/home/streetbuzz1/public_html/testnewsapp/system/../storage/avatars/thumbs1/_noavatar_user.gif/home/streetbuzz1/public_html/testnewsapp/system/../storage/avatars/thumbs4/_noavatar_user.gif/home/streetbuzz1/public_html/testnewsapp/system/../storage/avatars/thumbs5/_noavatar_user.gif/home/streetbuzz1/public_html/testnewsapp/system/../storage/avatars/thumbs1/_noavatar_user.gif/home/streetbuzz1/public_html/testnewsapp/system/../storage/avatars/thumbs4/_noavatar_user.gif/home/streetbuzz1/public_html/testnewsapp/system/../storage/avatars/thumbs5/_noavatar_user.gif/home/streetbuzz1/public_html/testnewsapp/system/../storage/avatars/thumbs1/_noavatar_user.gif/home/streetbuzz1/public_html/testnewsapp/system/../storage/avatars/thumbs4/_noavatar_user.gif/home/streetbuzz1/public_html/testnewsapp/system/../storage/avatars/thumbs5/_noavatar_user.gif/home/streetbuzz1/public_html/testnewsapp/system/../storage/avatars/thumbs1/_noavatar_user.gif/home/streetbuzz1/public_html/testnewsapp/system/../storage/avatars/thumbs4/_noavatar_user.gif/home/streetbuzz1/public_html/testnewsapp/system/../storage/avatars/thumbs5/_noavatar_user.gif/home/streetbuzz1/public_html/testnewsapp/system/../storage/avatars/thumbs1/_noavatar_user.gif/home/streetbuzz1/public_html/testnewsapp/system/../storage/avatars/thumbs4/_noavatar_user.gif/home/streetbuzz1/public_html/testnewsapp/system/../storage/avatars/thumbs5/_noavatar_user.gif/home/streetbuzz1/public_html/testnewsapp/system/../storage/avatars/thumbs1/_noavatar_user.gif/home/streetbuzz1/public_html/testnewsapp/system/../storage/avatars/thumbs4/_noavatar_user.gif/home/streetbuzz1/public_html/testnewsapp/system/../storage/avatars/thumbs5/_noavatar_user.gif/home/streetbuzz1/public_html/testnewsapp/system/../storage/avatars/thumbs1/_noavatar_user.gif/home/streetbuzz1/public_html/testnewsapp/system/../storage/avatars/thumbs4/_noavatar_user.gif/home/streetbuzz1/public_html/testnewsapp/system/../storage/avatars/thumbs5/_noavatar_user.gif/home/streetbuzz1/public_html/testnewsapp/system/../storage/avatars/thumbs1/_noavatar_user.gif/home/streetbuzz1/public_html/testnewsapp/system/../storage/avatars/thumbs4/_noavatar_user.gif/home/streetbuzz1/public_html/testnewsapp/system/../storage/avatars/thumbs5/_noavatar_user.gif/home/streetbuzz1/public_html/testnewsapp/system/../storage/avatars/thumbs1/_noavatar_user.gif/home/streetbuzz1/public_html/testnewsapp/system/../storage/avatars/thumbs4/_noavatar_user.gif/home/streetbuzz1/public_html/testnewsapp/system/../storage/avatars/thumbs5/_noavatar_user.gif/home/streetbuzz1/public_html/testnewsapp/system/../storage/avatars/thumbs1/_noavatar_user.gif/home/streetbuzz1/public_html/testnewsapp/system/../storage/avatars/thumbs4/_noavatar_user.gif/home/streetbuzz1/public_html/testnewsapp/system/../storage/avatars/thumbs5/_noavatar_user.gif StreetBuzz परिणाम भाषणों से नहीं, बल्कि पुरुषार्थ, ईमानदारी व अपने कर्तव्य पूरे करने से आते हैं: मुख्यमंत्री uttar pradesh
परिणाम भाषणों से नहीं, बल्कि पुरुषार्थ, ईमानदारी व अपने कर्तव्य पूरे करने से आते हैं: मुख्यमंत्री

- शक्तिपीठ देवीपाटन में ब्रह्मलीन महंत महेंद्र नाथ जी की पुण्यतिथि पर आयोजित श्रीमद्भागवत कथा ज्ञान यज्ञ में शामिल हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ

- मुख्यमंत्री योगी ने कहा- भारत और सनातन एक-दूसरे के पूरक, भारत मजबूत होगा तो सनातन भी सशक्त होगा

- शाहजहां ने भी औरंगजेब से कहा था- तुमसे अच्छे हिंदू, जो मरने के बाद भी पूर्वजों को देते हैं पानी: मुख्यमंत्री

- जाति, क्षेत्र और भाषा से ऊपर उठकर एक राष्ट्र के बारे में सोचें: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ

- संत का कोई व्यक्तिगत परिवार नहीं होता, वह समाज और राष्ट्र के लिए बनाता है स्कूल व अस्पताल: मुख्यमंत्री

- प्रधानमंत्री मोदी जी का 'नेशन फर्स्ट' का भाव हर भारतीय का संकल्प बनना चाहिए: सीएम योगी

बलरामपुर, 27 नवंबर। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि परिणाम भाषणों या उपदेशों से नहीं, बल्कि पुरुषार्थ, परिश्रम और ईमानदारी से अपने कर्तव्यों के निर्वहन से आते हैं। जब छात्र ईमानदारी से पढ़ाई करेगा, शिक्षक बच्चों को पारंगत करेगा, किसान खेतों में परिश्रम करेगा, व्यापारी ईमानदारी से व्यापार करेगा, गृहस्थ बच्चों को संस्कारित करेगा, संत जनजागरण करेगा और गोपालक गोमाता की सेवा करेगा, तभी राष्ट्र सशक्त और समर्थ बनेगा।

मुख्यमंत्री शुक्रवार को तुलसीपुर स्थित शक्तिपीठ देवीपाटन में ब्रह्मलीन महंत महेंद्र नाथ जी महाराज की पावन पुण्यतिथि के अवसर पर आयोजित साप्ताहिक श्रीमद्भागवत महापुराण कथा ज्ञान यज्ञ में सम्मिलित हुए। उन्होंने व्यास पीठ व शक्तिपीठ को नमन करते हुए ब्रह्मलीन महंत महेंद्र नाथ जी महाराज को विनम्र श्रद्धांजलि अर्पित की। मुख्यमंत्री ने बताया कि 30 नवंबर को कथा का विराम एवं भंडारा होगा, किंतु अन्य कार्यक्रमों में व्यस्तता के कारण वे तीन दिन पूर्व ही अपनी श्रद्धांजलि अर्पित करने पहुंचे हैं।

- भारत और सनातन एक-दूसरे के पूरक, 'नेशन फर्स्ट' बने हर भारतीय का संकल्प

मुख्यमंत्री ने कहा कि भारत और सनातन धर्म को अलग करके नहीं देखा जा सकता, दोनों एक-दूसरे के पूरक हैं। यदि भारत मजबूत होगा तो सनातन धर्म मजबूत होगा और सनातन धर्म सशक्त होगा तो भारत भी समर्थ बनेगा। इसी भावना के साथ प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा दिया गया 'नेशन फर्स्ट' (राष्ट्र प्रथम) का मंत्र हर भारतीय का संकल्प बनना चाहिए। उन्होंने कहा कि विगत पांच हजार वर्षों से श्रीमद्भागवत महापुराण की कथा ज्ञान, भक्ति और वैराग्य के माध्यम से किंकर्तव्यविमूढ़ समाज को धर्म के मार्ग पर चलने की प्रेरणा दे रही है। जीवन के लक्ष्यों को प्राप्त करने की दिशा में यह पावन कथा हर सनातन धर्मावलंबी का मार्गदर्शन करती है।

