खुद को मृत दिखाने के लिए दूसरे की हत्या, सिर गंगा में फेंका, तीन गिरफ्तार
दृष्टिबाधित राजपाल को बनाया निशाना, कुएं में मिला था सिरविहीन शव; पुराने मुकदमों से बचने के लिए रची गई थी साजिश




लखनऊ।  उत्तर प्रदेश के शाहजहांपुर जिले के कलान थाना क्षेत्र में सूखे कुएं में मिले सिर विहीन शव के मामले का पुलिस ने सनसनीखेज खुलासा किया है। पुलिस के मुताबिक, खुद को मृत दिखाकर पुराने मुकदमों से बचने और दूसरे लोगों को हत्या के मामले में फंसाने की साजिश के तहत विनोद उर्फ बाबा ने अपने दो अन्य साथियों के साथ मिलकर दृष्टिबाधित राजपाल की हत्या कर दी। आरोपितों ने गड़ासे से उसका सिर धड़ से अलग कर दिया और सिर को गंगा में फेंक दिया, जबकि धड़ सूखे कुएं में डाल दिया। पुलिस ने मुख्य आरोपित समेत तीन लोगों को गिरफ्तार किया है।

अपर पुलिस अधीक्षक देहात भंवरे दीक्षा अरुण ने मंगलवार को बताया कि 17 नवंबर को कलान क्षेत्र के ग्राम सिउड़ी के पास एक सूखे कुएं में अज्ञात व्यक्ति का सिर विहीन शव मिला था। शव के पास मिले आधार कार्ड और अन्य सामान के आधार पर उसकी पहचान विनोद कुमार पुत्र राजाराम के रूप में की गई थी। विनोद की पत्नी पूजा ने गांव के नौ लोगों के खिलाफ हत्या का आरोप लगाते हुए कलान थाने में मुकदमा दर्ज कराया था।

मामले की जांच के दौरान भौतिक और इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों के आधार पर पुलिस के सामने अलग ही कहानी आई। एएसपी ने बताया कि विनोद उर्फ बाबा ने अपने परिजनों के साथ मिलकर खुद को मृत दिखाने की साजिश रची थी। इसके लिए उसने अपने साथ रह रहे दृष्टिबाधित राजपाल निवासी ऐठापुर, थाना निगोही को तंत्र-मंत्र के बहाने अपने प्रभाव में लिया और बदायूं जिले के दो साथियों विकास तथा ओमपाल के साथ मिलकर उसकी हत्या कर दी। इसके बाद राजपाल का सिर गंगा में फेंक दिया और धड़ को कुएं में डाल दिया।

आरोपित नेपाल भागने की फिराक में थे लेकिन उसे पहले ही पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर सोमवार की देर रात आंधीदेई के आगे नौसना मड़ैया के पास से विनोद उर्फ बाबा तथा जनपद बदायूं निवासी विकास और ओमपाल को गिरफ्तार कर लिया। आरोपितों के कब्जे से हत्या में प्रयुक्त एक गड़ासा, ईंट का आधा टुकड़ा, एक घड़ी, ब्लूटूथ, विकलांगता कार्ड, 3002 रुपये नकद, 15 सिक्के और वारदात में प्रयुक्त हुंडई ऑरा कार बरामद की गई है।

