आईटीआई सहादतपुरा में 14 सितंबर को लगेगा रोजगार मेला, अडानी सोलर में मिलेगा नौकरी का अवसर

मऊ। बेरोजगार युवाओं को रोजगार का अवसर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (आईटीआई) सहादतपुरा एवं जिला सेवायोजन कार्यालय, मऊ के संयुक्त तत्वावधान में 14 सितंबर 2026 को एक दिवसीय रोजगार मेला आयोजित किया जाएगा। रोजगार मेले का आयोजन आईटीआई सहादतपुरा परिसर में सुबह 10 बजे से होगा।

प्रधानाचार्य आईटीआई अरुण यादव ने बताया कि रोजगार मेले में निजी क्षेत्र की प्रतिष्ठित अडानी सोलर कंपनी, गुजरात द्वारा असेंबली ट्रेनी पद के लिए अभ्यर्थियों का चयन किया जाएगा। इस भर्ती में हाईस्कूल, इंटरमीडिएट, आईटीआई, डिप्लोमा, बीएससी, बीटेक एवं बीकॉम सहित निर्धारित शैक्षिक योग्यता रखने वाले अभ्यर्थी प्रतिभाग कर सकते हैं।

चयनित अभ्यर्थियों को उनकी शैक्षिक योग्यता के अनुसार 16,645 से 18,640 रुपये प्रतिमाह तक वेतन दिया जाएगा। रोजगार मेले में शामिल होने के लिए अभ्यर्थियों का रोजगार संगम पोर्टल पर पंजीकरण अनिवार्य है।

इच्छुक अभ्यर्थी 14 सितंबर को आवश्यक शैक्षिक प्रमाण-पत्रों एवं अन्य अभिलेखों के साथ आईटीआई सहादतपुरा पहुंचकर चयन प्रक्रिया में शामिल हो सकते हैं। जिला सेवायोजन कार्यालय एवं आईटीआई प्रशासन ने अधिक से अधिक बेरोजगार युवाओं से रोजगार मेले में पहुंचकर इस अवसर का लाभ उठाने की अपील की है।

साइबर ठगी के शिकार पीड़ित को वापस मिले 10 हजार रुपये

मऊ साइबर पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई कर यूपीआई से फ्रॉड हुई रकम कराई वापस

मऊ। साइबर ठगी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत मुहम्मदाबाद गोहना पुलिस एवं साइबर पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए यूपीआई के माध्यम से फ्रॉड की गई 10,012 रुपये की पूरी धनराशि पीड़ित को वापस करा दी।

पुलिस अधीक्षक मऊ कमलेश बहादुर के निर्देशन, अपर पुलिस अधीक्षक अनूप कुमार के पर्यवेक्षण तथा क्षेत्राधिकारी नगर जितेन्द्र सिंह के नेतृत्व में साइबर पुलिस टीम ने यह कार्रवाई की। पुलिस के अनुसार मुहम्मदाबाद गोहना थाना क्षेत्र के बंदीकला गांव निवासी गुड्डी प्रजापति के खाते से यूपीआई के माध्यम से 10,012 रुपये की साइबर ठगी की गई थी। शिकायत मिलने के बाद पुलिस टीम ने मामले में आवश्यक कार्रवाई करते हुए MRM पोर्टल के माध्यम से ठगी की रकम पीड़ित के खाते में वापस करा दी।

रकम वापस मिलने पर पीड़ित ने पुलिस टीम के प्रति आभार जताया। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि ऑनलाइन लेनदेन के दौरान विशेष सावधानी बरतें और किसी अनजान व्यक्ति को ओटीपी, बैंक संबंधी जानकारी या गोपनीय विवरण साझा न करें।

पुलिस ने अज्ञात लिंक, फर्जी कॉल, केवाईसी अपडेट, ऑनलाइन निवेश, लोन और पार्ट टाइम जॉब के नाम पर होने वाली ठगी से भी सतर्क रहने की अपील की। साइबर ठगी होने पर तत्काल 1930 पर शिकायत करें या cybercrime.gov.in पर ऑनलाइन शिकायत दर्ज कराएं।

आत्महत्या के लिए उकसाने के मामले में वांछित एक नफर अभियुक्त को किया गया गिरफ्तार

पुलिस अधीक्षक मऊ कमलेश बहादुर के निर्देशन में अपराध/ अपराधियों के विरुद्ध चलाये जा रहे अभियान के क्रम में अपर पुलिस अधीक्षक अनूप कुमार के कुशल पर्यवेक्षण एवं क्षेत्राधिकारी नगर नितेश प्रताप सिंह के कुशल निर्देशन में थाना सरायलखंसी पुलिस टीम द्वारा दिनांक- 08.09.2026 को ग्राम रकौली सरायलखंसी से मु0अ0सं0- 248/2026 धारा 108 बी.एन.एस. थाना सरायलखंसी जनपद मऊ से सम्बन्धित एक नफर अभियुक्त सत्यप्रकाश यादव उर्फ पिन्टू पुत्र स्व0 स्वामीनाथ यादव निवासी ग्राम रकौली थाना सरायलखंसी जनपद मऊ गिरफ्तार किया गया । अभियुक्त का चालान माननीय न्यायालय किया गया ।

