परिसन के मुद्दे पर इंडिया गठबंधन की बैठक से शरद गुट ने बनाई दूरी, कांग्रेस ने याद दिलाया ये 'एहसान'
#maharashtracongressslamsncpspoverdelimitationbillsupport
लोकसभा में प्रस्तावित परिसीमन बिल को लेकर सियासत तेज होती जा रही है। परिसीमन और लोकसभा सीटों के पुनर्गठन को लेकर विपक्षी दलों के बीच साझा रणनीति बनाने की कोशिश हो रही है। जिसको लेकर आज शनिवार को इस अहम मसले पर इंडिया ब्लॉक की मीटिंग बुलाई गई है। परिसीमन बिल के मुद्दे पर विपक्षी दलों के बीच सहमति बनाने की कोशिशों के बीच राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शरदचंद्र पवार) गुट ने गठबंधन की बैठक में शामिल नहीं होने का ऐलान किया है। इसके साथ ही इंडिया गठबंधन को अपने एक मजबूत सहयोगी से बड़ा झटका लगा है। जिसके बाद महाराष्ट्र में कांग्रेस ने अपने सहयोगी दल राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शरदचंद्र पवार) यानी एनसीपी-एसपी पर निशाना साधा है।
सामने आई कांग्रेस की बौखलाहट
महाराष्ट्र प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने शरद पवार और सुप्रिया सुले को याद दिलाया कि इसी साल राज्यसभा चुनाव के दौरान कांग्रेस ने शरद पवार की उम्मीदवारी का समर्थन करने के लिए अपनी सीट पर दावा छोड़ दिया था। कांग्रेस ने सवाल उठाया कि जिस पार्टी की मदद से शरद पवार राज्यसभा पहुंचे, अब वही पार्टी भाजपा के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार के परिसीमन विधेयक का समर्थन करने जा रही है।
एनसीपी-एसपी के रुख से कांग्रेस नाराज
महाराष्ट्र कांग्रेस ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर एनसीपी-एसपी के रुख पर नाराजगी जताई। पार्टी ने कहा कि 85 साल की उम्र में शरद पवार को राज्यसभा भेजने के लिए कांग्रेस अंत तक उनके साथ खड़ी रही थी। कांग्रेस के मुताबिक, मार्च 2026 में महाराष्ट्र की सात राज्यसभा सीटों के लिए चुनाव होना था। उस समय एक उम्मीदवार को जीतने के लिए 36 वोटों की जरूरत थी। एनसीपी-एसपी के पास केवल 10 विधायक थे, जबकि कांग्रेस के पास 16 और शिवसेना (उद्धव बालासाहेब ठाकरे) के पास 20 विधायक थे।
कांग्रेस ने याद दिलाया एहसान
कांग्रेस ने अपने सोशल मीडिया पोस्ट में आगे कहा, शरद पवार की बेटी और सांसद सुप्रिया सुले ने उनकी उम्मीदवारी के लिए कांग्रेस नेतृत्व से समर्थन मांगा था। इसके बाद राहुल गांधी और मल्लिकार्जुन खरगे ने बिना किसी हिचकिचाहट के समर्थन देने पर सहमति जताई। कांग्रेस ने अपनी सीट पर दावा छोड़कर शरद पवार की उम्मीदवारी का समर्थन किया। बाद में उद्धव ठाकरे की शिवसेना ने भी उनका साथ दिया और महा विकास आघाड़ी ने सर्वसम्मति से उनकी उम्मीदवारी को मंजूरी दी।
सुप्रिया सुले ने बैठक में शामिल होने में जताई असमर्थता
बता दें कि आज सुबह 11:30 बजे इंडिया गठबंधन की बैठक प्रस्तावित है। इससे एक दिन पहले शुक्रवार को सुप्रिया सुले ने बैठक में शामिल होने में असमर्थता जताई थी। उन्होंने कहा था कि पिता शरद पवार के हॉस्पिटल में एडमिट होने की वजह से वह मुंबई में ही रहेंगी। सुप्रिया सुले 30 नवंबर को दिल्ली आएंगी और सीधे संसद सत्र में शामिल होंगी।
क्या है परिसीमन बिल?
परिसीमन बिल के तहत सभी राज्यों में लोकसभा सीटों की संख्या समान रूप से 50 प्रतिशत बढ़ाने का प्रावधान है। सरकार अगले हफ्ते संसद में इसे पेश कर सकती है। बता दें कि परिसीमन किसी देश या विधायी निकाय वाले प्रांत में क्षेत्रीय निर्वाचन क्षेत्रों की सीमाएं तय करने की प्रक्रिया है। परिसीमन का काम परिसीमन आयोग या सीमा आयोग के नाम से जाने जाने वाले उच्चाधिकार प्राप्त निकाय को सौंपा जाता है। भारत में परिसीमन आयोग अधिनियम के तहत अब तक चार बार परिसीमन आयोग गठित किए गए हैं। इनका गठन वर्ष 1952, 1963, 1973 और 2002 में हुआ था। विपक्षी दलों ने असम और जम्मू-कश्मीर में हुए परिसीमन का हवाला देते हुए निर्वाचन क्षेत्रों की सीमाओं में हेरफेर किए जाने की आशंका जताई है। विपक्षी दलों की आशंका है कि चुनावी लाभ हासिल करने के लिए निर्वाचन क्षेत्रों की सीमाओं में जानबूझकर बदलाव किया जा रहा है। लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने बीजेपी पर 2029 के आम चुनाव से पहले अपने फायदे के लिए देश का चुनावी नक्शा फिर से तैयार करने की कोशिश करने का आरोप लगाया है।







32 min ago
- Whatsapp
- Facebook
- Linkedin
- Google Plus
0- Whatsapp
- Facebook
- Linkedin
- Google Plus
0.8k