बेजुबान मिट्ठू’ की मौत के सदमे में युवक ने खाया जहर,
रितेश मिश्रा
हरदोई में इंसान और पक्षी के प्रेम की झकझोर देने वाली दास्तां
क्या कोई किसी बेजुबान के जाने के गम में अपनी जान दांव पर लगा सकता है? सोशल मीडिया की दुनिया में इंसानी बेरुखी के बीच हरदोई से एक ऐसी मर्मस्पर्शी और हैरान कर देने वाली खबर आई है, जिसे सुनकर आपकी आंखें नम हो जाएंगी। यहां सुरसा थाना क्षेत्र के ग्राम सौतेरा में रहने वाले 23 वर्षीय रजनीश यादव ने अपने चहेते पालतू तोते ‘मिट्ठू’ की मौत से आहत होकर जहरीला पदार्थ खा लिया। तोते की जुदाई का सदमा यह युवक बर्दाश्त नहीं कर सका और देखते ही देखते घर में कोहराम मच गया। आनन-फानन में परिजनों ने उसे मेडिकल कॉलेज की इमरजेंसी में भर्ती कराया, जहां डॉक्टर उसे बचाने की जद्दोजहद में जुटे हैं।
यह अनोखी प्रेम कहानी महज चार महीने पहले शुरू हुई थी, जब रजनीश नैमिषारण्य के हत्याहरण तीर्थ से इस तोते को महज 150 रुपये में खरीदकर लाया था। परिवार ने प्यार से उसका नाम 'मिट्ठू' रखा था
लेकिन रविवार को इस हंसते-खेलते रिश्ते को किसी की नजर लग गई। रजनीश किसी काम से अपनी एक रिश्तेदारी में गया हुआ था, तभी पीछे से घर में मिट्ठू की सांसें थम गईं। जब रजनीश वापस लौटा और उसे पता चला कि उसका जिगर का टुकड़ा अब इस दुनिया में नहीं रहा, तो उसके पैरों तले जमीन खिसक गई। वह चीख-चीख कर रोने लगा और इसी गहरे सदमे व डिप्रेशन में आकर उसने कोई नशीला पदार्थ निगल लिया। कुछ ही देर में उसकी तबीयत बिगड़ने लगी और मुंह से झाग आने लगा। अस्पताल के डॉक्टर रूपेंद्र सिंह के मुताबिक,युवक की हालत गंभीर है और जहरीले पदार्थ के असर को देखते हुए उसका सघन इलाज किया जा रहा है।
अस्पताल के बेड पर जब रजनीश को थोड़ा होश आया, तो उसका दर्द आंसुओं के रूप में बह निकला।उसने रोते हुए आरोप लगाया कि "जब मैं रिश्तेदारी गया, तो घर वालों ने मेरे मिट्ठू का ठीक से ख्याल नहीं रखा, उसे समय पर पानी तक नहीं दिया और वह तड़पकर मर गया, रजनीश ने बताया कि उसने कुछ कबूतर भी पाल रखे हैं जो शाम को घर लौट आते हैं लेकिन मिट्ठू तो उसकी जान था।
आज के इस मतलबी दौर में, जहां इंसान इंसानों के खून का प्यासा है, वहीं एक बेजुबान पक्षी के प्यार में खुद को मौत के मुंह में धकेलने की यह भावुक दास्तां पूरे इलाके में चर्चा का विषय बनी हुई है।
यातायात व्यवस्था मजबूत करने के लिये बड़ा फेरबदल
.
रितेश मिश्रा
हरदोई में लगातार बढ़ रही जाम की समस्या को देखते हुए पुलिस अधीक्षक अशोक कुमार मीणा ने यातायात व्यवस्था को मजबूत करने के लिये बड़ा कदम उठाया है। सोमवार देर रात जारी गश्ती में एक उप निरीक्षक समेत 66 हेड कांस्टेबल और कांस्टेबलों का तबादला यातायात विभाग में किया गया है।
अज्ञात कारणों से विधवा महिला की झोपड़ी में लगी आग,
बकरे, बकरियों समेत घर में रखी सामग्री, कपड़े, राशन जलकर हुआ खाक*

