विधानसभा के तैयारियां परखने काशी पहुंचें भाजपा के तेलंगाना प्रदेश संगठन महामंत्री एन. मधुकर, अशोक चौरसिया ने किया स्वागत

लखनऊ । उत्तर प्रदेश में आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर भारतीय जनता पार्टी ने संगठनात्मक तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में तेलंगाना के प्रदेश संगठन महामंत्री एन. मधुकर काशी पहुंच गए हैं। बाबतपुर स्थित लाल बहादुर शास्त्री अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर भाजपा के काशी क्षेत्र के क्षेत्रीय अध्यक्ष अशोक चौरसिया ने उनका स्वागत किया। इस दौरान पार्टी के क्षेत्रीय पदाधिकारियों ने पुष्पगुच्छ भेंट कर और अंगवस्त्र पहनाकर उनका अभिनंदन किया।

इस अवसर पर क्षेत्रीय अध्यक्ष अशोक चौरसिया ने बताया कि तेलंगाना के प्रदेश संगठन महामंत्री एन. मधुकर का काशी आगमन पार्टी संगठन के लिए महत्वपूर्ण है। वह आगामी उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव के मद्देनजर यहां आए हैं। उनके संगठनात्मक अनुभव और मार्गदर्शन से पार्टी को आगामी कार्यक्रमों की रूपरेखा तैयार करने तथा संगठन को और अधिक सक्रिय एवं मजबूत बनाने में मदद मिलेगी।

उन्होंने कहा कि चुनावी तैयारियों में संगठन की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण होती है। कार्यकर्ताओं के बीच समन्वय, संगठनात्मक गतिविधियों को गति देने और पार्टी की योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाने में अनुभवी पदाधिकारियों का मार्गदर्शन उपयोगी साबित होगा।

भाजपा काशी क्षेत्र के क्षेत्रीय मीडिया प्रभारी मधुकर चित्रांश ने बताया कि शुक्रवार को एन. मधुकर बाबा विश्वनाथ के दर्शन-पूजन करेंगे। इसके साथ ही वह काशी के अन्य प्रमुख मंदिरों में भी दर्शन के लिए जाएंगे। धार्मिक कार्यक्रमों के बाद उनका भाजपा के स्थानीय कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों से मुलाकात का कार्यक्रम निर्धारित है।

एन. मधुकर के काशी आगमन को आगामी विधानसभा चुनाव से पहले संगठनात्मक गतिविधियों और तैयारियों को गति देने की दृष्टि से महत्वपूर्ण माना जा रहा है। उनके प्रवास के दौरान पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं के साथ संवाद के जरिए चुनावी रणनीति को लेकर चर्चा होने की संभावना है।
संविधान दिवस विशेष: प्रत्येक नागरिक को समानता, सम्मान और बराबर अवसर का मिला अधिकार

- मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रदेश सरकार इसी संकल्प को धरातल पर उतारने की दिशा में लगातार कर रही काम

- योगी सरकार में 4.85 करोड़ से अधिक छात्र-छात्राओं को छात्रवृत्ति व शुल्क प्रतिपूर्ति के जरिए लाभान्वित

- डीबीटी से पारदर्शी व्यवस्था, आर्थिक बाधाओं को पीछे छोड़ उच्च शिक्षा की ओर बढ़ रहे वंचित वर्गों के विद्यार्थी

लखनऊ। भारतीय संविधान ने प्रत्येक नागरिक को समानता, सम्मान और अवसर की समानता का अधिकार दिया है। संविधान की यही भावना तब साकार होती है, जब समाज के अंतिम पायदान पर खड़े परिवार का बच्चा भी शिक्षा के माध्यम से अपने सपनों को पूरा करने का अवसर पाता है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में सरकार इसी संकल्प को धरातल पर उतारने की दिशा में लगातार काम कर रही है। छात्रवृत्ति और शुल्क प्रतिपूर्ति योजनाएं आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के बच्चों के लिए शिक्षा की राह आसान बना रही हैं। खास बात यह है कि इन योजनाओं से उन परिवारों के बच्चों को भी आगे बढ़ने का अवसर मिल रहा है, जिनकी पीढ़ियों में पहली बार कोई विद्यार्थी उच्च शिक्षा की दहलीज तक पहुंच रहा है। योगी सरकार में 04.85 करोड़ से अधिक सभी वर्गों के छात्र-छात्राओं को छात्रवृत्ति और शुल्क प्रतिपूर्ति का लाभ दिया गया।

