cgstreetbuzz

Jul 20 2024, 22:19

विपक्ष की सक्रियता और जनमत के दबाव के बल पर ही सरकार को नियंत्रित किया जा सकता है : टीएस सिंहदेव

सरगुजा- छत्तीसगढ़ के पूर्व डिप्टी सीएम टीएस सिंहदेव ने कहा कि, विपक्ष की सक्रियता और जनमत के दबाव के बल पर ही सरकार को नियंत्रित किया जा सकता है। नहीं तो सरकारें बेलगाम हो जाती हैं। कांग्रेस राज्य और देश दोनों में मजबूत विपक्ष की भूमिका में हैं।

छत्तीसगढ़ में 8 महीने के कार्यकाल में ही प्रदेश सरकार ने जनहित की योजनाओं को बंद कर जनता पर अतिरिक्त बोझ लाद दिया गया है। सरकार की नीतियों के विरोध में 24 जुलाई को विधानसभा का घेराव करेंगे।

इंडिया गठबंधन हार कर भी जीत गई- सिंहदेव

दरअसल, शनिवार को अंबिकापुर कांग्रेस कार्यालय राजीव भवन में विधानसभा घेराव की रणनीति बनाने कांग्रेस की बैठक हुई। टीएस सिंहदेव ने कहा कि, लोकसभा चुनाव में देश की जनता ने ऐसा जनमत दिया कि इंडिया गठबंधन हार कर भी जीत गई। सबसे बड़ी बात देश बच गया। विधानसभा चुनाव में परिणाम देश भर के विशेषज्ञों के आंकलन के विपरीत में रहा है। दुर्भाग्य से लोकसभा में भी हमें अपेक्षित सफलता नहीं मिली।

टीएस सिंहदेव ने कहा कि, छत्तीसगढ़ में 8 महीने में कानून व्यवस्था की स्थिति, चिकित्सा-स्वास्थ्य, बिजली बल के दामों में बढ़ोतरी जैसे निर्णय से जनता त्रस्त है। जनता की आवाज सरकार तक पहुंचने विधानसभा का घेराव किया जाएगा। इसमें सरगुजा जिले के कांग्रेस कार्यकताओं बड़ी संख्या में शामिल होंगे।

सरगुजा की प्रभारी और प्रदेश महामंत्री आरती सिंह ने कहा कि, प्रदेश कांग्रेस के आह्वान पर आयोजित घेराव में सरगुजा से दमदार उपस्थिति होनी चाहिए। जिला कांग्रेस अध्यक्ष राकेश गुप्ता ने घेराव के रूप रेखा की जानकारी दी। प्रदेश उपाध्यक्ष जेपी श्रीवास्तव ने कहा कि, सरकार को नियंत्रित करने विरोध आवश्यक है।

cgstreetbuzz

Jul 20 2024, 21:29

होटल और रेस्टोरेंट्स में वेज-नॉनवेज एक साथ रखने के मामले पर सांसद अग्रवाल का बयान, कहा- दोनों के अलग होने चाहिए किचन

रायपुर-     छत्तीसगढ़ में खाद्य विभाग की लगातार कार्रवाई जारी है. राजधानी समेत प्रदेश के कई जिलों में संचालित होटल-रेस्टोरेंट्स में नियमों के विरुद्ध वेज और नॉनवेज एक ही फ्रीजर रखा पाया जा रहा है. इसे लेकर रायपुर सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने कहा कि होटल-रेस्टोरेंट में नॉनवेज और वेज का किचन अलग-अलग होना चाहिए.

उन्होंने कहा कि जो सेंसेटिव इलाके हैं और जहां भी वेज-नॉनवेज दोनों मिलता है, ऐसे खाद्य संस्थानों में स्पष्ट रूप से लिखा होना चाहिए. सांसद अग्रवाल ने कहा कि लोगों की मान्यता और विश्वास को तोड़ने का काम हमें नहीं करना चाहिए. अमेरिका इंग्लैंड जापान में जब हम जाते हैं तो वहां लिखा होता है हिन्दुस्तानी होटल, लेकिन उसको चलाने वाले बांग्लादेशी या पाकिस्तानी होते हैं. उन्होंने कहा कि ऐसी स्थिति हमारे देश में ना बने ऐसी कोशिश होनी चाहिए.

