झारखंड विधानसभा का दो दिवसीय विशेष सत्र शुरू: खनिज कानून व मतदाता सूची पुनरीक्षण पर घमासान, विपक्ष का प्रदर्शन

​रांची: झारखंड विधानसभा का दो दिवसीय विशेष सत्र बुधवार से शुरू हो गया। 25 और 26 नवंबर को आहूत इस सत्र के पहले ही दिन सदन के बाहर और भीतर राजनीतिक सरगर्मी तेज रही। सत्र की शुरुआत से पहले विपक्षी विधायकों ने विधानसभा परिसर में सरकार के खिलाफ नारेबाजी और विरोध प्रदर्शन किया।

​दो प्रमुख मुद्दों पर टकराव की स्थिति

मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के नेतृत्व वाली राज्य सरकार ने केंद्र से जुड़े दो अहम विषयों पर रुख कड़ा कर लिया है। विशेष सत्र के दौरान मुख्य रूप से खान एवं खनिज संशोधन अधिनियम 2026 (MMDR) से जुड़े खनिज सेस और मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) पर चर्चा व प्रस्तावों की तैयारी है।

​मतदाता सूची पुनरीक्षण पर चिंता

सत्तारूढ़ गठबंधन का मानना है कि मतदाता सूची पुनरीक्षण की प्रक्रिया जटिल होने से बड़ी संख्या में वैध मतदाताओं—विशेषकर आदिवासी और ग्रामीण क्षेत्रों के नागरिकों—के नाम सूची से बाहर होने की आशंका है। जानकारी के अनुसार, सरकार बुधवार को मतदाता सूची पुनरीक्षण के विरोध में संकल्प प्रस्ताव पारित कर केंद्र को भेजने की तैयारी में है, जबकि गुरुवार (26 नवंबर) को खनिज कानून से संबंधित प्रस्ताव लाया जा सकता है।

​विपक्ष ने बताया संवैधानिक प्रक्रिया, खनन पर उठाए सवाल

मुख्य विपक्षी दल भाजपा ने राज्य सरकार की मंशा पर सवाल उठाते हुए विशेष सत्र को मुद्दों से ध्यान भटकाने की कवायद करार दिया है। विपक्ष का कहना है कि खनिज पर भारी सेस लगाने से कोयला और लौह अयस्क की लागत बढ़ रही है, जिसका असर खनन और उत्पादन पर पड़ सकता है। वहीं, भाजपा और सहयोगी दलों के नेताओं ने मतदाता सूची पुनरीक्षण को निर्वाचन आयोग की नियमित व संवैधानिक प्रक्रिया बताया है।

​आने वाले दो दिनों में संकल्प प्रस्तावों को लेकर सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच तीखी बहस होने की संभावना है, जिस पर सभी की नजरें टिकी हैं कि इसका केंद्र-राज्य संबंधों पर क्या प्रभाव पड़ेगा।

*ललपनिया: लुगू बुरू महोत्सव में CM हेमंत सोरेन बोले- शिक्षा से ही आएगी शक्ति और बदलाव, बनेगा संग्रहालय और पर्यटन स्थल

मुख्यमंत्री श्री हेमन्त सोरेन आज बोकारो के ललपनिया में आयोजित "लुगू बुरू घांटाबाड़ी धोरोमगाढ़ राजकीय महोत्सव और अंतरराष्ट्रीय संताल सरना धर्म महासम्मेलन" के समापन समारोह में सम्मिलित हुए। राजकीय महोत्सव में उपस्थित जनसमूह को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री श्री हेमन्त सोरेन ने आदिवासी समाज के लोगों से

शिक्षा के प्रति जागरूक होने, अपने संवैधानिक एवं सामाजिक अधिकारों को जानने और आर्थिक रूप से सशक्त बनकर आत्मनिर्भरता की दिशा में आगे बढ़ने का आह्वान किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि झारखंड खनिज संपदा से भरपूर राज्य है।

यहां विभिन्न खनिज संपदाओं का खनन कार्य हो रहे हैं। आदिवासियों के जमीन खोदे जा रहे हैं। झारखंड के खनिज संपदा से देश चलता है, जबकि आदिवासी समाज आज भी पिछड़ा है। उन्होंने कहा कि आदिवासी समाज अभी भी शैक्षणिक, बौद्धिक एवं आर्थिक रूप से कमजोर हैं।

समाज के उत्थान के लिए हमसबों को एकत्रित और संगठित होना होगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि झारखंड की खनिजों पर हम सभी की हिस्सेदारी होनी चाहिए। उन्होंने आदिवासी समाज के लोगों को शिक्षित करने पर बल दिया, ताकि शिक्षित होकर युवा अपने समाज और राज्य का उत्थान कर सकें।

उन्होंने कहा कि शिक्षा से समाज में शक्ति, उन्नति, मजबूती और सकारात्मक बदलाव आयेगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि लुगू बुरू घांटाबाड़ी धोरोमगाढ़ को देश का महत्वपूर्ण केंद्र बिंदु बनाएंगे। इसे पर्यटन स्थल के रूप में विकसित करने का निर्णय लिया गया है, जहां आदिवासी समाज के लोग आएंगे और देखेंगे।

संग्रहालय का हो रहा निर्माण

मुख्यमंत्री श्री हेमन्त सोरेन ने कहा कि लुगू बुरू घांटाबाड़ी में संग्रहालय निर्माण का निर्णय लिया गया है, ताकि आदिवासी समाज को पहचान मिल सके। संग्रहालय से यहां के युवा अपने पारंपरिक व पौराणिक चीजों को जान-समझ सकेंगे। उन्होंने कहा कि इस स्थल को प्रत्येक वर्ष विकसित किए जा रहे हैं। महोत्सव की विशाल तैयारी की जाती है। राज्य सरकार की ओर से सभी सुविधाएं बहाल की गई है। समाज के उत्थान और स्थलों के विकास के लिए विभिन्न कार्य किये जायेंगे। उन्होंने कहा कि सरना धर्म कोड के लिए राज्य सरकार कार्य कर रही है। वर्तमान में एसआईआर की प्रक्रिया चल रही है और आगामी जनगणना कार्य भी शुरू होने वाला है। इसपर ध्यान देने की आवश्यकता है।

प्रसाद के रूप में खिचड़ी का हुआ वितरण

मुख्यमंत्री श्री हेमन्त सोरेन ने कहा कि लुगू बुरू घांटाबाड़ी राजकीय महोत्सव में उनके समृति शेष पूज्य पिताजी दिशोम गुरु शिबू सोरेन एवं समृति शेष पूज्य माताजी रुपी सोरेन की पावन स्मृति में तीन दिवसीय खिचड़ी प्रसाद का वितरण किया जा रहा है।

