उप मुख्यमंत्री ने आदि शक्ति मां विन्ध्यवासिनी देवी, काली खोह व अष्टभुजा देवी का विविधवत मंत्रोच्चार के साथ दर्शन-पूजन कर लिया आशीर्वाद

मीरजापुर। उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने मंगलवार को जनपद भ्रमण के दौरान आदि शक्ति मां विन्ध्यवासिनी देवी मन्दिर पहुंचकर मंत्रोच्चार के साथ पूजा अर्चना कर आशीर्वाद लिया। तत्पश्चात कालीखोह मन्दिर जाकर माता काली जी, अष्टभुजा मन्दिर पहुंचकर माता अष्टभुजा देवी का दर्शन पूजन कर आशीर्वाद लिया व देश व प्रदेश की सुख समृद्धि की कामना की। दर्शनोपरान्त उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने उपस्थित पत्रकार बंधुओ से वार्ता के दौरान कहा कि आज मां विन्ध्यवासिनी देवी का दर्शन करने का सौभाग्य प्राप्त हुआ है। उन्होंने कहा कि मां विन्ध्यवासिनी देवी ने जो दर्शन देकर अपना आशीर्वाद दिया है उसके लिए मैं अपने आप को सौभाग्यशाली मानता हूं।

कहा पूरे प्रदेशवासियों के खुशहाली, अच्छे स्वास्थ्य, उनके प्रगति के लिए मां के चरणों में प्रार्थना करता हूं। उन्होंने कहा कि नव संवतसर शुरू हुआ है रामनवमी भी आने वाली है भगवान रामलला का भव्य मन्दिर व काशी विश्वनाथ मन्दिर का भव्य मन्दिर बना, तो वहीं विन्ध्याचल मां का धाम भी भव्य कारीडोर के रूप में बनकर तैयार होने की स्थिति में है। उन्होंने कहा कि हम सभी के लिए गर्व  की बात है, इसके कारण निरंतर श्रद्धालुओं की संख्या बढ़ रही है। यह मां की महिमा स्पष्ट रूप से दिखाई देती है। उन्होंने कहा कि आने वाला समय प्रदेश में हर प्रकार से सरकार, पार्टी व हमारे प्रदेश वासियो के लिए शूभ हो यही मां के चरणो की विनती कर कामना की।

उप मुख्यमंत्री हेलीकाप्टर द्वारा तकरीबन 2 बजे पुलिस लाइन हेलीपैड पर उतरे जहां पर जिले के जनप्रतिनिधियों सहित जिलाधिकारी पवन कुमार गंगवार, पुलिस अधीक्षक अपर्णा रजत कौशिक, मुख्य विकास अधिकारी विशाल कुमार, परियोजना निदेशक डीआरडीए धरमजीत सिंह व अन्य जनप्रतिनिधियो ने उप मुख्यमंत्री को पुष्प गुच्छ भेंटकर हेलीपैड पर स्वागत व अभिनन्दन किया।
विश्व क्षय रोग दिवस पर जागरूकता सत्र आयोजित

मीरजापुर। विश्व क्षय रोग दिवस के अवसर पर टीबी का इलाज संभव है, बस समय पर जांच और पूरा इलाज जरूरी है संदेश को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से चुनार स्थित एक शिक्षण संस्थान में टीबी जागरूकता सत्र का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य समाज में टीबी के प्रति आम जनमानस के बीच जागरूकता बढ़ाना तथा संभावित टीबी मरीज को समय पर जांच एवं पूर्ण उपचार के महत्व को समझाना रहा।