बता दें, लोगों को सही गुणवत्ता वाले खाद्य पदार्थ मिले इसके लिए विभागीय अधिकारियों ने आज शनिवार को भी केएफसी, पिज्जा हट और मोमोज अड्डा पर छापेमार कार्रवाई की. इस दौरान पिज्जा हट में वेज और नॉनवेज खाद्य सामाग्री एक ही फ्रीजर में रखी हुई मिली. इसे लेकर खाद्य सुरक्षा अधिकारियों ने 14 दिन में इंप्रूवमेंट करने के लिए नोटिस भी जारी किया है. 

cgstreetbuzz

Jul 20 2024, 21:24

कांग्रेस पूर्व विधायक विकास उपाध्याय ने महतारी वंदन योजना को लेकर किया प्रदर्शन

रायपुर- महतारी वंदन योजना के विरोध में शनिवार को मंत्री ओपी चौधरी के निवास का घेराव करने निकले कांग्रेस के पूर्व विधायक विकास उपाध्याय को पुलिस ने रास्ते में रोक लिया। उनके साथ सैकड़ों की संख्या में महिलाएं भी थी। उनका कहना है कि, बड़ी संख्या में महिलाएं पात्र हैं, लेकिन उनके खाते में पैसे नहीं आ रहे हैं।

विकास उपाध्याय ने कहा कि, इसकी फॉर्मेलिटी पूरी है, फिर भी सैंकड़ों महिलाओं को पैसे नहीं आ रहे हैं। हमें सही जबाव नहीं मिला तो मुख्यमंत्री निवास का भी घेराव करेंगे। जिन्हें एक-दो किस्त मिला है, उन महिलाओं के साथ हितग्राहियों की सूची लेकर मंत्री ओपी चौधरी के निवास के लिए गांधी मैदान से निकले थे, लेकिन ग्रास मेमोरियल मैदान के पास पुलिस ने रोक दिया।

विकास उपाध्याय ने कहा कि, भाजपा ने पिछले दिनों छत्तीसगढ़ में हुए विधानसभा चुनाव के घोषणा पत्र में कहा था कि छत्तीसगढ़ की हर महिलाओं को महतारी वंदन योजना से महीने का 1 हजार रुपए और साल का 12000 रुपए मिलेगा। लेकिन सरकार बनते ही इन लोगों ने लाभार्थियों को जनवरी और फरवरी की किस्त नहीं दी।

उपाध्याय ने बताया कि, प्रदेश की ज्यादातर महिलाओं को महतारी वंदन की चौथी और पांचवीं किस्त की राशि नहीं मिली है, जबकि सरकार के जारी आंकड़े बता रहे हैं कि 70 लाख महिलाओं में से करीब 5 लाख महिलाओं को राशि नहीं मिली है। इसके अलावा जिन महिलाओं को पहली और दूसरी किस्त मिली थी, उन्हें चौथी और पांचवीं किस्त की राशि नहीं मिली है।

विकास का आरोप है कि, प्रदेश सरकार चुनाव को देखते हुए योजनाओं का लाभ देती है। चुनाव खत्म होने के बाद गिरगिट की तरह अपना रंग दिखाती है। 45 प्रतिशत महिला जुड़ ही नहीं पाई हैं, जो इस योजना से जुड़े हुए थे। उन्हें भी नियम और शर्तें लगाकर योजना से बाहर किया जा रहा है।

जबकि विधानसभा चुनाव के दौरान भाजपा के नेताओं ने कहा था कि उन्होंने 1 करोड़ से भी ज्यादा महतारी वंदन के फॉर्म भरवाएं हैं। अंत में दावा किया गया कि 70 लाख महिलाओं ने फॉर्म भरा है।

cgstreetbuzz

Jul 20 2024, 21:14

राजधानी में कल होगी कांग्रेस विधायक दल की बैठक, मॉनसून सत्र को लेकर बनेगी रणनीति, इन मुद्दों पर होगी चर्चा

रायपुर- छत्तीसगढ़ में 22 जुलाई से मॉनसून सत्र की शुरुआत होने जा रही है, इससे पहले रविवार 21 जुलाई को शाम 7 बजे रायपुर के एक निजी होटल में कांग्रेस विधायक दल की बैठक होगी. इस बैठक में पार्टी के सभी 35 विधायक शामिल होंगे.

