अगले 36 घंटे में रफ़्तार पकड़ेगा चक्रवात ‘बिपरजॉय’, कई राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट, 50-60 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चलेंगी हवाएं
#cyclonebiparjoyupdateimdissued_alert
![]()
चक्रवात बिपरजॉय भारत की ओर तेजी से बढ़ रहा है।देश के तटीय इलाकों में चक्रवाती तूफान ‘बिपरजॉय’ का खतरा मंडरा रहा है। मौसम विभाग की माने तो आज बिपरजॉय और भी भयानक रूप ले सकता है। इसके बाद यह गंभीर चक्रवाती तूफान बन सकता है। इस तूफान का असर कई तटीय इलाकों में देखने को मिल सकता है।भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने कहा है कि चक्रवात बिपरजॉय अगले 36 घंटे में तीव्र होने वाला है और अगले दो दिन में उत्तर-उत्तर-पश्चिम की ओर बढ़ेगा।
आईएमडी ने शुक्रवार को माइक्रो-ब्लॉगिंग वेबसाइट ट्विटर पर एक पोस्ट में कहा की बहुत गंभीर चक्रवाती तूफान बिपरजॉय 8 जून को रात 11:30 बजे पूर्व-मध्य अरब सागर के ऊपर मौजूद था, जो गोवा से 840 किलोमीटर पश्चिम-दक्षिण पश्चिम और मुंबई से 870 किलोमीटर पश्चिम-दक्षिण पश्चिम में स्थित था।यह अगले 36 घंटे के दौरान धीरे-धीरे गति पकड़ेगा और अगले 2 दिन में यह उत्तर-उत्तर-पश्चिम की ओर बढ़ेगा..."
गुजरात में असर दिखना शुरू
भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) का कहना है कि अगले दो दिनों में उत्तर से उत्तर पश्चिम की ओर बढ़ेगा। गुजरात में इसका असर दिखना शुरू हो गया है। गुजरात के वलसाड में समुद्र किनारे तेज लहरें उठ रही हैं। इसके अलावा गुजरात के सूरत में भी तूफान का असर देखने को मिल रहा है, डुमस और सुवाली में ऊंची लहरें उठ रही है जिसके बाद कोस्टल एरिया को 14 जून तक के लिए बंद कर दिया गया है। तेज हवाओं के कारण कई जगह बैनर पोस्टर फट गए हैं। इतना ही नहीं पर्यटकों को भी सावधानी बरतने के लिए कहा गया है और बीच पर जाने पर मनाही हो गई है। इसके साथ ही मछुआरों की भी समुद्र में जाने से साफ मना कर दिया गया है।
देश के चार राज्यों में दिखेगा असर
देश के चार राज्यों में अगले 36 घंटों में बिपरजॉय का असर दिखने की आशंका है।4 राज्यों- कर्नाटक-गोवा-महाराष्ट्र और गुजरात में सतर्कता बरती जा रही है। मौसम विभाग ने कहा कि दक्षिण भारतीय क्षेत्र में अगले चार दिनों में बारिश होने की संभावना है। जहां केरल और तटीय कर्नाटक में सोमवार तक भारी बारिश होने की संभावना है, वहीं लक्षद्वीप में रविवार तक बारिश होगी। इसके अलावा, केरल के आठ जिलों को शुक्रवार को यलो अलर्ट पर रखा गया था। इन जिलों में तिरुवनंतपुरम, कोल्लम, पठानमथिट्टा, अलाप्पुझा, कोट्टायम, इडुक्की, कोझिकोड और कन्नूर शामिल हैं। वहीं, शुक्रवार को वेल्लोर जिले में तेज हवाओं के साथ भारी बारिश हुई, कुछ स्थानों पर ओलावृष्टि भी दर्ज की गई। चेन्नई क्षेत्रीय मौसम विज्ञान केंद्र वेल्लोर के अनुसार 5.5 सेमी बारिश दर्ज की गई है।
मछुआरों को समुद्र में न जाने की दी गई सलाह
भारत मौसम विज्ञान विभाग ने शुक्रवार को जानकारी दी कि चक्रवात बिपरजॉय अगले 36 घंटों में तेज होने वाला है और अगले दो दिनों में उत्तर और उत्तर-पश्चिम की ओर बढ़ेगा। इसी के चलते मौसम विभाग ने मछुआरों को केरल, कर्नाटक और लक्षद्वीप के तट से दूर रहने की सलाह दी है।
बता दें कि इससे पहले ये चक्रवाती तूफान पूर्व-मध्य और उससे सटे दक्षिण-पूर्व अरब सागर के ऊपर स्थित था। आईएमडी के मुताबिक, ये चक्रवाती तूफान केरल के मानसून पर भी असर डाल रहा है, जिससे मानसून की रफ्तार लगातार धीमी पड़ी हुई है। अगले 36 घंटों में भारत समेत पाकिस्तान, ईरान और अरब सागर से सटे देशों पर भी इसके असर की आशंका जताई जा रही है।
Jun 10 2023, 10:49