चोरी करने वाले बदमाशों से मुठभेड़, पुलिस ने की जवाबी फायरिंग  दो घायल
बबलू प्रजापति
पिहानी कोतवाली क्षेत्र में ग्राम गौखरिका में हुई ताबड़तोड़ चोरी की वारदातों का पुलिस ने मुठभेड़ के बाद खुलासा कर दिया। पुलिस ने दो शातिर बदमाशों को गिरफ्तार किया है, जिनमें दोनों बदमाश पुलिस की जवाबी फायरिंग में पैर में गोली लगने से घायल हो गए। पकड़े गए आरोपियों की पहचान शाहजहांपुर के मिर्जापुर थाना क्षेत्र निवासी बुधपाल और पिहानी के कोटकला निवासी आसिफ के रूप में हुई है। पुलिस ने इनके कब्जे से चोरी के सोने-चांदी के जेवर, नगदी, अवैध तमंचे और बिना नंबर की बाइक बरामद की है।
घटना 8 और 9 मई की रात की है, जब बदमाशों ने गौखरिया गांव में एक के बाद एक तीन घरों को निशाना बनाया था। दीपक सिंह के घर से जेवर और 20 हजार रुपये नकद चोरी किए गए, जबकि सतीश सिंह के बंद पड़े मकान का ताला तोड़कर चोरों ने अलमारी और बक्सों में रखा सामान पार कर दिया। वहीं धर्मपाल सिंह के घर में पीछे की दीवार तोड़कर घुसे बदमाश करीब 97 हजार रुपये नकद और जेवरात चोरी कर ले गए। एक ही रात में तीन घरों में हुई चोरी से गांव में दहशत फैल गई थी। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर सर्विलांस और स्वाट टीम को जांच में लगाया था।
सीओ हरियावां अजीत चौहान ने बताया कि 10 मई की रात पिहानी पुलिस रसूलपुर तिराहे पर चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान बिना नंबर की बाइक से आ रहे दो युवकों को रोकने का प्रयास किया गया तो बदमाशों ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी और भागने लगे। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने भी फायरिंग की, जिसमें दोनों बदमाशों के पैर में गोली लग गई। घायल अवस्था में दोनों को गिरफ्तार कर अस्पताल में भर्ती कराया गया।पुलिस के अनुसार बुधपाल बेहद शातिर अपराधी है, जिसके खिलाफ गैंगस्टर समेत चोरी के करीब 16 मुकदमे दर्ज हैं। 25 जनवरी को पशु चोरी के मामले में वाहन चेकिंग के दौरान सवायजपुर पुलिस के साथ हुई मुठभेड़ में उसके बाएं पैर में गोली लगी थी। इसके बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर जेल भेजा गया था और करीब एक माह पहले ही जेल से छूटकर बाहर आया था।
वहीं आसिफ दिल्ली में रहकर सिलाई का काम करता था, लेकिन वह लोनी में अपने ही दोस्त की हत्या के मामले में जेल जा चुका है। पुलिस का कहना है कि करीब दस दिन पहले ही वह पिहानी लौटा था और बुधपाल के संपर्क में आने के बाद दोनों ने मिलकर गौखरिया में चोरी की बड़ी वारदात को अंजाम दिया। पुलिस दोनों आरोपियों के खिलाफ आगे की कार्रवाई में जुटी है।
स्वतंत्रता सेनानियों के उत्तराधिकारियों ने उठाई सुविधाओं और आरक्षण बढ़ाने की मांग
रितेश मिश्रा
