आउटसोर्स व अंशकालिक कर्मियों के हित में बड़ा फैसला
* यूपी में नए नियम लागू, साप्ताहिक अवकाश और वेतन सुरक्षा पर सरकार सख्त : असीम अरुण

* मजदूर दिवस पर लाखों कर्मचारियों को राहत, छुट्टियों और भुगतान व्यवस्था में पारदर्शिता

लखनऊ। उत्तर प्रदेश सरकार ने राज्य के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले लाखों आउटसोर्स एवं अंशकालिक कर्मियों के हितों की रक्षा के लिए बड़ा कदम उठाया है। समाज कल्याण राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) श्री असीम अरुण ने मजदूर दिवस के अवसर पर बताया कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के मार्गदर्शन में नए लेबर कोड्स तथा आउटसोर्स सेवा निगम के गठन के माध्यम से कर्मचारियों के अधिकारों को मजबूत किया गया है।
उन्होंने कहा कि सरकार ने छुट्टियों, कार्य समय और वेतन भुगतान की प्रक्रिया को पारदर्शी एवं अनिवार्य बना दिया है। अब कर्मचारियों का शोषण संभव नहीं होगा और उनके अधिकारों को कानूनी सुरक्षा मिलेगी।

* साप्ताहिक अवकाश अनिवार्य
नए नियमों के तहत किसी भी आउटसोर्स या अनुबंध कर्मचारी से लगातार सातों दिन कार्य लेना अवैध माना जाएगा। छह दिन लगातार काम के बाद एक दिन का सवेतनिक साप्ताहिक अवकाश देना अनिवार्य होगा। प्रतिदिन कार्य अवधि 8 से 9 घंटे निर्धारित की गई है। इससे अधिक कार्य लेने पर नियमानुसार ओवरटाइम देना होगा।

* छुट्टियों का नया प्रावधान
कर्मचारियों के शारीरिक और मानसिक कल्याण को ध्यान में रखते हुए अवकाश व्यवस्था में भी सुधार किया गया है। इसके तहत प्रति वर्ष 10 दिन आकस्मिक अवकाश, छह माह की सेवा पूर्ण होने पर 15 दिन बीमारी अवकाश तथा प्रतिवर्ष 15 दिन अर्जित अवकाश मिलेगा, जिसे अगले वर्ष के लिए संचय भी किया जा सकेगा। महिला कर्मचारियों के लिए प्रसूति अवकाश नियमों का सख्ती से पालन कराया जाएगा।

* वेतन सुरक्षा और डिजिटल पारदर्शिता
भारत सरकार के नए लेबर कोड्स के अनुरूप वेतन ढांचे में सुधार किया गया है। अब कुल वेतन (सीटीसी) का कम से कम 50 प्रतिशत मूल वेतन होगा, जिससे कर्मचारियों के पीएफ और ग्रेच्युटी में वृद्धि होगी। वेतन हर माह 1 से 5 तारीख के बीच सीधे बैंक खाते में जमा करना अनिवार्य किया गया है।

* आउटसोर्स सेवा निगम से खत्म होगा शोषण
1 अप्रैल 2026 से प्रभावी आउटसोर्स सेवा निगम के माध्यम से बिचौलियों की भूमिका समाप्त की जा रही है। इसके तहत अकुशल श्रमिकों के लिए न्यूनतम मजदूरी 11 हजार रुपये तथा कुशल श्रमिकों के लिए 13,500 रुपये से शुरू होने वाली नई दरें निर्धारित की गई हैं। सरकार समान कार्य के लिए समान वेतन के सिद्धांत को प्राथमिकता दे रही है।

* सरकार की प्राथमिकता अंत्योदय
असीम अरुण ने कहा कि हमारी सरकार का लक्ष्य अंत्योदय है। आउटसोर्सिंग कर्मचारी व्यवस्था की रीढ़ हैं और उन्हें सामाजिक सुरक्षा तथा सम्मान देना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। मजदूर दिवस पर यह सुधार उनके पसीने की कीमत और उनके अधिकारों के प्रति सरकार की प्रतिबद्धता का प्रतीक है।
अंतर्राष्ट्रीय श्रमिक दिवस पर पराग फैक्ट्री में श्रमिकों का सम्मान
* वन ट्रिलियन डॉलर इकोनॉमी की मजबूत आधारशिला हैं श्रमिक : धर्मपाल सिंह

