वाराणसी मंडल के बनारस, छपरा और मऊ कोचिंग डिपो को मिला अंतरराष्ट्रीय ISO प्रमाणन
वाराणसी  पूर्वोत्तर रेलवे के वाराणसी मंडल ने गुणवत्ता, पर्यावरण संरक्षण और कार्यस्थल सुरक्षा के क्षेत्र में बड़ी उपलब्धि हासिल की है। मंडल रेल प्रबंधक आशीष जैन के नेतृत्व और वरिष्ठ मंडल यांत्रिक इंजीनियर (C&W) अभिषेक राय के मार्गदर्शन में बनारस, छपरा और मऊ कोचिंग डिपो को एक साथ ISO 9001:2015, ISO 14001:2015 और ISO 45001:2018 के अंतरराष्ट्रीय प्रमाणपत्र प्राप्त हुए हैं।

यह प्रमाणन गुणवत्ता आधारित अनुरक्षण, सुरक्षित कार्य संस्कृति और पर्यावरण संरक्षण के क्षेत्र में किए गए उत्कृष्ट कार्यों का परिणाम है। तीनों डिपो में रेल कोचों का रखरखाव भारतीय रेल और RDSO के मानकों के अनुरूप वैज्ञानिक एवं व्यवस्थित तरीके से किया जा रहा है, जिससे यात्रियों को सुरक्षित, आरामदायक और गुणवत्तापूर्ण यात्रा सुविधा मिल सके।

प्रमाणन प्रक्रिया के तहत अधिकारियों और कर्मचारियों को गुणवत्ता, पर्यावरण और सुरक्षा संबंधी विशेष प्रशिक्षण दिया गया। स्वतंत्र ऑडिट में सभी मानकों पर सफल पाए जाने के बाद तीनों डिपो को यह अंतरराष्ट्रीय मान्यता प्रदान की गई।

इस अवसर पर आशीष जैन ने अधिकारियों और कर्मचारियों को बधाई देते हुए कहा कि यह उपलब्धि पूरी टीम की मेहनत, कार्यकुशलता और उत्कृष्ट सेवा के प्रति समर्पण का परिणाम है। उन्होंने इसे भविष्य में और बेहतर प्रदर्शन तथा वैश्विक मानकों के अनुरूप कार्य संस्कृति को मजबूत बनाने की नई जिम्मेदारी बताया।
परिवहन कार्यालय में 15 स्कूली वाहनों की जांच; 3 वाहन पाए गए अनफिट
मऊ। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री के निर्देशों के अनुपालन में स्कूली वाहनों की फिटनेस सुनिश्चित किया गया | इस दौरान कुल 15 स्कूली वाहनों का निरीक्षण किया गया।

निरीक्षण के उपरांत 12 स्कूली वाहनों को फिट घोषित कर उनका फिटनेस प्रमाणन किया गया, जबकि 3 वाहन निर्धारित मानकों पर खरे नहीं उतरने के कारण अनफिट पाए गए।

फिटनेस जांच का कार्य सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी सुहेल अहमद एवं प्रधान सहायक तारा सिंह चौहान की मौजूदगी में कार्यालय परिसर में संपन्न कराया गया।

सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी ने सभी विद्यालय प्रबंधकों एवं वाहन स्वामियों से अपील की है कि वे अपने-अपने स्कूली वाहनों को शीघ्र कार्यालय में प्रस्तुत कर आवश्यक जांच कराएं, ताकि सभी वाहनों की फिटनेस समय से सुनिश्चित की जा सके और विद्यार्थियों की सुरक्षित आवाजाही सुनिश्चित हो।

