रेलवे स्टेशन पर कोतवाल ने चलाया सघन चेकिंग अभियान, स्टैंड संचालक को दिए आवश्यक निर्देश
मऊ। रेलवे स्टेशन परिसर में सुरक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने के उद्देश्य से कोतवाली प्रभारी ने पुलिस बल के साथ सघन चेकिंग अभियान चलाया। अभियान के दौरान स्टेशन परिसर, पार्किंग स्थल, वाहन स्टैंड और आसपास के क्षेत्रों का गहन निरीक्षण किया गया।

इस दौरान कोतवाल ने स्टैंड संचालक को स्पष्ट निर्देश दिए कि स्टेशन परिसर में किसी भी प्रकार की अव्यवस्था, अवैध वसूली या संदिग्ध गतिविधि न होने पाए।

यात्रियों की सुविधा का विशेष ध्यान रखने तथा वाहनों को निर्धारित स्थान पर ही खड़ा कराने के निर्देश भी दिए गए।

कोतवाल ने कहा कि रेलवे स्टेशन पर आने-जाने वाले संदिग्ध व्यक्तियों पर कड़ी नजर रखी जा रही है। सुरक्षा व्यवस्था में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। अभियान के दौरान पुलिसकर्मियों ने संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की भी जांच की तथा आम लोगों से सतर्क रहने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को देने की अपील की।
अब जिला अस्पताल मऊ को ही इलाज की जरूरत, बदहाल व्यवस्था पर उठे सवाल
मऊ। जिला अस्पताल की व्यवस्थाओं को लेकर एक बार फिर सवाल खड़े हो रहे हैं। मरीजों और तीमारदारों का कहना है कि जब खुद अस्पताल की व्यवस्था ही बीमार नजर आ रही है, तो यहां आने वाले मरीजों का बेहतर इलाज कैसे संभव होगा।

लोगों का आरोप है कि अस्पताल में कई मूलभूत सुविधाओं की कमी, अव्यवस्थाओं और समस्याओं के कारण मरीजों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। वहीं, जनता ने जनप्रतिनिधियों और जिम्मेदार अधिकारियों से अपील की है कि सिर्फ श्रेय लेने के बजाय स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाने पर भी ध्यान दिया जाए, ताकि आम लोगों को इसका वास्तविक लाभ मिल सके।
मऊ: एआरटीओ और यातायात पुलिस की संयुक्त कार्रवाई, 18 स्कूली वाहनों का चालान, 2 वाहन सीज

पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में मंगलवार (15 जुलाई 2026) को एआरटीओ एवं यातायात पुलिस ने संयुक्त रूप से दक्षिणटोला थाना क्षेत्र में स्कूली वाहनों के खिलाफ विशेष चेकिंग अभियान चलाया।

अभियान के दौरान स्कूल बस, मैजिक, वैन, ऑटो और ई-रिक्शा सहित विभिन्न वाहनों की जांच की गई। जांच में कई वाहन निर्धारित मानकों के अनुरूप नहीं पाए गए। यातायात नियमों के उल्लंघन, फिटनेस और परमिट की शर्तों का पालन न करने पर 18 वाहनों का चालान किया गया, जबकि 2 वाहनों को सीज कर दिया गया।

इस दौरान चालान किए गए वाहनों के चालकों एवं वाहन स्वामियों को कड़ी चेतावनी देते हुए कहा गया कि भविष्य में ऐसी कमियां मिलने पर वाहन सीज करने के साथ-साथ वाहन स्वामी और चालक के विरुद्ध विधिक कार्रवाई करते हुए अभियोग भी दर्ज कराया जाएगा।
मऊ में बनेगा टेक्सटाइल पार्क, डीएम आवास के पीछे 75 एकड़ भूमि चयनित
जनपद मऊ में वस्त्र उद्योग को बढ़ावा देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल की गई है। जिला प्रशासन ने डीएम आवास के पीछे टेक्सटाइल पार्क की स्थापना के लिए करीब 75 एकड़ भूमि का चयन किया है।

प्रस्तावित टेक्सटाइल पार्क बनने से जिले के बुनकरों और वस्त्र उद्योग से जुड़े लोगों को आधुनिक सुविधाएं मिलेंगी। साथ ही स्थानीय स्तर पर रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे और मऊ के पारंपरिक टेक्सटाइल उद्योग को नई पहचान मिलने की उम्मीद है।

