राधे-राधे तो शुरुआत है, सपा के लिए अब राम नाम सत्य का समय: योगी

- लखनऊ में टीवी मीडिया समूह को दिए साक्षात्कार में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने विपक्ष पर साधा निशाना, गिनाईं उपलब्धियां

 - अयोध्या जा रहे अखिलेश रामभक्तों से मांगें माफी, दो नावों की सवारी करने वाले डूबते हैं: मुख्यमंत्री

 - सपा का पीडीए परिवार डेवलपमेंट अथॉरिटी, सपा-कांग्रेस गठबंधन चुनाव से पहले ही विफल: योगी

 - घुसपैठियों को अपना मानती है सपा, मतदाता सूची में केवल पात्र भारतीय नागरिकों के नाम हों: मुख्यमंत्री

 - कट्टा-बम की फैक्ट्रियों से ब्रह्मोस निर्माण तक बदली प्रदेश की तस्वीर, 50 लाख करोड़ के निवेश प्रस्ताव

 - बेटियों और व्यापारियों की सुरक्षा से खिलवाड़ करने वालों के लिए जेल या जहन्नुम: मुख्यमंत्री योगी

लखनऊ, 25 नवंबर। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने समाजवादी पार्टी पर कटाक्ष करते हुए कहा कि राधे-राधे तो शुरुआत है, सपा के लिए अब राम नाम सत्य का समय आ रहा है। मथुरा में राधे-राधे, अयोध्या में जय श्रीराम और काशी में हर-हर महादेव आस्था के अनुरूप अभिवादन हैं। विदाई में राम नाम सत्य कहा जाता है। अखिलेश यादव के अयोध्या जाने पर उन्होंने कहा कि दो नावों की सवारी करने वाले डूबते हैं। यदि नब्बे के दशक में सपा नेतृत्व को सद्बुद्धि आई होती तो रामभक्तों पर गोलियां नहीं चलतीं। अब उन्हें रामभक्तों और हिंदुओं से माफी मांगनी चाहिए। मुख्यमंत्री बुधवार को एक टीवी मीडिया समूह को दिए साक्षात्कार में बोल रहे थे।

 - पीडीए का अर्थ परिवार डेवलपमेंट अथॉरिटी

मुख्यमंत्री ने सपा के पीडीए को परिवार डेवलपमेंट अथॉरिटी बताते हुए कहा कि उसकी राजनीति परिवार तक सीमित है। भाजपा का मतदाता प्रत्येक राष्ट्रवादी नागरिक है, जो संविधान और विरासत का सम्मान करता है। उनकी किसी से व्यक्तिगत लड़ाई नहीं है। देश और समाज के सामने चुनौती आने पर उसका सामना करना संन्यासी का दायित्व है।

 - चुनाव से पहले ही विफल गठबंधन

मुख्यमंत्री ने कहा कि सपा-कांग्रेस गठबंधन चुनाव से पहले ही विफल हो चुका है। एक ओर बैठकें चल रही हैं, दूसरी ओर प्रत्याशी घोषित हो रहे हैं। उन्होंने तंज कसा कि दोनों दलों ने प्याज भी खाया और जूता भी। भाजपा और एनडीए के सहयोगी मिलकर चुनाव लड़ेंगे। प्रत्याशियों का चयन पार्टी की निर्धारित प्रक्रिया से होगा।

 - घुसपैठ और मतदाता सूची पर उठाए सवाल

मुख्यमंत्री ने आरोप लगाया कि सपा विदेशी घुसपैठियों को अपना मानती है, जबकि भारतीय नागरिकों पर सवाल उठाती है। उन्होंने कहा कि वह 1992 से गोरखपुर में रह रहे हैं। उत्तराखंड की देवभूमि और सीमा सुरक्षा में वहां के जवानों का योगदान सम्माननीय है। विशेष गहन पुनरीक्षण यानी एसआईआर को उन्होंने मतदाता सूची शुद्ध करने की प्रक्रिया बताया। मृतकों और स्थान बदल चुके मतदाताओं के नाम हटाए जाने चाहिए। प्रत्येक पात्र भारतीय का नाम सूची में रहे, लेकिन विदेशी नागरिक को मताधिकार नहीं मिल सकता। उन्होंने कांग्रेस और सपा पर संवैधानिक संस्थाओं पर सवाल उठाने का आरोप लगाया।

 - बीमारू राज्य से ग्रोथ इंजन बना यूपी

मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्ष 2017 से पहले प्रदेश में गुंडागर्दी, दंगे और अव्यवस्था थी। अब विकास योजनाएं अंतिम व्यक्ति तक पहुंच रही हैं। प्रदेश की अर्थव्यवस्था, प्रति व्यक्ति आय और बजट तीन गुना से अधिक बढ़े हैं। देश के एक्सप्रेसवे नेटवर्क में यूपी की हिस्सेदारी 60 प्रतिशत है। पहले दो एयरपोर्ट क्रियाशील थे, अब 17 संचालित हैं, जिनमें पांच अंतरराष्ट्रीय हैं। सात शहरों में मेट्रो चल रही है।