हरदोई। स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के उत्तराधिकारियों ने प्रदेश सरकार के समक्ष विभिन्न मांगों को लेकर मांग पत्र प्रस्तुत किया है। पत्र में कहा गया है कि आजादी की लड़ाई में अपने प्राणों की आहुति देने वाले सेनानियों के परिवारों को पर्याप्त सुविधाएं और सम्मान मिलना चाहिए।
मांग पत्र में प्रमुख रूप से उत्तराधिकारियों के लिए प्रदेश सरकार द्वारा परिचय पत्र जारी किए जाने की मांग की गई है, ताकि उन्हें सरकारी स्तर पर पहचान मिल सके। इसके अलावा महाविद्यालयों और विश्वविद्यालयों में प्रवेश के दौरान आरक्षण का प्रतिशत बढ़ाने की भी मांग उठाई गई है, जिससे सेनानी परिवारों के बच्चों को शिक्षा के क्षेत्र में बेहतर अवसर मिल सकें।
उत्तराधिकारियों ने प्रदेश और केंद्र सरकार की नौकरियों में भी आरक्षण का प्रतिशत बढ़ाने की मांग रखी है। उनका कहना है कि वर्तमान में मिलने वाला लाभ सीमित होने के कारण अधिकांश परिवार इसका लाभ नहीं उठा पा रहे हैं।
मांग पत्र में यह भी उल्लेख किया गया कि वर्तमान व्यवस्था में केवल स्वतंत्रता सेनानी के पुत्र और पौत्र को ही आरक्षण का लाभ मिलता है, जबकि आयु सीमा अधिक हो जाने के कारण कई लोग इससे वंचित रह जाते हैं। ऐसे में प्रपौत्रों को भी आरक्षण सूची में शामिल किए जाने की मांग की गई है।
इसके साथ ही परिवहन निगम की बसों में उत्तराधिकारियों को निशुल्क यात्रा सुविधा देने के लिए परिचय पत्र जारी करने की मांग भी रखी गई है, ताकि परिवारजन मुफ्त यात्रा का लाभ प्राप्त कर सकें।
उत्तराधिकारियों ने सरकार से अपील करते हुए कहा कि देश की आजादी के लिए दिए गए बलिदानों को स्मरण करते हुए उनकी मांगों पर सहानुभूतिपूर्वक विचार किया जाए और आवश्यक आदेश जारी किए जाएं। मांग पत्र पर देवेंद्र विक्रम सिंह सहित अन्य लोगों के हस्ताक्षर मौजूद हैं।
पुलिस ने 50 लीटर डीजल और एक अदद तमंचा के साथ दो अभियुक्तो को पकडा।  
                                               

रितेश मिश्रा
हरदोई !! थाना हरपाल पुर पुलिस द्वारा  मुकदमा संख्या 138/2026  के अभियुक्तो को 50 लीटर डीजल और एक अदद तमंचा 315,बोर ब एक जिन्दा कारतूस के साथ गिरफ्तार किया है  प्राप्त बिबरण मे 9 मई को अतुल सिंह पुत्र धर्मेन्द्र सिंह निवासी ग्राम बरनई चतरखा द्वारा थाना पर तहरीर दी गई कि उनके ट्रैक्टर से अज्ञात चोरो द्वारा डीजल चोरी कर लिया गया जिसके सम्बन्ध मे पुलिस ने मु.अ् सं् 138/26 धारा 303(2)  बी एन एस बनाम अज्ञात पंजीक्रत किया गया बिबेचनात्मक कार्यबाही के दौरान बरामदगी के आधार पर  धारा 317(2) बी एन एस ब 3/25 आर्म्स एक्ट की ब्रद्धि की गई पुलिस द्वारा जांच के दौरान प्रकाश मे आए अभियुक्त बिशाल उर्फ मटरू पुत्र रामासरे निवासी ग्राम धसुआ फतेगढ फरूखाबाद ब सत्यराम पुत्र लालाराम निवासी दहेलिया थाना आ्
अर बल  को 50 लीटर डीजल ब एक अदद तमंचा 315 वो र मय एक जिन्दा कारतूस गिरफ्तार कर जेल भेजा गया है
हरदोई का 'कोहिनूर,डॉ. प्रदीप सिंह ने अमेरिका में पाई PhD की उपाधि...
