फाइलेरिया उन्मूलन अभियान की सीएचसी अधीक्षक ने की समीक्षा, आठ परिवारों से किया संपर्क
लहरपुर के रूढ़ा गांव में एमडीए कार्यक्रम का लिया जायजा, सात दिसंबर तक चलेगा दवा सेवन अभियान; ग्रामीणों से दवा खाने की अपील

कमलेश मेहरोत्रा लहरपुर (सीतापुर)। फाइलेरिया उन्मूलन कार्यक्रम को सफल बनाने के उद्देश्य से बृहस्पतिवार को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र अधीक्षक डॉ. अरविंद वाजपेयी, बीपीएम गौरव सक्सेना और बीसीपीएम मनोज वर्मा ने एमडीए कार्यक्रम के तहत क्षेत्र के ग्राम रूढ़ा का दौरा कर दवा सेवन कार्यक्रम की समीक्षा की। इस मौके पर  टीम ने गांव के 8 परिवारों से संपर्क कर फाइलेरिया की दवा का सेवन करने वाले लोगों की जानकारी ली और अधीक्षक डॉ. अरविंद वाजपेयी ने फैमिली रजिस्टर की जांच कर गांव का दौरा कर गांव में लगाई गई  प्रचार सामग्री की भी जांच की।
अधीक्षक डॉ. अरविंद वाजपेयी ने बताया कि आगामी 7 दिसंबर तक फाइलेरिया उन्मूलन कार्यक्रम प्रस्तावित है, उन्होंने आशा अल्पना एवं स्वास्थ्य कार्यकर्ता अभय कुमार को प्राथमिकता के आधार पर लोगों को दवा का सेवन कराने एवं गांव से बाहर गए लोगों के वापस आने पर उन्हें दवा खिलाने के निर्देश दिए। इस मौके पर उन्होंने ग्रामीणों से संपर्क कर अपील की कि फाइलेरिया से बचाव के लिए सभी लोग अनिवार्य रूप से दवा का सेवन करें और दूसरों को भी इसके लिए प्रेरित करें।
गुरिंदर सिंह बावा ने सुखबीर बादल और अमित शाह को दी बधाई
मुंबई। अवतार सिंह तख्त सचखंड श्री हजूर अचल नगर साहिब के वाइस प्रेसिडेंट, महाराष्ट्र के जाने-माने सिख नेता और शिरोमणि अकाली दल महाराष्ट्र अध्यक्ष गुरिंदर सिंह बावा ने शिरोमणि अकाली दल और भारतीय जनता पार्टी के बीच फिर से हुए गठबंधन पर दोनों पार्टियों के नेताओं सुखबीर बादल और अमित शाह को बधाई दी
है। उन्होंने कहा कि यह गठबंधन सुखबीर सिंह बादल और गृह मंत्री अमित शाह की दूरदर्शी सोच की वजह से मुमकिन हुआ है। उन्होंने कहा कि
दोनों पार्टियों का आपसी सहयोग पंजाब की राजनीति में एक अहम डेवलपमेंट है। उन्होंने उम्मीद जताई कि यह गठबंधन पंजाब के लोगों की
उम्मीदों और राज्य के विकास से जुड़े मुद्दों को प्राथमिकता देगा। गुरिंदर सिंह बावा ने कहा कि राजनीतिक पार्टियों का आपसी सहयोग पंजाब की तरक्की, शांति और भाईचारे को मजबूत करने के लिए लोगों के हितों को प्राथमिकता देगा। इस गठबंधन से पंजाब में खुशहाली और तरक्की की लहर शुरू होगी। गुरिंदर सिंह बावा ने कहा कि
पंजाब, जो पिछले दस सालों से सबसे खराब हालात का सामना कर रहा है, अब तरक्की और खुशहाली की नई ऊंचाइयों को छुएगा।
निरीक्षक रघुनाथ काशिनाथ दुधम का सेवानिवृत्त सम्मान समारोह संपन्न