पुलिस ने विवेचना के दौरान पहले नामजद नौ व्यक्तियों के नाम मुकदमे से हटाए हैं, जबकि विनोद की पत्नी ,मां और अन्य परिजनों समेत सात लोगों के नाम साजिश में संलिप्तता के संबंध में विवेचना में प्रकाश में आए हैं। पुलिस ने मामले में साजिश से संबंधित धारा 61(2) बीएनएस तथा आर्म्स एक्ट की धारा 4/25 की बढ़ोतरी की है। गिरफ्तार आरोपितों को न्यायालय के समक्ष पेश करने की कार्रवाई की जा रही है। मुख्य आरोपित विनोद उर्फ बाबा के विरुद्ध पूर्व में भी कई आपराधिक मुकदमे दर्ज है और न्यायालय द्वारा वारंट भी जारी किए गए थे।
महिला ने लिखाई छेड़छाड़ और मारपीट की रिपोर्ट
Sb न्यूज़ ब्यूरो रितेश मिश्रा
शाहाबाद हरदोई
कस्बे के एक मोहल्ले निवासी महिला ने ससुर सहित चार लोगों के विरुद्ध तहरीर देकर छेड़छाड़ और मारपीट करने का आरोप लगाया है। पुलिस ने तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर जाँच शुरू की है।
     पीड़िता के अनुसार 22 नवम्बर की रात 8 बजे उसके चाचा ससुर ईश्वर चंद पुत्र हरिराम ने उसके पति विपिन पुत्र राधेश्याम,ससुर और सास सीता के साथ मिलकर एक राय होकर उसे गाली गलौज करते हुए लात घूंसो से मारपीट कर घायल कर दिया और उसकी लज्जा भंग करते हुए अश्लील हरकत की और उसे जबरदस्ती घर से बाहर निकाल दिया। उसने नीम के पेड़ के पीछे छुपकर अपनी इज्जत और जान बचाई।23 नवम्बर की सुबह करीब 4 बजे विपक्षी विपिन और ईश्वर चंद ने उसे देख लिया और जबरदस्ती उसे मारपीट कर उसके साथ दोबारा अश्लील हरकत की। उसने घटना की सूचना डायल 112 पर दी।आरोपियों ने उसे जान से मार डालने की धमकी दी।
  प्रभारी निरीक्षक अरविन्द राय ने बताया पीड़िता की तहरीर पर आरोपियों के विरुद्ध रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। पुलिस मामले में जाँच कर आगे वैधानिक कार्यवाही कर रही है।
बाबा श्याम के जन्मोत्सव के बाद भी भक्तों में दिखा जबरदस्त उत्साह

श्री कृष्ण जन्म भूमि मुक्ति दल ने धूमधाम से मनाया जन्मोत्सव

Sb न्यूज़ ब्यूरो रितेश मिश्रा
हरदोई श्रीकृष्ण जन्मभूमि मुक्ति दल की हरदोई इकाई के तत्वावधान में मंगलवार को श्री खाटू श्याम मंदिर, हरदोई में बाबा खाटू श्याम के जन्मोत्सव के उपलक्ष्य में 184वें हनुमान चालीसा पाठ एवं भव्य भजन संध्या का आयोजन श्रद्धा और उल्लास के साथ संपन्न हुआ। बाबा श्याम के जन्मोत्सव की खुशी कार्यक्रम के दौरान भी श्रद्धालुओं में देखते ही बनी। जन्मोत्सव के उपलक्ष्य में बाबा श्याम को मेवा मिश्री केक का भोग लगा खुशियां मनाई गईं और भक्तों ने एक-दूसरे को शुभकामनाएं दीं।
कार्यक्रम का शुभारंभ सामूहिक हनुमान चालीसा पाठ से हुआ। इसके उपरांत गायकों अभय अवस्थी और वेद प्रकाश  गुप्ता राजू ने संगीतमय हनुमान मंगल पाठ की मनमोहक प्रस्तुति दी। बाबा खाटू श्याम और बालाजी हनुमान के एक से बढ़कर एक मधुर भजनों ने पूरे मंदिर परिसर को भक्तिमय बना दिया। गायकों की भावपूर्ण प्रस्तुतियों पर श्रद्धालु मंत्रमुग्ध होकर झूमते और तालियां बजाते नजर आए।
बाबा श्याम के भजनों के दौरान भक्तों का उत्साह देखते ही बन रहा था। मंदिर परिसर में लगातार गूंजते जय श्री श्याम और जय श्रीराम के जयकारों ने माहौल को और भी भक्तिमय बना दिया। जन्मोत्सव के बाद भी श्रद्धालुओं का उत्साह कम नहीं हुआ। मेवा मिश्री केक का भोग लगाकर भक्तों में बाट कर बाबा श्याम का जन्मोत्सव मनाया। इस दौरान पूरा मंदिर परिसर उत्सव और भक्ति के रंग में रंगा नजर आया। महिला सचिव मंजू गुप्ता ने दीप दान कर मंदिर में अनुपम रोशनी बिखेर दी।
श्रद्धालुओं ने बाबा खाटू श्याम एवं बालाजी हनुमान के दर्शन कर परिवार की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की। 184वें हनुमान चालीसा पाठ, मंगल पाठ, भजन संध्या और जन्मोत्सव के केक कटिंग समारोह ने आयोजन को यादगार बना दिया।
श्रीकृष्ण जन्मभूमि मुक्ति दल की हरदोई इकाई के पदाधिकारी महासचिव गौरव अग्रवाल, उपाध्यक्ष अभिषेक गुप्ता और संयोजक अभिषेक गुप्ता ने कार्यक्रम में सहभागी सभी श्रद्धालुओं, गायकों एवं सहयोगियों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन समाज में धार्मिक आस्था, आपसी प्रेम, भाईचारे और सनातन संस्कृति के प्रति समर्पण की भावना को मजबूत करते हैं।इस अवसर पर बड़ी संख्या में श्याम प्रेमी उपस्थित रहे।
आईजीआरएस की जांच में घोर लापरवाही के आरोप
जनता जनार्दन व किसानों के हक के लिए बड़े आंदोलन की चेतावनी

