मऊ: उपजिलाधिकारी न्यायिक राजेश कुमार अग्रवाल का तबादला, बहराइच में मिली नई जिम्मेदारी
मऊ। उपजिलाधिकारी न्यायिक राजेश कुमार अग्रवाल का स्थानांतरण कर दिया गया है।

उन्हें अब बहराइच जनपद में नई जिम्मेदारी सौंपी गई है।
प्रशासनिक फेरबदल के तहत यह तबादला किया गया है।

राजेश कुमार अग्रवाल ने मऊ में उपजिलाधिकारी न्यायिक के पद पर कार्य करते हुए राजस्व एवं न्यायिक मामलों का निस्तारण किया। उनके स्थानांतरण की खबर के बाद प्रशासनिक अधिकारियों और कर्मचारियों में चर्चा रही।

वहीं, बहराइच में उनकी नई तैनाती को लेकर जल्द ही कार्यभार ग्रहण करने की प्रक्रिया पूरी की जाएगी।
आजमगढ़–मऊ राज्य राजमार्ग-34 पर खुरहट बाजार के पास जलभराव से राहगीर परेशान
लगातार बारिश के बाद आजमगढ़–मऊ राज्य राजमार्ग-34 पर खुरहट बाजार के पास मुख्य सड़क पर भारी जलभराव हो गया है। सड़क पर पानी भरने से वाहन चालकों और स्थानीय लोगों को आवागमन में गंभीर परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। दुर्घटना की आशंका भी बढ़ गई है।

स्थानीय लोगों का आरोप है कि जलनिकासी की उचित व्यवस्था नहीं होने के बावजूद न तो सिंचाई विभाग और न ही लोक निर्माण विभाग (PWD) के अधिकारी अब तक मौके पर पहुंचे हैं। लोगों ने प्रशासन से जल्द जलनिकासी कराकर समस्या का स्थायी समाधान कराने की मांग की है।

मऊ–आजमगढ़ मार्ग पर सड़क सुरक्षा और रखरखाव से जुड़े मुद्दे पहले भी उठते रहे हैं।
वृक्षारोपण महायज्ञ-2026 के तहत "एक पेड़ मां के नाम" अभियान में जिलाधिकारी ने किया वृक्षारोपण

वृक्षारोपण महायज्ञ-2026 के अंतर्गत संचालित "एक पेड़ मां के नाम" अभियान के तहत आज जिलाधिकारी श्री आनंद वर्द्धन ने पुलिस लाइन परिसर में पौधरोपण कर जनपदवासियों को पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक, अपर पुलिस अधीक्षक, अपर जिलाधिकारी सहित अन्य अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने भी पौधरोपण कर अभियान में सहभागिता निभाई।

वृक्षारोपण के उपरांत जिलाधिकारी श्री आनंद वर्द्धन ने कहा कि वृक्ष प्रकृति का अमूल्य उपहार हैं। स्वच्छ एवं स्वस्थ पर्यावरण के लिए प्रत्येक व्यक्ति को अधिक से अधिक पौधे लगाकर उनके संरक्षण का भी संकल्प लेना चाहिए। उन्होंने कहा कि "एक पेड़ मां के नाम" अभियान केवल पौधरोपण तक सीमित नहीं है, बल्कि यह अपनी मातृशक्ति के सम्मान एवं भावी पीढ़ियों के लिए हरित और सुरक्षित पर्यावरण सुनिश्चित करने का जनआंदोलन है।

जिलाधिकारी ने जनपदवासियों से अपील करते हुए कहा कि प्रत्येक नागरिक कम से कम एक पौधा अपनी मां के नाम अवश्य लगाए तथा उसकी नियमित देखभाल कर उसे वृक्ष बनने तक संरक्षित रखे। उन्होंने कहा कि सामूहिक सहभागिता से ही जनपद को हराभरा एवं पर्यावरण की दृष्टि से समृद्ध बनाया जा सकता है।

इस अवसर पर उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने भी पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लेते हुए अधिकाधिक वृक्षारोपण करने तथा लगाए गए पौधों के संरक्षण का संकल्प दोहराया। अभियान के दौरान पुलिस लाइन परिसर में विभिन्न प्रजातियों के पौधे रोपे गए।