पंजीकृत अभियोग का विवरण

1. मु0अ0सं0- 248/2026 धारा 108 बी.एन.एस. थाना सरायलखंसी जनपद मऊ ।

गिरफ्तार अभियुक्त का नाम, पता

1. सत्यप्रकाश यादव उर्फ पिन्टू पुत्र स्व0 स्वामीनाथ यादव निवासी ग्राम रकौली थाना सरायलखंसी जनपद मऊ ।

गिरफ्तारी का दिनांक व स्थान

1.दिनांक- 08.09.2026

2.स्थान- ग्राम रकौली सरायलखंसी ।

यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध व्यापक चेकिंग अभियान चलाया गया

मऊ -: पुलिस अधीक्षक मऊ कमलेश बहादुर के निर्देशन में दिनांक 08.09.2026 को जनपद मऊ के समस्त थाना क्षेत्रान्तर्गत संदिग्ध व्यक्तियों/ वाहनो व यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध व्यापक चेकिंग अभियान चलाया गया

इस अभियान के अंतर्गत 34 टीम गठित कर जनपद के 34 स्थानों पर बदल बदलकर लगभग 1380 सदिग्ध वाहनो/व्यक्तियो को चेक किया गया जिसमें यातायात के नियमों का पालन न करने पर 584 वाहनों को विभिन्न धाराओ में चालान व 06 वाहनो को सीज किया गया, साथ ही साथ अन्य लोगों को हिदायत भी दी गयी तथा यातायात नियमों के प्रति जागरूकता बढ़ाने हेतु वाहन चालकों को नियमों का पालन करने के लिए प्रेरित किया गया ।

पुलिस अधीक्षक मऊ द्वारा आमजन से अपील की गई है कि वे यातायात नियमों का पालन करें, हेलमेट एवं सीट बेल्ट का अनिवार्य रूप से प्रयोग करें एवं गलत स्थानो पर पार्किंग नही करे तथा सुरक्षित यातायात में सहयोग प्रदान करें ।

मऊ राजकीय महिला महाविद्यालय में छात्राओं की सुविधा के लिए शक्ति सिंह की पहल

कुर्सियां, वाटर कूलर और छतरियां कराईं उपलब्ध; शिक्षा और जनसेवा को बताया प्राथमिकता

मऊ। राजकीय महिला महाविद्यालय में छात्राओं की सुविधाओं को बेहतर बनाने की दिशा में भारतीय जनता युवा मोर्चा के राष्ट्रीय कार्यकारिणी सदस्य एवं पश्चिम बंगाल प्रभारी तथा दिल्ली विश्वविद्यालय के पूर्व छात्रसंघ अध्यक्ष शक्ति सिंह ने पहल की है। महाविद्यालय में सरकारी योजनाओं के तहत उपलब्ध सुविधाओं के अतिरिक्त उन्होंने अपनी ओर से कुर्सियां, वाटर कूलर और बारिश से बचाव के लिए छतरियां उपलब्ध कराईं।

शक्ति सिंह ने अपने जन्मदिन के अवसर पर राजकीय महिला महाविद्यालय को गोद लेने की पहल की थी।

इसी क्रम में महाविद्यालय की आवश्यकताओं और छात्राओं की सुविधाओं को ध्यान में रखते हुए लगातार सहयोग किया जा रहा है। गर्मी के मौसम में छात्राओं को ठंडा पेयजल उपलब्ध कराने के लिए वाटर कूलर तथा बरसात के दौरान होने वाली परेशानी से बचाने के लिए छतरियों की व्यवस्था की गई। इसके साथ ही छात्राओं के बैठने की सुविधा के लिए अतिरिक्त कुर्सियां भी उपलब्ध कराई गई हैं।

अमारी गांव में बदहाल सड़क से ग्रामीण परेशान

मऊ: ग्राम सभा अमारी में सड़क की बदहाली से ग्रामीण परेशान, जिम्मेदारों की अनदेखी!

