मऊ: मऊ रेलवे फाटक पर रेलवे ओवरब्रिज का निर्माण कार्य तेज, बड़ी-बड़ी मशीनों से हो रहा निर्माण
मऊ रेलवे फाटक पर रेलवे पुल (ओवरब्रिज) का निर्माण कार्य तेजी से आगे बढ़ रहा है।

मौके पर बड़ी-बड़ी मशीनों के जरिए निर्माण कार्य कराया जा रहा है।

आप देख सकते है कि पुल निर्माण को लेकर कार्यदायी संस्था की ओर से तेजी से काम किया जा रहा है।

क्षेत्रवासियों को उम्मीद है कि पुल का निर्माण पूरा होने से रेलवे फाटक पर लगने वाले जाम से बड़ी राहत मिलेगी।
सुलतानपुर : नायब तहसीलदार और लेखपालों पर हमला करने वाले 5 बदमाश पुलिस मुठभेड़ में गिरफ्तार, तीन घायल
सुलतानपुर। उत्तर प्रदेश के जिला सुलतानपुर में खनन माफियाओं द्वारा नायब तहसीलदार और दो लेखपालों पर हमले के आरोपित को पुलिस ने बुधवार सुबह एक के बाद एक दो स्थानों पर मुठभेड़ में दो सगे भाइयों समेत तीन को पैर में गोली लगी। पुलिस ने कुल पांच बदमाशों को गिरफ्तार किया है। इनके कब्जे से पिस्टल, तमंचा, गाड़ियां और डंपर बरामद हुआ है।

कोतवाली नगर के खैचला गाँव में पहली मुठभेड़ की घटना पुलिस ने राहुल सिंह, नौशाद और मनोज सिंह को गिरफ्तार किया। राहुल सिंह के पैर में गोली लगी।

पुलिस के अनुसार राहुल सिंह अमिलिया कला, थाना कोतवाली नगर का रहने वाला है। वहीं नौशाद प्रतापपुर, थाना बंधुआकला का निवासी है जबकि मनोज सिंह रवनिया, थाना करौंदीकला में रहता है। पुलिस ने इनके पास से 32 बोर की एक पिस्टल, एक जिंदा कारतूस, एक खोखा कारतूस और स्कॉर्पियो कार जब्त की। पुलिस के मुताबिक, राहुल सिंह के खिलाफ सुलतानपुर जिले के अलग-अलग थानों में 10 मामले दर्ज हैं। पुलिस ने इनके पास से अवैध मिट्टी खनन में इस्तेमाल किए गए चार डंपर भी मिलने की बात कही।

पुलिस अधीक्षक विनीत जायसवाल ने बुधवार को बताया कि थाना कोतवाली नगर क्षेत्रान्तर्गत राजस्व टीम पर हुए हमले में वांछित आरोपित की अखंडनगर थाना क्षेत्र में पुलिस और बदमाश की मठभेड़ मे गोली लगने से दो आरोपित घायल हुए और उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया। दोनों के पैर में गोली लगी। आरोपिताें की पहचान संदीप सिंह और प्रशान्त सिंह के रूप में की है। संदीप सिंह अमिलिया कला, थाना कोतवाली नगर का निवासी है। प्रशान्त सिंह नकाहा महमूदपुर, थाना गोसाईगंज का रहने वाला है।

राजस्व टीम पर किया था हमला

पुलिस के मुताबिक, दोनों कोतवाली नगर थाना क्षेत्र में खनन और राजस्व टीम पर हमले के मामले में यह सभी आराेपित वांछित थे। मौके से 315 बोर का एक देशी तमंचा, .12 बोर का एक देशी तमंचा, दोनों बोर के एक-एक जिंदा कारतूस और एक-एक खोखा कारतूस जब्त किया गया। पुलिस को घटना में इस्तेमाल बिना नंबर प्लेट की काली थार कार भी मिली। पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आराेपिताें में से संदीप सिंह के खिलाफ पहले से छह मामले दर्ज हैं।
संविधान के मूल्यों से रूबरू हुईं छात्राएं, लिया राष्ट्र की एकता और अखंडता बनाए रखने का संकल्प