मऊ में वृक्षारोपण महायज्ञ कार्यक्रम में पहुंचे मंत्री दारा सिंह चौहान

मऊ में आयोजित वृक्षारोपण महायज्ञ कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश सरकार के मंत्री दारा सिंह चौहान पहुंचे। इस दौरान उन्होंने पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया और लोगों से अधिक से अधिक पेड़ लगाने की अपील की।

मंत्री ने कहा कि पेड़-पौधे हमारे जीवन का आधार हैं और आने वाली पीढ़ियों के बेहतर भविष्य के लिए हर व्यक्ति को वृक्षारोपण में भागीदारी करनी चाहिए। कार्यक्रम में स्थानीय जनप्रतिनिधि, अधिकारी और बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे।

वृक्षारोपण महायज्ञ-2026 के तहत प्रदेशभर में पौधरोपण अभियान चलाया जा रहा है, जिसमें जनभागीदारी पर जोर दिया जा रहा है।
मऊ: बारिश के बाद ब्रह्मस्थान मंदिर के पीछे गलियां बनीं तालाब, लोगों का निकलना हुआ मुश्किल
मऊ नगर क्षेत्र में बारिश के बाद जलभराव की समस्या से लोगों की परेशानी बढ़ गई है। नगर पालिका क्षेत्र के ब्रह्मस्थान मंदिर के पीछे की गलियां पानी से लबालब भर गई हैं, जिससे रास्ते तालाब में तब्दील हो गए हैं।

स्थानीय लोगों का कहना है कि जल निकासी की उचित व्यवस्था नहीं होने के कारण हर बारिश में यही स्थिति बन जाती है। पानी जमा होने से राहगीरों, बुजुर्गों और स्कूली बच्चों को आने-जाने में काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।

निवासियों ने नगर पालिका प्रशासन से जल्द जल निकासी की व्यवस्था कर समस्या के समाधान की मांग की है।
मऊ: थाना समाधान दिवस में 173 शिकायतें प्राप्त, 16 का मौके पर हुआ निस्तारण

जनशिकायतों के प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक मऊ कमलेश बहादुर के निर्देशन में जनपद के सभी थानों पर थाना समाधान दिवस का आयोजन किया गया।

इस दौरान क्षेत्राधिकारी एवं संबंधित प्रभारी निरीक्षक/थानाध्यक्षों ने फरियादियों की शिकायतें सुनीं और उनके समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।

जनपद के सभी थानों पर कुल 173 प्रार्थना पत्र प्राप्त हुए, जिनमें से 16 शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया। वहीं, राजस्व विभाग से संबंधित मामलों के शीघ्र निस्तारण के लिए राजस्व टीम को आवश्यकतानुसार पुलिस बल उपलब्ध कराने तथा समन्वय के साथ कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
ग्रामीणों को बड़ी सौगात: छिछोर से मऊ जिला मुख्यालय तक रोडवेज बस सेवा शुरू
मऊ जनपद के रतनपुरा ब्लॉक स्थित ग्राम छिछोर के ग्रामीणों को बड़ी सौगात मिली है। गांव से मऊ जिला मुख्यालय तक रोडवेज बस सेवा का शुभारंभ कर दिया गया।

बस सेवा का शुभारंभ वैदिक मंत्रोच्चार एवं विधि-विधान के साथ नारियल फोड़कर किया गया। शुभारंभ के बाद बस को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया।

इस नई बस सेवा के शुरू होने से क्षेत्र के ग्रामीणों को जिला मुख्यालय आने-जाने में काफी सुविधा मिलेगी। साथ ही विद्यार्थियों, कर्मचारियों, व्यापारियों और आम यात्रियों को सुरक्षित एवं सुगम परिवहन का लाभ मिलेगा।
नौसोपुर में सड़क निर्माण पर उठे सवाल
मऊ के नौसोपुर में महज एक सप्ताह पहले बनी सड़क पर ही घास उग आने का मामला सामने आया है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि सड़क निर्माण में गुणवत्ता का ध्यान नहीं रखा गया, जिसके चलते नई सड़क की मजबूती पर सवाल खड़े हो गए हैं। लोगों ने मामले की जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई तथा सड़क का गुणवत्तापूर्ण पुनर्निर्माण कराने की मांग की है।
मधुबन में आयोजित हुआ सम्पूर्ण थाना समाधान दिवस, 18 शिकायतों में 3 का मौके पर निस्तारण
मधुबन। शनिवार को थाना रामपुर परिसर में उपजिलाधिकारी मधुबन सत्यप्रकाश सिंह एवं थानाध्यक्ष सुनील कुमार सरोज की उपस्थिति में सम्पूर्ण थाना समाधान दिवस का आयोजन किया गया।

