मारपीट के आरोपियों पर दर्ज हुई रिपोर्ट
रितेश मिश्रा
हरदोई।शाहाबाद कोतवाली के ग्राम तड़ेर में कुछ दबंगों ने पुरानी रंजिश के चलते दलितों को मारपीट कर घायल कर दिया। घटना की नामजद रिपोर्ट दर्ज कराई गई । घायलों का डाक्टरी परीक्षण कराया गया। तड़ेर निवासी संतराम पुत्र छुट्टा के अनुसार 10 मई को रात 8:00 बजे पुत्र पंकज ने फोन करके बताया सर्वेश, आदेश पुत्र गण भग्गा उसे पीट रहे हैं। संतराम के अनुसार वह अपने घर पहुंचा तो उपरोक्त दबंग बेटे तथा उसके साथी देवेंद्र व सचिन पुत्र गण आसाराम को पीट रहे थे। संतराम के अनुसार जब उसने अपने बेटों और उसके दोस्तों को बचाना चाहा तो उपरोक्त दबंगों ने अपने साथियों के साथ मिलकर उसकी भी पिटाई की जिससे उसे काफी चोटे आई। आरोपियों के खिलाफ दलित उत्पीड़न के अंतर्गत रिपोर्ट दर्ज कराई गई। प्रभारी निरीक्षक अरविंद कुमार राय ने बताया केस दर्ज कर जांच पड़ताल की जा रही है।
दबंगों पर घर में घुसकर मारपीट और जेवरात ले जाने का आरोप, पीड़ित ने एसडीएम से लगाई न्याय की गुहार*

रितेश मिश्रा
हरदोई। सवायजपुर तहसील क्षेत्र के भैलामऊ गांव निवासी देवेश कुमार पुत्र चंद्र प्रकाश ने उप जिला अधिकारी सवायजपुर को तहरीर देकर गांव के ही कुछ लोगों पर गंभीर आरोप लगाए हैं। पीड़ित के अनुसार विपक्षी नीतीश कुमार पुत्र कृष्ण मुरारी, कृष्ण मुरारी पुत्र छुटकुन्नू, श्याम बिहारी उर्फ चंचल पुत्र छुटकुन्नू एवं कृष्ण कुमार उर्फ कल्लू पुत्र छुटकुन्नू निवासी भैलामऊ ने उसके घर में घुसकर उसके और उसकी पत्नी के साथ मारपीट की।
पीड़ित देवेश कुमार का आरोप है कि दबंग घर में रखे कुछ कीमती जेवरात भी उठा ले गए। इतना ही नहीं, 8 तारीख को पुलिस की मौजूदगी में भी विपक्षियों द्वारा मारपीट किए जाने का आरोप लगाया गया है। देवेश कुमार ने बताया कि दबंगों ने उसे घर से भी बाहर निकाल दिया, जिसके चलते उसे अपनी बेटी की शादी दूसरे के घर से करनी पड़ी।
पीड़ित का कहना है कि वह पिछले एक वर्ष से न्याय पाने के लिए लगातार दफ्तरों के चक्कर काट रहा है, लेकिन अभी तक कोई सुनवाई नहीं हुई। उसने आरोप लगाया कि पुलिस लगातार फर्जी आख्या लगाकर मामले को दबाने का प्रयास करती रही।
देवेश कुमार ने यह भी आरोप लगाया कि उसके घर के बाहर लगे सरकारी नल पर भी दबंगों ने कब्जा कर लिया है। पीड़ित ने बताया कि विपक्षियों द्वारा लगातार धमकियां दी जा रही हैं, जिससे उसे अपनी जान का खतरा बना हुआ है। पीड़ित का कहना है कि यदि उसके साथ कोई भी अप्रिय घटना घटित होती है तो उसकी पूरी जिम्मेदारी विपक्षियों की होगी।
पीड़ित ने उप जिला अधिकारी से मामले की निष्पक्ष जांच कराकर आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
पाली-रूपापुर मार्ग पर धड़ल्ले से दौड़ रहीं डबल डेकर बसें, यात्रियों की जान से खिलवाड़

रितेश मिश्रा
हरदोई/पाली से होते हुए रूपापुर मार्ग से दिल्ली के लिए अवैध रूप से संचालित डबल डेकर बसों का खेल लगातार जारी है। नियमों को ताक पर रखकर सवारियां भरने वाली ये बसें खुलेआम फर्राटा भर रही हैं, जबकि जिम्मेदार प्रशासन मौन बना हुआ है।बताया जा रहा है कि इन बसों में क्षमता से अधिक सवारियां भरी जाती हैं, जिससे यात्रियों की जान हमेशा खतरे में रहती है। स्थानीय लोगों का कहना है कि पाली और रूपापुर क्षेत्र से रोजाना कई डबल डेकर बसें दिल्ली के लिए रवाना होती हैं, लेकिन इनके खिलाफ कोई ठोस कार्रवाई नहीं की जा रही।
