28 फरवरी को जिला पंचायत गोण्डा की सामान्य बैठक, विकास से जुड़े 12 महत्वपूर्ण प्रस्तावों पर होगा निर्णय



गोण्डा। 20 फरवरी 2026  जिला पंचायत, की सामान्य बैठक अध्यक्ष, जिला पंचायत की अध्यक्षता में 28 फरवरी  को पूर्वान्ह 11:30 बजे जिला पंचायत सभागार में आयोजित की जाएगी। बैठक में समस्त सदस्य एवं पदेन सदस्यों से समय पर उपस्थित रहने का अनुरोध किया गया है।

बैठक के एजेण्डे में कुल 12 बिंदुओं को शामिल किया गया है। सबसे पहले जिला पंचायत की गत सामान्य बैठक 07 मार्च 2025 की कार्यवाही की पुष्टि की जाएगी। इसके पश्चात जनपद के विभिन्न विभागों द्वारा संचालित विकास एवं जनकल्याणकारी योजनाओं की विस्तृत समीक्षा की जाएगी।

बैठक में महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी योजना के अंतर्गत वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए जनपद गोण्डा के श्रम बजट की स्वीकृति पर विचार होगा। साथ ही प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना-4 के अंतर्गत लोकसभा क्षेत्र गोण्डा एवं कैसरगंज में भारत सरकार से स्वीकृत मार्गों की वित्तीय स्वीकृति हेतु जिला पंचायत के अनुमोदन पर निर्णय लिया जाएगा।

इसके अलावा वित्तीय वर्ष 2025-26 के पुनरीक्षित बजट तथा 2026-27 के मूल बजट की स्वीकृति पर विचार किया जाएगा। पंचम राज्य वित्त आयोग एवं पन्द्रहवां वित्त आयोग योजनान्तर्गत वर्ष 2025-26 की अनुपूरक कार्ययोजना की स्वीकृति भी बैठक में प्रस्तावित है।

जिला पंचायत विकास योजना के अंतर्गत राज्य वित्त आयोग एवं केन्द्रीय वित्त आयोग की वर्ष 2026-27 की कार्ययोजनाओं पर भी निर्णय लिया जाएगा। वहीं वित्तीय वर्ष 2025-26 के लिए जिला पंचायत की विभव एवं सम्पत्ति कर प्रस्तावना सूची की स्वीकृति पर भी विचार किया जाएगा।

बैठक में शासन, मंत्री, जनप्रतिनिधियों, आईजीआरएस तथा अन्य माध्यमों से प्राप्त संदर्भों में उल्लिखित विभिन्न परियोजनाओं एवं निर्माण कार्यों की स्वीकृति का प्रस्ताव भी रखा जाएगा। अंत में अन्य विषयों पर अध्यक्ष की अनुमति से चर्चा की जाएगी। यह बैठक जनपद के विकास, बजट निर्धारण एवं आगामी योजनाओं के क्रियान्वयन की दृष्टि से अत्यंत महत्वपूर्ण मानी जा रही है।
उम्मीद परियोजना के अंतर्गत जिला स्तरीय वर्किंग ग्रुप की बैठक, ‘इतनी भी क्या जल्दी है?!!!’ कैंपेन की हुई समीक्षा
उम्मीद परियोजना के तहत गोण्डा में जिला स्तरीय वर्किंग ग्रुप की दूसरी बैठक आयोजित

इतनी भी क्या जल्दी है?!!!’ कैंपेन की समीक्षा, अंतरविभागीय समन्वय पर दिया गया जोर

परिवार नियोजन और बाल विवाह रोकथाम के लिए सभी विभाग मिलकर करेंगे कार्य: सीएमओ

उम्मीद परियोजना से जनजागरूकता को मिलेगी नई गति, समयबद्ध रणनीतियों पर सहमति


गोण्डा।20 फरवरी 2026 स्वास्थ्य विभाग के अंतर्गत उम्मीद परियोजना, जिसे द्वारा के वित्तीय सहयोग से जनपद के चयनित 9 ब्लॉकों में संचालित किया जा रहा है, उसके तहत जिला स्तरीय डिस्ट्रिक्ट वर्किंग ग्रुप (DWG) की दूसरी बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. संतलाल पटेल ने की।
विदित हो कि जिला स्तरीय डिस्ट्रिक्ट वर्किंग ग्रुप का गठन 20 नवंबर 2025 को मुख्य विकास अधिकारी के मार्गदर्शन एवं मुख्य चिकित्साधिकारी की अध्यक्षता में किया गया था।

