राजनाथ से मिले 68500 शिक्षक भर्ती के अभ्यर्थी, न्याय दिलाने की मांग

लखनऊ। लखनऊ के ईको गार्डन में 68,500 सहायक शिक्षक भर्ती में आरक्षण संबंधी विसंगतियों को लेकर पिछले 85 दिनों से आंदोलन कर रहे अभ्यर्थियों के प्रतिनिधिमंडल ने मंगलवार को रक्षा मंत्री एवं लखनऊ के सांसद राजनाथ सिंह से मुलाकात की। पांच कालिदास मार्ग स्थित उनके आवास पर पहुंचे प्रतिनिधिमंडल ने उन्हें ज्ञापन सौंपकर पूरे मामले से अवगत कराया और न्याय दिलाने की मांग की। साथ ही राष्ट्रीय पिछड़ा वर्ग आयोग, राज्य पिछड़ा वर्ग आयोग और विधान परिषद की संसदीय एवं सामाजिक सद्भाव समिति के आदेशों की प्रतियां भी सौंपीं।

आंदोलन का नेतृत्व कर रहे तूफान सिंह ने बताया कि अभ्यर्थी पिछले 85 दिनों से न्याय की मांग को लेकर आंदोलन कर रहे हैं। इस दौरान प्रदेश सरकार के उपमुख्यमंत्रियों, कैबिनेट मंत्रियों, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष और एनडीए के सहयोगी दलों के प्रमुख नेताओं से मुलाकात कर ज्ञापन दिया गया, लेकिन अब तक केवल आश्वासन ही मिले हैं। समस्या का समाधान नहीं हो सका है।

आशुतोष वर्मा ने बताया कि रक्षामंत्री राजनाथ सिंह ने पूरे मामले को गंभीरता से सुना। उन्होंने प्रकरण को विस्तार से समझने और उस पर चर्चा करने के लिए अभ्यर्थियों को दिल्ली आने का समय दिया। उन्होंने कहा कि दिल्ली में बैठकर पूरे मामले पर विस्तार से बातचीत की जाएगी और समाधान की दिशा में सकारात्मक प्रयास किया जाएगा। अभ्यर्थियों ने रक्षामंत्री से आग्रह किया कि यह मामला मुख्यमंत्री स्तर पर हल हो सकता है इसलिए प्रदेश सरकार से हस्तक्षेप कराकर जल्द न्याय दिलाया जाए। अभ्यर्थियों की प्रमुख मांग है कि पिछड़ा वर्ग आयोगों और विधान परिषद की समिति के आदेशों का अनुपालन करते हुए ओबीसी वर्ग को आरक्षण का लाभ दिया जाए, परिणाम में संशोधन कर पात्र अभ्यर्थियों को नियुक्ति दी जाए तथा आरक्षण विसंगति के लिए जिम्मेदार अधिकारियों पर कार्रवाई की जाए।

प्रतिनिधिमंडल में शामिल नवीन चौधरी ने कहा कि जब तक हम अभ्यर्थियों को न्याय नहीं मिलता और उनकी मांगों पर ठोस निर्णय नहीं होता, तब तक आंदोलन जारी रहेगा।
मुजफ्फरनगर डिस्ट्रिक्ट प्रीमियर लीग की ट्रॉफी व टीमों की टी-शर्ट का ग्रैंड लॉन्च
क्रॉस लाइन क्रिकेट स्टेडियम में हुआ भव्य आयोजन, 8 टीमें लेंगी हिस्सा; विजेता टीम को मिलेगा 1 लाख रुपये का पुरस्कार

आशीष कुमार
मुजफ्फरनगर मेरठ रोड स्थित क्रॉस लाइन क्रिकेट स्टेडियम एवं स्पोर्ट्स एकैडमी एवं शाइन स्टार क्रिकेट क्लब द्वारा मुजफ्फरनगर डिस्ट्रिक्ट प्रीमियर लीग क्रिकेट टूर्नामेंट का आयोजन किया गया जिसमें आज टूर्नामेंट की ट्रॉफी व टीमों के प्लेयर्स की टी-शर्ट की ग्रैंड लांचिंग की गई।  कार्यक्रम का शुभारंभ टिकोला शुगर मिल के निदेशक निरंकार स्वरूप, व्यापारी नेता संजय मित्तल, त्रिवेणी फर्टिलाइजर ग्रुप आफ कंपनीज के चेयरमैन राजेश जैन, सी.ए.हंस जैन, आकाश जैन, राजेश गोयल, आकाश गुप्ता, नमय शाह,आदि ने संयुक्त रूप से किया।

