पुलिस कस्टडी में युवक की मौत के बाद दोहरीघाट में उबाल, न्याय की मांग को लेकर सड़क पर उतरे लोग
मऊ: मऊ जिले के दोहरीघाट निवासी विक्रम डोम की पुलिस कस्टडी में मौत के बाद क्षेत्र में भारी आक्रोश देखने को मिला। घटना के विरोध में बड़ी संख्या में स्थानीय लोग और परिजन सड़कों पर उतर आए तथा दोषी पुलिसकर्मियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की।

परिजनों का आरोप है कि विक्रम के खिलाफ एक पुराना मुकदमा चल रहा था और वह पिछले कुछ समय से अदालत में पेश नहीं हो पा रहा था।

इसके बाद पुलिस उसे थाने लेकर गई, जहां कथित रूप से उसके साथ मारपीट की गई, जिससे उसकी मौत हो गई। परिवार ने आरोप लगाया है कि यह मौत पुलिस की पिटाई के कारण हुई है और संबंधित पुलिसकर्मियों पर हत्या का मुकदमा दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार किया जाए।

घटना के बाद इलाके में तनाव की स्थिति को देखते हुए भारी पुलिस बल तैनात किया गया है। प्रशासन लोगों को शांत कराने और मामले की जांच की बात कह रहा है।
मऊ के लाल अनिल कुमार सिंह बने रामपुर के नए एसपी
मऊ जनपद के भदीड़ गांव के निवासी 2015 बैच के आईपीएस अधिकारी अनिल कुमार सिंह को रामपुर का पुलिस अधीक्षक (SP) नियुक्त किया गया है।

अनिल कुमार सिंह इससे पहले यूपी सुरक्षा मुख्यालय, लखनऊ में एसपी (सुरक्षा) के पद पर तैनात थे। उनकी नई तैनाती की जानकारी मिलते ही मऊ जनपद में खुशी का माहौल है।

जनपदवासियों, शुभचिंतकों और समर्थकों ने उन्हें नई जिम्मेदारी के लिए बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं और उनके सफल कार्यकाल की कामना की है।
मऊ में दुकान के बाहर खड़े ट्रैक्टर से बैटरी चोरी, CCTV में कैद हुई पूरी वारदात
मऊ जिले के रानीपुर थाना क्षेत्र के भुसुवा गांव में चोरी की एक घटना सामने आई है, जहां दुकान के बाहर खड़े ट्रैक्टर से अज्ञात चोर बैटरी चोरी कर फरार हो गए। पूरी वारदात दुकान पर लगे सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हो गई, जिसके आधार पर पुलिस जांच में जुट गई है।

जानकारी के अनुसार, भुसुवा गांव निवासी महेंद्र यादव ने 16 जुलाई की रात रोज की तरह अपना ट्रैक्टर दुकान के बाहर खड़ा किया था। अगले दिन सुबह जब वह दुकान पहुंचे और ट्रैक्टर स्टार्ट करने की कोशिश की, तो ट्रैक्टर चालू नहीं हुआ। जांच करने पर पता चला कि ट्रैक्टर की बैटरी गायब थी।

बैटरी चोरी होने के बाद महेंद्र यादव ने दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे की फुटेज देखी। फुटेज में साफ दिखाई दे रहा है कि अज्ञात चोर ट्रैक्टर की बैटरी खोलकर अपने साथ ले जा रहे हैं। इसके बाद पीड़ित ने सीसीटीवी फुटेज पुलिस को सौंपते हुए रानीपुर थाने में लिखित तहरीर दी।

पुलिस ने तहरीर और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि फुटेज के जरिए आरोपियों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है। पुलिस का दावा है कि जल्द ही चोरी की घटना का खुलासा कर आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा।

इस घटना के बाद क्षेत्र के लोगों में भी चिंता का माहौल है। स्थानीय लोगों ने पुलिस से रात में गश्त बढ़ाने और चोरी की घटनाओं पर प्रभावी रोक लगाने की मांग की है।
सम्राट पृथ्वीराज चौहान की प्रतिमा स्थापना हेतु भूमि पूजन
मऊ।  सांसद राजीव राय जी ने रसड़ा विधानसभा के ग्राम सभा सराय भारती कटियारी में सम्राट पृथ्वीराज चौहान की प्रतिमा स्थापना हेतु भूमि पूजन किया। इस अवसर पर स्थानीय जनप्रतिनिधि, गणमान्य नागरिक एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे। सभी ने सम्राट पृथ्वीराज चौहान के शौर्य, पराक्रम और राष्ट्रभक्ति को नमन करते हुए इस पहल का स्वागत किया।
आवास विकास योजना मऊ में किसानों के मुआवजे की बढ़ोतरी की मांग, सांसद राजीव राय को सौंपा ज्ञापन
मऊ। आवास विकास योजना के अंतर्गत किसानों की अधिग्रहित जमीन के मुआवजे में बढ़ोतरी की मांग को लेकर किसान भाइयों ने घोसी लोकसभा क्षेत्र के सांसद मा. श्री राजीव राय को पत्रक सौंपा।

