जिलाधिकारी की अध्यक्षता में मुख्यमंत्री अभ्युदय योजना की जनपद स्तरीय समिति की बैठक संपन्न

यथाशीघ्र कक्षाएं संचालित करने तथा गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्रदान करने के दिए निर्देश।*

जिलाधिकारी श्री आनंद वर्द्धन की अध्यक्षता में मुख्यमंत्री अभ्युदय योजना की जनपद स्तरीय समिति की बैठक कलेक्ट्रेट सभागार में संपन्न हुई। बैठक में योजना के अंतर्गत संचालित कोचिंग व्यवस्था, छात्र चयन, अध्यापक चयन एवं आगामी सत्र की तैयारियों की विस्तार से समीक्षा जिलाधिकारी द्वारा की गई।

बैठक के दौरान कोर्स कोऑर्डिनेटर श्री संजय कुमार सिंह ने बताया कि शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए पूर्व में छात्रों से आवेदन प्राप्त करने की अंतिम तिथि 30 जून निर्धारित थी, जिसे बढ़ाकर
15 जुलाई कर दिया गया था।

उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री अभ्युदय योजना के अंतर्गत नीट, यूपीएससी एवं एसएससी जैसी प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए विद्यार्थियों का चयन किया जाता है तथा प्रत्येक बैच में 70 विद्यार्थियों को प्रवेश दिया जाता है। अब तक आवेदन केवल ऑफलाइन माध्यम से प्राप्त किए जाते रहे हैं।
उन्होंने जानकारी दी कि वर्तमान में 32 अध्यापकों द्वारा विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कराई जा रही है। वर्तमान शैक्षणिक सत्र के लिए विभिन्न पाठ्यक्रमों में कुल 355 आवेदन प्राप्त हुए हैं। इसके अतिरिक्त अध्यापन कार्य हेतु 7 नए आवेदन भी प्राप्त हुए हैं।

जिलाधिकारी ने कोर्स कोऑर्डिनेटर को निर्देश दिए कि पूर्व निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार चयनित विद्यार्थियों की कक्षाएं शीघ्र प्रारंभ कराई जाएं तथा नियमित रूप से गुणवत्तापूर्ण शिक्षण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि आगामी सत्र से ऑफलाइन के साथ-साथ ऑनलाइन माध्यम से भी छात्रों एवं अध्यापकों के आवेदन प्राप्त किए जाएं, जिससे अधिक से अधिक प्रतिभाशाली अभ्यर्थियों को योजना का लाभ मिल सके।

जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि अध्यापन कार्य हेतु प्राप्त सात नए आवेदनों के अभ्यर्थियों का शीघ्र साक्षात्कार आयोजित कर चयन प्रक्रिया पूर्ण करें तथा चयन से पूर्व उनसे डेमो क्लास लेकर उनकी विषयगत दक्षता एवं शिक्षण क्षमता का मूल्यांकन अवश्य करें।
उन्होंने जनपद के विभिन्न विभागों, विशेषकर नव नियुक्त अधिकारियों से समन्वय स्थापित कर उन्हें गेस्ट टीचर के रूप में विद्यार्थियों का मार्गदर्शन करने के लिए प्रेरित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि अनुभवी अधिकारियों के मार्गदर्शन से विद्यार्थियों को प्रतियोगी परीक्षाओं की बेहतर तैयारी का अवसर मिलेगा और उनकी सफलता की संभावनाएं बढ़ेंगी।

बैठक में जिलाधिकारी ने शैक्षणिक सत्र 2025-26 के दौरान मुख्यमंत्री अभ्युदय योजना के अंतर्गत जनपद मऊ से यूपीएससी, एसएससी एवं नीट जैसी प्रतियोगी परीक्षाओं में सफल अभ्यर्थियों की संख्या एवं उपलब्धियों की भी विस्तृत जानकारी प्राप्त की तथा भविष्य में योजना के बेहतर क्रियान्वयन के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