गौरतलब है कि दो दिन पहले शाहाबाद में एडिशनल एसपी आलोक राज नारायण ने कार्रवाई करते हुए दो डबल डेकर बसों को सीज किया था। इसके बावजूद क्षेत्र में अवैध बसों का संचालन नहीं रुक रहा है।लोगों का कहना है कि कुछ दिन पहले एक्सप्रेसवे पर हुए भीषण हादसे में कई यात्रियों की जान चली गई थी, लेकिन उसके बाद भी प्रशासन और परिवहन विभाग गंभीर नजर नहीं आ रहा। ओवरलोड और नियमविहीन तरीके से चल रहीं ये बसें कभी भी बड़े हादसे का कारण बन सकती हैं।क्षेत्रीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि अवैध रूप से चल रही डबल डेकर बसों के खिलाफ अभियान चलाकर सख्त कार्रवाई की जाए, ताकि यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित हो सके।
बस स्टाप के लिए दी गयी भूमि तत्काल समतल कराने के निर्देश .
ई-रिक्शों की सघन चेकिंग के साथ निर्धारित रूट पर चलवाने की व्यवस्था करें- डीएम
.
रितेश मिश्रा
हरदोई: जिलाधिकारी अनुनय झा ने आज पुलिस अधीक्षक अशोक कुमार मीणा के साथ नगरीय क्षेत्र से बाहर देहात कोतवाली के आगे से सीतापुर के लिए तथा एफसीआई गोदाम से आगे लखनऊ के लिए संचालित होने वाली निजी बस स्टापों के लिए दी गयी भूमि का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने उप जिलाधिकारी सदर तथा ईओ, हरदोई को निर्देश दिये कि बस स्टाप के लिए दी गयी भूमि को गम्भीरता से लेते तत्काल प्रभाव से समतल कराये ताकि निजी बसों का संचालन सुचारू से हो सके।
जिलाधिकारी ने नगर मजिस्ट्रेट सुनील कुमार तथा एआरटीओ अरविन्द कुमार सिंह को निर्देश दिये कि नगर क्षेत्र में चलने वाले ई-रिक्शों की सघन चेकिंग करें और निर्धारित रूट पर चलवाने की व्यवस्था करें जिससे जाम की स्थित में सुधार आये और अवैध रूप चलने वाले ई-रिक्शों का चालान के विधिक कार्यवाही करें। इस अवसर पर एसडीएम सदर मंयक कुंडू, जवॉइंट मजिस्ट्रेट, कोतवाली देहात प्रभारी हरिनाथ सिंह व अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
ताहिर पब्लिक स्कूल की छात्रा  की सड़क हादसे में मौत*

परिवार को ख़बर मिलते ही मचा कोहराम,रो रो कर बुरा हाल।

बबलू प्रजापति
, हरदोई। पिहानी थाना क्षेत्र में मंगलवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में कक्षा 8 की छात्रा की मौत हो गई। स्कूल से अपने भाई के साथ स्कूटी से घर लौट रही छात्रा को वाजिदनगर के पास तेज रफ्तार वाहन ने जोरदार टक्कर मार दी। हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई, जबकि परिवार में चीख-पुकार गूंज उठी।
प्राप्त जानकारी के अनुसार ग्राम हल्लापुरवा निवासी रामवीर की पुत्री कोमल ताहिर पब्लिक स्कूल पिहानी में कक्षा 8 की छात्रा थी। मंगलवार को स्कूल की छुट्टी के बाद वह अपने भाई के साथ स्कूटी से घर वापस जा रही थी। जैसे ही वह वाजिदनगर से आगे दारू ठेके के पास पहुंची, तभी पीछे से आए तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने स्कूटी में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि कोमल गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़ी।