इस अवसर पर मुख्य अतिथि निरंकार स्वरूप ने आयोजको को बधाई देते हुए कहा कि ऐसे टूर्नामेंट से युवा खिलाड़ियों को आगे बढ़ने का मौका मिलता है। कार्यक्रम के आयोजक प्रशांत जैन, जुहेर अब्बास, साहब जैदी, राहुल जकर, पवन वत्स, नफसे जैदी ने बताया कि टूर्नामेंट में आठ टीमें भाग लेंगी जिसका  पहला मैच कल खेला जाएगा तथा फाइनल मैच 6 दिसंबर को खेला जाएगा उन्होंने बताया फाइनल में विजेता टीम को 1 लाख रूपये का पुरस्कार दिया जाएगा।
सुलतानपुर :  सांसद संजय सिंह समेत 12 आरोपिताें काे अदालत ने किया दोषमुक्त
सुलतानपुर। उत्तर प्रदेश सुलतानपुर मे आम आदमी पार्टी के राज्यसभा सांसद एवं वरिष्ठ नेता संजय सिंह को सुल्तानपुर की विशेष एमपी-एमएलए अदालत से बड़ी राहत मिली है। वर्ष 2021 के पंचायत चुनाव के दौरान आदर्श आचार संहिता और कोविड गाइडलाइन के उल्लंघन से जुड़े मुकदमे में अदालत ने मंगलवार को संजय सिंह समेत सभी जीवित 12 आरोपिताें को साक्ष्य के अभाव में दोषमुक्त करार दिया। फैसले के दौरान सांसद संजय सिंह भी अदालत में मौजूद रहे।

मामला 13 अप्रैल 2021 का है। आरोप था कि संजय सिंह ने बंधुआकला थाना क्षेत्र के हसनपुर गांव में जिला पंचायत सदस्य उम्मीदवार सलमा बेगम के समर्थन में बिना अनुमति चुनावी सभा की थी। इस मामले में तत्कालीन थानाध्यक्ष प्रवीण कुमार यादव की तहरीर पर संजय सिंह समेत कुल 13 लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया था। मुकदमे की सुनवाई के दौरान एक आरोपित की मृत्यु हो गई थी। इसके बाद शेष 12 आरोपिताें के खिलाफ अदालत में सुनवाई जारी रही।

बीती 18 नवंबर को अभियोजन पक्ष के चार गवाहों के बयान दर्ज किए गए थे। इसके बाद अभियोजन और बचाव पक्ष की ओर से अंतिम बहस पूरी की गई। बचाव पक्ष के अधिवक्ता रुद्र प्रताप सिंह मदन तथा अभियोजन पक्ष के विशेष लोक अभियोजक वैभव पांडेय ने अदालत में अपना पक्ष रखा था।

विशेष मजिस्ट्रेट शुभम वर्मा की अदालत ने दोनों पक्षों की दलीलें सुनने और उपलब्ध साक्ष्यों का परीक्षण करने के बाद सभी 12 जीवित आरोपियों को दोषमुक्त कर दिया। करीब पांच वर्ष पुराने इस मुकदमे में अदालत के फैसले से लोगो ने खुशी व्यक्त की।
विधायक सुशील सिंह के काफिले में घुसी बेकाबू स्कॉर्पियो, पलटी फॉर्च्यूनर
दो बार काफिले में घुसकर कई वाहनों को मारी टक्कर, विधायक बाल-बाल बचे, चार युवक घायल, सुनियोजित साजिश की जताई आशंका, पुलिस सभी पहलुओं से कर रही जांच

चंदौली/वाराणसी। उत्तर प्रदेश के चंदौली जिले के सैयदराजा विधानसभा क्षेत्र से भाजपा विधायक सुशील सिंह के काफिले में सोमवार रात एक तेज रफ्तार अनियंत्रित स्कॉर्पियो घुस गई। स्कॉर्पियो ने विधायक की फॉर्च्यूनर समेत काफिले में शामिल कई वाहनों को टक्कर मार दी। हादसे में विधायक की गाड़ी पलट गई, हालांकि वह बाल-बाल बच गए। वहीं, स्कॉर्पियो सवार चार युवक घायल हो गए, जिनमें कुछ की हालत गंभीर है। सूचना मिलते ही प्रशासनिक अधिकारी, पुलिसकर्मी, विधायक के समर्थक और भाजपा पदाधिकारी मौके पर पहुंच गए।

