राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने राजभवन में मुख्यमंत्री साय समेत BJP नेताओं से की मुलाकात
रायपुर-       राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू दो दिवसीय प्रवास पर आज छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर पहुंची। प्रवास के पहले दिन राष्ट्रपति मुर्मू रायपुर में आयोजित विभिन्न कार्यक्रमों में मुख्य अतिथि के तौर पर शामिल हुई। इस बीच राष्ट्रपति मुर्मू ने राजभवन में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष किरण देव समेत छत्तीसगढ़ बीजेपी के वरिष्ठ नेताओं और मंत्रियों से भी मुलाक़ात की। इस मुलाक़ात के दौरान सभी नेताओं ने राष्ट्रपति मुर्मू के साथ ग्रुप फोटो भी ली।

बता दें कि छत्तीगसढ़ प्रवास के पहले दिन राष्ट्रपति रायपुर एम्स और एनआईटी रायपुर के दीक्षांत समारोह में बतौर मुख्य अतिथि शामिल हुई और छात्रों को डिग्री और मेडल का वितरण किया। इसके बाद उन्होंने नवा रायपुर स्थित पुरखौती मुक्तांगन परिसर में सरगुजा प्रखण्ड का लोकार्पण किया और साथ ही छत्तीसगढ़ सरकार की महतारी वंदन योजना के तहत 70 लाख महिलाओं को 9वीं किस्त की राशि भी जारी की। वहीं कार्यक्रम के दौरान उन्होंने आदिवासी समुदाय के लोगों से भी चर्चा। राष्ट्रपति मुर्मू राजभवन में रात्रि भोज और फिर विश्राम करेंगी।

भ्रष्टाचार के खिलाफ ACB की बड़ी कार्रवाई, फाइल आगे बढ़ाने के लिए रिश्वत लेते RTE प्रभारी गिरफ्तार

सारंगढ़-बिलाईगढ़-   भ्रष्टाचार के खिलाफ लगातार एसीबी की कार्रवाई जारी है. सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले में एसीबी की टीम ने शुक्रवार को फिर बड़ी कार्रवाई की. RTE प्रभारी अरुण दुबे ने निजी स्कूलों से काम करवाने के बदले पैसे मांगे थे. एसीबी की टीम ने प्लान बनाकर अरुण दुबे को 50 हजार रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार किया.

दरअसल RTE प्रभारी अरुण दुबे ने निजी स्कूल संचालकों से RTE की फाइल को आगे बढ़ाने के लिए मोटी रकम की मांग की थी. एक लाख से नीचे की फाइल पर 3 हजार और एक लाख से उपर की फाइल पर 5 हजार कुल 44 फाइल की 2 लाख 16 हजार रुपए की मांग स्कूल संचालकों से की जा रही थी.

निजी स्कूल संघ ने मामले की शिकायत एसीबी की टीम से की थी. शिकायत के बाद टीम ने प्लान बनाकर कार्यवाही की और RTE प्रभारी अरुण दुबे को 50 हजार रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार किया. आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर जांच की जा रही है.

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने पुरखौती मुक्तांगन में सरगुजा प्रखंड का किया लोकार्पण

रायपुर-   राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने आज नवा रायपुर स्थित पुरखौती मुक्तांगन में सरगुजा प्रखंड का लोकार्पण किया। लगभग 5 करोड़ रूपए की लागत से निर्मित सरगुजा प्रखंड में छत्तीसगढ़ राज्य के विशेष रूप से सरगुजा अंचल के आदिवासी समुदाय की जीवनशैली और उनकी सांस्कृतिक व पुरातात्विक धरोहरों को प्रदर्शित किया गया है।

इस अवसर पर राज्यपाल रमेन डेका, मुख्यमंत्री विष्णु देव साय, उप मुख्यमंत्री अरुण साव, केन्द्रीय आवास एवं शहरी विकास राज्य मंत्री तोखन साहू, कृषि मंत्री राम विचार नेताम, श्रम मंत्री लखनलाल देवांगन, खाद्य मंत्री दयाल दास बघेल, स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल, महिला बाल विकास मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े, राजस्व मंत्री टंक राम वर्मा, लोकसभा क्षेत्र रायपुर सांसद बृजमोहन अग्रवाल, विधायक खुशवंत साहेब एवं श्री रोहित साहू उपस्थित थे।

सरगुजा प्रखंड में सरगुजा अंचल के जनजातियों की अनुठी संस्कृति, सांस्कृतिक विरासत और पुरावैभव को प्रदर्शित किया गया है। सरगुजा अंचल के विभिन्न जनजातियों के निवास स्थल व उनकी जीवनशैली को सुंदर तरीके से प्रस्तुत किया गया है, जिससे हम एक ही स्थल में विभिन्न आदिवासी समुदायों के रहन-सहन, संस्कृति से बेहतर तरीके से रूबरू हो सकते हैं।