इस समूह में स्वास्थ्य विभाग, शिक्षा विभाग, आईसीडीएस, पंचायती राज, ग्राम्य विकास, एनआरएलएम सहित विभिन्न विभागों और संस्थाओं को शामिल किया गया है, ताकि परिवार नियोजन और बाल विवाह रोकथाम से जुड़े सामाजिक व्यवहार परिवर्तन तथा जनजागरूकता को प्रभावी ढंग से आगे बढ़ाया जा सके। इसी उद्देश्य से जनपद में एसबीसीसी कैंपेन ‘इतनी भी क्या जल्दी है?!!!’ का शुभारंभ किया गया था।

बैठक में कैंपेन की प्रगति की समीक्षा करते हुए मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. संतलाल पटेल ने कहा कि अंतरविभागीय समन्वय से उम्मीद परियोजना को और अधिक गति व प्रभावशीलता मिलेगी। सभी विभागों के संयुक्त प्रयास से परिवार नियोजन साधनों की मांग बढ़ाने और उनसे जुड़ी भ्रांतियों को दूर करना संभव होगा। उन्होंने निर्देश दिए कि परियोजना के अंतर्गत विकसित पोस्टर, फिल्में और अन्य सामग्री का व्यापक प्रसार विभागीय स्टाफ के माध्यम से क्षेत्र स्तर पर किया जाए।
इस अवसर पर अपर मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. सी. के. वर्मा ने बताया कि परियोजना के तहत जागरूकता बढ़ाने के लिए पोस्टर, फिल्में, जिंगल्स तैयार किए गए हैं, जिनका प्रचार सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म जैसे इंस्टाग्राम, यूट्यूब, ट्विटर, फेसबुक के साथ-साथ ऑफलाइन माध्यमों एवं होर्डिंग्स के जरिए भी किया जा रहा है। वहीं, अपर मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. आदित्य वर्मा ने कहा कि समुदाय स्तर के सेवाप्रदाता और ग्राम प्रधान परिवार नियोजन कार्यक्रम की सफलता में अहम भूमिका निभाते हैं।

कार्यक्रम के प्रारंभ में पॉपुलेशन फाउंडेशन ऑफ इंडिया के राज्य प्रतिनिधि बी.के. जैन ने उम्मीद परियोजना के तहत सात जनपदों में संचालित गतिविधियों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि चयनित 50 ब्लॉकों में स्वास्थ्य इकाइयों पर काउंसलिंग कॉर्नर स्थापित किए गए हैं तथा आशा व एएनएम को प्रशिक्षित कर उनकी क्षमता वृद्धि की गई है। मोबिउस फाउंडेशन के प्रतिनिधि प्रभात कुमार ने परिवार नियोजन को जनसंख्या, संसाधन और पर्यावरण संतुलन के लिए आवश्यक बताया।

बैठक में विभागवार जिम्मेदारियों का निर्धारण करते हुए चुनौतियों के समाधान हेतु सामूहिक रणनीतियों पर सहमति बनी। अंत में जिला कार्यक्रम प्रबंधक अमरनाथ ने सभी प्रतिभागियों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए बैठक का समापन किया।
बिसुही पुल निर्माण के लिए राष्ट्रीय छात्र पंचायत ने सिर मुंड़वाकर किया प्रदर्शन
*कहा मुख्यमंत्री को भेजेंगे बाल