मुंबई । बृहन्मुंबई महानगरपालिका जी/ दक्षिण विभाग स्थित सं. निरीक्षण खाते में कार्यरत सं. निरीक्षक रघुनाथ काशिनाथ दुधम 21 वर्ष सेवा देने के उपरांत 30 नवंबर 2026 को सेवा निवृत्त हो रहे हैं जिनका सेवा निवृत्त सम्मान समारोह बुधवार 25 नवंबर 2026 को जी/ दक्षिण विभाग सभागृह में आयोजित किया गया। सेवा निवृत्त सत्कार मूर्ति रघुनाथ दुधम के विदाई समारोह में समारोह की अध्यक्षता स्वास्थ्य चिकित्सा विभाग के स्वास्थ्य अधिकारी डॉ संतोष गायकवाड़ ने किया तथा मुख्य अतिथि के रूप में प्रभाग समिति अध्यक्ष श्रीमती पद्मजा चेंबुरकर, विशिष्ट अतिथि के रूप में डॉ साने सर,सहायक आरोग्य अधिकारी डॉ तड़वी, ए.एच.ओ. डॉ सचिन भोसले, डॉ मंगेश कुंभार,यूनिट आफिसर अविनाश मदने,डॉ संगीता अढ़ाव,डॉ दीपाली खोंडकर,डॉ प्रज्योत चव्हाण, डॉ मनीष सार्दुल,एस आई राजेश सावंत,डॉ अमोल दर्रोई,समाज विकास अधिकारी राजेश सुरवाडे उपस्थित थे। जी/ दक्षिण के स्वास्थ्य चिकित्सा अधिकारी डॉ विरेन्द्र मोहिते साहेब विभागीय कामकाज को लेकर मनपा मुख्य कार्यालय में व्यस्त थे जिन्होंने सत्कार मूर्ति दुधम को शुभकामनाएं दूरध्वनि से दी।मंच का खूबसूरत संचालन वरिष्ठ समाजसेवी एवं सर्वेलेंस इंस्पेक्टर सुनील मोरे ने किया। उपस्थित अधिकारियों द्वारा रघुनाथ दुधम का प्रशासकीय सम्मान अंगवस्त्र,सम्मान पत्र,प्रतीक चिन्ह, पुष्पगुच्छ देते हुए केक काटकर किया गया।सत्कार मूर्ति दुधम साहेब के सम्मान में विभागीय सर्वेलेंस अन्वेषक एवं कवि विनय शर्मा दीप ने कविता के माध्यम से सत्कार किया।उक्त समारोह में सत्कार मूर्ति का सम्मान करने हेतु म्युनिसिपल मजदूर यूनियन से संजय बने,प्रवीण कदम, भालचंद्र वाणी,आनंद शेट्टी उपस्थित थे। मनपा सर्वेलेंस के अन्य विभागों से दुधम के सहकर्मी शुभचिंतकों में रविन्द्र कोली,किरण, राठौड़,प्रशांत कदम, सुनील कर्पे,ऋषिकेश कदम,श्याम खोबरागड़े, रविन्द्र पाटील, संतोष खांबे, अमित कुमार शिंदे, किरण सोनावने, भारती पेडणेकर,श्रेया जांभले, हिरा वसावे, रविन्द्र गुरव,नवीन चोपड़े तथा परिवार के सगे संबंधी सहित सैकड़ों लोग उपस्थित रहे। उक्त समारोह में दुधम साहेब की पत्नी एवं बच्चे भी शामिल थे। उपस्थित सभी ने अपने दो शब्दों से शुभकामनाएं दी तथा अंत में दुधम ने सभी का आभार व्यक्त किया।

कार्तिक पूर्णिमा पर बाणगंगा तीर्थक्षेत्र में भव्य महाआरती
मुंबई। कार्तिक पूर्णिमा (त्रिपुरी पूर्णिमा) के पावन अवसर पर मुंबई के ऐतिहासिक वालकेश्वर स्थित बाणगंगा तीर्थक्षेत्र में आयोजित भव्य महाआरती समारोह में महाराष्ट्र सरकार के कैबिनेट मंत्री श्री मंगल प्रभातजी लोढ़ा एवं डॉ. मंजू मंगल प्रभात लोढ़ा उपस्थित रहे।इस अवसर पर पवित्र बाणगंगा सरोवर के तट पर धार्मिक अनुष्ठानों एवं महाआरती का आयोजन किया गया। दीपों की रोशनी से सजे तीर्थ परिसर में वैदिक मंत्रोच्चार, शंखनाद और आरती की गूंज ने वातावरण को आध्यात्मिक बना दिया। श्रद्धालुओं ने भक्ति एवं श्रद्धा के साथ महाआरती में सहभागिता की। दीपों की आभा और सामूहिक प्रार्थना ने इस आयोजन को विशेष गरिमा प्रदान की।
