उत्तर प्रदेश में 28 आईपीएस का तबादला, चार पुलिस आयुक्त बदले
ये तबादले आगामी विधानसभा चुनाव के मदृेनजर हुए

पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल को प्रयागराज का नया पुलिस आयुक्त बनाया गया

प्रवीण कुमार को अपर पुलिस महानिदेशक लखनऊ जोन से अपर पुलिस महानिदेशक बरेली जोन को मिली जिम्मेदारी

लखनऊ। शासन ने उत्तर प्रदेश पुलिस विभाग में 28 आईपीएस अधिकारियों के तबादले किए हैं। गाजियाबाद, गौतमबुद्धनगर, वाराणसी और प्रयागराज के पुलिस आयुक्त बदले गये हैं। अयोध्या जिले के पुलिस कप्तान का भी स्थानांतरण हुआ है। ये तबादले आगामी विधानसभा चुनाव के मदृेनजर हुए हैं।

तबादले के क्रम में वाराणसी पुलिस कमिश्ररेट में तैनात पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल को प्रयागराज का नया पुलिस आयुक्त बनाया गया है। गौतमबुद्धनगर की पुलिस कमिश्नर लक्ष्मी सिंह को गाजियाबाद का नया पुलिस आयुक्त नियुक्त किया है। वहीं गाजियाबाद के पुलिस आयुक्त जे रविंद्र गौड़ को गौतमबुद्धनगर का पुलिस आयुक्त और लखनऊ जोन के पुलिस महानिरीक्षक किरण एस को वाराणसी जिले का पुलिस आयुक्त बनाया गया है। इसके अलावा पीयूष मोर्डिया को पुलिस आयुक्त प्रयागराज पुलिस कमिश्ररेट से हटाकर अपर पुलिस महानिदेशक स्थापना, बरेली जोन के अपर पुलिस महानिदेशक रमित शर्मा को अपर पुलिस महानिदेशक लखनऊ जोन, प्रवीण कुमार को अपर पुलिस महानिदेशक लखनऊ जोन से अपर पुलिस महानिदेशक बरेली जोन, प्रभाकर चौधरी को पुलिस उपमहानिरीक्षक अलीगढ़ से पुलिस उपमहानिरीक्षक लखनऊ भेजा गया है। अभिषेक सिंह को पुलिस उपमहानिरीक्षक सहारनपुर से पुलिस उपमहानिरीक्षक आगरा, शैलेश कुमार पाण्डेय को पुलिस उपमहानिरीक्षक आगरा से पुलिस उपमहानिरीक्षक अलीगढ़, आशीष तिवारी को पुलिस उपमहानिरीक्षक तकनीकी सेवाये लखनऊ से पुलिस उपमहानिरीक्षक सहारनपुर, डा. गौरव ग्रोवर को अयोध्या जिले के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक पद से हटाकर मुरादाबाद का नया पुलिस कप्तान बनाया है।

सुनीति को पुलिस उपायुक्त पुलिस कमिश्ररेट गौतबुद्धनगर, पुलिस अधीक्षक, मुख्यालय पुलिस महानिदेशक लखनऊ, आकाश तोमर को सेनानायक, 08वीं वाहिनी पीएसी बरेली से पुलिस अधीक्षक डा. भीमराव अम्बेडकर पुलिस अकादमी मुरादाबाद, अमित कुमार प्रथम को सेना नायक, 23वीं वाहिनी पीएसी मुरादाबाद से पुलिस अधीक्षक ईओडब्ल्यू लखनऊ, नरेन्द्र कुमार सिंह को सेनानायक, 15वीं वाहिनी पीएसी से पुलिस अधीक्षक पीटीसी सीतापुर, डा. अनिल कुमार पाण्डेय को सेना नायक 36 वीं वाहिनी पीएसी वाराणसी से पुलिस अधीक्षक कारागार प्रशासन एवं सुधार सेवायें लखनऊ, त्रिभुवन सिंह को सेनानायक, 30 वीं वाहिनी पीएसी गोण्डा से पुलिस अधीक्षक, जीआरपी मुख्यालय लखनऊ, राजेश कुमार श्रीवास्ताव को पुलिस अधीक्षक अभिसूचना मुख्यालय लखनऊ बनाया गया है।