**श्री मनफूल सिंह कन्या इंटर कॉलेज में संविधान संवाद कार्यक्रम आयोजित, मौलिक अधिकारों और कर्तव्यों की दी गई जानकारी**

**बहसूमा (मेरठ)।** श्री मनफूल सिंह कन्या इंटर कॉलेज, बहसूमा में बुधवार को उत्तर प्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण के अंतर्गत संविधान संवाद कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के सफल संचालन के लिए कॉलेज की प्रधानाचार्या श्रीमती भावना चौधरी के निर्देशन में आयोजन समिति का गठन किया गया।

कार्यक्रम में नोडल अधिकारी कंचन नागर, समिति सदस्य कीर्तिका, दुर्गेश शर्मा, श्रीमती रीता मित्तल तथा छात्राएं सुहानी और छवि मौजूद रहीं। नोडल अधिकारी कंचन नागर ने छात्राओं को भारतीय संविधान के महत्व, संवैधानिक मूल्यों, मौलिक अधिकारों और नागरिकों के कर्तव्यों के बारे में विस्तार से जानकारी दी।

उन्होंने भारतीय संविधान की प्रस्तावना पर प्रकाश डालते हुए बताया कि हमारा संविधान प्रत्येक नागरिक को समानता, स्वतंत्रता और न्याय का अधिकार प्रदान करता है। साथ ही देश की एकता, अखंडता और विकास को बनाए रखने के लिए प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी भी निर्धारित करता है। उन्होंने छात्राओं से संविधान के नियमों का पालन करने और जिम्मेदार नागरिक बनने का आह्वान किया।

इसके बाद आयोजन समिति की सदस्य कीर्तिका ने कॉलेज परिसर में सभी छात्राओं को सामूहिक रूप से संविधान की रक्षा करने, कानून का सम्मान करने तथा अपने संवैधानिक कर्तव्यों का निष्ठापूर्वक पालन करने की शपथ दिलाई। छात्राओं ने राष्ट्र की एकता और अखंडता बनाए रखने तथा समाज में आपसी भाईचारा और समरसता बढ़ाने में योगदान देने का संकल्प लिया।

कॉलेज की प्रधानाचार्या श्रीमती भावना चौधरी ने कहा कि इस प्रकार के कार्यक्रमों से छात्राओं में संविधान के प्रति जागरूकता बढ़ती है और उनमें जिम्मेदार नागरिक बनने की भावना विकसित होती है।

इस अवसर पर शिक्षिकाएं श्रीमती पूजा गुप्ता, कशिश चौधरी, सुनेहा, श्रीमती सीमा, सुमैया, वैशाली, अंशुल, निक्की, मानसी, अर्जुन देशवाल, प्रवेंद्र आदि मौजूद रहे।
जेसीबी मशीन की चपेट में आने से वृद्ध महिला की मृत्यु, परिजनाें ने किया हंगामा
दुबग्गा में सड़क खुदाई के दौरान हादसा, पीछे करते समय मशीन की चपेट में आई समीरा

पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा

लखनऊ। उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के दुबग्गा थाना क्षेत्र में बुधवार को सड़क खुदाई के कार्य में लगी जेसीबी मशीन की चपेट में आने से वृद्ध महिला की मृत्यु हो गई। घटना से गुस्साएं परिवार ने सड़क पर हंगामा शुरू कर दिया। परिवार ने कार्रवाई का भारोसा देकर मामले को शांत कराया।

थाना प्रभारी श्रीकांत राय ने बताया कि आज दोपहर को थाना दुबग्गा क्षेत्रान्तर्गत मल्टी केयर हॉस्पिटल के सामने, अंधे की चौकी के पास जेसीबी से खुदाई चल रही थी। इस दौरान चालक जब जेसीबी बैक कर रहा था, तभी उस वाहन की चपेट में आकर महिला की मौके पर ही मृत्यु हो गई। घटना के उपरांत मृतका के परिजन मौके पर पहुंचकर आक्रोश व्यक्त करने लगे। सूचना पर स्थानीय पुलिस तत्काल पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंची। पुलिस ने परिजनों को समझा-बुझाकर शांत कराया।

थाना प्रभारी ने बताया कि पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक जानकारी एकत्रित की। प्रारम्भिक जांच में मृतका की पहचान दुबग्गा के बेबी मार्टिन स्कूल के पास रहने वाली समीरा (60) वर्ष के रूप में हुई है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन की जिला स्तरीय समिति की बैठक में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए कार्यवाहियों एवं नमूना संग्रहण