- एक-एक बूंद पानी को तरसे शाहजहां ने भी सनातन परंपरा को बताया था श्रेष्ठ

मुख्यमंत्री ने कहा कि सनातन धर्म कृतज्ञता ज्ञापित करने की महान परंपरा का वाहक है। आश्विन मास के कृष्ण पक्ष के पूरे 15 दिन हम अपने पूर्वजों के प्रति श्राद्ध और तर्पण के लिए समर्पित करते हैं।

उन्होंने ऐतिहासिक प्रसंग का उल्लेख करते हुए कहा कि जब क्रूर औरंगजेब ने अपने पिता शाहजहां को आगरा के किले में कैद कर 24 घंटे में केवल एक छोटे घड़े में पानी दिया और वह एक-एक बूंद को तरसने लगा, तब शाहजहां ने औरंगजेब को कोसते हुए कहा था कि तुमसे अच्छे तो हिंदू हैं, जो जीते-जी बुजुर्गों की सेवा करते हैं और मरने के बाद भी वर्ष में एक बार श्राद्ध-तर्पण कर उनका स्मरण करते हैं।

- जाति, क्षेत्र और भाषा से ऊपर उठकर सोचेंगे तभी सुरक्षित रहेगा भारत

मुख्यमंत्री ने रामायण के प्रसंग का उल्लेख करते हुए कहा कि लंका प्रस्थान के समय मैनाक पर्वत द्वारा विश्राम का आग्रह करने पर हनुमान जी ने कहा था— 'राम काज कीन्हें बिनु मोहि कहां विश्राम' और 'कृते च प्रतिकर्तव्यं एष धर्मः सनातनः', अर्थात उपकार के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करना ही सनातन धर्म है। उन्होंने आगाह किया कि जब तक सनातन धर्मावलंबियों में कृतज्ञता का यह भाव बना रहेगा और हम जाति, क्षेत्र व भाषा भेद से ऊपर उठकर एक राष्ट्र के बारे में सोचेंगे, तभी तक भारत सुरक्षित और अखंड बना रहेगा।

- संत का व्यक्तिगत परिवार नहीं, समाज व राष्ट्र के लिए करता है निर्माण

ब्रह्मलीन महंत महेंद्र नाथ जी महाराज के कृतित्व को नमन करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि एक संत का कोई व्यक्तिगत परिवार नहीं होता, वह समाज, देश और धर्म के लिए जीता है। महंत महेंद्र नाथ जी ने गोरखपुर में पूज्य गुरुदेव महंत अवेद्यनाथ जी महाराज के सानिध्य में जो कुछ सीखा, उसे देवीपाटन में साकार किया। उन्होंने 1994 में थारू जनजाति के बच्चों के लिए छात्रावास शुरू कराया, धर्मशालाएं बनवाईं, नंद महरा में स्कूल, अस्पताल, तुलसीपुर में सीबीएसई विद्यालय, मंदिर सौंदर्यीकरण, गोशाला विस्तार और निशुल्क अन्नपूर्णा भोजनालय जैसी जनसेवा की अनेक परियोजनाएं आगे बढ़ाईं। किसी भी संत को सच्ची श्रद्धांजलि यही है कि हम सनातन मूल्यों को जीवन में चरितार्थ करें।

- नेपाल से भी जुड़ी है शक्तिपीठ देवीपाटन की अटूट आस्था

मुख्यमंत्री ने कहा कि आदिशक्ति मां भगवती की यह पौराणिक शक्तिपीठ गुरु गोरक्षनाथ से लेकर दांग (नेपाल) के राजकुमार सिद्ध योगी पीर रतन नाथ जी महाराज की महान परंपरा से जुड़ी है। प्रतिवर्ष चैत्र नवरात्रि पर नेपाल से पीर रतन नाथ जी की सवारी यहां आती है।

इस शक्तिपीठ की आस्था देश की सीमाओं को लांघती है और उत्तर प्रदेश व देश के विभिन्न हिस्सों के साथ-साथ मित्र राष्ट्र नेपाल से भी लाखों श्रद्धालु यहां दर्शन के लिए आते हैं।

- कार्यक्रम में रहे उपस्थित

समारोह में कथा व्यास संत बालक दास जी महाराज, शक्तिपीठ देवीपाटन के महंत एवं आयोजक मिथिलेश नाथ जी महाराज, कालीबाड़ी गोरखपुर के महंत रवींद्र दास जी महाराज, हनुमानगढ़ी अयोध्या धाम के महंत राजू दास जी महाराज, हनुमानगढ़ी बलरामपुर के महंत महेंद्र दास जी महाराज, हिसार (हरियाणा) से पधारे महंत विनोद नाथ जी महाराज व महंत दीनानाथ जी महाराज, नेपाल से पधारे योगी नारायण नाथ जी, महंत जितेंद्र दास जी, तपसी धाम बस्ती के महंत जय बख्श दास जी महाराज व महंत सर्वेश दास जी महाराज उपस्थित रहे।

इसके अलावा जिला पंचायत अध्यक्ष बलरामपुर आरती तिवारी, जिला पंचायत अध्यक्ष श्रावस्ती दद्दन मिश्रा, विधायक कैलाश नाथ शुक्ला, विधायक पलटूराम, विधायक राम फेरन पांडेय और विधायक राम प्रताप वर्मा सहित अन्य जनप्रतिनिधि मौजूद रहे। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में साधु-संतों और श्रद्धालुओं ने भी सहभागिता की।

टैबलेट से फीड नहीं, अपना फ्यूचर स्क्रॉल करिए: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ

- देवीपाटन मंडल के 46,800 युवाओं को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बांटे टैबलेट, दूसरे चरण में अब तक लगभग डेढ़ लाख डिवाइस वितरित

- मुख्यमंत्री बोले - सपनों को चार्ज रखें युवा तभी आसुरी शक्तियां होंगी डिस्चार्ज, 2047 का विकसित यूपी होगा रिचार्ज

- मुंगेरीलाल के सपने दिखाने से नहीं होता विकास, इसके लिए समय, समर्पण और विजन चाहिए: मुख्यमंत्री योगी

- कहा - पिछली सरकारों की बुद्धि कट्टा-बम से आगे नहीं बढ़ पाई, हमने अवैध ठिकानों को ध्वस्त कर बनवाई एके-203 राइफल और ब्रह्मोस

- हर वायरल कंटेंट सही नहीं होता, साझा करने से पहले डिवाइस से करें फैक्ट चेक: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ

- सीएम बोले- पिछली सरकारों की एक ही उपलब्धि थी 'वन डिस्ट्रिक्ट, वन माफिया', आज यूपी में 'नो कर्फ्यू, नो दंगा, सब चंगा'

- मुख्यमंत्री ने किया आह्वान: एक जनवरी 2027 को 18 वर्ष के होने वाले सभी युवा 'युवा साथी ऐप' से ऑनलाइन बनें मतदाता

गोंडा, 27 नवंबर, 2026। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने युवाओं का आह्वान करते हुए कहा कि वे इस टैबलेट से फीड नहीं, बल्कि अपना फ्यूचर स्क्रॉल करें। यह डिवाइस केवल हाथ की शोभा नहीं बढ़ाएगा, बल्कि युवाओं को डिजिटल एंटरप्रेन्योर के रूप में स्थापित करेगा। युवा उत्तर प्रदेश का पावर हाउस है और इसी की ताकत से प्रदेश बीमारू राज्य से निकलकर देश की अर्थव्यवस्था का ग्रोथ इंजन बना है।