Sb न्यूज़ ब्यूरो रितेश मिश्रा
हरदोई आज़ाद अधिकार सेना पार्टी से  सदर विधानसभा प्रभारी /प्रत्याशी मोहित मिश्रा ने आईजीआरएस के माध्य से प्रमुख सचिव गृह को शिकायत संख्या 40015526115494 से किसानों की मिलने वाली बाढ़ राहत दैवीय आपदा घोटाले की शिकायत दर्ज कराई थी। जिसकी जांच क्षेत्राधिकारी हरपालपुर के पोर्टल पर लंबित पड़ी है।पूरा मामला सदर विधानसभा के थाना लोनार क्षेत्र की ग्रामपंचायत नेवादा चौगवां विकास खंड बावन के मजरा बरबन, कड़ेरी फॉर्म रामपुर जटौली आदि का  है।जिसमें प्रमुख रूप से तहसील प्रशासन, बिचौलिया, भाजपा नेता, प्रधान,और इन सभी के रिस्तेदारों ने मिलकर करोड़ो रुपए की धोखाधड़ी कर हड़प कर एक बड़े घोटाले को किया है।पूरा मामला उजागर होते ही तहसील प्रशासन ने लेखपाल को निलबित कर पल्ला झाड़ते हुए लीपापोती में जुट गए लेकिन अभी तक  किसी दोषी व्यक्ति पर कोई भी कार्यवाही नहीं हुई है। वहीं सभी जिम्मेदार अपना अपना बचाव करने में लगे हुए हैं। इस बावत आज़ाद अधिकार सेना पार्टी नेतृत्व में महामहिम राष्ट्रपति महोदया को नगर मजिस्ट्रेट के द्वारा ज्ञापन दिया गया था और व्हाट्सप नंब 9335190584 के माध्यम से सभी साक्ष्य नगर मजिस्ट्रेट को  उपलब्ध कराए गए थे वहीं वाट्सअप के जरिए लिखित शिकायत क्षेत्राधिकारी हरपालपुर को भी साक्ष्य सहित आवश्यक कार्यवाही, व निष्पक्ष जांच करने के लिए पत्र भेजा और आईजीआरएस पोर्टल पर प्रमुख सचिव गृह को भी शिकायत दर्ज कराई गई लेकिन जिम्मेदार सभी प्रशासनिक अधिकारी अभी भी किसी प्रकार की कोई भी कार्यवाही नहीं कर रहे हैं और अपनी जिम्मेदारी से बचते नज़र आ रहे हैं।मोहित मिश्रा ने भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि भ्रष्टाचार में लिप्त सभी दोषियों पर सूबे के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी का बुलडोज़र भी ध्वस्त नज़र आ रहा है।और जानबूझकर बड़े बड़े घोटाले कराए जा रहे और आम जनमानस के धन को डकारा जा रहा है।अगर निष्पक्ष जांच कर कठोर कार्यवाही नहीं हुई तो जनता जनार्दन व किसानों के हक की लड़ाई बड़े  आंदोलन के रूप में लड़ी जाएगी।
कार्तिक पूर्णिमा के दृष्टिगत डीएम ने तहसील सवायजपुर के कुसुमखोर घाट का किया स्थलीय निरीक्षण
‎ Sb न्यूज़ ब्यूरो रितेश मिश्रा