विद्यालयी वाहनों की नियमित फिटनेस जांच से सड़क सुरक्षा को बढ़ावा मिलेगा तथा तकनीकी रूप से सुरक्षित वाहनों का संचालन सुनिश्चित किया जा सकेगा।
मुख्यमंत्री अभ्युदय योजना के तहत मऊ में निःशुल्क कोचिंग सेंटर का शुभारंभ, डीएम ने विद्यार्थियों को दिए सफलता के मंत्र
मऊ। जिलाधिकारी आनंद वर्द्धन ने मुख्यमंत्री अभ्युदय योजना के अंतर्गत संचालित निःशुल्क कोचिंग सेंटर का फीता काटकर शुभारंभ किया। नवीन शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए शुरू हुई इस कोचिंग में यूपीएससी, एसएससी, नीट सहित विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे चयनित विद्यार्थियों की नियमित कक्षाएं प्रारंभ हुईं।

इस अवसर पर जिलाधिकारी ने विद्यार्थियों से संवाद करते हुए अनुशासित अध्ययन, समय प्रबंधन, नियमित अभ्यास और आत्मविश्वास को सफलता की कुंजी बताया। उन्होंने कहा कि सफलता का कोई शॉर्टकट नहीं होता। निरंतर मेहनत, सकारात्मक सोच और सही मार्गदर्शन से ही लक्ष्य हासिल किया जा सकता है। असफलता से घबराने के बजाय उससे सीख लेकर आगे बढ़ना चाहिए।

उन्होंने कोचिंग सेंटर की लाइब्रेरी, डिजिटल क्लासरूम, वाई-फाई एवं ऑनलाइन अध्ययन सुविधाओं का निरीक्षण किया। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री अभ्युदय योजना आर्थिक रूप से कमजोर लेकिन प्रतिभाशाली विद्यार्थियों के लिए वरदान साबित हो रही है। इस योजना के माध्यम से ऐसे युवाओं को जनपद स्तर पर ही गुणवत्तापूर्ण और निःशुल्क कोचिंग उपलब्ध कराई जा रही है, जो बड़े शहरों में जाकर तैयारी करने में सक्षम नहीं हैं।

जिलाधिकारी ने बताया कि सत्र 2026-27 के लिए विद्यार्थियों का चयन मेरिट के आधार पर किया गया है। अनुभवी विषय विशेषज्ञों द्वारा प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कराई जाएगी, जिससे अधिक से अधिक युवा सफलता प्राप्त कर सकें।

निरीक्षण के दौरान उन्होंने कोचिंग सेंटर तक जाने वाले संपर्क मार्ग और भवन की स्थिति का भी जायजा लिया तथा संबंधित अधिकारियों को सड़क निर्माण का प्रस्ताव शीघ्र तैयार करने और भवन की आवश्यक मरम्मत व अन्य सुधार कार्य जल्द पूरा कराने के निर्देश दिए।

इस दौरान जिला समाज कल्याण अधिकारी रश्मि मिश्रा सहित संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
मधुबन में जिला सहकारी बैंक के नए भवन का उद्घाटन, किसानों और सहकारिता को सशक्त बनाने पर मंत्री ए. के. शर्मा का जोर
मऊ नगर विकास एवं ऊर्जा मंत्री ए. के. शर्मा ने मधुबन में जिला सहकारी बैंक लिमिटेड की नई शाखा भवन का उद्घाटन किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि “सहकारिता से समृद्धि” प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विजन का महत्वपूर्ण हिस्सा है, जिसका उद्देश्य किसानों को सस्ता ऋण, गुणवत्तापूर्ण बीज, खाद और अन्य आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराना है।

मंत्री ने कहा कि सहकारी संस्थाएं किसानों और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत बनाने का प्रभावी माध्यम हैं। उन्होंने पूर्ववर्ती सरकारों पर सहकारिता की उपेक्षा का आरोप लगाते हुए कहा कि केंद्र सरकार ने सहकारिता मंत्रालय बनाकर इस क्षेत्र को नई दिशा दी है।