रितेश मिश्रा
कछौना(हरदोई):* विकासखंड कछौना की ग्रामसभा महमूदपुर धतिंगड़ा में विधवा महिला राजकुमारी के घर में अज्ञात कारणों से आग लग गई जिससे 2 बकरी, 4 बकरे जलकर मर गए। कई बकरियां गंभीर रूप से घायल हो गई। घर में रखी सामग्री, कपड़े, राशन जलकर खाक हो गया। इस घटना से परिवार के सामने भरण पोषण का संकट खड़ा हो गया।
विकास खंड कछौना की ग्राम सभा महमूदपुर धतिंगड़ा में विधवा महिला राजकुमारी झोपड़ी में रहती है, बकरी पालन कर परिवार का भरण पोषण करती है। रविवार को अज्ञात कारणों से उसकी झोपड़ी में आग लग गई जिससे 2 बकरी, 4 बकरे जलकर खत्म हो गए। कई बकरियां जलने से गंभीर रूप से घायल हो गई। घर की सामग्री, कपड़े, राशन भी जलकर राख हो गया। ग्रामीणों ने अथक प्रयास से आग पर काबू पाया। इस घटना से विधवा महिला पर दुख का पहाड़ टूट पड़ा। घटना की सूचना पर राजस्व कर्मी, ग्राम प्रधान, समाजसेवी नृपेंद्र वर्मा ने पहुंचकर परिवार को संबल दिया। पीड़ित परिवार को समाजसेवी नृपेंद्र वर्मा ने राशन, सामग्री व कपड़े देकर सहायता की। इस अवसर पर अरुण शुक्ला, अश्वनी कुमार, अजय वर्मा, अरविंद, सत्य प्रकाश आदि मौजूद रहे।
नवीन गल्ला मंडी में एसडीम सदर की छापेमारी, सरकारी बोरों में भरा सैकड़ों क्विंटल गेहूं बरामद .
रितेश मिश्रा
हरदोई: शहर की नवीन गल्ला मंडी में एसडीएम सदर मयंक कुंडू की छापेमारी से हड़कंप मच गया। प्रशासनिक कार्रवाई के दौरान सरकारी बोरों में भरा सैकड़ों क्विंटल गेहूं बरामद किया गया। कई बोरियों पर पीसीएफ की मोहर और वर्ष 2026-27 का चिन्ह भी मिला, जिससे पूरे मामले में अनियमितता और अवैध कारोबार की आशंका जताई जा रही है।
बताया गया कि मंडी सचिव कार्यालय के पास स्थित एक दुकान और आसपास के क्षेत्र में छापेमारी की गई। इस दौरान करीब 450 से 500 गेहूं से भरे बोरे कब्जे में लिए गए। मौके पर बड़ी संख्या में सरकारी संस्थाओं की मोहर लगी बोरियां मिलने के बाद व्यापारियों और कर्मचारियों में अफरा-तफरी मच गई।
प्रशासन को शिकायत मिली थी कि कुछ निजी लोग सरकारी बोरों का इस्तेमाल कर गेहूं की खरीद-फरोख्त कर रहे हैं। शिकायत के आधार पर एसडीएम सदर स्वयं जांच के लिए मंडी पहुंचे। जांच के दौरान भारी मात्रा में गेहूं से भरे सरकारी बोरे पाए गए। प्रारंभिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि सरकारी बोरों का उपयोग कर गेहूं को अवैध तरीके से इधर-उधर बेचा जा रहा था। फिलहाल प्रशासन मामले की गहन जांच में जुटा हुआ है और बरामद बोरों व गेहूं के स्रोत की पड़ताल की जा रही।
अधिवक्ताओं पर लाठीचार्ज के विरोध में अधिवक्ताओं ने किया जोरदार प्रदर्शन

