Garwa

Jul 06 2024, 20:12

उर्दू स्कूलों की स्थिति मायूस करने लायक, पुस्तकें व शिक्षकों की है जरूरत।

जिलावार समीक्षा कर राज्य सरकार को भेजेंगे रिपोर्ट।

गढ़वा :गढ़वा जिला में आबादी के अनुरूप अल्पसंख्यकाें को उनका हक मिलना चाहिए। इसके लिए आयोग कृतसंकल्पित है। राज्य में उर्दू स्कूलों की स्थिति मायूस करने लायक है। बच्चों को पर्याप्त पुस्तकें नहीं मिल पा रही है। जिसके कारण पढ़ाई करने में परेशानी हो रही है।

 शिक्षकों की बहाली भी नहीं हुई है। सरकार को इससे संबंधित रिपोर्ट सौंपी जाएगी और अल्पसंख्यकों से संबंधित समस्याओं का समाधान कराया जाएगा। उक्त बातें राज्य अल्पसंख्यक आयोग के अध्यक्ष हिदायतुल्लाह खान ने परिसदन में आयोजित पत्रकार वार्ता के दौरान कही।

उन्होंने कहा कि राज्य सरकार द्वारा विभिन्न कल्याणकारी योजनाएं चलाई जा रही है। जिसमें अल्संख्यकों की भागीदारी सुनिश्चित हो, इस पर जोर दिया जा रहा है। हमारा प्रयास है कि सरकार की योजनाओं का ज्यादा से ज्यादा लाभ अल्संख्यकों तक पहुंचे। आयोग की कमेटी लगातार विभिन्न जिलों का दौरा कर रही है। जिलावार समीक्षा की जा रही है। सभी जिलों से संयुक्त रिपोर्ट बनाकर राज्य स्तरीय कमेटी में पेश की जाएगी। 

साथ ही इसमें लिए गए निर्णय से राज्य सरकार को अवगत कराया जाएगा। अभी तक कमेटी द्वारा आठ जिलों का दौरा किया गया है। शेष जिलों का भी भ्रमण किया जाएगा।

अल्पसंख्यकों को शिक्षा देने में अभी तक कमियां पाई गई है। मिशनरीज की स्कूलें बेहतर काम कर रही है। मगर उर्दू स्कूल की स्थिति ठीक नहीं है। गढ़वा जिले में 200 मदरसा का संचालन निजी मदद से चल रहा है। मात्र एक मदरसा सरकार से अनुदान प्राप्त है। अन्य मदरसों को अनुदान मिले इसके लिए सरकार से मांग करेंगे। इसके लिए मदरसा संचालक भी प्रयास करें। जल्द उर्दू शिक्षकों की भी बहाली कराई जाएगी। 

उन्होंने कहा कि राज्य में शिक्षा के मामले में मुस्लिमों की स्थिति ठीक नहीं है। बच्चों को पढ़ाएं हम उन्हें उनका हक दिलाएंगे। सरकारी विद्यालयों में अतिरिक्त विषय के रूप में उर्दू की पढ़ाई होनी है मगर शिक्षक ही नहीं है। ऐसे में परेशानी हो रही है। सभी समस्याओं से सरकार को अवगत कराया जाएगा। पत्रकार वार्ता में आयोग के सदस्य डा. एम तौसिफ, बरकत अली आदि उपस्थित थे।

Garwa

Jul 06 2024, 20:04

भाजपा कार्यकर्ता अपने लिए नहीं बल्कि देश के लिए करते हैं काम : श्याम नारायण दुबे ।

गढ़वा :- गढ़वा भाजपा के जिला कार्यालय में जिलाध्यक्ष ठाकुर प्रसाद महतो की अध्यक्षता में जनसंघ के संस्थापक श्यामा प्रसाद मुखर्जी की जयंती मनाई गई। मौके पर कार्यक्रम के मुख्य अतिथि के रूप मेंं पार्टी के वरिष्ठ नेता श्याम नारायण दुबे उपस्थित थे। मौके पर भाजपा नेताओं व कार्यकर्ताओंं ने श्यामा प्रसाद मुखर्जी के चित्र पर माल्र्यार्पण कर श्रद्धा सुमन अर्पित किया। 

मौके पर श्याम नारायण दुबे ने कहा कि श्यामा प्रसाद मुखर्जी का जीवन राष्ट्र को समर्पित रहा है। वे सत्ता नहीं बल्कि देश परिवर्तन के लिए संकल्पित थे। वे कहते थे कि देश में दो संविधान दो प्रधान दो निशान नहीं चलेगा। 

जब 2014 में नरेंद्र मोदी की सरकार बनी तो जम्मू कश्मीर से धारा 370 हटाकर देश में एक कानून को स्थापित किया। उन्होंने कहा कि श्यामा प्रसाद मुखर्जी आजाद भारत में केंद्रीय मंत्री बने थे। लेकिन उन्होंने देखा कि आजादी के बाद बनी कांग्रेस सरकार देश हित में काम नहीं कर रही है तो उन्होंने तुरंत केंद्रीय मंत्री पद से इस्तीफा दिया और 1951 में जनसंघ का स्थापना किया जो बाद में भाजपा बनी। 

