टक्कर में चार, ‘शोले’ वाले अव्वल — झुमरीतिलैया नगर परिषद अध्यक्ष पद पर मुकाबला रोचक

झुमरीतिलैया नगर परिषद अध्यक्ष पद के चुनाव में इस बार मुकाबला बेहद दिलचस्प हो गया है। मैदान में चार प्रमुख उम्मीदवारों के बीच सीधी टक्कर मानी जा रही है, लेकिन चुनावी चर्चा में ‘शोले’ वाले बीरू को लेकर खास उत्साह देखा जा रहा है। समर्थकों का दावा है कि क्षेत्र में मिल रहे व्यापक जनसमर्थन के कारण ‘शोले’के बीरू अव्वल स्थिति में है।

चुनावी सभाओं और जनसंपर्क अभियानों में उम्मीदवार लगातार मतदाताओं से संपर्क साध रहे हैं। समर्थकों का कहना है कि राज्य सरकार की मैया सम्मान योजना का लाभ बड़ी संख्या में महिलाओं को मिला है, जिसका सकारात्मक असर चुनावी माहौल में भी देखने को मिल रहा है। महिलाओं और बुजुर्ग मतदाताओं के बीच इस योजना को लेकर खास चर्चा है।

इसके साथ ही उम्मीदवार द्वारा वर्षों से की जा रही गौ माता सेवा को भी प्रमुख मुद्दा बनाया जा रहा है। समर्थकों का विश्वास है कि समाजसेवा और धार्मिक आस्था से जुड़े कार्यों का आशीर्वाद चुनाव में समर्थन के रूप में मिलेगा।

हालांकि चुनावी मैदान में अन्य समाजसेवी और पूर्व वार्ड पार्षद भी अपनी-अपनी दावेदारी मजबूत कर रहे हैं। कोई वर्षों से सामाजिक कार्यों के जरिए पहचान बना चुका है तो कोई वार्ड पार्षद रहते हुए जनता के बीच सक्रिय रहकर लोकप्रियता हासिल कर चुका है। सभी उम्मीदवार अलग-अलग मुद्दों और वादों के साथ मतदाताओं को अपने पक्ष में करने में जुटे हैं।

शहर के विभिन्न मोहल्लों में नुक्कड़ सभाएं, घर-घर संपर्क और प्रचार-प्रसार तेज हो गया है। राजनीतिक जानकारों का मानना है कि इस बार मुकाबला कांटे का होगा और अंतिम समय तक तस्वीर साफ नहीं होगी।

अब देखना यह है कि जनता विकास, समाजसेवा और योजनाओं के वादों में किस पर भरोसा जताती है। फिलहाल झुमरीतिलैया नगर परिषद अध्यक्ष पद का चुनाव क्षेत्र में चर्चा का मुख्य विषय बना हुआ है।