गोंडा।जिले के 114 साल पुराने बिसुही पुल के निर्माण को लेकर राष्ट्रीय छात्र पंचायत के कार्यकर्ताओं ने अनोखा प्रदर्शन किया।बीते 15 दिनों से चल रहे इस विरोध प्रदर्शन के अंतर्गत आज कार्यकर्ताओं ने अपना सिर मुंड़वाकर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को बाल भेजने का फैसला किया है।यह प्रदर्शन बिसुही पुल के नीचे बैठकर किया गया,जहाँ एक नाई को बुलाकर लगभग एक दर्जन कार्यकर्ताओं ने अपने सिर मुंड़वाए।प्रदर्शनकारियों ने कहा कि यदि उनकी मांगें पूरी नहीं हुई तो वे और बड़ा आंदोलन करेंगे।राष्ट्रीय छात्र पंचायत के जिला उपाध्यक्ष युगांक मिश्रा ने बताया कि यह उनके आंदोलन का 14वां दिन है।उन्होंने बताया कि हजारों की संख्या में मुख्यमंत्री को पत्र लिखा जा चुका है और 12000 से अधिक लोगों ने इस मांग के समर्थन में सस्ताक्षर किए हैं परन्तु प्रशासन की तरफ से अभी तक कोई कार्यवाही नहीं हुई है।जिला उपाध्यक्ष ने बताया कि आज हमलोगों ने अपने सिर के बाल मुंड़वाए हैं और हम लोग यह बाल मुख्यमंत्री को अर्पित कर रहे हैं।हमें उम्मीद है कि इन बालों को देखकर ही सही,मुख्यमंत्री हमारे दर्द को समझेंगे और इस पुल का निर्माण करवाएंगे।मोहनपुर निवासी भूपेन तिवारी ने कहा कि वह प्रतिदिन इस पुल से होकर अपनी निजी कंपनी में नौकरी पर जाते हैं और घंटों जाम में फंसे रहते हैं,जिसके कारण उनकी सेलरी भी कटती है।उन्होंने छात्र पंचायत आज समर्थन में अपने सिर आज बाल मुंड़वाए।तिवारी ने अपने मुंडवाए हुए बाल अधिकारियों को समर्पित करते हुए जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों से जल्द से जल्द पुल का निर्माण करवाने की मांग किया।इस अवसर पर आदित्य द्विवेदी, अभिषेक वर्मा, हिमांशु मिश्रा,सरताज, शहजादा, शुभम, अमन शर्मा सहित दर्जनों कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
यूपी कोआपरेटिव बैंक घोटाले की जांच पड़ी शिथिल,39 दिन से फरार चल रहे आरोपी
*15 आरोपियों में शाखा प्रबंधक भी शामिल

गोंडा।यूपी कोआपरेटिव बैंक की बड़गांव शाखा में हुए 21.47 करोड़ रुपए की जांच 39 दिन बाद भी ठंडी पड़ी हुई है।39 दिनों से जांच की जा रही है लेकिन अभी तक पुलिस अभी तक किसी भी निष्कर्ष पर नहीं पहुंची है और न ही नगर कोतवाली पुलिस इस धोखाधड़ी में शामिल 15 फरार आरोपियों की गिरफ्तारी कर पाई है।इन फरार आरोपियों में तत्कालीन शाखा प्रबंधक अजय कुमार, तत्कालीन प्रबंधक सुशील कुमार और तत्कालीन सहायक कैशियर पवन कुमार सहित 15 खाताधारक शामिल हैं।जांच में फिलहाल कोई प्रगति नहीं दिख रही है।नगर कोतवाली पुलिस पिछले 39 दिनों से केवल बैंक द्वारा उपलब्ध कराए गए दस्तावेजों की जांच कर रही है जो अभी तक पूरी नहीं हो पाई है।पुलिस जांच को किसी भी नई दिशा में आगे नहीं बढ़ा पाई है।इस बड़े घोटाले के सामने आने के बाद बैंक में हुए कई अन्य घोटाले भी उजागर हुए हैं,जिनके संबंध में नगर कोतवाली में मुकदमे दर्ज किए गए हैं।हालांकि,इन नए मामलों की जांच शुरू करने के स्थान पर पुलिस अभी भी पहले वाले मामले की जांच पूरी नहीं कर पाई है।यह मुकदमे बीते 12 जनवरी को वर्तमान शाखा प्रबंधक भुवन चंद्र सती की तहरीर पर दर्ज किया गया था।इसमें तत्कालीन शाखा प्रबंधक,तत्कालीन मैनेजर,पूर्व कैशियर सहित कुल 16 लोगों को आरोपी बनाया गया है।मामले की जांच नगर कोतवाली के अपराध निरीक्षक सभाजीत सिंह कर रहे हैं।यूपी कोआपरेटिव बैंक भी जांच में सहयोग कर रहा है।मामले के विवेचक सभाजीत सिंह ने बताया कि जांच जारी है और आरोपियों की गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं।उन्होंने इस बात से इन्कार किया कि जांच ठंडी नहीं पड़ी है और बताया कि पुलिस कई बिंदुओं पर जांच कर रही है।
बारातियों से भरी स्कार्पियो पेड़ से टकराई,पांच गंभीर रूप से घायल

