साइबर ठगी के शिकार युवक के 26,660 रुपये पुलिस ने कराए वापस

फर्जी वीडियो को लेकर डराया-धमकाया, यूपीआई के जरिए खाते से निकाली गई थी रकम

मऊ। साइबर ठगी के शिकार एक व्यक्ति को दक्षिणटोला थाना पुलिस और साइबर टीम ने बड़ी राहत दिलाते हुए ठगी गई 26,660 रुपये की पूरी धनराशि वापस करा दी। पुलिस की इस कार्रवाई से पीड़ित को राहत मिली है।

पुलिस अधीक्षक मऊ कमलेश बहादुर के निर्देशन में साइबर अपराध की रोकथाम एवं आमजन को जागरूक करने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई। अपर पुलिस अधीक्षक अनूप कुमार के पर्यवेक्षण तथा क्षेत्राधिकारी नगर नितेश प्रताप सिंह के नेतृत्व में दक्षिणटोला थाना की साइबर पुलिस टीम ने मामले में प्रभावी कार्रवाई की।

पुलिस के अनुसार, पीड़ित एम. बसरत पुत्र नदीम अहमद, निवासी ग्राम प्यारेपुरा, थाना दक्षिणटोला, जनपद मऊ के मोबाइल पर साइबर ठगों ने संपर्क किया। आरोप है कि ठगों ने गलत वीडियो देखने आदि को लेकर पीड़ित को डराया-धमकाया और दबाव बनाकर यूपीआई के माध्यम से उसके खाते से कुल 26,660 रुपये की ठगी कर ली।

पीड़ित द्वारा शिकायत किए जाने के बाद साइबर पुलिस टीम ने तत्परता दिखाते हुए संबंधित लेन-देन की जानकारी जुटाई और MRM पोर्टल के माध्यम से ठगी गई पूरी धनराशि पीड़ित के खाते में वापस करा दी।

पुलिस अधीक्षक ने लोगों से अपील की कि किसी भी अज्ञात लिंक पर क्लिक न करें और फर्जी कॉल, केवाईसी अपडेट, निवेश, लोन, पार्ट टाइम जॉब अथवा ओटीपी साझा करने से सावधान रहें। साइबर ठगी होने पर तत्काल 1930 पर शिकायत करें अथवा cybercrime.gov.in पर ऑनलाइन शिकायत दर्ज कराएं।

मऊ में पुलिस का बड़ा सघन चेकिंग अभियान, 1727 संदिग्धों व वाहनों की जांच, 577 के चालान

मऊ। जिले में कानून-व्यवस्था को मजबूत बनाए रखने और संदिग्ध गतिविधियों पर प्रभावी रोक लगाने के लिए रविवार रात मऊ पुलिस ने व्यापक सघन चेकिंग एवं गश्त अभियान चलाया। पुलिस अधीक्षक स्वयं विभिन्न थाना क्षेत्रों में भ्रमण कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेते रहे।

पुलिस अधीक्षक ने घोसी, मुहम्मदाबाद गोहना, दक्षिणटोला, कोतवाली नगर और सरायलखंसी समेत विभिन्न थाना क्षेत्रों में पहुंचकर पुलिसकर्मियों की ड्यूटी का निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों को सतर्कता के साथ ड्यूटी करने और संदिग्ध गतिविधियों की सूचना मिलने पर तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए।

अभियान के दौरान सभी थाना क्षेत्रों में पुलिस टीमों ने संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की गहन जांच की। दोपहिया वाहनों पर तीन सवारी, बिना हेलमेट वाहन चलाने, चारपहिया वाहनों में ओवरलोडिंग, सीट बेल्ट, वाहन के कागजात सहित यातायात नियमों की जांच की गई।

इस अभियान में 45 पुलिस टीमों को लगाया गया। जिले के 45 स्थानों पर करीब 1727 संदिग्ध व्यक्तियों एवं वाहनों की जांच की गई। यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले 577 वाहनों के चालान किए गए, जबकि गंभीर अनियमितता पाए जाने पर 8 वाहनों को सीज किया गया।