* पराग उत्पादों की बेहतर मार्केटिंग, नए उत्पाद लॉन्च करने और प्लांट पूरी क्षमता से चलाने के निर्देश

लखनऊ। अंतर्राष्ट्रीय श्रमिक दिवस के अवसर पर उत्तर प्रदेश के पशुधन एवं दुग्ध विकास मंत्री धर्मपाल सिंह ने चक गंजरिया स्थित पराग फैक्ट्री पहुंचकर श्रमिकों का सम्मान किया और कहा कि उत्तर प्रदेश को वन ट्रिलियन डॉलर इकोनॉमी बनाने के लक्ष्य की असली आधारशिला प्रदेश के श्रमिक हैं। उन्होंने कहा कि श्रमिकों के परिश्रम, समर्पण और मेहनत के बिना कोई भी अर्थव्यवस्था आगे नहीं बढ़ सकती। मंत्री श्री सिंह ने फैक्ट्री में कार्यरत श्रमिकों को सम्मानित करते हुए उनके योगदान की सराहना की। उन्होंने श्रमिकों एवं कर्मचारियों के साथ बैठकर भोजन किया और सभी से पराग परिवार की भावना के साथ प्रेम, सद्भाव और उत्साहपूर्वक कार्य करने का आह्वान किया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि प्रदेश के औद्योगिक और दुग्ध विकास में श्रमिकों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। उनके निरंतर प्रयासों से ही उत्पादन क्षमता में वृद्धि संभव हो पाती है। उन्होंने कहा कि आधुनिक तकनीक और श्रमिकों की दक्षता बढ़ाकर दुग्ध क्षेत्र को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाया जा सकता है। उन्होंने कहा कि ‘पराग’ ब्रांड ने प्रदेश को नई पहचान दिलाई है और इसकी सफलता में यहां कार्यरत श्रमिकों की मेहनत का बड़ा योगदान है। श्रमिकों के अथक प्रयासों से पराग उत्पादों की गुणवत्ता और उत्पादन क्षमता लगातार बढ़ी है, जिससे प्रदेश के दुग्ध उत्पाद देशभर में पहचान बना रहे हैं।
मंत्री श्री सिंह ने पराग प्लांट का निरीक्षण भी किया और निर्देश दिए कि सभी दुग्ध प्लांट पेशेवर ढंग से पूरी क्षमता के साथ संचालित किए जाएं। उन्होंने पराग उत्पादों की मार्केटिंग मजबूत करने, गुणवत्ता मानकों का सख्ती से पालन करने तथा नए उत्पाद शीघ्र बाजार में उतारने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि दूध में किसी भी प्रकार की मिलावट या अनियमितता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सरकार की प्राथमिकता किसानों को उचित मूल्य और उपभोक्ताओं को शुद्ध दूध उपलब्ध कराना है।
इस अवसर पर अपर मुख्य सचिव पशुधन एवं दुग्ध विकास श्री मुकेश कुमार मेश्राम ने कहा कि श्रमिक किसी भी संस्था की रीढ़ होते हैं और उनके बिना उत्पादन व्यवस्था सशक्त नहीं हो सकती। विभाग श्रमिकों के कौशल विकास और कल्याण के लिए निरंतर प्रयासरत है। कार्यक्रम में पराग के प्रबंध निदेशक वैभव श्रीवास्तव सहित अन्य अधिकारियों ने भी श्रमिकों को शुभकामनाएं दीं। इस अवसर पर मनोज मौर्य, हरीश दुबे, अभिषेक सिंह, राम बक्श, सोनू सिंह, विजय कुमार, हर्ष पांडे, मनोज कुमार सिंह, भगवती प्रसाद एवं बृजलाल यादव समेत कई कर्मचारियों को सम्मानित किया गया।
श्रमिकों के परिश्रम से ही राष्ट्र प्रगति के पथ पर अग्रसर : हरि किशोर
* अंतरराष्ट्रीय श्रमिक दिवस पर इंजी. हरि किशोर तिवारी का संदेश