इनके अलावा सुशील कुमार शुक्ला को सेनानायक, 20वीं वाहिनी पीएसी आजमगढ़ से पुलिस अधीक्षक पीटीएस गोरखपुर, अजीत कुमार सिन्हा को सेनानायक, 33वीं वाहिनी पीएसी झांसी से पुलिस अधीक्षक, उप्र पावर कॉरर्पोरेशन लिमिटेड लखनऊ, दिनेश त्रिपाठी को पुलिस उपायुक्त कमिश्ररेट कानपुर नगर से पुलिस उपायुक्त कमिश्ररेट प्रयागराज बनाया गया है।

इसी तरह सतपाल को मुरादाबाद के एसएसपी पद से हटाकर अयोध्या का नया पुलिस कप्तान, प्रीति यादव को पुलिस उपायुक्त पुलिस कमिश्ररेट गौतमबुद्धनगर से सेना नायक 15वीं वाहिनी पीएसी आगरा, पुनीत द्विवेदी को अपर पुलिस उपायुक्त कमिश्ररेट गाजियाबाद, नीतू को अपर पुलिस उपायुक्त पुलिस कमिश्ररेट लखनऊ और अमित कुमावत को आगरा पुलिस कमिश्रेट में अपर पुलिस उपायुक्त के पद पर तैनाती मिली है।
उत्तर प्रदेश के व्यापारियों की सुरक्षा स्वास्थ्य एवं सामाजिक कल्याण से  संबंधित विभिन्न मांगों के संबंध में ज्ञापन
अखिल भारतीय उद्योग व्यापार मंडल

सुलतानपुर। अखिल भारतीय उद्योग व्यापार मंडल व्यापारियों का एक मात्र संगठन है जो व्यापारियों के हित के लिए सदैव शासन प्रशासन के सामने पहली पंक्ति में खड़ा रहता है,इसी क्रम में आज प्रदेश मंत्री हिमांशु मालवीय व छेत्रिय प्रभारी अमरबाहादुर सिंह के  दिशा निर्देशन,जिला प्रभारी प्रविन्द्र भालोटिया एवं जिलाध्यक्ष विजय प्रधान के नेतृत्व में सुल्तानपुर शहर के विधायक आदरणीय विनोद सिंह जी एवं इसौली विधायक आदरणीय मोहम्मद ताहिर खान के प्रतिनिधि के माध्यम से माननीय मुख्यमंत्री आदरणीय योगी आदित्यनाथ जी को ज्ञापन भेजने का आग्रह किया गया।        दोनों विधायकों से वार्तालाप के पश्चात उन्होंने आश्वासन दिया कि दिसंबर में होने वाले शीतकालीन सत्र मैं आपकी मांगों को रखा जाएगा आदरणीय मुख्यमंत्री जी से इन मांगों को पूरा करने के लिए निवेदन भी किया जाएगा।
    *व्यापारियों से संबंधित प्रमुख मांगे**।                                  १-देश के व्यापारियों के परिवारों को 10 लाख तक की कैशलेस इलाज की सुविधा उपलब्ध कराई जाए, जिसमें आपातकालीन परिस्थितियों में उन्हें आर्थिक संकट का सामना न करना पड़े।                        
२-मुख्यमंत्री व्यापारिक दुर्घटना बीमा योजना के अंतर्गत मिलने वाली सहायता राशि 10 लाख से बढ़कर 20 लाख की जाए, जिसमें व्यापारी परिवारों को बेहतर आर्थिक सुरक्षा मिल सके।                                    ३-किसी व्यापारी की दुकान आग लगने, प्राकृतिक आपदा अथवा अन्य कारणों से जलने ,नष्ट होने या क्षतिग्रस्त होने की स्थिति में पंजीकरण की अनिवार्यता समाप्त करते हुए तत्काल सरकारी आर्थिक सहायता उपलब्ध कराई जाए।                                           ४-विधान परिषद में स्नातक एवं शिक्षक की तरह व्यापारी प्रतिनिधियों को भी भेजने का अवसर प्रदान किया जाए, जिसमें व्यापारियों की समस्याओं एवं हितों को सदन में प्रभावी ढंग से उठाया जा सके।                             ५-व्यापारियों की सुरक्षा एवं उनके व्यापारिक प्रतिष्ठानों की संवेदनशीलता को ध्यान में रखते हुए पात्र व्यापारियों को प्राथमिकता के आधार पर शस्त्र लाइसेंस जारी किया जाए।                                           अतः आपसे विनम्र आग्रह है कि व्यापारी समाज की इन महत्वपूर्ण मांगों पर सहानुभूतपूर्वक विचार करते हुए इनके शीघ्र क्रियान्वयन हेतु संबंधित विभागों को आवश्यक दिशा निर्देश जारी करने कृपा करें।               हमें पूर्ण विश्वास है कि आपकी सरकार व्यापारी हितों को प्राथमिकता देते हुए इन मांगों पर सकारात्मक निर्णय लेगी।
इस मौके पर युवा प्रदेश कार्य समिति सदस्य आकाश जायसवाल, जिला महामंत्री तेजीन्द्र सिंह,जिला कोषाध्यक्ष आशीष तिवारी,जिला संगठन महामंत्री अमरचंद्र साहू, वरिष्ठ जिला उपाध्यक्ष गोपाल सोनी, जिला उपाध्यक्ष विनय सिंह, ,जिला मंत्री सुनील सिंह,नगर अध्यक्ष मनीष कसौधन,नगर महामंत्री राजेश श्रीवास्तव, नगर संगठन मंत्री बजरंगी साहू, नगर उपाध्यक्ष हरदीप सिंह,युवा जिलाअध्यक्ष श्याम सुन्दर कसौधन,युवा जिलामहामंत्री अंकित अग्रहरी,युवा नगर अध्यक्ष भोला सोनी,युवा नगर महामंत्री शिव पूजन, युवा मीडिया प्रभारी यश जयसवाल आदि पदाधिकारी मौजूद रहे।
टिकौला शुगर मिल ने किसानों के खातों में भेजे 16.71 करोड़ रुपये
**20 से 23 नवंबर तक खरीदे गए गन्ने का किया शत-प्रतिशत भुगतान, किसानों से साफ-सुथरा गन्ना आपूर्ति करने की अपील**