मुख्यमंत्री शुक्रवार को गोंडा के शहीद-ए-आजम सरदार भगत सिंह (टॉमसन) इंटर कॉलेज में स्वामी विवेकानंद युवा सशक्तीकरण योजना के समारोह को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने देवीपाटन मंडल के गोंडा, बहराइच, बलरामपुर व श्रावस्ती के 46,800 छात्र-छात्राओं को टैबलेट वितरित किए और मंच से 20 विद्यार्थियों को डिवाइस सौंपे। उन्होंने कहा कि यह टैबलेट युवाओं के लिए चलता-फिरता विश्वविद्यालय है।

पहले चरण में 60 लाख से अधिक और दूसरे चरण में अब तक 1.49 लाख टैबलेट वितरित

स्वामी विवेकानंद युवा सशक्तीकरण योजना के पहले चरण में प्रदेश के 60 लाख से अधिक युवाओं को टैबलेट व स्मार्टफोन दिए गए। मुख्यमंत्री ने बताया कि आईआईएम लखनऊ के अध्ययन में सामने आया कि इससे तीन करोड़ लोगों को लाभ मिला और वे डिजिटल रूप से सक्षम बने। दूसरे चरण में 25 लाख टैबलेट वितरण के लक्ष्य के सापेक्ष अब तक कुल 1.49 लाख डिवाइस बांटे जा चुके हैं। 15 नवंबर को लखनऊ के राष्ट्र प्रेरणा स्थल में 53 हजार, 20 नवंबर को गोरखपुर मंडल में 50 हजार से अधिक और 27 नवंबर को देवीपाटन मंडल में 46,800 छात्र-छात्राओं को टैबलेट दिए गए।

सपनों को चार्ज रखें युवा तभी आसुरी शक्तियां होंगी डिस्चार्ज

मुख्यमंत्री ने कहा कि अपने टैबलेट के साथ अपने सपनों और संकल्पों को भी हमेशा चार्ज रखिए। जब आप चार्ज रहेंगे, तभी आसुरी शक्तियां व नेगेटिव फोर्सेज डिस्चार्ज होंगी। इससे आपका भविष्य सुपरचार्ज होगा और 2047 का विकसित यूपी रिचार्ज होगा।

'युवा साथी ऐप' पर 18 हजार से अधिक पाठ्यक्रम, छात्रवृत्ति, इंटर्नशिप, सीएम युवा उद्यमी और पीएम मुद्रा योजना की जानकारी एक क्लिक पर उपलब्ध है।

हर वायरल कंटेंट का करें फैक्ट चेक

मुख्यमंत्री ने कहा कि हर वायरल कंटेंट सही नहीं होता, इसलिए साझा करने से पहले डिवाइस से उसका फैक्ट चेक जरूर करें। एआई को एम्पावरिंग टूल बनाएं, दिमाग पर हावी न होने दें। रील में 30 सेकंड दें, लेकिन रोज 30 मिनट स्किल को दें, क्योंकि स्किल ही रियल लाइफ बनाएगी। एक जनवरी 2027 को 18 वर्ष के होने वाले सभी युवा 'युवा साथी ऐप' से ऑनलाइन मतदाता अवश्य बनें।

मुंगेरीलाल के सपने दिखाने से नहीं होता विकास

विपक्ष पर हमला बोलते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि मेनिफेस्टो के नाम पर मुंगेरीलाल के सपने दिखाने से विकास नहीं होता, इसके लिए समय, समर्पण और विजन चाहिए। 2017 से पहले नकल, भू, खनन, शराब व वन माफिया हावी थे और पिछली सरकारों की एक ही उपलब्धि थी 'वन डिस्ट्रिक्ट, वन माफिया'। विज्ञापन निकलते ही 'सैफई सिंडिकेट' वसूली पर निकल पड़ता था। आज 'नो कर्फ्यू, नो दंगा, यूपी में है सब चंगा' की स्थिति है। साढ़े नौ वर्षों में साढ़े नौ लाख से अधिक पारदर्शी नौकरियां दी गईं, जो सपा के चार व बसपा के तीन कार्यकालों की भर्तियों से दोगुने से अधिक हैं।

कट्टा-बम के अवैध ठिकानों को किया ध्वस्त

मुख्यमंत्री ने कहा कि पिछली सरकारों की बुद्धि कट्टा और बम से आगे नहीं बढ़ पाई। हमने कट्टा-बम के अवैध ठिकानों को ध्वस्त कर यूपी में दुनिया की सर्वश्रेष्ठ कलाश्निकोव एके-203 राइफल व ब्रह्मोस मिसाइल बनवाई। 'ऑपरेशन सिंदूर' में एक ब्रह्मोस दागते ही पाकिस्तान बाप-बाप चिल्लाता दिखा। अंधविश्वास के कारण पूर्व मुख्यमंत्री नोएडा नहीं जाते थे, जबकि आज नोएडा-यीडा शीर्ष निवेश गंतव्य हैं और देश के 55 प्रतिशत मोबाइल व 60 प्रतिशत इलेक्ट्रॉनिक कंपोनेंट यूपी में बन रहे हैं।

लखनऊ एचसीएल में 18 हजार युवा कार्यरत

मुख्यमंत्री ने कहा कि लखनऊ के एचसीएल कैंपस में 2017 में मात्र 100 कर्मी थे, आज 18 हजार युवा कार्यरत हैं। इनमें 60 प्रतिशत बेटियां हैं जो रात दो बजे भी निडर घर लौटती हैं, क्योंकि अपराधियों को जेल, जहन्नुम या 'ऑपरेशन लंगड़ा' का भय है। प्रदेश में स्टार्टअप 120 से बढ़कर 25 हजार से अधिक हो गए हैं। हर जिले में सरदार पटेल स्किलिंग एंड एम्प्लॉयमेंट जोन बन रहे हैं तथा जापान-जर्मनी जाने के इच्छुक युवाओं को सरकारी खर्च पर विदेशी भाषा सिखाई जाएगी। 15 अगस्त 2047 को आजादी के शताब्दी महोत्सव में युवा ही विकसित यूपी के वास्तविक सारथी होंगे।

36 हजार करोड़ से बदली देवीपाटन मंडल की तस्वीर

मुख्यमंत्री ने कहा कि 2016 में गोंडा सबसे गंदा शहर था और बलरामपुर, श्रावस्ती व बहराइच आकांक्षी जिलों में पिछड़े थे। डबल इंजन सरकार ने मंडल के विकास के लिए 36 हजार करोड़ रुपये स्वीकृत किए। गोंडा व बहराइच में मेडिकल कॉलेज बन चुके हैं। बलरामपुर में मां पाटेश्वरी के नाम पर विश्वविद्यालय का निर्माण हो चुका है और पूर्व प्रधानमंत्री 'भारत रत्न' श्रद्धेय अटल बिहारी वाजपेयी जी के नाम पर मेडिकल कॉलेज का निर्माण युद्ध स्तर पर चल रहा है।

थारू म्यूजियम व श्रावस्ती एयरपोर्ट तैयार हैं। बाराबंकी-बहराइच फोरलेन, 7,000 करोड़ से लखनऊ-बहराइच-रुपईडीहा फोरलेन, गोंडा-लखनऊ फोरलेन, जरवल रोड घाघरा पुल, अयोध्या-बलरामपुर-श्रावस्ती व गोरखपुर-शामली-पानीपत इकोनॉमिक कॉरिडोर, रुपईडीहा लैंड पोर्ट व लॉजिस्टिक कॉरिडोर तथा कतर्नियाघाट व चित्तौरा झील के पर्यटन विकास से गोंडा से देवीपाटन की दूरी तीन घंटे से घटकर 45 मिनट रह गई है।