सरगुजा प्रखंड में पण्डो जनजाति के पारंपरिक जीवन शैली को दर्शाते बांस और छिंद के पत्तों से बने घर को प्रदर्शित किया गया है। इन घरों में देवताओं के पूजा का विशेष स्थान होता है। इसी तरह पहाड़ी कोरवा जनजाति का आवास लकड़ी से बना होता है, जिसमें देवी-देवताओं की आकृतियां नक्काशी की जाती है। यह उनकी धार्मिक आस्था का प्रतीक है। प्रखंड में निर्मित सामत सरना शिव मंदिर डीपाडीह में प्राचीन मंदिरों के भग्नावेश की प्रतिकृति हैं, जो 7वीं-13वीं शताब्दी के हैं। यह स्थल पुरातात्विक और धार्मिक महत्व रखता है। इसी तरह कोरिया का बैकुण्ठपुर महल भारतीय वास्तुकला का उदाहरण है। यह महल 1946 में पूर्ण हुआ है, इसकी अपनी ऐतिहासिक महत्ता है, जिसको पुरखौती मुक्तांगन के सरगुजा प्रखंड में प्रतिकृति के रूप में निर्मित किया गया है।

इसी प्रखंड में प्रदर्शित मड़िया खंबा आदिवासियों के सामुदायिक समारोह में उपयोग होता है। यह मड़िया जनजाति की पहचान का प्रतीक है, इसे पूजा स्थल के रूप में उपयोग किया जाता है। इसी तरह रामगढ़ की पहाड़ी पर सीताबेंगरा गुफा के प्राचीन नाट्यशाला के अवशेष को प्रदर्शित किया गया है। यह भरत मुनि का नाट्यशाला माना जाता है। रामगढ़ की पहाड़ी में महाकवि कालीदास ने मेघदूतम् की रचना की है।

कार्यक्रम में मुख्य सचिव अमिताभ जैन, पुलिस महानिदेशक अशोक जुनेजा, प्रमुख सचिव आदिम जाति एवं कल्याण विभाग सोनमणि बोरा एवं प्रमुख सचिव संस्कृति अन्बलगन पी., मुख्यमंत्री के सचिव पी. दयानन्द, आयुक्त आदिवासी विकास नरेंद्र दुग्गा, संचालक पुरातत्व एवं संस्कृति विवेक आचार्य भी उपस्थित थे।

NHM कर्मचारी संघ ने की दोषियों पर कार्रवाई की मांग
बलरामपुर-  गुरुवार को छत्तीसगढ़ के बलरामपुर जिला मुख्यालय स्थित पुलिस थाने में हिरासत में युवक की मौत के बाद भीड़ ने थाने पर हमला कर दिया था। जमकर पथराव व थाने में तोड़फोड़ किया। पुलिस ने आंसू गैस छोड़ भीड़ को बलपूर्वक खदेड़ा था। घटना के दूसरे दिन बलरामपुर के लोगों का विरोध प्रदर्शन जारी रहा। इस बीच छत्तीसगढ़ प्रदेश राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (NHM) कर्मचारी संघ ने मुख्यमंत्री और गृह मंत्री के नाम चार सूत्रीय मांगों को लेकर ज्ञापन सौंपा है और दोषियों पर कठोर कार्रवाई करने बात कही है। संघ ने यह चेतावनी भी दी है कि अगर उनकी मांगों को पूरा नहीं किया गया तो संघ न्याय पाने के लिए सड़क की लड़ाई लड़ने पर विवश हो जाएगा।

छत्तीसगढ़ प्रदेश राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन कर्मचारी संघ ने मुख्यमंत्री और गृह मंत्री के नाम लिखे ज्ञापन में कहा कि, ”बलरामपुर जिला मुख्यालय में राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन कार्यालय अंतर्गत कार्यरत गुरुचंद मंडल की पुलिस हिरासत में मृत्यु का प्रकरण सामने आया है। अवगत होना चाहेंगे कि पुलिस हिरासत में मौत का यह प्रकरण अत्यंत गंभीर है और संबंधित पुलिस कर्मचारियों की कार्यप्रणाली पर शक पैदा करता है। यह ज्ञात हुआ है कि मृतक कर्मचारी की पत्नी गुमशुदा थी, जिसकी तलाश करने के स्थान पर पुलिस मृतक पर ही संदेह कर उसे और उसके परिजन को बार-बार थाने बुलाती रही और दबाव बनाती रही। यह भी बताया गया है कि उनके साथ अत्यधिक मारपीट भी की गई। इस प्रकार की मृत्यु मानवाधिकारों का घोर उल्लंघन है जिसके लिए दोषियों पर कठोर कार्रवाई की जानी चाहिए।

छत्तीसगढ़ प्रदेश राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन कर्मचारी संघ ने मुख्यमंत्री और गृह मंत्री से इस मामले के संबंध में चार सूत्रीय मांग भी रखी है। संघ का कहना है कि मांगों पर कार्रवाई न करने पर समस्त कर्मचारियों में आक्रोश व्याप्त रहेगा, जिसके लिए संघ न्याय पाने हेतु सड़क की लड़ाई लड़ने पर विवश हो जाएगा।

छत्तीसगढ़ प्रदेश राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन संघ की चार सूत्रीय मांग

1- मामले की सेवानिवृत्त न्यायाधीश द्वारा जांच करवाई जाए।
2- पीड़ित परिवार को एक करोड़ की राशि मुआवजे के रूप में दी जाए।
3- परिवार के एक सदस्य को अनुकंपा नियुक्ति दी जाए।
4- बच्चों की पढ़ाई-लिखाई की व्यवस्था सरकार द्वारा की जाए।

नशे के ‘सौदागरों’ के खिलाफ पुलिस की बड़ी कार्रवाई: नशीले इंजेक्शन और टेबलेट के साथ 2 सप्लॉयरों को किया गिरफ्तार, 31 लाख की खेप जब्त