कार्तिक पूर्णिमा का भारतीय संस्कृति में विशेष धार्मिक महत्व है। त्रिपुरासुर पर भगवान शिव की विजय की स्मृति में मनाई जाने वाली त्रिपुरी पूर्णिमा धर्म, आस्था और बुराई पर अच्छाई की विजय का प्रतीक मानी जाती है। इस दिन दीपदान और आराधना की विशेष परंपरा है। डॉ. मंजू मंगल प्रभात लोढ़ा , लोढ़ा फाउंडेशन की चेयरपर्सन, महाराष्ट्र हिंदी साहित्य अकादमी की उपाध्यक्ष, लेखिका, कवयित्री, मोटिवेशनल स्पीकर एवं समाजसेवी हैं। उनकी पुस्तक परमवीर चक्र अवॉर्ड डायरी भारतीय सैनिकों के शौर्य एवं बलिदान को समर्पित है। लोढ़ा फाउंडेशन के माध्यम से वे शिक्षा, स्वास्थ्य, महिला सशक्तीकरण और सामाजिक उत्थान के क्षेत्र में विभिन्न पहलों का नेतृत्व कर रही हैं।
ऐतिहासिक बाणगंगा तीर्थक्षेत्र में आयोजित यह महाआरती मुंबई की समृद्ध धार्मिक एवं सांस्कृतिक परंपरा से जुड़ने का एक विशेष अवसर बनी।
मुंबई वैद्य सभा का धन्वन्तरी पुरस्कार समारोह भव्यता के साथ संपन्न
मुंबई। प्रत्येक वर्ष की भांति मुंबई वैद्य सभा ने इस वर्ष भी आयुर्वेद जगत के ख्याति प्राप्त वैद्यों का सम्मान धन्वन्तरी पुरस्कार प्रदान करके विले पार्ले स्थित हॉटेल पार्ले इंटरनेशनल में  22 नवंबर 2026 को भव्यता के साथ मनाया। कार्यक्रम की अध्यक्षता सुप्रसिद्ध एवं सम्मानित वैद्या अरुणा प्रकाश कुबल ने की। कार्यक्रम का आरंभ डॉ. शिवानी प्रभु की मधुर वाणी में धन्वन्तरी स्तवन से हुआ एवं मुख्य अतिथि डॉ अरुणा कुबल , संस्था अध्यक्ष डॉ श्यामसुंदर शर्मा, पूर्वाध्यक्ष डॉ राजेन्द्र शर्मा, डॉ तेजस मौन, डॉ. किरण किनी एवं पुरस्कार प्राप्त डॉक्टरों द्वारा दीप प्रज्वलन किया गया। इस बार का धन्वन्तरी पुरस्कार डॉ. युनुस सोलंकी एवं डॉ. ऋजुता ओमप्रकाश दुबे को स्मृति पत्र, स्मृति चिन्ह, श्रीफल एवं  शॉल प्रदान कर किया गया। लाइफटाइम पुरस्कार डॉ.  कमलेश कुमार चोपड़ा को प्रदान किया। मुंबई वैद्य सभा की बरसों तक सेवा करने वाले स्व. वैद्यराज दीनानाथ उपाध्याय  की स्मृति में संस्था ने डॉ.महेश हारित को आयुर्वेद क्षेत्र में उनके सराहनीय कार्यों के लिये पुरस्कार प्रदान किया। संस्था अध्यक्ष डॉ श्यामसुंदर शर्मा ने सभी युवा एवं अनुभवी डॉक्टरों से मिलकर आयुर्वेद को समाज के सभी क्षेत्रों तक पहुंचाने की सलाह दी। रोगी और चिकित्सा का डेटा संकलन करके ही इस युग में आयुर्वेद को आंतरराष्ट्रीय स्तर तक ले जाया जा सकता है, जिसकी बहुत आवश्यकता है। डॉ राजेन्द्र शर्मा ने संस्था के क्रियाकलापों के बारे में जानकारी दी। कार्यक्रम संचालन डॉ गार्गी ठाकुर ने बहुत ही सुन्दर ढंग से करते हुए कार्यक्रम में और खूबसूरती डाल दी।
