गया जी के ऐतिहासिक गाँधी मैदान में “आर्ट्स हैंडक्राफ्ट कॉटन सिल्क एक्सपो 2026” मेले का भव्य शुभारंभ

गया। ऐतिहासिक गाँधी मैदान में बुधवार को “आर्ट्स हैंडक्राफ्ट कॉटन सिल्क एक्सपो–2026” मेले का भव्य शुभारंभ किया गया। मेले का उद्घाटन गया के मेयर वीरेंद्र कुमार उर्फ गणेश पासवान, पार्षद विनोद यादव तथा आयोजन समिति के सदस्यों द्वारा संयुक्त रूप से फीता काटकर एवं दीप प्रज्वलित कर किया गया। उद्घाटन समारोह में एलाइड इंटरनेशनल स्कूल के निदेशक डॉ. सुजीत कुमार सिन्हा सहित शहर के अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। आयोजक राजेश कुमार यादव ने बताया कि यह मेला 18 फरवरी से लगातार 30 दिनों तक प्रतिदिन प्रातः 11 बजे से रात्रि 10 बजे तक आम लोगों के लिए खुला रहेगा।

मेले में कुल 130 स्टॉल लगाए गए हैं, जिनमें देश के 28 राज्यों से आए कारीगरों द्वारा तैयार किए गए हैंडलूम एवं हैंडीक्राफ्ट उत्पाद प्रदर्शित किए गए हैं। आगंतुकों को एक ही स्थान पर बनारसी साड़ी, लखनवी चिकनकारी, गुजरात का बंधेज, कश्मीरी शॉल, पंजाबी जूती, बंगाल की जामदानी, भागलपुरी सिल्क, भदोही के कालीन, सहारनपुर का फर्नीचर, खादी वस्त्र, लेदर उत्पाद, टेराकोटा, क्रॉकरी तथा विभिन्न इलेक्ट्रॉनिक और हेल्थ प्रोडक्ट्स देखने और खरीदने का अवसर मिल रहा है।

मेले में फूड स्टॉल की भी विशेष व्यवस्था की गई है, जिससे आगंतुक खरीदारी के साथ-साथ विभिन्न व्यंजनों का आनंद भी ले सकें। आयोजकों के अनुसार इस मेले का मुख्य उद्देश्य लघु एवं कुटीर उद्योगों को प्रोत्साहन देना, स्थानीय और राष्ट्रीय स्तर के उत्पादों को बाजार उपलब्ध कराना तथा उत्पादकों और उपभोक्ताओं के बीच सीधा संवाद स्थापित करना है। यह मेला शहरवासियों के लिए देशभर की हस्तशिल्प कला को एक ही छत के नीचे देखने और खरीदने का महत्वपूर्ण अवसर बनकर उभरा है।

गया में उत्तर कोयल नहर के पानी को लेकर किसानों ने सौंपा 5 सूत्री मांग पत्र

गया: उत्तर कोयल नहर किसान संघर्ष मोर्चा, मगध के शिष्टमंडल ने मंगलवार को गया के जिलाधिकारी शशांक शुभंकर से मुलाकात कर उत्तर कोयल नहर का पानी हर खेत तक पहुंचाने की मांग उठाई और 5 सूत्री मांग पत्र सौंपा।

प्रतिनिधिमंडल ने कहा कि नहर व्यवस्था दुरुस्त होने से क्षेत्र के किसानों को स्थायी सिंचाई सुविधा मिलेगी और खेती की लागत घटेगी। जिला पदाधिकारी ने मांगों पर सकारात्मक पहल करने का आश्वासन दिया।

शिष्टमंडल में गया जिला परिषद अध्यक्ष नैना कुमारी, मोर्चा सचिव व गुरारू उत्तरी के जिला पार्षद बालेश्वर प्रसाद यादव, मोर्चा अध्यक्ष नंदलाल सिंह, उपसचिव देवलाल सिंह तथा सदस्य सुखींद्र कुमार शामिल रहे। मांग पत्र में 211 आरडी स्थित सीआर गेट पर फाटक लगाने, नहर में निर्मित अवैध दीवार हटाने, चेईं नवादा, कोटवारा और अंगरा कैनाल की सफाई कराने, अंगरा व कोटवारा शाखा नहर पर क्रमशः इस्माइलपुर और देवर रोड में रेल पुल निर्माण तथा कुटकू डैम में फाटक लगाने की मांग की गई। साथ ही भूमि अधिग्रहण के दौरान भूमि अधिग्रहण अधिनियम–2013 का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने की बात कही गई।