**बहसुमा।मेरठ।** टिकौला शुगर मिल ने पेराई सत्र 2026-27 के तहत किसानों को गन्ना मूल्य भुगतान की सौगात दी है। मिल प्रबंधन ने 20 नवंबर से 23 नवंबर 2026 तक खरीदे गए गन्ने का कुल 16.71 करोड़ रुपये का भुगतान किसानों के बैंक खातों में सीधे भेज दिया है।

चीनी मिल के अधिशासी अध्यक्ष हरकीरत सिंह ने बताया कि उक्त अवधि में खरीदे गए गन्ने का संपूर्ण भुगतान कर दिया गया है। उन्होंने किसानों से संबंधित बैंकों में जाकर अपने खातों में भुगतान की स्थिति की जानकारी प्राप्त करने की अपील की।

उन्होंने किसानों से आग्रह किया कि चीनी मिल को साफ-सुथरा और ताजा गन्ना ही आपूर्ति करें। गन्ने में जड़, पत्ती, मिट्टी और हरा अगोला बिल्कुल न हो, ताकि चीनी मिल को गुणवत्तापूर्ण गन्ना मिल सके।

उन्होंने कहा कि जिन किसानों के पास पर्चियों से अधिक गन्ना उपलब्ध है, वे चीनी मिल अथवा गन्ना विकास परिषद से संपर्क कर अपनी आवश्यकता के अनुसार अतिरिक्त सट्टा दर्ज करा सकते हैं। साथ ही सभी किसान अपना बेसिक कोटा अवश्य पूरा करें।

मिल प्रबंधन ने किसानों से सहयोग की अपील करते हुए कहा कि स्वच्छ एवं ताजा गन्ने की आपूर्ति से चीनी मिल के संचालन में भी बेहतर व्यवस्था बनी रहेगी।
स्व. चंद्र बोस वर्मा की पुण्यतिथि पर श्रद्धांजलि सभा और भंडारे का आयोजन
**मेरठ।** स्वर्गीय चंद्र बोस वर्मा की पुण्यतिथि पर शुक्रवार को जागृति विहार स्थित माता मनसा देवी मंदिर में श्रद्धांजलि सभा एवं भंडारे का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में पहुंचे गणमान्य लोगों और श्रद्धालुओं ने उनके चित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। इसके बाद भंडारे में प्रसाद ग्रहण कर पुण्य लाभ अर्जित किया।