हादसे के बाद मौके पर राहगीरों की भीड़ जुट गई। आनन-फानन में घायल छात्रा को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पिहानी ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। छात्रा की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। मां-बाप का रो-रोकर बुरा हाल है।सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस हादसे को अंजाम देने वाले वाहन की तलाश में जुटी हुई है।घटना के बाद स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश देखा गया।
मटियामऊ में 8 वर्षीय अबू सलेह की हत्या व दुष्कर्म मामले में सपा प्रतिनिधिमंडल ने पीड़ित परिवार से की मुलाकात।
धर्मेंद्र सिंह
हरदोई /मल्लावां थाना क्षेत्र के मटियामऊ में मासूम अबू सालेह की अपहरण के बाद हुई जघन्य हत्या ने मानवता को शर्मसार कर दिया है। इस हृदय विदारक वारदात के बाद क्षेत्र में भारी तनाव और गम का माहौल है। इस दुखद घड़ी में पीड़ित  परिवार को सांत्वना देने और उन्हें न्याय के प्रति आश्वस्त करने के लिए सोमवार को अल्पसंख्यक सभा के प्रदेश अध्यक्ष  शकील नदवी, 159 बिलग्राम मल्लावां टिल्लू भईया एवं जिलाध्यक्ष श्री शराफत अली के नेतृत्व में एक उच्चस्तरीय प्रतिनिधिमंडल गांव पहुंचा। अपराधियों में कानून का खौफ खत्म"
पीड़ित परिवार से मुलाकात के दौरान प्रदेश अध्यक्ष शकील नदवी ने प्रदेश की वर्तमान कानून-व्यवस्था पर गंभीर चिंता व्यक्त की। उन्होंने कहा कि घर के दरवाजे से एक अबोध बालक का अपहरण कर उसकी निर्मम हत्या कर देना न केवल दुर्भाग्यपूर्ण है, बल्कि यह प्रशासन और पुलिस की कार्यशैली पर एक बड़ा धब्बा है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि दोषियों को तत्काल गिरफ्तार कर कठोरतम सजा नहीं दी गई, तो संगठन चुप नहीं बैठेगा।
प्रतिनिधिमंडल ने पीड़ित परिजनों के बीच बैठकर उनका दुख साझा किया। इस दौरान वहां मौजूद जनसमूह में भी भारी आक्रोश देखा गया। उपस्थित नेताओं ने सामूहिक रूप से ईश्वर से दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की और परिवार को भरोसा दिलाया कि वे सड़क से लेकर सदन तक इस लड़ाई को लड़ेंगे।
शोक संवेदना व्यक्त करने वालों में विधानसभा अध्यक्ष  अनुराग यादव, अल्पसंख्यक सभा के जिलाध्यक्ष  युवजन सभा के प्रदेश सचिव मेराज खान सईद भाई, प्रदेश सचिव विप्र प्रधान, प्रदेश सचिव  दिलशाद खान, गुलिस्तान खान, जिला उपाध्यक्ष  राहुल गुप्ता व  फूलचंद्र वर्मा, श्रीमती पूनम सरोज, विधानसभा अध्यक्ष (अल्पसंख्यक सभा) सिकंदर खान, ,  अफसर अली,  आलोक वर्मा एवं  वरिष्ठ नेता अखिलेश पाठक  सहित कई स्थानीय गणमान्य लोग और कार्यकर्ता मौजूद रहे।
चोरी करने वाले बदमाशों से मुठभेड़, पुलिस ने की जवाबी फायरिंग  दो घायल
बबलू प्रजापति
पिहानी कोतवाली क्षेत्र में ग्राम गौखरिका में हुई ताबड़तोड़ चोरी की वारदातों का पुलिस ने मुठभेड़ के बाद खुलासा कर दिया। पुलिस ने दो शातिर बदमाशों को गिरफ्तार किया है, जिनमें दोनों बदमाश पुलिस की जवाबी फायरिंग में पैर में गोली लगने से घायल हो गए। पकड़े गए आरोपियों की पहचान शाहजहांपुर के मिर्जापुर थाना क्षेत्र निवासी बुधपाल और पिहानी के कोटकला निवासी आसिफ के रूप में हुई है। पुलिस ने इनके कब्जे से चोरी के सोने-चांदी के जेवर, नगदी, अवैध तमंचे और बिना नंबर की बाइक बरामद की है।