गार्ड ऑफ ऑनर मुख्यमंत्री को ललपनिया हैलीपैड पर पहुंचने के उपरांत स्थानीय प्रशासन द्वारा गार्ड ऑफ ऑनर किया गया। साथ ही स्थानीय प्रशासन के पदाधिकारियों ने उनका स्वागत किया। मुख्यमंत्री श्री हेमन्त सोरेन ने बोकारो के ललपनिया पहुंचने पर भगवान बिरसा मुंडा की प्रतिमा पर माल्यार्पण भी किया।

*इस अवसर पर पेयजल एवं स्वच्छता, उत्पाद एवं मद्य निषेध विभाग के मंत्री श्री योगेंद्र प्रसाद, अनुसूचित जनजाति, अनुसूचित जाति एवं पिछड़ा वर्ग कल्याण विभाग के मंत्री श्री चमरा लिंडा, दर्जा प्राप्त राज्य मंत्री श्री फागू बेसरा, मुख्यमंत्री की धर्मपत्नी-सह-विधायक श्रीमती कल्पना सोरेन, विधायक श्री सोमेश चंद्र सोरेन, विधायक श्री उमाकांत रजक, ऊर्जा विभाग के सचिव श्री के० श्रीनिवासन, आरसीसीएफ डॉ० आर० तांगा पंडीयान, उतरी छोटानागपुर प्रक्षेत्र के आईजी श्री शैलेन्द्र कुमार सिन्हा, बोकारो उपायुक्त श्री अजय नाथ झा, पुलिस अधीक्षक श्री नाथू सिंह मीना सहित अन्य अधिकारीगण, आयोजन समिति के अध्यक्ष श्री बबुली सोरेन, उपाध्यक्ष श्री लोबिन मुर्मू सहित झारखंड के विभिन्न जिले व ओड़िशा, बंगाल, बिहार छत्तीसगढ़, गुजरात, नेपाल सहित विभिन्न राज्यों के प्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में आदिवासी समाज के लोग उपस्थित थे

लुगुबुरू घंटाबाड़ी धर्मगढ़ पहुंचकर बाबूलाल मरांडी ने की पूजा-अर्चना, राज्य की सुख-समृद्धि की कामना

झारखंड विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष सह पूर्व मुख्यमंत्री बाबूलाल मरांडी बोकारो जिले के ललपनिया स्थित संथाल आदिवासी समाज के प्रमुख धार्मिक एवं सांस्कृतिक आस्था के केंद्र लुगुबुरू घंटाबाड़ी धर्मगढ़ पहुंचे। इस दौरान उन्होंने विधि-विधान के साथ पूजा-अर्चना कर समस्त राज्यवासियों की सुख, समृद्धि, शांति एवं खुशहाली की कामना की।

पूजा-अर्चना के पश्चात श्री मरांडी ने लुगुबुरू धर्मगढ़ में आयोजित विशाल धार्मिक मेले में पहुंचे श्रद्धालुओं के बीच खिचड़ी का वितरण किया। साथ ही उन्होंने श्रद्धालुओं से आत्मीय मुलाकात भी की।

श्री मरांडी ने इस दौरान संथाल समाज की आस्था और सांस्कृतिक विरासत को गौरवशाली बतलाया।

उल्लेखनीय है कि लुगुबुरू घंटाबाड़ी धर्मगढ़ संथाल आदिवासी समाज की आस्था, परंपरा और सांस्कृतिक पहचान का प्रमुख केंद्र है। यहां प्रतिवर्ष आयोजित होने वाले विशाल धार्मिक मेले में देश-विदेश से हजारों श्रद्धालु पहुंचते हैं और अपनी समृद्ध परंपरा, संस्कृति एवं आस्था के प्रति श्रद्धा निवेदित करते हैं। यह स्थल संथाल समाज की गौरवशाली विरासत और सांस्कृतिक चेतना का प्रतीक है।

अर्जुन मुंडा की माता सायरा मुंडा के निधन पर झारखंड भाजपा ने जताया गहरा शोक, दी भावभीनी श्रद्धांजलि

आदित्य साहू और बाबूलाल मरांडी, पवन कुमार साय ने अर्जुन मुंडा के पैतृक आवास जाकर शोकाकुल परिवार के प्रति व्यक्त की संवेदना, दिवंगत आत्मा की शांति के लिए की प्रार्थना

झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री एवं पार्टी के वरिष्ठ नेता अर्जुन मुंडा की माता सायरा मुंडा के निधन पर झारखंड भाजपा में शोक की लहर है। प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू, नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी, प्रदेश संगठन महामंत्री पवन कुमार साय सहित पार्टी के वरिष्ठ नेताओं ने अर्जुन मुंडा के पूर्वी सिंहभूम जिले के घोड़ाबांधा स्थित पैतृक आवास पहुंचकर उनकी माताजी के पार्थिव शरीर पर पुष्प अर्पित कर भावभीनी श्रद्धांजलि दी। साथ ही उनकी अंतिम यात्रा में शामिल होकर नम आंखों से उन्हें अंतिम विदाई दी और शोकाकुल परिवार के प्रति अपनी गहरी संवेदना व्यक्त की है।

प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू ने शोक व्यक्त करते हुए कहा कि झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री एवं वरिष्ठ भाजपा नेता अर्जुन मुंडा की पूज्य माताजी के निधन का समाचार अत्यंत दुःखद है। ईश्वर से प्रार्थना है कि दिवंगत पुण्यात्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान दें तथा शोकाकुल परिवार को इस अपार दुःख को सहन करने की शक्ति एवं धैर्य प्रदान करें।

नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने अपनी संवेदना व्यक्त करते हुए कहा कि यह समाचार सुनकर मन बहुत दुखी है। उम्र कितनी भी हो जाए, माँ सिर पर हाथ रख दे तो लगता है कि सब सँभल जाएगा। उन्होंने पूज्य माताजी को भावपूर्ण श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए ईश्वर से दिवंगत आत्मा की शांति तथा अर्जुन मुंडा एवं उनके पूरे परिवार को इस कठिन वियोग को सहन करने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की।

प्रदेश संगठन महामंत्री पवन कुमार साय ने भी पूर्व मुख्यमंत्री अर्जुन मुंडा की माताजी के निधन पर गहरा दुःख व्यक्त करते हुए दिवंगत आत्मा को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की और शोकाकुल परिवार के प्रति अपनी संवेदना प्रकट की।

