जनपद मऊ के मुहम्मदाबाद गोहना में स्कूली वाहनों पर संयुक्त कार्रवाई, 22 का चालान, 3 वाहन सीज
पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में चलाए जा रहे "मिशन सेफ फ्यूचर" अभियान के तहत गुरुवार को एआरटीओ एवं यातायात पुलिस ने संयुक्त रूप से मोहम्मदाबाद थाना क्षेत्र में स्कूली वाहनों की सघन जांच की।

जांच के दौरान कई स्कूल वाहन निर्धारित सुरक्षा मानकों के अनुरूप नहीं पाए गए। साथ ही यातायात नियमों के उल्लंघन, फिटनेस प्रमाणपत्र एवं परमिट की शर्तों का पालन न करने पर 22 वाहनों का चालान किया गया, जबकि 3 वाहनों को सीज कर दिया गया।

अधिकारियों ने वाहन संचालकों को स्कूली वाहनों में सुरक्षा मानकों का पूर्ण पालन करने तथा सभी आवश्यक दस्तावेज अद्यतन रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि बच्चों की सुरक्षा को देखते हुए इस प्रकार का अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।
33/11 केवी विद्युत उपकेंद्र का भूमि पूजन
मऊ। जनपद मऊ के नगर क्षेत्र स्थित बंधा रोड पर बनने वाले 33/11 केवी विद्युत उपकेंद्र का भूमि पूजन उत्तर प्रदेश सरकार के ऊर्जा एवं नगर विकास मंत्री ए. के. शर्मा के कर-कमलों द्वारा संपन्न हुआ। भूमि पूजन के उपरांत आयोजित मंगलम कार्यक्रम में मंत्री जी ने सहभागिता किया

यह विद्युत उपकेंद्र क्षेत्र की बिजली व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ एवं विश्वसनीय बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम साबित होगा।

जनपद मऊ के सभी सम्मानित नगरवासियों को इस महत्वपूर्ण सौगात के लिए हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएँ। माननीय मंत्री श्री ए. के. शर्मा जी का हृदय से आभार एवं धन्यवाद।
जनता दर्शन में डीएम आनंद वर्धन ने सुनीं फरियादें, अधिकारियों को त्वरित और पारदर्शी निस्तारण के निर्देश

मऊ। जिलाधिकारी आनंद वर्धन ने गुरुवार को आयोजित जनता दर्शन कार्यक्रम में जनपद के विभिन्न क्षेत्रों से आए लोगों की समस्याओं और शिकायतों को गंभीरता से सुना। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को सभी प्रकरणों का समयबद्ध, गुणवत्तापूर्ण और पारदर्शी तरीके से निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

डीएम ने कहा कि आमजन की समस्याओं का समाधान शासन की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि शिकायतों का निष्पक्ष और प्रभावी ढंग से समाधान करते हुए निर्धारित समय सीमा का कड़ाई से पालन किया जाए, ताकि लोगों को अनावश्यक परेशानियों का सामना न करना पड़े।

उन्होंने स्पष्ट किया कि जनता से जुड़ी शिकायतों के निस्तारण में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

जिलाधिकारी ने अधिकारियों से शिकायतों की नियमित समीक्षा कर त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा।
जुलाई 10/07/2026 को लगेगा गोद भराई एवं स्वास्थ्य जागरूकता कैंप, गर्भवती महिलाओं को मिलेंगी विशेष सुविधाएं
मऊ। गर्भवती महिलाओं एवं आमजन के स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए 10 जुलाई (शुक्रवार) को मुंशीपुरा स्थित पशु अस्पताल के पीछे डॉ. अलका राय के क्लिनिक पर मासिक गोद भराई एवं स्वास्थ्य जागरूकता कैंप का आयोजन किया जाएगा। आयोजकों ने अधिक से अधिक लोगों से शिविर में पहुंचकर स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ उठाने की अपील की है।
कैंप में सात माह या उससे अधिक की गर्भवती महिलाओं की पारंपरिक गोद भराई की जाएगी। साथ ही शुगर एवं थायराइड की जांच रियायती दरों पर उपलब्ध रहेगी। इसके अलावा विशेषज्ञ चिकित्सकों द्वारा निःशुल्क स्वास्थ्य परामर्श तथा बीएमडी (बोन मिनरल डेंसिटी) जांच की सुविधा भी प्रदान की जाएगी।