घटना 8 और 9 मई की रात की है, जब बदमाशों ने गौखरिया गांव में एक के बाद एक तीन घरों को निशाना बनाया था। दीपक सिंह के घर से जेवर और 20 हजार रुपये नकद चोरी किए गए, जबकि सतीश सिंह के बंद पड़े मकान का ताला तोड़कर चोरों ने अलमारी और बक्सों में रखा सामान पार कर दिया। वहीं धर्मपाल सिंह के घर में पीछे की दीवार तोड़कर घुसे बदमाश करीब 97 हजार रुपये नकद और जेवरात चोरी कर ले गए। एक ही रात में तीन घरों में हुई चोरी से गांव में दहशत फैल गई थी। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर सर्विलांस और स्वाट टीम को जांच में लगाया था।
सीओ हरियावां अजीत चौहान ने बताया कि 10 मई की रात पिहानी पुलिस रसूलपुर तिराहे पर चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान बिना नंबर की बाइक से आ रहे दो युवकों को रोकने का प्रयास किया गया तो बदमाशों ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी और भागने लगे। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने भी फायरिंग की, जिसमें दोनों बदमाशों के पैर में गोली लग गई। घायल अवस्था में दोनों को गिरफ्तार कर अस्पताल में भर्ती कराया गया।पुलिस के अनुसार बुधपाल बेहद शातिर अपराधी है, जिसके खिलाफ गैंगस्टर समेत चोरी के करीब 16 मुकदमे दर्ज हैं। 25 जनवरी को पशु चोरी के मामले में वाहन चेकिंग के दौरान सवायजपुर पुलिस के साथ हुई मुठभेड़ में उसके बाएं पैर में गोली लगी थी। इसके बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर जेल भेजा गया था और करीब एक माह पहले ही जेल से छूटकर बाहर आया था।
वहीं आसिफ दिल्ली में रहकर सिलाई का काम करता था, लेकिन वह लोनी में अपने ही दोस्त की हत्या के मामले में जेल जा चुका है। पुलिस का कहना है कि करीब दस दिन पहले ही वह पिहानी लौटा था और बुधपाल के संपर्क में आने के बाद दोनों ने मिलकर गौखरिया में चोरी की बड़ी वारदात को अंजाम दिया। पुलिस दोनों आरोपियों के खिलाफ आगे की कार्रवाई में जुटी है।
स्वतंत्रता सेनानियों के उत्तराधिकारियों ने उठाई सुविधाओं और आरक्षण बढ़ाने की मांग
रितेश मिश्रा
हरदोई। स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के उत्तराधिकारियों ने प्रदेश सरकार के समक्ष विभिन्न मांगों को लेकर मांग पत्र प्रस्तुत किया है। पत्र में कहा गया है कि आजादी की लड़ाई में अपने प्राणों की आहुति देने वाले सेनानियों के परिवारों को पर्याप्त सुविधाएं और सम्मान मिलना चाहिए।
मांग पत्र में प्रमुख रूप से उत्तराधिकारियों के लिए प्रदेश सरकार द्वारा परिचय पत्र जारी किए जाने की मांग की गई है, ताकि उन्हें सरकारी स्तर पर पहचान मिल सके। इसके अलावा महाविद्यालयों और विश्वविद्यालयों में प्रवेश के दौरान आरक्षण का प्रतिशत बढ़ाने की भी मांग उठाई गई है, जिससे सेनानी परिवारों के बच्चों को शिक्षा के क्षेत्र में बेहतर अवसर मिल सकें।
उत्तराधिकारियों ने प्रदेश और केंद्र सरकार की नौकरियों में भी आरक्षण का प्रतिशत बढ़ाने की मांग रखी है। उनका कहना है कि वर्तमान में मिलने वाला लाभ सीमित होने के कारण अधिकांश परिवार इसका लाभ नहीं उठा पा रहे हैं।
मांग पत्र में यह भी उल्लेख किया गया कि वर्तमान व्यवस्था में केवल स्वतंत्रता सेनानी के पुत्र और पौत्र को ही आरक्षण का लाभ मिलता है, जबकि आयु सीमा अधिक हो जाने के कारण कई लोग इससे वंचित रह जाते हैं। ऐसे में प्रपौत्रों को भी आरक्षण सूची में शामिल किए जाने की मांग की गई है।