लखनऊ। अंतरराष्ट्रीय श्रमिक दिवस के अवसर पर इंजी. हरि किशोर तिवारी ने देश के सभी श्रमिकों, कर्मयोगियों एवं मेहनतकश साथियों को हार्दिक शुभकामनाएं देते हुए उनके योगदान को राष्ट्र निर्माण की असली नींव बताया।
उन्होंने कहा कि राष्ट्र के विकास की वास्तविक शक्ति हमारे श्रमिक वर्ग में निहित है। उनके कठिन परिश्रम, समर्पण और संघर्ष से ही देश निरंतर उन्नति के मार्ग पर आगे बढ़ रहा है। समाज और देश को मजबूत बनाने में श्रमिकों की भूमिका अतुलनीय है। उन्होंने कहा कि अंतरराष्ट्रीय श्रमिक दिवस हमें श्रमिकों के अधिकारों, सम्मान और सुरक्षित भविष्य के प्रति अपनी जिम्मेदारियों का स्मरण कराता है। प्रत्येक श्रमिक को सम्मानजनक जीवन, सुरक्षित कार्य वातावरण तथा न्यायपूर्ण अधिकार मिलना समय की आवश्यकता है।
इंजी. तिवारी ने कहा कि श्रमिकों का पसीना ही विकास की असली पूंजी है, इसलिए उनके हितों की रक्षा करना हम सभी का दायित्व है। अंत में उन्होंने सभी श्रमिक भाइयों एवं बहनों को अंतरराष्ट्रीय श्रमिक दिवस की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।
चित्रकूट, चंदौली और बुलंदशहर की पर्यटन परियोजनाओं को ₹9.97 करोड़ की मंजूरी
* 17 परियोजनाओं के जरिए धार्मिक स्थलों का होगा विकास, आस्था के साथ विकास सरकार की प्राथमिकता : जयवीर सिंह

लखनऊ। उत्तर प्रदेश सरकार ने पर्यटन विकास को बढ़ावा देते हुए चित्रकूट, चंदौली और बुलंदशहर जनपदों की विभिन्न विधानसभा क्षेत्रों में कुल 17 पर्यटन परियोजनाओं के लिए ₹9.97 करोड़ की धनराशि स्वीकृत की है। इन परियोजनाओं के तहत धार्मिक स्थलों के सौंदर्यीकरण, आधारभूत सुविधाओं के निर्माण और पर्यटन केंद्रों के विकास का कार्य कराया जाएगा।
प्रदेश के पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह ने बताया कि मुख्यमंत्री के मार्गदर्शन में प्रदेश के धार्मिक एवं सांस्कृतिक स्थलों का संरक्षण और विकास प्राथमिकता पर किया जा रहा है।

* चित्रकूट को ₹2.06 करोड़
चित्रकूट जनपद की 6 परियोजनाओं के लिए ₹2.06 करोड़ स्वीकृत किए गए हैं। इनमें पालेश्वरनाथ मंदिर पहाड़ी, राम शैया, पर्यटन सुविधा केंद्र, महर्षि वाल्मीकि लालपुर स्थित प्राचीन हनुमान मंदिर, वाल्मीकि घाट और महर्षि आश्रम परिक्रमा पथ के विकास कार्य शामिल हैं।

* चंदौली को ₹4.76 करोड़
चंदौली जनपद की 6 परियोजनाओं हेतु ₹4.76 करोड़ मंजूर किए गए हैं। इसमें प्राचीन शंकर जी मंदिर, हनुमान मंदिर, काली जी मंदिर, ग्रामीण पर्यटन विकास, शक्तिपीठ माता महालक्ष्मी महडौरी देवी मंदिर सहित अन्य स्थलों का विकास किया जाएगा।