*मिठाई के डिब्बों पर उपयोग की तिथि अंकित करना अनिवार्य, नियमों का उल्लंघन करने वाले प्रतिष्ठानों के विरुद्ध होगी चालान की कार्यवाही*

*खाद्य पदार्थ तैयार करते समय कारीगरों एवं सहायकों को मास्क, हैंड ग्लव्स, फुट कवर एवं हेड कैप पहनना अनिवार्य*


फर्रुखाबाद। खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन के अंतर्गत जिला स्तरीय समिति की बैठक कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी डॉक्टर अंकुर लाठर की अध्यक्षता में आयोजित की गई। बैठक में जनपद में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता एवं शुद्धता सुनिश्चित करने, मिलावट पर प्रभावी अंकुश लगाने तथा खाद्य सुरक्षा मानकों का कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित कराने के संबंध में विस्तृत समीक्षा की गई।

बैठक में जिलाधिकारी ने खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन के अधिकारियों को निर्देशित किया कि जनपद में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए प्रवर्तन संबंधी कार्यवाहियों में तेजी लाई जाए। शासन द्वारा निर्धारित निर्देशों के अनुरूप खाद्य पदार्थों के निर्माण एवं विक्रय से जुड़े प्रतिष्ठानों का नियमित निरीक्षण करते हुए अधिक से अधिक खाद्य नमूने संग्रहित किए जाएं। उन्होंने कहा कि खाद्य पदार्थों में मिलावट एवं गुणवत्ता से संबंधित अनियमितताओं को किसी भी दशा में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। नमूनों की प्रयोगशाला जांच में खाद्य पदार्थ असुरक्षित अथवा मानक के अनुरूप नहीं पाए जाने पर संबंधित प्रतिष्ठान संचालक के विरुद्ध नियमानुसार कठोर एवं प्रभावी कार्यवाही सुनिश्चित की जाए।

जिलाधिकारी ने विशेष रूप से मिठाई विक्रय करने वाले प्रतिष्ठानों पर निगरानी रखने के निर्देश देते हुए कहा कि मिठाई के डिब्बों पर उपयोग की तिथि अंकित करना अनिवार्य रूप से सुनिश्चित कराया जाए। खाद्य सुरक्षा अधिकारी निरीक्षण के दौरान इस बात की जांच करें कि प्रतिष्ठानों द्वारा मिठाई के डिब्बों पर निर्धारित उपयोग तिथि स्पष्ट रूप से अंकित की जा रही है अथवा नहीं। यदि जांच के दौरान मिठाई के डिब्बों पर उपयोग की तिथि अंकित नहीं पाई जाती है तो संबंधित प्रतिष्ठान के विरुद्ध नियमानुसार चालान की कार्यवाही सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि उपभोक्ताओं को गुणवत्तापूर्ण एवं सुरक्षित खाद्य सामग्री उपलब्ध कराना प्रशासन की प्राथमिकता है तथा इस संबंध में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।

उन्होंने खाद्य पदार्थों के निर्माण एवं विक्रय से जुड़े प्रतिष्ठानों में स्वच्छता व्यवस्था को सर्वोच्च प्राथमिकता देने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने कहा कि खाद्य पदार्थ तैयार करते समय कारीगरों एवं उनके सहायकों द्वारा अनिवार्य रूप से मास्क, हैंड ग्लव्स, फुट कवर एवं हेड कैप का प्रयोग किया जाए। खाद्य पदार्थों को तैयार करने, रखने एवं पैकिंग करने के स्थानों पर साफ-सफाई की समुचित व्यवस्था होनी चाहिए। प्रतिष्ठान संचालक यह सुनिश्चित करें कि खाद्य सामग्री किसी भी प्रकार से दूषित न हो तथा खाद्य सुरक्षा एवं स्वच्छता संबंधी निर्धारित मानकों का पूर्ण पालन किया जाए। इस संबंध में प्राप्त होने वाली शिकायतों पर जांच कर नियमानुसार कार्यवाही की जाएगी।