मोर्चा का कहना है कि नहर प्रणाली मजबूत होने से औरंगाबाद और गया जिलों के किसानों को बड़ा लाभ मिलेगा और सिंचाई संकट से राहत मिलेगी।

गया में केंद्रीय मंत्री जीतन राम मांझी ने शराबबंदी पर बड़ा बयान दिया, कहा- महंगी शराब बाहर से राज्य में आ रही, गरीब लोग फंस रहे, सरकार को राजस्व

गया: बिहार में शराबबंदी नीति को लेकर राजनीतिक बयानबाज़ी तेज हो गई है। आरएलएम विधायक माधव आनंद द्वारा नीति की समीक्षा की मांग के बाद, गया में केंद्रीय मंत्री जीतन राम मांझी ने इस मुद्दे पर बड़ा बयान दिया है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार को शराबबंदी की मौजूदा स्थिति का गंभीरता से आकलन करना चाहिए और आवश्यकता हो तो इसमें संशोधन पर विचार करना चाहिए।

मांझी ने कहा कि शराबबंदी का उद्देश्य सामाजिक सुधार था, लेकिन वर्तमान हालात यह संकेत देते हैं कि नीति पूरी तरह प्रभावी नहीं हो पा रही है। उनके अनुसार, अवैध रूप से शराब की आपूर्ति जारी है और कई स्थानों पर होम डिलीवरी जैसी गतिविधियों की शिकायतें सामने आ रही हैं। उन्होंने यह भी कहा कि बाहर से महंगी शराब राज्य में लाई जा रही है, जिससे न केवल कानून-व्यवस्था की चुनौती बढ़ रही है बल्कि राज्य की अर्थव्यवस्था पर भी असर पड़ रहा है।

केंद्रीय मंत्री ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार से अपील करते हुए कहा कि सरकार को राजस्व नुकसान और जमीनी हकीकत दोनों पहलुओं को ध्यान में रखकर नीति की समीक्षा करनी चाहिए। उन्होंने कहा कि यदि किसी नीति का उद्देश्य पूरा नहीं हो रहा और उससे आर्थिक क्षति भी हो रही है, तो उस पर पुनर्विचार लोकतांत्रिक व्यवस्था का स्वाभाविक हिस्सा है।

राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि शराबबंदी बिहार की प्रमुख नीतियों में से एक रही है, इसलिए इस पर उठ रहे सवाल आने वाले समय में राज्य की राजनीति को प्रभावित कर सकते हैं। फिलहाल, सरकार की ओर से इस बयान पर कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।

बिरला ओपन माइंड इंटरनेशनल स्कूल के डायरेक्टर मनीष रुखियार ने संस्थान की नई शैक्षणिक पहल की घोषणा की, प्रेस वार्ता की

गया: गया शहर के समीर तकिया क्षेत्र में सोमवार को आयोजित प्रेस वार्ता में बिरला ओपन माइंड इंटरनेशनल स्कूल के डायरेक्टर मनीष रुखियार ने संस्थान की नई शैक्षणिक पहल की घोषणा की। उन्होंने बताया कि स्कूल में वर्ल्ड-क्लास शिक्षा प्रणाली वर्ष 2026 से पूर्ण रूप से लागू की जाएगी। प्रारंभिक चरण में समीर तकिया पुलिस अड्डा क्षेत्र में प्री-नर्सरी से कक्षा 5 तक कक्षाएं संचालित की जाएंगी, जबकि भविष्य में इसे कक्षा 12 तक विस्तारित किया जाएगा।