जिला प्रशासन द्वारा आगे की प्रक्रिया तेजी से पूरी की जा रही है, ताकि परियोजना पर जल्द काम शुरू हो सके।
दोहरीघाट–मधुबन मार्ग चौड़ीकरण से प्रभावित किसानों के साथ जिलाधिकारी ने की बैठक
शासनादेश के अनुरूप किसानों के हितों की होगी पूरी सुरक्षा,किसी का अहित नहीं होने दिया जाएगा: जिलाधिकारी

जनपद मऊ में प्रस्तावित दोहरीघाट–मधुबन मार्ग के चौड़ीकरण कार्य से प्रभावित काश्तकारों के साथ आज जिलाधिकारी श्री आनंद वर्द्धन ने कलेक्ट्रेट सभागार में बैठक कर उनकी समस्याओं एवं सुझावों को विस्तार से सुना। बैठक में निबंधन कार्यालय द्वारा सड़क के किनारे अधिग्रहित की जाने वाली भूमि के सर्किल रेट एवं भूमि अधिग्रहण की प्रक्रिया पर किसानों के साथ विस्तृत चर्चा की गई।

बैठक में सब रजिस्ट्रार ने बताया कि मार्ग चौड़ीकरण से ग्राम पंचायत पुरमोती, रसूलपुर एवं बिलौली सोनबरसा के किसान प्रभावित होंगे। किसानों ने पूर्व में ही भूमि का अंश निर्धारण किए जाने तथा सर्किल रेट का उचित एवं न्यायसंगत निर्धारण किए जाने की मांग रखी।

जिलाधिकारी ने उपस्थित किसानों को शासनादेशों की जानकारी देते हुए आश्वस्त किया कि भूमि अधिग्रहण की पूरी प्रक्रिया पूरी पारदर्शिता एवं नियमानुसार संपन्न कराई जाएगी तथा किसी भी किसान का किसी प्रकार का अहित नहीं होने दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि शासन के प्रावधानों के अनुरूप किसानों के हितों को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए सर्किल रेट एवं अन्य सभी आवश्यक बिंदुओं का निर्धारण किया जाएगा।

जिलाधिकारी ने उप जिलाधिकारी मधुबन, सब रजिस्ट्रार एवं लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) के अधिकारियों को निर्देशित किया कि सर्किल रेट का निर्धारण पूरी निष्पक्षता एवं तथ्यों के आधार पर किया जाए। उन्होंने नगर एवं ग्रामीण क्षेत्र की परिस्थितियों के अनुरूप अलग-अलग मानकों को ध्यान में रखते हुए सर्किल रेट निर्धारित करने के भी निर्देश दिए।

उन्होंने किसानों से अपील की कि वे सड़क चौड़ीकरण परियोजना को जनहित एवं क्षेत्र के विकास की दृष्टि से सकारात्मक रूप में लें तथा प्रशासन का सहयोग करें। साथ ही अधिशासी अभियंता, लोक निर्माण विभाग को निर्देशित किया कि सड़क निर्माण कार्य निर्धारित मानकों के अनुरूप उच्च गुणवत्ता के साथ समयबद्ध ढंग से पूर्ण कराया जाए।

बैठक में अपर जिलाधिकारी श्री प्रवेंद्र कुमार, उप जिलाधिकारी मधुबन, मधुबन सर्किल क्षेत्र के सब रजिस्ट्रार, लोक निर्माण विभाग के अधिकारी तथा प्रभावित ग्राम पंचायतों के समस्त प्रभावित किसान उपस्थित रहे।
लैरोदोनवार के प्राचीन शिव मंदिर परिसर में 73 लाख रुपये की लागत से बनेगी बहुउद्देशीय धर्मशाला, हुआ भूमिपूजन
मऊ। प्राचीन शिव मंदिर लैरोदोनवार के प्रांगण में मंदिर परिसर के सौंदर्यीकरण कार्य के तहत बहुउद्देशीय धर्मशाला निर्माण के लिए भूमिपूजन कार्यक्रम संपन्न हुआ।

श्री अजय सिंह योगी सेवक के नेतृत्व में आयोजित कार्यक्रम में पूज्य महाराज जी द्वारा स्वीकृत लगभग 73 लाख रुपये की लागत से बनने वाली धर्मशाला के निर्माण कार्य का शुभारंभ विधि-विधान से किया गया।