मुंबई वैद्य सभा सदैव आयुर्वेद के प्रचार-प्रसार के लिए कार्यरत रहती है। इसी श्रृंखला में श्री धूतपापेश्वर आयुर्वेद विद्यालय समिति के सहयोग से मुंबई एवं आसपास की आयुर्वेदिक कॉलेज के बीएएमएस टॉपर्स को ग्यारह हजार का चेक प्रदान कर सम्मानित किया गया। सभी अतिथियों तथा पुरस्कृत डॉक्टर्स ने अपने संबोधन में आयुर्वेद चिकित्सा के महत्व को दर्शाया। डॉ. ओमप्रकाश दुबे, डॉ. ताथेड़ सर की उपस्थिति से कार्यक्रम की शोभा बढ़ी उपस्थिति  के लिये आभार। डॉ. अंजु चेटिया, डॉ. शिल्पा धोखा, डॉ. सोनाली मुळ्ये , डॉ. निनाद मुळ्ये, डॉ. वसंत वल्लेपवार द्वारा प्रस्तुत अतिथियों का परिचय सराहनीय था। कार्यक्रम को सफल बनाने में संस्था की महिला विंग अध्यक्ष डॉ. पूर्णिमा बिडये, डॉ. एम. पी. शाह , डॉ. विनीत मिश्रा, डॉ. राजेश्वरी बुच, डॉ अनिल मोरे, डॉ. सरिता पासी का विशेष योगदान रहा।
डॉ. श्यामसुंदर शर्मा रचित " सरल श्रीमद्भगवद्गीता - चिरायु गीता " का लोकार्पण इस कार्यक्रम का विशेष आकर्षण रहा जिसकी प्रस्तुति डॉ विनोद मेहता द्वारा आकर्षक रूप से की गयी। स्वादिष्ट भोजन और चाय - कॉफी , कुकीज़ की सराहना सभी अतिथियों ने की।
उत्तर भारतीय समाज को संगठित करने में कामयाब रहेंगे अमरजीत सिंह: ज्ञान प्रकाश सिंह
मुंबई। भारतीय जनता पार्टी के पूर्व उपाध्यक्ष कलीना विधानसभा प्रभारी एवं उत्तर भारतीय संघ के उपाध्यक्ष अमरजीत सिंह को भाजपा उत्तर भारतीय मोर्चा का महाराष्ट्र प्रदेश अध्यक्ष नियुक्त किए जाने पर उत्तर भारतीय समाज में उत्साह देखा जा रहा है। वरिष्ठ भाजपा नेता ज्ञान प्रकाश सिंह ने कहा कि अमरजीत सिंह ऊर्जावान और उत्तर भारतीय समाज से जुड़े लोकप्रिय नेता हैं। उत्तर भारतीय समाज को संगठित करने और उसे भाजपा से जोड़ने में वे पूरी तरह से कामयाब रहेंगे। उन्होंने अमरजीत सिंह को दी गई जिम्मेदारी के लिए महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस और प्रदेश अध्यक्ष रविंद्र चव्हाण के प्रति आभार व्यक्त किया। उत्तर भारतीय संघ के अध्यक्ष संतोष आर एन सिंह ने कहा कि उत्तर भारतीय समाज में अमरजीत सिंह का लोकप्रिय और प्रभावशाली चेहरा है। वे दी गई जिम्मेदारी का निर्वहन अपेक्षित कर्तव्यों के साथ पूरा करने में कामयाब रहेंगे। उत्तर भारतीय संघ के उपाध्यक्ष संजय सिंह ने कहा कि अमरजीत सिंह को उत्तर भारतीय मोर्चा का प्रदेश अध्यक्ष बनाए जाने पर पूरे समाज में खुशी की लहर देखी जा रही है।
सामाजिक कार्यों के लिए अभिषेक लोढ़ा को ‘युवा रत्न’ सम्मान
