सपा सांसद की अभद्र टिप्पणी के विरोध में भाजपा महिला कार्यकर्ताओं ने निकाला विरोध मार्च
रितेश मिश्रा
हरदोई:समाजवादी पार्टी के सांसद आजेंद्र लोधी द्वारा देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विरुद्ध अमर्यादित एवं अपशब्दों का प्रयोग किए जाने के विरोध में आज भारतीय जनता पार्टी की महिला कार्यकर्ताओं ने उग्र प्रदर्शन किया। देश के सर्वोच्च नेता के प्रति की गई इस अभद्र टिप्पणी से आक्रोशित सैकड़ों महिला कार्यकर्ता सड़कों पर उतरीं और समाजवादी पार्टी की इस संकीर्ण मानसिकता के खिलाफ अपनी आवाज बुलंद की। विरोध प्रदर्शन की शुरुआत स्थानीय गांधी मैदान से हुई।
गांधी मैदान में एकत्रित भाजपा महिला कार्यकर्ताओं ने सर्वप्रथम राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित की। महिलाओं ने बापू के चरणों में शीश नवाकर प्रार्थना की कि ईश्वर समाजवादी पार्टी के नेताओं को सद्बुद्धि प्रदान करे, ताकि वे राजनीतिक शुचिता और मर्यादा का पालन करना सीख सकें। इसके पश्चात कार्यकर्ताओं ने हाथों में तख्तियां लेकर कलेक्ट्रेट तक एक विशाल विरोध मार्च निकाला। मार्च के दौरान सपा विरोधी गगनभेदी नारे भी लगाए गए।
कलेक्ट्रेट परिसर में उपस्थित जनसमूह को संबोधित करते हुए भाजपा जिला पंचायत अध्यक्ष प्रेमवती ने कहा कि सपा सांसद के इस घृणास्पद और अमर्यादित व्यवहार ने लोकतंत्र के पावन मंदिर को कलंकित किया है।
जिलाउपाध्यक्ष अलका गुप्ता ने उन्होंने तीखा प्रहार करते हुए कहा कि स्वयं को 'पीडीए' (पिछड़ा, दलित, अल्पसंख्यक) का हितैषी बताने वाले दल के नेता आज एक पिछड़े समाज से आने वाले देश के सर्वाधिक लोकप्रिय नेता की वैश्विक स्वीकार्यता को पचा नहीं पा रहे हैं। भाजपा कार्यकर्ताओं ने चेतावनी भरे लहजे में जनता का ध्यान आकर्षित करते हुए कहा कि जो दल विपक्ष में रहकर इस तरह की गुंडागर्दी और अमर्यादित भाषा पर उतारू है, यदि वह भूलवश पुनः सत्ता में आ गए, तो समाज की सुरक्षा और कानून-व्यवस्था का क्या हश्र होगा, इसकी कल्पना मात्र से डर लगता है।
महिला कार्यकर्ता अदिति कुशवाहा ने कहा कि समाजवादी पार्टी मूल रूप से गुंडों, माफियाओं और भ्रष्टाचारियों को संरक्षण देने वाला संगठन है। इनके नेताओं के शब्दकोश में शालीनता और मर्यादित शब्दों का पूर्ण अभाव है। उत्तर प्रदेश की जनता सपा के विगत शासनकालों में व्याप्त घोर अराजकता, तुष्टिकरण और जंगलराज की विभीषिका को अभी भूली नहीं है। उसी प्रताड़ना और कुशासन से त्रस्त होकर देश व प्रदेश की देवतुल्य जनता ने पूर्ण विश्वास के साथ भारतीय जनता पार्टी के लोकप्रिय नेता नरेंद्र मोदी को देश की कमान सौंपी थी।
महिला कार्यकर्ताओं ने महामहिम राष्ट्रपति को संबोधित एक ज्ञापन भी प्रशासनिक अधिकारी को सौंपा, जिसमें दोषी सांसद के खिलाफ तत्काल और कठोरतम संवैधानिक कार्रवाई की मांग की गई है।
उपस्थित रही जिला मंत्री नीतू चंद्रा, दीपा बिस्वास, शोभना सिंह, अनुराधा मिश्रा, चेता शुक्ला, निधि सिंह, विनीता पांडे, अलका सिंह, मालती, सुधा, साधना, सहित अन्य कार्यकर्ता उपस्थित रही।
50 min ago
- Whatsapp
- Facebook
- Linkedin
- Google Plus
1- Whatsapp
- Facebook
- Linkedin
- Google Plus
0.2k