भरत तिवारी एनकाउंटर मामले में मऊ में उमड़ा जनाक्रोश, युवाओं ने निकाला कैंडल मार्च

मऊ। बिहार के भोजपुर में हुए चर्चित भरत तिवारी एनकाउंटर मामले को लेकर जनाक्रोश लगातार बढ़ता जा रहा है। इसी क्रम में उत्तर प्रदेश के मऊ जनपद में युवाओं और विभिन्न सामाजिक संगठनों के तत्वावधान में कैंडल मार्च निकाला गया। मार्च में बड़ी संख्या में युवाओं, सामाजिक कार्यकर्ताओं और स्थानीय नागरिकों ने भाग लेकर भरत तिवारी को न्याय दिलाने की मांग उठाई।
कैंडल मार्च के दौरान प्रदर्शनकारियों ने "भरत तिवारी अमर रहे" और "भरत तिवारी को न्याय दो" जैसे नारे लगाए। प्रतिभागियों ने मामले की निष्पक्ष एवं पारदर्शी जांच कराने की मांग करते हुए कहा कि घटना की सच्चाई सामने आनी चाहिए और दोषियों के खिलाफ उचित कार्रवाई होनी चाहिए।
भरत तिवारी की मौत को लेकर परिजनों एवं कई संगठनों ने एनकाउंटर की परिस्थितियों पर सवाल उठाए हैं। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए बिहार सरकार ने न्यायिक जांच कराने की घोषणा की है। वहीं पुलिस का कहना है कि कार्रवाई मुठभेड़ के दौरान हुई थी।
प्रदर्शनकारियों ने न्यायिक जांच की प्रक्रिया को निष्पक्ष और समयबद्ध तरीके से पूरा करने की मांग करते हुए कहा कि जांच रिपोर्ट के आधार पर ही पूरे मामले की वास्तविकता सामने आएगी। कैंडल मार्च शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ, जिसमें लोगों ने न्याय और पारदर्शिता की मांग को प्रमुखता से उठाया।
पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे सर्विस लेन पर भीषण सड़क हादसा, बाइक सवार की इलाज के दौरान मौत
राहुल राय
मऊ। रानीपुर थाना क्षेत्र के ग्रामसभा चालहा के समीप पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे की सर्विस लेन पर सोमवार को हुए दर्दनाक सड़क हादसे में एक बाइक सवार की मौत हो गई। बाइक और कार की आमने-सामने की टक्कर इतनी जोरदार थी कि बाइक सवार गंभीर रूप से घायल हो गया।
हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए घायल युवक को उपचार के लिए नजदीकी अस्पताल पहुंचाया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही रानीपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक जांच-पड़ताल शुरू की। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। वहीं दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है।
युवक की मौत की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। गांव और आसपास के क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है। पुलिस का कहना है कि मामले में आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है तथा जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
जलभराव से बदहाल बढ़ुआगोदाम हाईवे, पानी में फंसी एंबुलेंस ने खोली प्रशासनिक लापरवाही की पोल
राहुल राय

मऊ। बढ़ुआगोदाम क्षेत्र में हाईवे किनारे जलभराव की गंभीर समस्या ने स्थानीय लोगों का जीना मुश्किल कर दिया है। मामूली बारिश के बाद ही सड़क पर पानी भर जाने से आवागमन बुरी तरह प्रभावित हो रहा है। स्थिति की गंभीरता तब उजागर हुई जब एक एंबुलेंस जलभराव के बीच फंस गई और मरीज को समय पर अस्पताल पहुंचाने में बाधा उत्पन्न हो गई।
स्थानीय नागरिकों का आरोप है कि हाईवे के किनारे जल निकासी की समुचित व्यवस्था नहीं होने के कारण हर बारिश में सड़क तालाब का रूप ले लेती है। सड़क पर जमा पानी से दोपहिया और चारपहिया वाहन चालकों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है, वहीं दुर्घटनाओं की आशंका भी बढ़ गई है।
ग्रामीणों और राहगीरों का कहना है कि समस्या लंबे समय से बनी हुई है, लेकिन संबंधित विभाग और प्रशासन अब तक कोई स्थायी समाधान नहीं निकाल सके हैं। एंबुलेंस के फंसने की घटना ने प्रशासनिक तैयारियों और जल निकासी व्यवस्था की हकीकत सामने ला दी है।
क्षेत्रवासियों ने प्रशासन से तत्काल जलभराव की समस्या का समाधान कराने तथा नालियों और ड्रेनेज सिस्टम को दुरुस्त करने की मांग की है, ताकि भविष्य में ऐसी स्थिति दोबारा उत्पन्न न हो और लोगों को राहत मिल सके।