इस अवसर पर कार्यक्रम के मुख्य वक्ता के रूप में आए सतीश शंकर यादव जिला समन्वयक, टीबी विभाग ने कहा कि 24 मार्च 1882 में जर्मनी के राबर्ट कांख नामक वैज्ञानिक द्वारा टीबी के वैक्टिरिया का खोज किया गया था‌ जिनके याद में लोगों को टीबी के जागरूकता में सहयोग हेतु हर वर्ष उक्त आयोजन किया जाता है। उन्होंने उपस्थित सभी जनों को टीबी के संपूर्ण लक्षणों एवं सरकारी स्तर से प्रदान की जा रही सभी नि:शुल्क सुविधाओं को विस्तार पूर्वक जानकारी देते हुए अनुरोध किया कि आप सभी भी अपने स्तर से देश हित में समाज में  लोगों को टीबी के प्रति जागरूक करते हुए मरीजों के सहयोग में आगे आने का सराहनीय प्रयास करें।
मिर्जापुर: माँ विंध्यवासिनी धाम पहुंचे डीजीपी राजीव कृष्ण, सपरिवार किया दर्शन-पूजन

मिर्जापुर।  प्रसिद्ध माँ विंध्यवासिनी धाम में उत्तर प्रदेश के डीजीपी राजीव कृष्ण सपरिवार पहुंचे और माँ विंध्यवासिनी का विधिवत दर्शन-पूजन कर आशीर्वाद लिया। इस दौरान विनय महाराज ने वैदिक मंत्रोच्चार के बीच हवन-पूजन संपन्न कराया। श्रद्धा और आस्था के माहौल में डीजीपी ने प्रदेश की शांति, समृद्धि और खुशहाली के लिए विशेष प्रार्थना की। उन्होंने विनय महाराज से उत्तर प्रदेश में सुख-शांति, कानून व्यवस्था की मजबूती और जनकल्याण हेतु विशेष पूजन कराने का आग्रह भी किया। धाम में उनके आगमन के दौरान श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों में उत्साह देखा गया। पूरे मंदिर परिसर में भक्तिमय माहौल बना रहा।
भर दो झोली मेरी शेरावाली देवी गीतों से गुंजायमान रहा विन्ध्य महोत्सव का सांस्कृतिक पंडाल

लोकगीत को भी दर्शनार्थियों द्वारा की गई सराहना

विन्ध्य महोत्सव के सांस्कृतिक मंच पर स्थानीय कलाकारो के अलावा वाराणसी, इलाहाबाद व लखनऊ के कलाकारों के द्वारा भी की गई प्रस्तुति


मीरजापुर। मां विन्ध्यवासिनी देवी के धाम विन्ध्याचल में नव निर्माण के नौ वर्ष के उपलक्ष्य में चैत्र नवरात्र मेला के अवसर पर विन्ध्य महोत्सव के चतुर्थ दिन सांस्कृतिक मंच जनपद के नामचीन कलाकारों के साथ ही जपनद वाराणसी, प्रयागराज व लखनऊ से आए कलाकारों के द्वारा अपनी प्रस्तुति कर उपस्थित श्रोताओं का मनोरंजन कराया गया।

सांस्कृतिक कार्यक्रम का शुभारम्भ अध्यक्ष नगर पालिका परिषद मीरजापुर श्याम सुन्दर केसरी, अपर आयुक्त न्यायिक विन्ध्याचल मण्डल डाॅ विश्राम यादव, अपर जिलाधिकारी अजय कुमार सिंह के द्वारा दीप प्रज्ज्वलित एवं देवी चित्र पर माल्यार्पण कर किया गया। इसके पूर्व अध्यक्ष नगर पालिका परिषद मीरजापुरी व अपर आयुक्त न्यायिक सहित सभी अधिकारियो द्वारा नव निर्माण के नौ वर्ष के अवसर पर लगाई गई चित्र प्रदर्शनी का भ्रमण कर अवलोकन किया गया।