बैठक में मुख्य विकास अधिकारी श्री विवेक कुमार, जिला विद्यालय निरीक्षक श्री गौतम प्रसाद, जिला समाज कल्याण अधिकारी श्रीमती रश्मि मिश्रा सहित जनपद स्तरीय समिति के अन्य सदस्य उपस्थित रहे।
मऊ: नवागत एसडीएम सचिन सिंह ने संभाला सदर तहसील का कार्यभार
मऊ। जनपद मऊ तहसील सदर के नवागत उप जिलाधिकारी (एसडीएम) सचिन सिंह ने गुरुवार को अपना कार्यभार ग्रहण कर लिया। इससे पहले वह गोरखपुर जनपद की चौरी चौरा तहसील में तैनात थे। स्थानांतरण के बाद उन्हें सदर मऊ तहसील की जिम्मेदारी सौंपी गई है।

कार्यभार संभालने के बाद एसडीएम सचिन सिंह ने अधिकारियों और कर्मचारियों से परिचय प्राप्त किया तथा तहसील की कार्यप्रणाली की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि जनता की समस्याओं का त्वरित, पारदर्शी और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण उनकी प्राथमिकता रहेगी। राजस्व मामलों, जन शिकायतों और शासन की योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक पहुंचाने के लिए पूरी प्रतिबद्धता से कार्य किया जाएगा।
लखनऊ से लौट रहे कोपागंज के दो युवकों की सड़क हादसे में मौत
तहबरपुर में देर रात आर्टिका कार हादसे का शिकार, अल्लीपुर गांव में पसरा मातम

कोपागंज। कोपागंज थाना क्षेत्र के ग्राम सभा अल्लीपुर के दो युवकों की आजमगढ़ जिले के तहबरपुर थाना क्षेत्र में बुधवार रात करीब 11:45 बजे हुए भीषण सड़क हादसे में मौत हो गई। हादसे की खबर गुरुवार सुबह गांव पहुंचते ही पूरे अल्लीपुर में शोक की लहर दौड़ गई। मृतकों के घरों पर लोगों की भीड़ उमड़ पड़ी और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
जानकारी के अनुसार, मनीष यादव 26 वर्ष पुत्र रामजीत यादव अपने चाचा के पुत्र को इलाज के लिए लखनऊ के एक अस्पताल में भर्ती कराकर आर्टिका कार से वापस घर लौट रहे थे। उनके साथ गांव के ही अजीत गोस्वामी 30 पुत्र गौरीशंकर भी थे। लौटते समय तहबरपुर थाना क्षेत्र में उनकी कार सड़क दुर्घटना का शिकार हो गई। हादसा इतना भीषण था कि दोनों युवकों की मौके पर ही मौत हो गई।
सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। गुरुवार सुबह जैसे ही हादसे की सूचना अल्लीपुर पहुंची, पूरे गांव में मातम छा गया। दोनों युवकों के असमय निधन से क्षेत्र में शोक व्याप्त है। ग्रामीणों ने इसे अपूरणीय क्षति बताते हुए दिवंगत आत्माओं की शांति की प्रार्थना की।
मधुबन: नवागत एसडीएम दीपक सिंह ने संभाला कार्यभार
मधुबन के नवागत उपजिलाधिकारी (एसडीएम) दीपक सिंह ने गुरुवार को अपना कार्यभार ग्रहण कर लिया। पदभार संभालने के बाद उन्होंने तहसील के अधिकारियों एवं कर्मचारियों से परिचय प्राप्त किया और प्रशासनिक कार्यों की समीक्षा की।

इस अवसर पर एसडीएम दीपक सिंह ने कहा कि क्षेत्र में कानून-व्यवस्था बनाए रखना, शासन की योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन तथा आम जनता की समस्याओं का समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता होगी।