दो बार काफिले में घुसी स्कॉर्पियो, कई वाहनों को मारी टक्कर

विधायक सुशील सिंह ने बताया कि वह बिहार के मोकामा विधायक अनंत सिंह से मुलाकात कर अपने काफिले के साथ वाराणसी लौट रहे थे। सोमवार रात करीब नौ बजे कमलापति त्रिपाठी अस्पताल, चंदौली के पास पीछे से तेज रफ्तार में आई एक स्कॉर्पियो अचानक उनके काफिले में घुस गई और उनकी गाड़ी को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि उनकी गाड़ी पलट गई। इसके चलते काफिले में पीछे चल रहे अन्य वाहन भी रुक गए।

विधायक के मुताबिक, इसके बाद काफिला आगे बढ़ा और झांसी गांव के पास पहुंचा तो संबंधित स्कॉर्पियो फिर पीछे लगी रही। इस दौरान उसने दोबारा काफिले के वाहनों को टक्कर मारनी शुरू कर दी। एक के बाद एक कई गाड़ियों को टक्कर मारने के बाद जब स्कॉर्पियो को रोकने का प्रयास किया गया तो वह आगे बढ़ते हुए एक पेड़ से जा टकराई।

विधायक ने जताई साजिश की आशंका

घटना के बाद विधायक सुशील सिंह ने इसे सामान्य सड़क दुर्घटना मानने से इनकार करते हुए सुनियोजित साजिश की आशंका जताई है। उन्होंने पूरे घटनाक्रम को संदिग्ध बताते हुए पुलिस से मामले की गहन जांच कराने की मांग की है। विधायक का कहना है कि स्कॉर्पियो का लगातार काफिले के पीछे लगे रहना और कई बार वाहनों को टक्कर मारना संदेह पैदा करता है।

युवकों ने अस्पताल में खाना पहुंचाने की बताई बात

दूसरी ओर, स्कॉर्पियो सवार युवकों का कहना है कि वे घर से खाना लेकर अलीनगर स्थित एक निजी अस्पताल जा रहे थे। अस्पताल में भर्ती उनकी बहन की डिलीवरी हुई थी और उसी के लिए खाना पहुंचाना था। इसी दौरान रास्ते में उनकी स्कॉर्पियो अनियंत्रित हो गई और एक के बाद एक कई वाहनों से टकरा गई। हादसे में विधायक सुशील सिंह की फॉर्च्यूनर भी क्षतिग्रस्त हो गई।

नशे में वाहन चलाने की आशंका, पुलिस कर रही जांच

इस संबंध में चंदौली के सीओ सदर नामेंद्र सिंह ने बताया कि दुर्घटना में शामिल युवकों की बहन की पचफेड़वा, अलीनगर स्थित एक निजी अस्पताल में डिलीवरी हुई थी। युवक वहीं से लौट रहे थे। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, नशे की हालत में वाहन चलाने के कारण यह हादसा हुआ। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। उन्होंने बताया कि विधायक की ओर से अभी तक कोई लिखित तहरीर नहीं मिली है। तहरीर प्राप्त होने के बाद नियमानुसार मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
सिलेंडर मे आग लगने से दो लोगों की मौत, आपूर्तिकर्ता कंपनी और एजेंसी के खिलाफ मुकदमा दर्ज
आठ दिन बाद थी बेटी की शादी, मचा कोहराम

लखनऊ।  उत्तर प्रदेश के थाना जेवर क्षेत्र स्थित ग्राम दयानतपुर में बीती रात को रसोई गैस के सिलेंडर में रिसाव के चलते लगी आग और सिलेंडर फटने से हुई दो लोगों की मौत और दो लोगों के गंभीर रूप से झुलसने के मामले में पुलिस ने गैस आपूर्तिकर्ता कंपनी और गैस एजेंसी के अधिकारियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है।