छात्रवृत्ति एवं शुल्क प्रतिपूर्ति के बजट में हुई उल्लेखनीय वृद्धि

योगी सरकार में पूर्वदशम् और दशमोत्तर छात्रवृत्ति योजनाओं का दायरा लगातार बढ़ा है। इन योजनाओं के माध्यम से अनुसूचित जाति, सामान्य वर्ग, पिछड़ा वर्ग और अल्पसंख्यक समुदाय के विद्यार्थियों को पढ़ाई जारी रखने के लिए आर्थिक सहायता उपलब्ध कराई जा रही है। छात्रों की संख्या बढ़ने के चलते योगी सरकार ने छात्रवृत्ति एवं शुल्क प्रतिपूर्ति के बजट में भी वृद्धि की है।

एक दिन में 04.60 लाख से अधिक विद्यार्थियों के खातों में पहुंची सहायता

छात्रवृत्ति योजनाओं का व्यापक प्रभाव सरकार की ओर से किए जा रहे नियमित वितरण से भी स्पष्ट होता है। बीते 3 अक्टूबर 2026 को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने 4.60 लाख से अधिक विद्यार्थियों के खातों में 148 करोड़ रुपये से अधिक की छात्रवृत्ति और शुल्क प्रतिपूर्ति की धनराशि अंतरित की। इसमें अन्य पिछड़ा वर्ग के 2,23,615 विद्यार्थियों को 60.01 करोड़ रुपये, अनुसूचित जाति के 1,59,959 विद्यार्थियों को 64.54 करोड़ रुपये, सामान्य वर्ग के 38,084 विद्यार्थियों को 11.43 करोड़ रुपये और अल्पसंख्यक वर्ग के 38,901 विद्यार्थियों को 12.06 करोड़ रुपये दिए गए।

इससे पहले 25 जनवरी 2026 को भी 18,78,726 छात्र-छात्राओं के खातों में 944.55 करोड़ रुपये भेजे गए थे। सरकार ने वर्ष में दो बार छात्रवृत्ति वितरण की व्यवस्था लागू की है, ताकि विद्यार्थियों को शैक्षणिक सत्र के दौरान समय पर आर्थिक सहायता मिल सके। इससे फीस, किताबों, शिक्षण सामग्री और अन्य जरूरी शैक्षणिक खर्चों का बोझ कम करने में मदद मिल रही है। विशेष रूप से ग्रामीण क्षेत्रों और आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के विद्यार्थियों के लिए यह सहायता पढ़ाई बीच में छोड़ने की मजबूरी को कम करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है।

डीबीटी से पारदर्शिता, पात्र विद्यार्थियों तक सीधे पहुंच रहा लाभ

छात्रवृत्ति वितरण व्यवस्था को पारदर्शी और जवाबदेह बनाने के लिए योगी सरकार ने डिजिटल माध्यमों को प्राथमिकता दी है। आवेदन से लेकर सत्यापन और भुगतान तक की प्रक्रिया ऑनलाइन की गई है। आधार से जुड़े बैंक खातों में प्रत्यक्ष लाभ अंतरण (डीबीटी) के माध्यम से धनराशि भेजी जा रही है। इससे पात्र विद्यार्थियों तक सहायता सीधे पहुंच रही है और बिचौलियों की भूमिका सीमित हुई है।