पुलिस की इस व्यापक कार्रवाई से देर रात तक प्रमुख मार्गों और सार्वजनिक स्थलों पर पुलिस की सक्रियता बनी रही। पुलिस ने वाहन चालकों को यातायात नियमों का पालन करने और सुरक्षित वाहन संचालन की हिदायत दी।

पुलिस अधीक्षक ने निर्देश दिया कि पुलिस टीमें लगातार क्षेत्र में भ्रमणशील रहें और संदिग्ध व्यक्तियों, वाहनों एवं गतिविधियों पर पैनी नजर बनाए रखें। मऊ पुलिस का यह सघन चेकिंग एवं गश्त अभियान आगे भी जारी रहेगा।

मऊ नगर पालिका में अनियमितताओं का आरोप, भाकियू (भानू) ने मुख्यमंत्री से उच्चस्तरीय जांच की मांग


मऊ। भारतीय किसान यूनियन (भानू) के जिलाध्यक्ष फैयाज अख्तर ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को शिकायती पत्र एवं ज्ञापन भेजकर नगर पालिका सदर, मऊ के कर्मचारियों, अधिकारियों, चेयरमैन और इंजीनियर पर लापरवाही व कथित अनियमितताओं के गंभीर आरोप लगाए हैं।

ज्ञापन में आरोप लगाया गया है कि वर्ष 2025-26 में विकास कार्यों के लिए स्वीकृत बजट में कमीशन के नाम पर कथित रूप से करोड़ों रुपये की बंदरबांट की जा रही है, जिसके कारण नाली, इंटरलॉकिंग, आरसीसी और पक्की सड़कों की स्थिति खराब बनी हुई है।

फैयाज अख्तर ने कहा कि नगर पालिका क्षेत्र में टूटी सड़कें, बंद स्ट्रीट लाइटें, नालों की टूटी पट्टियां, दूषित पेयजल और सफाई व्यवस्था की कमी जैसी समस्याओं से आम जनता परेशान है। उन्होंने आरोप लगाया कि स्थानीय प्रशासन और नगर पालिका की कथित लापरवाही से सरकार की छवि प्रभावित हो रही है और लोगों में आक्रोश बढ़ रहा है।

भाकियू (भानू) जिलाध्यक्ष ने मुख्यमंत्री से मामले का संज्ञान लेते हुए उच्चस्तरीय जांच, दोषी पाए जाने वाले कर्मचारियों व अधिकारियों के साथ चेयरमैन के खिलाफ नियमानुसार दंडात्मक प्रशासनिक कार्रवाई तथा जनसमस्याओं के शीघ्र समाधान की मांग की है।

सांसद राजीव राय का जन्मदिन धूमधाम से मनाया गया
जनपद मऊ के घोसी लोकसभा क्षेत्र के लोकप्रिय सांसद राजीव राय जी का जन्मदिन उनके आवास पर समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ताओं एवं घोसी लोकसभा क्षेत्र की जनता ने धूमधाम से मनाया।

इस अवसर पर बड़ी संख्या में कार्यकर्ता, समर्थक एवं क्षेत्रवासी उनके आवास पर पहुंचे और सांसद राजीव राय को जन्मदिन की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। लोगों ने उनके स्वस्थ, सुखी एवं दीर्घायु जीवन की कामना की।

जन्मदिन समारोह के दौरान कार्यकर्ताओं और समर्थकों में खासा उत्साह देखने को मिला।
मऊ में सम्पन्न हुआ आजमगढ़ मंडल का PDA व्यापारी सम्मेलन
व्यापारियों के सम्मान, सुरक्षा और हितों के लिए समाजवादी व्यापार सभा सड़क से सदन तक संघर्ष करेगी: प्रदीप जायसवाल