बिलासपुर-       न्यायधानी में नशे के खिलाफ पुलिस को बड़ी कामयाबी मिली है। गुरुवार को ए.सी.सी.यू. और सिविल लाईन पुलिस ने संयुक्त रूप से कार्रवाई करते हुए इन्जेक्शन और टेबलेट के 2 सप्लॉयर को गिरफ्तार किया है। इन सप्लॉयरों के कब्जे से पुलिस ने करीब 31 लाख रूपये की कीमत के नशीले इंजेक्शन और टेबलेट ज़ब्त किया है।

बता दें कि थाना सिविल लाइन और ए.सी.सी.यू. (सायबर सेल) टीम ने बीते 26 सितंबर को कल्पना कुर्रे नामक एक युवती और एक नाबालिग को अवैध रूप से नशे की सामग्री बेचते हुए पकड़ा गया था, तलाशी के दौरान इनके कब्जे से पुलिस ने करीब 896 नग Nitrazepam Tablets IP Nitrosun (नशीली गोली) बरामद किया था। इसी तरह बीते 22 अक्टूबर को सृष्टि कुर्रे नामक युवती को पुलिस ने गिरफ्तार किया, जिसके कब्जे से कुल 150 नग BUPRENORPHINE इंजेक्शन और REXOGESIC Ampoules ज़ब्त किया था। दोनों प्रकरणों के आरोपियों से पूछताछ की गई, जिसमें उन्होंने रायपुर के रहने वाले विक्रांत सरकार और रविशंकर मरकाम से पार्सल के माध्यम से Ampoules और Tablets मंगाने की बात बताई।

पुलिस ने नशे के सौदागरों को इस तरह दबोचा

विक्रांत सरकार और रविशंकर मरकाम द्वारा नशीली टेबलेट की सप्लाई करने की सूचना के बाद पुलिस ने दोनों के खिलाफ सिविल लाइन थाना में धारा 21, 22 नारकोटिक्स एक्ट के तहत अपराध दर्ज किया और उनकी पतासाजी में जुट गई, इस बीच पुलिस को जानकारी मिली की दोनों नशीली सामग्री की सप्लाई करने इलेक्ट्रिक कार से बिलासपुर आ रहे है। इसके बाद जैसे ही दोंनो बिलसपुर पहुंचे पुलिस ने उन्हें धर दबोचा और थाने ले आई।

पुलिस ने विक्रांत सरकार और रविशंकर मरकाम के कब्जे से 11 लाख रूपये की 2150 नग नशीली Tablets और 20 लाख रुपये की 23648 नग Ampoules बरामद किया है। इसके अलावा नशीली टेबलेट की सप्लाई में प्रयुक्त टाटा पंच इलेक्ट्रिक कार और दो मोबाइल फोन जब्त किया गया है, जिसकी कीमत करीब 10 लाख रुपये आंकी गई है। पुलिस ने बताया कि दोनों आरोपियों से इन्वेस्टीगेशन कर नशे के कारोबार से अवैध रूप से अर्जित संपत्ति की जानकारी इकट्ठी की जा रही है, जिसपर विधि अनुसार कार्यवाही की जा रही है। नशे के कारोबार में संलिप्त अन्य लोगो की जानकारी भी एकत्र कर उनके विरूद्ध भी एण्ड-टु-एण्ड कार्यवाही की जाएगी।

मुख्य न्यायाधीश रमेश सिन्हा ने उच्च न्यायालय के वाहन चालक को उत्कृष्ट सेवा के लिए किया सम्मानित
रायपुर-    छत्तीसगढ़ उच्च न्यायालय बिलासपुर के मुख्य न्यायाधीश रमेश सिन्हा द्वारा आज उच्च न्यायालय के कर्मचारी लक्ष्मण सिन्हा, वाहन चालक को उनकी कर्तव्यनिष्ठा, समर्पण व उत्कृष्ट सेवा के लिए स्मृति चिन्ह, शॉल व श्रीफल प्रदान करते हुए सम्मानित किया गया तथा उनके भावी स्वस्थ्य जीवन के लिए शुभकामनाएं दी।

उल्लेखनीय है कि लक्ष्मण सिन्हा इसी माह 31 अक्टूबर को सेवानिवृत्त हो रहे हैं। उन्होंने वर्ष 1998 में राज्य प्रशासनिक अधिकरण से अपनी सेवा प्रांरभ की थी तथा उसके भंग होने के पश्चात् वर्ष 2005 से इस उच्च न्यायालय में अपनी सेवायें प्रदान कर रहे थे। इस अवसर पर संयुक्त रजिस्ट्रार कम पीपीएस एम.वी.एल.एन सुब्रहमन्यम, डिप्टी रजिस्ट्रार (प्रोटोकॉल) हिमांशु कुमार विश्वास व प्रोटोकॉल अधिकारी आर.एस. नेगी उपस्थित रहे।
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने छत्तीसगढ़ की जनजातीय संस्कृति और सशक्तिकरण पर केंद्रित पुस्तकों का किया विमोचन