हरदोई ‎कार्तिक पूर्णिमा के पावन पर्व के दृष्टिगत जिलाधिकारी राहुल पाण्डेय ने सोमवार की रात्रि तहसील सवायजपुर क्षेत्रांतर्गत कुसुमखोर घाट का स्थलीय निरीक्षण कर श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा एवं सुचारु व्यवस्थाओं का जायजा लिया गया। निरीक्षण के दौरान घाटों पर सुरक्षा व्यवस्था, साफ-सफाई, प्रकाश व्यवस्था, आवागमन, पार्किंग, बैरिकेडिंग एवं भीड़ प्रबंधन सहित विभिन्न महत्वपूर्ण व्यवस्थाओं का अवलोकन किया गया।
‎संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा एवं सुविधा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए यह सुनिश्चित किया जाए कि कार्तिक पूर्णिमा का पावन पर्व पूर्णतः सुरक्षित, सुव्यवस्थित एवं शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न हो तथा किसी भी श्रद्धालु को असुविधा न हो। घाटों पर पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती, सुचारु यातायात एवं भीड़ नियंत्रण की प्रभावी व्यवस्था रखी जाए। सभी संबंधित अधिकारी तैनाती स्थल पर निरन्तर भ्रमणशील रहते हुए व्यवस्थाओं का नियमित अनुश्रवण सुनिश्चित करें।
‎निरीक्षण के दौरान नगर मजिस्ट्रेट संजय कुमार, अतिरिक्त मजिस्ट्रेट अंकित तिवारी सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
दवा खाकर मिसाल बनीं रीता, बोलीं-फाइलेरिया की दवा पूरी तरह सुरक्षित है
Sb न्यूज़ ब्यूरो रितेश मिश्रा
हरदोई कैथीपुरवा गांव की 38 वर्षीय रीता वर्मा ने सर्वजन दवा सेवन (एमडीए) अभियान शुरू होते ही पहले ही दिन फाइलेरिया रोधी दवाओं का सेवन किया। पिछले साल भी रीता ने ऐसा ही किया था। रीता का ये अमल अन्य महिलाओं के लिए नजीर बन रहा है। उनके अनुसार आज तक उन्हें दवा से किसी तरह की कोई दिक्कत नहीं हुई और वह पूरी तरह स्वस्थ हैं। वह आस-पास की महिलाओं को अपना अनुभव बताकर दवा खाने के लिए प्रेरित कर रही हैं।
रीता की तरहकैथीपुरवा निवासी 42 वर्षीय नितिन कुमार ने भी पहले ही दिन आशा कार्यकर्ता सुनीता और आंगनबाड़ी कार्यकर्ता पूजा वर्मा के सामने फाइलेरिया से बचाव की दवा का सेवन किया है। नितिन ने बताया कि आशा कार्यकर्ता ने पहले ही बता दिया था कि 19 नवंबर को फाइलेरिया से बचाव की दवा खिलाई जाएगी। उनका 16 वर्षीय बेटा अभिजीत मुख्यालय में पढ़ाई कर रहा है। उसे भी उन्होंने दवा का सेवन करने के लिए घर बुला लिया। मौके पर ही पूरे परिवार ने फाइलेरिया से बचाव की दवा का सेवन किया। आशा कार्यकर्ता ने पहले घर पर मार्किंग की। उसके बाद घर के सदस्यों के बारे में जानकारी ली। घर में मौजूद सदस्यों की लंबाई नापी। फिर दवा खिलाई।