उन्होंने अधिकारियों और कर्मचारियों को शासन की मंशा के अनुरूप पारदर्शी, संवेदनशील एवं जवाबदेह प्रशासन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही कहा कि जनता की शिकायतों का त्वरित समाधान करते हुए लोगों को बेहतर प्रशासनिक सेवाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।
मालव पुल के पास गिट्टी लदा ट्रेलर पलटा, चालक व सहायक सुरक्षित
मऊ जनपद के मुहम्मदाबाद गोहना क्षेत्र में करहां-जहानागंज मार्ग स्थित मालव पुल के पास बृहस्पतिवार सुबह करीब 11 बजे गिट्टी से लदा एक ट्रेलर सड़क किनारे गड्ढे में पलट गया। ट्रेलर का नंबर BR24GD0203 बताया गया है।

ट्रेलर गिट्टी लेकर जहानागंज की ओर जा रहा था। मालव पुल के मोड़ पर अचानक एक बाइक सामने आ गई। बाइक सवार को बचाने के प्रयास में चालक ने वाहन मोड़ दिया, जिससे ट्रेलर अनियंत्रित होकर सड़क किनारे गड्ढे में पलट गया।

हादसे में चालक विकास कुमार (24 वर्ष) तथा सहायक प्रिंस (23 वर्ष) सुरक्षित रहे। दोनों को कोई गंभीर चोट नहीं आई। घटना के बाद आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए और कुछ समय के लिए मार्ग पर आवागमन प्रभावित रहा।

ट्रेलर के मालिक विकास यादव, निवासी फरिहा (जनपद आजमगढ़) बताए गए हैं। सूचना मिलने के बाद ट्रेलर को गड्ढे से निकालने की तैयारी शुरू कर दी गई। राहत की बात यह रही कि हादसे में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई और समय रहते एक बड़ा हादसा टल गया।
मऊ से SDM अवधेश कुमार चौहान का तबादला

मऊ से SDM अवधेश कुमार चौहान का तबादला, वाराणसी रवाना होते समय कही भावुक बात
मऊ सदर के उपजिलाधिकारी (SDM) अवधेश कुमार चौहान का स्थानांतरण वाराणसी कर दिया गया है। कार्यभार छोड़ने के बाद वाराणसी रवाना होते समय उन्होंने मऊ के लोगों, जनप्रतिनिधियों और प्रशासनिक अधिकारियों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि "मऊ में मिला स्नेह और सहयोग हमेशा याद रहेगा। यहां के लोगों का अपनापन मेरे लिए अविस्मरणीय है।" उन्होंने यह भी कहा कि जहां भी जिम्मेदारी मिलेगी, पूरी ईमानदारी और समर्पण के साथ जनता की सेवा करते रहेंगे।
हाईकोर्ट के आदेश के बाद भी नहीं बना सीसी रोड व नाली, पीड़ित ने जिलाधिकारी से लगाई न्याय की गुहार
मऊ। नगर पालिका परिषद की कार्यशैली से परेशान एक नागरिक ने जिलाधिकारी मऊ को शिकायती पत्र देकर आरोप लगाया है कि माननीय हाईकोर्ट के स्पष्ट आदेश के बावजूद उनके मोहल्ले में सीसी रोड एवं नाली का निर्माण कार्य अब तक नहीं कराया गया है। साथ ही समाधान दिवस एवं जिलाधिकारी को दिए गए प्रार्थना पत्रों का भी नगर पालिका द्वारा कथित रूप से फर्जी निस्तारण कर दिया गया।

शिकायतकर्ता रामसमुझ चौहान, पुत्र स्वर्गीय रामदरस चौहान, निवासी मोहल्ला अजार, वार्ड संख्या-19, तहसील सदर, जनपद मऊ ने बताया कि हाईकोर्ट ने 12 अगस्त 2025 को बरसात के बाद सीसी रोड एवं नाली निर्माण कराने का आदेश दिया था। नगर पालिका द्वारा आदेश का पालन नहीं किए जाने पर उन्होंने पुनः न्यायालय की शरण ली।