रितेश मिश्रा
हरदोई की मिट्टी की महक अब अमेरिका की प्रयोगशालाओं में भी गूंज रही है। जिले के पाली कस्बे के पास स्थित छोटे से गाँव कछेलिया के रहने वाले डॉ. प्रदीप सिंह ने अपनी प्रतिभा के दम पर विश्व स्तर पर उत्तर प्रदेश का मान बढ़ाया है। डॉ. प्रदीप को अमेरिका की प्रतिष्ठित साउथ डकोटा स्टेट यूनिवर्सिटी ने 'बायोलॉजिकल साइंस' में पीएचडी (PhD) की उपाधि से नवाज़ा है। वर्तमान में वह अमेरिका के कनेक्टिकट स्थित 'यूकॉन हेल्थ' संस्थान में एक पोस्ट-डॉक्टोरल वैज्ञानिक के रूप में जटिल शोध कार्यों को अंजाम दे रहे हैं
डॉ. प्रदीप की यह सफलता किसी चमत्कार से कम नहीं है, बल्कि यह एक माँ के अदम्य साहस और एक मध्यमवर्गीय परिवार के बलिदान की कहानी है। उनके पिता श्री श्रीराम सिंह (सिंचाई विभाग) और माता श्रीमती माधुरी देवी ने संसाधनों की कमी को कभी बच्चों की पढ़ाई के आड़े नहीं आने दिया। विशेष रूप से उनकी माताजी ने विषम परिस्थितियों में भी धैर्य रखते हुए पूरे परिवार को एकजुट रखा और शिक्षा के प्रति प्रेरित किया।इसी का परिणाम है कि आज उनके पाँचों बेटे समाज के विभिन्न क्षेत्रों में अपनी सेवाएं दे रहे हैं।
मेधावी प्रदीप का शैक्षणिक सफर सेठ बाबूराम भारतीय विद्यालय (पाली) से शुरू होकर हरिद्वार के गुरुकुल कांगड़ी विश्वविद्यालय तक पहुँचा। भारत में NET, GATE और IIT-JAM जैसी कड़ी परीक्षाओं को पहले ही प्रयास में फतह करने वाले प्रदीप ने यह साबित कर दिया कि यदि इरादे फौलादी हों, तो गाँव की पगडंडियों से निकलकर अमेरिका के आधुनिकतम विज्ञान केंद्रों तक का रास्ता खुद-ब-खुद बन जाता है।
उनकी इस उपलब्धि पर पूरे क्षेत्र में खुशी की लहर है और वह आज लाखों युवाओं के लिए एक नई प्रेरणा बन चुके हैं।
गुप्ता ज्वेलर्स की दुकान पर महिलाओं ने नथनी चोरी करने का किया प्रयास   घटना सीसीटीवी में हुई कैद
दुकानदार द्वारा विरोध करने पर पति पत्नी व बहन ने दुकानदार की जमकर की पिटाई  वीडियो हुआ वायरल

रितेश मिश्रा
अहिरोरी /हरदोई जनपद अहिरोरी गांव का एक अजीबो गरीब मामला सामने आया है जहां एक  गुप्ता ज्वेलर्स की दुकान पर महिलाओं द्वारा चोरी की घटना सीसीटीवी कैमरे में हुई कैद   फिर  महिलाओं ब उनके साथ एक पुरुष ने दुकानदार को ही जमकर पीटा
प्राप्त जानकारी के अनुसार पीड़ित राहुल गुप्ता पुत्र स्वर्गीय राजेश निवासी  अहिरोरी  ने थाने पर शिकायती प्रार्थना पत्र में बताया कि पीड़ित की गुप्ता ज्वेलर्स के नाम से प्राथमिक विद्यालय अहिरोरी में ही  दुकान है जिस पर दिनांक 7  मई  2026 दिन के दोपहर 2:30 बजे विपक्षी पंकज पुत्र  यदुनाथ उसकी पत्नी एवं उसकी बहन निवासी लोचन पुरवा मजरा परसपुर  थाना टड़ियामा जिला हरदोई मेरी दुकान पर आए और सोने की नथनी लेने को बोला जिस पर प्रार्थी द्वारा कई नथनी दिखाई गई लेकिन उनको पसंद नहीं आई  फिर और नथनी को दिखाया गया वह भी पसंद नहीं आई फिर  नथनी दिखाने के दौरान विपक्षी ने पीड़ित की दुकान से  नथनी चोरी करने का प्रयास किया और जब पीड़ित द्वारा गिनती की गई तो नथनी कम निकली  जिसका मेरे द्वारा विरोध किया गया तब विपक्षी गणों ने गाली गलौज करने लगे जिसका मेरे छोटे भाई यीशु ने भी विरोध किया और