सांस्कृतिक कार्यक्रम का शुभारम्भ लोकगायिक किरन चैरयिा के देवीगीत व लोकगायन से किया गया। तत्पश्चात मंच पर मीरजापुर के ही कलाकार रिंकी देवी, मधु कुमारी, संतोष कुमार, कीर्ति साहनी, निर्मला प्रजापति, शान्ति निषाद, संजय शर्मा व हृदय मिश्रा, सुरेन्द्र प्रसाद, कमलेश पाल के द्वारा अपनेे देवीगीतो के माध्यम से शानदार उपस्थिति दर्ज कराई गई। कार्यक्रम में उत्तर मध्य क्षेत्र सांसकृतिक केन्द्र प्रयागराज से पंजीकृत अन्तर्राष्ट्रीय लोकगायिका उषा गुप्ता के द्वारा ‘‘भर दो झोली मेरी शेरावाली दर ने आया ह ैतेरी सवाली.....’’ गीत सुनाकर पूरे पंडाल को भक्तिरस में सराबोर किया गया।

इसी क्रम में उषा गुप्ता के द्वारा अतिथियों के स्वागत में स्वागत गीत तत्पश्चात श्रोताओं की मांग पर भोजपुरी लोकगीत ‘‘जाये चन्दा ले आवा खबरिया....’’ व चैती गीत सुनाकर लोगों को मनोरंजन कराया गया। इसी क्रम में मीरजापुर के ही लोकगीत, कजली गायिका देवी, कजली एवं भोजपुरी गीत सुनाकर अपनी शानदार उपस्थित दर्ज कराई गई। कार्यक्रम में लखनऊ की मांसी रघुवंशी के द्वारा जहां लोकगायन व देवीगीत प्रस्तुत किया गया वहीं आजमगढ़ से पधारे हृदय मिश्रा के द्वारा शानदार लोकगायन व देवीगीत प्रस्तुत किया गया। सांस्कृतिक कार्यक्रम अध्यक्ष नगर पालिका व अपर आयुक्त न्यायिक, अपर जिलाधिकारी, डिप्टी कलेक्टर संजीव सुमार, जिला सूचना अधिकारी ओम प्रकाश उपाध्याय के द्वारा कार्यक्रम प्रस्तुत करने वाले कलाकारो को प्रशस्ति पत्र, देवी चित्र व अंगवस्त्रम प्रदान कर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम का सफल संचालन राजेन्द्र तिवारी उर्फ लल्लू तिवारी, संजय श्रीवास्तव द्वारा किया गया।
Mirzapur: कलेक्ट्रेट कचहरी परिसर में ठेले खोमचे वालों की भीड़ से बढ़ रही जाम की समस्या

अधिवक्ताओं से लेकर वादकारियों को होती है परेशानी

मीरजापुर। सदैव भीड़ से पटे रहने वाले कलेक्ट्रेट कचहरी परिसर में ठेले खोमचे वालों के आ जाने से 'कोढ़ में खाज' वाली कहावत चरितार्थ होने लगी है। बताया जा रहा है कि नाजिर की मिली-भगत से कलेक्ट्रेट परिसर में ठेला-खुमचा की दुकान लगने से जाम जैसी स्थिति उत्पन्न हो रही है तो वहीं  इनके द्वारा अत्यधिक दाम लेने को लेकर वाद-विवाद भी हुआ करता है। कुछ वकीलों द्वारा पूर्व में इसकी शिकायत नाजिर से की गई थी, लेकिन इस पर कोई कार्रवाई न होने से कलेक्ट्रेट से लेकर पूरे कचहरी परिसर में ठेले-खोमचे के दुकानदारों की भरमार होती जा रही है। इससे आवागमन में असुविधा होती है तो अक्सर जाम जैसी नौबत भी उत्पन्न हो जाया करती है।

