Bihar

Sep 08 2023, 09:22

मौसम अलर्ट : प्रदेश के उत्तर, दक्षिण-पश्चिमी और दक्षिण-मध्य बिहार में हो सकता है वज्रपात, 19 जिलों में मध्यम बारिश के आसार

डेस्क : प्रदेश में एकबार फिर बारिश की छिटपुट गतिविधियां बनी हुई हैं। बादलों की आवाजाही और नमी के प्रवाह की वजह से उमस की स्थिति भी है। इस बीच मौसम विज्ञान केंद्र ने आज शुक्रवार को राज्य के 19 जिलों में आंशिक से मध्यम बारिश के आसार जताये हैं। 

मौसम विभाग की ओर से आज शुक्रवार को रोहतास, कैमूर, बांका और गया में भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है। साथ ही राज्य के उत्तर-पश्चिम और दक्षिण-पश्चिम भाग में आंशिक से मध्यम बारिश हो सकती है। पटना में आंशिक बादलों की आवाजाही रहेगी। उमस बढ़ने पर बारिश संभावित है। वहीं उत्तर, दक्षिण-पश्चिमी और दक्षिण-मध्य बिहार में शुक्रवार को वज्रपात का भी अलर्ट जारी किया है।

बीते गुरुवार की शाम पटना में अचानक घने बादल छाये। हालांकि छिटपुट बारिश के बाद बाद वैशाली की ओर बढ़ गए। वहीं गया में 14.6 मिमी बारिश दर्ज की गई। जबकि सुपौल के निर्मली में 53 मिमी, मधेपुरा में 40.6 मिमी, नालंदा के गिरियक में 35.4, भागलपुर के कहलगांव में 30.4, गोपालगंज के बरौली में 30.2, नालंदा के इस्लामपुर में 29.8, भभुआ के अधवारा में 28.4, रोहतास के नौहट्टा में 26.2, कटिहार के अमदाबाद में 24.8, औरंगाबाद के नवीनगर में 24.4, नौगछिया में 22.8, बक्सर के नवानगर में 22.6, बीहपुर में 21.4, कुशेश्वर स्थान में 21.2 मिमी बारिश हुई।

Bihar

Sep 07 2023, 10:57

बिहार में डेंगू मरीजों की संख्या पहुंची 390 के पार, पटना बना हॉट स्पॉट

डेस्क : डेंगू मरीजों की संख्या में हर रोज वृद्धि हो रही है। बुधवार को राज्य में डेंगू मरीजों की संख्या बढ़कर 390 पहुंच गई। इसमें सबसे अधिक पटना में 146 तो भागलपुर में डेंगू मरीजों की संख्या बढ़कर 133 हो गई। वैशाली, गया, बांका में भी मरीजों की संख्या बढ़ रही है। डेंगू के बढ़ते मामले को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग ने जांच में और तेजी लाने का निर्णय लिया है ताकि मरीजों की वास्तविक जानकारी मिल सके।।

इधर राजधानी में डेंगू तेजी से पांव पसार रहा है। बुधवार को जारी रिपोर्ट के अनुसार पटना में डेंगू के 33 मरीज पाए गए हैं। इनमें से 17 मरीज निजी अस्पतालों में भर्ती है। सबसे ज्यादा पांच-पांच मरीज रूबन और पारस अस्पताल में भर्ती है। वहीं साई अस्पताल में चार, मेदांता में दो और जगदीश मेमोरियल में एक मरीज भर्ती हैं। पटना में 14 हॉटस्पॉट चिह्नित किए गए हैं। पाटलीपुत्रा अंचल के मोहल्ले हॉट स्पॉट बने हुए हैं। राजधानी के 33 मरीजों में एक तिहाई पाटलीपुत्रा अंचल में पाए गए हैं।

बुधवार से मच्छरों को मारने के लिए फॉगिंग और एंटी लार्वा का छिड़काव करने के लिए विशेष अभियान शुरू किया है। नगर निगम के 375 कर्मचारियों को इसकी जिम्मेदारी सौंपी गई है। आज से टीम ने अपना काम शुरू कर दिया है। 