बता दें कि नेता प्रतिपक्ष डॉ. चरणदास महंत की अध्यक्षता में होने वाली इस बैठक में मानसून सत्र के दौरान कानून व्यवस्था, स्वास्थ्य सेवा, खाद-बीज के मुद्दे पर सरकार को घेरने पर चर्चा की जाएगी. इसके अलावा 24 जुलाई को विधानसभा घेराव को लेकर भी रणनीति बनेगी. इस बैठक में शामिल होने वाले सभी विधायकों को समय पर पहुंचने के निर्देश दिए गए हैं.

cgstreetbuzz

Jul 20 2024, 21:10

उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने ‘स्पार्क’ पुरस्कार विजेता नगरीय निकायों के अधिकारियों और लाभार्थियों को किया सम्मानित
रायपुर-   उप मुख्यमंत्री तथा नगरीय प्रशासन एवं विकास मंत्री अरुण साव ने आज रायपुर स्थित अपने निवास कार्यालय में भारत सरकार द्वारा ‘स्पार्क’ पुरस्कारों से नवाजे गए नगरीय निकायों के अधिकारियों और लाभार्थियों को सम्मानित किया। उप मुख्यमंत्री श्री साव से नई दिल्ली से पुरस्कार प्राप्त कर लौटने के बाद ये अधिकारी और लाभार्थी सौजन्य मुलाकात के लिए आए थे। श्री साव ने केन्द्रीय आवासन और शहरी कार्य मंत्रालय द्वारा पुरस्कृत सभी नगरीय निकायों, वहां के अधिकारियों और लाभार्थियों की पीठ थपथपाई। उन्होंने इस उपलब्धि के लिए सभी को बधाई दी।
उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने इस मौके पर कहा कि राष्ट्रीय शहरी आजीविका मिशन और पीएम स्वनिधि में अच्छे कार्यों के लिए पांच राष्ट्रीय पुरस्कार प्राप्त करना बड़ी उपलब्धि है। इन पांच में से तीन पुरस्कार हमारे नगरीय निकायों को पूरे देश में प्रथम स्थान हासिल करने के लिए मिला है। वहीं एक पुरस्कार पूरे देश में द्वितीय स्थान पर रहने के लिए मिला है। दोनों योजनाओं में उत्कृष्ट कार्यों के लिए छत्तीसगढ़ को पूरे देश में तृतीय पुरस्कार मिला है। राज्य को ये सभी पुरस्कार शहरी गरीबों के सपनों को पूरा करने के लिए मिला है। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय शहरी आजीविका मिशन और पीएम स्वनिधि के माध्यम से लोग आत्मनिर्भर हो रहे हैं। उनका जीवन आसान और खुशहाल हो रहा है। वे सशक्त हो रहे हैं। आप लोगों की मेहनत से शहरी गरीबों के जीवन में बदलाव आ रहा है। मैं इसके लिए आपकी सराहना करता हूं।
उप मुख्यमंत्री श्री साव ने अपने निवास में मौजूद सूडा, बिलासपुर और रायगढ़ नगर निगम तथा भाटापारा और चांपा नगर पालिका के अधिकारियों से कहा कि आप लोग प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के सपनों का साकार करने के लिए अच्छा काम कर रहे हैं। विकसित छत्तीसगढ़ और विकसित भारत की कल्पना को ऐसे ही उत्कृष्ट कार्यों से धरातल पर उतारना है। उन्होंने कहा कि हम सब मिलकर राज्य और केंद्र सरकार की योजनाओं के जरिए नागरिकों के जीवन को आसान, सुविधापूर्ण और खुशहाल बनाने का काम करेंगे। हमें इन योजनाओं को लक्षित लोगों तक योजनाबद्ध और समयबद्ध तरीके से पहुंचाना है।
