आगामी पेराई सत्र से पहले घोसी चीनी मिल का ऊर्जा मंत्री ए. के. शर्मा ने किया निरीक्षण, आधुनिकीकरण के दिए निर्देश
मऊ नगर विकास एवं ऊर्जा मंत्री ए. के. शर्मा ने आगामी पेराई सत्र की तैयारियों का जायजा लेने के लिए घोसी सहकारी चीनी मिल का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने मिल परिसर का भ्रमण कर प्लांट, मशीनरी, मानव संसाधन, संविदाकर्मियों की उपलब्धता, आंतरिक सड़कों एवं अन्य आधारभूत सुविधाओं की समीक्षा की।
मंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि पेराई सत्र शुरू होने से पहले सभी तैयारियां समयबद्ध ढंग से पूरी की जाएं, ताकि मिल का संचालन सुचारु रूप से हो और किसानों को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े। उन्होंने कहा कि मिल के संचालन में किसी भी स्तर पर लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।
ए. के. शर्मा ने महाप्रबंधक को मिल के आधुनिकीकरण, आवश्यक मरम्मत, मशीनों के उन्नयन, मानव संसाधन की जरूरत, संविदाकर्मियों की व्यवस्था और आधारभूत सुविधाओं के सुदृढ़ीकरण का विस्तृत एवं व्यावहारिक प्रस्ताव शीघ्र शासन को भेजने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि सरकार सहकारी चीनी मिलों को आधुनिक, तकनीक आधारित और अधिक सक्षम बनाने के लिए प्रतिबद्ध है। इससे पेराई क्षमता बढ़ेगी, संचालन बेहतर होगा और किसानों को उनकी उपज का समय पर लाभ मिल सकेगा।
Jul 21 2026, 13:18
- Whatsapp
- Facebook
- Linkedin
- Google Plus
1