महपौर सीता साहू और नगर आयुक्त अनिमेष पराशर ने बुधवार को निगम मुख्यालय से इस टीम को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। ये रोजाना दिन में नगर निगम क्षेत्र के सभी वार्डों में 18 हजार से अधिक घरों में फॉगिंग और एंटी लार्वा का छिड़काव करेंगे। बुधवार को नगर निगम मुख्यालय में सभी वार्ड में तैनात सुपरवाइजर की बैठक हुई। 

नगर आयुक्त अनिमेष पराशर ने एक सुपरवाइजर को प्रतिदिन 50 घरों में फॉगिंग और एंटी लार्वा का छिड़काव का लक्ष्य दिया। 375 सुपरवाइजर प्रतिदिन 18 हजार 750 घरों में फॉगिंग कराएंगे। फॉगिंग रोज की जाएगी। यह अभियान एक महीने चलेगा। नगर निगम ने डेंगू पर नियंत्रण के लिए शुरू किए गए विशेष अभियान के तहत सभी सुपरवाइजर को नया रजिस्टर दिया है। इसमें पूरा विवरण दर्ज करना है।

Bihar

Sep 07 2023, 09:58

बिहार के इन 6 छात्र-छात्राओं ने बढ़ाया प्रदेश का मान, बाल वैज्ञानिक बनकर करेंगे जापान की सैर

डेस्क : सरकारी स्कूल के विद्यार्थी भी अब बाल वैज्ञानिक बनकर जापान की सैर करेंगे। सूबे के पांच सरकारी स्कूलों के छह बाल वैज्ञानिकों का चयन सकुरा विज्ञान एक्सचेंज (विनिमय) कार्यक्रम के तहत किया गया है। ये सभी विभिन्न उच्च माध्यमिक स्कूल के 11वीं और 12वीं के विद्यार्थी हैं। इन सभी छात्र-छात्राओं को दिसंबर में जापान ले जाया जाएगा।

केंद्रीय शिक्षा मंत्रालय के स्कूल शिक्षा एवं साक्षरता विभाग ने बुधवार को इसकी जानकारी सभी छात्रों को दी। देशभर से 60 बाल वैज्ञानिकों का चयन किया गया है। चयन के लिए मैट्रिक के अंक और विज्ञान प्रतियोगिता में छात्रों की अलग-अलग उपलब्धि को देखा जाता है। पहली बार बिहार के सरकारी स्कूल के छात्रों को इसमें शामिल होने का मौका मिला है। अब तक इसमें ज्यादातर निजी स्कूल के छात्र ही चयनित होते थे।

इन विद्यार्थियों का हुआ चयन

1. मो. रुमान अशरफ, प्लस टू इस्लामिया हाई स्कूल, शेखपुरा

2. सुधांशु कुमार, पटना कॉलेजिएट स्कूल, पटना

3. अभिषेक कुमार चौधरी, पटना कॉलेजिएट स्कूल, पटना

4. निर्जला कुमारी, महादेव हाई स्कूल खुशरुपुर, पटना

5. सानिया कुमारी, प्रोजेक्ट गर्ल्स इंटर स्कूल रजौली, नवादा

6. मुस्कान कुमारी, टीएस कॉलेज हिसुआ, नवादा

ये सभी विद्यार्थी इंस्पायर से लेकर चिल्ड्रेन साइंस कांग्रेस व कई विज्ञान प्रतियोगिताओं में राष्ट्रीय स्तर पर विजेता रहे हैं। निर्जला कुमारी ने ऑटोमेटिक चलनी बनाकर इंस्पायर में टॉप-दस में जगह बनाई थी। वहीं, मुस्कान ने ऑटोमेटिक ड्रेनेज सिस्टम का मॉडल बनाकर इंस्पायर में टॉप-पांच में जगह बनाई थी। सात देशों भारत, इंडोनेशिया, मलेशिया, नेपाल, श्रीलंका, थाईलैंड और वियतनाम के साथ जापान विज्ञान विनिमय कार्यक्रम चलाता है। चयनित छात्रों को एक माह तक सकुरा साइंस क्लब की गतिविधियों से परिचय करवाया जाता है।