इस अवसर पर भारतीय गौ सेवा संघ के जिला उपाध्यक्ष मेरठ परविंदर चौधरी उर्फ जैन साहब, समसपुर के जिलाध्यक्ष अनिल कुमार शर्मा, गोविंद कुमार, रवि शर्मा सहित अनेक गणमान्य लोग मौजूद रहे। सभी ने स्वर्गीय चंद्र बोस वर्मा को याद करते हुए उनके प्रति श्रद्धा व्यक्त की।

कार्यक्रम के आयोजक एवं स्वर्गीय चंद्र बोस वर्मा के पुत्र दीपक वर्मा ने आयोजन में पहुंचे सभी अतिथियों और श्रद्धालुओं का आभार व्यक्त किया। श्रद्धा और भक्ति के माहौल में आयोजित कार्यक्रम में लोगों ने दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की।
देवरिया : फार्म-6 की प्रगति असंतोषजनक, सात अधिकारियों को कारण बताओ नोटिस
- एक दिन के भीतर स्वयं उपस्थित होकर देना होगा स्पष्टीकरण

देवरिया,। उत्तर प्रदेश के जनपद देवरिया में विधानसभा निर्वाचक नामावलियों के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यक्रम के तहत नए मतदाताओं के पंजीकरण में फार्म-6 की प्रगति असंतोषजनक मिलने पर जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी मधुसूदन हुल्गी ने शुक्रवार काे सात सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों को कारण बताओ नोटिस जारी किया है।

26 नवंबर को कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित समीक्षा बैठक में जिले के सात विधानसभा क्षेत्रों में फार्म-6 के माध्यम से नए मतदाताओं के पंजीकरण की प्रगति आयोग की मंशा के अनुरूप नहीं पाई गई। इनमें 336-रुद्रपुर, 337-देवरिया, 338-पथरदेवा, 339-रामपुर कारखाना, 340-भाटपार रानी, 341-सलेमपुर और 342-बरहज विधानसभा क्षेत्र शामिल हैं। निर्वाचन जैसे महत्वपूर्ण कार्य में लापरवाही और उदासीनता बरतने पर संबंधित अधिकारियों को नोटिस जारी करते हुए एक दिन के भीतर स्वयं उपस्थित होकर स्पष्ट एवं तथ्यात्मक स्पष्टीकरण प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं।

नोटिस पाने वालों में तहसीलदार रुद्रपुर राहुल सिंह, खंड विकास अधिकारी देवरिया गुरुशरण श्रीवास्तव, खंड विकास अधिकारी देसही देवरिया सुधीर पाण्डेय, खंड विकास अधिकारी तरकुलवा मनोज कुमार सिंह, खंड विकास अधिकारी भाटपार रानी प्रसिद्ध नाथ त्रिपाठी, नायब तहसीलदार सलेमपुर राम सूरज और नायब तहसीलदार बरहज बिन्द्रेश कुमार गुप्ता शामिल हैं।

जिलाधिकारी ने कहा कि सभी संबंधित अधिकारी अपने-अपने विधानसभा क्षेत्रों में सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी के रूप में तैनात हैं। निर्वाचन कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही और उदासीनता को गंभीरता से लिया जाएगा। उन्होंने निर्धारित समयसीमा के भीतर कार्यों की प्रगति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।
सपा की सरकार में एक भी भर्ती ईमानदारी के साथ नहीं होती थी : योगी आदित्यनाथ
-मुख्यमंत्री योगी ने 1594 अभ्यर्थियों को वितरित किया नियुक्ति पत्र

लखनऊ। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ गुरुवार को इंदिरगांधी प्रतिष्ठान में आयोजित कार्यक्रम के दौरान एक हजार 594 सहायक लेखाकार और लेखा परीक्षकों को नियुक्ति पत्र वितरित किया। मुख्यमंत्री योगी ने युवाओं को बधाई देते हुए कहा कि कठिन परिश्रम का कोई विकल्प नहीं है। पहले की सरकारों में मेधा का सम्मान नहीं था। आज की सरकार में मेधा को ही आगे किया जा राह है। सपा की सरकार में एक भी भर्ती ईमानदारी के साथ नहीं होती थी