 - अब कट्टा-बम नहीं, ब्रह्मोस का निर्माण

मुख्यमंत्री ने कहा कि पिछली सरकारों में माफिया पनपे और कट्टा-बम की फैक्ट्रियां चलती थीं। अब प्रदेश में रिवॉल्वर, राइफल और ब्रह्मोस मिसाइल का निर्माण हो रहा है। निवेश के लिए 36 सेक्टोरल नीतियां बनी हैं और 50 लाख करोड़ रुपये के प्रस्ताव मिले हैं। नोएडा, ग्रेटर नोएडा तथा यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र में एयरपोर्ट, सेमीकंडक्टर इकाई, फिल्म सिटी, मेडिकल डिवाइस पार्क और डेटा सेंटर विकसित हो रहे हैं। देश के मोबाइल उत्पादन का 55 प्रतिशत और इलेक्ट्रॉनिक कंपोनेंट का 60 प्रतिशत यूपी में तैयार होता है। एमएसएमई और ओडीओपी से सवा तीन करोड़ लोगों को रोजगार मिल रहा है। नोएडा जाने से जुड़ा पुराना अंधविश्वास भी तोड़ा गया।

 - चार लाख खरीदारों को मिले आवास

मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्ष 2017 में चार लाख खरीदार मकान मिलने की प्रतीक्षा कर रहे थे। सरकार ने बिल्डरों और खरीदारों के बीच संवाद से समस्याएं सुलझाकर चार लाख लोगों को आवास दिलाए।

 - साढ़े दस लाख नियुक्ति पत्र देने का लक्ष्य

मुख्यमंत्री ने बताया कि अब तक पौने दस लाख युवाओं को सरकारी नियुक्ति पत्र दिए जा चुके हैं। आगामी 26 जनवरी तक साढ़े दस लाख नियुक्ति पत्र देने का लक्ष्य है। उन्होंने दावा किया कि सपा की चार सरकारों में हुई कुल नियुक्तियां भी वर्तमान सरकार की एक चौथाई नहीं थीं। कोरोना काल में ऑनलाइन पढ़ाई के लिए 25 दिसंबर 2021 को टैबलेट वितरण शुरू हुआ। पहले चरण में 60 लाख युवाओं को टैबलेट मिले। दूसरे चरण में 25 लाख का लक्ष्य है, जिनमें एक लाख से अधिक वितरित हो चुके हैं। युवाओं को एआई, ड्रोन, रोबोटिक्स और सेमीकंडक्टर जैसी तकनीकों में प्रशिक्षण दिया जा रहा है।

 - सुरक्षा से खिलवाड़ पर जेल या जहन्नुम

मुख्यमंत्री ने कहा कि बेटियों, व्यापारियों, निवेशकों और राह चलती महिलाओं की ओर गलत निगाह डालने वालों के लिए दो ही जगह हैं, जेल या जहन्नुम। कानून को चुनौती देने वालों से कानून के अनुसार निपटा जाएगा।

- मोदी आदर्श, कमल ही चुनाव चिह्न

मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को सर्वमान्य नेता और अपना आदर्श बताया। स्वयं को पार्टी का सामान्य सिपाही बताते हुए कहा कि भविष्य में मिलने वाली जिम्मेदारी निभाएंगे। कमल का फूल पार्टी के लिए सब कुछ है और वह इसी चुनाव चिह्न पर लड़ेंगे। राहुल गांधी को लॉन्च होकर भी विफल रहने वाला रॉकेट बताया। भारत को विश्व की आध्यात्मिक शक्ति, यूपी को असीम संभावनाओं वाला प्रदेश और युवाओं को विकसित यूपी का सारथी बताया। बुलडोजर को यूपी की ताकत कहा।

- माता के निधन के बाद निभाया संन्यासी धर्म

मुख्यमंत्री ने माता के निधन के दिन अंतिम संस्कार से जुड़े संस्कार संपन्न कर हरिद्वार में प्रधानमंत्री मोदी की अगवानी और कार्यक्रम में भागीदारी का उल्लेख किया। भावुक होकर उन्होंने कहा कि यही संन्यासी धर्म है।

सपा की उम्मीदवारों की पहली लिस्ट पर ओम प्रकाश राजभर का तंज, बोले- 'बड़के भैया' को जवाब है या 'M' वाले इमरान भाई को

- 'ओवैसी-चंद्रशेखर की जोड़ी से घबराए अखिलेश', सपा की पहली लिस्ट पर मंत्री ओम प्रकाश राजभर का तीखा हमला

- अखिलेश में राजनीतिक समीकरण बचाने की दिख रही बेचैनी: मंत्री ओम प्रकाश राजभर

- पांच सीटों का ऐलान दिखाता है कि अखिलेश सभी 403 सीटों को लेकर घबराएं हुए हैं: राजभर

लखनऊ, 25 नवंबर। समाजवादी पार्टी की ओर से जारी उम्मीदवारों की पहली लिस्ट पर यूपी सरकार में मंत्री ओम प्रकाश राजभर ने तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस से गठबंधन अभी फाइनल नहीं हुआ और अखिलेश यादव ने जल्दबाजी में उम्मीदवार भी घोषित कर दिए। उन्होंने पूछा कि यह कांग्रेस के 'बड़के भैया' को जवाब है या 'एम' वाले इमरान भाई को। राजभर ने सोशल मीडिया पोस्ट में कहा कि अखिलेश यादव ओवैसी और चंद्रशेखर की जोड़ी देखकर इतना घबरा गए हैं कि उन्होंने पहली लिस्ट में पांच में से चार मुस्लिम उम्मीदवार घोषित कर दिए। 

राजभर ने कहा कि अखिलेश यादव एक तरफ कांग्रेस को 26 सीटों का संदेश दे रहे हैं, वहीं दूसरी तरफ कांग्रेस की पसंद वाली सीटों पर अपने उम्मीदवार घोषित कर रहे हैं। अखिलेश यादव में गठबंधन बचाने की चिंता और अपना राजनीतिक समीकरण बचाने की बेचैनी दोनों साफ दिख रहे हैं। राजभर ने कहा कि कांग्रेस को भी इस पर ध्यान देना चाहिए कि कैसे अखिलेश बातचीत के बीच एक-एक करके उसकी पसंद की सीटों पर अपने प्रत्याशी घोषित करते जा रहे हैं।