*मेडिकल कॉलेज में भर्ती,चल रहा इलाज

गोंडा।जिले के इटियाथोक थाना क्षेत्र अंतर्गत आज तड़के हुए सड़क हादसे में पांच बाराती गंभीर रूप से घायल हो गए।बताते चलें कि इटियाथोक थाना क्षेत्र के पारासराय के पास आज तड़के लगभग चार बजे बलरामपुर से लौट रही बारातियों से भरी एक तेज रफ्तार स्कार्पियो अनियंत्रित होकर आम के पेड़ से टकरा गई।हादसे में तुलसीपुर नवाबगंज निवासी मुन्नालाल,दिनेश,सोनू,कृष्ण बहादुर और तारामन गंभीर रूप से घायल हो गए।जिसकी सूचना स्थानीय लोगों द्वारा इटियाथोक थाने को दिया गया, घटना की सूचना पाकर इटियाथोक थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और दो एंबुलेंस की मदद से घायलों को जिला मुख्यालय स्थित मेडिकल कालेज पहुंचाया जहाँ प्राथमिक उपचार के बाद घायलों को भर्ती किया गया है।इटियाथोक पुलिस के अनुसार जांच में सामने आया है कि स्कार्पियो के चालक को नींद की झपकी आ गई थी,जिसके कारण गाड़ी सड़क किनारे लगे आम के पेड़ से जा टकराई।इटियाथोक थानाध्यक्ष कृष्ण गोपाल राय ने बताया कि सभी घायल बलरामपुर से एक सफेद रंग की स्कार्पियो में सवार होकर गोंडा जा रहे थे।उन्होंने पुष्टि किया कि हादसे में किसी की मौत नहीं हुई है तथा सभी घायलों का गोंडा जिला मुख्यालय स्थित मेडिकल कालेज में इलाज चल रहा है।पुलिस ने सभी घायलों के परिजनों को सूचित कर दिया है जो मेडिकल कालेज पहुंच गये हैं और पुलिस इस पूरे मामले की जांच कर रही है,जिसमें यह प्रतीत हो रहा है कि दाहिने साइड में आम का पेड़ है और चालक को नींद आ गई जिसको गाड़ी में बैठे लोगों ने ध्यान नहीं दिया जिसके कारण स्कार्पियो जाकर पेड़ से टकरा गई जिसके कारण यह हादसा हुआ है।फिलहाल इस हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई है।
किसान दिवस के अवसर पर जिलाधिकारी ने किसानों एवं संबंधित विभाग के अधिकारियों के साथ की समीक्षा बैठक

किसानों की समस्याओं का प्राथमिकता पर करें  निस्तारण अधिकारी--जिलाधिकारी

गोण्डा।18 फरवरी,2026
जिलाधिकारी  प्रियंका निरंजन की अध्यक्षता में विकास भवन सभागार में किसान दिवस का आयोजन किया गया। इस अवसर पर जिलाधिकारी ने किसानों की समस्याओं और मांगों को सीधे सुना और संबंधित विभागों के अधिकारियों को समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण करने के निर्देश दिए।