कार्यक्रम में किसानों को किसान क्रेडिट कार्ड (केसीसी) वितरित किए गए। मंत्री ने घोसी सहकारी चीनी मिल के आधुनिकीकरण का भी उल्लेख करते हुए बताया कि आगामी पेराई सत्र के लिए आवश्यक संसाधनों की व्यवस्था की जा रही है, जबकि दीर्घकालिक योजना के तहत मिल को अत्याधुनिक तकनीक से लैस कर देश की अग्रणी चीनी मिलों में शामिल करने की दिशा में कार्य किया जा रहा है।

कार्यक्रम के बाद मंत्री ने बार्क में वैज्ञानिक पद पर चयनित युवा हिमांशु वर्मा को उनके आवास पहुंचकर सम्मानित किया और कहा कि युवाओं की प्रतिभा ही विकसित भारत की सबसे बड़ी ताकत है।

इस अवसर पर गिरिजा शंकर मौर्य, शुभम सिंह, अखिलेश तिवारी, विजय प्रकाश वर्मा सहित सहकारी समिति के सदस्य, किसान और स्थानीय नागरिक मौजूद रहे।
आगामी पेराई सत्र से पहले घोसी चीनी मिल का ऊर्जा मंत्री ए. के. शर्मा ने किया निरीक्षण, आधुनिकीकरण के दिए निर्देश
मऊ  नगर विकास एवं ऊर्जा मंत्री ए. के. शर्मा ने आगामी पेराई सत्र की तैयारियों का जायजा लेने के लिए घोसी सहकारी चीनी मिल का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने मिल परिसर का भ्रमण कर प्लांट, मशीनरी, मानव संसाधन, संविदाकर्मियों की उपलब्धता, आंतरिक सड़कों एवं अन्य आधारभूत सुविधाओं की समीक्षा की।

मंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि पेराई सत्र शुरू होने से पहले सभी तैयारियां समयबद्ध ढंग से पूरी की जाएं, ताकि मिल का संचालन सुचारु रूप से हो और किसानों को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े। उन्होंने कहा कि मिल के संचालन में किसी भी स्तर पर लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।

ए. के. शर्मा ने महाप्रबंधक को मिल के आधुनिकीकरण, आवश्यक मरम्मत, मशीनों के उन्नयन, मानव संसाधन की जरूरत, संविदाकर्मियों की व्यवस्था और आधारभूत सुविधाओं के सुदृढ़ीकरण का विस्तृत एवं व्यावहारिक प्रस्ताव शीघ्र शासन को भेजने के निर्देश दिए।

उन्होंने कहा कि सरकार सहकारी चीनी मिलों को आधुनिक, तकनीक आधारित और अधिक सक्षम बनाने के लिए प्रतिबद्ध है। इससे पेराई क्षमता बढ़ेगी, संचालन बेहतर होगा और किसानों को उनकी उपज का समय पर लाभ मिल सकेगा।
जनसुनवाई में 8 आवेदन प्राप्त, 6 निस्तारित
पालिका में आयोजित जनसुनवाई में प्राप्त शिकायतों का निदान

मऊनाथ भंजन। नगरवासियों की समस्याआंे के तत्समय एवं त्वरित समाधान के उद्देश्य से मा0 मंत्री नगर विकास विभाग उ0प्र0 की पहल पर शासन द्वारा संभव पोर्टल के माध्यम से एवं टोल फ्री नं0 1533 पर ‘‘संभव कार्यक्रम’’ के अन्तर्गत जनसुनवाई की व्यवस्था की गयी है जिसके तहत पूरे प्रदेश में प्रत्येक सोमवार को नगर निकायों में जनसुनवाई का आयोजन किया जाता है।

इसी क्रम में आज नगर पालिका परिषद, मऊ में अधिशासी अधिकारी/उप नगर आयुक्त डा. मणि भूषण तिवारी ने आगन्तुक आवेदकों द्वारा प्रेषित कुल 8 शिकायतों का अध्ययन करते हुये मौके पर ही 6 शिकायतों का निस्तारण कर दिया है जबकि अन्य 2 शिकायतों को निदान हेतु सम्बन्धित अधिकारियों को भेज दिया है।