- 'ओवैसी-चंद्रशेखर की जोड़ी से घबराए अखिलेश'

ओम प्रकाश राजभर ने सपा की पहली सूची में मुस्लिम उम्मीदवारों की संख्या को लेकर भी अखिलेश पर निशाना साधा। राजभर ने सवाल उठाया कि ओवैसी और चंद्रशेखर की रैली से पहले चार मुस्लिम उम्मीदवारों की घोषणा संयोग है या मुस्लिम वोटों में सेंध लगने का डर। राजभर ने कहा कि अखिलेश ने टिकट तो पांच ही घोषित किए हैं, लेकिन उनकी घबराहट पूरी 403 सीटों वाली दिखाई दे रही है।

सीट बंटवारे से पहले सहारनपुर में सपा का दांव, इमरान मसूद नाराज

- अखिलेश यादव से पूछा- बीजेपी से लड़ना है या कांग्रेस से?



"यूपी में 2027 विधानसभा चुनाव से पहले सपा-कांग्रेस गठबंधन के बीच सीटों को लेकर खींचतान के संकेत मिलने लगे हैं। सीट बंटवारे पर बातचीत के बीच समाजवादी पार्टी की ओर से सहारनपुर की दो विधानसभा सीटों पर प्रत्याशियों के ऐलान ने कांग्रेस सांसद इमरान मसूद को नाराज कर दिया है। मसूद ने सपा के फैसले पर सवाल उठाते हुए साफ कहा कि पार्टी को तय करना होगा कि उसकी लड़ाई बीजेपी से है या कांग्रेस से।"

सहारनपुर। उत्तर प्रदेश में 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर समाजवादी पार्टी और कांग्रेस के बीच गठबंधन तथा सीटों के बंटवारे को लेकर बातचीत जारी है। इसी बीच समाजवादी पार्टी ने सहारनपुर की दो विधानसभा सीटों पर अपने मौजूदा विधायकों को दोबारा प्रत्याशी घोषित कर दिया। सपा के इस कदम से कांग्रेस सांसद इमरान मसूद नाराज नजर आए।

समाजवादी पार्टी ने बेहट विधानसभा सीट से विधायक उमर अली खान और सहारनपुर ग्रामीण सीट से विधायक आशु मलिक को प्रत्याशी घोषित किया है। दोनों सीटों पर फिलहाल समाजवादी पार्टी का कब्जा है। हालांकि, कांग्रेस की ओर से इन सीटों पर दावेदारी की चर्चा के बीच सपा के प्रत्याशियों की घोषणा ने गठबंधन की बातचीत को लेकर नए सवाल खड़े कर दिए हैं।

- इमरान मसूद ने सपा को दी दो टूक

सपा के इस फैसले पर प्रतिक्रिया देते हुए कांग्रेस सांसद इमरान मसूद ने नाराजगी जाहिर की। उन्होंने सपा से स्पष्ट तौर पर कहा कि उसे तय करना होगा कि वह बीजेपी से लड़ना चाहती है या कांग्रेस से।

मसूद ने कहा, 'सपा तय कर ले कि उसे बीजेपी से लड़ना है या मुझसे और कांग्रेस से। मैं अपनी पार्टी में बात करूंगा कि हमें क्या करना है।'

- जिन सीटों पर कांग्रेस की दावेदारी, वहीं सपा ने खोले पत्ते

सहारनपुर की जिन सीटों को लेकर कांग्रेस की ओर से दावेदारी की जा रही थी, उन्हीं सीटों पर समाजवादी पार्टी ने अपने प्रत्याशियों की घोषणा कर दी है। ऐसे में गठबंधन की बातचीत के बीच सपा का यह कदम कांग्रेस के लिए असहज स्थिति पैदा कर सकता है। एक तरफ दोनों दल गठबंधन की मेज पर सीटों के बंटवारे को लेकर बातचीत कर रहे हैं, वहीं दूसरी तरफ सपा की ओर से प्रत्याशियों के ऐलान ने सहयोगी दलों के बीच राजनीतिक संदेशों और रणनीति को लेकर चर्चा तेज कर दी है।

- 2027 से पहले गठबंधन में सीटों की खींचतान?

सहारनपुर से उठी नाराजगी अब सीट बंटवारे की बातचीत में भी असर डाल सकती है। सवाल यह है कि कांग्रेस इस फैसले पर क्या रुख अपनाएगी और क्या दोनों दल इन सीटों को लेकर सहमति बना पाएंगे? 2027 की चुनावी जंग से पहले सपा-कांग्रेस गठबंधन के भीतर सीटों को लेकर सियासी खींचतान के संकेत सामने आने लगे हैं। सहारनपुर का घटनाक्रम गठबंधन की आगे की बातचीत के लिए अहम माना जा सकता है।

अखिलेश का मन रोजा-इफ्तारी में ही लगता है, चुनाव के चलते मंदिर-गुरुद्वारा जाना पड़ रहाः राज्यसभा सांसद प्रकाश पाल

- भारत विरोधी है इंडी गठबंधन, सपा-कांग्रेस को जनता नकार चुकीः प्रकाश पाल

- अखिलेश राज में गुरुद्वारों पर मुस्लिमों ने किए कब्जेः बीजेपी के मुख्य प्रवक्ता दिनेश प्रताप सिंह

- अखिलेश जब सीएम थे, तब सिखों की जमीन पर खुलेआम कब्जा करते थे मुस्लिमः दिनेश प्रताप सिंह