डिजिटल व्यवस्था का एक बड़ा लाभ यह भी है कि आवेदन और भुगतान की प्रक्रिया में पारदर्शिता बढ़ी है। विद्यार्थी अपनी पात्रता और आवेदन से संबंधित जानकारी ऑनलाइन प्राप्त कर सकते हैं। सत्यापन की व्यवस्था से अपात्र लाभार्थियों को रोकने और वास्तविक जरूरतमंदों तक सरकारी सहायता पहुंचाने में मदद मिलती है। इस तरह तकनीक को जनकल्याण से जोड़कर सरकार ने छात्रवृत्ति वितरण को अधिक सुगम और भरोसेमंद बनाने का प्रयास किया है।

पहली पीढ़ी के विद्यार्थियों के सपनों को मिल रही नई उड़ान

किसी परिवार में जब पहली बार कोई बच्चा इंटरमीडिएट के बाद उच्च शिक्षा के लिए कॉलेज या विश्वविद्यालय पहुंचता है, तो उसके सामने केवल पढ़ाई की चुनौती नहीं होती, बल्कि आर्थिक संसाधनों की कमी भी बड़ी बाधा बनती है। ऐसे परिवारों के लिए छात्रवृत्ति और शुल्क प्रतिपूर्ति योजनाएं उम्मीद का मजबूत आधार बन रही हैं। सरकारी सहायता से विद्यार्थी अपनी फीस जमा करने, किताबें खरीदने और पढ़ाई से जुड़े अन्य खर्च पूरे करने में सक्षम हो रहे हैं। इसका व्यापक सामाजिक महत्व भी है।
शादी से लौट रहे परिवार पर हमला, मर्चेंट नेवी अधिकारी समेत तीन लहूलुहान
औरैया के रघुनाथ गांव के पास बाइक सवार हमलावरों ने कार रोककर बरसाए लाठी-डंडे, दो घायलों की हालत गंभीर

लखनऊ।   उत्तर प्रदेश के औरैया जिले में शादी समारोह से घर लौट रहे एक परिवार की कार को बाइक सवार हमलावरों ने रास्ते में घेरकर रोक लिया और लाठी-डंडों से हमला कर दिया। फफूंद थाना क्षेत्र के गांव रघुनाथ के पास हुई इस घटना में मर्चेंट नेवी अधिकारी समेत तीन लोग घायल हो गए। इनमें दो की हालत गंभीर बताई जा रही है। सभी घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है।

पुलिस के अनुसार, दिबियापुर थाना क्षेत्र के गांव शाहपुर निवासी पिंटू राजावत (45) बुधवार देर शाम अपनी बेटी मांसी (20) और गांव के ही मर्चेंट नेवी अधिकारी मनोहर उर्फ संदीप (32) के साथ फफूंद थाना क्षेत्र के गांव कुठर्रा में आयोजित एक शादी समारोह में शामिल होने गए थे। देर रात तीनों कार से वापस घर लौट रहे थे। इसी दौरान गांव रघुनाथ के पास बाइक सवार हमलावरों ने उनकी कार को घेर लिया और रास्ते में रोककर लाठी-डंडों से हमला कर दिया।

अचानक हुए हमले से कार सवारों में अफरा-तफरी मच गई। हमलावरों ने तीनों को निशाना बनाया, जिसमें पिंटू राजावत और मनोहर गंभीर रूप से घायल हो गए, जबकि मांसी को भी चोटें आईं। घटना की सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) दिबियापुर पहुंचाया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद तीनों को बेहतर इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया।

घटना के संबंध में पीड़ित पक्ष ने पुलिस को तहरीर देकर हमलावरों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने आरोपितों की तलाश में संभावित ठिकानों पर दबिश दी, लेकिन अभी तक किसी की गिरफ्तारी नहीं हो सकी है।

फफूंद थानाध्यक्ष देवेंद्र कुमार ने गुरुवार को बताया कि मामले की जांच की जा रही है। हमले में शामिल आरोपितों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं।
आगरा-अलीगढ़ हाईवे पर मौत का तांडव, टेंपो-टाटा 407 की भिड़ंत में तीन की मौत
हाथरस के सासनी क्षेत्र में नगला भूरा के पास आमने-सामने टकराए दोनों वाहन

