले, तो हम न केवल स्वच्छ भारत का सपना साकार कर सकते हैं, बल्कि लोगों के स्वास्थ्य व पर्यावरण की रक्षा भी सुनिश्चित कर सकते हैं।

सीडीओ ने उपस्थित अधिकारियों व कर्मचारियों से अपील की कि वे अपने-अपने कार्यालयों व आसपास के क्षेत्रों को स्वच्छ बनाए रखने के लिए निरंतर प्रयास करें। साथ ही उन्होंने जनसामान्य से इस अभियान में अधिकाधिक भागीदारी की अपील की।

इस अवसर पर विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी, कर्मचारी तथा सहयोगी संस्थाओं के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

मूर्ति विसर्जन स्थलों की व्यवस्थाओं को लेकर जिलाधिकारी ने किया निरीक्षण

गोण्डा।25 सितम्बर 2025 जिलाधिकारी गोण्डा प्रियंका निरंजन ने आगामी पर्व के दृष्टिगत मूर्ति विसर्जन स्थलों की तैयारियों का जायजा लिया। उन्होंने माँ खैराभवानी पोखरा बड़गांव एवं सागर तालाब मालवीय नगर पर पहुंचकर तैयारियों की समीक्षा की और मौके पर उपस्थित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

माँ खैराभवानी पोखरा बड़गांव के निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने खण्ड विकास अधिकारी पण्डरीकृपाल एवं नगरपालिका गोण्डा को निर्देशित किया कि मूर्ति विसर्जन से पूर्व पोखरे के आसपास साफ-सफाई, लाइटिंग, सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को पूर्ण रूप से सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि पूजा और विसर्जन के समय श्रद्धालुओं की सुविधा सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए। साथ ही उन्होंने वहां आने वाले लोगों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए बैरीकेटिंग एवं लाइफ जैकेट आदि व्यवस्थाओं पर भी विशेष ध्यान देने को कहा।

निरीक्षण के दौरान उन्होंने संबंधित अधिकारी को यह भी निर्देश दिया है कि बड़गांव ओवर ब्रिज से खैरा भवानी पोखरा तक जाने वाली सड़क जहां-जहां पर खराब है उसे संबंधित विभाग के अधिकारी से समन्वय स्थापित कर समय से पहले सही कराना सुनिश्चित करें।

इसके पश्चात जिलाधिकारी ने सागर तालाब मालवीय नगर का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने अधिशासी अधिकारी, नगर पालिका परिषद गोण्डा को निर्देशित किया कि तालाब में जमी जलकुंभी को तत्काल हटाया जाए और तालाब की सतह से लेकर उसके आसपास के क्षेत्र की पूरी साफ-सफाई कराई जाए। इसके अतिरिक्त, तालाब के चारों ओर उचित प्रकाश व्यवस्था (लाइटिंग) एवं बैरीकेटिंग सुनिश्चित की जाए, जिससे किसी प्रकार की दुर्घटना की संभावना न रहे।

जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी कार्यों को समयबद्ध ढंग से पूर्ण किया जाए एवं किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए। उन्होंने कहा कि जनसुरक्षा, स्वच्छता एवं सुव्यवस्थित आयोजन प्रशासन की प्राथमिकता है, और इसे लेकर किसी भी स्तर पर कोई कोताही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

इस अवसर पर नगर मजिस्ट्रेट पंकज वर्मा, उपजिलाधिकारी सदर गोंडा अशोक कुमार गुप्ता, अधिशासी अधिकारी नगर पालिका गोंडा, जिला पंचायत राज अधिकारी, खंड विकास अधिकारी पंडरीकृपाल, जिला आपदा विशेषज्ञ राजेश श्रीवास्तव सहित अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी भी उपस्थित रहे।