पत्रकारों की रेल किराया रियायत बहाली के लिए प्रेस परिषद ने तेज की पैरवी
![]()
- अध्यक्ष न्यायमूर्ति रंजना प्रकाश देसाई के निर्देश पर रेल मंत्रालय से वार्ता करेगा तीन सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल, 2020 से लगातार उठाया जा रहा है रियायत बहाली का मुद्दा
नई दिल्ली। कोविड-19 महामारी के दौरान बंद की गई पत्रकारों की रेल किराया रियायत बहाल कराने की मांग को लेकर भारतीय प्रेस परिषद (PCI) ने अपनी पैरवी तेज कर दी है। परिषद अब इस मुद्दे पर रेल मंत्रालय के अधिकारियों से सीधे बातचीत करेगी। प्रेस परिषद की अध्यक्ष न्यायमूर्ति रंजना प्रकाश देसाई के निर्देश पर तीन सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल गठित किया गया है, जो रेल मंत्रालय के संबंधित अधिकारियों से मुलाकात कर पत्रकारों को पहले मिलने वाली रेल किराया रियायत बहाल करने की मांग रखेगा। इसकी जानकारी बुधवार को परिषद के वरिष्ठ सदस्य रजा हुसैन रिजवी ने दी।
रिजवी के मुताबिक, पत्रकारों की रेल किराया रियायत बहाली का मुद्दा प्रेस परिषद वर्ष 2020 से लगातार उठा रही है। इस सिलसिले में परिषद ने पहली बार 24 दिसंबर 2020 को रेलवे बोर्ड के समक्ष रियायत बहाल करने का आग्रह किया था। कोविड महामारी के दौरान 20 मार्च 2020 से रेलवे ने विभिन्न श्रेणियों के यात्रियों को मिलने वाली रियायतें बंद कर दी थीं, जिसमें मान्यता प्राप्त पत्रकारों की सुविधा भी शामिल थी।
- रेलवे बोर्ड ने सब्सिडी का दिया था हवाला
प्रेस परिषद के आग्रह पर रेलवे बोर्ड ने 4 जुलाई 2023 को जवाब देते हुए बताया था कि वित्त वर्ष 2019-20 में यात्रियों को टिकटों पर कुल 59,837 करोड़ रुपये की सब्सिडी दी गई थी, जो औसतन 53 प्रतिशत रियायत के बराबर थी। बोर्ड ने दिव्यांगजनों, विद्यार्थियों और मरीजों जैसी कुछ श्रेणियों के लिए जारी रियायतों का भी उल्लेख किया था। इस जवाब पर स्पष्टीकरण मांगते हुए परिषद ने 24 जुलाई 2023 को दोबारा पत्र भेजा।
इसके बाद 23 अक्टूबर 2024 को प्रेस परिषद ने रेल मंत्रालय को अनुस्मारक भेजकर पत्रकारों की रेल किराया रियायत बहाल करने की मांग दोहराई। परिषद का तर्क रहा है कि समाचार संकलन, फील्ड रिपोर्टिंग और देश के विभिन्न हिस्सों में आयोजनों की कवरेज के लिए पत्रकारों को लगातार यात्रा करनी पड़ती है। रियायत बंद होने से खासकर सीमित संसाधनों में काम करने वाले पत्रकारों पर आर्थिक बोझ बढ़ा है।
- रेल मंत्रालय से वार्ता करेगा तीन सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल
रियायत बहाली की पहल को आगे बढ़ाते हुए 16 जुलाई 2026 को प्रेस परिषद की अध्यक्ष न्यायमूर्ति रंजना प्रकाश देसाई ने रेल मंत्रालय के अधिकारियों से वार्ता के लिए तीन सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल गठित करने का निर्देश दिया था। इसके क्रम में परिषद की सचिव शुभा गुप्ता ने 4 अगस्त 2026 को पत्र जारी कर प्रतिनिधिमंडल के सदस्यों की घोषणा की।
प्रतिनिधिमंडल में परिषद के सदस्य गुरिंदर सिंह, अरुण कुमार त्रिपाठी और डॉ. के. श्रीनिवास राव शामिल हैं। प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व गुरिंदर सिंह करेंगे। यह दल रेल मंत्रालय के अधिकारियों से मुलाकात कर पत्रकारों की रेल किराया रियायत बहाली का पक्ष रखेगा।
- पत्रकारों को राहत देने की मांग
प्रेस परिषद ने अपने पत्रों में इस बात पर जोर दिया है कि पत्रकारों को आर्थिक और व्यवस्थागत बाधाओं से मुक्त होकर काम करने का अवसर मिलना चाहिए। पत्रकार लोकतंत्र में जनता तक सूचनाएं पहुंचाने, शासन-प्रशासन की जवाबदेही तय करने और जनहित के मुद्दों को सामने लाने में अहम भूमिका निभाते हैं। ऐसे में रेल किराया रियायत की बहाली पत्रकारों के लिए आर्थिक राहत के साथ-साथ उनके पेशेगत दायित्वों के निर्वहन में भी मददगार साबित हो सकती है।


















Nov 25 2026, 18:53
- Whatsapp
- Facebook
- Linkedin
- Google Plus
0- Whatsapp
- Facebook
- Linkedin
- Google Plus
0.4k