जिलाधिकारी ने सहायक आयुक्त खाद्य को निर्देशित किया कि असुरक्षित पाए जाने वाले मिष्ठान एवं खाद्य पदार्थों के निस्तारण की प्रक्रिया के संबंध में व्यापक प्रचार-प्रसार कराया जाए, जिससे आमजन एवं खाद्य कारोबारियों को इसके संबंध में आवश्यक जानकारी प्राप्त हो सके। उन्होंने कहा कि खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता बनाए रखने के लिए विभागीय अधिकारियों द्वारा नियमित निरीक्षण, नमूना संग्रहण एवं प्रभावी प्रवर्तन कार्यवाहियां निरंतर जारी रखी जाएं। साथ ही खाद्य कारोबारियों को भी खाद्य सुरक्षा मानकों के प्रति जागरूक किया जाए, ताकि जनपद में सुरक्षित एवं स्वच्छ खाद्य सामग्री की उपलब्धता सुनिश्चित हो सके।

बैठक में अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व अरुण कुमार सिंह, सहायक आयुक्त खाद्य अजीत कुमार सहित संबंधित विभागों के अधिकारी एवं जिला स्तरीय समिति के सदस्य उपस्थित रहे।
रोजगार मेले मे 1278 अभ्यर्थियों को किया गया चयनित*

Sb ब्यूरो रितेश मिश्रा
हरदोई जिला सेवायोजन कार्यालय,  सी०एस०एन०, डिग्री कालेज लखनऊ चुंगी, हरदोई में रोजगार मिशन के अन्तर्गत आयोजित जनपद स्तरीय एक दिवसीय वृहद रोजगार मेले में एल०आई०सी०, वी०जी० प्रा०लि०, जे०पी०प्रा०लि०, डी०सी०एम०सुगर मिल हरियावां, एसियन सर्विस प्रा०लि०, टूकॉम, क्वेस कॉर्प प्र०लि०, आदि 32 कंम्पनियों ने प्रतिभाग किया। उक्त आयोजित रोजगार मेले में लगभग 3015 अभ्यर्थियों ने प्रतिभाग किया। कम्पनी के अधिकारियों ने उपस्थित अभ्यर्थियों को कम्पनी एवं उससे सम्बन्धित कार्य तथा प्राप्त वेतन व भत्ते के बारे में विस्तृत रूप से अवगत कराया। इच्छुक अभ्यर्थियों ने आवेदन के रूप में कम्पनी द्वारा निर्धारित प्रपत्र को भरकर परीक्षा/साक्षात्कार में भाग लिया। साक्षात्कार के उपरान्त 1278 अभ्यर्थियों को शार्टलिस्ट/चयनित किया गया। इस अवसर पर  नितिन अग्रवाल  आबकारी एवं मद्य निषेध मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) उ०प्र० शासन मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। जिला सेवायोजन अधिकारी ने रोजगार मेले पर अपने विचार व्यक्त किया। रोजगार मेले को सफल बनाने में जिला सेवायोजन कार्यालय के मुनेन्द्र कुमार वरि०सहा०, निशात अन्सारी अनुदेशक, श्रवण कुमार गुप्ता वरि०सहा०, अल्का वर्मा अनु०, अमिता सिंह प्रधान सहायक, राजेश्वर धमाल वरि०सहा०, हरी शंकर वरि०सहा०, पवन कुमार कनिष्ठ सहा०, औसाफ हुसैन आदि एवं आई०टी०आई० तथा सी०एस०एन० कालेज, हरदोई के कर्मचारियों ने पूर्ण सहयोग प्रदान किया।
चयनित लाभार्थियों के नियुक्ति पत्र वितरण के लिए अपर पुलिस अधीक्षक ने की ब्रीफिंग
फर्रुखाबाद।
रिजर्व पुलिस लाइन्स, लखनऊ में मुख्यमंत्री द्वारा उपनिरीक्षक (नागरिक पुलिस) एवं समकक्ष पदों (सीधी भर्ती-2025) के चयनित अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र वितरण कार्यक्रम को दृष्टिगत रख कर बुधवार को पुलिस लाइन सभागार में अपर पुलिस अधीक्षक द्वारा चयनित अभ्यर्थियों की ब्रीफिंग की गई। उन्होंने ब्रीफिंग के दौरान अभ्यर्थियों को कार्यक्रम में प्रतिभाग करने हेतु निर्धारित ड्रेस कोड, पहचान पत्र साथ रखने, आवागमन एवं सुरक्षा संबंधी आवश्यक दिशा-निर्देशों से अवगत कराया गया। साथ ही अभ्यर्थियों के सुरक्षित एवं सुगम आवागमन, बसों की व्यवस्था तथा मार्ग में जलपान की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने हेतु संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए गए।
*कार्यक्रम में सम्मिलित होने वाले अभ्यर्थियों की सुविधा एवं सुरक्षा के दृष्टिगत सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जा रही हैं।
जिला स्तरीय स्काउट-गाइड रैली के द्वितीय दिवस प्रतिभागियों ने विभिन्न गतिविधियों में दिखाया उत्साह