इस माैके पर मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि 2017 से पहले उप्र की स्थिति क्या थी, यह सबको पता है। नौ साल पहले एचसीएल में 100 लोग काम करते थे। आज उनके कैम्पस में 18 हजार लोग कार्य कर रहे हैं। 60 फीसदी युवतियां कार्य कर रही हैं। उनसे मैने बात किया तो उन्होंने तीन सिफ्ट में काम कर रहे हैं। देर रात में कार्य करके अपने घर जाते हैं। पहले ऐसा नहीं हो सकता था। रात में लड़कियां नहीं निकल सकती थीं। सरकार में बैठे लोग ही बालिकाओं के लिए खतरा थे।

मुख्यमंत्री ने कहा कि हम अपने युवाओं को पढ़ाएंगे नहीं, उन्हें तकनीक के साथ जोड़ेंगे नहीं तो भविष्य कैसे ठीक रहेगा। आज यूपी का युवा इस क्षेत्र को लीड कर रहा है। जो लोग कट्टा और बम बनाते थे, उनकी सोच उतनी ही थी। दुनिया की सबसे अच्छी रायफल यूपी में बन रही है। सबसे अच्छी मिसाइल ब्रह्मोस लखनऊ में ही बन रही है। ब्रह्मोस मिसाइल बनाने में हमारे युपी के युवा कार्य कर रहे हैं। पाकिस्तान पर एक मिसाइल दागी जाती है तो वह बाप-बाप कर चिल्लाता नजर आता है।

मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि सपा की सरकार में एक भी भर्ती ईमानदारी के साथ नहीं होती थी। 2015-16 के दौरान आपने देखा होगा उत्तर प्रदेश पब्लिक सर्विस कमीशन का एक परिणाम आया था। जो टॉपर था, वह हाईस्कूल में थर्ड डिवीजन था। इंटरमीडिएट थर्ड डिवीजन, यूजी की जो डिग्री ली थी, उसमें भी थर्ड डिवीजन और यूपी पब्लिक सर्विस कमीशन में एसडीएम और टॉप कर गया। टॉप किया नहीं टॉप करवाया गया था। इसीलिए जब मैं आज आपके चेहरे की चमक को देख रहा हूं तो यह चमक केवल आपके चेहरे की नहीं है यह यूपी की चमक है नए यूपी की चमक है।

योगी ने कहा कि मेरिट को नजरअंदाज करना पाप है। पिछले की सरकारों ने मेधावियों को नजरअंदाज किया। हमने उन्हें उसकी सजा दी। आप लोग अपने परिवार को बताइए, दोस्तों को बताइए कि मेरिट की क्या कीमत है। मेरी और वित्त मंत्री द्वारा आप पर कोई कृपा नहीं कर रहे हैं। आपकी मेहनत का नतीजा है। अगले 10 दिनों में ही हम 50 हजार युवाओं को नियुक्ति पत्र देंगे।

अखिलेश जी आप भी बता दीजिए कि 30 लाख युवाओं को कहां नियुक्ति पत्र देंगे। आप अपने अतीत के बारे में बताएं। आपका अतीत ठीक नहीं है तो भविष्य भी ठीक नहीं हो सकता। वे कहते हैं कि सरकारी कर्मचारियों को ओपीएस देंगे। सपा के लोग यह भी बताएं कि न्यू पेंशन स्कीम किसने लागू की थी, ये समाजवादी पार्टी ने 2005 में लागू किया था। युवाओं से अपील करते हुए योगी ने कहा कहा कि इसलिए सबको बताएं कि मेरिट का कोई विकल्प नहीं हो सकता है।

अब यूपी पर कोई संदेह नही कर सकता। लोग अपनी सत्ता बचाने के लिए इतना अंधविश्वास और पाखंड में डूबे हुए थे, कहते थे नोयडा जाएंगे तो कुर्सी चली जाएगी। राममंदिर का विरोध करेंगे। नोयडा जाएंगे तो कुर्सी चली जायेगी, प्रभु से डरो पाखंड से नही। नोएडा, ग्रेटर नोएडा यूपी का इकोनॉमिक फेस है। जिस राज्य का मुख्यमंत्री अपने इकोनॉमिक फेस को नजरंदाज कर अपने गुर्गों को लूट खसोट करने की परमिशन देता हो, क्या करेंगे आप उसे।