मऊ, 6 सितंबर। समाजवादी व्यापार सभा, उत्तर प्रदेश के नेतृत्व में रविवार को नगरपालिका कम्युनिटी हाल, मऊ में आजमगढ़ मंडल का PDA व्यापारी सम्मेलन आयोजित किया गया। सम्मेलन में मऊ, आजमगढ़, बलिया सहित मंडल के विभिन्न क्षेत्रों से बड़ी संख्या में व्यापारी, पदाधिकारी एवं समाजवादी कार्यकर्ता शामिल हुए।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि समाजवादी व्यापार सभा के प्रदेश अध्यक्ष मा.प्रदीप जायसवाल रहे। विशिष्ट अतिथि के रूप में डॉ. अजय चौरसिया उपस्थित रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता समाजवादी पार्टी के जिलाध्यक्ष दूधनाथ यादव ने की, जबकि स्वागत अध्यक्ष पूर्व चेयरमैन अजय गुप्ता रहे।

कार्यक्रम का संयुक्त रूप से संचालन जिला महासचिव कुद्दुस अंसारी एवं व्यापार सभा के जिलाध्यक्ष शिवम कुमार सोनी ने किया।

व्यापारियों की समस्याओं को लेकर सड़क से सदन तक संघर्ष होगा: प्रदीप जायसवाल

मुख्य अतिथि एवं समाजवादी व्यापार सभा के प्रदेश अध्यक्ष मा.प्रदीप जायसवाल ने अपने संबोधन में कहा कि व्यापारी देश और प्रदेश की अर्थव्यवस्था की रीढ़ हैं। छोटे, मध्यम एवं लघु व्यापारियों ने रोजगार सृजन के साथ-साथ देश की अर्थव्यवस्था को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है, लेकिन आज व्यापारी अनेक समस्याओं से जूझ रहे हैं।

उन्होंने कहा कि महंगाई, बाजार में घटती क्रय शक्ति, ऑनलाइन व्यापार की बढ़ती प्रतिस्पर्धा, जीएसटी से जुड़ी जटिलताएं, अधिकारियों की अनावश्यक जांच-पड़ताल, बढ़ते व्यावसायिक खर्च और व्यापारियों की सुरक्षा जैसे मुद्दे गंभीर हैं।

छोटे व्यापारियों को ऐसा वातावरण मिलना चाहिए, जिसमें वे बिना भय और अनावश्यक दबाव के अपना व्यापार कर सकें।
उन्होंने कहा कि समाजवादी व्यापार सभा व्यापारियों की समस्याओं को केवल मंच तक सीमित नहीं रखेगी, बल्कि व्यापारी हितों की आवाज को सड़क से लेकर सदन तक मजबूती से उठाया जाएगा। उन्होंने PDA की विचारधारा के तहत समाज के सभी वर्गों के व्यापारियों को एकजुट होकर संगठन को मजबूत करने का आह्वान किया।

प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि व्यापारियों को अपने अधिकारों के प्रति जागरूक होने के साथ-साथ संगठनात्मक रूप से मजबूत होना होगा। जब व्यापारी एकजुट होकर अपनी आवाज उठाएंगे, तभी उनकी समस्याओं का प्रभावी समाधान संभव होगा। उन्होंने कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों से बाजार एवं कस्बे स्तर तक संगठन को मजबूत करने तथा अधिक से अधिक व्यापारियों को समाजवादी व्यापार सभा से जोड़ने का आह्वान किया।