बैठक का मुख्य उद्देश्य किसानों की भौतिक और सामाजिक समस्याओं का समाधान करना तथा उन्हें सरकारी योजनाओं का लाभ सुनिश्चित करना था। जिलाधिकारी ने कहा कि किसानों के हित सर्वोपरि हैं और उनकी समस्याओं का त्वरित समाधान प्रशासन की प्राथमिकता है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि किसी भी समस्या को लंबित न रखा जाए और सभी शिकायतों का निवारण समयसीमा के भीतर किया जाए।

इस अवसर पर जिलाधिकारी ने समस्त किसानों को फार्मर्स रजिस्ट्री शीघ्र कराने के निर्देश दिए। उन्होंने बताया कि फार्मर्स रजिस्ट्री कराने से पीएम किसान योजना, बीमा योजना, सब्सिडी एवं अन्य सरकारी लाभ सीधे किसानों तक पहुँचेंगे। उन्होंने यह भी कहा कि सभी किसानों को अपनी जानकारी सही और पूर्ण रूप से दर्ज कराने की आवश्यकता है ताकि योजनाओं का लाभ किसी भी प्रकार की त्रुटि के बिना उन्हें प्राप्त हो सके।

बैठक में विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे और उन्होंने किसानों की समस्याओं का समाधान करने के लिए अपनाए जाने वाले कार्यों की रूपरेखा प्रस्तुत की। किसानों ने कृषि से जुड़ी विभिन्न समस्याओं, सिंचाई, बीज, सब्सिडी, और फसल बीमा से संबंधित मुद्दे उठाए, जिन्हें जिलाधिकारी ने गंभीरता से सुना।

जिलाधिकारी ने कहा कि प्रशासन किसानों की हर संभव मदद करेगा और सभी योजनाओं का लाभ सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएंगे।
उन्होंने यह भी निर्देश दिए कि विभागीय अधिकारियों को प्रत्येक शिकायत का निस्तारण प्रमाणित और समयबद्ध तरीके से करना अनिवार्य है।
इस अवसर पर किसानों ने जिलाधिकारी के निर्देशों और योजनाओं की सराहना की।
बैठक के समापन पर जिलाधिकारी ने सभी किसानों से अपील की कि वे फार्मर्स रजिस्ट्री शीघ्र पूरा कराएँ और सरकारी योजनाओं का लाभ सुनिश्चित करें।

बैठक में मुख्य विकास अधिकारी श्रीमती अंकिता जैन, उपनिदेशक कृषि प्रेम कुमार ठाकुर, मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी, बैंकर्स अधिकारी सहित सभी संबंधित विभाग के अधिकारीगण तथा जनपद के प्रगतिशील किसान बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
प्रधानी के वर्चस्व की लड़ाई में फायरिंग,दो घायल
*लोहे की राड से जानलेवा हमला, छर्रा लगने से किशोर घायल