इसके अतिरिक्त पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास, चंपई सोरेन एवं मधु कोड़ा, प्रदेश प्रभारी गजेंद्र सिंह पटेल, राष्ट्रीय मंत्री डॉ. प्रदीप वर्मा, प्रदेश सह-प्रभारी सौरभ सिंह एवं निवेदिता सिंह, केंद्रीय मंत्री अन्नपूर्णा देवी एवं संजय सेठ, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष दीपक प्रकाश, रवींद्र कुमार राय, दिनेशानंद गोस्वामी एवं यदुनाथ पाण्डेय, प्रदेश उपाध्यक्ष राकेश प्रसाद, नीलकंठ सिंह मुंडा, आभा महतो, बालमुकुंद सहाय, भानू प्रताप शाही, सुनील सोरेन, मुनेश्वर साहू एवं गीता कोड़ा, प्रदेश महामंत्री गणेश मिश्रा, अमर कुमार बाउरी एवं मनोज सिंह, प्रदेश मंत्री दिलीप वर्मा, शैलेन्द्र सिंह, सरोज सिंह, सुनीता सिंह, अमरदीप यादव, कृष्णा महतो, अमित सिंह, मनीर उरांव एवं शालिनी बैसखियार, प्रदेश कोषाध्यक्ष दीपक बंका, प्रदेश कार्यालय मंत्री हेमंत दास, प्रदेश कार्यालय सह मंत्री सूरज गुप्ता चौरसिया, प्रदेश मीडिया प्रभारी योगेन्द्र प्रताप सिंह, मुख्य प्रदेश प्रवक्ता प्रतुल शाहदेव एवं सोशल मीडिया प्रभारी राहुल अवस्थी सहित पार्टी के अन्य नेताओं ने भी सायरा मुंडा के निधन पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की है। सभी नेताओं ने अर्जुन मुंडा एवं उनके परिजनों के प्रति अपनी गहरी संवेदना प्रकट करते हुए ईश्वर से इस दुःख की घड़ी में परिवार को संबल प्रदान करने की प्रार्थना की है।

*रांची: CM हेमंत सोरेन ने 3044 युवाओं को बांटे नियुक्ति पत्र, प्रेझा फाउंडेशन-IIT मद्रास के बीच हुआ MoU

मुख्यमंत्री श्री हेमन्त सोरेन ने कहा कि झारखंड में अधिक-से-अधिक युवाओं के हुनर को निखारकर उन्हें रोजगार व स्वरोजगार से जोड़ना सरकार का लक्ष्य है। इस दिशा में सरकार निरंतर कार्य कर रही है। रोजगारपरक प्रशिक्षण व कार्यक्रमों का संचालन किया जा रहा है। प्रशिक्षित युवाओं को आज नियुक्ति पत्र प्रदान किया जा रहा है। पूर्व में भी प्रशिक्षित युवक-युवतियों को नियुक्ति पत्र प्रदान किये गये हैं, जो राज्य के साथ-साथ देश-विदेशों में अपने कार्यों को पूर्ण कर रहे हैं। आज के नियुक्ति पत्र वितरण कार्यक्रम के दौरान उन्हें भी जोड़ा गया। इनका अनुभव सभी से जाना-समझा। मुख्यमंत्री आज प्रोजेक्ट भवन सभागार में प्रशिक्षित छात्र-छात्राओं का मुख्यमंत्री कौशल एवं रोजगार सम्मान समारोह एवं नियुक्ति पत्र वितरण कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। अनुसूचित जनजाति, अनुसूचित जाति, अल्पसंख्यक और पिछड़ा वर्ग कल्याण विभाग के मार्गदर्शन में प्रेझा फाउंडेशन (विशेष प्रयोजन वाहिनी) के माध्यम से प्रशिक्षित छात्र-छात्राओं को नियुक्ति पत्र प्रदान किए गए। मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्तमान समय में आवश्यकता अनुसार हम अपने बच्चों का कौशल विकास करें। उनके हुनर को तराशा जाए, ताकि वे अपने पैरों पर खड़ा होकर अपने बेहतर भविष्य का निर्माण कर सकें।

आधुनिकता के दौर में बदलाव जरूरी

मुख्यमंत्री ने कहा कि आज के समय में कई तरह की ज्ञानवर्धक व्यवस्थाएं हैं। साधारण सा इंजीनियर बनने के बाद जैसे ही चार साल की शिक्षा ग्रहण होती थी, कैंपस सिलेक्शन होकर बच्चों की नौकरी मिलती थी, लेकिन अब दौर बदल गया है। एआई का समय पूरी तरीके से वैश्विक रूप में हमारे सामने खड़ा है, उसमें पढ़ाई के साथ-साथ हुनर की भी बहुत आवश्यकता है। उन्होंने झारखंड में स्थापित एचईसी के बारे में जानकारी देते हुए कहा कि इस संस्थान के माध्यम से ही देश के लगभग सभी उद्योग खड़े हुए। इसी एचईसी ने देश के लगभग उद्योगों को स्थापित किया। एचईसी को मदर फैक्ट्री के रूप में भी जाना जाता रहा, लेकिन आज स्थिति बदल गई है। क्योंकि इस कंपनी ने समय अनुसार अपने को बदल नहीं पाया। समय की धूरी में अपने आप को स्थापित करने के लिए, सफल होने के लिए समय के साथ चलना होता है।

देश-दुनिया में अपने हुनर का लोहा मनवा रहे राज्य के युवा

मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्तमान दौर में व्यक्ति/युवा के हाथ में कौशल है, हुनर है, तो वह कभी कमजोर नहीं होगा। भूखा रहने की स्थिति उत्पन्न नहीं होगी। वह अपनी कौशल/हुनर के माध्यम से अपने परिवार, समाज को भी सबल बनाने में सबल हो सकेगा। उन्होंने कहा कि प्रेझा फाउंडेशन के माध्यम से आज एमओयू हस्ताक्षर भी किए गये हैं। इस एमओयू से युवाओं को नई तकनीक से जुड़कर रोजगार करने का अवसर प्राप्त होगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि कौशल प्रशिक्षण प्राप्त कर युवक-युवती देश-विदेशों में अपनी हुनर व कौशल का लोहा मनवा रहे हैं और रोजगार से जुड़े हैं।

राज्य सरकार ने पुरूष नर्स का प्रशिक्षण देने का लिया है निर्णय

मुख्यमंत्री ने कहा कि नर्सिंग की पढ़ाई महिलाएं और लड़कियां ही करतीं हैं। इस धारणा को समाप्त कर पुरूषों को भी पुरुष स्टाफ नर्सों के रूप में प्रशिक्षण देने का निर्णय राज्य सरकार ने लिया है। कई बड़े-छोटे अस्पतालों को देखा है, जहां पुरुष स्टाफ नर्स बहुत बड़ी तादाद काम में काम कर रहे हैं।

टेक्सटाइल क्षेत्र में भी युवाओं को अवसर

मुख्यमंत्री ने कहा कि टेक्सटाइल इंडस्ट्री भी पहले सिर्फ लड़कियों के लिए था, लेकिन वर्तमान में यह पुरूषों के लिए भी बड़ा अवसर है। उन्होंने कहा कि महिला-पुरूष के काम में कोई भेदभाव अब नहीं है। समय का भी कोई बाध्यता नहीं रही। लड़कियां/महिलाएं पुरुषों की तरह नाइट शिफ्ट ओवरटाइम में भी काम कर रहीं हैं।