* बुलंदशहर को ₹3.15 करोड़
बुलंदशहर जनपद की 5 परियोजनाओं के लिए ₹3.15 करोड़ स्वीकृत किए गए हैं। इनमें सिद्ध बाबा मंदिर (काल भैरव मंदिर), भारतीय बौद्ध महासभा संस्थान, माँ आशावर देवी मंदिर, बरामऊ शिव मंदिर तथा छोटी माता मंदिर के विकास कार्य शामिल हैं।
जयवीर सिंह ने कहा कि प्रदेश की धार्मिक विरासत को सहेजना और भावी पीढ़ी के लिए संरक्षित रखना सरकार की जिम्मेदारी है। इन परियोजनाओं से श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी, पर्यटन बढ़ेगा और स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर भी सृजित होंगे।
खुर्जा जिम हत्याकांड: मुख्य आरोपी जीतू सैनी मुठभेड़ में मारा गया, अन्य आरोपियों की तलाश जारी
लखनऊ । बुलंदशहर के खुर्जा क्षेत्र में जिम पर हुए तिहरे हत्याकांड के मुख्य आरोपी जीतू सैनी की पुलिस मुठभेड़ में मौत हो गई। यह मुठभेड़ गुरुवार सुबह सिकंदरपुर गांव के पास हुई, जिसमें आरोपी को गोली लगने के बाद घायल अवस्था में अस्पताल ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।
पुलिस के अनुसार, मुठभेड़ के दौरान स्वाट टीम प्रभारी मोहम्मद असलम और सिपाही मोहित मलिक भी गोली लगने से घायल हो गए। दोनों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है और उनका उपचार जारी है।
यह मामला 25 अप्रैल की रात का है, जब सुभाष मार्ग स्थित एक जिम में जन्मदिन पार्टी के दौरान फायरिंग हुई थी। इस घटना में तीन युवकों की मौत हो गई थी। घटना के बाद से पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी हुई थी।
इससे पहले पुलिस ने दो अन्य आरोपियों रिंकू सैनी और भारत सैनी को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार किया था। दोनों पर 50-50 हजार रुपये का इनाम घोषित था। पुलिस ने उनके कब्जे से अवैध हथियार और घटना से संबंधित सीसीटीवी डीवीआर बरामद की थी।
पुलिस का कहना है कि बाकी फरार आरोपियों की तलाश के लिए टीमों का गठन किया गया है और विभिन्न स्थानों पर दबिश दी जा रही है। साथ ही मामले में शामिल अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच की जा रही है।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, आरोपी जीतू सैनी के आपराधिक इतिहास की जानकारी भी जुटाई जा रही है और मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई जारी है।
गर्मी में सेहत रहे दुरुस्त: डॉ दीक्षिता पांडे ने बताए आसान और असरदार बचाव उपाय
लखनऊ ।  मैं हूं डॉ दीक्षिता पांडे आज मैं आपको बताऊंगी कि कैसे हम बचाव कर सकते हैं इस भीषण गर्मी में होने वाले रोगों से होम्योपैथी दवाइयां की सहायता से तो आईए जानते हैं सबसे पहले जो इसमें प्रमुख बीमारी है वह है हीट स्ट्रोक  या लू लगना _जी हां तेज धूप के संपर्क में आने से होने वाले दर्द बुखार और चक्कर आने जैसी स्थितियां जब आपके सामने हो तब आप होम्योपैथी की यह दवा ले सकते हैं जैसे की  बेलाडोना चेहरे की लालिमा तेज बुखार सूखी त्वचा और अचानक होने वाले दर्द के लिए उपयोगी है दूसरा गर्मी में सबसे ज्यादा शिकायत होती है देखने में आती है वह है थकावट डिहाइड्रेशन जिसको कहते हैं इसमें सबसे खास बात होती कि शरीर में पानी कमी हो जाती है इलेक्ट्रोलाइट्स की कमी हो जाती है जिसके लिए होम्योपैथिक में हम अगर दवा दें तो सबसे पहले दवा आती है "नेटराम मयूर "_धूप के लंबे समय तक प्रभाव के कारण होने वाले पुराने सर दर्द और शरीर में तरल पदार्थ के संतुलन के लिए उपयोग की जाती है इसमें दूसरी दवा आती है "चायना"_इसमें अत्यधिक पसीना आने के साथ दस्त के साथ होने वाली कमजोरी शरीर में पानी की कमी की भरपाई के लिए दी जाती है ।