ढिबरी के दौर से निकलकर डिजिटल इनोवेशन में अग्रणी बना यूपी: कीर्तिवर्धन सिंह

समारोह में लघु फिल्म के जरिए दूसरे चरण में 25 लाख टैबलेट वितरण का लक्ष्य दिखाया गया। केंद्रीय राज्यमंत्री कीर्तिवर्धन सिंह ने कहा कि पहले विद्यार्थियों को ढिबरी में पढ़ना पड़ता था और नकल माफिया को पैसे देने पड़ते थे, लेकिन सीएम योगी के नेतृत्व में यूपी डिजिटल इनोवेशन व आईटी में अग्रणी है। सांसद करण भूषण सिंह ने टैबलेट को ज्ञान की खिड़की बताते हुए कहा कि इन्हीं युवाओं में से भविष्य के प्रशासक, डॉक्टर, वैज्ञानिक और जनप्रतिनिधि निकलेंगे।

मंच से 20 विद्यार्थियों को मिले टैबलेट

मुख्यमंत्री ने मंच से गोंडा की प्रियंका चतुर्वेदी, सुरभि तिवारी, पिंकी सोनी, कुमारी अर्चिता व सैयद अनस; बहराइच की कुमारी मानवी पांडेय, कुमारी अमिता जायसवाल, कुमारी समा बेगम, कुंज बिहारी व शिवेंद्र प्रताप सिंह; श्रावस्ती की ऋद्धिमा वैश्य, कुमारी साधना मिश्रा, कुमारी जैनब, भूपेंद्र विश्वकर्मा व राजवीर सिंह तथा बलरामपुर की कुमारी अर्चना शुक्ला, रमन द्विवेदी, सौम्या पांडेय, अभिजीत भट्ट व मोहम्मद सुलेमान सिद्दीकी को टैबलेट सौंपे।

कार्यक्रम में रहे उपस्थित

कार्यक्रम में सांसद आनंद कुमार गौड़, विधायक सुभाष त्रिपाठी, बावन सिंह, कैलाश नाथ शुक्ला, रमापति शास्त्री, सुरेश्वर सिंह, प्रेम नारायण पांडेय, अनुपमा जायसवाल, विनय कुमार द्विवेदी, प्रभात कुमार वर्मा, प्रतीक भूषण सिंह, पलटूराम, अजय कुमार, सरोज सोनकर, रामनिवास वर्मा, राम प्रताप वर्मा, राम फेरन पांडेय, विधान परिषद सदस्य अवधेश कुमार सिंह 'मंजू सिंह', प्रज्ञा त्रिपाठी, पद्मसेन चौधरी, जिला पंचायत अध्यक्ष घनश्याम मिश्र, दद्दन मिश्र, मंजू देवी, आरती तिवारी तथा भाजपा जिलाध्यक्ष इकबाल बहादुर तिवारी, ब्रजेश पांडेय, डॉ. मिश्रीलाल वर्मा व रवि कुमार मिश्र उपस्थित रहे।

ओवैसी-चंद्रशेखर का असली मकसद समाज को बांटना है: मंत्री असीम अरुण

- मंत्री ने कहा- धर्म और जाति की राजनीति करते हैं ओवैसी-चंद्रशेखर, मोदी-योगी का मंत्र 'सबका साथ-सबका विकास'

- जिन्ना-जोगेंद्रनाथ मंडल की जोड़ी की याद दिलाकर ओवैसी-चंद्रशेखर पर बरसे असीम अरुण

- जाति-धर्म की राजनीति करने वालों को यूपी की जनता देगी मुंहतोड़ जवाब: असीम अरुण

लखनऊ, 26 नवंबर। उत्तर प्रदेश सरकार में मंत्री असीम अरुण ने असदुद्दीन ओवैसी और चंद्रशेखर आजाद पर निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि दोनों नेता बाबा साहेब के संविधान की मूल भावना को नहीं समझ पाए हैं। ओवैसी की राजनीति धर्म और चंद्रशेखर की राजनीति जाति पर आधारित है। जबकि मोदी-योगी सबका साथ और सबका विकास के सिद्धांत पर काम करते हैं।

- 'भाजपा सबको साथ लेकर चलने की राजनीति करती है'

असीम ने कहा कि ओवैसी और चंद्रशेखर की जोड़ी का मकसद जनता की सेवा करना नहीं, बल्कि देश को जाति और धर्म के नाम पर तोड़ना है। जनता जिन्ना और जोगेंद्रनाथ मंडल की जोड़ी को भूली नहीं है, जिसके बहकावे में आकर पिछड़े समाज के लोग उस समय पाकिस्तान चले गए थे। बाद में उन्हीं लोगों को वहां जिल्लत की जिंदगी जीनी पड़ी। ओवैसी-चंद्रशेखर भी जिन्ना और जोगेंद्रनाथ के नक्शेकदम पर चलने वाले नेता हैं।

मंत्री असीम ने कहा कि भाजपा जाति और धर्म के नाम पर राजनीति नहीं करती। इसीलिए चुनाव में हर मोहल्ले में सभी वर्गों के लोगों से वोट मांगती है। उन्होंने दावा किया कि यूपी की जनता इन बहरूपियों के झांसे में नहीं आएगी। 2027 में तीसरी बार NDA की ही सरकार बनेगी।

कट्टरता फैलाकर भारत के सामाजिक ताने-बाने को बिगाड़ना चाहते हैं ओवैसी-चंद्रशेखर: प्रकाश पाल

- '21वीं सदी के जिन्ना हैं ओवैसी, सांप्रदायिकता फैलाना ही उनका मकसद', भाजपा सांसद प्रकाश पाल का तीखा हमला

- कहा - मोहम्मद अली जिन्ना को अपना आदर्श मानते हैं ओवैसी, यूपी में उनका मंसूबा कामयाब नहीं होगा

- अकबर और औरंगजेब जैसे मुगल आक्रांताओं के पक्षधर हैं ओवैसी: प्रकाश पाल

लखनऊ, 26 नवंबर। भाजपा के राज्यसभा सांसद प्रकाश पाल ने AIMIM प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि ओवैसी हमेशा से बाबर, अकबर और औरंगजेब जैसे मुगल आक्रांताओं के पक्षधर रहे हैं। उन्होंने ओवैसी को 21वीं सदी का जिन्ना बताते हुए कहा कि उनका मकसद केवल सांप्रदायिकता फैलाना और देश-प्रदेश को दंगे की आग में झोंकना है। 

- ’भारत के सामाजिक ताने-बाने को बिगाड़ना चाहते हैं चंद्रशेखर-ओवैसी’

प्रकाश पाल ने कहा कि असदुद्दीन ओवैसी को कब से संविधान की चिंता होने लगी है। उन्होंने आरोप लगाया कि ओवैसी और चंद्रशेखर जैसे नेता समाज में केवल कट्टरता फैलाकर भारत के सामाजिक ताने-बाने को बिगाड़ना चाहते हैं। उन्होंने दावा किया कि भारत विरोधी विदेशी शक्तियां लंबे समय से इंडी गठबंधन को अपने एजेंट के रूप में इस्तेमाल कर रही थीं। लेकिन जब वह प्रयोग ढीला और कमजोर पड़ने लगा है तो विदेशी ताकतें राहुल गांधी और अखिलेश यादव को दरकिनार कर ओवैसी और चंद्रशेखर जैसे कट्टर चेहरों को आगे बढ़ा रही हैं। 