गोंडा।जिले के करनैलगंज कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत चंगेरिया गांव में देर रात प्रधानी के वर्चस्व को लेकर दो गुटों के बीच हुआ विवाद हिंसक झड़प में बदल गया।मारपीट और फायरिंग की इस घटना में दो लोग घायल हो गए।प्रधान प्रतिनिधि सौरभ प्रताप उर्फ भोलू सिंह पर गोली चलाने का आरोप लगाया गया है।फायरिंग के दौरान विष्णु दीक्षित के परिवार के आर्यन दीक्षित (14) को गोली का छर्रा लग गया तो वहीं कमला प्रसाद दीक्षित पर लोहे की राड से हमला किया गया।घटना के बाद परिजनों द्वारा दोनों घायलों को इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र करनैलगंज ले जाया गया,जहाँ डाक्टरों ने आर्यन की गंभीर हालत को देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद जिला मुख्यालय स्थित मेडिकल कालेज रिफर कर दिया वहीं कमला प्रसाद दीक्षित का उपचार सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र करनैलगंज में जारी है।सूत्रों के अनुसार प्रधान प्रतिनिधि भोलू सिंह के सामने विष्णु दीक्षित और उनके परिवार के सदस्य आगामी प्रधानी का चुनाव लड़ने की तैयारी कर रहे थे।इसी बात को लेकर दोनों पक्षों में लंबे समय से मनमुटाव चल रहा था जो देर रात मारपीट और फायरिंग में बदल गया।इस घटना का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है,वीडियो में कुछ लोग फायरिंग करते हुए भागते दिखाई दे रहे हैं,जबकि दूसरे पक्ष के लोग मोबाइल से घटना रिकॉर्ड कर रहे हैं।विष्णु दीक्षित की तहरीर पर करनैलगंज कोतवाली पुलिस ने भोलू सिंह सहित कई अन्य लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है।करनैलगंज कोतवाली के अपराध निरीक्षक अरविंद कुमार ने बताया कि पुलिस ने मौके पर पहुंच कर जांच शुरू कर दिया है और वायरल वीडियो की भी पड़ताल की जा रही है,साथ ही आरोपियों की गिरफ्तारी के भी प्रयास किए जा रहे हैं।
थाना को0 कर्नलगंज पुलिस द्वारा 01 वाहन चोर को किया गया गिरफ्तार, 01 अदद चोरी की मोटरसाइकिल बरामद

गोण्डा। पुलिस अधीक्षक गोण्डा  विनीत जायसवाल द्वारा अपराध एवं अपराधियों के विरूद्ध चलाये जा रहे अभियान के क्रम में अपर पुलिस अधीक्षक पश्चिमी श्री राधेश्याम राय के पर्यवेक्षण व सहायक पुलिस अधीक्षक / क्षेत्राधिकारी कर्नलगंज अभिषेक दावाच्याँ के नेतृत्व में थाना को0 कर्नलगंज पुलिस द्वारा रात्रि गश्त व क्षेत्र भ्रमण के दौरान 01 वाहन चोर - अजीत सिंह पुत्र राम नाथ सिंह नि0 ग्राम हीरापुर कमियार थाना करनैलगंज जनपद गोण्डा को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से 01 अदद चोरी की मोटरसाइकिल बरामद की गई है ।

घटना का संक्षिप्त विवरण-

दिनांक 17.02.2026 को उ0नि0 राजेश पाण्डेय थाना कोतवाली कर्नलगंज मय हमराह देखभाल क्षेत्र व तलाश वांछित व संदिग्ध व्यक्ति/वाहन की चेकिंग में भ्रमणशील थे, इस दौरान रेलवे लाइन कटरा क्रासिंग से पहले रेलवे स्टेशन जाने वाली सडक पर वाहन के चेकिंग के दौरान वाहन अजीत सिंह पुत्र राम नाथ सिंह नि0 ग्राम हीरापुर कमियार थाना करनैलगंज जनपद गोण्डा को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से 01 अदद चोरी की मोटरसाइकिल बरामद की गई । बरामदगी व गिरफ्तारी के आधार पर सुसंगत धाराओं में अभियोग पंजीकृत कर गिरफ्तार अभियुक्त के विरुद्ध थाना कोतवाली कर्नलगंज पुलिस द्वारा विधिक कार्यवाही कर मा0 न्यायालय गोण्डा रवाना किया गया ।
थाना कटरा बाजार पुलिस द्वारा 01 दहेज हत्याभियुक्त को किया गया गिरफ्तार-
गोण्डा।  पुलिस अधीक्षक गोण्डा  विनीत जायसवाल द्वारा अपराध एवं अपराधियों के विरूद्ध चलाये जा रहे अभियान के क्रम में अपर पुलिस अधीक्षक पश्चिमी श्री राधेश्याम राय के पर्यवेक्षण व सहायक पुलिस अधीक्षक / क्षेत्राधिकारी कर्नलगंज अभिषेक दावाच्याँ के नेतृत्व में थाना कटरा बाजार पुलिस द्वारा थाना स्थानीय पर पंजीकृत मु0अ0स0-05/2026, धारा 85,80(2) बीएनएस व 3/4 डी0पी0 एक्ट से सम्बन्धित 01 आरोपी अभियुक्त -  अली अहमद उर्फ ननके पुत्र मुस्तकीम नि0 छत्तरपुरवा मौजा बनगाँव थाना कटरा बाजार, जनपद गोण्डा को बनकटी मोड़ ग्राम बनगाँव से गिरफ्तार कर लिया गया।