विशिष्ट अतिथि प्रदेश सचिव डॉ अजय चौरसिया  ने कहा कि समाजवादी व्यापार सभा प्रदेश के प्रत्येक जिले में व्यापारियों के बीच पहुंचकर उनकी समस्याओं को समझने और उनके समाधान के लिए संघर्ष कर रही है। उन्होंने कहा कि व्यापारी समाज को सम्मान, सुरक्षा और बेहतर व्यापारिक वातावरण उपलब्ध कराना संगठन की प्राथमिकता है।
सम्मेलन को प्रदेश सचिव मनीष गुप्ता, प्रदेश सचिव राजेश गुप्ता, प्रदेश सचिव अभिषेक मद्धेशिया,प्रदेश सदस्य बनारसी वर्मा, बलिया जिलाध्यक्ष उमेश सर्राफ एवं आजमगढ़ जिलाध्यक्ष संदीप रजत सेठ ने भी संबोधित किया। वक्ताओं ने व्यापारियों की समस्याओं, संगठन की मजबूती तथा PDA की विचारधारा को जन-जन तक पहुंचाने पर अपने विचार रखे।

कार्यक्रम में वक्ताओं ने कहा कि समाजवादी व्यापार सभा व्यापारियों के हितों को लेकर निरंतर संघर्ष करती रहेगी और छोटे तथा मध्यम व्यापारियों की समस्याओं को प्राथमिकता के साथ उठाया जाएगा।

सम्मेलन में उपस्थित व्यापारियों एवं पदाधिकारियों ने संगठन को मंडल, जिला, बाजार एवं बूथ स्तर तक मजबूत करने तथा अधिक से अधिक व्यापारियों को संगठन से जोड़ने का संकल्प लिया।

कार्यक्रम के अंत में आयोजक अभिषेक मद्धेशिया ने मुख्य अतिथि, प्रदेश अध्यक्ष, विशिष्ट अतिथि, सभी पदाधिकारियों, व्यापारी बंधुओं एवं समाजवादी कार्यकर्ताओं का आभार व्यक्त किया इस अवसर पर घोसी सांसद राजीव राय जी, उमेश सर्राफ, संदीप रजत सेठ,बनारसी वर्मा ,मनीष साहू ,हिमांशु गुप्ता, हरिद्वार राय,मुकेश मद्धेशिया, विकास मद्धेशिया, लालबिहारी गुप्ता ,कालिंदी ,पवन मद्धेशिया,भारद्वाज,हेमराज मद्धेशिया, सितारा यादव,रामप्रकाश यादव ,शोभा सिंह यादव,उमेश यादव,हरेंद्र यादव,
जनपद मऊ -:  मुहम्मदाबाद गोहना विधानसभा में  बड़ा खेल  राजीव राय से मिले धर्म सिंह गौतम, सियासी हलचल तेज

मुहम्मदाबाद गोहना सुरक्षित विधानसभा सीट पर 2027 के चुनाव को लेकर सियासी चर्चाएं तेज हो गई हैं। बसपा नेता और पूर्व विधानसभा प्रत्याशी रहे डॉ. धर्म सिंह गौतम रविवार को घोसी के  सांसद राजीव राय को जन्मदिन की शुभकामनाएं देने उनके मऊ कार्यालय  पर पहुंच गए।

घोसी के सांसद राजीव राय से धर्म सिंह गौतम की इस मुलाकात के बाद मुहम्मदाबाद गोहना की राजनीति में तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं। इस अवसर पर सपा के कुछ कदावर नेता भी साथ रहे अब सवाल उठ रहा है कि क्या 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले कोई नया सियासी समीकरण आकार ले रहा है।

बीते विधानसभा 2022 के चुनाव में धर्म सिंह गौतम बसपा के टिकट पर मैदान में थे और उन्हें 56,350 वोट मिले थे। वह तीसरे स्थान पर रहे यह सीट सपा के राजेंद्र कुमार के पास है जो इस समय निर्वाचित विधायक है।

हालांकि, बसपा ने जुलाई 2026 को मुहम्मदाबाद गोहना सुरक्षित सीट से अक्षयदीप उर्फ जे. के. आजाद को प्रभारी प्रत्याशी घोषित किया है। जिनका एक कार्यकर्ता सम्मेलन में बसपा कार्यकर्ताओं ने विरोध प्रकट करते हुए बाहरी भागो का नारा भी दिया था ऐसे में धर्म सिंह गौतम और राजीव राय की मुलाकात ने राजनीतिक चर्चाओं को और हवा दे दी है।