Bihar

Sep 07 2023, 09:56

संसद का विशेष सत्र बुलाए जाने पर बरसे जदयू के राष्ट्रीय अध्यक्ष ललन सिंह, केन्द्र सरकार पर लगाया यह बड़ा आरोप

डेस्क : संसद का विशेष सत्र बुलाए जाने पर जदयू के राष्ट्रीय अध्यक्ष ललन सिंह ने केन्द्र सरकार को निशाने पर लिया है। उन्होंने कहा है कि ये लोग पहले सेशन का एजेंडा तो बताएं। ऐसा कभी कहीं हुआ है आजतक? सेशन बुला लिये हैं, उसमें क्या बहस करने वाले हैं किसी सांसद को नहीं पता है। ये लोग (भाजपा वाले) लोकतंत्र को खत्म कर रहे हैं। लोकतंत्र को अपनी मर्जी से चला रहे हैं।

पत्रकारों से बातचीत में उन्होंने नरेन्द्र मोदी को निशाने पर लेते हुए कहा कि ये लोग सारा इतिहास बदल रहे हैं। ये चाहते हैं कि देश का इतिहास बापू के नाम से हटा कर नरेंद्र मोदी के नाम से कर दिया जाए। 

ललन सिंह ने कहा कि ‘इंडिया’ शब्द से इन लोगों की घबराहट साफ दिख रही है। यह लोग हताशा में हैं इसलिए नाम बदलेंगे, नाम बदलने से क्या होगा? इस देश की जनता में बीजेपी के खिलाफ जो अविश्वास है उसको कैसे मिटाएंगे? 

वहीं केन्द्रीय गृह मंत्री अमित शाह के बिहार दौरे पर ललन सिंह ने कहा कि वह आते रहें, जहां मन करे वहां घूमते रहें, किसने रोका है?

Bihar

Sep 06 2023, 18:11

बिहार में बढ़ते डेंगू के प्रकोप को लेकर विपक्ष सरकार पर हुई हमलावर, नेता प्रतिपक्ष ने राज्य सरकार पर सतर्क नहीं रहने का लगाया आरोप*

डेस्क : बिहार में डेंगू तेजी से पांव पसार रहा है। डेंगू मरीजों की संख्या 300 से अधिक हो गई है। पटना और भागलपुर जिले में सबसे अधिक डेंगू के मरीज मिल रहे हैं। मंगलवार की शाम तक राज्य में डेंगू के मरीजों की संख्या 325 हो गई। सबसे अधिक भागलपुर में 119 डेंगू के मरीज हैं।

इधर डेंगू के बढ़ते प्रकोप के लिए विपक्ष ने सरकार को जिम्मेवार ठहराया है। बिहार विधान सभा में नेता प्रतिपक्ष विजय कुमार सिन्हा ने कहा कि बिहार में तेजी से डेंगू फैल रहा है। मंगलवार को जारी बयान में उन्होंने आरोप लगाया कि समय रहते सरकार के सतर्क नहीं होने के कारण ही राज्य में डेंगू महामारी का रूप धारण कर रहा है।

उन्होंने कहा कि बरसात का मौसम शुरू होने के पहले सरकार को निषेधात्मक कार्रवाई करनी चाहिए थी। इसके तहत नालों की उड़ाही, डीडीटी का छिड़काव और जल जमने वालों स्थलों की साफ-सफाई होनी थी। लेकिन, इस पर ध्यान नहीं दिया गया। अब स्थिति भयावह हो गई है। सरकारी अस्पतालों में डेंगू पीड़ितों के उपचार की व्यवस्था दयनीय है। पटना में लोग डेंगू होने पर निजी अस्पतालों में भर्ती हो रहे हैं।

बेड का अभाव, दवा की कमी, गन्दगी का अंबार और खराब डाइग्नोस्टिक मशीन के कारण लोग सरकारी अस्पतालों में जाने से कतरा रहे हैं। एक वर्ष पूर्व महागठबंधन सरकार बनने के वाद स्वास्थ्य मंत्री तेजस्वी यादव ने ताम-झाम के साथ मिशन 60 की शुरुआत की थी। कहा था कि सभी सरकारी अस्पतालों की हालत बदलेगी लेकिन स्थिति में सुधार नहीं हुआ। सरकार को डेंगू पर अविलंब संज्ञान लेना चाहिए।