इस अवसर पर श्रद्धालुओं और क्षेत्रवासियों ने भगवान शिव एवं माता दुर्गा का आशीर्वाद लेते हुए मंदिर परिसर के विकास कार्य को लेकर खुशी व्यक्त की। जल्द ही तैयार होने वाली यह सुंदर धर्मशाला श्रद्धालुओं और क्षेत्र के लोगों के लिए उपयोगी साबित होगी तथा मंदिर की शोभा बढ़ाएगी।

कार्यक्रम में उपस्थित सभी ग्रामवासियों एवं क्षेत्रवासियों का आयोजकों ने हृदय से आभार व्यक्त किया।
राम लगन पीजी कॉलेज, घोसी में बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ एवं मिशन शक्ति के तहत जागरूकता कार्यक्रम आयोजित
जिलाधिकारी के आदेशानुसार तथा मुख्य विकास अधिकारी एवं जिला प्रोबेशन अधिकारी के निर्देशानुसार महिला कल्याण विभाग, जनपद मऊ की हब फॉर इंपॉवरमेंट ऑफ वूमेन टीम द्वारा मंगलवार को राम लगन पीजी कॉलेज, घोसी में बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ एवं मिशन शक्ति योजनान्तर्गत जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया।

कार्यक्रम के दौरान छात्र-छात्राओं एवं उपस्थित प्रतिभागियों को केंद्र एवं प्रदेश सरकार द्वारा संचालित महिला एवं बालिका कल्याण संबंधी विभिन्न योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी गई। बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ योजना के उद्देश्यों पर प्रकाश डालते हुए बताया गया कि योजना का लक्ष्य समाज में व्याप्त लैंगिक भेदभाव एवं लिंग चयन जैसी कुप्रथाओं का उन्मूलन करना, कन्या शिशुओं के जीवन, शिक्षा, स्वास्थ्य एवं सुरक्षा को सुनिश्चित करना तथा महिलाओं एवं बालिकाओं को सशक्त एवं आत्मनिर्भर बनाना है। साथ ही समाज में बेटियों के प्रति सकारात्मक सोच विकसित करने और उनके सम्मान एवं अधिकारों के प्रति जनजागरूकता बढ़ाने का आह्वान किया गया।

इस अवसर पर महिला कल्याण विभाग द्वारा संचालित निराश्रित महिला पेंशन योजना, मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना, उत्तर प्रदेश मुख्यमंत्री बाल सेवा योजना (कोविड एवं सामान्य) तथा बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ योजना सहित समाज कल्याण विभाग एवं उत्तर प्रदेश सरकार की अन्य जनकल्याणकारी योजनाओं की पात्रता, लाभ एवं आवेदन प्रक्रिया की विस्तृत जानकारी भी प्रदान की गई।

कार्यक्रम के समापन पर योजनाओं के व्यापक प्रचार-प्रसार एवं अधिकाधिक लोगों को लाभान्वित करने के उद्देश्य से प्रतिभागियों के बीच जागरूकता पंपलेट वितरित किए गए।

कार्यक्रम में महिला कल्याण विभाग की जिला मिशन समन्वयक श्रीमती अर्चना राय, मनोवैज्ञानिक परामर्शदाता श्रीमती मीरा यादव, जेंडर स्पेशलिस्ट श्रीमती राखी राय एवं श्रीमती तृप्ति राय सहित महाविद्यालय के छात्र-छात्राएं, शिक्षकगण एवं अन्य स्टाफ सदस्य उपस्थित रहे।
ऊर्जा मंत्री के ओएसडी आज फतेहपुर ताल रतोय में लगाए गए बिजली विभाग के विशेष शिविर का निरीक्षण करेंगे

मऊ: ऊर्जा मंत्री के ओएसडी आज फतेहपुर ताल रतोय में लगाए गए बिजली विभाग के विशेष शिविर का निरीक्षण करेंगे। निरीक्षण को लेकर विभागीय अधिकारियों में हलचल तेज है और सभी अधिकारी शिविर स्थल पर मौजूद हैं।
शिविर में उपभोक्ताओं की बिजली संबंधी समस्याओं का समाधान, नए बिजली कनेक्शन, बिलों में संशोधन, बकाया भुगतान तथा अन्य शिकायतों का मौके पर निस्तारण किया जा रहा है।