शिविर के दौरान स्वास्थ्य जागरूकता परिचर्चा का भी आयोजन होगा, जिसमें विशेषज्ञ चिकित्सक गर्भावस्था के दौरान आवश्यक सावधानियां, संतुलित आहार, मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य, स्वस्थ जीवनशैली तथा विभिन्न बीमारियों से बचाव के उपायों की जानकारी देंगे।

आयोजकों ने क्षेत्र की गर्भवती महिलाओं एवं आमजन से अपील की है कि वे 10 जुलाई को आयोजित इस स्वास्थ्य शिविर में पहुंचकर उपलब्ध स्वास्थ्य सेवाओं का अधिकतम लाभ उठाएं।
कागज़ों में अमृत सरोवर भरपूर, मौके पर जरूरी सुविधाएं अधूरी
सरकार की जल संरक्षण और पर्यावरण संरक्षण की महत्वाकांक्षी अमृत सरोवर योजना का जमीनी सच कई जगहों पर सवालों के घेरे में है। ग्राम सभा अमारी स्थित अमृत सरोवर की स्थिति इसकी बानगी पेश करती है।
स्थानीय लोगों के अनुसार, कागज़ों में अमृत सरोवर पूरी तरह विकसित दिखाया गया है, लेकिन मौके पर कई जरूरी सुविधाएं नदारद हैं। सरोवर के आसपास झाड़-झंखाड़ फैला हुआ है, नियमित साफ-सफाई के अभाव में गंदगी का अंबार लगा है और रखरखाव की स्थिति भी चिंताजनक दिखाई देती है।

ग्रामीणों का कहना है कि यदि समय रहते साफ-सफाई और आवश्यक सुविधाओं की व्यवस्था नहीं की गई, तो सरकार की जल संरक्षण की मंशा पर सवाल खड़े होते रहेंगे। लोगों ने संबंधित अधिकारियों से अमृत सरोवर का निरीक्षण कर आवश्यक सुधार कार्य जल्द कराने की मांग की है।
राजवती स्वीट्स पर घटतौली और गुणवत्ता को लेकर शिकायत, आज अखबार के ब्यूरो चीफ ऋषिकेश पांडे ने उठाया मुद्दा
मऊ। जनपद में स्थित राजवती स्वीट्स पर मिठाइयों की गुणवत्ता और घटतौली को लेकर शिकायत दर्ज कराई गई है। आज अखबार के ब्यूरो चीफ ऋषिकेश पांडे ने फूड विभाग से इसकी शिकायत की है। शिकायत में मिठाई की सही मात्रा न देने और गुणवत्ता मानकों पर सवाल उठाए गए हैं।

शिकायत के बाद संबंधित विभाग द्वारा मामले की जांच की प्रक्रिया शुरू किए जाने की बात कही जा रही है। जांच के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी कि आरोपों में कितनी सच्चाई है।
मऊ में ‘मुख्यमंत्री शिक्षक कैशलेस चिकित्सा योजना’ कार्यक्रम का आयोजन, शिक्षकों को मिलेगा ₹5 लाख तक का कैशलेस इलाज का लाभ
मऊ। जनपद मऊ में आयोजित ‘मुख्यमंत्री शिक्षक कैशलेस चिकित्सा योजना’ कार्यक्रम में माननीय मंत्री एके शर्मा जी शामिल होकर उपस्थित लोगों को प्रदेश सरकार द्वारा जनकल्याण के लिए चलाई जा रही विभिन्न योजनाओं की जानकारी दी गई।

कार्यक्रम में बताया गया कि मुख्यमंत्री शिक्षक कैशलेस चिकित्सा योजना के तहत प्रदेश के लगभग 12 लाख शिक्षक, शिक्षणेत्तर कर्मचारी एवं उनके आश्रितों को ₹5 लाख तक की निःशुल्क कैशलेस चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी।
वक्ताओं ने कहा कि प्रदेश की भाजपा की डबल इंजन सरकार लगातार स्वास्थ्य, शिक्षा और जनकल्याण के क्षेत्र में योजनाओं के माध्यम से आमजन को सुविधाएं उपलब्ध करा रही है।

इस अवसर पर उपस्थित लोगों ने योजना का स्वागत करते हुए सरकार का आभार व्यक्त किया।
सेफ लाइफ अभियान के तहत एआरटीओ व यातायात पुलिस की संयुक्त कार्रवाई, 28 स्कूली वाहनों का चालान, 4 सीज