मुंबई। लोढ़ा (ओसवाल) भाईपा संस्थान, मुंबई के 29वें स्नेह मिलन समारोह में अभिषेक लोढ़ा (MD & CEO, Lodha Group) को सामाजिक एवं परोपकारी कार्यों में उनके असाधारण योगदान के लिए प्रतिष्ठित ‘युवा रत्न’ सम्मान से सम्मानित किया गया। सामाजिक सेवा एवं परोपकारी कार्यों के लिए अपनी कुल कमाई का 20 प्रतिशत लोढ़ा फाउंडेशन को समर्पित कर अभिषेक लोढ़ा ने समाज के प्रति अपनी संवेदनशीलता, उदारता एवं सामाजिक उत्तरदायित्व का असाधारण उदाहरण प्रस्तुत किया है। उनका यह योगदान सेवा, समर्पण और परोपकार के मूल्यों को दर्शाता है तथा युवा पीढ़ी के लिए प्रेरणास्रोत है। अभिषेक लोढ़ा की अनुपस्थिति में उनकी ओर से यह सम्मान उनके माता-पिता, महाराष्ट्र सरकार के कैबिनेट मंत्री मंगल प्रभात लोढ़ा एवं उनकी माताजी श्रीमती मंजू लोढ़ा ने ग्रहण किया। इस अवसर पर मंगल प्रभात लोढ़ा समारोह के अध्यक्ष के रूप में उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का आयोजन सी.पी. प्रसन्नमलजी लोढ़ा एवं श्रीमती कुसुमलोढ़ा परिवार द्वारा किया गया।
समारोह में कंकरराज लोढ़ा, महावीरजी लोढ़ा, मोहनराज लोढ़ा, विनोद लोढ़ा, सलील लोढ़ा, नरेश लोढ़ा एवं सुरेश लोढ़ा सहित लोढ़ा परिवार के अनेक सदस्य एवं गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे।
संत रोहिदास अल्पकालिक रोजगारपरक पाठ्यक्रम कार्यक्रम नया नाम: कैबिनेट मंत्री लोढ़ा
मुंबई। औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थानों (ITI) में संचालित अल्पकालिक रोजगारपरक पाठ्यक्रम कार्यक्रम को आज से ‘संत रोहिदास अल्पकालिक रोजगारपरक पाठ्यक्रम कार्यक्रम’ के नाम से जाना जाएगा। उद्योग क्षेत्र की बदलती आवश्यकताओं और रोजगार के नए अवसरों को ध्यान में रखते हुए महाराष्ट्र सरकार की ओर से संचालित अल्पकालिक रोजगारपरक पाठ्यक्रमों के STEP कार्यक्रम का विस्तार किया जा रहा है। इस कार्यक्रम के तीसरे चरण का शुभारंभ मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस के मार्गदर्शन में कौशल, रोजगार, उद्यमिता एवं नवाचार मंत्री मंगल प्रभात लोढ़ा के हाथों मंत्रालय में किया गया। तीसरे चरण में राज्य के युवाओं के लिए कुल 26,520 प्रशिक्षण सीटों की क्षमता उपलब्ध कराई गई है, जिनमें से अब तक 18,266 प्रशिक्षणार्थियों ने प्रवेश लिया है। इस अवसर पर ऑनलाइन माध्यम से अपर मुख्य सचिव मनीषा वर्मा, आयुक्त डॉ. अमित सैनी, व्यवसाय एवं प्रशिक्षण निदेशालय के संचालक सतीश सूर्यवंशी तथा 400 आईटीआई के प्राचार्य उपस्थित थे।
मंत्री लोढ़ा ने कहा कि उद्योगों की बदलती आवश्यकताओं के अनुरूप आईटीआई के विद्यार्थियों के कौशल को विकसित करने में ये पाठ्यक्रम उपयोगी साबित होंगे। डिग्री शिक्षा के साथ-साथ कौशल विकास और कौशल संवर्धन भी आवश्यक है। इसके माध्यम से रोजगार एवं स्वरोजगार के अवसर उपलब्ध हो सकेंगे। विद्यार्थियों को नियमित शिक्षा या काम के साथ प्रशिक्षण प्राप्त करने की सुविधा