लखनऊ, 24 नवंबर। भाजपा के राज्यसभा सांसद प्रकाश पाल ने सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि अखिलेश का मन केवल रोजा-इफ्तारी में लगता है। लेकिन चुनावी मजबूरी के चलते उन्हें गुरुद्वारे और मंदिर जाना पड़ रहा है। वहीं, भाजपा के मुख्य प्रवक्ता दिनेश प्रताप सिंह ने कहा कि अखिलेश सरकार में सिखों की जमीनों और गुरुद्वारों पर कब्जे किए जाते थे। उन्होंने सपा-कांग्रेस गठबंधन को लेकर भी अखिलेश पर निशाना साधा। 

प्रकाश पाल ने कहा कि अखिलेश का असली चेहरा सनातन विरोधी है। यूपी की जनता सपा को नकार चुकी है। लोग भूले नहीं है कि कैसे अखिलेश के राज में प्रदेश के दलितों, पिछड़ों और महिलाओं का शोषण हुआ। सपा-कांग्रेस के बीच सीट शेयरिंग को लेकर मचे बवाल पर निशाना साधते हुए बीजेपी नेता ने कहा कि इंडी गठबंधन भारत विरोधी है। इसका मकसद केवल देश को तोड़ना है। 

- 'अखिलेश राज में गुरुद्वारों पर किए गए कब्जे'

दिनेश प्रताप सिंह ने कहा कि जब अखिलेश यादव मुख्यमंत्री थे तब पश्चिमी उत्तर प्रदेश और तराई के इलाकों में सिखों का मुसलमानों ने शोषण किया। सहारनपुर में गुरुद्वारे पर मुस्लिमों ने कब्जा किया। 1984 के दंगे के न्याय को लेकर जब कानपुर में सिख सड़कों पर उतरे थे, तब भी अखिलेश यादव चुप रहे। बीजेपी प्रवक्ता ने सपा-कांग्रेस के गठबंधन को 'लठबंधन' बताते हुए तंज कसा। उन्होंने कहा कि इन दोनों दलों की जमीन पर कोई ताकत नहीं बची है। लेकिन मीटिंग-मीटिंग खेल रहे हैं और एक-दूसरे को ही नीचा दिखा रहे हैं।

26 सीट देकर सपा ने कांग्रेस को बताई उसकी सियासी हैसियत, मंत्री दानिश आजाद का इंडी गठबंधन पर तीखा हमला

- एक-दूसरे के कपड़े फाड़ने में जुटे हैं सपा-कांग्रेस, इंडी गठबंधन पर दानिश आजाद ने साधा निशाना

- सीटों के लिए सपा-कांग्रेस में खींचतान, विकास का कोई एजेंडा नहीं : दानिश आजाद अंसारी

लखनऊ, 24 नवंबर। उत्तर प्रदेश सरकार में मंत्री दानिश आजाद अंसारी ने सपा-कांग्रेस गठबंधन पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि दोनों दलों के बीच सीटों को लेकर घमासान मचा हुआ है, लेकिन प्रदेश के विकास और जनता के मुद्दों पर कोई चर्चा नहीं हो रही है। दानिश आजाद ने दावा किया कि यूपी की जनता 2027 में एक बार फिर प्रचंड बहुमत से NDA सरकार बनाएगी।

- 'सीटों की खींचतान में उलझे, विकास का एजेंडा गायब'

दानिश आजाद ने कहा कि सपा और कांग्रेस के बीच सीटों को लेकर इस कदर खींचतान है कि दोनों दल एक-दूसरे पर आरोप लगाने और छीछालेदर करने में जुटे हैं। सिर्फ 26 सीटें देकर सपा ने कांग्रेस को उसकी राजनीतिक हैसियत दिखा दी है। हकीकत यह है कि दोनों दलों के पैरों के नीचे जमीन नहीं बची है और दोनों घमंड में चूर हैं। उन्होंने दावा किया कि सपा और कांग्रेस का यूपी में कोई जनाधार नहीं है। 2027 में समाजवादी पार्टी का सूपड़ा साफ हो जाएगा।

- 'यूपी की जनता भूली नहीं है सपा का शासनकाल

दानिश आजाद ने कहा कि सपा-कांग्रेस ने संवैधानिक मर्यादा को तार-तार करने का काम किया है। यूपी की जनता भूली नहीं है कि सपा के शासनकाल में किस तरह प्रदेश में माफियाओं का आतंक था। महिलाएं और बेटियां तक सुरक्षित नहीं थी। यही कारण है कि प्रदेश की जनता ने सपा को सत्ता से बाहर कर दिया है।

सिख गुरुओं के त्याग और बलिदान से सुरक्षित है भारत की पहचान: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ

 - गुरु नानक देव जी के 557वें प्रकाश पर्व पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सिख गुरुओं के त्याग और बलिदान को किया नमन

 - बोले- सिख गुरुओं के प्रति श्रद्धा रहेगी तो दुनिया की कोई ताकत भारत का बाल बांका नहीं कर सकेगी

 - सच्ची आध्यात्मिकता पलायन नहीं, अन्याय और अत्याचार के विरुद्ध निर्भीक खड़े होना सिखाती है: मुख्यमंत्री

 - मुख्यमंत्री आवास से पड़ी वीर बाल दिवस की नींव, आज पूरा देश कर रहा चार साहिबजादों को नमन

 - गुरु नानक देव जी के 'एक ओंकार' और 'नाम जपो, कीरत करो, वंड छको' के संदेश को बताया मानवता का मार्गदर्शक