पुलिस उपायुक्त (जोन तृतीय) श्रवण कुमार सिंह ने बताया कि ग्राम दयानतपुर के रहने वाले कुशल पाल सिंह ने आज रिपोर्ट दर्ज कराई है कि 23 नवंबर 2026 को ग्राम दयानतपुर में एलपीजी गैस सिलेंडर में रिसाव के कारण आग लगी, तथा गैस सिलेंडर फट गया। इस घटना में वीरपाल सिंह (56) उनके पुत्र अभिषेक (24) की मौके पर ही मृत्यु हो गई, जबकि अभिषेक की पत्नी काजल एवं उसका दो वर्षीय बेटा गंभीर रूप से झुलस गए। उन्होंने आरोप लगाया है कि गैस सिलेंडर की गुणवत्ता, वाल्व, सील, रिपेयरिंग एवं सुरक्षा के मानकों के अनुपालन में लापरवाही की आशंका है। गैस आपूर्ति कर्ता कंपनी एवं संबंधित एजेंसी का दायित्व है कि उपभोक्ताओं को पूर्णत सुरक्षित एवं निर्धारित मांगों के अनुरूप सिलेंडर उपलब्ध कराए। उन्होंने इस मामले में गैस आपूर्ति कर्ता कंपनी, संबंधित गैस एजेंसी एवं जिम्मेदार अधिकारियों की भूमिका की जांच करने की मांग करते हुए मुकदमा दर्ज करवाया है। इस मामले में भारतीय न्याय संहिता की धारा 106(1), 125,287 के तहत मुकदमा दर्ज हुआ है। उन्होंने आरोप लगाया है कि यह केवल एक दुर्घटना नहीं बल्कि आम नागरिकों के जीवन एवं सुरक्षा से जुड़ा अत्यंत गंभीर मामला है। डीसीपी ने बताया कि घटना की रिपोर्ट दर्ज कर पुलिस मामले की जांच कर रही है।

कुशल पाल के अनुसार जिस घर में यह घटना हुई है उस घर में आठ दिन बाद बेटी की शादी थी। शादी के लिए घर में 23 एलपीजी सिलेंडर रखे गए थे। गैस सिलेंडर में रिसाव हो रहा था। इसी बीच बिजली की तार में स्पार्किंग हुई और आग लग गई। आग की चपेट में रखा एक अन्य सिलेंडर भी आ गया तथा दोनों सिलेंडर फट गए। घटना की सूचना पर आसपास के लोग पहुंचे। उन्होंने घर का दरवाजा तोड़ा तथा घर में प्रवेश कर आग बुझाने का प्रयास किया। लोगों का कहना है कि अगर घर में रखे 23 सिलेंडर फट जाते तो गांव की काफी लोगों की जान जा सकती थी, तथा यह घटना और भयावह हो सकती थी।
19वीं मंजिल से कूदकर 11वीं की छात्रा ने की आत्महत्या
लखनऊ।  उत्तर प्रदेश के नोयडा थाना सेक्टर 39 क्षेत्र के सेक्टर 100 स्थित लोटस बुलेवर्ड सोसाइटी में रहने वाली एक 11वीं कक्षा की छात्रा ने आज तड़के अपनी सोसाइटी के 19वीं मंजिल स्थित फ्लैट से कूदकर आत्महत्या कर लिया है। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

थाना सेक्टर -39 के प्रभारी निरीक्षक डीपी शुक्ल ने बताया कि सेक्टर 100 स्थित लोटस बुलेवर्ड सोसाइटी में रहने वाले अभिनव दुबे की 16 वर्षीय बेटी डिशिता दुबे ने 19वीं मंजिल स्थित अपने फ्लैट की बालकनी से मंगलवार सुबह 3 बजे के करीब छलांग लगा दिया। उन्होंने बताया कि इस घटना में उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना की सूचना पाकर वहां पहुंची पुलिस ने जांच की तो पता चला की मृतका के परिजनों ने किसी बात को लेकर उसे डांट दिया था। इस बात से वह परेशान थी। वह एक नामी स्कूल से 11वीं कक्षा की पढ़ाई कर रही थी। थाना प्रभारी ने बताया कि मृतका के पिता एडीडास कंपनी में वरिष्ठ अधिकारी के रूप में कार्यरत हैं। वह मूल रूप से लखनऊ के रहने वाले हैं। मृतका के मोबाइल फोन और परिवार के लोग से पूछताछ के आधार पर आत्महत्या के कारण कारण का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है।