देने के लिए दो, तीन अथवा चार घंटे के प्रमाणित कौशल पाठ्यक्रम उपलब्ध कराए जाएंगे। पाठ्यक्रम पूरा करने वाले विद्यार्थियों को प्रमाणपत्र भी प्रदान किया जाएगा। बदलती तकनीक के इस दौर में युवाओं के पास केवल शैक्षणिक डिग्री होना पर्याप्त नहीं है, बल्कि उद्योगों की आवश्यकताओं के अनुरूप आधुनिक एवं रोजगारपरक कौशल होना भी आवश्यक है। इसी आवश्यकता को ध्यान में रखते हुए महाराष्ट्र सरकार ने शासकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थानों में STEP अर्थात अल्पकालिक रोजगारपरक पाठ्यक्रम शुरू किए हैं। इस पहल के पहले चरण का शुभारंभ 8 अक्टूबर 2025  प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के हाथों किया गया था। मंत्री लोढ़ा ने कहा कि पारंपरिक कौशल प्रशिक्षण को आधुनिक तकनीक से जोड़कर युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर उपलब्ध कराना, महिलाओं का कौशल विकास करना और उद्योगों की आवश्यकताओं के अनुरूप कुशल मानव संसाधन तैयार करना STEP कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य है। इस पहल से राज्य के युवाओं की रोजगार क्षमता को बढ़ावा मिलेगा। महिलाओं के कौशल विकास के लिए भी इस कार्यक्रम के अंतर्गत विशेष अल्पकालिक पाठ्यक्रम संचालित किए जा रहे हैं। पहले चरण में 260 प्रशिक्षण बैचों के माध्यम से 7,234 महिला प्रशिक्षणार्थियों को प्रशिक्षण का अवसर उपलब्ध कराया गया। इनमें सेमीकंडक्टर टेक्नीशियन, जूनियर सॉफ्टवेयर डेवलपर और ब्यूटी थेरपिस्ट जैसे पाठ्यक्रम शामिल हैं।
चार धाम व बारह ज्योतिर्लिंगों की यात्रा पश्चात महाप्रसाद का आयोजन

ठाणे । कल्याण शहर के खडगपाढा निवासी राजेन्द्र अजारीवाल के चार धाम एवं बारह ज्योतिर्लिंगों के साथ यमुनोत्री, गंगोत्री, मानसरोवर की सफल पवित्र यात्रा पश्चात महाप्रसाद का आयोजन रविवार 22 नवंबर 2026 को आधार वाड़ी के माधव बैंक्वेट हॉल में किया गया।यह पवित्र मांगलिक आयोजन राजेंद्र अजारीवाल की पुत्री अर्पिता अजारीवाल ने किया। कवि एवं पत्रकार विनय शर्मा दीप से प्रेस वार्ता में उन्होंने बताया कि माता-पिता देवतुल्य हैं इनकी सेवा ही सभी तिर्थो के बराबर है इस उद्देश्य से पिता के मनोभावों का सम्मान करते हुए हमने उन्हें सभी तिर्थों की यात्रा करवाई।आज वे खुश हैं यह देखकर मैं और मेरा संपूर्ण परिवार धन्य हुआ। वास्तव में बता दें कि अर्पिता अजारीवाल ने अपने सभी भाइयों,भाभीयों एवं बहनों के साथ पिता राजेंद्र अजारीवाल का पांव गंगा जल से धोकर चरणस्पर्श किया तथा पुष्प वर्षा करते हुए उनका अभिनन्दन किया तथा परिवार के मुखिया का वैदिक एवं पुरातन परंपरानुसार राजतिलक करके एक बेटी ने पिता का सम्मान बढ़ाया। उक्त आयोजन में बेटी अर्पिता को पिता के प्रति प्रेम और भावुकता को लोग देखकर आश्चर्यचकित हुए।