दलाई लामा को लुटियंस दिल्ली में मिला सरकारी बंगला, केंद्र सरकार का बड़ा फैसला
#dalailamanewresidencegovernmentbungalowinlutyensdelhi
केंद्र की नरेन्द्र मोदी सरकार ने तिब्बती आध्यात्मिक गुरु दलाई लामा के कार्यालय 'गादेन फोडरंग ट्रस्ट' को लुटियंस दिल्ली के वीआईपी इलाके में एक सरकारी बंगला आवंटित किया है। विदेश मंत्रालय के अनुरोध पर यह आवंटन किया गया है। हालांकि, आवास एवं शहरी कार्य मंत्रालय ने अभी तक इस बारे में आधिकारिक जानकारी नहीं दी है। सूत्रों के अनुसार, दलाई लामा को पंडित रविशंकर शुक्ला लेन स्थित बंगला आवंटित किया गया है।
![]()
तीन साल के लिए मिलता है सरकारी आवास
केंद्र सरकार ने आध्यात्मिक गुरु दलाई लामा और उनके कार्यालय 'गादेन फोडरंग ट्रस्ट' को लुटियंस दिल्ली में एक टाइप-7 सरकारी बंगला आवंटित किया है। इससे राष्ट्रीय राजधानी में उनके दौरों के लिए एक स्थायी ठिकाना मिल गया है। नियमों के तहत, इस तरह के सरकारी आवास सामान्यतः तीन साल की अवधि के लिए हस्तांतरित किए जाते हैं, जिनमें आगे विस्तार का प्रावधान भी रहता है।
निर्वासित तिब्बती संसद ने खबर का किया स्वागत
निर्वासित तिब्बती संसद की स्पीकर डोलमा त्सेरिंग ने इस खबर का स्वागत करते हुए इसे बहुत अच्छी खबर बताया। उन्होंने कहा कि इस आवास से दलाई लामा के लिए राष्ट्रीय राजधानी का दौरा करना और दिल्ली में रुकना काफी सुविधाजनक और आरामदायक हो जाएगा। इस फैसले का स्वागत करते हुए, निर्वासित तिब्बती संसद और इसकी स्थायी समिति के सदस्य चोदक ग्यात्सो ने कहा कि जब हमारे पास अपना कोई देश नहीं था, तब भारत सरकार ने हमें शरण दी। हमने अपना देश खो दिया था, तब भारत ने हमें धर्मशाला में जगह दी, स्कूल और कई ऐसे संस्थान दिए जो हमारी संस्कृति को बचाए रखने में मदद करते हैं। हाल ही में दिल्ली के अपने आधिकारिक दौरे को याद करते हुए, जिसके दौरान चोदक ग्यात्सो ने कई सांसदों से मुलाकात की थी। ग्यात्सो ने बताया कि वे खुद तिब्बती डिप्टी स्पीकर के साथ उस बंगले को देखने गए थे, उन्होंने इस मौके को एक बड़ा सम्मान बताया।
क्या है गादेन फोडरंग ट्रस्ट?
'गादेन फोडरंग' मूल रूप से तिब्बत की राजधानी ल्हासा स्थित ड्रेपुंग मठ में दलाई लामा के निवास और ऐतिहासिक तिब्बती प्रशासनिक केंद्र का नाम रहा है। 1959 में तिब्बत से निर्वासित होकर भारत आने के बाद दलाई लामा ने धर्मशाला को अपना केंद्र बनाया। साल 2011 में जब 14वें दलाई लामा ने स्वेच्छा से अपनी राजनीतिक शक्तियां एक निर्वाचित तिब्बती नेतृत्व को सौंप दीं, तब उनके कार्यालय को धर्मशाला में एक निजी ट्रस्ट के रूप में पंजीकृत किया गया था। स्वयं दलाई लामा इस ट्रस्ट के चेयरमैन हैं। यह ट्रस्ट दलाई लामा की संस्था और उनके आध्यात्मिक कार्यों को संरक्षित रखने, मानवीय मूल्यों व अंतर-धार्मिक सद्भाव को बढ़ावा देने, तिब्बती संस्कृति व पहचान की रक्षा करने, पर्यावरण संरक्षण और प्राचीन भारतीय ज्ञान की समझ को आगे बढ़ाने के लिए काम करता है। इसके अलावा, भविष्य में 14वें दलाई लामा के पुनर्जन्म (उत्तराधिकारी) की पहचान करने की प्रक्रिया में भी इस ट्रस्ट की भूमिका को बेहद निर्णायक माना जाता है।




5 hours ago
- Whatsapp
- Facebook
- Linkedin
- Google Plus
0- Whatsapp
- Facebook
- Linkedin
- Google Plus
1.4k