वही इस घटना से सोसाइटी में हड़कंप मचा हुआ है। जब यह घटना हुई तब ज्यादातर लोग अपने घरों में सो रहे थे। छात्रा के नीचे गिरने की सूचना उसके परिजनों को भी नहीं थी। सिक्योरिटी गार्ड्स ने उन्हें जब बताया तो वह बदहवास से नीचे आए। उनके आसपास के फ्लैट मे रहने वाले लोग भी उठकर नीचे आ गए। इस घटना को लेकर लोग तरह-तरह की बातें कर रहे हैं।
गन्ने से भरे ट्रक ने ट्रैक्टर-ट्रॉली को मारी टक्कर, मां-बेटी की मौत
गंगा स्नान से लौट रहे परिवार की ट्रॉली पलटी, कई लोग घायल, डीएम और एसपी ने घटनास्थल का किया निरीक्षण

लखनऊ।  उत्तर प्रदेश में बिजनाैर जिले के चांदपुर थाना क्षेत्र में मंगलवार दाेपहर काे गन्ने से भरे तेज रफ्तार ट्रक ने ट्रैक्टर ट्राली में टक्कर मार दी। हादसे में ट्रैक्टर ट्राली पलट गई और उसके नीचे दबकर महिला और उसकी बेटी की माैत हाे गई, जबकि कई लाेग घायल है। पुलिस ने शवाें काे पाेस्टमार्टम भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी। जिलाधिकारी जोगेन्द्र सिंह और पुलिस अधीक्षक के के विश्नोई ने भी घटनास्थल का निरीक्षण कर हादसे की जानकारी ली।

जिलाधिकारी ने बताया कि गांव अकबरपुर झोझा निवासी निलेश अपने परिवार और रिश्तेदारों के साथ ट्रैक्टर-ट्रॉली में सवार होकर नारनौर गंगा घाट पर स्नान करने गए थे। मंगलवार दोपहर सभी लोग स्नान कर वापस लौट रहे थे। जैसे ही उनकी ट्रैक्टर-ट्रॉली चांदपुर-जलीलपुर मार्ग पर गांव अकबरपुर सीमली के पास पहुंची, तभी पीछे से आ रहे गन्ने से भरे ट्रक ने उसमें टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही ट्रॉली पलट गई और उसमें सवार लोग नीचे दब गए।

हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। आसपास के ग्रामीणों और राहगीरों ने तत्काल मौके पर पहुंचकर राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया और ट्रॉली के नीचे दबे लोगों को बाहर निकाला। इसके बाद सभी घायलों को एंबुलेंस की मदद से सीएचसी स्याऊ पहुंचाया गया। वहां चिकित्सकों ने विमलेश (35) और उसकी बेटी निधि (08) काे मृत घोषित कर दिया। गंभीर रूप से घायल निलेश और महिला जानकी को प्राथमिक उपचार के बाद हायर सेंटर रेफर कर दिया गया। वहीं पूजा, मुन्नी, ओमपाल और प्रिंस को मामूली चोटें आई हैं।

पुलिस अधीक्षक ने बताया कि घटना सड़क हादसे में मा-बेटी की माैत हुई है। अन्य घायलाें काे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
यातायात माह नवंबर-2026 के अंतर्गत 30 मूक-बधिर वाहन चालकों को वितरित किए गए हेलमेट
यातायात जागरूकता रैली निकालकर आमजन को किया गया जागरूक

गोण्डा। यातायात माह नवंबर-2026 के अंतर्गत आज दिनांक 24.11.2026 को जनपद गोण्डा में क्षेत्राधिकारी यातायात एवं प्रभारी यातायात द्वारा अंबेडकर चौराहे पर 30 मूक-बधिर वाहन चालकों को हेलमेट वितरित किए गए तथा उन्हें प्रतीक चिह्न प्रदान कर यातायात नियमों के पालन के प्रति जागरूक किया गया। इसके उपरांत यातायात जागरूकता रैली अंबेडकर चौराहे से गांधी पार्क तक निकाली गई। गांधी पार्क में आमजन को एकत्रित कर मूक-बधिर वाहन चालकों द्वारा प्रयुक्त किये जाने वाले इस प्रतीक चिह्न के बारे में भी अवगत कराया गया,ताकि मूक-बधिर वाहन चालकों को रास्ते में आमजन से किसी प्रकार की असुविधा न हो। रैली के दौरान आमजन एवं वाहन चालकों को यातायात नियमों की जानकारी देते हुए पंपलेट वितरित किए गए तथा हेलमेट पहनने, यातायात नियमों का पालन करने एवं सड़क सुरक्षा के प्रति सजग रहने का संदेश दिया गया।