घायल वकीलों को मुआवजा और दोषियों पर कार्यवाही के लिए मुख्यमंत्री को सम्बोधित ज्ञापन एसडीएम को सौपा

रितेश मिश्रा
शाहाबाद हरदोई।लखनऊ में अधिवक्ताओं के चेंबर पर बुलडोजर चलाए जाने और वकीलों पर किए गए लाठीचार्ज की घटना से  आक्रोशित तहसील के अधिवक्ताओं ने सोमवार को तहसील परिसर में पुलिस और स्थानीय प्रशासन के खिलाफ जोरदार धरना-प्रदर्शन किया।
पैदल मार्च निकाल जताया विरोध
बार एसोसिएशन के अध्यक्ष विमलेश लोधी और महामंत्री के नेतृत्व में सैकड़ों की संख्या में अधिवक्ता कार्य बहिष्कार करते हुए लामबंद हो गए। आक्रोशित अधिवक्ताओं ने तहसील परिसर में पैदल मार्च निकाला और 'पुलिस-प्रशासन मुर्दाबाद' तथा 'अधिवक्ता एकता जिंदाबाद' के नारे लगाए। वकीलों का कहना था कि लोकतंत्र के चौथे स्तंभ और न्याय के रक्षकों पर इस तरह की दमनकारी कार्रवाई को किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। लखनऊ में बिना विधिक प्रक्रिया के अधिवक्ताओं के चेंबरों को बुलडोजर से ढहा दिया गया। जब वकीलों ने इसका शांतिपूर्ण विरोध करना चाहा, तो उन पर बर्बरतापूर्वक लाठियां बरसाई गईं, जिसमें कई अधिवक्ता गंभीर रूप से घायल हुए हैं।अधिवक्ताओं ने लाठीचार्ज का आदेश देने वाले और कानून हाथ में लेने वाले दोषी पुलिस व प्रशासनिक अधिकारियों को तत्काल निलंबित कर उनके खिलाफ मुकदमा दर्ज करने की मांग की।
      प्रदर्शन के बाद बार एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने उपजिलाधिकारी के माध्यम से मुख्यमंत्री को संबोधित एक ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में मांग की गई है कि घायल अधिवक्ताओं को उचित मुआवजा दिया जाए, ढहाए गए चेंबरों का पुनर्निर्माण कराया जाए और प्रदेश में 'अधिवक्ता प्रोटेक्शन एक्ट' को लागू किया जाए ताकि भविष्य में वकीलों के सम्मान और सुरक्षा से कोई खिलवाड़ न हो सके।
मेले में खरीददारी करने गए युवक की बाइक चोरी
रितेश मिश्रा
शाहाबाद हरदोई।कोतवाली छेत्र के ग्राम लोनी में लगे मेले में खरीददारी करने गए युवक की बाइक अज्ञात चोर लेकर चम्पत हो गया।पीड़ित की लिखित तहरीर के आधार पर पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर बाइक की तलाश शुरू कर दी है। मझिला थाना के ग्राम चठिया निवासी श्यामू पुत्र प्रमोद यादव के अनुसार वह 16 मई को ग्राम लोनी में मेला देखने गया था। मेले के बाहर अपनी बाइक संख्या यूपी 34बीएच 4627 ख़डी कर कुछ सामान खरीदने लगा वापस आने पर उसकी बाइक कोई अज्ञात चोर चोरी कर ले गया। पीड़ित की लिखित तहरीर के आधार पर पुलिस ने अज्ञात चोर के विरुद्ध रिपोर्ट दर्ज कर बाइक की तलाश शुरू कर दी है।
गर्म हवा व लू से बचाव के लिए जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण ने जारी की एडवाइजरी