डायरेक्टर ने जानकारी दी कि एयरपोर्ट क्षेत्र में स्कूल की एक भव्य इमारत का निर्माण कार्य प्रगति पर है, जो वर्ष 2027 तक पूर्ण होने की संभावना है। इस परिसर में प्री-नर्सरी से कक्षा 12 तक की शिक्षा एक ही स्थान पर उपलब्ध कराई जाएगी। उन्होंने कहा कि संस्थान का उद्देश्य विद्यार्थियों को आधुनिक, समग्र और अंतरराष्ट्रीय स्तर की शिक्षा प्रदान करना है। स्कूल में सीबीएसई बोर्ड के मानकों के अनुरूप पाठ्यक्रम संचालित होगा। विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए खेलकूद, संगीत, सह-शैक्षणिक गतिविधियां और आधुनिक शिक्षण सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। नए शैक्षणिक सत्र के लिए प्रवेश प्रक्रिया मंगलवार से प्रारंभ होगी, जबकि प्री-नर्सरी से कक्षा 5 तक की कक्षाएं अप्रैल माह से शुरू हो जाएंगी। प्रबंधन के अनुसार संस्थान का लक्ष्य गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ विद्यार्थियों के व्यक्तित्व विकास पर विशेष ध्यान देना है, ताकि वे भविष्य की चुनौतियों के लिए तैयार हो सकें।

गया शहर के प्रसिद्ध लेजर, लैप्रोस्कोपिक एवं एंडोस्कोपिक सर्जन डॉ जेपी सिंह मुंबई में राष्ट्रीय सम्मेलन में दोहरी फेलोशिप से सम्मानित

गया। गया शहर के प्रसिद्ध लेजर, लैप्रोस्कोपिक एवं एंडोस्कोपिक सर्जन डॉ. जे. पी. सिंह को मुंबई में आयोजित IAGES – ELSA 2026 के प्रतिष्ठित राष्ट्रीय सम्मेलन में “FAGIE – ERCP” तथा “FAGIE – Colonoscopy” की दोहरी फेलोशिप प्रदान कर सम्मानित किया गया। यह सम्मान देशभर के चुनिंदा सर्जनों को कठोर प्रशिक्षण, तकनीकी मूल्यांकन और उच्चस्तरीय परीक्षा में सफलता के बाद प्रदान किया जाता है।

डॉ. सिंह को यह सम्मान उन्नत गैस्ट्रोइंटेस्टाइनल एंडोस्कोपी के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन, तकनीकी दक्षता और निरंतर चिकित्सा सेवा के लिए दिया गया। सम्मेलन में देश के वरिष्ठ एंडो-सर्जनों की उपस्थिति में उन्हें सम्मानित किया गया, जिसे किसी भी सर्जन के लिए अत्यंत गौरवपूर्ण उपलब्धि माना जाता है।

डॉ. सिंह अपने अस्पताल प्रकाश मल्टीस्पेशियलिटी हॉस्पिटल, मोहन नगर, गया में पहले से ही UGIE, Colonoscopy एवं ERCP जैसी उन्नत एंडोस्कोपिक प्रक्रियाएं नियमित रूप से कर रहे हैं।

इस दोहरी फेलोशिप के साथ उन्हें राष्ट्रीय स्तर पर औपचारिक मान्यता भी प्राप्त हो गई है। चिकित्सा विशेषज्ञों के अनुसार, बिहार में ERCP जैसी जटिल एंडोस्कोपिक प्रक्रिया की नियमित उपलब्धता सीमित रही है। ऐसे में डॉ. सिंह की यह उपलब्धि राज्य के चिकित्सा क्षेत्र के लिए महत्वपूर्ण मील का पत्थर मानी जा रही है। इससे पित्त नली और अग्न्याशय से संबंधित गंभीर रोगों के उपचार हेतु मरीजों को महानगरों पर निर्भरता कम होगी।

डॉ. सिंह ने बताया कि आधुनिक एंडोस्कोपिक तकनीकों से कई गंभीर बीमारियों का उपचार बिना बड़े ऑपरेशन के संभव है, जिससे मरीजों को कम दर्द, कम खर्च और शीघ्र स्वास्थ्य लाभ मिलता है। उन्होंने इस उपलब्धि को गया के मरीजों और सहयोगी चिकित्सकों को समर्पित करते हुए क्षेत्र में उन्नत चिकित्सा सुविधाएं विकसित करने का संकल्प व्यक्त किया।

डायमंड हॉस्पिटल एंड सुपर स्पेशलिटी सेंटर का केंद्रीय मंत्री जीतन राम मांझी और विधानसभा अध्यक्ष डॉ प्रेम कुमार ने फीता काटकर किया भव्य उद्घाटन