गोण्डा पुलिस की अपील—
गोण्डा पुलिस आमजन एवं समस्त वाहन चालक दोपहिया वाहन चलाते समय अनिवार्य रूप से हेलमेट पहनें, यातायात नियमों का पालन करें तथा सड़क पर स्वयं के साथ-साथ दूसरों की सुरक्षा का भी ध्यान रखें। यातायात नियमों का पालन कर स्वयं सुरक्षित रहें एवं दूसरों को भी सुरक्षित रखे।
मण्डलायुक्त दुर्गा शक्ति नागपाल ने गुरु नानक जयंती के पावन अवसर पर गुरुद्वारा दुख निवारण सिंह में आयोजित गुरु पर्व समारोह में की सहभागिता

*गुरुद्वारे में मत्था टेककर गुरु नानक देव जी के प्रति व्यक्त की श्रद्धा, देवीपाटन मण्डल के समस्त जनपदवासियों को दी गुरु पर्व की हार्दिक शुभकामनाएं*

*गुरु नानक देव जी की शिक्षाएं मानवता, प्रेम, सेवा, समानता एवं सामाजिक सद्भाव का देती हैं संदेश*

गोण्डा। गुरु नानक जयंती के पावन अवसर पर मण्डलायुक्त देवीपाटन मण्डल दुर्गा शक्ति नागपाल ने तहसील सदर, गोण्डा स्थित गुरुद्वारा दुख निवारण सिंह में आयोजित गुरु पर्व समारोह में सहभागिता की। इस अवसर पर उन्होंने गुरुद्वारे में मत्था टेककर गुरु नानक देव जी के प्रति श्रद्धा एवं सम्मान व्यक्त किया तथा अरदास में सहभागिता की। मण्डलायुक्त ने देवीपाटन मण्डल के गोण्डा, बलरामपुर, बहराइच एवं श्रावस्ती सहित समस्त जनपदवासियों को गुरु नानक जयंती एवं गुरु पर्व की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।

मण्डलायुक्त ने गुरु नानक देव जी के जीवन दर्शन एवं उनकी महान शिक्षाओं का स्मरण करते हुए कहा कि गुरु नानक देव जी ने संपूर्ण मानवता को प्रेम, करुणा, सेवा, समानता, सत्य एवं सद्भाव का मार्ग दिखाया। उनकी शिक्षाएं समाज को आपसी भेदभाव से ऊपर उठकर मानवता की सेवा करने तथा सभी के प्रति सम्मान एवं सद्भाव का भाव रखने की प्रेरणा देती हैं।

उन्होंने कहा कि गुरु नानक देव जी का संदेश 'नाम जपो, किरत करो और वंड छको' आज भी प्रासंगिक है। यह संदेश हमें ईश्वर का स्मरण करने, ईमानदारी एवं परिश्रम से जीवनयापन करने तथा अपनी कमाई एवं संसाधनों को जरूरतमंदों के साथ साझा करने की प्रेरणा देता है। उनके विचारों को अपने जीवन में आत्मसात कर समाज में प्रेम, भाईचारे, सामाजिक समरसता एवं एकता को और अधिक मजबूत किया जा सकता है।

मण्डलायुक्त ने कहा कि सभी धर्मों का मूल संदेश मानवता, सदाचार, सेवा एवं परोपकार है। ऐसे धार्मिक एवं आध्यात्मिक आयोजन समाज में सकारात्मकता, आपसी विश्वास और सामाजिक सौहार्द को बढ़ावा देने के साथ ही हमारी समृद्ध सांस्कृतिक एवं आध्यात्मिक परंपराओं को भी सुदृढ़ करते हैं।

इस अवसर पर गुरुद्वारा प्रबंधन समिति के पदाधिकारी, श्रद्धालु एवं अन्य गणमान्यजन उपस्थित रहे। समारोह में श्रद्धालुओं ने पूरे श्रद्धाभाव एवं उत्साह के साथ गुरु नानक देव जी की शिक्षाओं का स्मरण किया।
विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यक्रम की जिलाधिकारी ने की समीक्षा, शत-प्रतिशत मतदाता पंजीकरण पर दिया जोर*