इसमें तीसरी दवा आती है "आर्सेनिक एल्बम"_जलन बेचैनी और निर्जलीकरण के कारण होने वाले कमजोरी में राहत देती है ठीक है और अब बात करते हैं त्वचा संबंधी समस्याओं पर जो हमें गर्मियों के मौसम में देखने को मिलती है वह गर्मी में होने वाले त्वचा में रशेस और सनबर्न हो जाता है इसके कारण होने वाली जलन इसमें सल्फर दवा दी जा सकती है और घमौरी भी अगर निकल आए तो सल्फर दवा बड़े अच्छे से काम करती है जो की  त्वचा संवेदनशीलता को दूर करने में सल्फर की मेडिसिन बहुत ही अच्छी मानी जाती है अब हम बात करेंगे कि गर्मियों के मौसम में अगर  बच्चों को  बार-बार उल्टी दस्त हो रहे हैं तो उसके लिए सबसे अच्छी दवा होती है होम्योपैथिक में आर्सेनिक एल्बम, वैरेटम एल्बम, कैंपर दवा खांसी उपयोगी होती है ।

यह बहुत अच्छी मानी जाती हैं जी हां लेकिन दोस्तों कौन सी दवा किस मरीज को कितनी मात्रा में देना है यह आप होम्योपैथी डॉक्टर की सलाह से ही दीजिएगा बिल्कुल क्योंकि रोग की अवधि और दवा की खुराक यह सही निर्णय एक होम्योपैथी डॉक्टर ही आपको सही-सही बता पाएगा ठीक है और अब हम बताते हैं कि आप कैसे इन गर्मियों में आप अपना ख्याल सबसे ज्यादा इस प्रकार से रखें कि ज्यादा से ज्यादा हरी सब्जियां खाएं और मौसमी फलों का सेवन करें, लस्सी खीरा ककड़ी छाछ है ना जितना हो सके खाएं और पिए और गर्मियों से बचने के लिए आरामदायक सूती कपड़े पहने धूप में जब भी निकले तो छतरी या टोपी का इस्तेमाल जरूर करें और आंखों का भी ख्याल रखें आंखों के लिए भी आप चाहे तो आरामदायक चश्मा का प्रयोग कर सकते हैं सनग्लासेस के तौर पर और सबसे बड़ी बात आपको नाश्ते या खाने में गाजर एप्पल का सेवन ज्यादा से ज्यादा मात्रा में करिए तो आपको ब्लू नहीं लगेगी और गर्मी नहीं लगेगी हाजमा भीआपका बहुत अच्छा रहेगा तो दोस्तों उम्मीद करते हैं आपको हमारे द्वारा दी गई ।
आईटीआई अलीगंज में कैंपस ड्राइव, 57 युवाओं को मिला रोजगार

* मुख्यमंत्री मिशन रोजगार के तहत आयोजन, चयनित अभ्यर्थियों को ₹22,055 तक मासिक वेतन मिलेगा