लू से बचने के लिए सुरक्षात्मक उपायों को अपनाएं जनसामान्य

रितेश मिश्रा
हरदोई जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण द्वारा लगातार बढ़ रही गर्मी, गर्म हवा व लू के प्रकोप से बचाव के उपाय बताए गए हैं। जिलाधिकारी अनुनय झा के निर्देशन में एडवाइजरी जारी की गई है।
   अपर जिलाधिकारी(वि ०/रा०)/प्रभारी अधिकारी दैवीय आपदा ने बताया कि मौसम विभाग द्वारा जारी पूर्वानुमान दिनांक 18.05.2026 के अनुसार दिनांक 20,21 और 22.05.2026 को उष्ण लहर लू चलने की अधिक संभावना और आगामी दिनों में मौसम शुष्क रहने और  तापमान में वृद्धि रहने की भी संभावना है। ऐसे में लोगों को हीटवेब से बचाव के लिए आवश्यक तैयारियां कर ली जाएं। उन्होंने हीटवेब से बचाव को लेकर जनसामान्य के बीच जागरूता अभियान चलाने के भी निर्देश दिए हैं। उन्होंने बताया कि जब वातावरण का तापमाप 37 डिग्री सेल्सियस से 3-4 डिग्री अधिक पहुंच जाता है तो उसे हीटवेब या लू कहते हैं।
आपदा विशेषज्ञ ज्ञान दीप शर्मा ने बचाव के तरीके बताते हुए कहा कि गर्म हवाओं से बचने के लिए खिड़की को रिफ्लेक्टर जैसे एलुमिनियम पन्नी, गत्ते इत्यादि से ढककर रखें, ताकि बाहर की गर्मी को अन्दर आने से रोका जा सके। उन खिड़कियों व दरवाजों पर, जिनसे दोपहर के समय गर्म हवाएं आतीं हैं, काले परदे लगाकर रखना चाहिए। स्थानीय मौसम के पूर्वानुमान को सुनें और आगामी तापमान में होने वाले परिवर्तन के प्रति सजग रहें। आपात स्थिति से निपटने के लिए प्राथमिक उपचार का प्रशिक्षण लें। बच्चों तथा पालतू जानवरों को कभी भी बन्द वाहन में अकेला न छोड़ें। जहां तक सम्भव हो घर में ही रहें तथा सूर्य के ताप से बचें। सूर्य के ताप से बचने के लिए जहां तक संभव हो घर की निचली मंजिल पर रहें। संतुलित, हल्का व नियमित भोजन करें। मादक पेय पदार्थों का सेवन न करें। घर से बाहर अपने शरीर व सिर को कपड़े या टोपी से ढककर रखें।
उन्होंने बचाव के बारे में बताते हुए कहा कि धूप में खड़े वाहनों में बच्चों या पालतू जानवरों को न छोड़ें। खाना बनाते समय घर के खिड़की दरवाजे आदि खुले रखें जिससे हवा का आना जाना बना रहे। नशीले पदार्थों, शराब अथवा अल्कोहल से बचें। उच्च प्रोटीनयुक्त खाद्य पदार्थों का अधिक से अधिक सेवन करें तथा बासी भोजन कतई न इस्तेमाल करें इसके साथ ही संतुलित व हल्का आहार लें। दोपहर के समय यदि बहुत आवश्यक हो तभी घर से धूप में बाहर निकलें अन्यथा धूप में जाने से बचें और यदि जाना ही पड़े तो सिर को जरूर ढकें। घर में पेय पदार्थ जैसे लस्सी, छांछ, मट्ठा, बेल का शर्बत, नमक चीनी का घोल, नीबू पानी या आम का पना इत्यादि का प्रयोग करें। उन्होंने बताया कि अभी आगे गर्मी का प्रकोप और बढ़ेगा इसलिए गर्मी से बचाव के लिए विभिन्न उपायों को अपनाना चाहिए।