गया। शहर के गेवाल बीघा स्थित डायमंड हॉस्पिटल एंड सुपर स्पेशलिटी सेंटर का भव्य उद्घाटन रविवार को केंद्रीय मंत्री जीतन राम मांझी और बिहार विधानसभा अध्यक्ष डॉ प्रेम कुमार ने संयुक्त रूप से फीता काटकर किया। उद्घाटन समारोह में जदयू नेता राजीव बरनवाल सहित शहर के कई गणमान्य नागरिक, चिकित्सक और स्थानीय लोग उपस्थित रहे।

समारोह को संबोधित करते हुए अतिथियों ने कहा कि आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित यह अस्पताल गया और आसपास के क्षेत्रों के मरीजों के लिए बड़ी राहत साबित होगा। उन्होंने उम्मीद जताई कि इस संस्थान के माध्यम से आम लोगों, विशेषकर आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के मरीजों को बेहतर और सुलभ चिकित्सा सुविधा मिलेगी।

अस्पताल के जनरल फिजिशियन एवं क्रिटिकल केयर विशेषज्ञ डॉ नीरज लाल यादव ने बताया कि अस्पताल में मरीजों को कम लागत में गुणवत्तापूर्ण इलाज उपलब्ध कराने का लक्ष्य रखा गया है। मैनेजिंग डायरेक्टर नौशाद डायमंड ने कहा कि यह अस्पताल अत्याधुनिक उपकरणों से लैस है और यहाँ एक ही छत के नीचे विभिन्न प्रकार की चिकित्सा सेवाएँ प्रदान की जाएंगी।

न्यूरोस्कोपी सर्जन डॉ सत्येंद्र कुमार ने बताया कि अस्पताल में 24 घंटे इमरजेंसी सेवा, क्रिटिकल केयर, विशेषज्ञ चिकित्सकों की उपलब्धता और आधुनिक जांच सुविधाएँ मौजूद हैं। उन्होंने कहा कि मरीजों को सही और समय पर उपचार उपलब्ध कराना संस्थान की प्राथमिकता होगी। उद्घाटन के मौके पर उपस्थित लोगों ने अस्पताल प्रबंधन को शुभकामनाएँ देते हुए उम्मीद जताई कि यह संस्थान क्षेत्र में स्वास्थ्य सेवाओं को नई दिशा देगा और जरूरतमंदों के लिए भरोसेमंद उपचार केंद्र के रूप में स्थापित होगा।

आयांश फर्नीचर शोरूम का मंत्री संतोष सुमन ने किया भव्य उद्घाटन, मिलेगी उचित दामों पर फर्नीचर
अब डोभी, करमौनी और आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों को खरीदारी के लिए गया शहर नहीं जाना पड़ेगा


गया: गया जी–डोभी रोड स्थित सहदेव खाप, अकबरपुर (नियर करमौनी बाजार) में आयांश फर्नीचर शोरूम का भव्य उद्घाटन बिहार सरकार के मंत्री संतोष सुमन ने किया। उद्घाटन समारोह में स्थानीय जनप्रतिनिधि, व्यवसायी और क्षेत्र के बड़ी संख्या में लोग उपस्थित रहे। कार्यक्रम के दौरान मंत्री ने क्षेत्र में गुणवत्तापूर्ण और किफायती फर्नीचर उपलब्ध कराने की पहल की सराहना की और कहा कि ऐसे प्रतिष्ठान ग्रामीण और अर्द्धशहरी इलाकों के आर्थिक विकास को गति देते हैं।

शोरूम में पलंग, सोफा, डाइनिंग सेट, अलमारी, पेंट, पुट्टी तथा इलेक्ट्रिक वायरिंग से संबंधित सामग्री उचित मूल्य पर उपलब्ध कराई जा रही है। शोरूम के प्रोपराइटर मोहम्मद आसिफ परवेज खान ने बताया कि अब डोभी, करमौनी और आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों को खरीदारी के लिए गया शहर नहीं जाना पड़ेगा। ग्राहकों को एक ही स्थान पर बेहतर गुणवत्ता के साथ वाजिब कीमत में सभी आवश्यक फर्नीचर और संबंधित सामान मिलेंगे।