किसानों ने अपनी समस्याओं से सांसद को अवगत कराया और उचित मुआवजा दिलाने की मांग रखी। इस पर सांसद राजीव राय ने किसानों को हर संभव सहयोग का आश्वासन दिया और उनकी मांगों को संबंधित स्तर पर उठाने की बात कही।
इस अवसर पर किसानों ने एकजुटता का संदेश देते हुए कहा —
"जय जवान, जय किसान"
"किसान एकता जिंदाबाद"।
जिलाधिकारी की अध्यक्षता में मुख्यमंत्री अभ्युदय योजना की जनपद स्तरीय समिति की बैठक संपन्न

यथाशीघ्र कक्षाएं संचालित करने तथा गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्रदान करने के दिए निर्देश।*

जिलाधिकारी श्री आनंद वर्द्धन की अध्यक्षता में मुख्यमंत्री अभ्युदय योजना की जनपद स्तरीय समिति की बैठक कलेक्ट्रेट सभागार में संपन्न हुई। बैठक में योजना के अंतर्गत संचालित कोचिंग व्यवस्था, छात्र चयन, अध्यापक चयन एवं आगामी सत्र की तैयारियों की विस्तार से समीक्षा जिलाधिकारी द्वारा की गई।

बैठक के दौरान कोर्स कोऑर्डिनेटर श्री संजय कुमार सिंह ने बताया कि शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए पूर्व में छात्रों से आवेदन प्राप्त करने की अंतिम तिथि 30 जून निर्धारित थी, जिसे बढ़ाकर
15 जुलाई कर दिया गया था।

उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री अभ्युदय योजना के अंतर्गत नीट, यूपीएससी एवं एसएससी जैसी प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए विद्यार्थियों का चयन किया जाता है तथा प्रत्येक बैच में 70 विद्यार्थियों को प्रवेश दिया जाता है। अब तक आवेदन केवल ऑफलाइन माध्यम से प्राप्त किए जाते रहे हैं।
उन्होंने जानकारी दी कि वर्तमान में 32 अध्यापकों द्वारा विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कराई जा रही है। वर्तमान शैक्षणिक सत्र के लिए विभिन्न पाठ्यक्रमों में कुल 355 आवेदन प्राप्त हुए हैं। इसके अतिरिक्त अध्यापन कार्य हेतु 7 नए आवेदन भी प्राप्त हुए हैं।

जिलाधिकारी ने कोर्स कोऑर्डिनेटर को निर्देश दिए कि पूर्व निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार चयनित विद्यार्थियों की कक्षाएं शीघ्र प्रारंभ कराई जाएं तथा नियमित रूप से गुणवत्तापूर्ण शिक्षण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि आगामी सत्र से ऑफलाइन के साथ-साथ ऑनलाइन माध्यम से भी छात्रों एवं अध्यापकों के आवेदन प्राप्त किए जाएं, जिससे अधिक से अधिक प्रतिभाशाली अभ्यर्थियों को योजना का लाभ मिल सके।

जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि अध्यापन कार्य हेतु प्राप्त सात नए आवेदनों के अभ्यर्थियों का शीघ्र साक्षात्कार आयोजित कर चयन प्रक्रिया पूर्ण करें तथा चयन से पूर्व उनसे डेमो क्लास लेकर उनकी विषयगत दक्षता एवं शिक्षण क्षमता का मूल्यांकन अवश्य करें।
उन्होंने जनपद के विभिन्न विभागों, विशेषकर नव नियुक्त अधिकारियों से समन्वय स्थापित कर उन्हें गेस्ट टीचर के रूप में विद्यार्थियों का मार्गदर्शन करने के लिए प्रेरित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि अनुभवी अधिकारियों के मार्गदर्शन से विद्यार्थियों को प्रतियोगी परीक्षाओं की बेहतर तैयारी का अवसर मिलेगा और उनकी सफलता की संभावनाएं बढ़ेंगी।

बैठक में जिलाधिकारी ने शैक्षणिक सत्र 2025-26 के दौरान मुख्यमंत्री अभ्युदय योजना के अंतर्गत जनपद मऊ से यूपीएससी, एसएससी एवं नीट जैसी प्रतियोगी परीक्षाओं में सफल अभ्यर्थियों की संख्या एवं उपलब्धियों की भी विस्तृत जानकारी प्राप्त की तथा भविष्य में योजना के बेहतर क्रियान्वयन के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

बैठक में मुख्य विकास अधिकारी श्री विवेक कुमार, जिला विद्यालय निरीक्षक श्री गौतम प्रसाद, जिला समाज कल्याण अधिकारी श्रीमती रश्मि मिश्रा सहित जनपद स्तरीय समिति के अन्य सदस्य उपस्थित रहे।
मऊ: नवागत एसडीएम सचिन सिंह ने संभाला सदर तहसील का कार्यभार
मऊ। जनपद मऊ तहसील सदर के नवागत उप जिलाधिकारी (एसडीएम) सचिन सिंह ने गुरुवार को अपना कार्यभार ग्रहण कर लिया। इससे पहले वह गोरखपुर जनपद की चौरी चौरा तहसील में तैनात थे। स्थानांतरण के बाद उन्हें सदर मऊ तहसील की जिम्मेदारी सौंपी गई है।