कहा कि एक तो आपने मेरी दुकान से नथनी चोरी करने का प्रयास किया  और फिर मेरे कहने पर ही आपने नथनी को जमीन में गिरा दिया और जमीन से उठाकर आपने नथनी को दिया जो सीसीटीवी कैमरे में कैद भी हुई यह सब कहने के बाद उक्त लोग  गाली गलौज मारपीट पर आमादा हो गए और दुकान के बाहर पंकज उसकी पत्नी बहन ने एक राय होकर यीशु गुप्ता को सड़क पर ही गिरा कर लात घुसो से जमकर पिटाई कर दी वहीं किसी ने इसका वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया जिसमें उक्त तीनों लोग दुकानदार यीशु गुप्ता की ही पिटाई कर रहे है उक्त वीडियो में पति-पत्नी और एक उसकी बहन है जो लाल टी-शर्ट में है वह  पंकज है वह। सब मिलकर  पिटाई कर रहे है  इस संबंध में पत्रकार के द्वारा थाना अध्यक्ष  तड़ियामा से जानकारी की गई उक्त मामले में क्या कार्रवाई हो रही है तो थाना अध्यक्ष ने बताया कि मेरे द्वारा मौके का निरीक्षण किया गया था जांच चल रही है मारपीट का वीडियो देखा है और अभी सीसीटीवी की फुटेज मेरे पास नहीं  हैं जो भी सही होगा उस पर कार्यवाही की जाएगी
हरदोई जिला पंचायत अध्यक्ष के बेटे से 29 लाख की धोखाधड़ी! जमीन सौदे के बाद भी नहीं हुई रजिस्ट्री

रितेश मिश्रा
हरदोई में जिला पंचायत अध्यक्ष प्रेमावती के पुत्र डॉ. नीरज वर्मा के साथ 29 लाख रुपये की कथित धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। डॉ. नीरज वर्मा ने शहर कोतवाली में एक महिला और उसके बेटे के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है। आरोप है कि जमीन खरीदने के लिए लाखों रुपये देने के बावजूद आज तक जमीन की रजिस्ट्री उनके नाम नहीं की गई।
डॉ. नीरज वर्मा ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उन्होंने कमलेश प्रसाद और उनके पुत्र से परगना गोपामऊ के ग्राम लोधी स्थित 0.1792 हेक्टेयर भूमि खरीदने का सौदा किया था। इस भूमि पर वर्तमान में एक पेट्रोल पंप संचालित हो रहा है। जमीन का कुल सौदा 45 लाख रुपये में तय हुआ था। कमलेश प्रसाद मूल रूप से लखनऊ के निवासी बताए गए हैं, जबकि उनका अस्थाई पता बरेली में है।
डॉ. नीरज के मुताबिक, 24 नवंबर 2020 से 12 मार्च 2021 के बीच RTGS और NEFT के माध्यम से आरोपियों के खाते में 29 लाख रुपये ट्रांसफर किए गए। इस दौरान भरोसा दिलाया गया कि शेष 16 लाख रुपये देने के बाद भूमि का विक्रय विलेख निष्पादित कर दिया जाएगा।
आरोप है कि भुगतान के बाद भी आरोपियों ने लगातार टालमटोल शुरू कर दी। जमीन का स्वामित्व डॉ. नीरज वर्मा के नाम नहीं किया गया, हालांकि पेट्रोल पंप का लाइसेंस उनके नाम कर दिया गया, जो अभी भी संचालित हो रहा है।
डॉ. नीरज वर्मा का कहना है कि उन्होंने कई बार आरोपियों से संपर्क कर भूमि का विक्रय अभिलेख कराने की मांग की, लेकिन उन्हें कोई संतोषजनक जवाब नहीं मिला। इसके बाद 22 जुलाई 2025 को रजिस्टर्ड डाक के माध्यम से एक विधिक नोटिस भी भेजा गया, लेकिन उसका भी कोई जवाब नहीं दिया गया।
पीड़ित ने आरोप लगाया है कि कमलेश प्रसाद और उनके पुत्र ने उनके साथ 29 लाख रुपये की धोखाधड़ी की है। मामले में शहर कोतवाल संजय त्यागी ने बताया कि तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है.