ओएसडी शिविर की व्यवस्थाओं का जायजा लेने के साथ-साथ अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश भी देंगे।
मऊ: सरयू के बढ़ते जल स्तर और बाढ़ को लेकर जिला प्रशासन अलर्ट, तैयारियां तेज
मऊ जनपद में सरयू नदी के बढ़ते जल स्तर को देखते हुए जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क हो गया है। संभावित बाढ़ की स्थिति से निपटने के लिए प्रशासन ने सभी संबंधित विभागों को हाई अलर्ट पर रखा है और राहत एवं बचाव कार्यों की तैयारियां तेज कर दी हैं।

प्रशासन द्वारा बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों पर लगातार निगरानी रखी जा रही है। तटबंधों का निरीक्षण किया जा रहा है और संवेदनशील स्थानों पर विशेष नजर रखी जा रही है। जल स्तर की नियमित मॉनिटरिंग के साथ-साथ राजस्व, सिंचाई, पुलिस, स्वास्थ्य, पशुपालन और आपदा प्रबंधन विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने के निर्देश दिए गए हैं।

संभावित बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में नावों, राहत सामग्री, दवाइयों और आवश्यक संसाधनों की उपलब्धता सुनिश्चित की जा रही है। राहत शिविरों के लिए चिन्हित स्थानों की तैयारी भी की जा रही है, ताकि आवश्यकता पड़ने पर प्रभावित लोगों को तत्काल सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया जा सके।

जिला प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे अफवाहों पर ध्यान न दें, नदी के किनारे अनावश्यक रूप से न जाएं और किसी भी आपात स्थिति की जानकारी तुरंत प्रशासन को दें।

प्रशासन का कहना है कि स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है और किसी भी चुनौती से निपटने के लिए सभी आवश्यक इंतजाम किए गए हैं।
शिकायत के आधार पर मेडिकल स्टोर का निरीक्षण, पांच औषधियों के नमूने जांच हेतु भेजे गए
औषधियों की गुणवत्ता एवं वैधानिक प्रावधानों के अनुपालन से किसी भी प्रकार का नहीं किया जाएगा समझौता*

अनियमितता पाए जाने पर संबंधित प्रतिष्ठानों के विरुद्ध की जाएगी कठोर कार्रवाई

जिलाधिकारी के निर्देशों के अनुपालन में प्राप्त शिकायत के निस्तारण के क्रम में औषधि निरीक्षक, खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन, मऊ द्वारा मधुबन क्षेत्र स्थित मैसर्स स्टार पॉली क्लीनिक एवं पंचकर्म सेंटर, बहादुरपुर गली, गुलदेव लाइब्रेरी के समीप आकस्मिक निरीक्षण किया गया।

निरीक्षण के दौरान प्रतिष्ठान पर पंजीकृत फार्मासिस्ट उपस्थित मिले। प्रतिष्ठान स्वामी डॉ. अमरजीत आर्य को मौके पर बुलाकर फर्म के पंजीकरण, फार्मासिस्ट के पंजीकरण, औषधियों के क्रय-विक्रय अभिलेख तथा अन्य आवश्यक दस्तावेज उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए।

जांच के दौरान औषधि एवं प्रसाधन सामग्री अधिनियम, 1940 के अंतर्गत औषधियों के विक्रय संबंधी नियमों के उल्लंघन की आशंका पाए जाने पर पांच औषधियों के नमूने जांच एवं विश्लेषण हेतु संग्रहित कर राजकीय प्रयोगशाला भेजे गए।

इसके अतिरिक्त, प्रतिष्ठान स्वामी एवं संबंधित पक्ष को निरीक्षण में पाई गई कमियों के संबंध में छह दिवस के भीतर अभिलेखीय साक्ष्यों सहित अपना स्पष्टीकरण प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं।

औषधि निरीक्षक ने बताया कि निरीक्षण आख्या की प्रति औषधि अनुज्ञापन प्राधिकारी (विक्रय), आजमगढ़ मंडल को आवश्यक कार्रवाई हेतु प्रेषित कर दी गई है। प्रयोगशाला से परीक्षण रिपोर्ट प्राप्त होने के उपरांत नियमानुसार विधिक कार्रवाई की जाएगी।

जिलाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि जनपद में औषधियों की गुणवत्ता एवं वैधानिक प्रावधानों के अनुपालन से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा तथा अनियमितता पाए जाने पर संबंधित प्रतिष्ठानों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।