शिक्षा के क्षेत्र में हो रहा सकारात्मक सुधार

मुख्यमंत्री श्री हेमन्त सोरेन ने कहा कि राज्य सरकार शिक्षा व्यवस्था में सुधार लाने की दिशा में निरंतर कार्य कर रही है। मुख्यमंत्री उत्कृष्ट विद्यालयों के माध्यम से राज्य में गुणवत्तापूर्ण शैक्षणिक माहौल तैयार हो रहे हैं। इन विद्यालयों की संख्या भी बढ़ाई जा रही है। वहीं प्रतियोगी परीक्षाओं के लिए भी राज्य के अभ्यर्थियों को तैयार किया जा रहा है।

कल्याण विभाग के छात्रावास में खाना का प्रबंध कराने का निर्णय

मुख्यमंत्री ने कहा कि कल्याण विभाग की ओर से राज्य में संचालित आवासीय विद्यालयों के छात्रावासों में विद्यार्थियों के लिए खाने का प्रबंध राज्य सरकार द्वारा किये जाने का निर्णय लिया गया है। आवासीय विद्यालयों में अध्ययन के साथ-साथ उन्हें रहने, खाने की व्यवस्था सरकार करेगी। सरकार के तरफ से लोगों को वहां नियुक्त किया जाएगा।

उन्होंने कहा कि राज्य सरकार पायलट बनने, हवाई जहाज उड़ाने का ट्रेनिंग देने का काम किया जा रहा है। राज्य सरकार द्वारा चयनित 15 युवाओं को कामर्शियल पायलट ट्रेनिंग राज्य सरकार अपनी खर्च पर करवायेगी। भविष्य में एयर होस्टेस कोर्स को भी इसमें जोड़ने का कार्य होगा।

प्रशिक्षण का ऐसा मॉडल तैयार करें, जिससे राज्य में हो रही गतिविधियों में युवाओं को मिले रोजगार

मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने प्रेझा फाउंडेशन एवं राज्य की अन्य शिक्षण-प्रशिक्षण केन्द्रोंत्रके पदाधिकारियों को निदेशित किया कि प्रशिक्षण का ऐसा मॉडल तैयार करें, जिससे राज्य में हो रहे कार्यो, चल रही गतिविधियों में रोजगार मुहैया हो सके। उन्होंने कहा कि झारखंड ऐसा राज्य है, जहां सबसे अधिक खनिज संपदा है। अधिसंख्य जिलों में खनन कार्य हो रहे हैं, पावर जेनरेशन का काम हो रहा है, स्टील इंडस्ट्री का काम, माइनिंग एक्टिविटीज, गोल्ड माइनिंग, यूरेनियम माइनिंग यहां हो रहे हैं। राज्य में हो रहे कार्यों, गतिविधियों पर ट्रेनिंग मॉडल तैयार होने से स्थानीय युवाओं को रोजगार मिलेगा। मुख्यमंत्री ने नियुक्ति पत्र प्राप्त करने वाले युवक-युवतियों को शुभकामनाएं दी।

एमओयू से युवाओं में रोजगार के नए अवसर होंगे सृजित

मुख्यमंत्री श्री हेमन्त सोरेन की उपस्थिति में आज प्रेझा फाउंडेशन एवं आईआईटी मद्रास के बीच एमओयू हस्ताक्षर हुए। वहीं प्रेझा फाउंडेशन एवं टीवीएस फाउंडेशन के बीच भी एमओयू हस्ताक्षर किए गए। इसमें क्रमशः प्रेझा फाउंडेशन के श्री कल्याण चक्रवर्ती तथा आईआईटी मद्रास के श्री बाला मुरली शंकर तथा दूसरे एमओयू में प्रेझा फाउंडेशन के श्री कल्याण चक्रवर्ती एवं टीवीएस फाउंडेशन के श्री कृष्ण कुमार प्रभु ने संयुक्त हस्ताक्षर किया। इस एमओयू हस्ताक्षर से झारखंड के युवाओं में रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे।

मुख्यमंत्री ने राज्य व देश-विदेश में कार्यरत युवाओं से की बात

मुख्यमंत्री कौशल एवं रोजगार सम्मान समारोह एवं नियुक्ति पत्र वितरण कार्यक्रम के तहत मुख्यमंत्री श्री हेमन्त सोरेन ने राज्य एवं देश-विदेश के विभिन्न संस्थानों में कार्यरत झारखंड के युवाओं से बाचतीत की। उनके रोजगार के संबंध में जानकारी ली। साथ ही उनका कुशलक्षेम जाना। मुख्यमंत्री ने वर्चुअल माध्यम से दुबई में कार्यरत गुमला जिले के राजधन उरांव से बातचीत कर उनके कार्य करने के अनुभव को जाना।

मुख्यमंत्री के समक्ष अनुभव साझा किए

तमिलनाडु के चेन्नई में काम कर रही खूंटी जिले के तोरपा की अलका हेंब्रम से भी बात कर उनका कुशलक्षेम जाना। साथ ही मुख्यमंत्री ने राज्य के विभिन्न कौशल विकास केन्द्रों में प्रशिक्षणरत प्रशिक्षणार्थियों से वर्चुअल माध्यम से बातचीत कर उनके अनुभवों को जाना।प्रशिक्षण प्राप्त कर राज्य के विभिन्न संस्थानों एवं व्यक्तिगत स्तर पर रोजगार और स्वरोजगार से जुड़कर आत्मनिर्भरता की राह पर आगे बढ़ रहे युवक-युवतियों ने मुख्यमंत्री के समक्ष अपने अनुभव साझा किए। मुख्यमंत्री ने उनके अनुभवों और उपलब्धियों की सराहना करते हुए युवाओं को कौशल प्रशिक्षण के माध्यम से रोजगार के नए अवसर तलाशने, स्वरोजगार को अपनाने तथा आत्मनिर्भर बनने के लिए प्रेरित किया।

इस अवसर पर अनुसूचित जनजाति, अनुसूचित जाति एवं पिछड़ा वर्ग कल्याण विभाग के मंत्री श्री चमरा लिंडा, जल संसाधन एवं अल्पसंख्यक कल्याण विभाग के मंत्री श्री हफीजुल हसन, विकास आयुक्त श्री अजय कुमार सिंह, विभागीय सचिव श्री कृपानंद झा, आदिवासी कल्याण आयुक्त श्री कुलदीप चौधरी, निदेशक प्रेझा फाउंडेशन श्री कल्याण चक्रवर्ती सहित अन्य पदाधिकारीगण एवं बड़ी संख्या में प्रशिक्षित युवक-युवतियों सहित नियुक्ति पत्र प्राप्त करने वाले अभ्यर्थी उपस्थित थे।

मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन पहुंचे पतरातू, वैवाहिक समारोह में हुए सम्मिलित।

मुख्यमंत्री श्री हेमन्त सोरेन एवं उनकी धर्मपत्नी-सह-विधायक श्रीमती कल्पना सोरेन आज रामगढ़ जिला के पतरातू स्थित होटल पर्यटन विहार पहुंचे। यहां वे मुख्यमंत्री सुरक्षा में कार्यरत पुलिस अवर निरीक्षक (पु० अ० नि०) श्री विपिन रजक की सुपुत्री हर्षा के विवाह समारोह में सम्मिलित हुए। इस मांगलिक अवसर पर मुख्यमंत्री श्री हेमन्त सोरेन एवं विधायक श्रीमती कल्पना सोरेन ने नव दंपति (वर-वधू) को सुखद, समृद्ध और खुशहाल दांपत्य जीवन के लिए अपना स्नेहिल आशीर्वाद तथा हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।