अब देखना दिलचस्प होगा कि यह मुलाकात सिर्फ जन्मदिन की शुभकामना तक सीमित रहती है या 2027 में कोई नया गुल खिलाया जाता है वैसे भी निर्वाचित विधायक का क्षेत्र में विरोध जगह-जगह होने लगा है जिसको लेकर समाजवादी पार्टी कोई नया गेम भी खेल सकती है विधानसभा में सबसे अधिक टिकट की दावेदारी समाजवादी पार्टी में नेताओं द्वारा किया जा रहा है अब देखना है कि राष्ट्रीय स्तर पर किसको समाजवादी पार्टी प्रत्याशी घोषित करती है या निर्वाचित विधायक राजेंद्र कुमार को ही दोबारा किला फतह करने के लिए मैदान में उतारती है अब फैसला सपा के सुप्रीमो अखिलेश यादव के हाथों में है किसको मुहम्मदाबाद गोहना सुरक्षित विधानसभा को सौपते हैं लेकिन धर्म सिंह गौतम को राजीव राय से मिलने से क्षेत्र में चर्चा शुरू हो गई है इस मौके पर डॉक्टर धर्म सिंह ने बताया कि सांसद राजीव राय हमारे संसदीय क्षेत्र के सांसद हैं इसलिए उनके जन्मदिन पर व्यक्तिगत संबंध होने के कारण उनको बधाइयां देने के लिए उनके आवास पर गए हुए थे।
जनपद मऊ -: सड़क पर खड़े बिजली के खंभे से टकराए दो युवक, दर्दनाक मौत
हादसे के बाद ग्रामीणों ने शव सड़क पर रखकर लगाया जाम, पुलिस ने समझाकर कराया शांत

मऊ। कोपागंज थाना क्षेत्र के कुर्थीजाफरपुर में रविवार को सड़क पर स्थित बिजली विभाग के खंभे से टकराने के कारण दो युवकों की दर्दनाक मौत हो गई। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। घटना की जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण और परिजन मौके पर जुट गए।

दो युवकों की मौत से आक्रोशित ग्रामीणों ने दोनों शवों को सड़क पर रखकर जाम लगा दिया। जाम की सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। आनन-फानन में पुलिस टीम मौके पर पहुंची और ग्रामीणों को समझा-बुझाकर शांत कराने का प्रयास किया।

काफी समझाने-बुझाने के बाद ग्रामीणों ने जाम समाप्त किया। इसके बाद पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया। हादसे के बाद से मृतकों के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है, वहीं गांव में मातम पसरा हुआ है।

ग्रामीणों ने सड़क पर बिजली का खंभा होने को लेकर सवाल उठाते हुए संबंधित विभाग से मामले की जांच कराने तथा भविष्य में इस तरह के हादसे रोकने के लिए आवश्यक कदम उठाने की मांग की है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
मऊ में सघन वाहन चेकिंग अभियान, बिना हेलमेट वालों पर कार्रवाई
मऊ। यातायात नियमों के पालन को लेकर पुलिस ने सघन रूटीन वाहन चेकिंग अभियान चलाया। दोपहिया वाहनों की जांच की और बिना हेलमेट चलने वाले वाहन चालकों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए चालान काटे। पुलिस की इस कार्रवाई का उद्देश्य वाहन चालकों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करना और सड़क हादसों की स्थिति में गंभीर चोटों से बचाव के लिए हेलमेट के इस्तेमाल को अनिवार्य रूप से सुनिश्चित करना है।पुलिस ने वाहन चालकों से अपील की कि बाइक चलाते समय हेलमेट जरूर पहनें और सभी यातायात नियमों का पालन करें।
जनपद मऊ -: बीड़ी श्रमिकों के बच्चों की छात्रवृत्ति के लिए आवेदन की अंतिम तिथि बढ़ी
एनएसपी पोर्टल पर अब 30 सितंबर तक कर सकेंगे आवेदन, कक्षा 1 से 8 तक के विद्यार्थियों को मिलेगा लाभ