समाधान दिवस के दौरान कुल 18 शिकायती प्रार्थना पत्र प्राप्त हुए। इनमें 16 शिकायतें राजस्व विभाग तथा 2 शिकायतें वन विभाग से संबंधित थीं। प्राप्त राजस्व संबंधी शिकायतों में से 3 प्रार्थना पत्रों का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया, जबकि शेष शिकायतों को जांच एवं आवश्यक विधिक कार्रवाई के लिए संबंधित विभागों को भेज दिया गया।

इस दौरान अधिकारियों ने संबंधित कर्मचारियों को निर्देशित किया कि लंबित मामलों की निष्पक्ष, पारदर्शी एवं समयबद्ध जांच सुनिश्चित करते हुए उनका शीघ्र निस्तारण किया जाए, ताकि फरियादियों को त्वरित न्याय मिल सके और शासन की मंशा के अनुरूप जनसमस्याओं का प्रभावी समाधान हो सके।
श्री हनुमत कृपा सेवा समिति द्वारा श्री सुंदरकांड पाठ का आयोजन श्रद्धा एवं भक्तिभाव के साथ किया गया
मऊ। नगर के दक्खिन टोला महरनिया स्थित श्री हनुमान मंदिर में आज श्री हनुमान मंदिर सेवा समिति ट्रस्ट एवं श्री नर्मदेश्वर शिवालय परिवार के सौजन्य से श्री हनुमत कृपा सेवा समिति सुंदरकांड पाठ समिति द्वारा भव्य एवं संगीतमय श्री सुंदरकांड पाठ का आयोजन श्रद्धा एवं भक्तिभाव के साथ किया गया ।

कार्यक्रम का शुभारंभ भगवान श्रीराम, माता सीता एवं श्रीहनुमान जी भगवान भोलेनाथ जी के पूजन-अर्चन के साथ हुआ। इसके पश्चात सुंदरकांड पाठ समिति के प्रमुख चंद्र शेखर अग्रवाल डा रामगोपाल आशीष सिंह अजय मिश्र राम प्यारे गुप्ता अश्विनी वर्मा आदि सदस्यों ने संगीतमय शैली में सुंदरकांड का पाठ प्रस्तुत किया। पूरे वातावरण में "जय श्रीराम" एवं "जय बजरंगबली" के जयघोष गूंजते रहे, जिससे मंदिर परिसर भक्तिमय हो उठा।  अखिलेश यादव तथा  महेंद्र यादव ने भजनो की लड़ी प्रस्तुत किया।

इस अवसर पर बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने कार्यक्रम में उपस्थित होकर सुंदरकांड पाठ का श्रवण तथा श्री हनुमान जी का आशीर्वाद प्राप्त किया।

मंदिर के अध्यक्ष कमलेश चौरसिया ने कहा कि ऐसे धार्मिक आयोजनों से समाज में आध्यात्मिक चेतना, सामाजिक समरसता एवं आपसी भाईचारे की भावना को बल मिलता है।

अंत में महाआरती के उपरांत सभी श्रद्धालुओं के बीच प्रसाद का वितरण किया गया।

इस अवसर पर श्री हनुमान मंदिर सेवा समिति ट्रस्ट, श्री नर्मदेश्वर शिवालय परिवार, श्री हनुमत कृपा सेवा समिति सुंदरकांड पाठ समिति के डॉ रामगोपाल गुप्त चंद्रशेखर अग्रवाल अशोक साहू अभिषेक मद्धेशिया  शुभम गुप्ता संजय गुप्ता रवि गुप्ता मनीष साहू पवन मद्धेशिया दीपक गुप्ता कन्हैया गुप्ता प्रेम गुप्ता विंध्याचल शर्मा गणेश अग्रवाल महेंद्र सिंह व पदाधिकारी, सदस्य एवं क्षेत्र के गणमान्य नागरिक तथा बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे। कार्यक्रम का समापन सभी के सुख, शांति एवं समृद्धि की मंगलकामना के साथ हुआ।