रूटीन मेंटेनेंस के दौरान दर्दनाक हादसा, हाईवोल्टेज करंट की चपेट में आने से संविदा बिजली कर्मी की मौत
रितेश मिश्रा
कछौना, हरदोई:* नगर पंचायत कछौना पतसेनी में क्षेत्र में शनिवार दोपहर एक बड़ा हादसा हो गया। कस्बे के नंदलाल ज्वेलर्स और बाबूलाल पुलिया के पास रूटीन मेंटेनेंस का काम कर रहे एक आउटसोर्सिंग (संविदा) विद्युत कर्मी की हाईवोल्टेज करंट की चपेट में आने से मौके पर ही मौत हो गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, पश्चिमी बाजार कछौना निवासी महेंद्र कुमार उर्फ गुड्डू (48 वर्ष) पुत्र रामशंकर, लंबे समय से कस्बे में इलेक्ट्रिशियन के रूप में कार्यरत थे। शनिवार दोपहर वह नंदलाल ज्वेलर्स के समीप बिजली लाइनों के नियमित रखरखाव (रूटीन मेंटेनेंस) का कार्य कर रहे थे। इसी दौरान वह अचानक प्रवाहित हुए हाईवोल्टेज करंट की चपेट में आ गए और गंभीर रूप से झुलसकर नीचे गिर पड़े। घटना के तुरंत बाद नगर पंचायत की टीम और स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) कछौना में भर्ती कराया। हालांकि, चिकित्सकों ने परीक्षण के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। मौत की खबर सुनते ही अस्पताल परिसर में लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई और परिजनों में कोहराम मच गया।स्थानीय लोगों के अनुसार यह बात सामने आई है कि कार्य के दौरान सुरक्षा मानकों की अनदेखी की गई थी और कर्मी के पास पर्याप्त सुरक्षा उपकरण उपलब्ध नहीं थे। महेंद्र अपने पीछे दो बेटियां और एक बेटा छोड़ गए हैं, जिनका रो-रोकर बुरा हाल है। मामले की जानकारी मिलते ही पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है। प्रभारी निरीक्षक अमित सिंह ने बताया कि अस्पताल से मिले मेमो के आधार पर शव को कब्जे में ले लिया गया है और पोस्टमार्टम के लिए भेजा जा रहा है। मामले में कानूनी कार्यवाई अमल में लाई जा रही है।
वरिष्ठ पत्रकार दिनेश वर्मा का निधन
रितेश मिश्रा
हरदोई: दैनिक जागरण में लंबे समय तक अपनी सेवाएं देने वाले वरिष्ठ पत्रकार दिनेश वर्मा का निधन हो गया। उनके निधन की खबर से पत्रकारिता जगत में शोक की लहर दौड़ गई। बताया जा रहा है कि वे लंबे समय से अस्वस्थ चल रहे थे। कुछ दिन पूर्व उनका आईकान हॉस्पिटल में ऑपरेशन हुआ था। तबीयत बिगड़ने पर उन्हें हरदोई मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया था, जहां उपचार के दौरान उनका निधन हो गया। हरदोई के पत्रकारों व सामाजिक संगठनों और शुभचिंतकों ने उनके निधन पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए श्रद्धांजलि अर्पित की।
राष्ट्रीय लोक अदालत के माध्यम से कुल 1,82,772 मामलों का हुआ निस्तारण:-

रितेश मिश्रा
हरदोई सिविल जज सीनियर डिवीजन/प्रभारी सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण स्मिता गोस्वामी ने बताया कि माननीय जनपद न्यायाधीश/ अध्यक्ष जिला विधिक सेवा प्राधिकरण श्रीमती रीता कौशिक द्वारा
शनिवार को प्रातः 10:30 बजे राष्ट्रीय लोक अदालत का उद्घाटन किया गया। इस अवसर पर   मोटर दुर्घटना दावा अधिकरण विशम्भर प्रसाद, माननीय प्रधान न्यायाधीश कुटुम्ब न्यायालय श्री महेन्द्र नाथ, अपर जिला जज मनमोहन सिंह, श्री प्रेमेंद्र कुमार,श्रीमती कुसुम लता, नोडल अधिकारी राष्ट्रीय लोक अदालत/अपर जिला जज भूपेन्द्र प्रताप, समस्त न्यायिक अधिकारी, लीगल एड डिफेंस काउंसिल व बैंक अधिकारी उपस्थित रहे।
राष्ट्रीय लोक अदालत में न्यायिक अधिकारियों, अधिवक्ताओ, विभिन्न बैंकों, बीमा कंपनियों के अधिकारियों ने प्रतिभाग किया एवं वादों का निस्तारण कराया।