इसके साथ ही परिवहन निगम की बसों में उत्तराधिकारियों को निशुल्क यात्रा सुविधा देने के लिए परिचय पत्र जारी करने की मांग भी रखी गई है, ताकि परिवारजन मुफ्त यात्रा का लाभ प्राप्त कर सकें।
उत्तराधिकारियों ने सरकार से अपील करते हुए कहा कि देश की आजादी के लिए दिए गए बलिदानों को स्मरण करते हुए उनकी मांगों पर सहानुभूतिपूर्वक विचार किया जाए और आवश्यक आदेश जारी किए जाएं। मांग पत्र पर देवेंद्र विक्रम सिंह सहित अन्य लोगों के हस्ताक्षर मौजूद हैं।
पुलिस ने 50 लीटर डीजल और एक अदद तमंचा के साथ दो अभियुक्तो को पकडा।  
                                               

रितेश मिश्रा
हरदोई !! थाना हरपाल पुर पुलिस द्वारा  मुकदमा संख्या 138/2026  के अभियुक्तो को 50 लीटर डीजल और एक अदद तमंचा 315,बोर ब एक जिन्दा कारतूस के साथ गिरफ्तार किया है  प्राप्त बिबरण मे 9 मई को अतुल सिंह पुत्र धर्मेन्द्र सिंह निवासी ग्राम बरनई चतरखा द्वारा थाना पर तहरीर दी गई कि उनके ट्रैक्टर से अज्ञात चोरो द्वारा डीजल चोरी कर लिया गया जिसके सम्बन्ध मे पुलिस ने मु.अ् सं् 138/26 धारा 303(2)  बी एन एस बनाम अज्ञात पंजीक्रत किया गया बिबेचनात्मक कार्यबाही के दौरान बरामदगी के आधार पर  धारा 317(2) बी एन एस ब 3/25 आर्म्स एक्ट की ब्रद्धि की गई पुलिस द्वारा जांच के दौरान प्रकाश मे आए अभियुक्त बिशाल उर्फ मटरू पुत्र रामासरे निवासी ग्राम धसुआ फतेगढ फरूखाबाद ब सत्यराम पुत्र लालाराम निवासी दहेलिया थाना आ्
अर बल  को 50 लीटर डीजल ब एक अदद तमंचा 315 वो र मय एक जिन्दा कारतूस गिरफ्तार कर जेल भेजा गया है
हरदोई का 'कोहिनूर,डॉ. प्रदीप सिंह ने अमेरिका में पाई PhD की उपाधि...
रितेश मिश्रा
हरदोई की मिट्टी की महक अब अमेरिका की प्रयोगशालाओं में भी गूंज रही है। जिले के पाली कस्बे के पास स्थित छोटे से गाँव कछेलिया के रहने वाले डॉ. प्रदीप सिंह ने अपनी प्रतिभा के दम पर विश्व स्तर पर उत्तर प्रदेश का मान बढ़ाया है। डॉ. प्रदीप को अमेरिका की प्रतिष्ठित साउथ डकोटा स्टेट यूनिवर्सिटी ने 'बायोलॉजिकल साइंस' में पीएचडी (PhD) की उपाधि से नवाज़ा है। वर्तमान में वह अमेरिका के कनेक्टिकट स्थित 'यूकॉन हेल्थ' संस्थान में एक पोस्ट-डॉक्टोरल वैज्ञानिक के रूप में जटिल शोध कार्यों को अंजाम दे रहे हैं
डॉ. प्रदीप की यह सफलता किसी चमत्कार से कम नहीं है, बल्कि यह एक माँ के अदम्य साहस और एक मध्यमवर्गीय परिवार के बलिदान की कहानी है। उनके पिता श्री श्रीराम सिंह (सिंचाई विभाग) और माता श्रीमती माधुरी देवी ने संसाधनों की कमी को कभी बच्चों की पढ़ाई के आड़े नहीं आने दिया। विशेष रूप से उनकी माताजी ने विषम परिस्थितियों में भी धैर्य रखते हुए पूरे परिवार को एकजुट रखा और शिक्षा के प्रति प्रेरित किया।इसी का परिणाम है कि आज उनके पाँचों बेटे समाज के विभिन्न क्षेत्रों में अपनी सेवाएं दे रहे हैं।
मेधावी प्रदीप का शैक्षणिक सफर सेठ बाबूराम भारतीय विद्यालय (पाली) से शुरू होकर हरिद्वार के गुरुकुल कांगड़ी विश्वविद्यालय तक पहुँचा। भारत में NET, GATE और IIT-JAM जैसी कड़ी परीक्षाओं को पहले ही प्रयास में फतह करने वाले प्रदीप ने यह साबित कर दिया कि यदि इरादे फौलादी हों, तो गाँव की पगडंडियों से निकलकर अमेरिका के आधुनिकतम विज्ञान केंद्रों तक का रास्ता खुद-ब-खुद बन जाता है।
उनकी इस उपलब्धि पर पूरे क्षेत्र में खुशी की लहर है और वह आज लाखों युवाओं के लिए एक नई प्रेरणा बन चुके हैं।