रायपुर-     राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने आज नवा रायपुर के पुरखौती मुक्तांगन में आयोजित कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ शासन आदिम जाति कल्याण विभाग द्वारा प्रकाशित तीन पुस्तकों क्रमशः ‘आदि नारी: आदिवासी महिलाओं की अस्मिता और गौरव गाथा, वन अधिकारों की मान्यता अधिनियम के क्रियान्वयन हेतु मार्गदर्शिका’ एवं पोदड़गुमा पेन करसाड का विमोचन किया। इस मौके पर राज्यपाल रमेन डेका ने राष्ट्रपति को उक्त तीनों पुस्तकों की प्रथम प्रतियां ससम्मान भेंट की। यह तीनों पुस्तकें छत्तीसगढ़ राज्य की जनजातीय संस्कृति, महिला सशक्तिकरण और वन अधिकारों की सुरक्षा पर केंद्रित हैं।

कार्यक्रम में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय, उप मुख्यमंत्री अरुण साव, केन्द्रीय आवास एवं शहरी विकास राज्य मंत्री तोखन साहू, कृषि मंत्री राम विचार नेताम, खाद्य मंत्री दयाल दास बघेल, स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल, महिला बाल विकास मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े, राजस्व मंत्री टंक राम वर्मा, लोकसभा क्षेत्र रायपुर सांसद बृजमोहन अग्रवाल, विधायक खुशवंत साहेब एवं रोहित साहू उपस्थित थे।

आदि नारी: आदिवासी महिलाओं की अस्मिता और गौरव गाथा पर आधारित पुस्तक में छत्तीसगढ़ की जनजातीय महिलाओं के दशकीय सामाजिक और आर्थिक विकास की यात्रा का उल्लेख किया गया है। इसमें उनकी शैक्षणिक प्रगति, आर्थिक आत्मनिर्भरता, सामाजिक-सांस्कृतिक योगदान, और लिंगानुपात जैसे मानव विकास सूचकांक के विभिन्न पहलुओं को शामिल किया गया है।

इसी तरह वन अधिकारों की मान्यता अधिनियम के क्रियान्वयन हेतु मार्गदर्शिका’ में वन अधिकार अधिनियम के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए व्यापक रूप-रेखा के संबंध में विस्तार से बताया गया है, ताकि राज्य में अनुसूचित जनजाति के लोगों को वन अधिकार अधिनियम का लाभ सुगमता से प्राप्त हो सकें। इस मार्गदर्शिका में वन अधिकारों के क्रियान्वयन के दौरान आने वाली समस्याओं के समाधान के उपाय भी शामिल किए गए हैं।

‘पोदड़गुमा पेन करसाड़’ पुस्तक में गोंड जनजाति की धार्मिक और सांस्कृतिक परंपराओं पर आधारित है। इसमें ग्राम टेमरूपानी में हर 7 वर्ष में आयोजित होने वाले 75 दिवसीय धार्मिक आयोजन ‘पोदड़गुमा पेन करसाड़‘ के विधि-विधान, नृत्य, संगीत, और वाद्ययंत्रों का विस्तृत वर्णन किया गया है। यह आयोजन गोंड समुदाय की पेन पूजा परंपरा और उनकी सांस्कृतिक धरोहर को संरक्षित और संवर्धित करने का एक महत्वपूर्ण प्रयास है।

कार्यक्रम में मुख्य सचिव अमिताभ जैन, पुलिस महानिदेशक अशोक जुनेजा, प्रमुख सचिव आदिम जाति एवं कल्याण विभाग सोनमणि बोरा एवं प्रमुख सचिव संस्कृति अन्बलगन पी., मुख्यमंत्री के सचिव पी. दयानन्द, आयुक्त आदिवासी विकास नरेंद्र दुग्गा, संचालक पुरातत्व एवं संस्कृति विवेक आचार्य भी उपस्थित थे।

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने महतारी वंदन योजना की 9वीं किश्त जारी की

रायपुर-    राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने छत्तीसगढ़ के पुरखौती मुक्तांगन में आयोजित कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ सरकार की महतारी वंदन योजना की 9वीं किश्त का अंतरण किया। इस योजना के तहत दीवाली से पहले राज्य की 69 लाख 68 हजार लाभार्थी महिलाओं के बैंक खाते में एक-एक हजार रूपए के मान से कुल 651 करोड़ 37 लाख रुपए की राशि ऑनलाईन अंतरित की गई। योजना के तहत अब तक राज्य की महिलाओं को कुल 5878 करोड़ 37 लाख रूपए की आर्थिक सहायता दी जा चुकी है।

इस अवसर पर राज्यपाल रमेन डेका , मुख्यमंत्री विष्णु देव साय, उप मुख्यमंत्री अरुण साव, केन्द्रीय आवास एवं शहरी विकास राज्य मंत्री तोखन साहू, कृषि मंत्री राम विचार नेताम, खाद्य मंत्री दयाल दास बघेल, स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल, महिला बाल विकास मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े, राजस्व मंत्री टंक राम वर्मा, लोकसभा क्षेत्र रायपुर सांसद बृजमोहन अग्रवाल, विधायक खुशवंत साहेब एवं रोहित साहू उपस्थित थे।

राष्ट्रपति श्रीमती मुर्मु ने इस मौके पर महतारी वंदन योजना के हितग्राही ममता कश्यप और सत्यवती ध्रुव से इस योजना के लाभ के बारे में चर्चा की। महतारी वंदन योजना के राशि वितरण के इस कार्यक्रम में भाग लेने के लिए राज्य के विभिन्न जिलों जैसे रायपुर, धमतरी, गरियाबंद, बस्तर और सरगुजा से पारंपरिक वेशभूषा में लगभग 120 महिलाएं आयी थीं।