समारोह के दौरान मुख्यमंत्री श्री हेमन्त सोरेन ने श्री विपिन रजक एवं उनके परिजनों से आत्मीय मुलाकात कर अपनी मंगलकामनाएं व्यक्त कीं और इस पारिवारिक खुशी में शामिल होकर प्रसन्नता जाहिर की। इस अवसर पर कई गणमान्य अतिथि एवं उनके सगे-सम्बन्धी उपस्थित थे।

===========================

#Team PRD(CMO)

*रांची: स्थापना दिवस पखवाड़ा में पंचायत से प्रमंडल तक भव्य आयोजन, 1023 बकरियों का टीकाकरण, पारंपरिक खेलों में 600 खिलाड़ियों ने लिया भाग

झारखंड राज्य के 26वें स्थापना दिवस के वर्षगांठ के अवसर पर आयोजित पखवाड़ा कार्यक्रम के अंतर्गत आज राँची जिले में पंचायत स्तर से लेकर प्रमंडल स्तर तक सांस्कृतिक कार्यक्रम, पशु स्वास्थ्य शिविर, रबी कार्यशाला, आजीविका संवर्धन गतिविधियाँ, पारंपरिक खेल प्रतियोगिताएँ, स्वच्छता अभियान, सड़क सुरक्षा जागरूकता तथा पोषण संबंधी कार्यक्रमों का भव्य आयोजन किया गया। पंचायती राज विभाग, झारखंड स्टेट लाइवलीहुड प्रमोशन सोसाइटी (पलाश-JSLPS), कृषि विभाग, खेल विभाग एवं अन्य विभागों के संयुक्त प्रयासों से ग्रामीणों, महिलाओं, किसानों एवं युवाओं को जागरूक एवं सशक्त बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाए गए।

पंचायत स्तर पर नुक्कड़ नाटक, लोकगीत, लोकनृत्य एवं पारंपरिक कलाओं का रंगारंग आयोजन

पंचायती राज विभाग, झारखंड, रांची द्वारा दिए गए दिशा-निर्देशों के आलोक में जिले की सभी पंचायतों में नुक्कड़ नाटक, लोकगीत, लोकनृत्य एवं पारंपरिक कलाओं पर आधारित कार्यक्रम आयोजित किए गए। मुखियाओं के नेतृत्व में कलाकारों ने शानदार प्रस्तुतियाँ दीं। इन कार्यक्रमों के माध्यम से सामाजिक एवं जनहित के विषयों पर जागरूकता फैलाई गई तथा समाज में सकारात्मक बदलाव की प्रेरणा दी गई। सभी पंचायतों में मुखिया, कार्यकारिणी सदस्य, पारंपरिक प्रधान, पंचायत सचिव, मोबिलाइजर, सहायक एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे। इस अवसर पर ग्रामीणों को स्वच्छता संकल्प भी दिलाया गया।

प्रखंड स्तर पर पशु स्वास्थ्य, पशुपालन एवं रबी कार्यशालाएँ आयोजित

प्रखंड स्तर पर पशु स्वास्थ्य एवं पशुपालन कार्यशालाओं के साथ-साथ रबी फसलों संबंधी कार्यशालाएँ भी आयोजित की गईं। ग्रामीणों को पशुओं के स्वास्थ्य संरक्षण, रबी फसलों की उन्नत देखभाल, पर्यावरण एवं परंपरा संरक्षण के संदेश दिए गए तथा संकल्प कराए गए।

पलाश-JSLPS द्वारा आजीविका संवर्धन, महिला सशक्तिकरण एवं सामुदायिक विकास गतिविधियाँ आयोजित

झारखंड स्टेट लाइवलीहुड प्रमोशन सोसाइटी (JSLPS), राँची द्वारा जिले के विभिन्न प्रखंडों में ग्रामीण आजीविका को बढ़ावा देने, महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने तथा सामुदायिक संस्थाओं को मजबूत करने के उद्देश्य से कई गतिविधियाँ आयोजित की गईं:

- स्वैच्छिक रक्तदान शिविर: सभी प्रखंडों में रक्तदान शिविरों का आयोजन किया गया, जिनमें JSLPS कर्मियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

- SAY परियोजना के अंतर्गत सम्मान समारोह एवं किचन गार्डन किट वितरण: राहे प्रखंड में प्रखंड स्तरीय सम्मान समारोह आयोजित कर चयनित दीदियों को किचन गार्डन किट वितरित किए गए, ताकि पोषण वाटिका विकसित हो और परिवारों को ताजी सब्जियाँ उपलब्ध हों।

- हनी वैल्यू चेन परियोजना: नगड़ी प्रखंड के कूदलोंग, नारो एवं लालगुटवा गाँवों में 7 स्वयं सहायता समूह की महिलाओं से शेयर कैपिटल की राशि जमा कराई गई।

- बकरियों का डीवर्मिंग एवं टीकाकरण: विभिन्न प्रखंडों में कुल 1,023 बकरियों का टीकाकरण किया गया, जिससे पशु स्वास्थ्य एवं उत्पादकता में सुधार होगा।

- वित्तीय अभिलेख संधारण शिविर: कुल 82 SHG कट-ऑफ एवं 26 ग्राम संगठन (VO) ट्रांजैक्शन संबंधी विशेष शिविर आयोजित कर वित्तीय प्रबंधन को सुदृढ़ किया गया।

ये गतिविधियाँ ग्रामीण महिलाओं की आर्थिक भागीदारी, पोषण सुरक्षा एवं सतत आजीविका को प्रोत्साहित करने की JSLPS की प्रतिबद्धता को दर्शाती हैं।

दक्षिणी छोटानागपुर प्रमंडल स्तरीय पारंपरिक खेल प्रतियोगिताओं का भव्य उद्घाटन

बिरसा मुंडा फुटबॉल स्टेडियम, मोरहाबादी में दक्षिणी छोटानागपुर प्रमंडल स्तरीय पारंपरिक खेल प्रतियोगिताओं का रंगारंग उद्घाटन किया गया। रांची के उप विकास आयुक्त श्री संजय भगत ने दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का उद्घाटन किया। प्रतियोगिता में तीरंदाजी, गुलेल, सिकोरा, भारा दौड़, फुटबॉल, वॉलीबॉल एवं हॉकी शामिल थीं। खूंटी, सिमडेगा, गुमला, लोहरदगा एवं रांची जिलों के लगभग 600 खिलाड़ियों ने भाग लिया। चयनित खिलाड़ी राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में प्रमंडल का प्रतिनिधित्व करेंगे।