कब लगती है लू

गर्मी में शरीर के द्रव्य बाॅडी फ्ल्यूड सूखने लगते हैं। शरीर में पानी, नमक की कमी होने पर लू लगने का खतरा ज्यादा रहता है। शराब की लत, हृदय रोग, पुानरी बीमारी, मोटापा, पार्किंसस रोग, अधिक उम्र, अनियंत्रित मधुमेह वाले व्यक्तियों को लू से विशेष बचाव करने की जरूरत है। इसके अलावा डाॅययूरेटिक, एंटीस्टिमिनक, मानसिक रोग की औषधि का उपयोग करने वाले व्यक्ति भी लू से सवाधान रहें।
लू के लक्षण
गर्म, लाल, शुष्क त्वचा का होना, पसीना न आना, तेज पल्स होना, उल्टे श्वास गति में  तेजी,व्यवहार में परिवर्तन, भ्रम की स्थिति, सिरदर्द, मिचली, थकान और कमजोरी का होना या चक्कर आना, मूत्र न होना  अथवा इसमें कमी आदि मुख्य लक्षण हैं। इन लक्षणों के चलते मनुष्यों के शरीर के उच्च तापमान से आंतरिक अंगों, विशेष रूप से मस्तिष्क को नुकसान पहुंचता है। इससे शरीर में उच्च रक्तचाप उत्पन्न हो जाता है।
प्रधान संगठन ने मुख्यमंत्री को  सात सूत्रीय ज्ञापन सौंपा।

चुनाव समय से न होने पर प्रधानों को प्रशासक नियुक्त करने की उठाई मांग


बबलू प्रजापति
पिहानी, हरदोई। अखिल भारतीय प्रधान संगठन विकासखंड पिहानी के ब्लॉक अध्यक्ष मेवाराम राठौर ने मुख्यमंत्री को संबोधित सात सूत्रीय ज्ञापन विकासखंड अधिकारी के माध्यम से भेजकर पंचायत चुनाव समय से न होने की स्थिति में वर्तमान जनप्रतिनिधियों को ही प्रशासक नियुक्त किए जाने की मांग उठाई है। ज्ञापन में कहा गया है कि वर्तमान परिस्थितियों को देखते हुए ग्राम पंचायत, क्षेत्र पंचायत एवं जिला पंचायत के चुनाव समय से होना संभव प्रतीत नहीं हो रहा है।
प्रधान संगठन ने कहा कि यदि समय पर चुनाव नहीं कराए गए तो पंचायतें जनप्रतिनिधि विहीन हो जाएंगी, जिससे विकास कार्यों पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ेगा और जनहित के कार्य बाधित हो जाएंगे। संगठन ने मांग की कि विकास कार्यों की निरंतरता बनाए रखने के लिए वर्तमान प्रधानों एवं क्षेत्र पंचायत अध्यक्षों का कार्यकाल बढ़ाकर उन्हें प्रशासक नियुक्त किया जाए।
ज्ञापन में यह भी उल्लेख किया गया कि यदि पंचायतों में सरकारी प्रशासक नियुक्त किए गए तो जनहित के कार्य प्रभावित होंगे और ग्रामीण विकास की गति धीमी पड़ जाएगी। साथ ही पंचायतों में कराए गए विकास कार्यों के लंबित भुगतान को शीघ्र जारी कराने की भी मांग की गई।
प्रधान संगठन ने अपने ज्ञापन में वर्ष 2010 का हवाला देते हुए कहा कि उस समय भी उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा प्रधानों को प्रशासक नियुक्त किया गया था। संगठन ने मुख्यमंत्री से मांग की कि जनहित को देखते हुए पुनः प्रधानों को ही प्रशासक नियुक्त किया जाए।
इसके अतिरिक्त संगठन ने सभी जनप्रतिनिधियों की सुरक्षा व्यवस्था मजबूत किए जाने की मांग भी उठाई है। ज्ञापन के अंत में मुख्यमंत्री से सातों बिंदुओं पर विचार कर शीघ्र आदेश जारी करने का अनुरोध किया गया है।
बिजली पासी के नाम से जाना जाएगा जिंदपीर चौराहा*
नितिन अग्रवाल जिंदाबाद के नारों से गुंजायमान  हुआ चौराहा*

