कल्पा पंचायत के बाजार टाली गांव में निशुल्क नेत्र जांच शिविर, 35 वर्ष से अधिक उम्र की महिलाओं को मिला मुफ्त चश्मा
जहानाबाद। जिले के सदर प्रखंड अंतर्गत कल्पा पंचायत के बाजार टाली गांव में ग्लासेस फॉर लाइवलीहुड प्रोजेक्ट के तहत निशुल्क नेत्र जांच एवं चश्मा वितरण शिविर का आयोजन किया गया। यह शिविर डीबीएस और पीसीआई के सहयोग से प्रयत्न नारी शक्ति महिला विकास स्वावलंबी सहकारी समिति लिमिटेड द्वारा आयोजित किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ पुनीता कुमारी, संघ की अध्यक्ष नीतू कुमारी तथा समिति के प्रबंधक संदीप कुमार ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया। शिविर में करीब 350 महिलाओं ने भाग लेकर अपनी आंखों की जांच करवाई।
इस मौके पर समिति के एफडीई संतोष कुमार ने बताया कि इस शिविर का मुख्य उद्देश्य 35 वर्ष से अधिक उम्र की महिलाओं की आंखों की जांच कर उन्हें मुफ्त चश्मा उपलब्ध कराना है। जांच के बाद जिन महिलाओं को देखने में समस्या पाई गई, उन्हें मौके पर ही निशुल्क चश्मा दिया गया, जिससे महिलाओं के बीच खुशी का माहौल देखा गया।
उन्होंने बताया कि ग्रामीण क्षेत्रों में कई महिलाएं घरेलू कामकाज में व्यस्त रहने के कारण अपनी सेहत, खासकर आंखों की समस्या को नजरअंदाज कर देती हैं। अक्सर महिलाएं धुंधला दिखाई देने या आंखों की कमजोरी को सामान्य थकान समझकर अनदेखा कर देती हैं और समय पर अस्पताल नहीं पहुंच पातीं। संस्था द्वारा ऐसे ही महिलाओं की मदद के लिए गांव-गांव में शिविर लगाकर उनकी आंखों की जांच की जाती है और जरूरतमंद महिलाओं को मुफ्त चश्मा उपलब्ध कराया जाता है। यदि किसी महिला की आंखों में गंभीर समस्या पाई जाती है, तो उसे आगे की जांच के लिए जहानाबाद सदर अस्पताल जाने की सलाह दी जाती है।
संस्था का उद्देश्य महिलाओं को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करना और उन्हें आत्मनिर्भर बनाना है। इसके साथ ही यह संगठन महिलाओं को बकरी पालन, मुर्गी पालन, सिलाई-कढ़ाई और ब्यूटीशियन प्रशिक्षण जैसे छोटे-छोटे रोजगार से जोड़ने का भी काम कर रहा है, ताकि महिलाएं आर्थिक रूप से सशक्त बन सकें। इस शिविर में समिति की लेखपाल रुक्मिणी देवी, चंद्रकांत, दीपक कुमार, गायत्री देवी, नीलू देवी, बसंती देवी, चिंता देवी सहित कई लोग मौजूद रहे और कार्यक्रम के सफल संचालन में सहयोग किया। ग्रामीण महिलाओं ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि इस तरह के शिविर से उन्हें काफी लाभ मिल रहा है और अब वे अपने स्वास्थ्य के प्रति अधिक जागरूक हो रही हैं।
1 hour and 41 min ago
- Whatsapp
- Facebook
- Linkedin
- Google Plus
1