अधिवक्ताओं का कहना है कि ठेले खोमचे की दुकानें भले ही चलती फिरती हुए दिखाई देती हैं लेकिन इनकी वजह से जाम तो लगता ही है यह मनमाने दाम लेकर अधिवक्ताओं से लेकर वादकारियों को भी सामान देने से बाज़ नहीं आते है। सर्वाधिक लूट खटे हुए फल बेचने वाले मचाएं हुए हैं जो कटे फलों को खुले में रखकर बेचने के साथ बीमारी को बढ़ा रहे हैं। ऐसे लोगों को कलेक्ट्रेट परिसर से बाहर करने के साथ ही अवैधानिक रूप से कलेक्ट्रेट परिसर में ठेले खोमचे की दुकानें बंद किए जाने की मांग की गई है।
Mirzapur: महीनों से नहीं मिला टीबी मरीजों को पोषक राशि, महकमा कर रहा बखान दर बखान, टीबी मरीज हो रहे हलकान व परेशान

मीरजापुर। जिले के टीबी मरीजों के खाते में पिछले दस महीने से पोषक राशि का फूटी कौड़ी भी ना आने से टीबी मरीजों को हलकान व परेशान देखा जा रहा है। आलम यह है कि रोज-रोज मुख्यालय आकर पोषक राशि न आने को लेकर मरीज़ विभागीय कर्मचारियों को ही खरी-खोटी सुनाकर जा रहें हैं। विभागीय सूत्रों की मानें तो पिछले

09/10 महीने से पोषक राशि और डीबीटी है बाधित, जबकि टीबी नियंत्रण जागरूक अभियान में बार-बार बखान किया जाता है कि टीबी प्रभावित मरीजों को सरकार द्वारा 1000 रुपए पोषक राशि प्रदान किया जाता है जो सीधे उनके खाते में भेजा जाता है।

बताते चलें कि दावा किया जा रहा था कि 2025 तक भारत को टीबी मुक्त बनाना है, लेकिन इस अभियान की हवा निकल चुकी है। 2025 तक टीबी मुक्त भारत बनाने के अभियान की हवा निकलने के बाद अब पिछले तकरीबन दस माह से टीबी मरीजों के खाते में पोषक राशि का भुगतान न आने से वह बैंक से लेकर मुख्यालय स्थित टीबी अस्पताल का चक्कर काटने को विवश हैं।

टीबी मरीजों के मुताबिक इस संदर्भ में उन्हें कोई ठोस जानकारी भी नहीं दी जा रही है कि कब तक पोषक राशि का भुगतान किया जाएगा। वहीं क्षय रोग विभाग के अधिकारियों की मानें तो जल्द ही पोषक राशि का रुका हुआ भुगतान टीबी मरीजों के खाते में भेजा जाएगा‌। कुछ परिवर्तन के कारण ऐसी स्थिति उत्पन्न हुई है जो जल्द ही दुरुस्त कर ली जाएगी। उसपर तेजी से काम भी हो रहा है।

मीरजापुर  के पहले ग्रैनुलोसाइट (WBC) डोनर बने सौरभ सिंह, 90वीं बार किया जीवनदायी दान