बीजेपी सांसद ने कहा कि इन विपक्षी दलों के जरिए उत्तर प्रदेश में लव जिहाद, लैंड जिहाद और अन्य जिहादी गतिविधियों को बढ़ावा देने के लिए जमीन तैयार की जा रही है। उन्होंने कहा कि यूपी की जनता इन विपक्षी दलों की साजिश को अच्छे से समझ रही है और इस बार चुनाव में इन लोगों को अच्छे से सबक सिखाएगी।

यूपी को सांप्रदायिकता की आग में झोंकना चाहते हैं ओवैसी, देश में लागू करना चाहते हैं शरीयत: दिनेश प्रताप सिंह

- 'यूपी को 'शरिया' नहीं, 'केसरिया' पसंद है', भाजपा के मुख्य प्रवक्ता का ओवैसी पर तीखा हमला

- राम-कृष्ण से है यूपी का अस्तित्व', ओवैसी जैसे नफरती लोगों की प्रदेश को जरूरत नहीं: दिनेश प्रताप सिंह

- '4.55 लाख लैपटॉप कहां गए, इनके पैसे किसके खाते में पहुंचे?', दिनेश प्रताप सिंह का अखिलेश पर तीखा निशाना

- अखिलेश के घोषणापत्र पर जनता नहीं करती भरोसा, उन्हें याद है सपा सरकार के कारनामे: दिनेश प्रताप सिंह

लखनऊ, 26 नवंबर। भाजपा के मुख्य प्रवक्ता दिनेश प्रताप सिंह ने असदुद्दीन ओवैसी और सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव पर तीखा हमला बोला। उन्होंने आरोप लगाया कि ओवैसी उत्तर प्रदेश को सांप्रदायिकता की आग में झोंकना चाहते हैं और वह पूरे देश में शरीयत लागू करने की मंशा रखते हैं। दिनेश प्रताप सिंह ने कहा कि उत्तर प्रदेश की जनता को 'शरिया' नहीं, 'केसरिया' पसंद है। वहीं, उन्होंने अखिलेश यादव के घोषणापत्र पर कहा कि सपा चुनाव के समय अलग-अलग नाम से घोषणापत्र लेकर आती है, लेकिन जनता से किए वादे पूरे नहीं करती। 

भाजपा प्रवक्ता ने कहा उत्तर प्रदेश का अस्तित्व प्रभु श्रीराम और भगवान श्रीकृष्ण से जुड़ा है लेकिन ओवैसी को राम मंदिर पसंद नहीं आ रहा। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश की जनता सुख-शांति से रहना चाहती है। जनता अखिलेश यादव और ओवैसी दोनों नेताओं को पसंद नहीं करती। उन्होंने कहा कि औवैसी जैसे नफरती लोगों को यूपी की जनता 2027 के विधानसभा चुनाव में कड़ा सबक सिखाएगी। 

- 'अखिलेश ने लैपटॉप वितरण में किया घोटाला'

दिनेश प्रताप सिंह ने कहा कि अखिलेश यादव लैपटॉप योजना को लेकर अपनी पीठ थपथपाते हैं, लेकिन उन्होंने पात्र 4.55 लाख युवाओं को लैपटॉप नहीं बांटे। उन्हें बताना चाहिए कि इसका पैसा किसके खाते में गया। उन्होंने कहा कि सपा सरकार में छात्रवृत्ति, किसानों की कर्जमाफी और बिजली आपूर्ति समेत कई वादे किए गए, लेकिन योजनाओं को धरातल पर नहीं उतारा गया। उन्होंने कहा कि सपा की घोषणाओं पर जनता भरोसा नहीं करती क्योंकि उन्हें सपा के कारनामों याद हैं। दिनेश प्रताप सिंह ने अखिलेश यादव के पीडीए (पिछड़ा, दलित, अल्पसंख्यक) के नारे पर भी निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि अखिलेश यादव पीडीए की बात करते हैं, लेकिन उनके काम परिवार के विकास तक सीमित हैं। उन्होंने कहा कि अब सपा के साथ न पिछड़ा समाज है और न ही दलित समाज।

संविधान लोकतंत्र की आत्मा और देश की एकता-अखंडता का मजबूत आधार : केशव मौर्य
- बाबासाहेब के विचारों और संवैधानिक मूल्यों को आत्मसात कर आगे बढ़ रहा नया भारत, संविधान दिवस पर लोक भवन में उद्देशिका का सामूहिक पाठ