कई लोग गंभीर घायल, क्रिकेट अकादमी से लौट रहे थे टेंपो सवार युवक

लखनऊ।  उत्तर प्रदेश के जनपद हाथरस में आगरा-अलीगढ़ राष्ट्रीय राजमार्ग पर गुरुवार काे सासनी कोतवाली क्षेत्र के गांव नगला भूरा और राधिका ढाबे के पास छोटा हाथी और सवारियों से भरे टेंपो की आमने-सामने जोरदार भिड़ंत हो गई। हादसा इतना भीषण था कि दोनों वाहनों के परखच्चे उड़ गए। दुर्घटना में तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि कई लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई।

जानकारी के अनुसार, टेंपो में सवार कुछ युवक अलीगढ़ के मडराक स्थित क्रिकेट अकादमी से अभ्यास करने के बाद हाथरस लौट रहे थे। इसी दौरान रास्ते में छोटा हाथी और टेंपो के बीच आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर की आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण और राहगीर मौके पर पहुंच गए। स्थानीय लोगों ने वाहनों में फंसे घायलों को बाहर निकालने में मदद की।

सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई और राहत एवं बचाव कार्य शुरू कराया। पुलिस ने तीनों मृतकों के शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिए। वहीं, घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया। गंभीर हालत में कुछ घायलों को अलीगढ़ मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है, जहां उनका उपचार जारी है।

हादसे में मृतकों में एक की पहचान 18 वर्षीय अभिषेक निवासी मेंडू के रूप में हुई है। अन्य मृतकों की पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं। इस दर्दनाक हादसे की खबर से क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई। हाथरस पुलिस अधीक्षक चिरंजी नाथ सिंह का कहनाह तीन लोगों की एक्सीडेंट में मृत्यु हो गई है
योगीराज में शिक्षा के मंदिर में लगातार हो रही हैं ताबड़तोड़ चोरियां
  *शिक्षाक्षेत्र रूपईडीह के पूर्व माध्यमिक विद्यालय अनेगी में 15 दिनों के अंदर तीसरी बार हुई चोरी


गोंडा। पुलिस के लिए ये चोरों का खुला चैलेंज है। पुलिस ने सिर्फ मामला दर्ज करके ठंडेबस्ते में डालने का काम किया है। बीते करीब डेढ़ साल में 6 से 7 बार पूर्व माध्यमिक विद्यालय अनेगी में चोरी हो चुकी है। राजकीय संपत्ति की लूट को चोरों ने अंजाम दिया लेकिन गोंडा पुलिस सिर्फ हाथ पर हाथ रखकर बैठे नजर आ रही है।
हद तो तब हो गयी जब इसी महीने नवंबर में 15 दिनों के अंदर चोरों ने दो बार इसी सरकारी  स्कूल की दीवार काटकर स्कूली बच्चों के खाने पीने के सामान के साथ टैबलेट भी अपने साथ ले गए। वहीं एक बार फिर आज रात 25/26 नवबंर की रात को बच्चों के लिए सरकार द्वारा उपलब्ध कराया जाने वाला खाद्यान उठा ले गए।ये बात और है कि शिक्षा विभाग द्वारा ये सारी व्यवस्थाएं पुन: उपलब्ध कराई जाएंगी लेकिन ये कितने दिन तक बच्चों के लिए इस स्कूल में सुरक्षित रह पाती हैं इसका कोई पता नहीं है क्योंकि गोंडा पुलिस की निष्क्रियता साबित करती है कि चोरों का हौंसला बुलंद है और ो किस दिन पुलिस को ठेंगा दिखाते हुए फिर से उपलब्ध करवाए गए राजकीय सामान को उठा ले जाएं?वैसे दीवार काटकर ले गए उन सामानों के बारे में इटियाथोक पुलिस  का कहना है कि जांच जारी है, उचित कार्यवाई की जाएगी।
बताते चलें पहली चोरी 13-14 नवंबर, दूसरी चोरी 20-21 नवंबर, और तीसरी चोरी आज फिर 25-26 नवंबर को हुई है।बीते साल हुई चोरी और इस महीने हुई चोरी में अब तक कोई भी पकड़ा नहीं गया, सरकारी सामान की रिकवरी होने की बात तो बहुत दूर है।
जबकि इटियाथोक थाने में सरकारी स्कूल में चोरी क  भी दर्ज है लेकिन बार बार चोर चोरी करते ही जा रहे हैं।ये बात योगी राज में पुलिसिया कार्यप्रणाली पर प्रश्न चिन्ह लगा रही है।
वहीं दूसरी तरफ ये बात भी समझ से बाहर है कि इस मामले को लेकर गोंडा पुलिस के आला  अधिकारी इटियाथोक थाने के विरूद्ध कोई कार्यवाई करने से क्यों कतरा रहे हैं?
श्री गुरु नानक देव की शिक्षाएं एक समृद्ध तथा मूल्यवान जीवन पर आधार बनाती हैंl