लखनऊ। मुख्यमंत्री मिशन रोजगार योजना के अंतर्गत राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (आईटीआई), अलीगंज, लखनऊ में बुधवार को कैंपस ड्राइव का आयोजन किया गया। इस रोजगार मेले में डेनसो हरियाणा प्रा. लि. ने अपनी गुरुग्राम स्थित इकाई के लिए अभ्यर्थियों का चयन किया।
कैंपस ड्राइव में कुल 122 अभ्यर्थियों ने भाग लिया। लिखित परीक्षा एवं साक्षात्कार के बाद 57 अभ्यर्थियों का अंतिम चयन किया गया। चयनित युवाओं को कंपनी द्वारा प्रथम वर्ष में अधिकतम ₹22,055 प्रतिमाह वेतन दिया जाएगा। साथ ही उन्हें बी.वोक कोर्स करने का अवसर भी मिलेगा, जिससे कौशल विकास और करियर उन्नति को बढ़ावा मिलेगा।
प्रधानाचार्य राज कुमार यादव ने कंपनी प्रतिनिधियों से अधिक से अधिक अभ्यर्थियों को अवसर देने का आग्रह किया तथा चयनित अभ्यर्थियों को समय पर ज्वाइनिंग करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के कैंपस ड्राइव युवाओं को रोजगार से जोड़ने में अहम भूमिका निभाते हैं और प्रदेश सरकार की रोजगारपरक नीतियों को मजबूती देते हैं।
प्लेसमेंट ऑफिसर एम.ए. खां ने बताया कि संस्थान लगातार युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराने के लिए उद्योगों से समन्वय कर रहा है।
कार्यक्रम के सफल संचालन में अनुदेशक मकबूल कादिर, जेड रहमान तथा ग्रे सिम लर्निंग्स फाउंडेशन के स्टाफ का विशेष योगदान रहा।
बिजनौर की 8 पर्यटन परियोजनाओं को ₹9.09 करोड़ मंजूर, बिदुर आश्रम का होगा कायाकल्प

* धार्मिक स्थलों के सौंदर्यीकरण और बुनियादी सुविधाओं के विकास पर सरकार का जोर

लखनऊ। उत्तर प्रदेश सरकार ने जनपद बिजनौर की विभिन्न विधानसभा क्षेत्रों में पर्यटन विकास की 8 परियोजनाओं के लिए ₹9.09 करोड़ की धनराशि स्वीकृत की है। यह स्वीकृति वित्तीय वर्ष 2025-26 में राज्य योजना के अंतर्गत दी गई है। इन परियोजनाओं के तहत धार्मिक स्थलों का सौंदर्यीकरण, आधारभूत सुविधाओं का विकास और श्रद्धालुओं के लिए बेहतर व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएंगी।
प्रदेश के पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री श्री जयवीर सिंह ने बताया कि सभी कार्यों के लिए यूपीएसटीडीसी को कार्यदायी संस्था नामित किया गया है। साथ ही संबंधित एजेंसियों को गुणवत्ता एवं समयबद्धता के साथ कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए गए हैं।
उन्होंने बताया कि बिजनौर स्थित ऐतिहासिक बिदुर कुटी स्थल के समेकित विकास हेतु ₹4 करोड़ स्वीकृत किए गए हैं। इसके अलावा बढ़ापुर विधानसभा क्षेत्र में प्राचीन संत शिरोमणि रविदास मंदिर के लिए ₹44 लाख, सदर विधानसभा क्षेत्र के उमा महेश आश्रम निजामतपुरा गंज के लिए ₹40 लाख तथा नूरपुर स्थित प्राचीन झंडेवाला बाबा मंदिर के लिए ₹30 लाख मंजूर किए गए हैं।
इसी प्रकार नगीना स्थित श्रीराम लीला बाग मंदिर के विकास के लिए ₹1.11 करोड़, नहटौर में अड्डे वाले बाबा स्थल के लिए ₹87 लाख, धामपुर में केड़ीवाले बाबा स्थल के लिए ₹50 लाख तथा विकासखंड अल्लेहपुर धाम स्थित स्थल के विकास के लिए ₹1.12 करोड़ स्वीकृत किए गए हैं।
पर्यटन मंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री की प्रेरणा से प्रदेश के धार्मिक एवं सांस्कृतिक स्थलों का सर्वांगीण विकास किया जा रहा है। अल्पज्ञात आस्था स्थलों को विकसित कर श्रद्धालुओं के लिए सुविधाएं बढ़ाई जा रही हैं, जिससे स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर भी सृजित होंगे और पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा।
डिप्टी सीएम केशव मौर्य और बृजेश पाठक ने पूर्व मंत्री नरेंद्र कुमार सिंह गौर का जाना हालचाल