मीरजापुर। जनपद के लिए गर्व का विषय है कि विंन्ध्य फाउंडेशन ट्रस्ट के कोषाध्यक्ष एवं युवा समाजसेवी सौरभ सिंह ने मीरजापुर के पहले ग्रैनुलोसाइट (WBC) डोनर के रूप में अपनी पहचान स्थापित की है। उन्होंने अपना 90 वां रक्तदान ग्रैनुलोसाइट (WBC) डोनेशन के रूप में कर एक गंभीर मरीज को नई जिंदगी की उम्मीद दी।
डोनेशन प्रक्रिया के तहत सौरभ सिंह जी बीती रात होमी भाभा कैंसर हॉस्पिटल (HBCH) पहुंचे, जहां उन्हें आवश्यक इंजेक्शन दिया गया, जिससे शरीर में श्वेत रक्त कणिकाओं (WBC) की संख्या बढ़ाई जाती है। देर रात 1 बजे मीरजापुर लौटने के बावजूद, उन्होंने अगले दिन सुबह 9 बजे पुनः अस्पताल पहुंचकर सफलतापूर्वक डोनेशन किया। यह पूरी प्रक्रिया डॉक्टर रेवती नायर की देखरेख में सुरक्षित रूप से सम्पन्न हुई।
ग्रैनुलोसाइट (WBC) डोनेशन के संबंध में ट्रस्ट के सचिव अभिषेक साहू ने बताया कि यह रक्तदान का एक विशेष और अत्यंत महत्वपूर्ण रूप है। इसमें डोनर को डोनेशन से एक दिन पहले विशेष इंजेक्शन दिया जाता है, जिससे शरीर में WBC की मात्रा बढ़ जाती है। इसके बाद मशीन के माध्यम से केवल ग्रैनुलोसाइट (WBC) निकाले जाते हैं और शेष रक्त वापस शरीर में पहुंचा दिया जाता है।
उन्होंने बताया कि यह डोनेशन विशेष रूप से उन मरीजों के लिए जीवनरक्षक होता है, जो कैंसर, कीमोथेरेपी या गंभीर संक्रमण के कारण अपनी रोग प्रतिरोधक क्षमता खो चुके होते हैं। ऐसे मरीजों के लिए WBC डोनेशन किसी संजीवनी से कम नहीं है।
इस अवसर पर विन्ध्य फाउंडेशन ट्रस्ट के अध्यक्ष कृष्णानंद हैहयवंशी ने संस्था के कार्यों पर प्रकाश डालते हुए कहा कि ट्रस्ट “हर घर ब्लड डोनर” अभियान के माध्यम से समाज में जागरूकता फैलाने और जरूरतमंद मरीजों तक समय पर रक्त उपलब्ध कराने का सतत कार्य कर रहा है।
उन्होंने सौरभ सिंह को बधाई देते हुए कहा मीरजापुर के पहले WBC डोनर बनना अपने आप में ऐतिहासिक उपलब्धि है। 90 वीं बार इस प्रकार का डोनेशन करना सच्ची सेवा भावना, समर्पण और मानवता का प्रतीक है। यह पूरे समाज के लिए प्रेरणास्रोत है।”
अंत में, विंन्ध्य फाउंडेशन ट्रस्ट परिवार ने सौरभ सिंह को इस ऐतिहासिक उपलब्धि पर हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।
ई० विवेक बरनवाल बने भारतीय जनता पार्टी मीरजापुर के जिला कार्यसमिति सदस्य
मीरजापुर। भारतीय जनता पार्टी मीरजापुर का जिला कार्यसमिति सदस्य बनाए जाने पर ई. विवेक बरनवाल ने संगठन के प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी, क्षेत्रीय अध्यक्ष दिलीप पटेल एवं जिला अध्यक्ष लाल बहादुर सरोज सहित सभी शीर्ष नेतृत्व को धन्यवाद कहा। कहा कि भारतीय जनता पार्टी सदैव अपने बूथ स्तर से लेकर के राष्ट्रीय स्तर तक के कार्यकर्ताओं को निरंतर प्रशिक्षण के माध्यम से सशक्त बनाती हैं एवं अलग-अलग अभियानों के द्वारा प्रदेश एवं केंद्रीय नेतृत्व द्वारा चलाए जा रहे जनकल्याणकारी योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाने का कार्य करती है। भारतीय जनता पार्टी अपने कार्यकर्ताओं के माध्यम से समाज के हर वर्ग को मुख्य धारा में लाने का काम करती है तथा भारतीय जनता पार्टी से हर वर्ग और सभी जातियों के लोग जुड़े हुए हैं और यही पार्टी की खूबसूरती है। भारतीय जनता पार्टी में पन्ना प्रमुख से लेकर के बूथ स्तर तक का कार्यकर्ता पार्टी के किसी भी पद पर आसीन हो सकता है और यही कार्य करता संगठन को मजबूती देते हुए सरकार बनाने में अपना योगदान देते हैं। पार्टी में महिला सशक्तिकरण का बात हो या फिर मां की शक्ति को उचित स्थान देने का बात हो पार्टी निरंतर इस कार्य करती है और वर्तमान में जिला पदाधिकारी की जो सूची हर जिले की आई है उसमें भी महिलाओं को उचित स्थान दिया गया है। माननीय प्रधानमंत्री जी के 2047 के विकसित भारत के संकल्पना को पूरा करने में सभी कार्यकर्ता निरंतर कार्य कर रहें और भारतीय जनता पार्टी के मूल सिद्धांत एकात्म मानववाद एवं अन्त्योदय के सिद्धांत पर निरंतर अग्रसर हैं। ई विवेक बरनवाल को जिला कार्यसमिति सदस्य बनने पर मुकेश अग्रहरी, प्रतिक अग्रवाल, रमाकांत दुबे, सुशील सिंह, रूपनारायण अग्रहरी सहित सैकड़ों लोगों ने बधाई दी।
Mirzapur: अज्ञात वाहन के चपेट में आने से बाइक सवार युवक की मौके पर मौत