इस अवसर पर अनुमंडलीय पदाधिकारी श्री कुमार रजत, प्रशिक्षु आईएएस सुश्री आस्था रंजन, एडीएम (लॉ एंड ऑर्डर) श्री धनंजय, उपनिदेशक खेल निदेशालय श्री निर्भय कुमार, उपसचिव श्री जयप्रकाश करमाली, डॉ. भावना अम्बष्ठा, डॉ. ऋतुराज तथा अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे। जिला खेल पदाधिकारी श्री शिवेन्द्र कुमार ने स्वागत भाषण दिया तथा वरीय प्रशिक्षक श्री अजय झा ने मंच का संचालन किया। अतिथियों ने स्वयं तीरंदाजी, गुलेल, गेड़ी दौड़, मटका दौड़, भारा दौड़ एवं फुटबॉल किक लगाकर प्रतियोगिता का शुभारंभ किया। धन्यवाद ज्ञापन जिला खेल समन्वयक श्री आशीष बनर्जी ने किया।

जोन्हा जलप्रपात पर स्वच्छता पखवाड़ा

रांची जिलांतर्गत जोन्हा जलप्रपात में पर्यटक मित्रों द्वारा झारखंड राज्य स्थापना दिवस 2026 के तहत स्वच्छता पखवाड़ा कार्यक्रम का आयोजन किया गया।

प्रखंड स्तरीय रबी कार्यशाला सह खेत बचाओ अभियान-2026

कृषि विभाग, कृषि विज्ञान केंद्र एवं आत्मा के तत्वावधान में कई प्रखंडों में रबी कार्यशाला सह खेत बचाओ अभियान आयोजित किए गए।

- बेड़ो प्रखंड: प्रखंड मुख्यालय सभागार में 200 से अधिक किसानों ने भाग लिया। बीटीएम एवं कृषि वैज्ञानिक द्वारा योजनाओं, संतुलित उर्वरक, जैविक खेती, हरी खाद, जीवामृत-बीजामृत आदि की जानकारी दी गई।

- मांडर प्रखंड: किसान भवन में 325 किसानों की उपस्थिति में कार्यशाला हुई। JSLPS प्रतिनिधि, बीपीएम एवं कृषि पदाधिकारी उपस्थित रहे।

- बुढ़मू प्रखंड: कृषि विज्ञान केंद्र एवं आत्मा के संयुक्त तत्वावधान में आयोजन। डॉ. भरत महतो ने पशुपालन से आय दोगुनी करने पर जोर दिया। आत्मा निर्भर पल्सेज, नेशनल मिशन ऑन ऑयलसीड, फसल बीमा, प्रधानमंत्री कुसुम, सूक्ष्म सिंचाई योजना आदि की जानकारी दी गई। मसूर की उन्नत किस्म ‘IPL 220’ के बीज वितरित किए गए।

- ईटकी प्रखंड: प्रखंड सभागार में 200 किसानों ने भाग लिया। विधायक प्रतिनिधि, प्रखंड प्रमुख, प्रखंड विकास पदाधिकारी, उप परियोजना निदेशक आत्मा एवं कृषि वैज्ञानिक उपस्थित रहे।

सभी कार्यशालाओं में किसानों को आधुनिक वैज्ञानिक तकनीक, जैविक-प्राकृतिक खेती, मृदा स्वास्थ्य, कीट-रोग प्रबंधन एवं सामूहिक प्रयास का संदेश दिया गया।

सड़क सुरक्षा जागरूकता अभियान एवं सेमिनार

कोकर स्थित राम लखन सिंह यादव कॉलेज में सड़क सुरक्षा परिवहन विभाग, रांची एवं ‘रिलेशंस’ के संयुक्त तत्वावधान में एक दिवसीय सड़क सुरक्षा जागरूकता अभियान सह सेमिनार का आयोजन किया गया।

जिला परिवहन पदाधिकारी, श्री अखिलेश कुमार मुख्य अतिथि रहे। एनसीसी कैडेट्स एवं विद्यार्थियों ने जागरूकता रैली निकाली। अतिथियों ने हेलमेट एवं सीट बेल्ट को जीवन रक्षक कवच बताया।

नगड़ी प्रखंड के देवरी पंचायत में पोषण पखवाड़ा एवं स्वच्छता शपथ

प्रखंड नगड़ी के देवरी पंचायत में पोषण पखवाड़ा, सांस्कृतिक कार्यक्रम, स्वच्छता पर चर्चा एवं स्वच्छता शपथ का आयोजन किया गया।

झारखंड स्थापना दिवस पखवाड़े के अंतर्गत आयोजित इन सभी कार्यक्रमों से सांस्कृतिक संरक्षण, आजीविका सशक्तिकरण, कृषि जागरूकता, खेल भावना, स्वास्थ्य, पोषण एवं स्वच्छता के प्रति जन-जागरण का सशक्त संदेश गया है। ये गतिविधियाँ ग्रामीण विकास एवं सामुदायिक सशक्तिकरण की दिशा में राँची जिले की प्रतिबद्धता को दर्शाती हैं।

*रांची: विशेष सत्र से पहले CM हेमंत सोरेन की वर्चुअल बैठक, MMDR और SIR पर विपक्ष को घेरने की बनी रणनीति

रांची: झारखंड की राजनीति में आगामी 25 और 26 नवंबर 2026 को होने वाले दो दिवसीय विशेष विधानसभा सत्र को लेकर हलचल तेज हो गई है। इस महत्वपूर्ण सत्र से ठीक पहले मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने आज कांके रोड स्थित मुख्यमंत्री आवास से सत्ता पक्ष के सभी मंत्रियों और विधायकों के साथ एक उच्च-स्तरीय वर्चुअल बैठक की। इस बैठक का मुख्य केंद्र आगामी विशेष सत्र के दौरान एमएमडीआर (MMDR) और एसआईआर (SIR) जैसे संवेदनशील व अहम मुद्दों पर सरकार का पक्ष मजबूती से रखने की रणनीति तैयार करना रहा।

बैठक की प्रमुख बातें और राजनीतिक रणनीति:-

▪️एसआईआर में गड़बड़ियों पर आक्रामक रुख: बैठक में एसआईआर (SIR) की प्रक्रिया में हो रही कथित गड़बड़ियों को सदन के पटल पर प्रमुखता से उठाने पर विस्तृत मंथन हुआ। सत्ता पक्ष इस मुद्दे को जनता के अधिकारों से जोड़कर सदन में रखने की तैयारी में है।

▪️विपक्ष को करारा जवाब देने की तैयारी: विशेष सत्र के दौरान विपक्ष के संभावित हमलों और सवालों की काट के लिए सत्ता पक्ष ने पूरी घेराबंदी कर ली है। मुख्यमंत्री ने सभी मंत्रियों और विधायकों को स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि वे तथ्यों और पूरी तैयारी के साथ सदन में मौजूद रहें ताकि विपक्ष के हर सवाल का पुरजोर और सटीक जवाब दिया जा सके।