 - सिख समाज ने अंगवस्त्र, तलवार और चित्र भेंट कर किया सम्मान, दिवंगत माता जी के लिए अरदास का आह्वान

लखनऊ, 24 नवंबर। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि सिख गुरुओं के त्याग और बलिदान से भारत की पहचान सुरक्षित है। देश और धर्म की रक्षा के लिए सिख गुरुओं ने जो बलिदान दिया, वह भारतीय इतिहास की अमूल्य धरोहर है। उनकी परंपरा ने न केवल आस्था और संस्कृति की रक्षा की, बल्कि अन्याय और अत्याचार के विरुद्ध खड़े होने का साहस भी दिया। जब तक भारत सिख गुरुओं के प्रति श्रद्धा और सम्मान का भाव रखेगा, दुनिया की कोई भी ताकत भारत का बाल बांका नहीं कर सकेगी। मुख्यमंत्री मंगलवार को ऐशबाग रोड स्थित डीएवी पीजी कॉलेज मैदान में श्री गुरु नानक देव जी महाराज के 557वें प्रकाश पर्व पर आयोजित समारोह को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने प्रदेश सरकार और जनता की ओर से सिख समाज को प्रकाश पर्व की शुभकामनाएं दीं। अमृतसर के हेड ग्रंथी ज्ञानी केवल सिंह और सिख समाज के प्रतिनिधियों ने उन्हें अंगवस्त्र ओढ़ाकर तलवार तथा गुरु नानक देव जी का चित्र भेंट कर सम्मानित किया।

 - सच्ची आध्यात्मिकता अन्याय के विरुद्ध खड़े होने की प्रेरणा देती है

मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि गुरु नानक देव जी महाराज ने मानवता को जोड़ने और समाज को नई दिशा देने का कार्य किया। उन्होंने देशभर में यात्राएं कर 'एक ओंकार' का संदेश दिया। ईश्वर एक है और सभी मनुष्य उसकी संतान हैं। इसलिए प्रत्येक व्यक्ति समान सम्मान का अधिकारी है। मुख्यमंत्री ने कहा कि सच्ची आध्यात्मिकता पलायन नहीं सिखाती, बल्कि अन्याय और अत्याचार के विरुद्ध निर्भीक होकर खड़े होने की प्रेरणा देती है। सिख गुरुओं की परंपरा इसी साहस, त्याग और समर्पण का प्रतीक है।

 - नाम जपो, कीरत करो और वंड छको में समाहित है मानवता का संदेश

मुख्यमंत्री ने गुरु नानक देव जी के तीन प्रमुख सिद्धांतों 'नाम जपो, कीरत करो और वंड छको' का उल्लेख करते हुए कहा कि इनसे समाज को नई दिशा मिली। ईश्वर का स्मरण, ईमानदारी से परिश्रम और अपनी कमाई में दूसरों को भागीदार बनाना जीवन को सार्थक बनाता है। गुरुद्वारों में चलने वाली लंगर व्यवस्था इसका जीवंत उदाहरण है। यहां जाति, मत और मजहब का भेद किए बिना सभी लोग एक साथ पंगत में बैठकर भोजन करते हैं। यह समानता और सेवा की भावना भारतीय समाज की बड़ी शक्ति है।

 - मुख्यमंत्री आवास से पड़ी थी वीर बाल दिवस की नींव

मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि लखनऊ के गुरुद्वारों के सहयोग से मुख्यमंत्री आवास में 26 दिसंबर को वीर बाल दिवस मनाने की परंपरा शुरू हुई थी। सात वर्ष पूर्व गुरु नानक देव जी के 550वें प्रकाश पर्व के बाद से मुख्यमंत्री आवास में वीर बाल दिवस का आयोजन किया जाता है। आज पूरा देश गुरु गोबिंद सिंह जी के चार साहिबजादों के त्याग और बलिदान को नमन कर रहा है। उनका बलिदान युवा पीढ़ी को धर्म, राष्ट्र और मूल्यों की रक्षा के लिए समर्पित रहने की प्रेरणा देता है। मुख्यमंत्री ने कामना की कि लखनऊ के श्रद्धालुओं को ननकाना साहिब और करतारपुर साहिब में आयोजित धार्मिक कार्यक्रमों में शामिल होने का अवसर मिले।

 - कार्तिक पूर्णिमा पर तीर्थों में उमड़ा आस्था का सैलाब

मुख्यमंत्री ने कहा कि कार्तिक पूर्णिमा का दिन अत्यंत पवित्र है। सुबह चार बजे से वह प्रदेश के प्रमुख तीर्थस्थलों की जानकारी ले रहे हैं। मुजफ्फरनगर के शुकतीर्थ में लाखों श्रद्धालु गंगा स्नान कर रहे हैं। हापुड़ के गढ़मुक्तेश्वर और अमरोहा के तिगरी मेले में 15 लाख से अधिक श्रद्धालु स्नान कर चुके हैं। प्रयागराज, फर्रुखाबाद, अयोध्या और काशी में भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु पुण्य की डुबकी लगा रहे हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि इसी दिन काशी में देव दीपावली मनाई जाती है। मान्यता है कि भगवान शिव ने कार्तिक पूर्णिमा पर त्रिपुरासुर का वध कर धरती को आतंक से मुक्त किया था। इसी पावन अवसर पर गुरु नानक देव जी का प्रकाश पर्व आध्यात्मिक महत्व को और बढ़ाता है।