    श्री गुरु नानक देव जी को वैश्विक गुरु के रूप में जानेl

प्रयागराज

Sb न्यूज से ब्यूरो चीफ विश्वनाथ प्रताप सिंह

सहिब श्री गुरु नानक देव महाराज जी के 557वा के प्रकाशपर्व की पूर्व संध्या पर सुमित्रा देवी ग्रामीण सेवा संस्थान के तत्वाधान में शिव नगर चौराहा नंदन तालाब मोहल्ले में नाम सिमरन सत्संग का आयोजन किया गया।
पूर्व कनिष्ठ ब्लॉक प्रमुख संजय श्रीवास्तव ने कहा कि मकसद गुरु नानक की शिक्षाओं के करीब लोगों को लाना है जिसमें समानता,महिला सशक्तिकरण,अलग पंथो के लिए सहिष्णुता और सेवा पर गुरु नानक देव की शिक्षाएं एक समृद्ध तथा मूल्यवान जीवन पर आधार बनाती हैंl
सुनील कुमार शुक्ल ने कहा कि श्री गुरु नानक देव जी की नैतिक शिक्षाओं और मूल्यों का रचनात्मक ढंग से प्रचार प्रसार किया जाएगा श्री गुरु नानक देव जी के अनमोल संदेशों को सभी लोगों खासकर युवाओं के बीच पहुंचाने के लिए मजबूत प्रयास करेंगे क्योंकि गुरु नानक एक समुदाय के नहीं हैं वह अपने समय से बहुत आगे थे और आज उनकी शिक्षाएं अत्यंत प्रासंगिक हैं उनके संदेशों को सभी पृष्ठभूमियों के लोगों ने पसंद किया है और उसमें एक मजबूत सामाजिक संरचना बनाने में मदद मिली जो दबे कुचले लोगों को सम्मान देती है।
सुविख्यात समाजसेवी व भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा काशी क्षेत्र, क्षेत्रीय उपाध्यक्ष सरदार पतविन्दर सिंह ने कहा हम चाहते हैं कि लोग गुरु नानक को एक वैश्विक गुरु के रूप में जाने क्योंकि उनके विचार लोगों को एक साथ ला सकते हैं विश्व में ध्रुवीकरण और घृणा की घटनाएं बढ़ रही हैं और हमें ऐसे संदेश देने चाहिए जो सभी लोगों के बीच सौहार्द और प्रेम का माहौल बनाने में मदद हो सके सुप्रभात यात्रा इस बात को ध्यान में रखकर तैयार की गई है कि युवा एक बेहतर कल के लिए दुनिया को बदल सकते हैंlविचार रखने वालों में सर्वश्री सुशील शुक्ल,संजय श्रीवास्तव सरदार पतविंदर सिंह रघुनाथ प्रसाद मिश्रा,नैतिक शुक्ला,के.के. शुक्ल, संजीव शुक्ल, दामोदर तिवारी,नंदू,रमेश कनौजिया,शंकर भारतीय,अनिल शुक्ला आदि कई लोगों ने श्री गुरु नानक  देव महाराज जी के जीवन  शिक्षा लेने की अपील की।
सपा ने जारी किया चुनावी घोषणा पत्र, पुरानी पेंशन की बहाली, बेरोजगारों को पांच हजार मासिक भत्ता, किसानों की कर्जमाफी का भी वादा
लखनऊ। उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 के लिए समाजवादी पार्टी (सपा) ने अपने चुनावी एजेंडे में युवाओं, किसानों, कर्मचारियों और महिलाओं से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता दी है। पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने संविधान दिवस पर गुरुवार को चुनावी घोषणा-पत्र(सत्ताईस का संकल्प) जारी करते हुए पुरानी पेंशन योजना की बहाली, बेरोजगार युवाओं को हर महीने पांच हजार रुपये भत्ता, किसानों की कर्जमाफी और शहरी क्षेत्रों में 300 यूनिट मुफ्त बिजली देने का वादा किया। घोषणा-पत्र में रोजगार, सामाजिक सुरक्षा, कृषि, स्वास्थ्य और कानून-व्यवस्था को लेकर कई महत्वपूर्ण प्रस्ताव शामिल किए गए हैं।