नितिन के अनुसार उन्हें अभी तक किसी भी प्रकार की समस्या नहीं हुई है। वह और उनका परिवार पूरी तरह स्वस्थ है। नितिन अब आस-पास के पुरुषों को भी जागरूक कर रहे हैं। खेतों में काम के दौरान भी वह साथ के लोगों से फाइलेरिया से बचाव की दवा खाने की बात करते हैं और अपना अनुभव साझा करके दवा खाने के लिए प्रेरित करते हैं। खेत में पानी लगाते समय, खाली समय में चौराहे पर और दुकान के आस-पास बातचीत के दौरान भी वह लोगों को फाइलेरिया से बचाव की दवा खाने के लिए प्रेरित कर रहे हैं।
जिला मलेरिया अधिकारी जितेंद्र कुमार ने बताया कि सात दिंसबर तक चलने वाले इस अभियान में चारों ब्लॉकों (अहिरोरी, साण्डी, बिलग्राम, कोथावा) में अब तक 1.98 लाख लोगों ने फाइलेरिया रोधी दवा का सेवन कर लिया है। रीता व नितिन जैसे सजग नागरिकों को देखकर लोग आगे आ रहे हैं।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ अरविंद सचान ने ऐसे जागरूक नागरिको की प्रशंसा करते हुए कहा कि एक भी व्यक्ति दवा खाने से छूटेगा तो संक्रमण का चक्र नहीं टूटेगा। इसलिए अपने क्षेत्र को फाइलेरिया मुक्त बनाने के लिए फाइलेरिया रोधी दवा का सेवन अवश्य करें।
आंकड़ों में फाइलेरिया (अभियान के अंतर्गत आने वाले चार ब्लाकों में 680 मरीज हाथीपांव के
94 मरीज हाइड्रोसिल के
सभी 680 मरीजों को रोग प्रबंधन का प्रशिक्षण दिया जा चुका है
54  रोगियों का हाइड्रसिल ऑपरेशन किया जा चुका है।
सिंचाई विभाग: करोड़ों के फर्जीवाड़ा के दो आरोपी गिरफ्तार, मुख्य आरोपी अभी भी फरार
मीरजापुर। सरकारी धनराशि के गबन के मामले में कोतवाली शहर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दो नामजद आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोप है कि फर्जी दस्तावेज तैयार कर डिजिटल सिग्नेचर डोंगल का दुरुपयोग किया गया और अस्तित्वहीन कर्मचारी के नाम पर भुगतान दिखाकर सरकारी धन को परिचितों एवं रिश्तेदारों के बैंक खातों में स्थानांतरित कर दिया गया। मामले में मीरजापुर नहर प्रखंड के अधिशासी अभियंता प्रमोद कुमार के तहरीर पर  मुकदमा दर्ज किया गया था। पुलिस अधीक्षक अपर्णा रजत कौशिक के निर्देश पर गठित पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए राजन दूबे निवासी पाण्डेयपुर और राधाकान्त सिंह उर्फ बबलू सिंह निवासी बबुरा, हाल पता वीआईपी कॉलोनी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के मुताबिक, दोनों आरोपियों के विरुद्ध धोखाधड़ी, कूटरचित दस्तावेज तैयार करने सरकारी धन के गबन और आपराधिक षड्यंत्र से संबंधित धाराओं में कार्रवाई की गई है गिरफ्तार आरोपियों को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया गया। आश्चर्य कि बात है कि इस मामले में अभी तक मुख्य आरोपी फरार ही चल रहा है, जिसकी अभी तक गिरफ्तारी का ना होना की सवाल खड़े कर रहा है।
भारतीय गौ सेवा संघ में परविंदर कुमार उर्फ जैन साहब को मिली राष्ट्रीय स्तर पर बड़ी जिम्मेदारी
**राष्ट्रीय कार्यकारिणी में राष्ट्रीय सचिव नियुक्त, संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल कुमार ने सौंपी कमान; गौ-सेवा के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्यों का मिला सम्मान**