         सिविल जज सीनियर डिवीजन/प्रभारी सचिव ने बताया कि राष्ट्रीय लोक अदालत के माध्यम से विभिन्न न्यायालयों द्वारा 10735 वादों का निस्तारण किया गया।
       राष्ट्रीय लोक अदालत में उत्तराधिकार प्रकृति के 6 वाद, मोटर दुर्घटना प्रतिकर के 159 वाद, पारिवारिक मामलों के 52 वाद,स्थाई लोक अदालत के 6, फौजदारी के 3921 वाद, जिला प्रशासन द्वारा 6953 वादों का निस्तारण आपसी सुलह समझौते व अभिस्वीकृति के आधार पर किया गया।
मोटर दुर्घटना वादों में 34,62,3000/- रुपये की धनराशि प्रतिकर के रूप में पीड़ित पक्षकारों को दिलवाई  गई। ई-डिस्ट्रिक पोर्टल के माध्यम से जिला प्रशासन के विभागों द्वारा 1,62,143 मामलों का निस्तारण किया गया।
जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की प्रभारी सचिव/सिविल जज सीनियर डिवीजन स्मिता गोस्वामी ने बताया कि लोक अदालत के आयोजन में जनपद न्यायालय परिसर में बैंकों के कैम्प लगाए गए, जिसमें विभिन्न बैंकों ने बैंक ऋण से संबंधित 948 वादों का निस्तारण किया एवं कुल ऋण धनराशि 15,140,5000/- रुपये का समझौता किया गया व भारत संचार निगम द्वारा 5 वादों का तथा यातायात निरीक्षक द्वारा 1988 ई-चालान का निस्तारण  किया गया।
नोडल अधिकारी राष्ट्रीय लोक अदालत/अपर जिला जज भूपेन्द्र प्रताप ने अवगत कराया कि राष्ट्रीय लोक अदालत में कुल 1,82,772 मामलों का निस्तारण किया गया तथा समझौता धनराशि 205,151,303/- रुपये रही।
राष्ट्रीय लोक अदालत को सफल बनाने में समस्त न्यायिक अधिकारियों, बैंक-बीमा कंपनी तथा जिला प्रशासन व अधिवक्ताओ का योगदान रहा।
श्री डाल सिंह मेमोरियल स्कूल में मनाई गई वीर योद्धा महाराणा प्रताप की जयंती
रितेश मिश्रा
हरदोई। मंगली पुरवा फाटक स्थित श्री डाल सिंह मेमोरियल स्कूल में महाराणा प्रताप जयंती का आयोजन किया गया।
ना झुका, ना रुका और ना कभी डरा, धरती पर जन्में उन सपूतों में एक थे वीर शिरोमणि महाराणा प्रताप! आज हम उस महान योद्धा की जयंती मना रहे हैं, जिसने अपने मातृभूमि की जी - जान से रक्षा की। दुश्मनों के आगे कभी नहीं झुके ।
विद्यालय के प्रबंधक मुकेश सिंह, प्रधानाचार्या भूमिका सिंह ,शिक्षकों तथा छात्रों ने महाराणा प्रताप के चित्र पर माल्यार्पण व पुष्प अर्पित किए। जिसमें छात्रों ने उनके जीवन और उनकी वीरता के बारे में जाना। इस आयोजन का उद्देश्य छात्रों को महाराणा प्रताप के जीवन, उनके संघर्ष, अदम्य साहस और मातृभूमि के प्रति उनके समर्पण से अवगत कराना था ।महाराणा प्रताप सिंह ने मुगलों के सामने झुकना स्वीकार नहीं किया , घास की रोटी खाना स्वीकार किया।
विद्यालय प्रबंधक मुकेश सिंह ने कहा कि महाराणा प्रताप एक महान शासक और वीर थे, जिन्होंने मुगल बादशाह अकबर के खिलाफ संघर्ष किया था। उन्होंने छात्रों को महाराणा प्रताप के जीवन से प्रेरणा लेने और उनके आदर्शों को अपनाने के लिए प्रेरित किया।
विद्यालय की प्रधानाचार्या भूमिका सिंह ने बताया कि महाराणा प्रताप के जीवन से हमें सीखना चाहिए कि कैसे अपने लक्ष्य को हासिल करने के लिए संघर्ष करना चाहिए और कभी हार नहीं माननी चाहिए।
छात्रों ने महाराणा प्रताप के जीवन से प्रेरणा लेते हुए कहा,"हम भी उनके जैसा बनना चाहते हैं और अपने देश के लिए कुछ करना चाहते हैं।"
इस अवसर पर विद्यालय की प्रधानाचार्या लक्ष्मी देवी शिक्षिकाएं कोमल यादव, कविता गुप्ता,मंशा वाजपेई ,आरती वर्मा, विनीता त्रिवेदी, सोनम शुक्ला , प्रज्ञा द्विवेदी, सोनी शुक्ला, मीनाक्षी सिंह , ऐश्वर्या सिंह, नीलम, शिवांगी गुप्ता, दिव्यांशी गुप्ता, लवी मिश्रा, पूजा चौहान, मंजूषा यादव, तन्वी, पूजा मिश्रा , राखी गुप्ता, दीपमाला, मानसी मिश्रा शिक्षक रामप्रकाश पाण्डेय, अशोक कुमार गुप्ता, आयुष यादव, संजय कुमार आदि मौजूद रहे।