कर्मचारियों को साधने के लिए सपा ने पुरानी पेंशन व्यवस्था बहाल करने का वादा किया है। वहीं, युवाओं के लिए पांच वर्षों में 25 लाख सरकारी नौकरियां देने और दो से तीन करोड़ युवाओं को अन्य क्षेत्रों में रोजगार उपलब्ध कराने का लक्ष्य रखा है। 12वीं पास विद्यार्थियों को लैपटॉप देने तथा पांच रुपये में भोजन उपलब्ध कराने के लिए समाजवादी कैंटीन शुरू करने की भी घोषणा की गई है।

अखिलेश यादव ने घोषणा पत्र में कृषि क्षेत्र में किसानों की कर्जमाफी, 23 फसलों और दूध के लिए न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) की गारंटी तथा गन्ना किसानों को 24 घंटे के भीतर भुगतान सुनिश्चित करने का वादा किया है। बुजुर्ग महिलाओं को सालाना 40 हजार रुपये पेंशन देने का प्रस्ताव भी रखा गया है।

कानून-व्यवस्था और भूमि विवादों पर सख्त रुख अपनाने का संकेत देते हुए अखिलेश यादव ने कहा कि सरकार बनने पर गुंडागर्दी, माफियागिरी, अवैध वसूली, धमकी और महिलाओं के खिलाफ अपराधों को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। जमीनों पर अवैध कब्जे रोकने के लिए अलग विशेष कार्यबल (एसटीएफ) गठित करने की घोषणा की गई है। यह कार्यबल विशेष रूप से गरीबों, दलितों और अल्पसंख्यकों की जमीनों को कब्जे से बचाने के लिए काम करेगा। अखिलेश ने कहा कि अपराधी किसी भी जाति, धर्म या राजनीतिक दल से जुड़ा हो, उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।