नि:संदेह वर्तमान समय में अर्पिता अजारीवाल ने जनमानस को एक संदेश अवश्य दिया कि माता-पिता से बढ़कर संसार में कोई नहीं है उन्हें वृद्धाश्रम में न छोड़ें अपितु उनकी सेवा करें। उक्त अवसर पर कल्याण शहर के उत्कृष्ट समाजसेवी सुनील जगन्नाथ श्रीवास्तव, वरिष्ठ साहित्यकार रामजीलाल वर्मा, विक्रोली से ओमप्रकाश सविता, डोंबिवली से वरिष्ठ समाजसेवी पुखराज राठौड़, कवि एवं पत्रकार विनय शर्मा दीप,कल्याण से समाजसेवी एफ सी शर्मा,समाजसेवी राममोहन सोखिया, युवा समाजसेवी जितेन्द्र कुमार सिंह, राजेश सचदेवा,भोईर साहेब, प्रिया शर्मा,रेनु ठाकुर, विजया जाधव के साथ अजारीवाल परिवार के सगे संबंधियों की उपस्थिति रही। कवि विनय शर्मा दीप ने तिर्थ यात्रा से संबंधित गीत व बेटी का सम्मान बढ़ाते हुए मुक्तक सुनाया तथा रामजीलाल वर्मा ने भक्ति गीत से सभी को मंत्रमुग्ध किया।अंत में आयोजिका अर्पिता अजारीवाल ने सभी को महाप्रसाद व तिर्थयात्रा संबंधित देवताओं की मुर्ति देकर उपस्थित सभी अतिथियों का आभार व्यक्त किया।
मुंबई पुस्तक महोत्सव में आचार्य पवन त्रिपाठी और राजेश विक्रांत की पुस्तकों पर परिचर्चा
मुंबई।  मुंबई यूनिवर्सिटी कालीना परिसर में नेशनल बुक ट्रस्ट, भारत आयोजित मुंबई पुस्तक महोत्सव में महोत्सव के मुख्य संयोजक आचार्य पवन त्रिपाठी और मुंबई इतिहासकार राजेश विक्रांत  लिखित दो पुस्तकों- "आजादी की लड़ाई में मुंबई का योगदान" और उसके मराठी संस्करण "स्वातंत्र्य लढ्यात मुंबईचे योगदान" (अनुवादिका पल्लवी शिंदे माने विस्कॉन्सिन, यूएसए) पर एक परिसंवाद का आयोजन शनिवार 28 नवंबर 2026 को अपराह्न 3 बजे से 3.45 तक किया गया है। कार्यक्रम की जगह महोत्सव का ऑथर्स कार्नर-2, नजदीक गेट नम्बर 2 है। इस परिसंवाद में सुप्रसिद्ध कवि व मंच संचालक देवमणि पाण्डेय, मुंबई यूनिवर्सिटी गरवारे संस्थान के हिंदी पत्रकारिता समन्वयक व सुप्रसिद्ध लेखक सैयद सलमान तथा महाराष्ट्र के पूर्व मंत्री प्रकाश मेहता वक्ता के रूप में उपस्थित रहने वाले हैं। इस अवसर पर दोनों पुस्तकों के प्रकाशक भारत पब्लिकेशन, मुंबई की प्रमुख सुश्री कमर जबीं तथा अनुवादिका पल्लवी माने का सम्मान भी किया जाएगा। बता दें कि 2022 में 'आजादी की लड़ाई में मुंबई का योगदान" तथा "स्वातंत्र्य लढ्यात मुंबईचे योगदान" का प्रकाशन वर्ष 2024 है। दोनों पुस्तकें आर के पब्लिकेशन के स्टॉल संख्या ई- 01 पर विक्री के लिए उपलब्ध रहेंगी।
परिसंवाद में अतिथियों का स्वागत आचार्य पवन त्रिपाठी करेंगे जबकि कार्यक्रम का संचालन राजेश विक्रांत द्वारा किया जाएगा।
बता दें कि मुंबई पुस्तक महोत्सव 24 से 29 नवंबर 2026 तक सुबह 11 बजे से रात 10 बजे तक खुला है। इसमें प्रवेश निशुल्क है और पार्किंग की पर्याप्त व्यवस्था है।