राष्ट्रपति श्रीमती मुर्मु से बातचीत के दौरान ममता कश्यप और सत्यवती ध्रुव ने बताया कि महतारी वंदन योजना से मिली राशि से वो अपने बच्चों को लिए राशन खरीदने के साथ ही उनकी जरूरत का अन्य सामान खरीदने के लिए उपयोग करती है। राष्ट्रपति श्रीमती मुर्मु ने उन्हें शासन की ओर से मिलने वाली मदद का लाभ उठाकर अपने बच्चों को खूब पढ़ाने-लिखाने और उन्हें अफसर बनाने की बात कही। उन्होंने कहा कि जब बच्चे पढ़ेंगे, तभी परिवार और समाज आगे बढ़ेगा।

गौरतलब है कि छत्तीसगढ़ सरकार की महतारी वंदन योजना का शुभारंभ एक मार्च 2024 को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने किया था, जिसका उद्देश्य महिलाओं के स्वास्थ्य, पोषण, आर्थिक स्वावलंबन और सशक्तिकरण को बढ़ावा देना है। इसके अंतर्गत 21 वर्ष से अधिक आयु की पात्र विवाहित महिलाओं को एक-एक हजार रूपए की मासिक आर्थिक सहायता प्रदान की जाती है।

राष्ट्रपति से संवाद कर अभिभूत हुई ममता

राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मु से बात करना मेरे जीवन के सबसे अनमोल क्षणों में से एक है। मुझे देश की प्रथम महिला से बात करने का अवसर मिला, यह मेरा सौभाग्य है। ये कहना है बस्तर से पहुंची ममता कश्यप का। ममता बस्तर क्षेत्र की एक आदिवासी महिला है और महतारी वंदन योजना की हितग्राही है। उन्होंने बताया कि महतारी वंदन योजना से मुझे आर्थिक सुरक्षा का अहसास होता है। हर महीने मुझे मोबाइल में नोटिफिकेशन का इंतजार रहता है। इस बार मिली राशि से मैं दीवाली में बच्चों के लिए कपड़े और मिठाई खरीदूँगी। उन्होंने कहा कि मेरा बेटा कक्षा नवमी मे पढता है। मैं इस राशि का उपयोग उसकी ट्यूशन फीस देने मे करती हूँ। उन्होंने बताया कि मेरे परिवार मे कुल पांच लोग है। दो एकड़ खेती है। रोजी मजदूरी के साथ जीवन चल रहा है। ऐसे मे महतारी वंदन योजना से हर महीने एक हजार रूपए मिलना, बहुत ही सुखद और राहत देने वाला होता है। उन्होंने महतारी वंदन योजना के माध्यम से महिलाओं को आर्थिक मदद देने के लिए छत्तीसगढ़ सरकार का धन्यवाद ज्ञापित किया।

कार्यक्रम में मुख्य सचिव अमिताभ जैन, पुलिस महानिदेशक अशोक जुनेजा, प्रमुख सचिव आदिम जाति एवं कल्याण विभाग सोनमणि बोरा एवं प्रमुख सचिव संस्कृति अन्बलगन पी., मुख्यमंत्री के सचिव पी. दयानन्द, आयुक्त आदिवासी विकास नरेंद्र दुग्गा, संचालक पुरातत्व एवं संस्कृति विवेक आचार्य भी उपस्थित थे।

एनआईटी रायपुर के दीक्षांत समारोह में शामिल हुई राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु

रायपुर-       राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान, रायपुर के लिए आज 25 अक्टूबर का दिन ऐतिहासिक रहा। देश की राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने आज संस्थान के 14वें दीक्षांत समारोह में अपनी गरिमामय मौजूदगी दी और 12 होनहार विद्यार्थियों को उनकी बेहतरीन शैक्षणिक उपलब्धियों के लिए अपने हाथों से स्वर्ण पदक प्रदान किया। राज्यपाल रमेन डेका, मुख्यमंत्री विष्णु देव साय और केन्द्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू भी दीक्षांत समारोह में विशिष्ट अतिथि के रूप में शामिल हुए।

रायपुर के पंडित दीनदयाल उपाध्याय ऑडिटोरियम में आज आयोजित एनआईटी के दीक्षांत समारोह में वर्ष 2023-24 में संस्थान से ग्रेजुएट, पोस्ट ग्रेजुएट और पीएचडी किए 1439 विद्यार्थियों को डिग्रियां प्रदान की गईं। इनमें बी.टेक. और बी.आर्क. प्रोग्राम के 1044, एमसीए और एम.टेक. प्रोग्राम के 225 और पीएचडी के 170 विद्यार्थी शामिल थे।

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने विद्यार्थियों को एनआईटी जैसे उत्कृष्ट शिक्षण संस्थान से शिक्षा ग्रहण कर डिग्री प्राप्त करने पर हृदय से बधाई दी। उन्होंने दीक्षांत समारोह को संबोधित करते हुए विद्यार्थियों से कहा कि आज आप अपने जीवन के एक महत्वपूर्ण चरण को पूरा कर दूसरे चरण में प्रवेश कर रहे हैं। आप लोगों ने अपने परिश्रम और प्रतिभा के बल पर विशिष्ट मान्यता प्राप्त की है। विद्यार्थियों की सफलता में परिवार के प्रोत्साहन तथा प्राध्यापकों के मार्गदर्शन की निर्णायक भूमिका होती है। मैं सभी विद्यार्थियों के परिवार-जनों तथा प्राध्यापकों को भी बधाई देती हूं।