* केजीएमयू पहुंचकर स्वास्थ्य की जानकारी ली, बेहतर इलाज के दिए निर्देश

लखनऊ। उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने बुधवार को उप मुख्यमंत्री बृजेश पाठक के साथ किंग जॉर्ज मेडिकल यूनिवर्सिटी (केजीएमयू), लखनऊ पहुंचकर भर्ती पूर्व मंत्री नरेंद्र कुमार सिंह गौर से मुलाकात की और उनका हालचाल जाना।
दोनों उप मुख्यमंत्री ने चिकित्सकों से श्री गौर के स्वास्थ्य की विस्तृत जानकारी प्राप्त की तथा उपचार संबंधी आवश्यक निर्देश दिए। उन्होंने अस्पताल प्रशासन से कहा कि मरीज को सर्वोत्तम चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं और इलाज में किसी प्रकार की कमी न रहने पाए।
इस दौरान केशव प्रसाद मौर्य और बृजेश पाठक ने पूर्व मंत्री श्री गौर के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की। साथ ही परिजनों को आश्वस्त किया कि राज्य सरकार हरसंभव सहयोग और सहायता के लिए तत्पर है।
गंगा एक्सप्रेसवे विकास का नया अध्याय, यूपी बना 60% एक्सप्रेसवे वाला राज्य: नन्दी

* समग्र विकास के प्रति सरकार की प्रतिबद्धता का प्रतीक है गंगा एक्सप्रेसवे, उद्घाटन समारोह में बोले औद्योगिक विकास मंत्री

लखनऊ। गंगा एक्सप्रेसवे के उद्घाटन समारोह में उत्तर प्रदेश सरकार के औद्योगिक विकास मंत्री नन्द गोपाल गुप्ता नन्दी ने कहा कि गंगा एक्सप्रेसवे प्रदेश के समग्र विकास, प्रतिबद्धता और दूरदर्शी सोच का दर्पण है। उन्होंने कहा कि इसके लोकार्पण के साथ उत्तर प्रदेश देश का 60 प्रतिशत एक्सप्रेसवे नेटवर्क वाला राज्य बन गया है।
उन्होंने कहा कि माँ गंगा केवल एक नदी नहीं, बल्कि 140 करोड़ भारतीयों की आस्था, संस्कृति और समृद्धि का केंद्र हैं। जिस प्रकार गंगा का जल धरती को उर्वर बनाता है, उसी प्रकार गंगा एक्सप्रेसवे उत्तर प्रदेश की औद्योगिक संभावनाओं को नया स्वरूप देने जा रहा है। यह परियोजना प्रदेश के अवस्थापना विकास के इतिहास में स्वर्णिम अध्याय साबित होगी।
नन्दी ने कहा कि गंगा भारत की सांस्कृतिक जीवनरेखा है और यह एक्सप्रेसवे उत्तर प्रदेश की औद्योगिक जीवनरेखा के रूप में स्थापित होगा। इससे निवेश, परिवहन, रोजगार और व्यापार को नई गति मिलेगी।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश को ‘एक्सप्रेस प्रदेश’ के रूप में नई पहचान मिली है। पिछले नौ वर्षों में बुन्देलखंड एक्सप्रेसवे, पूर्वांचल एक्सप्रेसवे, गोरखपुर लिंक एक्सप्रेसवे और अब गंगा एक्सप्रेसवे के निर्माण से प्रदेश के औद्योगिक और बुनियादी ढांचे के विकास को दोगुनी रफ्तार मिली है।
मंत्री ने कहा कि प्रयागराज से देश की राजधानी तक जुड़ने वाला यह एक्सप्रेसवे डबल इंजन सरकार की उपलब्धियों की यात्रा में मील का पत्थर है और प्रदेश के सर्वांगीण विकास के संकल्प को साकार करता है।