लखनऊ, 26 नवंबर। उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि भारतीय संविधान देश की लोकतांत्रिक व्यवस्था की आत्मा और राष्ट्रीय एकता एवं अखंडता का मजबूत आधार है। संविधान ने प्रत्येक नागरिक को समान अधिकार, अवसर और सम्मान के साथ आगे बढ़ने का रास्ता दिया है। इसकी मूल भावना सामाजिक न्याय, समानता, स्वतंत्रता और बंधुत्व में निहित है। प्रत्येक नागरिक को संविधान के आदर्शों और मूल्यों को अपने जीवन तथा व्यवहार में उतारना चाहिए।
उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य गुरुवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की मौजूदगी में लोक भवन में आयोजित संविधान दिवस समारोह को संबोधित कर रहे थे। इस दौरान संविधान की उद्देशिका का सामूहिक पाठ किया गया और संविधान दिवस की शुभकामनाएं दी गईं। समारोह में डॉ. भीमराव आंबेडकर मूर्ति विकास योजना के तहत प्रदेश में बाबासाहेब की प्रतिमाओं और उनसे जुड़े स्थलों के सौंदर्यीकरण एवं संरक्षण कार्यों का शुभारंभ किया गया। साथ ही प्रतिभावान छात्र-छात्राओं को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। संविधान निर्माता भारत रत्न डॉ. भीमराव आंबेडकर और संविधान सभा की महान विभूतियों को नमन करते हुए मौर्य ने कहा कि बाबासाहेब ने ऐसा संविधान दिया, जिसने समाज के हर वर्ग के व्यक्ति को अपनी प्रतिभा, मेहनत और योग्यता के बल पर आगे बढ़ने तथा सर्वोच्च पदों तक पहुंचने का अवसर दिया। देश की राष्ट्रपति का आदिवासी परिवार से आना और गरीब परिवार में जन्मे चाय बेचने वाले के बेटे का लगातार तीसरी बार प्रधानमंत्री बनना संविधान की समावेशी भावना और लोकतंत्र की शक्ति का उदाहरण है। संविधान ने अलग-अलग सामाजिक और आर्थिक पृष्ठभूमि के लोगों को देश एवं प्रदेश में महत्वपूर्ण संवैधानिक और प्रशासनिक जिम्मेदारियां निभाने का अवसर दिया है।
उप मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में बाबासाहेब डॉ. आंबेडकर के जीवन से जुड़े पांच प्रमुख स्थलों को पंचतीर्थ के रूप में विकसित कर राष्ट्रीय सम्मान प्रदान किया गया है। यह बाबासाहेब के विचारों, संघर्ष और राष्ट्र निर्माण में उनके योगदान के प्रति श्रद्धांजलि है। उन्होंने कहा कि संविधान दिवस को राष्ट्रीय स्तर पर विशेष महत्व देने की पहल भी प्रधानमंत्री के नेतृत्व में हुई। 26 नवंबर, 1949 को संविधान सभा ने भारतीय संविधान को अंगीकृत किया था। यह दिन संविधान निर्माताओं के योगदान और लोकतांत्रिक मूल्यों के प्रति हमारी जिम्मेदारियों को याद करने का अवसर है।
मौर्य ने कहा कि डबल इंजन की सरकार बाबासाहेब के सम्मान, सामाजिक समरसता और वंचित वर्गों के उत्थान के लिए लगातार काम कर रही है। प्रदेश में 4,000 से अधिक स्थानों पर बाबासाहेब की प्रतिमाओं और उनके नाम से जुड़े पार्कों के सौंदर्यीकरण, संरक्षण तथा सम्मान का कार्य किया जा रहा है। सरकार का उद्देश्य महापुरुषों के विचारों और योगदान को नई पीढ़ी तक पहुंचाना है।
उन्होंने कहा कि संविधान महज कानूनी दस्तावेज नहीं, बल्कि देश को एक सूत्र में बांधने वाली व्यवस्था है। इसकी मजबूती नागरिकों के अधिकारों के साथ उनके कर्तव्यों के ईमानदारी से निर्वहन पर निर्भर करती है। राष्ट्र की एकता, अखंडता, सुरक्षा और विकास के लिए संविधान के प्रति सम्मान तथा लोकतांत्रिक संस्थाओं में विश्वास जरूरी है। उप मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में राष्ट्रीय सुरक्षा, आतंकवाद और नक्सलवाद के खिलाफ कार्रवाई तथा विकास के क्षेत्र में देश ने उल्लेखनीय प्रगति की है। जम्मू-कश्मीर से अनुच्छेद 370 हटाए जाने के बाद राष्ट्रीय एकता और संवैधानिक व्यवस्था को मजबूती मिली है। उन्होंने कहा कि सरकार ‘सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास’ के मंत्र के साथ समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति तक विकास का लाभ पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है। गरीबों, दलितों, पिछड़ों, वंचितों और कमजोर वर्गों के सम्मान तथा अधिकारों की रक्षा सरकार की प्राथमिकता है।
समारोह में उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक, कैबिनेट मंत्री सुरेश कुमार खन्ना, राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) असीम अरुण, उत्तर प्रदेश अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति आयोग के अध्यक्ष बैजनाथ रावत, पूर्व कैबिनेट मंत्री एवं विधान परिषद सदस्य डॉ. महेंद्र सिंह, मुख्य सचिव एसपी गोयल, पुलिस महानिदेशक राजीव कृष्ण, प्रमुख सचिव संसदीय कार्य जेपी सिंह सहित अन्य जनप्रतिनिधि, वरिष्ठ अधिकारी और गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।
15 दिसंबर तक ओटीएस का लाभ उठाएं, बकाया कर पर 100 फीसदी ब्याज-सरचार्ज माफ : ए.के. शर्मा
- इंदिरा नगर में ओटीएस कैंपों का निरीक्षण कर नगर विकास मंत्री ने लाभार्थियों से किया संवाद, योजना को बताया जनहितकारी पहल

लखनऊ, 26 नवंबर। बकाया नगर निगम करों के भुगतान में नागरिकों को राहत देने के लिए संचालित वन टाइम सेटलमेंट (ओटीएस) योजना का लाभ अधिक से अधिक लोग उठाएं। नगर निगम लखनऊ की ओर से योजना की अवधि 15 दिसंबर 2026 तक बढ़ाई गई है, जिसके तहत बकाया गृहकर, जलकर और सीवरकर पर ब्याज एवं सरचार्ज में 100 प्रतिशत छूट दी जा रही है। नगर विकास एवं ऊर्जा मंत्री ए.के. शर्मा ने नागरिकों से इस अवसर का लाभ उठाकर अपने बकाया कर का निस्तारण करने की अपील की।
मंत्री ए.के. शर्मा ने गुरुवार को लखनऊ के इंदिरा नगर क्षेत्र में आयोजित ओटीएस कैंपों का निरीक्षण किया और वहां मौजूद नागरिकों से संवाद कर योजना के लाभ एवं उनके अनुभवों की जानकारी ली। उन्होंने मुंशी पुलिया के निकट जोन-7 में आयोजित कैंप का जायजा लिया। इस दौरान नागरिकों ने ओटीएस योजना के तहत ब्याज और सरचार्ज में शत-प्रतिशत छूट मिलने को बड़ी राहत बताते हुए योजना की सराहना की।
कैंप में लोगों ने मंत्री को बताया कि वर्षों से लंबित बकाया कर का भुगतान अब छूट के कारण आसान हो गया है। नागरिकों ने इस पहल के लिए सरकार और नगर निगम का आभार जताया। इसके बाद मंत्री इंदिरा नगर स्थित श्री झूलेलाल ट्रस्ट भवन में आयोजित ओटीएस कैंप पहुंचे। यहां उन्होंने लोगों को योजना की जानकारी दी और उनकी समस्याओं एवं प्रतिक्रियाओं को सुना। कैंप में मौजूद नागरिकों ने कहा कि ब्याज और सरचार्ज में पूरी छूट मिलने से पुराने बकाये का निस्तारण करने में काफी मदद मिल रही है। लोगों ने इसे नागरिकों को आर्थिक राहत देने वाली प्रभावी पहल बताया।
- 15 दिसंबर तक मिलेगा राहत का मौका
नगर विकास मंत्री ए.के. शर्मा ने कहा कि नगर निगम लखनऊ ने ओटीएस योजना की अवधि 15 दिसंबर तक बढ़ाई है। नागरिक इस अवधि में अपने बकाया गृहकर, जलकर एवं सीवरकर का भुगतान कर ब्याज और सरचार्ज में 100 प्रतिशत छूट का लाभ ले सकते हैं। उन्होंने अधिक से अधिक लोगों से योजना का लाभ उठाने की अपील की। मंत्री ने कहा कि ओटीएस योजना नागरिकों को आर्थिक राहत देने के साथ नगर निगम के राजस्व संग्रह को बेहतर बनाने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है। सरकार और नगर निगम का उद्देश्य नागरिकों की समस्याओं का समाधान करना तथा शहर को स्वच्छ, सुंदर और सुविधायुक्त बनाना है। ओटीएस बकाया करों के निस्तारण का एक महत्वपूर्ण अवसर है, इसलिए नागरिकों को निर्धारित अवधि के भीतर इसका लाभ उठाना चाहिए।
शाहजहांपुर में 9 हजार करोड़ रुपये का निवेश, कृभको यूरिया प्लांट की क्षमता बढ़ाने को केंद्र की मंजूरी
- 11 लाख से बढ़कर 12.70 लाख मीट्रिक टन होगी सालाना उत्पादन क्षमता, वित्त मंत्री सुरेश खन्ना के प्रयासों से मिली मंजूरी