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने अपने संबोधन में कहा कि तकनीक का विकास विज्ञान पर निर्भर होता है। इंजीनियरिंग में उत्कृष्ट योगदान देने के लिए अत्याधुनिक वैज्ञानिक प्रगति के बारे में जानकारी बनाए रखना आप सब के लिए सहायक सिद्ध होगा। उन्होंने कहा कि डिजिटल इनक्लुजन (Digital Inclusion) के क्षेत्र में भारत की सफलता ने पूरे विश्व को आश्चर्यचकित कर दिया है। हमारे देश में ऐसे अन्य उदाहरण प्रस्तुत करने की संभावनाएं और क्षमताएं विद्यमान हैं। एनआईटी रायपुर जैसे उच्च तकनीकी शिक्षण संस्थानों और आप जैसे युवाओं में यह उत्साह होना चाहिए कि ऐसी संभावनाओं को समझें और उन्हें कार्यरूप प्रदान करें। आप अपने योगदान का दायरा जितना अधिक विस्तृत करेंगे, उतना ही अधिक आपका व्यक्तिगत विकास होगा। बड़ी सोच, बड़ी आकांक्षाओं को जन्म देती है। बड़ी आकांक्षाएं ही प्रभावशाली यथार्थ का रूप लेती हैं।

राष्ट्रपति ने विद्यार्थियों को प्रेरित करते हुए कहा कि जो व्यक्ति अपना काम पूरी निष्ठा, नैतिकता और कुशलता के साथ निरंतर करते रहते हैं, उन्हें सहज ही लोगों का सम्मान प्राप्त होता है। आप सभी लगन के साथ कर्तव्य पथ पर आगे बढ़ते रहिए। सफलता और प्रतिष्ठा आपका अनुसरण करेंगी। उन्होंने पूर्व राष्ट्रपति और वैज्ञानिक डॉ. ए.पी.जे. अब्दुल कलाम का उदाहरण देते हुए कहा कि दूसरों के कल्याण के लिए कार्य करना व्यक्तिगत जीवन को सार्थक और सामाजिक जीवन को बेहतर बनाता है। पूर्व राष्ट्रपति डॉ. कलाम ने विज्ञान और तकनीक का देश की सुरक्षा और समाज कल्याण के लिए उपयोग करते हुए अपार यश अर्जित किया।

राष्ट्रपति श्रीमती मुर्मु ने दीक्षांत समारोह में कहा कि भारत सरकार ने देश को ग्लोबल सेमीकंडक्टर मेनुफैक्चरिंग हब बनाने तीन वर्ष पहले इंडिया सेमीकंडक्टर मिशन का शुभारंभ किया है। आर्थिक विकास, राष्ट्रीय सुरक्षा और टेक्नोलॉजिकल सेल्फ-रिलायंस (Technological Self-reliance) की दृष्टि से सेमीकंडक्टर इंडस्ट्री बहुत महत्वपूर्ण है। इस उद्योीग में युवा इंजीनियरों को रोजगार तथा स्टार्ट-अप्स के अनेक अवसर मिलेंगे। उन्होंने कहा कि हमारे देश के प्रतिभाशाली इंजीनियर्स ने ऐसे अनोखे उद्यम स्थापित किए हैं, जिनके बारे में कोई कल्पना भी नहीं कर सकता था। आप जैसे इंजीनियरिंग टैलेंट पूल (Engineering Talent Pool) के बल पर देश में महत्वाकांक्षी योजनाएं बनाई जा रही हैं, उनको कार्यरूप दिया जा रहा है। राष्ट्रपति ने उम्मीद जताई कि युवा विकसित भारत का निर्माण करेंगे। युवाओं के प्रयासों से भारत विश्व में अपनी स्थिति को और मजबूत बनाएगा।

राज्यपाल रमेन डेका ने दीक्षांत समारोह को विशिष्ट अतिथि के रूप में संबोधित करते हुए कहा कि आज हम सब मिलकर एक ऐतिहासिक अवसर का जश्न मना रहे हैं जो कि विद्यार्थियों की सालों की कड़ी मेहनत, धैर्य और लगन का नतीजा है। यहाँ उपस्थित हर विद्यार्थी ने शैक्षिक चुनौतियों का सामना किया, सहपाठियों से मित्रता की और साथ मिलकर बेहतरीन अनुभव के दौर से गुज़रे, जिसने उन्हें आज इस मुक़ाम पर पहुँचाया है। उन्होंने आज डिग्री हासिल करने वाले सभी विद्यार्थियों को अपनी बधाई और शुभकामनाएं दीं।

राज्यपाल ने कहा कि आज यहाँ विद्यार्थी सिर्फ़ ज्ञान लेकर नहीं जा रहे, बल्कि आपसी समन्वय, संघर्ष करने और डटे रहने का कौशल भी लेकर जा रहे हैं। ये गुण उन्हें संस्थान की चार दीवारी से बाहर की दुनिया में मार्गदर्शन देंगे। विद्यार्थी एक ऐसी अनोखी दुनिया में प्रवेश करेंगे जो अभूतपूर्व परिवर्तन का समय है, जहाँ उनकी रचनात्मकता और जुनून महत्वपूर्ण भूमिका अदा करेंगी। पूरा विश्व इन विद्यार्थियों की तरफ़ टकटकी लगाए देख रहा होगा कि इंजीनियरिंग और प्रौद्योगिकी कौशल का उपयोग करके जलवायु परिवर्तन, ग़रीबी, वैश्विक भूखमरी, लिंग भेद, असमान आय, बेरोज़गारी जैसी अनसुलझी वैश्विक समस्याओं का हल निकाल सकें।