Bihar

Sep 06 2023, 15:01

सनातन धर्म और इंडिया-भारत को लेकर मचे बवाल को लेकर जदयू के वरिष्ठ नेता व मंत्री विजय चौधरी ने भाजपा पर लगाया यह बड़ा आरोप

डेस्क : दयानिधि के सनातन धर्म पर दिये गए विवादित बयान और देश का नाम इंडिया की जगह सिर्फ भारत किये जाने को लेकर सियासत जारी है। इसी बीच जदयू के वरिष्ठ नेता व बिहार सरकार के मंत्री विजय कुमार चौधरी ने बीजेपी पर बड़ा आरोप लगाया है। 

उन्होंने कहा है कि विपक्षी दलों के विरुद्ध मुद्दाविहीनता की स्थिति के कारण ही भाजपा सनातन धर्म या इंडिया-भारत की बात को तूल देने की कोशिश कर रही है। उन्होंने कहा कि अगर किसी ने नादानी में सनातन धर्म को नाश करने की बात कर डाली तो गृह मंत्री समेत पूरा केंद्रीय मंत्रिमंडल एवं भाजपा नेता इसे राष्ट्रीय विवाद का विषय बना रहे हैं।

विजय कुमार चौधरी ने कहा है कि वे भी ऐसा करके सनातन धर्म को प्रतिष्ठित या मर्यादित नहीं कर रहे हैं। सब लोग जानते हैं कि कोई धर्म करोड़ों लोगों की आस्था से सम्मानित होता है और सनातन धर्म या किसी दूसरे धर्म को कोई चाह कर भी मिटा नहीं सकता। किसी दूसरे धर्म के अनुयायी की भावना को ठेस पहुंचाने वाला व्यक्ति स्वयं के धर्म के विरुद्ध आचरण करता है। 

श्री चौधरी ने इंडिया का नाम बदलकर भारत करने संबंधी आरएसएस एवं भाजपा नेताओं के बयान पर कहा कि संविधान के प्रथम अनुच्छेद में ही हमलोगों ने अपने देश का नाम ‘इंडिया’ और ‘भारत’ दोनों अंगीकार किया है। राजनीतिक पसंद या नापसंद के कारण हम संविधान की तौहीन नहीं कर सकते। दरअसल, भाजपा नेताओं की न तो स्वतंत्रता संग्राम में कोई भूमिका थी और न ही संविधान निर्माण में इनका कोई योगदान था। इसलिए ऐसी चीजों के प्रति इन लोगों में संवेदनशीलता का पूर्ण अभाव रहना स्वाभाविक है।

Bihar

Sep 06 2023, 11:14

बिहार में डेंगू मरीजों की संख्या पहुंची 300 के पार, सीएम के निर्देश पर स्वास्थ्य विभाग हुआ अलर्ट

डेस्क : बिहार में डेंगू तेजी से पांव पसार रहा है। डेंगू मरीजों की संख्या 300 से अधिक हो गई है। पटना और भागलपुर जिले में सबसे अधिक डेंगू के मरीज मिल रहे हैं। मंगलवार की शाम तक राज्य में डेंगू के मरीजों की संख्या 325 हो गई। सबसे अधिक भागलपुर में 119 डेंगू के मरीज हैं।

वहीं दूसरे पायदान पर रहे पटना में डेंगू मरीजों की संख्या 99 हो गई है। अन्य जिलों में बेगूसराय, गया, बांका, वैशाली व भोजपुर में डेंगू मरीजों की संख्या 10-10 है। बाकी 31 जिलों में डेंगू मरीजों की संख्या 10 से कम है। 