 - मुख्यमंत्री की दिवंगत माता जी के लिए अरदास का आह्वान

समारोह में राज्य मंत्री सरदार बलदेव सिंह औलख ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की दिवंगत माता जी को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए संगत से अरदास का आह्वान किया। उन्होंने मुख्य ग्रंथी से दिवंगत आत्मा को ईश्वर के श्रीचरणों में स्थान मिलने की प्रार्थना करने का आग्रह किया। साथ ही मुख्यमंत्री के परिवार की कुशलता और देश-प्रदेश की सेवा में उनके निरंतर समर्पण की कामना की।

 - मुख्यमंत्री ने सिख समाज को मुख्यधारा से जोड़ा: परविंदर सिंह

उत्तर प्रदेश अल्पसंख्यक आयोग के सदस्य सरदार परविंदर सिंह ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सिख समाज को मुख्यधारा से जोड़ने की दिशा में महत्वपूर्ण कार्य किया है। उनके प्रयासों से सिख समाज में एकजुटता बढ़ी है। उन्होंने मुख्यमंत्री के प्रति आभार व्यक्त किया।

 - कार्यक्रम में ये रहे मौजूद

समारोह में अमृतसर के हेड ग्रंथी ज्ञानी केवल सिंह, राज्य मंत्री सरदार बलदेव सिंह औलख, उत्तर प्रदेश अल्पसंख्यक आयोग के सदस्य सरदार परविंदर सिंह, गुरुद्वारा यहियागंज के मुख्य सेवादार डॉ. गुरमीत सिंह, गुरुद्वारा नाका हिंडोला के मुख्य सेवादार डॉ. अमरजोत सिंह, जनरल सेक्रेटरी सरदार मनमीत सिंह, उपाध्यक्ष सरदार हरमिंदर सिंह, सरदार सतबीर सिंह आनंद, सरदार राजू गांधी, सरदार सतनाम सिंह सेठी और पार्षद चरणजीत गांधी सहित बड़ी संख्या में सिख समाज के प्रतिनिधि एवं श्रद्धालु उपस्थित रहे।

दिल्ली में कांग्रेस नेताओं ने सपा को बताई उसकी हैसियत ', मंत्री ओम प्रकाश राजभर का अखिलेश पर निशाना
' *कांग्रेस समझ गई है यह आजम, अमर और शिवपाल वाली मजबूत सपा नहीं है: ओपी राजभर*
*'शिवपाल को नजरअंदाज करने का नतीजा भुगतेंगे अखिलेश', राजभर का सपा प्रमुख पर निशाना*
*इंडी गठबंधन के पास अब कोई वोट बैंक नहीं, भाईचारे का 'चारा' भी इस बार कहेगा खुदा हाफिज: राजभर*

लखनऊ, 24 नवंबर। उत्तर प्रदेश सरकार में मंत्री ओम प्रकाश राजभर ने समाजवादी पार्टी और कांग्रेस के बीच गठबंधन की कवायद को लेकर सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव पर तीखा निशाना साधा है। उन्होंने सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए कहा कि दिल्ली में कांग्रेस नेताओं के साथ हुई पहली बैठक में ही सपा को उसकी हैसियत बता दी गई। राजभर ने कहा कि कांग्रेस नेताओं ने महज 20 मिनट में चाय पिलाकर सपा नेताओं को सीटों के बंटवारे का पत्र थमा दिया और बराबर हिस्सेदारी की बात कहकर विदा कर दिया। उन्होंने कहा कि न प्रियंका गांधी ने दिलचस्पी दिखाई और न ही केसी वेणुगोपाल ने कोई रिस्पॉन्स दिया।
राजभर ने कहा कि कांग्रेस समझ गई है कि यह अमर सिंह, आजम खान और शिवपाल सिंह यादव वाली ताकतवर सपा नहीं है। अब पार्टी के पास एकमात्र 'लाइजनर चाचा' ही बचे हैं। उन्होंने  कहा कि सपा के जमीनी कार्यकर्ता भी हैरान हैं कि अखिलेश को उनके 'लाइजनर चाचा'  पिछले 10 साल से कौन सी पीएचडी करा रहे हैं, जिसे वह अब तक क्लियर नहीं कर पाए हैं। राजभर ने कहा कि कांग्रेस की नस-नस पहचानने वाले शिवपाल को नजरअंदाज करने का नतीजा यही होगा।
*शिवपाल के खेमे के 45 विधायकों का किया जिक्र*
राजभर ने अखिलेश को सलाह दी कि 'लाइजनर चाचा' के हसीन ख्वाबों वाली थीसिस पढ़ना छोड़कर शिवपाल सिंह यादव के अंडर में जमीनी राजनीति पर पीएचडी शुरू कर दें। उन्होंने कहा कि शिवपाल की संगत में रहने से अखिलेश दिल्ली में बैठे मतलबी दोस्तों के तीन-तिकड़म से बच सकते हैं। राजभर ने कहा कि कहीं अगला राजनीतिक धमाका शिवपाल सिंह यादव ही न कर दें। उन्होंने कहा कि सपा में माहौल ऐसा बना दिया गया है कि शिवपाल के खेमे के करीब 45 विधायक कभी भी पासा पलट सकते हैं।
*इंडी गठबंधन के पास कोई वोट बैंक नहीं*
राजभर ने इंडी गठबंधन पर भी निशाना साधते हुए कहा कि उसके पास अब कोई वोट बैंक नहीं बचा है। उन्होंने अखिलेश के एम-वाई समीकरण का जिक्र करते हुए कहा कि भाईचारे का 'चारा' भी इस बार खुदा हाफिज कहने के लिए तैयार बैठा है। राजभर ने कहा कि दिल्ली में बैठे कांग्रेस के नेता भी इसी मौके के इंतजार में हैं।
उप्र : विधानसभा चुनाव से पहले बीजेपी का जनप्रतिनिधियों को टास्क