मीरजापुर। जिले के अहरौरा थाना क्षेत्र के अहरौरा से चकिया मार्ग पर रविवार को बाइक सवार युवक की किसी अज्ञात वाहन की टक्कर से मौके पर मौत हो गई। ग्रामीणों की सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर अग्रिम कार्यवाही में जुटी रही।

जानकारी के अनुसार बाइक सवार युवक वैभव दुबे पुत्र हरीशंकर दुबे निवासी मुधफरपुर चकिया चंदौली उम्र 25 वर्ष दोस्त के साथ अहरौरा आ रहा था कि जैसे ही आनंदीपुर गांव के पास पहुंचा कि किसी अज्ञात ट्रक ने टक्कर मार दी, जिससे वैभव दुबे की मौके पर मौत हो गई।
संदिग्ध परिस्थितियों में मड़हे में लगी आग,नौ बकरियों की जलकर हुई मौत
मीरजापुर। ड्रमंडगंज थाना क्षेत्र के इंद्रवार गांव के बेड़हवा जंगल के पास शनिवार दोपहर मड़हे संदिग्ध परिस्थितियों में आग लगने से मड़हे के भीतर मौजूद बकरियों के नौ बच्चों की जलकर मौत हो गई। घटना के समय पशु पालक मड़हे से थोड़ी दूर पर बकरियों को चरा रहा था। इंद्रवार गांव निवासी पशुपालक बंधु वर्मा अपने घर से एक किलोमीटर दूर बेड़हवा जंगल के पास मड़हा बनाकर बकरियों को पालन करते हैं। दोपहर बाद अचानक मड़हे में आग की लपटे उठता देख पशुपालक बंधु वर्मा शोरगुल मचाते हुए मड़हे की ओर दौड़ा। शोरगुल सुनकर अगल बगल के ग्रामीण डिब्बा बाल्टी में पानी लेकर आग बुझाने के लिए दौड़े लेकिन तब तक आग विकराल रूप धारण कर चुकी थी। ग्रामीणों ने घटना की सूचना पुलिस व फायर ब्रिगेड को दी। गड़बड़ा धाम मंदिर के पास मौजूद फायर ब्रिगेड की टीम ने मड़हे की आग बुझाकर काबू पाया। लेकिन तब तक मड़हे में मौजूद बकरियों के नौ बच्चों की जलकर मौत हो गई।मड़हे के भीतर रखा खाद्य सामग्री बिस्तर चारपाई आदि जलकर राख हो गया। सूचना पर पहुंचे एस आई मूलचंद वर्मा हेड कांस्टेबल संतोष यादव ने घटना की जांच पड़ताल की। पशुपालक बंधु वर्मा ने बताया कि दोपहर तीन बजे के करीब मड़हे में संदिग्ध परिस्थितियों में आग लग गई।मड़हे के भीतर मौजूद बकरियों के नौ बच्चों की जलकर मौत हो गई। पीड़ित पशुपालक ने मुआवजे की मांग की है।