डेंगू के बढ़ते मामले को देखते हुए ही सोमवार को मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने स्वास्थ्य विभाग को कई निर्देश दिया था। मुख्यमंत्री के निर्देश के साथ ही स्वास्थ्य विभाग अलर्ट मोड में आ गया है। अस्पतालों और ब्लड बैंकों ने पूरी तैयारी की है। सभी जिला अस्पतालों में मच्छरदानी के साथ-साथ दस बेड सुरक्षित कर दिया गया है। जिला अस्पताल व मेडिकल कॉलेज में डेंगू जांच से संबंधित किट उपलब्ध करा दिये गये हैं। राज्य स्वास्थ्य समिति, पटना में राज्य स्तर पर 104 कॉल सेंटर सह नियंत्रण कक्ष स्थापित किया गया है। साथ ही मुख्य मलेरिया कार्यालय, स्वास्थ्य भवन, सुल्तानगंज पटना में भी नियंत्रण कक्ष स्थापित किया गया है, जिसका फोन नंबर 0612 - 2370131 है। 

डेंगू के बढ़ते मामले को देखते हुए मंगलवार को स्वास्थ्य विभाग के अपर मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत ने उच्चस्तरीय बैठक की। अपर मुख्य सचिव के निर्देश पर स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी जिलों में रवाना हो गए। आरएमआरआई की टीम भागलपुर के दौरे पर है। जबकि राज्य स्वास्थ्य समिति के राज्य कार्यक्रम पदाधिकारी डॉ. अशोक खुद बेगूसराय का दौरा कर रहे हैं। डॉ. कुमार ने कहा कि डेंगू की रिपोर्ट रोज जिलों से ली जा रही है, जिसमें डेंगू जांच किट एवं दैनिक खपत, भर्ती एवं डिस्चार्ज की अद्यतन स्थिति, प्लेटलेट्स की उपलब्धता एवं दैनिक खपत की जानकारी शामिल है।

Bihar

Sep 06 2023, 10:34

बिहार के इन जिलों में आकाश से बरसी आफत, 7 की मौत 1 महिला समेत 2 गंभीर रुप से घायल

डेस्क : बिहार में बीते मंगलवार को आसमान से मौत बरसी। राज्य में ठनका गिरने से सात लोगों की मौत हो गई। जबकि एक महिला और एक युवक घायल है। इस प्राकृतिक आपदा की चपेट में आने से रोहतास में चार और सारण में तीन लोग असमय ही काल के गाल में समा गए।

रोहतास में अलग-अलग जगहों पर चार की जान गई। जिले के दरिगांव के मलांव में दो बच्चों जबकि बड्डी ओपी में एक बच्ची और चेनारी के खदौली गांव में एक महिला की मौत हुई है। मलांव व सिकुही गांव में बकरी चराने के दौरान ठनका से मौत हुई। जबकि चेनारी के खदौली गांव में मवेशी चरा रही महिला वज्रपात की शिकार हुई। 

उधर, सारण के भेल्दी सरायबक्स चंवर में ठनका गिरने से कटसा पंचायत के वार्ड सदस्य अशोक राय (45) व उनके पुत्र आदित्य कुमार और पारस राय के पुत्र रोहित कुमार की मौत हो गई। वहीं, वार्ड सदस्य का भतीजा अंकित कुमार झुलस गया। 

वार्ड सदस्य अशोक राय अपने पुत्र आदित्य व भतीजे अंकित के साथ धान के खेत में खाद का छिड़काव के लिए गए थे। इसी दौरान हल्की बारिश के साथ ठनका गिरने से सभी चपेट में आ गए। काफी देर बाद भी घर नहीं लौटने पर परिजन खेत पहुंचे तो देखा कि सभी मूर्छित पड़े हैं। सभी को इलाज के लिए छपरा सदर अस्पताल लाया गया। वार्ड सदस्य अशोक राय, उनके पुत्र आदित्य कुमार व रोहित की मौत इलाज के दौरान हो गई। वहीं अंकित की स्थिति नाजुक है।

Bihar

Sep 06 2023, 09:57

सीएम नीतीश कुमार ने सिंचाई भवन के जीर्णोद्धार, पुनर्विकास एवं बेसमेंट निर्माण कार्य का किया उद्घाटन, लोगों से किया यह आह्वान

डेस्क : मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने मंगलवार को सिंचाई भवन के जीर्णोद्धार, पुनर्विकास एवं बेसमेंट निर्माण कार्य का उद्घाटन किया। वहीं मुख्यमंत्री ने नवनिर्मित भूमितल पार्किंग एवं ऊपरी तल पार्किंग का निरीक्षण भी किया। इस क्रम में अधिकारियों ने मुख्यमंत्री को योजना से जुड़ी तमाम जानकारी दी। 