मऊ। पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में चलाए जा रहे सेफ लाइफ अभियान के तहत बुधवार दिनांक 8 जुलाई 2026 को एआरटीओ विभाग एवं यातायात पुलिस द्वारा संयुक्त रूप से अभियान चलाया गया।

अभियान के दौरान थाना क्षेत्र सरायलखंसी के अंतर्गत स्कूली वाहनों की सघन जांच की गई। जांच में कई वाहन निर्धारित मानकों के अनुरूप नहीं पाए गए। इसके अलावा यातायात नियमों के उल्लंघन, फिटनेस प्रमाण पत्र एवं परमिट की शर्तों का पालन न करने वाले वाहनों पर कार्रवाई की गई।
इस दौरान 28 स्कूली वाहनों का चालान किया गया, जबकि नियमों का गंभीर उल्लंघन पाए जाने पर 4 वाहनों को सीज कर दिया गया।

एआरटीओ एवं यातायात पुलिस ने बताया कि स्कूली बच्चों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा और मानकों का उल्लंघन करने वाले वाहन संचालकों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
जनपद मऊ -:शीतला माता धाम की प्रतिमा को हटाने का विरोध....!
      

मऊ: शीतला धाम की प्रतिमा हटाने के विरोध में पुजारियों ने जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपा। पुजारियों ने प्रतिमा को यथास्थान बनाए रखने की मांग करते हुए अपनी आपत्ति दर्ज कराई और प्रशासन से उचित कार्रवाई की अपील की।
प्रभु श्रीराम मंदिर में कथित वित्तीय अनियमितताओं के विरोध में मऊ में कांग्रेस की पदयात्रा
मऊ। उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष अजय राय के आह्वान पर मंगलवार को मऊ में जिला कांग्रेस कमेटी की ओर से प्रभु श्रीराम मंदिर में कथित वित्तीय अनियमितताओं के विरोध में शांतिपूर्ण पदयात्रा निकाली गई। जिला अध्यक्ष राजमंगल यादव के नेतृत्व में आजमगढ़ मोड़ से रोडवेज तक निकाली गई इस पदयात्रा में कांग्रेस पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं और समर्थकों ने भाग लिया।

पदयात्रा के दौरान कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि अयोध्या स्थित श्रीराम मंदिर में चढ़ावे और वित्तीय लेन-देन को लेकर सामने आई खबरों से करोड़ों रामभक्तों की आस्था आहत हुई है। उन्होंने इस मामले में निष्पक्ष और पारदर्शी जांच की मांग करते हुए कहा कि दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होनी चाहिए।

कांग्रेस ने इस अवसर पर तीन प्रमुख मांगें भी रखीं। पहली, मामले की उच्च न्यायालय के सिटिंग जज की निगरानी में समयबद्ध न्यायिक जांच कराई जाए। दूसरी, वर्तमान मंदिर ट्रस्ट को भंग किया जाए। तीसरी, मंदिर प्रबंधन की जिम्मेदारी चारों पीठों के शंकराचार्यों एवं संबंधित महंतों को सौंपी जाए।
पदयात्रा के समापन पर महादेव मंदिर परिसर में आयोजित सभा को संबोधित करते हुए जिला कांग्रेस अध्यक्ष राजमंगल यादव ने भाजपा सरकार और मंदिर ट्रस्ट पर निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि राम मंदिर के नाम पर लोगों की आस्था के साथ खिलवाड़ हुआ है और इस पूरे मामले की निष्पक्ष जांच आवश्यक है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी इस मुद्दे को लेकर आंदोलन जारी रखेगी और जब तक उनकी मांगें पूरी नहीं होतीं, तब तक लोकतांत्रिक तरीके से विरोध जारी रहेगा।

कार्यक्रम में ओमप्रकाश ठाकुर, उदयप्रताप राय, कैलाश चौहान, मनोज गिहार, शिवाजी कन्नौजिया, हफीजुर्रहमान, प्रमोद सिंह, महेंद्र सोनकर, अमन गिहार, फहद कादिर, वंदना पांडेय, महक पांडेय, जावेद खान, प्रेम शीला, शैदूर्रहमान पहलवान, गुलशन कुमार, राजू फारूकी, संजय साहू, संचिता नंद, सुरेश राजभर, रामविलास मौर्य सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित रहे।