आज की जनसुनवाई में टैक्स विभाग से 1, निर्माण विभाग से 1, सफाई विभाग से 6 शिकायतें प्राप्त हुयी हैं। इस प्रकार आज की जनसुनवाई में पालिका को संयुक्त रूप से कुल 8 शिकायतें मिली हैं।

अधिशासी अधिकारी डा. मणि भूषण तिवारी ने बताया कि जनसुनवाई का उद्देश्य जनहित मामलों के प्रति पारदर्शिता, जवाबदेही और जनता की शिकायतों का समय पर समाधान सुनिश्चित करना है। उन्होंने बताया कि जनसुनवाई के माध्यम से पालिका लक्ष्य के सापेक्ष सभी आगन्तुक शिकायतकर्ताओं को अविलम्ब राहत पहंुचाने में मदद करती है।

उक्त जनसुनवाई में अधिशासी अधिकारी/उप नगर आयुक्त डा. मणि भूषण तिवारी, राजस्व निरीक्षक अमृता राय निर्माण लिपिक धर्मेन्द्र कुमार पाण्डेय, जलकल लिपिक कमलेश कुमार पाण्डेय, अनित सिंह एवं आगन्तुकगण समेत सम्बन्धित विभागाध्यक्ष उपस्थित रहे।
प्रबुद्ध वर्ग सम्मेलन का आयोजन
जनपद मऊ -: समाजवादी विचारधारा के पुरोधा एवं छोटे लोहिया स्वर्गीय जनेश्वर मिश्र  की जयंती (05 अगस्त 2026) की तैयारियों के क्रम में आयोजित प्रबुद्ध वर्ग सम्मेलन हुआ |

जिसमे मुख्य अतिथि बलिया के लोकप्रिय सांसद सनातन पाण्डेय  का हार्दिक स्वागत एवं अभिनंदन किया गया |

माननीय सांसद जी ने अपने विचार साझा किया |इस अवसर पर समाजवादी विचारधारा को जन-जन तक पहुँचाने, सामाजिक न्याय, समानता और युवाओं की भागीदारी को और अधिक मजबूत बनाने का संकल्प लिया गया।
मझवारा मोड़ प्राथमिक विद्यालय-1 में बच्चों की जगह रख्खा जा रहा सीमेंट व निर्माण सामग्री, ग्रामीणों ने उठाए सवाल
मऊ। घोसी विकासखंड के मछवारा मोड़ स्थित प्राथमिक विद्यालय-1 इन दिनों चर्चा का विषय बना हुआ है। जानकारी के अनुसार विद्यालय को बंद कर यहां पढ़ने वाले सभी बच्चों को पास के एक अन्य प्राथमिक विद्यालय से अटैच कर दिया गया है। लाखों रुपये की लागत से बने इस भवन के खाली पड़े रहने के बीच स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया है कि इसमें नरोखर पोखर के निर्माण कार्य में लगे ठेकेदार द्वारा सीमेंट और अन्य निर्माण सामग्री रखी जा रही है।

ग्रामीणों का कहना है कि सरकारी धन से बने भवन का इस तरह उपयोग करना सरकारी संपत्ति का दुरुपयोग है। उनका सवाल है कि जिस भवन का इस्तेमाल बच्चों की शिक्षा के लिए होना चाहिए, वहां निर्माण सामग्री का भंडारण कैसे किया जा रहा है। यदि विद्यालय बंद करना ही था तो भवन का उपयोग किसी अन्य शैक्षणिक या सरकारी कार्य में किया जाना चाहिए था।