शिकायत के अनुसार, हाईकोर्ट ने 1 अप्रैल 2026 को तीन माह के भीतर निर्माण कार्य पूरा कराने का पुनः आदेश दिया, लेकिन निर्धारित समय बीत जाने के बाद भी मौके पर कोई कार्य शुरू नहीं हुआ। पीड़ित का आरोप है कि नगर पालिका की लापरवाही के कारण उन्हें लगातार परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।

रामसमुझ चौहान ने जिलाधिकारी से मांग की है कि हाईकोर्ट के आदेश का तत्काल अनुपालन कराते हुए सीसी रोड एवं नाली निर्माण कराया जाए तथा समाधान दिवस एवं अन्य शिकायतों के कथित फर्जी निस्तारण की निष्पक्ष जांच कर संबंधित अधिकारियों के विरुद्ध कार्रवाई की जाए।

शिकायती पत्र के साथ नगर पालिका की रिपोर्ट, हाईकोर्ट के आदेश की प्रतिलिपि तथा खतौनी की प्रतिलिपि भी संलग्न की गई है। अब इस मामले में जिला प्रशासन की कार्रवाई पर लोगों की निगाहें टिकी हुई हैं।
फोन के माध्यम से लाटरी व लोन दिलाने का झांसा देकर ठगी करने वाले 02 अभियुक्त गिरफ्तार-:
साइबर सेल, थाना साइबर क्राइम व थाना सरायलखंसी जनपद मऊ की गठित टीम के द्वारा NCRP PORTAL पर प्राप्त कुल 03 शिकायतों के सम्बन्ध में हॉटस्पाट लोकेशन के आधार पर थाना

सरायलखंसी जनपद मऊ पर पंजीकृत मु0अ0सं0 234/26 धारा 66 डी आईटी एक्ट व बढोत्तरी धारा 318(4)/61(2)ए/111(3) बीएनएस के क्रम में इलेक्ट्रानिक साक्ष्यो के आधार पर पुलिस टीम द्वारा मुकदमें में प्रकाश में आये 02 नफर शातिर अभियुक्तो को गिरफ्तार किया गया तथा चालान न्यायालय किया गया

अभियुक्त का विवरण-:
उदय नारायण उर्फ सुन्दर पुत्र नाथा राम निवासी ग्राम अकबरपुर थाना रानीपुर जनपद मऊ उम्र करीब 25 वर्ष

सूर्य प्रकाश विश्वकर्मा पुत्र मैनेजर प्रसाद विश्वकर्मा निवासी अक्षार थाना सरायलखन्सी जनपद मऊ उम्र 25 करीब वर्ष

अपराध का तरीका-:
फोन के माध्यम से लाटरी व लोन दिलाने का झांसा देकर संगठित अपराध करके रुपये प्राप्त करना। इस प्रकार से अभियुक्त गण द्वारा करीब 3 पीड़ितों से फ्रॉड किया जाना पाया जा रहा है।
पंजीकृत अभियोग का विवरण-:
मु0अ0सं0 234/26 धारा 66 डी आईटी एक्ट व बढोत्तरी धारा 318(4)/61(2)ए/111(3) बीएनएस थाना सरायलखंसी जनपद मऊ।
बरामदगी का विवरण-:
02 अदद एन्ड्रायड मोबाईल फोन ।
मऊ: ग्राम प्रधानों ने डीएम को सौंपा ज्ञापन, कार्यों के भुगतान और प्रशासक अधिकार बहाली की उठाई मांग
मऊ में ग्राम प्रधान संगठन के प्रतिनिधिमंडल ने प्रदेश प्रभारी रविन्द्र राय के नेतृत्व और जिला प्रभारी काशीनाथ यादव की अध्यक्षता में जिलाधिकारी कार्यालय पहुंचकर अपनी विभिन्न समस्याओं को लेकर ज्ञापन सौंपा। जिलाधिकारी के अनुपस्थित रहने पर प्रतिनिधिमंडल ने मुख्य राजस्व अधिकारी (सीआरओ) को ज्ञापन दिया।