राज्यपाल श्री डेका ने विद्यार्थियों से आह्वान किया कि वे सफलता के लिए नैतिक और शैक्षिक मूल्यों को अपनाएं और नई ऊँचाइयों को छुएँ। उन्होंने कहा कि मौजूदा केंद्र और राज्य की सरकार ने इंजीनियरिंग और प्रौद्योगिकी के क्षेत्र में बेहतरीन प्रयास किए हैं। छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की कुशल नेतृत्व वाली सरकार ने शैक्षणिक अधोसंरचना को बढ़ावा देने के लिए काफ़ी कार्य किए हैं। साथ ही तकनीकी संस्थाओं में शोध और नवाचार को भी छत्तीसगढ़ में बढ़ावा दिया जा रहा है। प्रदेश की मौजूदा साय सरकार ने विभिन्न प्रयास किए हैं जिससे कि तकनीकी शिक्षा और कौशल विकास को बढ़ावा मिले। साथ ही कार्य बल को उद्योगों की ज़रूरत के हिसाब से ढाला जा सके। तकनीकी क्षेत्र में विकास और अनुसंधान के लिए शैक्षणिक संस्थानों और उद्योगों की साझेदारी को भी बढ़ावा दिया जा रहा है जिससे कि क्षेत्रीय समस्याओं का स्थानीय हल भी ढूंढा जा सके।

राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान के दीक्षांत समारोह को मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने बतौर विशिष्ट अतिथि संबोधित करते हुए राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु के राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान में प्रथम आगमन पर इसे संस्थान के लिए ऐतिहासिक और गौरवशाली दिन बताया। उन्होंने राष्ट्रपति के प्रति आभार जताया कि छत्तीसगढ़ की प्रतिभाओं और नागरिकों को प्रोत्साहित करने के लिए उन्होंने अपने क़ीमती समय में दो दिनों का बहुमूल्य समय प्रदेश को दिया है। मुख्यमंत्री ने राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान से डिग्री प्राप्त करने वाले सभी ग्रेजुएट, पोस्ट ग्रेजुएट, पीएचडी विद्यार्थियों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि यह दिन केवल डिग्री हासिल करने का दिन नहीं, बल्कि देश और समाज के लिए अपने ज्ञान व कौशल को भविष्य में योगदान देने के लिए भी तैयार होने का दिन है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि छत्तीसगढ़ एक कृषि प्रधान राज्य है। यहाँ की बड़ी आबादी गांवों और जंगलों में निवास करती है। ये वर्ग आज भी कई तरह के अभावों का सामना कर रही है। सुविधा और संपन्नता की दृष्टि से पीछे रह गए इन लोगों के जीवन में आपका ज्ञान और कौशल बदलाव ला सकता है। मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि यह प्रदेश प्राकृतिक संसाधनों से भरपूर है। यहाँ पर औद्योगिक विकास के लिए बहुत संभावना है। इस क्षेत्र में भी आपका ज्ञान और कौशल राज्य के लिए बहु उपयोगी है। हमारे यशस्वी प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने वर्ष 2047 तक विकसित भारत के निर्माण का लक्ष्य रखा है। इसी के अनुरूप हम लोगों ने भी विकसित छत्तीसगढ़ के निर्माण का संकल्प लिया है। यह संकल्प आप लोगों के योगदान के बिना पूरा नहीं हो सकता।

मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि हमारा देश दुनिया की तीसरी बड़ी अर्थव्यवस्था बनने वाला है। छत्तीसगढ़ की अर्थव्यवस्था को मज़बूत करते हुए हम लोग भी इसमें बड़े बूस्ट की तैयारी कर रहे हैं। देश और प्रदेश को आप जैसे युवा प्रतिभाओं से बहुत उम्मीद है। आज प्रदेश में नई राष्ट्रीय शिक्षा नीति लागू हो चुकी है। यह छात्र-छात्राओं में ज्ञान के साथ-साथ कौशल विकास पर भी ज़ोर देती है। हमारी आने वाली पीढ़ी तकनीकी रूप से कुशल और उद्यमिता से भरपूर पीढ़ी होगी। प्रदेश के 160 औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थानों का भी हम आधुनिकीकरण कर रहे हैं। छत्तीसगढ़ में सड़क, रेल, हवाई और संचार नेटवर्क का विस्तार बहुत तेज़ी से किया जा रहा है। आने वाले दिनों में हमारे पास युवाओं की बहुत बड़ी टीम होगी जो इस प्रदेश को अपने ज्ञान, कल्पनाशीलता और प्रतिभा से विकास की नई उंचाईयों पर स्थापित करने में सक्षम होगी। रायपुर एनआईटी के बोर्ड ऑफ गवर्नर्स के अध्यक्ष डॉ. सुरेश हवारे और निदेशक डॉ. एन.वी. रमना राव ने भी दीक्षांत समारोह को संबोधित किया। एनआईटी बोर्ड ऑफ गवर्नर्स के सदस्य, सीनेट सदस्य, रजिस्ट्रार, डीन, विभागाध्यक्ष और संस्थान के संकाय सदस्य भी समारोह में मौजूद थे।