पुराना सचिवालय परिसर में नवनिर्मित भूमितल पार्किंग एवं ऊपरी तल पार्किंग में वाहनों के पार्क करने की कुल क्षमता 443 है। भूमितल पार्किंग में 256 गाड़ियों के पार्किंग की व्यवस्था है। इनमें से 176 चार पहिया वाहन और 80 दो पहिया वाहन एक साथ पार्क की जा सकती है। वहीं ऊपरी तल पार्किंग में वाहन पार्क करने की क्षमता 187 है जिसमें 117 चार पहिया वाहन व 70 दो पहिया वाहन खड़ी की जा सकती है।

मुख्यमंत्री ने नवनिर्मित पार्किंग की सराहना करते हुए कहा कि यहां वाहन पार्किंग की व्यवस्था बहुत ही अच्छे ढंग से की गयी है। बेतरतीब ढंग से लोग अपने वाहनों को पार्क न करें इसलिए इसके इस्तेमाल करने का तरीका भी लोगों को बताएं। 

इस अवसर पर उपमुख्यमंत्री तेजस्वी यादव, वित्त मंत्री विजय कुमार चौधरी, भवन निर्माण मंत्री अशोक चौधरी, ग्रामीण विकास मंत्री श्रवण कुमार, खाद्य एवं उपभोक्ता संरक्षण मंत्री लेशी सिंह, विधि मंत्री शमीम अहमद, अल्पसंख्यक कल्याण मंत्री मो. जमां खान, विज्ञान एवं प्रावैधिकी मंत्री सुमित कुमार सिंह, श्रम संसाधन मंत्री सुरेन्द्र राम, सूचना एवं प्रावैधिकी मंत्री इसराईल मंसूरी, मंत्री जयंत राज, आपदा प्रबंधन मंत्री शाहनवाज, पंचायती राज मंत्री मुरारी प्रसाद गौतम, एससी-एसटी कल्याण मंत्री रत्नेश सादा, मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव दीपक कुमार, मुख्य सचिव आमिर सुबहानी, जल संसाधन एवं लघु जल संसाधन विभाग के अपर मुख्य सचिव चैतन्य प्रसाद, मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव डॉ. एस. सिद्धार्थ, मुख्यमंत्री के सचिव अनुपम कुमार, भवन निर्माण विभाग के सचिव कुमार रवि, वरीय पुलिस अधीक्षक राजीव मिश्रा उपस्थित थे।

Bihar

Sep 06 2023, 09:15

श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के पावन पर्व के अवसर पर सीएम नीतीश कुमार ने प्रदेश व देशवासियों को बधाई और शुभकामनाएं दी

डेस्क : इसबार जन्माष्टमी दो दिन मनाया जा रहा है। बिहार सरकार ने आज 6 सितंबर को जन्माष्टमी का अवकाश घोषित किया है। वहीं पंडितों के अनुसार जन्माष्टमी कल यानि 7 सितंबर को मनाई जायेगी। 

इधर बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के पावन पर्व के अवसर पर प्रदेश व देशवासियों को बधाई और शुभकामनाएं दी हैं।

अपने बधाई संदेश में मुख्यमंत्री ने कहा कि भारतीय संस्कृति और परम्परा में पर्व-त्योहारों की एक लंबी श्रृंखला है, जो हमारी सांस्कृतिक विरासत एवं विविधता में एकता का प्रतीक है। 

प्रतिवर्ष भादो माह के कृष्ण पक्ष की अष्टमी तिथि को भगवान श्रीकृष्ण का जन्मोत्सव जन्माष्टमी के त्योहार के रूप में बड़े धूमधाम से पारम्परिक रीति रिवाज के अनुसार लोग मनाते हैं। 

इस अवसर पर भगवान श्रीकृष्ण के आदर्शों और उनके कर्मयोग के उपदेश को लोग आत्मसात करने का संकल्प लेते हैं। साथ ही अपने सुख, समृद्धि एवं सफलता की कामना करते हैं।