उप मुख्यमंत्री श्री साव ने नई दिल्ली में विगत 18 जुलाई को आयोजित राष्ट्रीय पुरस्कार समारोह में भागीदारी के लिए राज्य शासन द्वारा पीएम स्वनिधि योजना के नामांकित लाभार्थी जशपुर नगर पालिका के सुमित किस्कु और लोरमी नगर पंचायत के कुशाल राम साहू को सम्मानित किया। उन्होंने राष्ट्रीय शहरी आजीविका मिशन के लाभार्थी के रूप में नामांकित जगदलपुर नगर निगम की हैप्पी महिला स्वसहायता समूह की मृदुला जैन, भिलाई नगर निगम की राधा रानी स्वसहायता समूह की चित्ररेखा साहू, प्रियंका लोकवाणी, रागिनी टोण्डे, त्रिवेणी लहरे, सुनीता देवांगन, सुनीता यादव, सरस्वती झा और कंचन त्रिवेदी को भी सम्मानित किया।
उप मुख्यमंत्री द्वारा अपने निवास पर अधिकारियों, स्वसहायता समूहों और लाभार्थियों के सम्मान के दौरान राज्य शहरी विकास अभिकरण (सूडा) के मुख्य कार्यपालन अधिकारी व मिशन संचालक शशांक पाण्डेय, बिलासपुर नगर निगम के आयुक्त अमित कुमार, भाटापारा के मुख्य नगर पालिका अधिकारी लाल अजय बहादुर सिंह, चांपा के मुख्य नगर पालिका अधिकारी दुर्गा प्रसाद अधिकारी और भोला सिंह ठाकुर उपस्थित थे। कार्यक्रम में राज्य शहरी विकास अभिकरण के उप मुख्य कार्यपालन अधिकारी सुनील अग्रहरि, परियोजना अधिकारी जागृति साहू, राज्य मिशन प्रबंधक विवेक शुक्ला, प्रशांत अमोली, पी. घोष, सी.एल. पाठक, सिटी मिशन प्रबंधक एकता शर्मा, कोमल, रीमा, सरिता, सुषमा सीमा, रानु, माया, नाज पदमावती, नीरज साहू और संत कुमार महतो ने भी अपनी सहभागिता दी।
केन्द्रीय आवासन और शहरी कार्य मंत्रालय ने इन नगरीय निकायों को किया है पुरस्कृत
दीनदयाल अंत्योदय योजना - राष्ट्रीय शहरी आजीविका मिशन (डे-एनयूएलएम) में उत्कृष्ट कार्यों के लिए भारत सरकार द्वारा दिए जाने वाले प्रतिष्ठित ‘स्पार्क 2023-24’ पुरस्कारों के अंतर्गत दस लाख तक जनसंख्या श्रेणी में बिलासपुर नगर निगम को पूरे देश में प्रथम पुरस्कार प्रदान किया गया। वहीं तीन लाख तक जनसंख्या श्रेणी में रायगढ़ नगर निगम को और एक लाख तक जनसंख्या श्रेणी में भाटापारा नगर पालिका को पूरे देश में प्रथम पुरस्कार से नवाजा गया। चांपा नगर पालिका को 50 हजार तक जनसंख्या श्रेणी में द्वितीय पुरस्कार मिला। राष्ट्रीय शहरी आजीविका मिशन में श्रेष्ठ कार्यों के लिए छत्तीसगढ़ को पूरे देश में तृतीय पुरस्कार प्रदान किया गया। केन्द्रीय आवासन और शहरी कार्य मंत्री मनोहर लाल और राज्य मंत्री तोखन साहू ने विगत 18 जुलाई को नई दिल्ली के इंडिया हैबिटॉट सेंटर में आयोजित समारोह में ये पुरस्कार वितरित किए थे।