**बहसूमा (मेरठ)।** भारतीय गौ सेवा संघ ने संगठनात्मक मजबूती और गौ-सेवा के कार्यों को नई गति देने के उद्देश्य से संगठन के कर्मठ एवं समर्पित कार्यकर्ता परविंदर कुमार उर्फ जैन साहब को राष्ट्रीय कार्यकारिणी में राष्ट्रीय सचिव की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी है। उनकी नियुक्ति की घोषणा संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल कुमार ने की।

संगठन की ओर से जारी नियुक्ति पत्र में कहा गया कि परविंदर कुमार की संगठन के प्रति निष्ठा, समर्पण और उत्कृष्ट कार्यशैली को देखते हुए उन्हें यह महत्वपूर्ण दायित्व सौंपा गया है। उनकी नियुक्ति से संगठन के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं में उत्साह का माहौल है।

राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल कुमार ने विश्वास जताया कि परविंदर कुमार अपने अनुभव, सक्रियता और नेतृत्व क्षमता के बल पर संगठन को नई मजबूती प्रदान करेंगे तथा गौ-सेवा, गौ-संरक्षण और समाजसेवा के कार्यों को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने में अहम भूमिका निभाएंगे।

राष्ट्रीय सचिव की जिम्मेदारी मिलने पर संगठन के कार्यकर्ताओं और शुभचिंतकों ने उन्हें बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। उनकी नियुक्ति को संगठन में उनके समर्पण और कार्यों के प्रति विश्वास की महत्वपूर्ण उपलब्धि के रूप में देखा जा रहा है।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की मां को दी गई भावपूर्ण श्रद्धांजलि, प्रकट की शोक संवेदना
मीरजापुर। उत्तर प्रदेश के यशस्वी मुख्यमंत्री एवं गोरक्षपीठाधीश्वर परमपूज्य महंत योगी आदित्यनाथ की पूज्य माताजी के निधन पर पैरियाटोला स्थित निवर्तमान जिला संयोजक हिन्दु युवा वाहिनी अमित श्रीनेत के कार्यालय पर शोकसभा का आयोजन किया गया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की पूज्य माताजी के चित्र पर पुष्प अर्पित कर भावभीनी श्रद्धांजलि दी गई तथा दो मिनट का मौन रखकर दिवंगत पुण्यात्मा की शांति के लिए प्रार्थना की गई। ईश्वर से प्रार्थना है कि दिवंगत आत्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान दें तथा इस अपार दुःख की घड़ी में योगी आदित्यनाथ एवं समस्त शोकाकुल परिवार को धैर्य, शक्ति और संबल प्रदान करें। शोक सभा में शरद कुमार, हरिहर प्रताप सिंह, अंकित सिंह, पवन मालवीय, विवेक सिंह राजपूत, अंशु गुप्ता, विनय मिश्रा, सुरेश गुप्ता, विनोद कसेरा, मनोज पांडे, धीरज साहू, सूर्या प्रकाश मंटू, गुलाब सोनी, रितेश मोदनवाल, राजू आदि उपस्थित रहे।
कार्तिक पूर्णिमा पर गोमती तटों पर उमड़ा आस्था का सैलाब, श्रद्धालुओं ने लगा रहे पुण्य की डुबकी

Sb न्यूज़ बबलू प्रजापति
पिहानी। कार्तिक पूर्णिमा के पावन पर्व पर मंगलवार को गोमती नदी के विभिन्न घाटों पर श्रद्धा और आस्था का अद्भुत संगम देखने को मिल रहा है। भोर होते ही श्रद्धालुओं का रुख गोमती तटों की ओर शुरू हो गया। कुल्लावर घाट, जतनगंज और मढिया घाट पर सुबह से ही स्नानार्थियों की भीड़ उमड़ पड़ी। हर-हर गंगे और हर-हर महादेव के जयघोष के बीच श्रद्धालुओं ने पतित पावनी गोमती में आस्था की डुबकी लगाकर पुण्य अर्जित किया।
सनातन धर्म में कार्तिक पूर्णिमा का विशेष आध्यात्मिक महत्व है। मान्यता है कि इस दिन पवित्र नदियों में स्नान, दीपदान, दान-पुण्य और भगवान विष्णु एवं शिव की आराधना करने से अक्षय पुण्य की प्राप्ति होती है। इसी धार्मिक आस्था के चलते बड़ी संख्या में श्रद्धालु परिवार सहित गोमती तटों पर पहुंचे। स्नान करने वालों में महिलाओं की भी उल्लेखनीय भागीदारी है। महिलाओं ने विधि-विधान से स्नान-पूजन कर परिवार की सुख-समृद्धि और मंगलकामना कर रही है।
मढिया घाट पर स्नान के साथ बाबा पारस के दर्शन के लिए भी श्रद्धालुओं की आवाजाही बनी हुई है। मंदिर में दर्शन-पूजन कर लोगों ने सुख-शांति की कामना कर रहे है। तीनों घाटों पर मेले जैसा वातावरण रहा। कहीं पूजा-अर्चना तो कहीं धार्मिक अनुष्ठान और श्रद्धालुओं की चहल-पहल दिखाई दे रहा है।
वहीं, पर्व के मद्देनजर सुरक्षा व्यवस्था को लेकर कोतवाल श्याम नारायण सिंह पुलिस बल के साथ गोमती घाटों पर मौजूद है। उन्होंने घाटों पर पहुंचकर सुरक्षा व्यवस्था की निगरानी की और पुलिसकर्मियों को सतर्कता बरतने के निर्देश दिए, ताकि श्रद्धालु सुरक्षित एवं शांतिपूर्ण ढंग से स्नान और दर्शन कर सकें।
कार्तिक पूर्णिमा का यह पर्व एक बार फिर भारतीय सनातन परंपरा की उस जीवंत आस्था का साक्षी बन रहा है, जिसमें नदी केवल जलधारा नहीं, बल्कि जीवन, संस्कृति, श्रद्धा और आध्यात्मिक चेतना की प्रतीक मानी जाती है।