भाजपा जिला प्रभारी बिपिन बिहारी सिंह ने कहा कि श्यामा प्रसाद मुखर्जी के आदर्शो पर चलकर हम राष्ट्र को प्रगति के मार्ग पर बहुत आगे ले जा सकते हैं। भाजपा कार्यकर्ता अपने लिए नहीं बल्कि देश के लिए काम करते हैं। भाजपा नेता अलखनाथ पांडेय ने कहा कि श्यामा प्रसाद मुखर्जी के बताए हुए रास्ते पर चलकर ही हम देश को सुरक्षित रख सकते हैं। पंडित श्यामा प्रसाद मुखर्जी का जीवन राष्ट्र को समर्पित रहा था। उनका कहना था कि देश में दो संविधान दो प्रधान दो निशान नहीं चलेगा। 

जिलाध्यक्ष ठाकुर प्रसाद महतो ने कहा कि जनसंघ संस्थापक श्यामा प्रसाद मुखर्जी ने जो वृक्ष जनसंघ के रूप में खड़ा किया था आज वह भाजपा के रुप में बड़ा बट वृक्ष बनकर तैयार है भाजपा कार्यकर्ताओं ने पंडित श्यामा प्रसाद मुखर्जी के बताए मार्ग पर चलकर देश में नरेंद्र मोदी जैसा प्रधानमंत्री दिया। जिसने श्यामा प्रसाद मुखर्जी के सपने को पूरा करने का काम किया है। भाजपा नेता सूरज गुप्ता ने कहा कि पंडित श्यामा प्रसाद मुखर्जी के बताए हुए मार्ग पर कार्यकर्ता को चलने की जरूरत है। तभी पार्टी संगठन के विचार को लोगों तक पहुंचा सकते हैं। कार्यक्रम का संचालन भाजपा जिला महामंत्री संतोष दुबे व धन्यवाद ज्ञापन जिला उपाध्यक्ष संजय भगत ने किया। मौके पर भाजपा नेता ओम प्रकाश तिवारी, विनय चौबे, भगत सिंह साहू हरेंद्र दुबे, गौरी बिंद, ब्रजेश उपाध्याय, मुन्ना तिवारी, राजकुमार मधेसिया, ब्रजेंद्र पाठक मुरली श्याम सोनी, मीडिया प्रभारी विवेकानंद तिवारी, उत्तम पांडेय, राजीव रंजन तिवारी, अखिलेश तिवारी, कृपाल सिंह, अंजनी तिवारी, भाजयुमो जिलाध्यक्ष रितेश चौबे, सुप्रीत केशरी, उदय कुशवाहा, चंदन जायसवाल, दामोदर गुप्ता, विकास तिवारी, विनोद जायसवाल, विवेक तिवारी, शोभा जायसवाल, कंचन जायसवाल, संदीप दुबे, शिवनारायण चंद्रा, गौतम दुबे, पुष्प रंजन आदि कार्यकर्ता मौजूद थे।

Garwa

Jul 05 2024, 17:23

सेफ्टीटैंक से गैस रिसाव होने से कोलझिकी विद्यालय के पांच बच्चे बेहोश, मचा अफरा तफरी गढ़वा

गढ़वा :- गढ़वा जिले के बंशीधर नगर प्रखंड अंतर्गत कोलझिंकी गांव में सेफ्टीटैंक से गैस रिसाव होने से उत्क्रमित मध्य विद्यालय कोलझिकी की चार छात्राएं बेहोश हो गई। 

घटना दोपहर की है। बेहोश होने की सूचना मिलते ही स्कूल में अफरा तफरी मच गई। स्कूल के शिक्षकों ने तत्काल इसकी सूचना अनुमंडल प्रशासन को दी।वही एसडीओ प्रभाकर मिर्धा के निर्देश पर कार्यपालक दंडाधिकारी हंस हेंब्रम, थाना प्रभारी आदित्य कुमार नायक एवं अनुमंडल अस्पताल की डीएस डॉ सुचित्रा कुमारी के नेतृत्व में मेडिकल टीम ने आनन फानन में स्कूल पहुंच कर बीमार बच्चियों की स्वास्थ्य जांच की। 

स्कूल में ही बच्चियों को स्लाईन चढ़ाया गया और दवा दी गई।जिसके बाद सभी के सेहत में सुधार हुआ। 

घटना के संबंध में बताया गया की स्कूल के बगल में स्थित इम्तेयाज अंसारी के सेप्टिक टैंक से निकले गैस के कारण उत्क्रमित मध्य विद्यालय कोलझिकी में अध्ययनरत चार छात्राएं वर्ग आठ की तबस्सुम खातून, वर्ग सात के रुखसाना खातून, वर्ग छह के आलिया खातून, वर्ग पांच के गुलाम गौस एवं वर्ग चार के असमीना खातून बेहोश हो गई। 

इधर इस घटना के बाद स्कूल पहुंचे कार्यपालक दंडाधिकारी हंस हेम्ब्रम ने घटना की विस्तृत जांच की। जांच के दौरान कार्यपालक दंडाधिकारी ने बताया की मामले की जांच की जा रही है बच्चियों की स्थिति अब ठीक है।

 उन्होंने बताया की मौके पर मौजूद थाना प्रभारी को पूरे मामले की जांच कर संबंधित व्यक्ति के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर कड़ी कार्रवाई करने का भी निर्देश दे दिया गया है, दोषी को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जायेगा।