*अर्हता तिथि 01 जनवरी 2027 के आधार पर निर्वाचक नामावलियों के पुनरीक्षण कार्यों की हुई समीक्षा बैठक*


*निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों एवं सुपरवाइजरों को प्रतिदिन कार्यों की समीक्षा करने के दिए निर्देश*


*गोण्डा 24 नवम्बर,2026*।
कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी/जिला निर्वाचन अधिकारी रमेश रंजन की अध्यक्षता में अर्हता तिथि 01 जनवरी, 2027 के आधार पर विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों की निर्वाचक नामावलियों के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यक्रम के अंतर्गत समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में जनपद के समस्त निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों, सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों तथा पुनरीक्षण कार्य से जुड़े जनपद स्तरीय अधिकारियों ने प्रतिभाग किया। इस दौरान विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यक्रम के अंतर्गत अब तक किए गए कार्यों की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की गई तथा निर्धारित कार्ययोजना के अनुसार शेष कार्यों को समयबद्ध ढंग से पूर्ण कराने पर जोर दिया गया।

बैठक में जिलाधिकारी ने कहा कि निर्वाचक नामावली का शुद्ध, अद्यतन एवं त्रुटिरहित होना स्वतंत्र, निष्पक्ष एवं पारदर्शी निर्वाचन प्रक्रिया के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है। इसके लिए पुनरीक्षण कार्यक्रम के अंतर्गत सभी संबंधित अधिकारी पूरी गंभीरता, जिम्मेदारी एवं सक्रियता के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन सुनिश्चित करें। उन्होंने विशेष रूप से अर्हता रखने वाले ऐसे सभी व्यक्तियों का नाम निर्वाचक नामावली में शत-प्रतिशत पंजीकृत कराने के लिए विशेष अभियान चलाने के निर्देश दिए, जो अभी तक मतदाता सूची में अपना नाम दर्ज नहीं करा पाए हैं।

जिलाधिकारी ने निर्देशित किया कि सभी संबंधित अधिकारी निर्धारित कार्ययोजना के अनुरूप क्षेत्रवार कार्यवाही सुनिश्चित करें तथा पात्र व्यक्तियों तक पहुंच बनाकर उनका पंजीकरण कराने के लिए प्रभावी प्रयास करें। उन्होंने कहा कि कोई भी अर्ह व्यक्ति निर्वाचक नामावली में नाम दर्ज कराने से वंचित न रहने पाए। इस कार्य में सभी अधिकारियों के बीच बेहतर समन्वय एवं नियमित संवाद बनाए रखना भी आवश्यक है।

उन्होंने निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों एवं सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे पुनरीक्षण कार्यों की समीक्षा स्वयं अपने स्तर से प्रतिदिन करें। साथ ही सुपरवाइजरों को भी निर्देशित किया कि वे अपने आवंटित क्षेत्रों में किए जा रहे कार्यों की नियमित निगरानी करें और प्रगति की जानकारी संबंधित अधिकारियों को उपलब्ध कराएं। कार्यों में किसी प्रकार की शिथिलता अथवा लापरवाही न बरती जाए तथा निर्धारित लक्ष्यों को समय से पूरा किया जाए।

जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यक्रम निर्वाचन संबंधी एक महत्वपूर्ण कार्य है, इसलिए इसमें सभी संबंधित अधिकारियों की सक्रिय भागीदारी और जवाबदेही सुनिश्चित होनी चाहिए।

बैठक में पुनरीक्षण कार्यों को अभियान के रूप में संचालित करते हुए शत-प्रतिशत पात्र मतदाताओं का पंजीकरण सुनिश्चित करने पर विशेष बल दिया गया।

बैठक के दौरान मुख्य विकास अधिकारी दयानंद प्रसाद, अपर जिलाधिकारी प्रमोद झा, नगर मजिस्ट्रेट पंकज वर्मा, मुख्य चिकित्सा अधिकारी संतलाल पटेल, सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी मोहम्मद रजी, समस्त उपजिलाधिकारीगण, जनपद स्तरीय अधिकारीगण सहित अन्य सभी संबंधित अधिकारीगण उपस्थित रहे।