▪️ विधायकों ने साझा की जमीनी भावनाएं: वर्चुअल संवाद के दौरान सत्ता पक्ष के विधायकों ने एमएमडीआर और एसआईआर के मुद्दे पर अपने-अपने क्षेत्रों की स्थिति और भावनाओं से मुख्यमंत्री को अवगत कराया। विधायकों की राय के आधार पर ही सदन के भीतर फ्लोर मैनेजमेंट और बहस की रूपरेखा को अंतिम रूप दिया गया।

▪️विशेष विधानसभा सत्र में एक बार फिर 'जल, जंगल और जमीन' के साथ-साथ खनिज संपदा पर राज्य के अधिकार का मुद्दा प्रमुख रूप से उठने वाला है। केंद्र सरकार द्वारा लाए गए खान एवं खनिज (विकास एवं विनियमन) संशोधन अधिनियम, 2026 (MMDR Amendment Act) के खिलाफ झारखंड का सत्ताधारी गठबंधन (जेएमएम, कांग्रेस, राजद और वाम दल) पूरी तरह से लामबंद हो गए हैं। आगामी 25 और 26 नवंबर को बुलाए गए झारखंड विधानसभा के दो दिवसीय विशेष सत्र में सत्ता पक्ष इस कानून के खिलाफ खुलकर अपनी नाराजगी दर्ज कराने की तैयारी में है।

मुख्यमंत्री के समक्ष विधायकों ने रखी अपनी बात

विशेष सत्र की रणनीति को अंतिम रूप देने के लिए मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की अध्यक्षता में सत्ताधारी गठबंधन के मंत्री एवं विधायकों की एक महत्वपूर्ण बैठक हुई। इस बैठक में जेएमएम और कांग्रेस के विधायकों ने मुख्यमंत्री के समक्ष अपनी भावनाएं और चिंताएं स्पष्ट रूप से रखीं। विधायकों का मानना है कि केंद्र का नया एमएमडीआर कानून झारखंड के संवैधानिक और वित्तीय हितों पर सीधा प्रहार है। बैठक में इस बात पर जोर दिया गया कि झारखंड की खनिज संपदा पर पहला अधिकार यहां के निवासियों और राज्य सरकार का है, और किसी भी ऐसे संशोधन को स्वीकार नहीं किया जाएगा जो राज्य के राजस्व को नुकसान पहुंचाता हो।

सत्ताधारी दलों की मुख्य आपत्ति एमएमडीआर संशोधन अधिनियम के उन प्रावधानों को लेकर है, जो खनिज युक्त भूमि पर उपकर (सेस) लगाने के राज्य के अधिकार को सीमित कर सकते हैं। सरकार को आशंका है कि इस नए कानूनी ढांचे से राज्य के खजाने पर भारी असर पड़ेगा, जिससे झारखंड में चल रही जनकल्याणकारी और विकास योजनाएं प्रभावित हो सकती हैं। झारखंड में सत्ताधारी दल का स्पष्ट रुख है कि "जमीन, राज्य और खनिज हमारे हैं, इसलिए इन पर टैक्स या सेस लगाने का अधिकार भी राज्य के पास ही सुरक्षित रहना चाहिए।"

बैठक में उपस्थित झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के प्रभारी के. राजू ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के समक्ष एमएमडीआर एवं एसआईआर दोनों विषयों पर गंभीर चिंताएं व्यक्त की हैं। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा है कि केंद्र सरकार द्वारा एमएमडीआर बिल को बिना पर्याप्त विचार-विमर्श के आनन-फानन में लाया गया है, जो झारखंड जैसे खनिज उत्पादक राज्यों के हितों के लिए अत्यंत घातक है। के. राजू के अनुसार, इस संशोधन के जरिए राज्यों द्वारा खनिज अधिकारों और खनिज-धारित भूमि पर अतिरिक्त टैक्स या सेस (उपकर) लगाने की शक्तियों पर केंद्रीय शर्तों के तहत प्रतिबंध लगा दिया गया है। उन्होंने कहा कि इस कानून से राज्य के खजाने को सालाना हजारों करोड़ रुपये सीधा राजस्व नुकसान हो सकता है। खनिज राजस्व में कमी आने से राज्य की महत्वाकांक्षी जनकल्याणकारी योजनाओं के संचालन पर सीधा वित्तीय दबाव पड़ेगा। एमएमडीआर के साथ-साथ के. राजू ने राज्य में चल रही मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) की प्रक्रिया को लेकर भी अपनी चिंता साझा की है। उन्होंने कहा कि इस प्रक्रिया के तहत बड़ी संख्या में मतदाताओं को नोटिस जारी किए गए हैं और कई मामलों की सुनवाई अभी लंबित है। जल्दबाजी में की जा रही इस प्रक्रिया से आम नागरिकों और विशेषकर वंचित व आदिवासी वर्गों के मताधिकार प्रभावित होने का खतरा है, जिसके लिए समय-सीमा बढ़ाने और प्रक्रिया को पारदर्शी बनाने की मांग की गई है।

विशेष सत्र से ठीक पहले मुख्यमंत्री द्वारा बुलाई गई यह बैठक न केवल सत्ता पक्ष की एकजुटता दिखाने का प्रयास है, बल्कि यह संकेत भी है कि सरकार एमएमडीआर और एसआईआर के मुद्दे पर बैकफुट के बजाय फ्रंटफुट पर खेलकर विपक्ष को घेरने की रणनीति पर काम कर रही है।

भारत एशिया में तीसरा सबसे ताकतवर देश, एशिया पावर इंडेक्स में इन दो देशों के दी बड़ी टक्कर

#asiapowerindex2026india_rank

दुनिया में भारत का दबदबा बढ़ रहा है। लोवी इंस्टीट्यूट के 'एशिया पावर इंडेक्स' के अनुसार, भारत ने एशिया के सबसे शक्तिशाली देशों में अपनी स्थिति मजबूत कर ली है। एशिया पावर इंडेक्स 2026 में भारत तीसरे नंबर पर पहुंच गया है। अब भारत से आगे केवल अमेरिका और चीन ही हैं। इस तरह एशिया पावर इंडेक्स में अमेरिका और चीन को भारत से कड़ी टक्कर मिल रही है।

भारत का पावर स्कोर बढ़कर 40.5 अंक पहुंचा

ऑस्ट्रेलिया के थिंक टैंक लोवी इंस्टीट्यूट के एशिया पावर इंडेक्स 2026 में भारत का कुल पावर स्कोर बढ़कर 40.5 अंक हो गया है। रिपोर्ट के मुताबिक, 2026 में भारत का क्षेत्रीय प्रभाव बढ़ा है। इसमें कूटनीतिक स्थिति, रक्षा सहयोग, सांस्कृतिक पहुंच और भविष्य के संसाधनों में सुधार का योगदान रहा। लिस्ट में अमेरिका पहले और चीन दूसरे नंबर पर है। खास बात यह है कि भारत और चीन के बीच ताकत का अंतर 2018 के बाद सबसे कम स्तर पर पहुंच गया।