फर्रुखाबाद । भारत स्काउट्स एवं गाइड्स की जनपद स्तरीय रैली का आयोजन पीएम श्री महीयसी महादेवी वर्मा राजकीय बालिका इंटर कॉलेज, फतेहगढ़ में किया जा रहा है। रैली के द्वितीय दिवस विभिन्न ज्ञानवर्धक, साहसिक एवं रोमांचक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया।

द्वितीय दिवस का कार्यक्रम ध्वज शिष्टाचार के साथ प्रारंभ हुआ। इसके पश्चात प्रतिभागियों के लिए झंडी संकेत, साहसिक क्रियाकलाप, अनुमान लगाना, मीनार प्रदर्शन, टर्न आउट तथा आपदा प्रबंधन जैसी विभिन्न प्रतियोगिताएं एवं गतिविधियां आयोजित की गईं।
स्काउट एवं गाइड विद्यार्थियों ने बढ़-चढ़कर प्रतिभाग करते हुए अपनी प्रतिभा, अनुशासन, नेतृत्व क्षमता, साहस एवं टीम भावना का प्रभावशाली प्रदर्शन किया। आपदा प्रबंधन संबंधी गतिविधियों के माध्यम से प्रतिभागियों को विपरीत परिस्थितियों में सजगता एवं सहायता के लिए आवश्यक जानकारी भी प्रदान की गई।

रैली के द्वितीय दिवस जिला मुख्यायुक्त दिनेश चंद्र वर्मा कार्यक्रम संयोजक दीपिका राजपूत एवं सहसंयोजक इंदू मिश्रा, जिला सचिव महेश चंद्र राजपूत तथा प्रधानाचार्य अनिल सिंह ने प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन किया और विभिन्न गतिविधियों का अवलोकन किया।
निर्णायक मण्डल में भारती मिश्रा,हिमलेश शाक्य, सीमा, योगेश कुमार, पुष्पेंद्र कुमार शर्मा, तरुण शुक्ला उपस्थित रहे
इस मौके पर प्रधानाचार्य संगीता यादव ऐस्टर रोज़ दयाल,पुष्पा सिंह, अनिल शाक्य,कृष्ण स्वरूप योगेश कुमार ,निर्मला सिंह,मीनाक्षी भास्कर,अल्पना द्विवेदी आदि उपस्थित रहे और कार्यक्रम को सफल बनाने में अपना सहयोग प्रदान किया।

द्वितीय दिवस के कार्यक्रमों का समापन कैंप फायर कार्यक्रम के साथ हुआ, इस दौरान प्रतिभागियों ने पूरे जोश और उमंग के साथ सहभागिता की। रैली परिसर में दिनभर उत्साह, अनुशासन और स्काउट-गाइड की सेवा भावना का वातावरण बना रहा। जीजीआईसी की गाइड की छात्राओं के सांस्कृतिक कार्यक्रम की सराहना की गई ।
थाना को0 देहात पुलिस द्वारा दहेज मृत्यु के मामले में 02 वांछित अभियुक्तो को किया गया गिरफ्तार

*कार्यवाही-*
गोण्डा। दिनांक 19.07.2026 को थाना कोतवाली देहात पर पंजीकृत मु0अ0सं0 716/2026, धारा 85, 80(2) बीएनएस व धारा 3/4 दहेज प्रतिषेध अधिनियम से संबंधित वांछित अभियुक्तों की गिरफ्तारी हेतु पुलिस टीम द्वारा तलाश की जा रही थी। इसी क्रम में पुलिस टीम ने ग्राम कैथौला डीहा स्थित अभियुक्तों के घर पर दबिश देकर मुकदमे से संबंधित 02 वांछित अभियुक्तों जय देवी एवं रामप्रकाश तिवारी को गिरफ्तार कर लिया। आवश्यक विधिक कार्यवाही पूर्ण कर दोनों अभियुक्तों को माननीय न्यायालय रवाना किया गया।