भारत सरकार ने बीड़ी श्रमिकों के बच्चों को दी जाने वाली केंद्रीय छात्रवृत्ति के लिए नेशनल स्कॉलरशिप पोर्टल (एनएसपी) पर ऑनलाइन आवेदन की अंतिम तिथि बढ़ा दी है। अब पात्र विद्यार्थी एवं उनके अभिभावक 30 सितंबर 2026 तक छात्रवृत्ति के लिए आवेदन कर सकेंगे।

केंद्रीय बीड़ी श्रमिक चिकित्सालय, श्रम एवं रोजगार मंत्रालय, भारत सरकार, गालिबपुर (भीटी), मऊ के प्रभारी चिकित्साधिकारी ने बताया कि भारत सरकार द्वारा एनएसपी पोर्टल पर छात्रवृत्ति आवेदन की निर्धारित तिथि में संशोधन किया गया है।

उन्होंने बताया कि कक्षा 1 से 8 तक अध्ययनरत बीड़ी श्रमिकों के बच्चों के लिए पहले ऑनलाइन आवेदन की अंतिम तिथि 31 अगस्त 2026 निर्धारित थी। अब इसे संशोधित करते हुए 30 सितंबर 2026 कर दिया गया है।

छात्रवृत्ति का उद्देश्य बीड़ी श्रमिकों के बच्चों को शिक्षा जारी रखने में आर्थिक सहायता उपलब्ध कराना है। पात्र विद्यार्थियों से निर्धारित समय सीमा के भीतर एनएसपी पोर्टल पर आवेदन करने की अपील की गई है, ताकि वे छात्रवृत्ति योजना का लाभ प्राप्त कर सकें।
जनपद मऊ -: तमसा नदी का बढ़ा जलस्तर, बच्चों के नदी में नहाने से हादसे का खतरा

मुहम्मदाबाद गोहना (मऊ) : क्षेत्र में पिछले कई दिनों से हो रही लगातार बरसात के कारण तमसा नदी का जलस्तर तेजी से बढ़ गया है।

नदी का पानी बढ़ने से राजघाट और रामघाट सहित नदी किनारे बने प्राचीन शिव मंदिर की सीढ़ियां पूरी तरह जलमग्न हो गई हैं। इसके बावजूद आसपास के नन्हे-मुन्ने बच्चे जान जोखिम में डालकर नदी में नहाने और छलांग लगाने से बाज नहीं आ रहे हैं।

बच्चों की इस लापरवाही को देखते हुए पुलिस प्रशासन पूरी तरह सतर्क हो गया है। पुलिस टीम द्वारा सुबह, दोपहर और शाम कई बार तमसा नदी के किनारे पहुंचकर राजघाट, रामघाट तथा आसपास के घाटों का निरीक्षण किया जा रहा है।

इस दौरान नदी में नहाते और पानी के समीप घूमते बच्चों को वहां से हटाकर सुरक्षित स्थानों वह उनके घरों को भेजा जा रहा है। नदी का जलस्तर बढ़ने के कारण घाटों पर फिसलन भी बढ़ गई है। ऐसे में थोड़ी सी लापरवाही किसी बड़े हादसे का कारण बन सकती है।

पुलिस लगातार लोगों को नदी में न जाने और बच्चों को नदी के आसपास नहीं जाने देने की हिदायत दे रही है। पुलिस प्रशासन ने अभिभावकों से अपील की है कि वे अपने बच्चों पर विशेष नजर रखें और उन्हें तमसा नदी में नहाने अथवा जलमग्न घाटों पर जाने से रोकें। प्रशासन की सक्रियता का उद्देश्य नदी में किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना को रोकना है।