जनपद मऊ के ग्राम सभा अमारी में श्री रामचंद्र इंटर कॉलेज से मुख्य गांव की ओर जाने वाली सड़क की हालत बेहद खराब हो चुकी है। सड़क पर जगह-जगह गड्ढे और जलभराव के कारण लोगों को आवागमन में भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।

इस मार्ग से स्कूल जाने वाले छात्र-छात्राओं के साथ-साथ आम ग्रामीणों का भी रोजाना आवागमन होता है। सड़क की खराब स्थिति के चलते बच्चों और बुजुर्गों को विशेष दिक्कत हो रही है।

ग्रामीणों का कहना है कि ठाकुर जी का मंदिर एवं पंचायत भवन और पानी की टंकी तक पहुंचने के लिए भी उचित रास्ते की व्यवस्था नहीं है। ऐसे में किसी आपात स्थिति में मरीजों को स्वास्थ्य केंद्र तक पहुंचाना भी मुश्किल हो जाता है।

ग्रामीणों का आरोप है कि बार-बार समस्या की ओर ध्यान आकर्षित कराने के बावजूद जनप्रतिनिधियों और जिम्मेदार अधिकारियों का इस ओर पर्याप्त ध्यान नहीं है। ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि सड़क की तत्काल मरम्मत कराकर सुचारु आवागमन की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।

क्या जिम्मेदार इस गंभीर समस्या का संज्ञान लेकर जल्द कार्रवाई करेंगे?

जनपद मऊ -: जर्जर सड़क और जलभराव से परेशान ग्रामीणों का प्रदर्शन

एक सप्ताह में समाधान न होने पर आत्मदाह की चेतावनी

मुहम्मदाबाद गोहना (मऊ) : गाजीपुर-आजमगढ़ सीमा पर बसे तहसील क्षेत्र के जसड़ा सचुई गांव में नाले-नालियों और सड़क की बदहाल स्थिति से ग्रामीणों में आक्रोश है। गांव से होकर गुजरने वाली मुख्य सड़क करीब 15 से 20 गांवों को जोड़ती है, लेकिन लंबे समय से मरम्मत न होने के कारण सड़क जगह-जगह गड्ढों में तब्दील हो गई है।

बारिश के बाद इन गड्ढों में पानी भर जाने से राहगीरों और ग्रामीणों को आवागमन में भारी परेशानी उठानी पड़ रही है। समस्या से नाराज दर्जनों ग्रामीणों ने सोमवार को गांव की मुख्य सड़क पर पहुंचकर विरोध प्रदर्शन किया। ग्रामीण बरसात के पानी के बीच बैठकर सड़क और जलनिकासी व्यवस्था की बदहाली के खिलाफ आवाज उठाते रहे।

ग्रामीणों का आरोप है कि पांच साल का कार्यकाल बीत जाने के बाद भी सांसद, विधायक, जिला पंचायत सदस्य और संबंधित ग्राम प्रधान ने समस्या की सुध नहीं ली। ग्रामीणों ने मांग की कि संबंधित विभाग के अधिकारी मौके पर पहुंचकर सड़क, नाले और नालियों की समस्या का तत्काल समाधान कराएं। प्रदर्शन में शामिल मोहम्मद हाशिम ने चेतावनी दी कि यदि एक सप्ताह के भीतर समस्या का समाधान नहीं हुआ तो वह आत्मदाह जैसा कदम उठाने को मजबूर होंगे। प्रदर्शन में हाशिम अहमद, सेराज शाह, राज गुप्ता,रामलाल श्रीवास्तव, मोहम्मद जाहिद, इकबाल, राधेश्याम, गुंजा कश्यप समेत दर्जनों ग्रामीण मौजूद रहे।

मऊ में वार्डों की समस्याओं को लेकर मुनव्वर मुर्गा ने सौंपा ज्ञापन

मऊ। नगर क्षेत्र के कई वार्डों में व्याप्त विभिन्न जनसमस्याओं को लेकर मुनव्वर मुर्गा के नेतृत्व में लोगों ने सिटी मजिस्ट्रेट को ज्ञापन सौंपा। इस दौरान बड़ी संख्या में महिलाएं, पुरुष और बच्चे भी मौजूद रहे।

प्रदर्शनकारियों ने वार्डों में सड़क, नाली, साफ-सफाई, जल निकासी समेत अन्य स्थानीय समस्याओं के समाधान की मांग उठाई। लोगों का कहना है कि लंबे समय से समस्याओं के कारण आमजन को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।

मुनव्वर मुर्गा ने प्रशासन से मांग की कि जनसमस्याओं का जल्द संज्ञान लेकर संबंधित विभागों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए जाएं, ताकि लोगों को राहत मिल सके।