लखनऊ, 26 नवंबर। शाहजहांपुर में औद्योगिक विकास और निवेश को बड़ी गति मिलने जा रही है। जिले में स्थित कृभको फर्टिलाइजर लिमिटेड की यूरिया उत्पादन क्षमता के विस्तार के प्रस्ताव को केंद्र सरकार ने मंजूरी दे दी है। इस परियोजना पर करीब 9 हजार करोड़ रुपये का निवेश प्रस्तावित है। विस्तार के बाद संयंत्र की वार्षिक यूरिया उत्पादन क्षमता 11 लाख मीट्रिक टन से बढ़कर 12.70 लाख मीट्रिक टन हो जाएगी।
उत्तर प्रदेश के वित्त एवं संसदीय कार्य मंत्री सुरेश कुमार खन्ना के प्रयासों से मिली इस मंजूरी को प्रदेश के औद्योगिक विकास और उर्वरक उत्पादन में आत्मनिर्भरता की दिशा में अहम उपलब्धि माना जा रहा है। भारत सरकार ने 25 नवंबर, 2026 को इस प्रस्ताव को स्वीकृति प्रदान की।
कृभको फर्टिलाइजर लिमिटेड के प्रबंध निदेशक की ओर से यूरिया एवं संबंधित उर्वरकों की उत्पादन क्षमता बढ़ाने के लिए केंद्र सरकार को प्रस्ताव भेजा गया था। देश में उर्वरकों की बढ़ती मांग और किसानों की जरूरतों को देखते हुए वित्त मंत्री सुरेश कुमार खन्ना ने केंद्रीय रसायन एवं उर्वरक मंत्री जेपी नड्डा से प्रस्ताव को मंजूरी देने का अनुरोध किया था। इसके बाद केंद्र सरकार ने राष्ट्रीय निवेश नीति फॉर यूरिया (NIPU)-2026 के तहत परियोजना को मंजूरी प्रदान की।
- 15.45 प्रतिशत बढ़ेगी उत्पादन क्षमता
परियोजना के तहत संयंत्र की उत्पादन क्षमता में 1.70 लाख मीट्रिक टन की वृद्धि होगी, जो मौजूदा क्षमता के मुकाबले करीब 15.45 प्रतिशत अधिक है। लगभग 9 हजार करोड़ रुपये के निवेश से शाहजहांपुर के औद्योगिक और आर्थिक विकास को गति मिलने की उम्मीद है। परियोजना से प्रत्यक्ष एवं अप्रत्यक्ष रोजगार के अवसर बढ़ेंगे तथा स्थानीय व्यापार और सहायक उद्योगों को भी प्रोत्साहन मिलेगा।
- किसानों को मिलेगा लाभ, आयात निर्भरता घटाने में मदद
उत्पादन क्षमता के विस्तार से घरेलू स्तर पर यूरिया की उपलब्धता बढ़ाने में मदद मिलेगी। इससे किसानों की उर्वरक जरूरतों को पूरा करने, आपूर्ति व्यवस्था मजबूत करने और उर्वरकों के आयात पर निर्भरता कम करने की दिशा में भी योगदान मिलेगा। परियोजना को उर्वरक उत्पादन में आत्मनिर्भर भारत के लक्ष्य की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
वित्त मंत्री सुरेश कुमार खन्ना ने परियोजना को मंजूरी मिलने पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय रसायन एवं उर्वरक मंत्री जेपी नड्डा और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने इस उपलब्धि के लिए शाहजहांपुर के नागरिकों और किसान भाइयों को बधाई देते हुए कहा कि निवेश और उत्पादन क्षमता में विस्तार क्षेत्र के विकास तथा किसानों के हित में महत्वपूर्ण साबित होगा।
सपा-कांग्रेस की दोस्ती ICU में पहुंची, बस हार की औपचारिकता बाकी: यूपी भाजपा अध्यक्ष पंकज चौधरी

- सपा-कांग्रेस में छिड़ा गृहयुद्ध, चुनाव से पहले ही गठबंधन का हुआ बंटाधार: पंकज चौधरी

लखनऊ, 26 नवंबर। यूपी भाजपा के अध्यक्ष पंकज चौधरी ने सपा-कांग्रेस गठबंधन और सपा प्रमुख अखिलेश यादव पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि चुनाव से पहले ही दोनों दलों की दोस्ती आईसीयू में पहुंच चुकी है और अब मैदान में हार की औपचारिकता बाकी है। 

पंकज चौधरी ने समाजवादी पार्टी के भविष्य के घोषणापत्र पर कहा कि झूठे वादों से ही पार्टी की हार की गारंटी सुनिश्चित हो जाएगी। सपा का झूठा घोषणापत्र जनता पहले भी देख चुकी है और इस बार भी उसे स्वीकार नहीं करेगी। उन्होंने कहा कि सपा-कांग्रेस गठबंधन में युद्ध छिड़ा हुआ है। दोनों दलों के बीच जिस तरह बयानबाजी चल रही है, उससे साफ है कि चुनाव में उतरने से पहले ही गठबंधन का बंटाधार हो चुका है। 

पंकज चौधरी ने कहा कि कांग्रेस ने सपा को 181 सीटों की सूची दी लेकिन सपा ने 26 सीटें देने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि गठबंधन में सीटों का बंटवारा अभी पूरी तरह तय भी नहीं हुआ है, लेकिन समाजवादी पार्टी ने पांच सीटों पर प्रत्याशी घोषित कर दिए हैं। इससे गठबंधन की स्थिति का अंदाजा लगाया जा सकता है।

संविधान का गला घोंटने वाले आज लाल किताब लेकर जनता को गुमराह कर रहे: मुख्यमंत्री योगी

- संविधान दिवस पर लोक भवन में आयोजित समारोह में मुख्यमंत्री ने 3,955 आंबेडकर मूर्ति स्थलों के सौंदर्यीकरण का किया शुभारंभ, दिलाई उद्देशिका की शपथ

- मुख्यमंत्री बोले- कांग्रेस ने बाबा साहेब को भारत रत्न नहीं दिया, संसद तक पहुंचने से रोकने के लिए किए षड्यंत्र

- कहा- पहले कर्फ्यू, दंगे और घोटाले थे यूपी की नियति, डबल इंजन सरकार ने स्थापित किया कानून का शासन

- बाबा साहेब और सामाजिक न्याय के महापुरुषों के सम्मान में मूर्ति स्थलों का होगा सौंदर्यीकरण

- किसी परिवार की जागीर नहीं भारत की संप्रभुता, देश का आम नागरिक ही इसका वास्तविक संरक्षक: सीएम 

- सपा सरकार ने कन्नौज मेडिकल कॉलेज से हटाया था बाबा साहेब का नाम, भाजपा सरकार ने फिर किया नामकरण: योगी 

- कांग्रेस का डीएनए संविधान विरोधी, सपा शासन में बाबा साहेब को भूमाफिया कहे जाने पर मुस्कुराते रहे अखिलेश: केशव प्रसाद मौर्य

लखनऊ, 26 नवंबर। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने विपक्ष पर संविधान और लोकतांत्रिक संस्थाओं को कमजोर करने का आरोप लगाते हुए कहा कि जिन लोगों ने अवसर मिलने पर संविधान का गला घोंटने का प्रयास किया, वे आज लाल किताब लेकर जनता को गुमराह कर रहे हैं। संविधान की संप्रभुता किसी व्यक्ति, परिवार या जाति विशेष में नहीं, बल्कि देश के आम नागरिक में निहित है। मुख्यमंत्री गुरुवार को लोक भवन ऑडिटोरियम में संविधान दिवस पर आयोजित कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। इस अवसर पर उन्होंने डॉ. भीमराव अंबेडकर मूर्ति विकास योजना के तहत प्रदेश के 3,955 मूर्ति स्थलों के सौंदर्यीकरण कार्यों का शुभारंभ किया। उन्होंने उप मुख्यमंत्री और अन्य अतिथियों के साथ संविधान की उद्देशिका का सामूहिक पाठ भी किया।