राष्ट्रपति ने इन टॉपर्स को अपने हाथों से दिया स्वर्ण पदक

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने एनआईटी के वर्ष 2023 के विभिन्न इंजीनियरिंग शाखाओं के 11 टॉपर्स को स्वर्ण पदक प्रदान किया। उन्होंने कम्प्यूटर साइंस एंड इंजीनियिरिंग तथा एनआईटी के ओवर-ऑल टॉपर यश बंसल को दो स्वर्ण पदक प्रदान किए। राष्ट्रपति ने बैचलर ऑफ आर्किटेक्चर के टॉपर अंकित महोबिया, बायो मेडिकल इंजीनियरिंग की टॉपर ईशिका जैन, बायो टेक्नोलॉजी के टॉपर सिब्बू कुमार सिंह, केमिकल इंजीनियरिंग की टॉपर शिखा राय, सिविल इंजीनियरिंग की टॉपर मुस्कान अग्रवाल, इलेक्ट्रिकल इंजीनियरिंग के टॉपर शुभम अग्रवाल, इलेक्ट्रॉनिक्स एंड कम्युनिकेशन इंजीनियरिंग के टॉपर अभिषेक कुमार, इन्फॉर्मेशन टेक्नोलॉजी की टॉपर दिशा जैन, मेटा एंड मटेरियल्स इंजीनियरिंग के टॉपर प्रखर जाधव और माइनिंग इंजीनियरिंग के टॉपर प्रियांशु कुमार को स्वर्ण पदक प्रदान किया।

बस्तर संभाग से राजधानी लौटी राइड फ़ॉर पीस बुलेट रैली

रैली संयोजक नितिन लॉरेंस ने जताया मुख्यमंत्री श्री साय का आभार, सुरक्षा एवं सहयोग के लिए दिया धन्यवाद

रायपुर-   राजधानी रायपुर से 20 अक्टूबर को निकली राइड फ़ॉर पीस रैली 2024, 24 अक्टूबर को देर शाम बाइक रैली नारायणपुर से वापिस रायपुर पहुंची। डायोसिस ऑफ छत्तीसगढ़ द्वारा 06 दिवसीय शांति संदेश यात्रा बस्तर संभाग के सातों जिलों में निकाली गई। बस्तर के अनेक स्थानों पर रैली में शामिल सदस्यों द्वारा नुक्कड़ नाटक के माध्यम से विभिन्न सामाजिक बुराइयों से संबंधित जागरूकता का संदेश दिया गया । जिसमें स्थानीय शासन-प्रशासन का सहयोग राइड फ़ॉर पीस के सदस्यों को प्राप्त हुआ। बस्तर संभाग के लिए निकली राइड फ़ॉर पीस में राइडर्स तथा सपोर्ट टीम सहित करीब 100 से अधिक लोग शामिल रहे।

25 अक्टूबर दिन शुक्रवार को सुबह नारायणपुर बस स्टैंड में नुक्कड़ नाटक के माध्यम से नशा मुक्ति का संदेश देते हुए नुक्कड़ नाटक किया गया। नशे को ना, जिंदगी को हां , स्लोगन के साथ संगीतमय प्रस्तुति रेव. शमशेर सैम्यूल के निर्देशन में किया गया जिसका समापन सामूहिक गान से हुआ जिसमें उपस्थित सभी नागरिकों ने एक स्वर में "हम होंगे कामयाब - हम होंगे कामयाब" गाया , साथ में स्वच्छता, पर्यावरण रक्षा, नशा उन्मूलन, एकता व शांति का संकल्प लिया। रैली के संयोजक नितिन लॉरेंस ने राइड फ़ॉर पीस में सहयोग के लिए बस्तर संभाग के समस्त जिला प्रशासन, पुलिस प्रशासन का आभार व्यक्त करते हुए धन्यवाद ज्ञापित किया तथा मुख्यमंत्री विष्णु देव साय को विशेष धन्यवाद और आभार व्यक्त किया जिनके दिशा-निर्देश पर बस्तर संभाग के अधिकारियों के द्वारा रैली को सभी जगह सुरक्षा और सहयोग प्राप्त हुआ।

उल्लेखनीय है कि सर्व धर्म, सर्व समाज के गणमान्य जनों के सहयोग व सहभागिता से रविवार 20 अक्तूबर को बुलेट रैली राजधानी रायपुर से शुरू होकर, कोंडागांव, जगदलपुर, सुकमा, दंतेवाड़ा, बीजापुर होते हुए 25 अक्टूबर की सुबह नारायणपुर से निकलकर फरसगांव, कांकेर होते वापिस रायपुर में आकर समाप्त हुई। रैली में हर उम्र वर्ग के प्रतिभागियों के साथ महिलाएं व युवतियां भी शामिल रही। बस्तर संभाग के अपनी इस यात्रा को अभूतपूर्व व अविस्मरणीय बताते हुए कुछ प्रतिभागियों ने कहा कि कुछ जगह के अलावा सभी जगह की सड़कें बढ़िया थी, बस्तर की हरियाली देखने लायक है। जिसका आनंद बाइक की यात्रा से ही लिया जा सकता है। कई स्थानों पर ठहर कर नजर भर कर देखते रहने का मन कर रहा था, सचमुच हमारा बस्तर बहुत सुन्दर है, यहां के लोग भी बहुत सहयोगी हैं, इसमें कोई दो मत नही है।