घटना का संक्षिप्त विवरण-
दिनांक 15.02.2026 को वादी मुतीम पुत्र अली अहमद नि0 मौहारी रजवापुर थाना पयागपुर जनपद बहराइच द्वारा थाना कटरा बाजार में लिखित तहरीर दी गयी कि उनकी बहन की शादी जून 2024 में विपक्षी फैजान पुत्र अली अहमद नि0 छत्तरपुरवा मौजा बनगाँव थाना कटरा बाजार से हुई थी । शादी के कुछ समय बाद से ही उनकी बहन को उसके पति व ससुरालीजनों द्वारा 05 लाख रु0 दहेज की मांग को लेकर शारीरिक व मानसिक रूप से प्रताड़ित किया जा रहा था । दिनांक 11.01.2026 को सूचना मिली कि उनकी बहन ने फांसी लगा ली है, जिससे उसकी मृत्यु हो गई है। वादी द्वारा आरोप लगाया गया कि उसकी बहन को दहेज के लिए शारीरिक/मानसिक रूप से प्रताड़ित करके उसे मार दिया गया है । प्राप्त तहरीर के आधार पर थाना कटरा बाजार में नामजद अभियुक्तों के विरुद्ध सुसंगत धाराओं में अभियोग पंजीकृत किया गया था । आज दिनांक 18.02.2026 को थाना कटरा बाजार पुलिस द्वारा प्राप्त साक्ष्य संकलन के आधार पर आरोपी अभियुक्त - अली अहमद उर्फ ननके पुत्र मुस्तकीम नि0 छत्तरपुरवा मौजा बनगाँव थाना कटरा बाजार, जनपद गोण्डा को बनकटी मोड़ ग्राम बनगाँव से गिरफ्तार कर लिया गया । गिरफ्तार अभियुक्तगणों के विरूद्ध थाना कटरा बाजार पुलिस द्वारा अग्रिम वैधानिक कार्यवाही कर माननीय न्यायालय रवाना किया गया।
बाल उत्सव ‘प्रगति–स्वाभिमान और सफलता की ओर 2.0’ में बच्चों ने भरी रचनात्मक उड़ान
*“संस्कार, संवाद और अनुशासन से संवरता है बचपन, आदतों पर निर्भर है बच्चों का भविष्य”*

*“मोबाइल नहीं, संस्कार बनाएं भविष्य—बच्चों की आदतों पर टिकी है सफलता की नींव”*

*“आज की आदतें, कल का नागरिक—बच्चों का भविष्य अभिभावकों की सजगता से जुड़ा”*


*गोण्डा 18 फरवरी 2026*  -  प्रकाश मैरिज हॉल, पंतनगर में मंगलवार को आयोजित प्रगति–स्वाभिमान और सफलता की ओर 2.0 बाल उत्सव में बच्चों की रचनात्मकता, आत्मविश्वास और सामाजिक चेतना का अद्भुत संगम देखने को मिला। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि आयुक्त, ने कहा कि मीना मंच केवल एक मंच नहीं, बल्कि बच्चों के सपनों, स्वाभिमान और नेतृत्व क्षमता को सशक्त करने की प्रयोगशाला है।