*घटना का संक्षिप्त विवरण-*

वादी मुरलीधर दूबे निवासी नदईपुरवा बमडेरा, थाना कटरा बाजार, जनपद गोण्डा द्वारा थाना कोतवाली देहात में तहरीर दी गई कि उनकी पुत्री का विवाह दिनांक 07.05.2025 को हिंदू रीति-रिवाज के अनुसार रामप्रकाश तिवारी पुत्र सुभाष चन्द्र तिवारी निवासी ग्राम कैथौला डीहा, थाना कोतवाली देहात के साथ हुआ था। आरोप है कि विवाह के कुछ समय बाद ही दहेज की मांग को लेकर ससुराल पक्ष के लोगों द्वारा आंचल को शारीरिक एवं मानसिक रूप से प्रताड़ित किया जाने लगा। इस संबंध में मृतका द्वारा अपने मायके पक्ष को भी जानकारी दी गई थी। परिजनों एवं अन्य लोगों द्वारा ससुराल पक्ष को समझाने का प्रयास किया गया, लेकिन दिनांक 19.07.2026 को सूचना मिली कि आंचल की संदिग्ध परिस्थितियों में मृत्यु हो गई है। वादी की तहरीर के आधार पर थाना कोतवाली देहात में सुसंगत धाराओं में अभियोग पंजीकृत किया गया था।
मण्डलायुक्त दुर्गा शक्ति नागपाल ने नवीन मंडी स्थित धान क्रय केंद्र का किया औचक निरीक्षण

*धान खरीद में पारदर्शिता, किसानों को आवश्यक सुविधाएं एवं उपज का समयबद्ध भुगतान सुनिश्चित करने के दिए निर्देश*

*संभागीय खाद्य अधिकारी को मण्डल के सभी जनपदों में धान खरीद की व्यवस्थाएं दुरुस्त रखने के दिए निर्देश*

गोण्डा। मण्डलायुक्त दुर्गा शक्ति नागपाल ने नवीन मंडी परिसर स्थित धान क्रय केंद्र का औचक निरीक्षण कर धान खरीद की व्यवस्थाओं एवं किसानों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने धान की गुणवत्ता जांच, खरीद प्रक्रिया एवं संबंधित अभिलेखों का अवलोकन किया तथा अब तक हुई खरीद की प्रगति के संबंध में जानकारी प्राप्त की।

मण्डलायुक्त ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि शासन की मंशा के अनुरूप किसानों से निर्धारित मानकों के अनुसार पूरी पारदर्शिता एवं निष्पक्षता के साथ धान खरीद सुनिश्चित की जाए। क्रय केंद्रों पर पेयजल, बैठने सहित सभी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध रहें, ताकि किसानों को अपनी उपज बेचने में किसी प्रकार की असुविधा न हो।

उन्होंने किसानों द्वारा विक्रय किए गए धान का नियमानुसार समयबद्ध भुगतान सुनिश्चित करने तथा खरीद प्रक्रिया में अनावश्यक विलंब न होने पर विशेष जोर दिया। साथ ही खरीद से संबंधित अभिलेखों को अद्यतन रखने एवं शासन द्वारा निर्धारित दिशा-निर्देशों का शत-प्रतिशत अनुपालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

मण्डलायुक्त ने मौके पर मौजूद संभागीय खाद्य अधिकारी को निर्देशित किया कि देवीपाटन मण्डल के सभी जनपदों गोण्डा, बहराइच, बलरामपुर एवं श्रावस्ती में धान खरीद से संबंधित समस्त व्यवस्थाएं एवं आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित कराई जाए। सभी क्रय केंद्रों का नियमित पर्यवेक्षण करते हुए पारदर्शी एवं सुचारु खरीद व्यवस्था बनाए रखी जाए तथा किसानों को शासन द्वारा निर्धारित सुविधाओं का लाभ दिलाया जाए।

मण्डलायुक्त ने स्पष्ट किया कि धान खरीद में किसी भी प्रकार की लापरवाही, अनियमितता अथवा किसानों के हितों की अनदेखी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सभी संबंधित अधिकारी अपनी जिम्मेदारियों का गंभीरता से निर्वहन करें, ताकि किसानों को उनकी उपज का उचित मूल्य एवं समयबद्ध भुगतान सुनिश्चित हो सके।