इस अवसर पर नवचयनित अभ्यर्थियों को शभुकामनाएं देते हुए मुख्यमंत्री ने उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। इस मौके पर वित्त मंत्री सुरेश खन्ना के अलावा विभाग के अधिकारियों की उपस्थिति रही।
बसपा प्रमुख मायावती ने सपा के ’जन-मन मेनिफेस्टो’ पर कसा तंज, बताया हवा हवाई
लखनऊ। बहुजन समाज पार्टी (बसपा) की राष्ट्रीय अध्यक्ष मायावती ने उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव के लिए समाजवादी पार्टी (सपा) के जारी ’जन-मन का मेनिफेस्टो’ को हवा हवाई बताया है।

बसपा प्रमुख ने शुक्रवार को एक्स पर पोस्ट में लिखा कि, प्रदेश में सपा ने ’जन-मन का मेनिफेस्टो’ के नाम से गुरुवार को जारी किया गया ’प्रण-पत्र’ इनके कथित पीडीए की तरह ही हवाहवाई है। उनका यह पत्र ’थोथा चना बाजे घना’ की कहावत को ही चरितार्थ करने वाला ज़्यादा है।

उन्होंने कहा कि वैसे भी इस पार्टी का स्वभाव जग जा़हिर तौर पर गरीबों, दलितों, पिछड़ों व मुस्लिमों आदि के वास्तविक हित, कल्याण, उनका मान-सम्मान व सुरक्षा आदि के विरुद्ध अधिकतर संकीर्ण व जातिवादी रहा है। धन्नासेठाें का समर्थन करता है, जिसका ताजा उदाहरण प्रदेश से राज्यसभा के लिए हाल ही में हुये द्विवार्षिक चुनाव हैं। पीडीए को प्रश्रय देने के बजाय बड़े धन्नासेठ को प्राथमिकता दी गयी है। ऐसी नीतियों एवं कार्यकलापों से प्रदेश की गरीबी, बेरोजगारी, पिछड़ापन व पलायन आदि की गंभीर समस्या क्या कभी दूर हो पायेगी।

बसपा प्रमुख मायावती ने कहा कि इन बातों से यह भी साबित है कि इनका ’जन-मन घोषणा पत्र’ वास्तव में ’धन-मन वादी’ अधिक है। समाज के अच्छे लोगों के बजाय ऐसे ही धनी एवं बाहुबलियों आदि को चुनाव मैदान में भी उतारेगी जो देश, समाज व जनहित की चिन्ता कम व अपने खुद के लाभ व स्वार्थ में ही लगातार डूबे रहते हैं।

बसपा ने अपने शासनकाल प्रदेश में कानून का राज कायम करने, हर हाथ को काम दिया गया। जो विरोधी पार्टियों में भी खा़सकर सपा, कांग्रेस व भाजपा आदि के बलबूते की बात नहीं है, यह सभी जानते हैं।

उन्होंने सपा पर निशाना साधते हुए कहा कि उनके दामन पर भी खासकर एससी, एसटी व ओबीसी आरक्षण विरोधी रवैया रहा है। यूपी को जातिवादी द्वेष व दंगा-युक्त प्रदेश बनाने सहित जनहित व जनकल्याण के अहम मुद्दों पर लगे धब्बों को जनता भला कैसे भुला पायेगी? कुल मिलाकर, सपा की बातें, वादे, दावे व घोषणायें आदि चुनावी छल व छलावा हैं, लोग ज़रूर सावधान रहें।
मुख्यमंत्री से सम्मान पानेवाले वरिष्ठ समाजसेवियों का ढेमा गांव में भव्य सम्मान