बुनियादी ढांचे के विकास के तहत तहसील स्तर तक फोरलेन सड़कों का संपर्क उपलब्ध कराने का वादा किया गया है। स्वास्थ्य सेवाओं के मोर्चे पर गरीबों और पीडीए (पिछड़ा, दलित, अल्पसंख्यक) वर्ग के लोगों को मुफ्त उपचार, दवाएं, भोजन और आवासीय सुविधा देने की बात कही गई है। लखनऊ स्थित कैंसर संस्थान को पूरी क्षमता से संचालित करने, वहां शोध गतिविधियां शुरू कराने और गरीब मरीजों का मुफ्त इलाज सुनिश्चित करने का प्रस्ताव भी घोषणा-पत्र में शामिल हैं। इस दौरान आजम खान, राष्ट्रीय महासचिव शिवपाल सिंह यादव, प्रदेश अध्यक्ष श्यामलाल पाल, सांसद डिंपल यादव समेत पार्टी के नेतागण एवं कार्यकर्ता आदि मौजूद रहे।
प्रभु नाथ राय उत्त्तर प्रदेश भोजपुरी अकादमी के उपाध्यक्ष नियुक्त, चार सदस्य भी नामित
लखनऊ। उत्तर प्रदेश सरकार ने गुरुवार को प्रभु नाथ राय को उत्त्तर प्रदेश भोजपुरी अकादमी का उपाध्यक्ष नियुक्त किया है। इसके साथ ही सदस्य के रूप में वाराणसी की सीता मिश्रा, आजमगढ़ के कृष्ण कुमार सिंह, महराजगंज के अशोक जायसवाल और गोरखपुर के डॉक्टर फूल चंद गुप्ता को नियुक्त किया गया है। प्रमुख सचिव मनीष सिंह की ओर से गुरुवार को जारी किये गये आदेश में कहा गया है कि उपाध्यक्ष समेत सभी सदस्यों का कार्यकाल नामांकन तिथि से एक वर्ष का होगा।
दवा खाने से आए बुखार मतलब शरीर में हैं फाइलेरिया परजीवी
• परसेंडी ब्लॉक के राही और गोदरिया गांव के लाभार्थियों के अनुभव से दूर हुआ भ्रम
• पूरे परिवार ने खाई दवा, एक को आया बुखार
• आशा कार्यकर्ता ने समझाया- शरीर में छिपे परजीवी नष्ट होने पर ही आते हैं ऐसे लक्षण तो राहत की सांस ली

सीतापुर, 26 नवंबर 2026 

परसेंडी ब्लॉक के राही गांव के वेद प्रकाश शुक्ला (52) के पूरे परिवार ने फाइलेरिया रोधी दवा खाई। सब सामान्य रहे लेकिन वेद को रात में बुखार आ गया। सुबह होते ही आशा कार्यकर्ता मीना देवी पर फट पड़े। मीना देवी ने मुस्कुराते हुए जवाब दिया, "ईश्वर को धन्यवाद दीजिए, आप सुरक्षित हो गए हैं। यह दवा का बुरा असर नहीं है, बल्कि आपके शरीर में पहले से छिपे फाइलेरिया के सूक्ष्म परजीवी नष्ट होने के कारण हुआ है। यदि आपने दवा न खाई होती तो आने वाले वर्षों में आप इस बीमारी की चपेट में आ सकते थे।"

जनपद के 10 ब्लाक में चल रहे सर्वजन दवा सेवन (एमडीए) अभियान के दौरान घर-घर जाकर दवा खिला रही स्वास्थ्य टीमों के सामने इस तरह के खूब मामले आ रहे हैं। वेद प्रकाश का मामला ताजा है। स्वास्थ्य टीम के सामने फाइलेरिया रोधी दवा खाई। रात में तेज बुखार आ गया। आशा कार्यकर्ता के समझाने पर भौंचक हो गए। बोले- उन्हें तो फाइलेरिया का कोई लक्षण नहीं है। इस पर आशा ने समझाया कि यही इस बीमारी की सबसे गंभीर बात है। मच्छर के काटने से फैलने वाले इस रोग के लक्षण 10 से 15 साल बाद उभरते हैं। एक बार हाथ या पैर में सूजन आ जाए तो फिर स्थायी इलाज नहीं है।
मरीज के पास उठने-बैठने से संक्रमण फैलने की आशंका पर आशा ने स्पष्ट किया कि यह छुआछूत की बीमारी नहीं है। जब कोई मच्छर संक्रमित व्यक्ति को काटता है तो सूक्ष्म परजीवी खून के जरिए मच्छर में चले जाते हैं। यही मच्छर जब किसी स्वस्थ व्यक्ति को काटता है तो परजीवी उसके शरीर में प्रवेश कर जाते हैं।