स्थानीय लोगों ने बेसिक शिक्षा विभाग पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए कहा कि विभागीय उदासीनता के कारण विद्यालय बंद हुआ और अब लाखों रुपये की सरकारी संपत्ति बिना किसी उचित उपयोग के पड़ी है। भवन में निर्माण सामग्री रखे जाने से उसकी सुरक्षा और रखरखाव पर भी सवाल खड़े हो रहे हैं।

ग्रामीणों ने जिला प्रशासन और बेसिक शिक्षा विभाग से मामले की जांच कर उचित कार्रवाई की मांग की है। अब देखना होगा कि विभाग इस पूरे प्रकरण पर क्या रुख अपनाता है।
मऊ: राहुल हॉस्पिटल में अब बच्चों के हृदय रोग विशेषज्ञ की भी मिलेगी सेवा, हड्डी रोग विशेषज्ञ भी देंगे नियमित सेवाएं
मऊ सहित पूर्वांचल वासियों के लिए अच्छी खबर है। शहर के राहुल हॉस्पिटल, मऊ में अब बच्चों के हृदय रोग (पीडियाट्रिक कार्डियोलॉजी) से जुड़ी विशेषज्ञ चिकित्सा सेवाएं भी उपलब्ध होंगी।

अस्पताल प्रबंधन के अनुसार, पीडियाट्रिक कार्डियोलॉजिस्ट (बच्चों के हृदय रोग विशेषज्ञ) डॉ. राजेश कुमार सिंह प्रत्येक बृहस्पतिवार को राहुल हॉस्पिटल में मरीजों का परामर्श एवं उपचार करेंगे।

जन्मजात हृदय रोग, बच्चों में हृदय संबंधी समस्याओं तथा अन्य कार्डियक बीमारियों के लिए अब स्थानीय स्तर पर विशेषज्ञ सलाह मिल सकेगी।

वहीं, हड्डी एवं जोड़ रोग विशेषज्ञ डॉ. रजनीश कुमार राय प्रतिदिन राहुल हॉस्पिटल में अपनी सेवाएं देंगे। उनके द्वारा फ्रैक्चर, घुटने व कमर दर्द, खेल संबंधी चोट, जोड़ प्रत्यारोपण, लिगामेंट इंजरी तथा अन्य हड्डी एवं जोड़ संबंधी रोगों का उपचार किया जाएगा।

अस्पताल प्रबंधन ने बताया कि विशेषज्ञ चिकित्सकों की उपलब्धता से मऊ और आसपास के जिलों के मरीजों को बेहतर एवं आधुनिक चिकित्सा सुविधाएं स्थानीय स्तर पर मिल सकेंगी, जिससे उन्हें बड़े शहरों का रुख करने की आवश्यकता कम होगी।

मरीज पूर्व पंजीकरण एवं अपॉइंटमेंट के लिए अस्पताल के हेल्पलाइन नंबर 9919222110 पर संपर्क कर सकते हैं।
भारतीय जनता पार्टी की तरफ से जनपद मऊ के मुहम्मदाबाद ब्लॉक सभागार में आयोजित

जनपद मऊ-: भारतीय जनता पार्टी की तरफ से जनपद मऊ के मुहम्मदाबाद ब्लॉक सभागार में आयोजित भारतीय खरवार महासभा, उत्तर प्रदेश के छात्र-युवा समाजसेवी संगोष्ठी कार्यक्रम हुआ |

जहां पर भाजपा जिला अध्यक्ष रामाश्रय मौर्य ने छात्र-युवाओं एवं समाज के सम्मानित नागरिकों को संबोधित किया।

इस अवसर पर समाज की शिक्षा, संगठन, सामाजिक समरसता, युवा सशक्तिकरण तथा राष्ट्र निर्माण में युवाओं की महत्वपूर्ण भूमिका प विचार साझा किए गये। 

इसकके साथ ही समाज के सर्वांगीण विकास एवं जनकल्याण के लिए सभी के साथ मिलकर कार्य करने का संकल्प व्यक्त किया गया |