बिजली पासी की मूर्ति लगने से विरोधियों के मुंह पर लगा ताला*

रितेश मिश्रा
हरदोई। नगर के जिन्दपीर चौराहे पर महाराजा बिजली पासी की प्रतिमा का अनावरण उत्तर प्रदेश सरकार के आबकारी मंत्री नितिन अग्रवाल ने फीता काटकर किया दोपहर में भीम आर्मी के विरोध के कारण पुलिस की कड़ी सुरक्षा व्यवस्था देखी गई। रेलवे गंज के प्रमुख व्यवसायी एवं नरेश अग्रवाल के निकटस्थ प्रकाश गुप्ता ने जोरदार आतिशबाजी की व्यवस्था की तथा  मंत्री जी को 51 किलो की माला और शाल उढ़ाकर उनका सम्मान किया।
  प्रतिमा स्थापना को लेकर दिनभर राजनीतिक और सामाजिक हलचल बनी रही। भीम आर्मी कार्यकर्ताओं ने प्रतिमा को लेकर विरोध जताते हुए महाराज मदारी पासी की प्रतिमा स्थापित किए जाने की मांग उठाई।
विरोध को देखते हुए प्रशासन पूरी तरह सतर्क रहा और कार्यक्रम स्थल पर भारी पुलिस बल तैनात किया गया। सुरक्षा व्यवस्था के मद्देनजर पुलिस ने कुछ भीम आर्मी कार्यकर्ताओं को हिरासत में लेकर पुलिस लाइन भेज दिया, जबकि कई कार्यकर्ताओं को कार्यक्रम स्थल के आसपास घेराबंदी कर रोके रखा गया, जिससे किसी प्रकार की अप्रिय स्थिति उत्पन्न न हो सके।
कड़ी सुरक्षा और विरोध के बीच प्रशासन ने कार्यक्रम को शांतिपूर्वक संपन्न कराया और महाराजा बिजली पासी की प्रतिमा का अनावरण किया गया। कार्यक्रम के दौरान नगर पालिका अध्यक्ष मधुर मिश्रा, जिला पंचायत अध्यक्ष प्रेमवती, प्रकाश गुप्ता सहित जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी और बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे।
प्रतिमा अनावरण को लेकर दिनभर शहर में चर्चाओं का माहौल बना रहा और सुरक्षा व्यवस्था प्रशासन के लिए बड़ी चुनौती बनी रही।
जिन्दपीर चौराहे पर प्रतिमा लगने से पहले बढ़ा विवाद .
रितेश मिश्रा
हरदोई: शहर के जिंदपीर चौराहे पर बनने वाले नए चौराहे और वहां स्थापित की गई प्रतिमा को लेकर विवाद गहराने लगा है। शाम छह बजे प्रस्तावित लोकार्पण कार्यक्रम से पहले ही विरोध के स्वर तेज हो गए। दोपहर के समय अचानक चौराहे पर बड़ी संख्या में भीम आर्मी और मदारी पासी जागृति मंच से जुड़े लोग पहुंच गए और अपनी मांगों को लेकर प्रदर्शन किया। इस दौरान संगठन के पदाधिकारियों ने प्रशासन को ज्ञापन भी सौंपा।
दरअसल, पिछले कई दिनों से शहर में यह चर्चा चल रही थी कि जिंदपीर चौराहे पर किस महापुरुष की प्रतिमा स्थापित की गई है। प्रतिमा को अब तक कपड़े से ढंका रखा गया है, जिससे लोगों के बीच उत्सुकता बनी हुई है। इसी बीच विरोध कर रहे संगठनों ने दावा किया कि इस स्थान पर मदारी पासी की प्रतिमा स्थापित की जानी चाहिए। उनका कहना था कि यदि किसी अन्य व्यक्ति की प्रतिमा लगाई गई तो उसका पुरजोर विरोध किया जाएगा।