जौनपुर। महाराजगंज विकासखंड के ढेमा गांव में त्रिभुवन दुबे के आवास पर वरिष्ठ समाजसेवियों के सम्मान में एक भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। डॉ. ज्ञान प्रकाश मिश्र की अगुवाई में आयोजित इस कार्यक्रम में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा समाजसेवा एवं सामाजिक क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्यों के लिए सम्मान पत्र प्राप्त करने वाले वरिष्ठ समाजसेवियों का माल्यार्पण एवं अंगवस्त्र भेंट कर जोरदार स्वागत किया गया।
कार्यक्रम में सुजियामऊ गांव निवासी अखिल भारतीय ब्राह्मण महासभा रा. के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष एवं पूर्व ब्लॉक प्रमुख बक्शा श्रीपति उपाध्याय को ग्रामीणों ने फूल-मालाओं एवं अंगवस्त्र से सम्मानित किया। इसी क्रम में जगतगंज से पहुंचे पं. रामकृष्ण त्रिपाठी, प्रबंधक का भी भव्य स्वागत एवं अभिनंदन किया गया। इसके साथ ही रामेश्वर त्रिपाठी को भी मंच पर सम्मानित किया गया। उल्लेखनीय है कि इन समाजसेवियों को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की ओर से समाजहित में विशेष योगदान के लिए सम्मान पत्र प्रदान किया गया है।इस अवसर पर वरिष्ठ पत्रकार रामदयाल द्विवेदी को भी त्रिभुवन दुबे ने माल्यार्पण कर अंगवस्त्र भेंट किया। कार्यक्रम का संचालन अखिल भारतीय ब्राह्मण महासभा रा. के वरिष्ठ प्रदेश प्रवक्ता डॉ. ज्ञान प्रकाश मिश्र ने किया, जबकि कार्यक्रम की देखरेख रविंद्र मिश्रा ने की।अपने संबोधन में पूर्व ब्लॉक प्रमुख श्रीपति उपाध्याय ने कहा कि समाज में रहते हुए अपने लोगों के बीच किसी गरीब और जरूरतमंद की मदद करना बेहद पुनीत कार्य है। ऐसे कार्य न केवल समाज में आपसी भाईचारे और सहयोग की भावना को मजबूत करते हैं, बल्कि आने वाली पीढ़ी और बच्चों के लिए भी मार्गदर्शक का काम करते हैंऐसे कार्य न केवल समाज में आपसी भाईचारे और सहयोग की भावना को मजबूत करते हैं, बल्कि आने वाली पीढ़ी और बच्चों के लिए भी प्रेरणादायक उदाहरण प्रस्तुत करते हैं। उन्होंने कहा कि हमें अपनी परंपराओं, संस्कृति और धर्म को बचाए रखने के लिए निरंतर प्रयास करना चाहिए।
उन्होंने बताया कि सामाजिक एवं सांस्कृतिक परंपराओं को जीवित रखने के उद्देश्य से उनके आवास पर प्रत्येक वर्ष दशहरा, रामलीला और होली मिलन समारोह जैसे आयोजन होते रहते हैं। साथ ही विलुप्त होती जा रही पारंपरिक गायन विधाओं को भी संजोकर रखने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने सामाजिक आयोजनों के माध्यम से लोगों को जोड़ने और समाज में सकारात्मक संदेश देने की आवश्यकता पर बल दिया। कार्यक्रम में वक्ताओं ने कहा कि रामकृष्ण त्रिपाठी एवं रामेश्वर त्रिपाठी जैसे समाजसेवी समय-समय पर सामाजिक कार्यक्रमों का आयोजन कर समाज को एकजुट करने और नई दिशा देने का कार्य करते रहते हैं। इस मौके पर क्षेत्र के अनेक गणमान्य नागरिक,समाजसेवी एवं संभ्रांत लोग उपस्थित रहे।
कानपुर देहात में छह निरीक्षकों की नई तैनाती, थानों में मिली प्रभारी निरीक्षक की जिम्मेदारी
कानपुर ।जनपद की कानून-व्यवस्था को और बेहतर बनाने के उद्देश्य से पुलिस विभाग में छह निरीक्षकों की नई तैनाती की गई है। पुलिस अधीक्षक श्रद्धा नरेंद्र पाण्डेय ने 26 नवंबर 2026 को जारी आदेश में निरीक्षकों को उनके नए तैनाती स्थल पर तत्काल कार्यभार ग्रहण करने के निर्देश दिए हैं।

पुलिस स्थापना बोर्ड के निर्णय के अनुपालन में जारी इस आदेश के तहत पुलिस लाइन और विभिन्न थानों में तैनात निरीक्षकों को नई जिम्मेदारी सौंपी गई है। हाल ही में कई पुलिसकर्मियों के गैर जनपद स्थानांतरण के बाद जिले में पुलिस व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए यह तैनाती की गई है।

