पात्रों को योजनाओं का लाभ दिलाएं अधिकारी, किसानों को निर्बाध बिजली देने के निर्देश
![]()
- जौनपुर में विकास कार्यों और जनकल्याणकारी योजनाओं की समीक्षा करते हुए डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य ने जताई प्राथमिकताएं, लंबित सड़क व निर्माण कार्यों में तेजी लाने को कहा
जौनपुर/ लखनऊ, 25 नवंबर। उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने अधिकारियों को निर्देश दिया है कि सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक पहुंचाया जाए। विकास कार्यों में गुणवत्ता, पारदर्शिता और समयबद्धता सुनिश्चित करने के साथ जनता की समस्याओं का संवेदनशीलता से निस्तारण किया जाए। उन्होंने किसानों को निर्बाध बिजली आपूर्ति देने और लंबित सड़क व निर्माण कार्यों को प्राथमिकता से पूरा कराने पर भी जोर दिया।
बुधवार को पुलिस लाइन सभागार, जौनपुर में जिला स्तरीय अधिकारियों के साथ बैठक कर उप मुख्यमंत्री ने जनपद के विकास कार्यों, केंद्र एवं प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं और विभिन्न परियोजनाओं की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को शासन की मंशा के अनुरूप जिम्मेदारी और आपसी समन्वय से काम करने के निर्देश दिए।
उप मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार की प्राथमिकता समाज के अंतिम पायदान पर खड़े पात्र व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाना है। सभी विभाग यह सुनिश्चित करें कि कोई भी पात्र लाभार्थी योजनाओं से वंचित न रहे। विकास योजनाओं का क्रियान्वयन केवल कागजों तक सीमित नहीं होना चाहिए, बल्कि उनका असर जमीन पर दिखाई देना चाहिए।
- ट्रांसफार्मर बदलने और गलत बिलिंग पर रोक के निर्देश
विद्युत व्यवस्था की समीक्षा के दौरान केशव प्रसाद मौर्य ने खराब और जले ट्रांसफार्मरों को निर्धारित समयसीमा में बदलने के निर्देश दिए। ओवरलोडिंग की समस्या वाले ट्रांसफार्मरों की क्षमता बढ़ाने और बिजली मीटरों से जुड़ी शिकायतों का त्वरित समाधान करने को कहा। उन्होंने स्पष्ट किया कि गलत बिलिंग के जरिए उपभोक्ताओं को परेशान नहीं किया जाए। किसानों की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए उन्होंने खेती और सिंचाई के लिए पर्याप्त एवं निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए, ताकि कृषि कार्य प्रभावित न हों।
- जल जीवन मिशन से क्षतिग्रस्त सड़कों को तत्काल दुरुस्त करें
उप मुख्यमंत्री ने जल जीवन मिशन के तहत पाइपलाइन बिछाने के दौरान क्षतिग्रस्त हुई सड़कों की मरम्मत प्राथमिकता से कराने को कहा। उन्होंने निर्देश दिया कि पाइपलाइन का काम पूरा होने के बाद सड़क को पूर्व स्थिति में बहाल करना संबंधित एजेंसियों की जिम्मेदारी है। इस कार्य में लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
जनपद में अंत्येष्टि स्थलों, उत्सव भवनों, सड़कों और मंडी सहित विभिन्न विभागों के निर्माण कार्यों की समीक्षा करते हुए उन्होंने धीमी गति से चल रही और लंबित परियोजनाओं में तेजी लाने को कहा। सभी कार्य निर्धारित समयसीमा में गुणवत्तापूर्ण तरीके से पूरे किए जाएं, जिससे जनता को योजनाओं का लाभ मिल सके।
- थाना, ब्लॉक और तहसील स्तर पर कार्यप्रणाली सुधारें
उप मुख्यमंत्री ने थाना, ब्लॉक और तहसील स्तर पर कार्यप्रणाली बेहतर बनाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि आमजन की समस्याओं का संवेदनशीलता और प्राथमिकता के आधार पर समाधान किया जाए। दूर-दराज से शिकायत लेकर आने वाले फरियादियों को अनावश्यक रूप से कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें और उनकी शिकायतों का त्वरित एवं न्यायोचित निस्तारण हो।
राजस्व विवादों की समीक्षा के दौरान उन्होंने पुलिस और राजस्व विभाग को आपसी समन्वय से मामलों का समाधान कराने को कहा। जहां संभव हो, दोनों पक्षों के बीच सुलह-समझौते के जरिए विवाद निस्तारित कराए जाएं, ताकि लोगों को राहत मिल सके।
उन्होंने सभी विभागों को विकास परियोजनाओं और लंबित प्रोजेक्टों को समयसीमा से पहले पूरा करने के लिए कार्ययोजना बनाने, नियमित समीक्षा और निगरानी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
बैठक से पहले उप मुख्यमंत्री ने जनप्रतिनिधियों के साथ संवाद कर क्षेत्र की समस्याओं, जन अपेक्षाओं और विकास से जुड़ी जरूरतों की जानकारी भी प्राप्त की।
बैठक में राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) खेल एवं युवा कल्याण गिरीश चंद्र यादव, राज्यसभा सांसद सीमा द्विवेदी, अजीत प्रजापति, डॉ. अजय कुमार सिंह, विधायक बदलापुर रमेश चन्द्र मिश्रा, शाहगंज के रमेश सिंह, मड़ियाहूं के डॉ. आरके पटेल, एमएलसी बृजेश सिंह प्रिंशु, नगर पालिका परिषद जौनपुर अध्यक्ष मनोरमा मौर्य, पूर्व सांसद मछलीशहर बीपी सरोज सहित अन्य जनप्रतिनिधि मौजूद रहे। जिलाधिकारी उमेश मिश्रा, अपर पुलिस अधीक्षक नगर अनन्त चंद्रशेखर, मुख्य विकास अधिकारी नरेंद्र बहादुर सिंह समेत विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी भी बैठक में उपस्थित रहे।















Nov 26 2026, 14:28
- Whatsapp
- Facebook
- Linkedin
- Google Plus
1- Whatsapp
- Facebook
- Linkedin
- Google Plus
1.2k