लिट्टी चोखा और गोठा की भेली को मिलेगा स्मार्ट पैकेजिंग का नया स्वरूप

ODOP के चयनित उद्यमियों की एक दिवसीय कार्यशाला 8 सितंबर को कलेक्ट्रेट सभागार में

मऊ। जिले के पारंपरिक व्यंजन लिट्टी चोखा एवं गोठा की भेली को बड़े बाजार और आधुनिक पहचान दिलाने की दिशा में उद्योग विभाग ने विशेष पहल की है। एक जनपद एक व्यंजन (ODOP) कार्यक्रम के तहत चयनित उद्यमियों को आधुनिक, सुरक्षित और आकर्षक पैकेजिंग की जानकारी देने के लिए 8 सितंबर 2026 को एक दिवसीय कार्यशाला आयोजित की जाएगी।

उपायुक्त उद्योग, जिला उद्योग प्रोत्साहन एवं उद्यमिता विकास केंद्र, मऊ ने बताया कि कार्यशाला का आयोजन भारतीय पैकेजिंग संस्थान (आईआईपी) के माध्यम से द्वितीय चरण में किया जा रहा है। कार्यशाला कलेक्ट्रेट सभागार, मऊ में प्रातः 11 बजे से अपराह्न 2 बजे तक आयोजित होगी।

कार्यशाला का मुख्य उद्देश्य लिट्टी चोखा एवं गोठा की भेली जैसे पारंपरिक व्यंजनों की शेल्फ लाइफ बढ़ाने, ईको-फ्रेंडली, सुरक्षित एवं स्मार्ट पैकेजिंग को बढ़ावा देने तथा क्यूआर कोड, न्यूट्रिशन लेबलिंग और बारकोड आधारित पैकेजिंग प्रणाली की जानकारी देना है। उद्यमियों को थीम-बेस्ड एवं एक्सपोर्ट-रेडी पैकेजिंग के लिए भी प्रशिक्षित किया जाएगा।

कार्यशाला में खाद्य सुरक्षा एवं स्वच्छता मानक, उचित लेबलिंग, गुड मैन्युफैक्चरिंग प्रैक्टिस (GMP), गुड हाइजीन प्रैक्टिस (GHP) तथा खाद्य लाइसेंस एवं पंजीकरण से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी दी जाएगी। जरूरतमंद उद्यमियों को लाइसेंस व पंजीकरण के लिए आवेदन करने में सहयोग भी प्रदान किया जाएगा।

उपायुक्त उद्योग ने सभी ODOP पंजीकृत उद्यमियों, विशेष रूप से लिट्टी चोखा, गोठा की भेली के निर्माताओं और पैकेजिंग क्षेत्र से जुड़े उद्यमियों से कार्यशाला में अनिवार्य रूप से प्रतिभाग करने की अपील की है।

मऊ कन्या सुमंगला योजना के लिए रानीपुर ब्लॉक में 8 सितंबर को लगेगा कैंप

पात्र बालिकाओं को मिलेगी योजना की जानकारी, आवेदन और समस्याओं के निस्तारण में भी होगा सहयोग

मऊ। मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना का लाभ अधिक से अधिक पात्र बालिकाओं तक पहुंचाने के उद्देश्य से महिला कल्याण विभाग द्वारा 8 सितंबर 2026 को रानीपुर विकासखंड परिसर में विशेष कैंप आयोजित किया जाएगा। कैंप का आयोजन प्रातः 11:30 बजे से किया जाएगा।

जिला प्रोबेशन अधिकारी डॉ. श्वेता त्रिपाठी ने बताया कि मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना से संबंधित समस्याओं, कठिनाइयों एवं शिकायतों के त्वरित निस्तारण के लिए जनपद एवं ब्लॉक स्तर पर आवश्यक कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में योजना के व्यापक प्रचार-प्रसार तथा पात्र लाभार्थियों को सही जानकारी उपलब्ध कराने के उद्देश्य से रानीपुर विकासखंड में कैंप लगाया जा रहा है।

कैंप के माध्यम से बालिकाओं और उनके अभिभावकों को मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना के पात्रता मानदंड, आवेदन प्रक्रिया एवं योजना के अंतर्गत मिलने वाले लाभ के बारे में विस्तार से जानकारी दी जाएगी। इसके साथ ही पात्र लाभार्थियों को आवेदन करने के लिए आवश्यक दस्तावेजों और प्रक्रिया के संबंध में मार्गदर्शन भी प्रदान किया जाएगा।

महिला कल्याण विभाग की ओर से कैंप में आने वाले लोगों की योजना से संबंधित समस्याओं एवं शिकायतों को सुनकर उनके समाधान के लिए आवश्यक सहयोग भी किया जाएगा।

जिला प्रशासन ने रानीपुर क्षेत्र की सभी पात्र बालिकाओं एवं उनके अभिभावकों से अपील की है कि वे अधिक से अधिक संख्या में कैंप में पहुंचें, योजना की जानकारी प्राप्त करें और पात्रता के अनुसार मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना का लाभ उठाएं।