कार्यभार संभालने के बाद एसडीएम सचिन सिंह ने अधिकारियों और कर्मचारियों से परिचय प्राप्त किया तथा तहसील की कार्यप्रणाली की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि जनता की समस्याओं का त्वरित, पारदर्शी और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण उनकी प्राथमिकता रहेगी। राजस्व मामलों, जन शिकायतों और शासन की योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक पहुंचाने के लिए पूरी प्रतिबद्धता से कार्य किया जाएगा।
लखनऊ से लौट रहे कोपागंज के दो युवकों की सड़क हादसे में मौत
तहबरपुर में देर रात आर्टिका कार हादसे का शिकार, अल्लीपुर गांव में पसरा मातम

कोपागंज। कोपागंज थाना क्षेत्र के ग्राम सभा अल्लीपुर के दो युवकों की आजमगढ़ जिले के तहबरपुर थाना क्षेत्र में बुधवार रात करीब 11:45 बजे हुए भीषण सड़क हादसे में मौत हो गई। हादसे की खबर गुरुवार सुबह गांव पहुंचते ही पूरे अल्लीपुर में शोक की लहर दौड़ गई। मृतकों के घरों पर लोगों की भीड़ उमड़ पड़ी और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
जानकारी के अनुसार, मनीष यादव 26 वर्ष पुत्र रामजीत यादव अपने चाचा के पुत्र को इलाज के लिए लखनऊ के एक अस्पताल में भर्ती कराकर आर्टिका कार से वापस घर लौट रहे थे। उनके साथ गांव के ही अजीत गोस्वामी 30 पुत्र गौरीशंकर भी थे। लौटते समय तहबरपुर थाना क्षेत्र में उनकी कार सड़क दुर्घटना का शिकार हो गई। हादसा इतना भीषण था कि दोनों युवकों की मौके पर ही मौत हो गई।
सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। गुरुवार सुबह जैसे ही हादसे की सूचना अल्लीपुर पहुंची, पूरे गांव में मातम छा गया। दोनों युवकों के असमय निधन से क्षेत्र में शोक व्याप्त है। ग्रामीणों ने इसे अपूरणीय क्षति बताते हुए दिवंगत आत्माओं की शांति की प्रार्थना की।
मधुबन: नवागत एसडीएम दीपक सिंह ने संभाला कार्यभार
मधुबन के नवागत उपजिलाधिकारी (एसडीएम) दीपक सिंह ने गुरुवार को अपना कार्यभार ग्रहण कर लिया। पदभार संभालने के बाद उन्होंने तहसील के अधिकारियों एवं कर्मचारियों से परिचय प्राप्त किया और प्रशासनिक कार्यों की समीक्षा की।

इस अवसर पर एसडीएम दीपक सिंह ने कहा कि क्षेत्र में कानून-व्यवस्था बनाए रखना, शासन की योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन तथा आम जनता की समस्याओं का समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता होगी।

उन्होंने अधिकारियों और कर्मचारियों को शासन की मंशा के अनुरूप पारदर्शी, संवेदनशील एवं जवाबदेह प्रशासन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही कहा कि जनता की शिकायतों का त्वरित समाधान करते हुए लोगों को बेहतर प्रशासनिक सेवाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।
मालव पुल के पास गिट्टी लदा ट्रेलर पलटा, चालक व सहायक सुरक्षित
मऊ जनपद के मुहम्मदाबाद गोहना क्षेत्र में करहां-जहानागंज मार्ग स्थित मालव पुल के पास बृहस्पतिवार सुबह करीब 11 बजे गिट्टी से लदा एक ट्रेलर सड़क किनारे गड्ढे में पलट गया। ट्रेलर का नंबर BR24GD0203 बताया गया है।

ट्रेलर गिट्टी लेकर जहानागंज की ओर जा रहा था। मालव पुल के मोड़ पर अचानक एक बाइक सामने आ गई। बाइक सवार को बचाने के प्रयास में चालक ने वाहन मोड़ दिया, जिससे ट्रेलर अनियंत्रित होकर सड़क किनारे गड्ढे में पलट गया।

हादसे में चालक विकास कुमार (24 वर्ष) तथा सहायक प्रिंस (23 वर्ष) सुरक्षित रहे। दोनों को कोई गंभीर चोट नहीं आई। घटना के बाद आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए और कुछ समय के लिए मार्ग पर आवागमन प्रभावित रहा।

ट्रेलर के मालिक विकास यादव, निवासी फरिहा (जनपद आजमगढ़) बताए गए हैं। सूचना मिलने के बाद ट्रेलर को गड्ढे से निकालने की तैयारी शुरू कर दी गई। राहत की बात यह रही कि हादसे में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई और समय रहते एक बड़ा हादसा टल गया।