कूटनीतिक प्रभाव सबसे मजबूत

रिपोर्ट ने कहा गया कि 2026 में भारत की अर्थव्यवस्था और कूटनीति के नतीजे मिले-जुले रहे, लेकिन एशिया में उसका प्रभाव बढ़ा। कूटनीतिक प्रभाव भारत का सबसे मजबूत क्षेत्र बना रहा। इस श्रेणी में भारत को 70.3 अंक मिले। रिपोर्ट के मुताबिक, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के क्षेत्रीय नेतृत्व के आकलन में बड़ा सुधार हुआ। वह तीन स्थान ऊपर पहुंचे और चीनी राष्ट्रपति शी जिनपिंग के बाद दूसरे सबसे प्रभावी क्षेत्रीय नेता बने। भारत ने अपने आर्थिक रिश्तों में भी सुधार किया। वह इस श्रेणी में दो स्थान ऊपर उठकर सातवें स्थान पर पहुंचा। क्षेत्रीय व्यापार और निवेश संबंधों में अपेक्षाकृत स्थिरता से भारत को फायदा हुआ। इससे उसने कई अन्य देशों से बेहतर प्रदर्शन किया।

भारत की आर्थिक क्षमता में गिरवाट का दावा

रिपोर्ट में आर्थिक क्षमता में गिरावट का दावा किया गया है। भारत की आर्थिक क्षमता का स्कोर घटकर 26.4 अंक हुआ। भारत की आर्थिक क्षमता में गिरावट की वजह कमजोर रुपए और अर्थव्यवस्थाओं को मापने की इंटरनेशनल मॉनेटरी फंड की बदली पद्धति को बताया। भारत के विदेशों में निवेश में करीब 20 अरब डॉलर की कमी का भी उसके प्रदर्शन पर असर पड़ा। इसके बावजूद, भारत के भविष्य के संसाधनों का स्कोर बढ़कर 56.2 अंक हो गया।

कल्चरल इन्फ्लुएंस का स्कोर बढ़ा

देश के 'सांस्कृतिक प्रभाव' (कल्चरल इन्फ्लुएंस) का स्कोर बढ़कर 43.8 अंक हो गया है। इसमें सांस्कृतिक प्रसार, सूचनाओं के प्रवाह और लोगों के आपसी आदान-प्रदान जैसे क्षेत्रों में सुधार देखने को मिला है। रिपोर्ट के अनुसार, इन सुधारों की मदद से भारत ने 2023 के बाद पहली बार अपने 'उपलब्ध संसाधनों' और 'एशिया में अपने प्रभाव' के बीच के अंतर को कम किया है। 'भविष्य के संसाधनों' के स्कोर में हुए सुधार को देखते हुए, यह कहा जा सकता है कि भारत एशिया में अपने बढ़ते प्रभाव को आगे भी बनाए रख सकता है।

131 पैमानों के आधार पर 27 देशों की रैंकिग

लोवी इंस्टीट्यूट ऑस्ट्रेलिया के सिडनी में स्थित एक स्वतंत्र और गैर-दलीय अंतरराष्ट्रीय मामलों का थिंक टैंक है। इसकी स्थापना 2003 में ऑस्ट्रेलियाई कारोबारी सर फ्रैंक लोवी ने की थी। यह संस्थान दुनिया की राजनीति, विदेश नीति, सुरक्षा, अर्थव्यवस्था और अलग-अलग देशों के आपसी रिश्तों पर रिसर्च करता है। इसके लिए 131 पैमानों के आधार पर 27 देशों और क्षेत्रों को रैंक करता है। अंतरराष्ट्रीय मामलों और एशिया-प्रशांत क्षेत्र की रणनीतिक स्थिति पर इसकी रिपोर्ट और विश्लेषण को दुनिया भर में महत्व दिया जाता है। संस्थान की एशिया पावर इंडेक्स रिपोर्ट 2018 से जारी हो रही है।

पीएम मोदी और नेपाली प्रधानमंत्री बालेन शाह की मुलाकात आज, इन मुद्दों पर होगी बातचीत

#nepalpmbalenshahfirstindiavisitmodimeeting

i

नेपाल के प्रधानमंत्री बालेन शाह रविवार 22 नवंबर से 2 दिन की भारत यात्रा पर हैं। पीएम बनने के बाद शाह की ये पहली विदेश यात्रा है। सोमवार यानी आज 23 नवंबर को बालेन शाह की मुलाकात पीएम नरेन्द्र मोदी से होगी। उनके पूर्ववर्ती केपी शर्मा ओली पुरानी अघोषित परंपरा तोड़ते हुए अपनी पहली आधिकारिक विदेश यात्रा पर चीन गए थे। इस लिहाज से बालेन का भारत आना काफी महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

पहली बार आमने-सामने होंगे शाह-मोदी

दोनों देश के पीएम पहली बार मुलाकात करेंगे। इस अहम बैठक का मुख्य केंद्र दोनों देशों के बीच ऊर्जा, जलविद्युत, रेलवे, सीमा पार कनेक्टिविटी और बुनियादी ढांचा परियोजनाओं में सहयोग को मजबूत करना है। वार्ता के बाद दोनों नेता नेपाल में कई विकास परियोजनाओं का वर्चुअल उद्घाटन करेंगे और विभिन्न दूरगामी द्विपक्षीय दस्तावेजों का आदान-प्रदान करेंगे। इसके अलावा अयोध्या और जनकपुर धाम के बीच नई यात्री ट्रेन सेवा शुरू करने तथा रक्सौल-काठमांडू रेल संपर्क पर भी चर्चा होने की उम्मीद है। भारत नेपाल का सबसे बड़ा व्यापार, पारगमन और निवेश साझेदार है।

कई अहम समझौतों पर होगा हस्ताक्षर

नेपाल के विदेश मंत्रालय के अनुसार, दोनों पक्ष ऊर्जा सहयोग से जुड़ी विभिन्न परियोजनाओं के उद्घाटन और नयी परियोजनाओं की आधारशिला रखने पर भी चर्चा करेंगे। मंत्रालय ने बताया कि यात्रा के दौरान शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि, अंतरिक्ष, आपदा प्रबंधन और मानव संसाधन विकास से जुड़े कई समझौता ज्ञापनों (एमओयू) का आदान-प्रदान भी होने की उम्मीद है।

भारत-नेपाल रिश्तों को मिलेगी नई रफ्तार

जानकारों का कहना है कि सोमवार को शाह और मोदी के बीच होने वाली मुलाकात से आने वाले वर्षों में दोनों देशों के रिश्तों में बड़े सुधार के लिए राजनीतिक दिशा मिलने की उम्मीद है। भारत और नेपाल के बीच लंबे समय से चले आ रहे सीमा विवाद को सुलझाने के लिए चीन और ब्रिटेन को शामिल करने संबंधी शाह की टिप्पणियों के बाद द्विपक्षीय संबंधों में कुछ असहजता आई थी।