जलभराव से बदहाल बढ़ुआगोदाम हाईवे, पानी में फंसी एंबुलेंस ने खोली प्रशासनिक लापरवाही की पोल
राहुल राय
मऊ। बढ़ुआगोदाम क्षेत्र में हाईवे किनारे जलभराव की गंभीर समस्या ने स्थानीय लोगों का जीना मुश्किल कर दिया है। मामूली बारिश के बाद ही सड़क पर पानी भर जाने से आवागमन बुरी तरह प्रभावित हो रहा है। स्थिति की गंभीरता तब उजागर हुई जब एक एंबुलेंस जलभराव के बीच फंस गई और मरीज को समय पर अस्पताल पहुंचाने में बाधा उत्पन्न हो गई।
स्थानीय नागरिकों का आरोप है कि हाईवे के किनारे जल निकासी की समुचित व्यवस्था नहीं होने के कारण हर बारिश में सड़क तालाब का रूप ले लेती है। सड़क पर जमा पानी से दोपहिया और चारपहिया वाहन चालकों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है, वहीं दुर्घटनाओं की आशंका भी बढ़ गई है।
ग्रामीणों और राहगीरों का कहना है कि समस्या लंबे समय से बनी हुई है, लेकिन संबंधित विभाग और प्रशासन अब तक कोई स्थायी समाधान नहीं निकाल सके हैं। एंबुलेंस के फंसने की घटना ने प्रशासनिक तैयारियों और जल निकासी व्यवस्था की हकीकत सामने ला दी है।
क्षेत्रवासियों ने प्रशासन से तत्काल जलभराव की समस्या का समाधान कराने तथा नालियों और ड्रेनेज सिस्टम को दुरुस्त करने की मांग की है, ताकि भविष्य में ऐसी स्थिति दोबारा उत्पन्न न हो और लोगों को राहत मिल सके।![]()

राहुल राय

Jun 22 2026, 16:44
- Whatsapp
- Facebook
- Linkedin
- Google Plus
1- Whatsapp
- Facebook
- Linkedin
- Google Plus
0.1k