- 3,955 मूर्ति स्थलों का होगा सौंदर्यीकरण

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर और सामाजिक न्याय के महापुरुषों से जुड़े 4,030 स्थल चिह्नित किए गए हैं। इनमें से 3,955 स्थलों पर सौंदर्यीकरण कार्य शुरू किए जा रहे हैं। यहां जरूरत के अनुसार छतरी, बाउंड्री वॉल, सीसीटीवी कैमरे और अन्य सुरक्षा व्यवस्थाएं विकसित की जाएंगी। परिसर में फुलवारी भी बनाई जाएगी। उन्होंने कहा कि यह अभियान बाबा साहेब, संत रविदास, संत कबीरदास और महर्षि वाल्मीकि जैसे महापुरुषों के योगदान तथा समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति की भावनाओं के सम्मान का प्रयास है।

- संविधान ने पहले दिन से हर वयस्क को दिया मताधिकार

मुख्यमंत्री ने कहा कि भारत का संविधान 145 करोड़ नागरिकों का गौरव और मार्गदर्शक है। दुनिया के कई देशों में जाति, रंग और लिंग के आधार पर नागरिकों को लंबे समय तक मताधिकार से वंचित रखा गया, जबकि भारत ने संविधान लागू होने के पहले दिन से हर वयस्क नागरिक को बिना भेदभाव मतदान का अधिकार दिया। संविधान की प्रस्तावना के शुरुआती शब्द 'हम भारत के लोग' स्पष्ट करते हैं कि देश की संप्रभुता आम नागरिक में निहित है। विधायिका, कार्यपालिका और न्यायपालिका के बीच संतुलन ही लोकतांत्रिक व्यवस्था को मजबूत बनाता है।

- कांग्रेस ने बाबा साहेब का किया अपमान, सपा ने हटाया मेडिकल कॉलेज से नाम

मुख्यमंत्री ने आरोप लगाया कि कांग्रेस ने बाबा साहेब को भारत रत्न नहीं दिया और उन्हें संसद तक पहुंचने से रोकने के लिए षड्यंत्र किए। सपा सरकार ने कन्नौज मेडिकल कॉलेज से बाबा साहेब का नाम हटा दिया था, जिसे वर्तमान सरकार ने फिर बहाल किया। उरई मेडिकल कॉलेज का नाम लोकमाता अहिल्याबाई होलकर के नाम पर किया गया। उन्होंने महाराज सुहेलदेव के सम्मान में बहराइच में स्मारक और उनके नाम पर मेडिकल कॉलेज तथा राजा महेंद्र प्रताप सिंह के नाम पर अलीगढ़ में राज्य विश्वविद्यालय स्थापित किए जाने का भी उल्लेख किया।

- पिछली सरकारें देती थी माफिया को संरक्षण

मुख्यमंत्री ने पिछली सरकारों पर माफिया और अपराधियों को संरक्षण देने, पेपर लीक, नकल, नौकरी में वसूली और गरीबों को योजनाओं से वंचित रखने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि कानून का राज और विधि का शासन ही विकास की गारंटी है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 2015 में बाबा साहेब की 125वीं जयंती पर 26 नवंबर को संविधान दिवस के रूप में मनाने की शुरुआत की। संविधान की मूल प्रति में भगवान श्रीराम, भगवान श्रीकृष्ण, महात्मा बुद्ध और सम्राट अशोक सहित भारत की विरासत के चित्र भी शामिल हैं। संविधान सभा के 55 सदस्य उत्तर प्रदेश से थे, जबकि 15 महिला सदस्यों में से छह प्रदेश से थीं।

- कांग्रेस का डीएनए संविधान विरोधी: केशव प्रसाद मौर्य

उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि कांग्रेस और सपा को 26 नवंबर 1949 की याद नहीं आती थी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने संविधान दिवस मनाने की शुरुआत की। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस का डीएनए संविधान विरोधी है। सपा शासनकाल में आजम खान ने बाबा साहेब को भूमाफिया कहा था और उस समय अखिलेश यादव मुस्कुराते रहे। सपा और कांग्रेस ने गरीबों, पिछड़ों और वंचितों का दमन किया है।

- कांग्रेस ने बाबा साहेब के सिद्धांतों पर अमल नहीं किया: ब्रजेश पाठक

उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने कहा कि कांग्रेस समेत कई दल बाबा साहेब का नाम लेकर राजनीति करते हैं, लेकिन उनके सिद्धांतों पर नहीं चलते। प्रधानमंत्री मोदी ने बाबा साहेब से जुड़े पंचतीर्थों का विकास कराया। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस ने सत्ता बचाने, वोट बैंक और तुष्टीकरण के लिए संविधान संशोधन किए, जबकि प्रधानमंत्री ने देशहित में संशोधन किए।

- कांग्रेस ने देश को जेलखाना बनाया था: सुरेश खन्ना

वित्त एवं संसदीय कार्य मंत्री सुरेश खन्ना ने कहा कि संविधान की किताब लेकर घूमने वाली कांग्रेस ने ही आपातकाल लगाकर प्रेस की आजादी पर प्रतिबंध लगाया था और देश को जेलखाना बना दिया था। उन्होंने मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास योजना का उल्लेख करते हुए बताया कि इसके तहत युवाओं को पांच लाख रुपये तक का ऋण बिना गारंटी और ब्याज के दिया जा रहा है।

- प्रतिमाओं के संरक्षण के लिए सरकार की पहल: असीम अरुण

समाज कल्याण मंत्री असीम अरुण ने कहा कि बाबा साहेब की प्रतिमाओं को अंबेडकर तीर्थ के रूप में विकसित किया जा रहा है। छतरियों, बाउंड्री वॉल, सीसीटीवी और अन्य सुरक्षा व्यवस्थाओं के साथ परिसर में फुलवारी बनाई जाएगी। संत रविदास, कबीरदास और ज्योतिबा फुले सहित अन्य महापुरुषों के स्थलों के संरक्षण के साथ गांवों में डिजिटल लाइब्रेरी विकसित करने की योजना भी आगे बढ़ाई जा रही है।

- वाद-विवाद प्रतियोगिता के विजेता विद्यार्थियों का हुआ सम्मान

कार्यक्रम की शुरुआत वंदे मातरम के सामूहिक गान से हुई। मुख्यमंत्री और अतिथियों ने बाबा साहेब की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि दी। मुख्य सचिव एसपी गोयल ने मुख्यमंत्री का पुष्पगुच्छ भेंटकर स्वागत किया। संविधान दिवस पर आधारित लघु फिल्म का प्रदर्शन भी किया गया। संविधान के मूल्यों पर आयोजित वाद-विवाद प्रतियोगिता में नवयुग कन्या इंटर कॉलेज की सगुण श्रीवास्तव प्रथम, राजकीय बालिका इंटर कॉलेज बीकेटी की फायजा द्वितीय और तालीम गाहे निस्वा इंटर कॉलेज की तूबा अनीस तृतीय रहीं। निबंध प्रतियोगिता में बाल निकुंज इंटर कॉलेज की दिव्या प्रथम, हर्षवर्धन सिंह द्वितीय और राजकीय हाईस्कूल खंतारी के राज तृतीय रहे। मुख्यमंत्री ने सभी छह विद्यार्थियों को स्मृति चिह्न और प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया।

- कार्यक्रम में रहे उपस्थित

कार्यक्रम में उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य और ब्रजेश पाठक, मंत्री सुरेश खन्ना और असीम अरुण, विधान परिषद सदस्य डॉ. महेंद्र सिंह, अनुसूचित जाति-जनजाति आयोग के अध्यक्ष बैजनाथ रावत, मुख्य सचिव एसपी गोयल, प्रमुख सचिव संसदीय कार्य जेपी सिंह और डीजीपी राजीव कृष्ण सहित अन्य अतिथि उपस्थित रहे।