- अपने-अपने निर्वाचन क्षेत्रों में विधायकों को 50 और सांसदों को 10 चौपाल लगाने का दिया गया लक्ष्य
- 5 दिसंबर तक अभियान पूरा करने के निर्देश, कमजोर विधानसभा सीटों पर MLC और राज्यसभा सांसद भी संभालेंगे जिम्मेदारी

लखनऊ। उत्तर प्रदेश में 2027 के विधानसभा चुनाव की तैयारियों के बीच बीजेपी ने अपने जनप्रतिनिधियों को जनता के बीच उतरने का लक्ष्य दिया है। पार्टी के वरिष्ठ पदाधिकारियों ने सांसदों और विधायकों के साथ बैठक कर गांव-गांव चौपाल लगाने और जनसंपर्क अभियान तेज करने के निर्देश दिए। बैठक में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, प्रदेश प्रभारी विनोद तावड़े, प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी और संगठन महामंत्री धर्मपाल सिंह मौजूद रहे। इस दौरान चुनावी रणनीति, संगठन की सक्रियता और मतदाता सूची से जुड़े अभियान पर चर्चा की गई।
बीजेपी ने अपने सभी विधायकों को विधानसभा क्षेत्र में 50 चौपाल लगाने का लक्ष्य दिया है, जबकि लोकसभा सांसदों को अपने संसदीय क्षेत्र में 10 चौपाल आयोजित करनी होंगी। इन चौपालों को 5 दिसंबर तक पूरा करने के निर्देश दिए गए हैं। पार्टी का जोर जनप्रतिनिधियों के जरिए सीधे गांवों और स्थानीय स्तर पर लोगों से संवाद स्थापित करने पर है।

- कमजोर सीटों पर विशेष अभियान
बैठक में उन विधानसभा क्षेत्रों पर भी विशेष ध्यान देने की रणनीति बनाई गई, जहां बीजेपी के विधायक नहीं हैं या संगठन की स्थिति अपेक्षाकृत कमजोर है। ऐसे क्षेत्रों में विशेष अभियान चलाकर चौपाल आयोजित की जाएंगी। इस जिम्मेदारी में विधान परिषद सदस्यों (एमएलसी) और राज्यसभा सांसदों को भी शामिल किया जाएगा, ताकि कमजोर क्षेत्रों में संगठन की गतिविधियां तेज की जा सकें।

- मतदाता सूची में नाम जुड़वाने पर जोर
चौपाल अभियान के जरिए मतदाता सूची में अधिक से अधिक पात्र लोगों के नाम दर्ज कराने पर भी जोर दिया गया है। खासतौर पर युवा मतदाताओं, महिलाओं और उन लोगों को सूची में शामिल कराने की रणनीति है, जिनके नाम अभी मतदाता सूची में दर्ज नहीं हैं। पार्टी जनप्रतिनिधियों को इस अभियान के तहत स्थानीय स्तर पर लोगों को जागरूक करने और मतदाता सूची से जुड़े कार्यों में सक्रिय भूमिका निभाने के निर्देश दिए गए हैं।

- प्रदेश नेतृत्व को भेजी जाएगी रिपोर्ट
बीजेपी नेतृत्व ने बूथ और चौपाल अभियान की प्रगति पर निगरानी रखने की भी योजना बनाई है। जनप्रतिनिधियों को अभियान पूरा होने के बाद इसकी रिपोर्ट प्रदेश नेतृत्व को भेजनी होगी। पार्टी की रणनीति के तहत सांसद, विधायक, एमएलसी और राज्यसभा सांसद सभी को क्षेत्रवार जिम्मेदारी देकर संगठन को मजबूत करने और आगामी विधानसभा चुनाव से पहले जनसंपर्क बढ़ाने की कवायद तेज की जा रही है।
रेशम उत्पादन बढ़ाकर किसानों की आय में वृद्धि करना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता : राकेश सचान
- मंत्री ने कहा- योजनाओं का शत-प्रतिशत भौतिक सत्यापन सुनिश्चित करें अधिकारी

- सभी कोया फसलों पर न्यूनतम फ्लोर प्राइस (एमएसपी) लागू होने और 16 जनपदों में कोया मंडियों की स्थापना से कृषकों को मिल रहा आर्थिक लाभ
- कृषक प्रशिक्षण में वरिष्ठ वैज्ञानिकों को आमंत्रित करने, भव्य 'सिल्क एक्सपो' आयोजित करने के निर्देश