cgstreetbuzz

Jul 20 2024, 20:50

सफाई मित्रों का सम्मान प्रत्येक नागरिक का कर्तव्य - बृजमोहन अग्रवाल

रायपुर-     रायपुर के नवनिर्वाचित सांसद एवं छत्तीसगढ़ सरकार के पूर्व मंत्री बृजमोहन अग्रवाल का त्रिलोकी मां कालीबाड़ी परिसर, डॉ.राजेंद्र नगर में नागरिक अभिनंदन किया गया। इस अवसर पर उनके हाथों 50 सफाई मित्रों को सम्मानित किया गया साथ ही 3 उत्कृष्ठ खिलाड़ियों को पुरस्कृत किया गया।

सफाई मित्रों का साल श्रीफल से सम्मानित करने के बाद समारोह को संबोधित करते हुए बृजमोहन अग्रवाल ने कहा कि रायपुर शहर को स्मार्ट सिटी बनाने की दिशा में सबसे महत्वपूर्ण योगदान शहर के सफाई कर्मियों का है। हमारी गलियों, हमारी कालोनियों की स्वच्छता इन्ही के जिम्मे रहती है। ये गंदगी में उतरकर हमारे लिए स्वच्छ वातावरण का निर्माण करते है। वास्तव में यह बड़ा काम है। ऐसे में इनका सदैव सम्मान करना प्रत्येक नागरिक को जिम्मेदारी होनी चाहिए। विवेक वर्धन के सद्प्रयासों से पिछले 11 वर्षों से नियमित रूप से सफाई मित्रों को सम्मानित करने का आयोजन करते आ रहे है यह निश्चित तौर पर सराहनीय कार्य है।

इस कार्यक्रम में त्रिलोकी मां कालीबाड़ी समित के अध्यक्ष देवाशीष गांगुली, महिला समिति की अध्यक्ष सुचित्रा वर्धन, प्रवीर सेन शर्मा, राजनारायण शर्मा, केके सिंह, तपन दास, डा.डीसी सरकार, सुब्रत चाकी, शिव दत्ता, दिग्विजय भाखरे, जी.आर जगत आदि उपस्थित थे।

cgstreetbuzz

Jul 20 2024, 20:41

हम सब संकल्प लें कि हम पौधा लगाकर उसे पेड़ बनाएंगे उसको संरक्षित करेंगे : बृजमोहन अग्रवाल

रायपुर-     माँ और धरती माँ दोनों ही हमारे जीवन के महत्वपूर्ण और अनमोल हिस्से हैं। दोनों ही हमें जीवन देती हैं, पोषित करती हैं और हमारी सुरक्षा करती हैं। दोनों ही हमारे जीवन के आधार हैं, जिनकी हमें हमेशा कद्र करनी चाहिए।

यह बात रायपुर सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने शनिवार को दशहरा मैदान रावणभाटा में 'एक पेड़ मां के नाम' अभियान के तहत पौधारोपण कार्यक्रम के दौरान कही। भाजपा प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य संजू सिंह ठाकुर द्वारा आयोजित कार्यक्रम में शामिल हुए बृजमोहन अग्रवाल ने कहा कि, माँ वो है जो हमें जन्म देती है, हमारे हर सुख-दुःख में हमारे साथ रहती है, हमें प्यार और स्नेह देती है, और हमें जीवन में सही मार्गदर्शन करती है। माँ का प्यार निस्वार्थ और असीम होता है।

वहीं धरती माँ हमारे अस्तित्व का आधार है। यह हमें भोजन, पानी, वायु और सभी प्राकृतिक संसाधन प्रदान करती है। धरती माँ हमें जीवन के लिए आवश्यक सभी तत्व उपलब्ध कराती है और हमें सुरक्षित वातावरण देती है। इसे संरक्षित और सुरक्षित रखना हमारा कर्तव्य है। बृजमोहन अग्रवाल ने यह भी कहा कि हम सब संकल्प लें कि हम सब पौधा लगाकर उसे पेड़ बनाएंगे उसको संरक्षित करेंगे।

cgstreetbuzz

Jul 20 2024, 20:35

सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने हरदिहा पटेल मरार नवीन छात्रावास भवन का लोकार्पण किया