आदेश के अनुसार निरीक्षक राजेंद्र विक्रम सिंह को पुलिस लाइन से थाना सिकंदरा का प्रभारी निरीक्षक बनाया गया है। निरीक्षक विनोद कुमार शुक्ला को पुलिस लाइन से थाना अकबरपुर, जबकि निरीक्षक दिनेश कुमार को पुलिस लाइन से थाना राजपुर का प्रभारी निरीक्षक नियुक्त किया गया है।

इसी क्रम में निरीक्षक सुनील सिंह परिहार को थाना अकबरपुर में अतिरिक्त निरीक्षक के पद से थाना मंगलपुर का प्रभारी निरीक्षक बनाया गया है। निरीक्षक जितेंद्र प्रताप सिंह को पुलिस लाइन से थाना भोगनीपुर तथा निरीक्षक रुद्रप्रताप नारायण त्रिपाठी को पुलिस लाइन से थाना शिवली का प्रभारी निरीक्षक नियुक्त किया गया है।

पुलिस अधीक्षक ने सभी संबंधित निरीक्षकों को तत्काल नए तैनाती स्थल पर रवाना होकर कार्यभार ग्रहण करने और अनुपालन आख्या गोपनीय कार्यालय में उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं।

जनपद में अपने तीन वर्ष पूरे करने के बाद कुछ दिन पहले जनपद में तैनात लगभग सभी थाना प्रभारियों के गैर जनपद स्थानांतरण के बाद यह जनपद में नई तैनाती मिली है। पुलिस विभाग के इस फेरबदल को जनपद में कानून-व्यवस्था को मजबूत बनाए रखने और थानों में आवश्यक पुलिस नेतृत्व सुनिश्चित करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
विधानसभा के तैयारियां परखने काशी पहुंचें भाजपा के तेलंगाना प्रदेश संगठन महामंत्री एन. मधुकर, अशोक चौरसिया ने किया स्वागत

लखनऊ । उत्तर प्रदेश में आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर भारतीय जनता पार्टी ने संगठनात्मक तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में तेलंगाना के प्रदेश संगठन महामंत्री एन. मधुकर काशी पहुंच गए हैं। बाबतपुर स्थित लाल बहादुर शास्त्री अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर भाजपा के काशी क्षेत्र के क्षेत्रीय अध्यक्ष अशोक चौरसिया ने उनका स्वागत किया। इस दौरान पार्टी के क्षेत्रीय पदाधिकारियों ने पुष्पगुच्छ भेंट कर और अंगवस्त्र पहनाकर उनका अभिनंदन किया।

इस अवसर पर क्षेत्रीय अध्यक्ष अशोक चौरसिया ने बताया कि तेलंगाना के प्रदेश संगठन महामंत्री एन. मधुकर का काशी आगमन पार्टी संगठन के लिए महत्वपूर्ण है। वह आगामी उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव के मद्देनजर यहां आए हैं। उनके संगठनात्मक अनुभव और मार्गदर्शन से पार्टी को आगामी कार्यक्रमों की रूपरेखा तैयार करने तथा संगठन को और अधिक सक्रिय एवं मजबूत बनाने में मदद मिलेगी।

उन्होंने कहा कि चुनावी तैयारियों में संगठन की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण होती है। कार्यकर्ताओं के बीच समन्वय, संगठनात्मक गतिविधियों को गति देने और पार्टी की योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाने में अनुभवी पदाधिकारियों का मार्गदर्शन उपयोगी साबित होगा।

भाजपा काशी क्षेत्र के क्षेत्रीय मीडिया प्रभारी मधुकर चित्रांश ने बताया कि शुक्रवार को एन. मधुकर बाबा विश्वनाथ के दर्शन-पूजन करेंगे। इसके साथ ही वह काशी के अन्य प्रमुख मंदिरों में भी दर्शन के लिए जाएंगे। धार्मिक कार्यक्रमों के बाद उनका भाजपा के स्थानीय कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों से मुलाकात का कार्यक्रम निर्धारित है।

एन. मधुकर के काशी आगमन को आगामी विधानसभा चुनाव से पहले संगठनात्मक गतिविधियों और तैयारियों को गति देने की दृष्टि से महत्वपूर्ण माना जा रहा है। उनके प्रवास के दौरान पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं के साथ संवाद के जरिए चुनावी रणनीति को लेकर चर्चा होने की संभावना है।