आयुक्त ने कहा कि जब बच्चे अपनी कहानी स्वयं लिखते हैं, कॉमिक्स बनाते हैं और जेंडर स्टीरियोटाइप, मीडिया के आदर्श स्वरूप तथा हानिकारक बॉडी टॉक जैसे विषयों पर विचार रखते हैं, तब वे केवल प्रतिभागी नहीं रहते—वे परिवर्तन के वाहक बनते हैं। शिक्षा का उद्देश्य पुस्तकीय ज्ञान तक सीमित न होकर अभिव्यक्ति, निर्णय क्षमता, सामाजिक संवेदनशीलता और नेतृत्व कौशल का विकास होना चाहिए।

आयुक्त ने बच्चों की प्रस्तुतियों की मुक्तकंठ से सराहना करते हुए कहा कि आज के प्रतिस्पर्धात्मक और डिजिटल युग में बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए अभिभावकों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने अभिभावकों से आग्रह किया कि वे बच्चों से नियमित रूप से संवाद बनाए रखें, उनकी भावनाओं, विचारों और समस्याओं को गंभीरता से सुनें तथा विश्वास का वातावरण तैयार करें, जिससे बच्चे स्वयं को अकेला या उपेक्षित न महसूस करें।

आयुक्त ने विशेष रूप से बच्चों की स्क्रीन गतिविधियों पर संतुलित निगरानी रखने की आवश्यकता पर बल दिया और कहा कि मोबाइल, टीवी और इंटरनेट का अत्यधिक उपयोग बच्चों के मानसिक और शारीरिक स्वास्थ्य पर प्रतिकूल प्रभाव डाल सकता है। इसके विकल्प के रूप में खेलकूद, योग, व्यायाम और अन्य शारीरिक गतिविधियों को दिनचर्या में शामिल करना आवश्यक है।

उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में अनेक बच्चे अवसाद, तनाव और नकारात्मक सोच से गुजर रहे हैं, ऐसे में अभिभावकों को समय-समय पर परामर्श (काउंसलिंग) की व्यवस्था करनी चाहिए। सकारात्मक आदतें, अनुशासन और संवेदनशील पालन-पोषण ही बच्चों को आत्मविश्वासी, संतुलित और जिम्मेदार नागरिक बनाने की मजबूत नींव रखते हैं। कार्यक्रम में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले बच्चों को आयुक्त देवीपाटन मंडल शशि भूषण लाल सुशील के हाथों द्वारा पुरस्कृत किया गया।

आयुक्त ने बताया कि पुरस्कृत बच्चों को स्टेट लेवल प्रतियोगिता में प्रतिभाग के लिए भेजा जाएगा। जिन बच्चों को पुरस्कार नहीं मिल सका, उनसे कहा गया कि यह अंतिम अवसर नहीं है—निरंतर प्रयास से सफलता अवश्य मिलेगी।
इस अवसर पर चैंपियन ऑफ चेंज श्रेणी में 10 बच्चों को सम्मानित किया गया, जिनमें गोण्डा की अनसुइया यादव व लक्ष्मी सोनी, बलरामपुर की साक्षी, श्रावस्ती की अनुप्रिया, बहराइच की निधि तिवारी सहित अन्य प्रतिभाशाली बच्चे शामिल रहे।

बाल उत्सव का उद्देश्य उच्च प्राथमिक विद्यालयों में संचालित सेल्फ-स्ट्रीम एवं मीना मंच गतिविधियों के माध्यम से बच्चों के सपनों और आकांक्षाओं का उत्सव मनाना, आत्मविश्वास को पोषित करना और सफलता की कहानियों को साझा करने का मंच प्रदान करना रहा। कार्यक्रम ने सिद्ध किया कि सही दिशा और अवसर मिलने पर बच्चे न केवल स्वयं आगे बढ़ते हैं, बल्कि समाज को भी सकारात्मक परिवर्तन की प्रेरणा देते हैं।


इस अवसर पर संयुक्त विकास आयुक्त देवीपाटन राकेश कुमार पाण्डेय, सहायक निदेशक (बेसिक शिक्षा) राम सागर पति त्रिपाठी तथा जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी अमित सिंह उपस्थित रहे।