लखनऊ, 23 नवम्बर 2026। प्रदेश के खादी एवं ग्रामोद्योग, रेशम उद्योग, हथकरघा तथा वस्त्रोद्योग मंत्री राकेश सचान ने सोमवार को डालीबाग, लखनऊ स्थित उत्तर प्रदेश खादी तथा ग्रामोद्योग बोर्ड के खादी भवन सभागार में रेशम विभाग द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं के क्रियान्वयन, कृषक प्रशिक्षण एवं विभागीय प्रगति की गहन समीक्षा की। बैठक में मंत्री राकेश सचान ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि रेशम उत्पादन को बढ़ावा देकर प्रदेश के रेशम कृषकों की आय में निरंतर वृद्धि करना राज्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि विभागीय योजनाओं के अंतर्गत शहतूत वृक्षारोपण, कीटपालन गृह निर्माण और उपकरण वितरण का शत-प्रतिशत भौतिक सत्यापन सुनिश्चित करने के उपरांत ही अगली किस्त की धनराशि जारी की जाए, ताकि कार्यों की गुणवत्ता बनी रहे और किसी भी स्तर पर वित्तीय अनियमितता या शिथिलता की गुंजाइश न रहे।
समीक्षा बैठक के दौरान विभागीय अधिकारियों द्वारा 'मुख्यमंत्री रेशम विकास योजना', 'सिल्क समग्र-2' योजना तथा 'राज्य कृषि विकास योजना' (एस.ए.डी.पी.) सहित विभिन्न विभागीय योजनाओं की प्रगति आख्या विस्तार से प्रस्तुत की गई। बैठक में अवगत कराया गया कि वर्ष 2026-27 में उत्पादित होने वाली सभी कोया फसलों पर न्यूनतम फ्लोर प्राइस (एमएसपी) लागू किए जाने तथा प्रदेश के 16 जनपदों— बहराइच, गोण्डा, लखीमपुर, सीतापुर, कुशीनगर, बस्ती, गोरखपुर, औरैया, मेरठ, सहारनपुर, सोनभद्र, झांसी, फतेहपुर, कानपुर नगर, वाराणसी एवं पीलीभीत में कोया मंडियों की स्थापना से रेशम कृषकों को बड़ा आर्थिक लाभ प्राप्त हुआ है। इसके अतिरिक्त प्रदेश में अब तक 275 प्राथमिक रेशम सहकारी समितियों का पंजीकरण किया जा चुका है, जिनमें से 25 समितियों के जन सुविधा केंद्र भी खोले गए हैं। साथ ही पोस्ट-ककून तकनीक को बढ़ावा देने के उद्देश्य से केंद्रीय रेशम बोर्ड के सहयोग से विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (डीपीआर) तैयार की जा रही है।
प्रशिक्षण कार्यक्रमों की समीक्षा करते हुए मंत्री राकेश सचान ने कहा कि कृषकों को दिए जाने वाले प्रशिक्षण को केवल औपचारिकता न बनाकर अत्यंत व्यावहारिक और गुणवत्तापूर्ण बनाया जाए। उन्होंने निर्देश दिए कि राज्यीय एवं अंतर्राज्यीय प्रशिक्षण कार्यक्रमों में रेशम क्षेत्र के वरिष्ठ एवं अनुभवी वैज्ञानिकों को आमंत्रित किया जाए, ताकि किसान आधुनिक तकनीकों से जुड़कर अधिक उत्पादन कर सकें। मंत्री ने रेशम उत्पादों की बेहतर मार्केटिंग और कारीगरों को प्रोत्साहन देने के उद्देश्य से भव्य 'सिल्क एक्सपो' आयोजित करने के भी निर्देश दिए।
बैछक में अपर मुख्य सचिव रेशम बी. एल. मीणा, निदेशक रेशम आनंद कुमार शुक्ला सहित विभागीय अधिकारीगण उपस्थित रहे।
कार्तिक पूर्णिमा एवं गुरु नानक जयंती पर उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने देश व प्रदेशवासियों को दी शुभकामनाएं
- गुरु नानक देव जी के सामाजिक सद्भाव, करुणा और मानव सेवा के संदेश को आत्मसात करें : केशव प्रसाद मौर्य

लखनऊ: 23 नवम्बर, 2026। उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने कार्तिक पूर्णिमा एवं सिख धर्म के संस्थापक गुरु नानक देव जी की जयंती के पावन अवसर पर देश एवं प्रदेशवासियों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं।
अपने शुभकामना संदेश में उप मुख्यमंत्री ने कहा कि कार्तिक पूर्णिमा भारतीय संस्कृति, आध्यात्मिक चेतना और गौरवशाली धार्मिक परम्पराओं का महत्वपूर्ण पर्व है। हमारी समृद्ध सांस्कृतिक विरासत, गंगा-जमुनी तहजीब और सामाजिक समरसता की परम्परा के अनुरूप सभी लोग इन पर्वों को श्रद्धा, उल्लास एवं आपसी भाईचारे के साथ मनाएं। श्री मौर्य ने कहा कि गुरु नानक देव जी की शिक्षाएं सम्पूर्ण मानवता के लिए प्रेरणास्रोत हैं। उन्होंने समाज को आडम्बरों और अंधविश्वासों से दूर रहकर सत्य, समानता, प्रेम, करुणा, दया एवं विनम्रता के मार्ग पर चलने का संदेश दिया। उनके सर्वधर्म समभाव और सामाजिक सद्भाव के विचार आज भी उतने ही प्रासंगिक हैं। गुरु नानक देव जी ने अपने विचारों और जीवन दर्शन से समाज को नई दिशा प्रदान की तथा मानवता की सेवा को सर्वोच्च महत्व दिया।
उप मुख्यमंत्री ने कहा कि गुरु नानक देव जी के आदर्श हमें भेदभाव से ऊपर उठकर एक-दूसरे के प्रति सम्मान, प्रेम और सद्भाव का भाव रखने तथा जरूरतमंदों की सेवा के लिए सदैव तत्पर रहने की प्रेरणा देते हैं। हम सभी को उनके जीवन दर्शन और शिक्षाओं को केवल अपने विचारों तक सीमित न रखकर उन्हें अपने आचरण एवं जीवन में आत्मसात करना चाहिए। उन्होंने कामना की कि कार्तिक पूर्णिमा एवं गुरु नानक जयंती के ये पावन पर्व सभी के जीवन में सुख, शांति, समृद्धि और खुशहाली लाएं तथा समाज में एकता, सद्भाव, सेवा और भाईचारे की भावना को और अधिक सुदृढ़ करें।