रायपुर-      रायपुर सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने शनिवार को राजधानी रायपुर के कैलाशपुरी में हरदिहा पटेल मरार नवीन छात्रावास भवन का लोकार्पण किया। बृजमोहन अग्रवाल ने समाज के होनहार विद्यार्थियों को मेडल और प्रमाणपत्र देकर सम्मानित किया।

इस अवसर पर सभा को संबोधित करते हुए बृजमोहन अग्रवाल ने कहा कि, "छात्रावास भवन का निर्माण समाज के विद्यार्थियों के शैक्षणिक विकास के लिए एक महत्वपूर्ण कदम है। यह न केवल छात्रों को बेहतर सुविधाएं प्रदान करेगा, बल्कि उन्हें अपनी पढ़ाई पर अधिक ध्यान केंद्रित करने में मदद करेगा। हमारे होनहार विद्यार्थियों को सम्मानित करना उनके प्रयासों की सराहना है और उन्हें भविष्य में और बेहतर करने के लिए प्रेरित करेगा। समाज की प्रगति और विकास के लिए शिक्षा अत्यंत महत्वपूर्ण है, और हम सबको मिलकर इसे और सशक्त बनाना है। कार्यक्रम में पूर्व विधायक देवजी पटेल और समाज के गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

cgstreetbuzz

Jul 20 2024, 20:23

विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह और उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने 13.81 करोड़ रुपए के 96 विकास कार्यों का किया भूमिपूजन

रायपुर-  छत्तीसगढ़ विधानसभा के अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह और उप मुख्यमंत्री तथा नगरीय प्रशासन एवं विकास मंत्री अरुण साव ने आज राजनांदगांव में नगर निगम द्वारा कराए जाने वाले 13 करोड़ 81 लाख रुपए लागत के 96 विकास कार्यों का भूमिपूजन किया। इनमें अधोसंरचना मद के अंतर्गत सात करोड़ 54 लाख रुपए लागत के रोड, नाली, भवन, उद्यान एवं अन्य विकास कार्य, 15वें वित्त आयोग के तहत पांच करोड़ 50 लाख रुपए लागत के सीसी रोड, नाली, नाला व फिल्टर प्लांट में विकास कार्य, सांसद निधि से 29 लाख रुपए की लागत के भवन, शेड, पाथवे, मंच निर्माण तथा विधायक निधि, प्रभारी मंत्री निधि से 49 लाख रुपए लागत के भवन, शेड, रोड तथा नाली निर्माण के कार्य शामिल हैं। राजनांदगांव के पद्मश्री गोविंदराम निर्मलकर ऑडिटोरियम में आयोजित भूमिपूजन कार्यक्रम में सांसद संतोष पाण्डेय और महापौर हेमा देशमुख भी विशिष्ट अतिथि के रूप में शामिल हुईं।

विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह ने भूमिपूजन कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि राजनांदगांव की जागरूकता पूरे छत्तीसगढ़ में प्रसिद्ध है। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में पूरे छत्तीसगढ़ में सात माह के भीतर विकास का एक अद्भूत वातावरण निर्मित हुआ है। सरकार ने 21 क्विंटल धान खरीदी, दो साल का लंबित बोनस, 70 लाख महिलाओं को महतारी वंदन योजना की राशि और 5500 रुपए में तेन्दूपत्ता खरीदी सहित कई घोषणाओं को पूरा किया है। उन्होंने कहा कि राजनांदगांव के लोगों ने शहर के विकास का जो सपना देखा है, उस सपने के अनुरूप शहर को बनाने का काम किया जा रहा है। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में राज्य के साथ-साथ राजनांदगांव के भीतर भी बेहतर विकास दिखेगा।

उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने भूमिपूजन कार्यक्रम में कहा कि राजनांदगांव प्रदेश की संस्कारधानी है और इसका विकास नाम के अनुरूप होना चाहिए। यहां का विकास ऐसा हो जिसका अनुसरण पूरा प्रदेश करे। केवल भवन बनाने से शहर का विकास संभव नहीं है। शहर के विकास के लिए भविष्य की आवश्यकताओं को ध्यान में रखकर योजनाबद्ध एवं सुव्यवस्थित तरीके से कार्य करने की आवश्यकता है। श्री साव ने राजनांदगांव नगर निगम से कहा कि संस्कारधानी के समग्र विकास के लिए योजना बनाकर कार्य करें। इसके लिए शासन द्वारा हरसंभव सहायता दी जाएगी। उन्होंने कहा कि प्रदेश में नई सरकार बनने के बाद शहरों के विकास के लिए 1500 करोड़ रुपए दिए जा चुके हैं। राजनांदगांव के विकास के लिए जिन भी कार्यों के प्रस्ताव बनाकर शासन को भेजे जाएंगे, उन्हें स्वीकृत किए जाएंगे।

भूमिपूजन कार्यक्रम को सांसद संतोष पाण्डेय और महापौर हेमा देशमुख ने भी संबोधित किया। राजनांदगांव जिला पंचायत की अध्यक्ष गीता साहू, पूर्व सांसद मधुसूदन यादव, कलेक्टर संजय अग्रवाल, पुलिस अधीक्षक मोहित गर्ग और नगर निगम के आयुक्त अभिषेक गुप्ता सहित अनेक पार्षद और जनप्रतिनिधि कार्यक्रम में मौजूद थे।

cgstreetbuzz

Jul 20 2024, 18:34

रायपुर में अपराध और नशे के कारोबार के खिलाफ लोगों का फूटा गुस्सा, पुलिस प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी कर किया चक्काजाम
रायपुर-    राजधानी में नशे के कारोबार, मारपीट और चाकूबाजी की घटनाओं से परेशान लोगों ने अपने आक्रोश को जाहिर करते हुए रामनगर के कर्मा चौक में चक्का जाम किया. इस दौरान बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौजूद रहे और पुलिस प्रशासन के खिलाफ नारे लगाए. स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया है कि घटनाओं को लेकर पुलिस-प्रशासन और क्षेत्रीय जनप्रतिनिधि से कई बार शिकायत कर चुके हैं फिर भी कोई कार्रवाई नहीं हो रही है.

जानकारी देते हुए स्थानीय लोगों ने कहा कि पिछले कई दिनों लगातार गुढ़ियारी और रामनगर क्षेत्र में अवैध नशे का कारोबार, सामाजिक तत्व के द्वारा गुंडागर्दी, मारपीट, चाकू-बाजी की घटनाएं तेजी से बढ़ रही है. जिसको लेकर कई बार पुलिस प्रशासन को शिकायत भी कर चुके हैं. लेकिन अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई है. जिससे आक्रोशित होकर आज लोगों ने रामनगर के कर्मा चौक में प्रदर्शन कर चक्का जाम किया. इसकी शिकायत हमने कल गुढ़ियारी थाना प्रभारी को भी दी है. इसके बाद भी अगर बात नहीं बनी तो आने वाले समय में लोगों ने गृहमंत्री का दरवाजा खटखटाने की बात की है.

मामले में गुढ़ियारी थाना प्रभारी के.के कुशवाहा ने कहा कि स्थानीय लोगो ने कल कहा था कि हम लोग आज चक्काजाम करेंगे. इनका कहना है कि रात्रि गस्त नहीं होती है जिसको लेकर मैने राम-नगर चौकी प्रभारी से भी रात्रि गस्त को लेकर बातचीत की है. लगातार गस्त भी हो रही है. अपराध पर हम लगाम लगा रहे हैं. पिछले दिनों जो वारदात हुई है उसके लिए हम लोग पतासाजी कर रहे हैं. जल्द अपराधी गिरफ्त में होंगे. थाना प्रभारी ने जनता से अपील की है कि घटना होने पर तत्काल पुलिस सूचना दी जानी चाहिए. अवैध नशा जहां मिल रहा है बताए, मैं कार्रवाई करने को तैयार हूं.