परिवार में सिर्फ उन्हीं को हुई प्रतिक्रिया, जिनमें था संक्रमण-
वेद प्रकाश ने बताया कि उनके परिवार के सभी सदस्यों ने दवा खाई, लेकिन किसी और को कोई दिक्कत नहीं हुई। इस पर आशा कार्यकर्ता ने कहा कि यही सबसे बड़ा प्रमाण है—जिनके शरीर में परजीवी नहीं होते, उन्हें दवा खाने के बाद प्रतिक्रिया नहीं होती। समस्या केवल उन्हीं को महसूस होती है, जिनके भीतर छिपे परजीवी दवा के असर से मर रहे होते हैं। पूरी बात समझने के बाद वेद प्रकाश ने राहत की सांस ली और अगले साल भी पूरे परिवार के साथ दवा खाने का संकल्प लिया। राही गांव के ही नौ वर्षीय गणेश और गोदरिया गांव के 26 वर्षीय उमेश कुमार को भी दवा सेवन के बाद बुखार और उल्टी की शिकायत हुई थी। स्वास्थ्य टीम की काउंसलिंग के बाद दोनों पूरी तरह स्वस्थ हैं।

यही एमडीए अभियान की असली सफलता है: डॉ. दीपेंद्र वर्मा

अभियान के नोडल अधिकारी डॉ. दीपेंद्र वर्मा का कहना है कि दवा खाने के बाद कुछ लोगों में उल्टी या हल्का बुखार आना दरअसल अभियान की सफलता को दर्शाता है। इसका सीधा अर्थ है कि लोग जागरूक होकर दवा खा रहे हैं और दवा अपना काम कर रही है। एमडीए का मूल उद्देश्य यही है कि सभी को दवा खिलाकर शरीर में छिपे परजीवियों को नष्ट कर दिया जाए। जब सभी लोग दवा का सेवन करेंगे तो संक्रमण की कड़ी टूट जाएगी और जनपद पूरी तरह फाइलेरिया मुक्त हो जाएगा।

सीएमओ की अपील: अफवाहों से बचें, टीम के सामने जरूर खाएं दवा

मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. सुख रंजन ने जनपदवासियों से अपील की है कि वे किसी भी तरह की भ्रांति या अफवाह में न आएं। फाइलेरिया की दवा पूरी तरह सुरक्षित और जीवनरक्षक है। दो वर्ष से कम उम्र के बच्चों, गर्भवती महिलाओं और गंभीर रूप से बीमार व्यक्तियों को छोड़कर सभी लोग सात दिसंबर तक चलने वाले इस अभियान में स्वास्थ्य टीम के सामने दवा का सेवन जरूर करें।

आंकड़ों में फाइलेरिया -

26,53,429 को खिलाई जानी है दवा
4,453 मरीज फाइलेरिया के चिह्नित
3,985 हाथीपांव और 468 हाइड्रोसील के रोगी
आईपीएस आलोक सिंह बने उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग अध्यक्ष
लखनऊ। उत्तर प्रदेश शासन ने गुरुवार को 1995 बैच के आईपीएस आलोक सिंह को उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग (यूपीपीएससी), प्रयागराज का नया अध्यक्ष बनाया है। वर्तमान में वह पुलिस महानिदेशक पीएसी के पद पर तैनात है।

कार्मिक अनुभाग-4 के विशेष सचिव असीम कुमार सिंह की ओर से गुरुवार को इस संबंध में आधिकारिक विज्ञप्ति जारी कर दी गई। निवर्तमान अध्यक्ष संजय श्रीनेत 21 नवंबर को सेवानिवृत्त हुए थे, जिसके बाद से यह पद खाली चल रहा था। इसकी अब जिम्मेदारी आईपीएस आलोक सिंह के पास रहेगी। पद ग्रहण करने की तारीख से 23 जनवरी 2029 तक उनका कार्यकाल रहेगा।

आईपीएस आलोक सिंह अपने तीन दशक के कैरियर में कई महत्वपूर्ण पदों पर रहे हैं। गौतमबुद्धनगर के पहला पुलिस कमिश्रर बनने का भी गौरव प्राप्त है। इससे अलावा मरेठ, कानपुर समेत कई जिलों में उनकी तैनाती रही है। आलोक सिंह के नियुक्ति के बाद चार प्रमुख भर्ती संस्थानों का नेतृत्व आईपीएस अफसरों के पास होगा।