प्रदेश प्रभारी रविन्द्र राय ने कहा कि 13 जुलाई को इलाहाबाद हाईकोर्ट ने ग्राम प्रधानों के प्रशासक पद पर किसी प्रकार की रोक नहीं लगाई है। इसके बावजूद ग्राम पंचायतों के सचिव और अन्य अधिकारी शासन के स्पष्ट निर्देश न होने का हवाला देकर विकास कार्यों के भुगतान पर रोक लगाए हुए हैं। उन्होंने मांग की कि जनपद के सभी अधिकारियों और कर्मचारियों को इस संबंध में स्पष्ट शासनादेश से अवगत कराया जाए, ताकि रुके हुए भुगतान शीघ्र किए जा सकें।

जिला उपाध्यक्ष रामाश्रय भारद्वाज ने नाली, खड़ंजा एवं मरम्मत कार्यों पर लगी रोक हटाने की भी मांग की। इसके बाद प्रतिनिधिमंडल ने प्रभारी जिला पंचायत राज अधिकारी सुभाष सरोज से मुलाकात कर प्रधानमंत्री आवास योजना और मुख्यमंत्री आवास योजना के क्रियान्वयन में आ रही समस्याओं से भी अवगत कराया।

ज्ञापन सौंपने के दौरान काशीनाथ यादव, रामाश्रय भारद्वाज, उमेश यादव, रमेश यादव, नौशाद प्रधान, कमलेश सोनकर, जितेंद्र सिंह, रविंदर खरवार, बिपिन शाही, अभिताभ यादव, पारसनाथ यादव, मिंटू सिंह प्रधान, राम प्रवेश मौर्य सहित अन्य ग्राम प्रधान उपस्थित रहे।
फरियादियों एवं पत्रकारों से दुर्व्यवहार के आरोप में सरायलखंसी थानाध्यक्ष लाइन हाजिर

मऊ। फरियादियों एवं पत्रकारों के साथ कथित दुर्व्यवहार और शिकायतों के निस्तारण में लापरवाही के आरोपों के बाद पुलिस अधीक्षक कमलेश बहादुर ने सरायलखंसी थानाध्यक्ष घनश्याम यादव को लाइन हाजिर कर दिया है। उनकी जगह राकेश कुमार सिंह को सरायलखंसी थाने का नया प्रभारी बनाया गया है।
अपर पुलिस अधीक्षक अनूप कुमार ने मीडिया को जानकारी देते हुए बताया कि थानाध्यक्ष के खिलाफ लगातार शिकायतें प्राप्त हो रही थीं। शिकायतों का संज्ञान लेते हुए पुलिस अधीक्षक ने मामले की समीक्षा की और प्रशासनिक कार्रवाई करते हुए घनश्याम यादव को तत्काल प्रभाव से लाइन हाजिर कर दिया।
शिकायतकर्ताओं का आरोप था कि थाने पर आने वाले फरियादियों और पत्रकारों के साथ अभद्र व्यवहार किया जाता था। साथ ही यह भी आरोप लगाए गए कि शिकायतों का निष्पक्ष निस्तारण करने के बजाय कथित रूप से धन की मांग की जाती थी। इन आरोपों के आधार पर विभागीय स्तर पर कार्रवाई की गई।
पुलिस प्रशासन का कहना है कि आमजन के साथ सम्मानजनक व्यवहार और शिकायतों का निष्पक्ष निस्तारण सर्वोच्च प्राथमिकता है। किसी भी अधिकारी या कर्मचारी द्वारा अनुशासनहीनता या दुर्व्यवहार पाए जाने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।