उन्होंने कहा कि शोरूम में ग्राहकों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए विविध डिज़ाइन और टिकाऊ उत्पाद रखे गए हैं। स्थानीय लोगों ने भी इस पहल का स्वागत करते हुए उम्मीद जताई कि इससे क्षेत्र में रोजगार के अवसर बढ़ेंगे और लोगों को समय व खर्च दोनों की बचत होगी। संचालक ने ग्राहकों से शोरूम पर आकर उत्पादों की गुणवत्ता देखने और खरीदारी करने की अपील की। तबरेज आलम खा, बादल खां, हयात खां, साकिब खां, नाजिम खां, मानो खां और जयराम कुमार मौजूद रहे।

गयाजी में ऑटिज्म बच्चों के सफल उपचार पर भावुक विदाई समारोह: बच्चों ने मोमबत्तियां जलाकर देश के वीर सपूतों को नमन किया

गया जी। गयाजी शहर के एपी कॉलोनी स्थित आशा स्पीच हियरिंग क्लिनिक में ऑटिज्म माइंड से ग्रसित चार बच्चों के सफल उपचार के बाद विदाई समारोह का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम भावनात्मक और प्रेरणादायक माहौल में संपन्न हुआ, जिसमें बच्चों, उनके अभिभावकों और थेरेपिस्ट से जुड़े टीम की उपस्थिति रही।

कार्यक्रम की शुरुआत पुलवामा में शहीद जवानों की बरसी पर नन्हे बच्चों द्वारा श्रद्धांजलि अर्पित कर की गई। बच्चों ने मोमबत्तियां जलाकर देश के वीर सपूतों को नमन किया, जिससे उपस्थित लोगों की आंखें नम हो गईं। इसके बाद बच्चों और उनके अभिभावकों ने मिलकर केक काटा और खुशी के इस पल को साझा किया। बच्चों को उपहार भी दिए गए, जिससे उनके चेहरे पर मुस्कान साफ झलक रही थी।

इस अवसर पर ठीक हुए बच्चों के माता-पिता ने क्लिनिक द्वारा दी गई थैरेपी की जमकर सराहना की। अभिभावकों ने बताया कि उनके बच्चों में पहले संवाद, व्यवहार और समझने की क्षमता को लेकर कई चुनौतियां थीं, लेकिन नियमित थैरेपी और विशेषज्ञ मार्गदर्शन से बच्चों में उल्लेखनीय सुधार देखने को मिला। उन्होंने कहा कि आज उनके बच्चे सामान्य जीवन की ओर बढ़ रहे हैं, जो किसी चमत्कार से कम नहीं है।

क्लिनिक के संचालक एवं विशेषज्ञ डॉ. अभिषेक रंजन ने बताया कि यह फेयरवेल समारोह उन बच्चों के लिए आयोजित किया गया है, जिन्होंने सफलतापूर्वक थैरेपी पूरी कर ली है। उन्होंने कहा कि ऑटिज्म माइंड से ग्रसित बच्चों के उपचार में धैर्य, निरंतरता और परिवार का सहयोग बेहद जरूरी होता है। बच्चों की प्रगति देखकर उन्हें और उनकी टीम को अत्यंत खुशी हो रही है।

कार्यक्रम का समापन सकारात्मक संदेश के साथ हुआ कि सही समय पर सही उपचार मिले तो विशेष जरूरत वाले बच्चे भी आत्मनिर्भर और सशक्त भविष्य की ओर बढ़ सकते हैं।

मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के पुत्र निशांत कुमार गया पहुँचे, विष्णुपद मंदिर में भगवान विष्णु का दर्शन किया, राजनीतिक में आने की सवाल पर साधा च

गया: बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के पुत्र निशांत कुमार शनिवार को गया के महत्वपूर्ण दौरे पर पहुँचे, जहाँ धार्मिक आस्था और सामाजिक संदेश दोनों का समन्वय देखने को मिला। गया पहुँचने पर जनता दल (यूनाइटेड) के नेताओं और कार्यकर्ताओं ने पारंपरिक स्वागत के साथ उनका अभिनंदन किया, जिससे पूरे क्षेत्र में उत्सव जैसा माहौल बन गया।

अपने दौरे की शुरुआत उन्होंने प्राचीन और आस्था के केंद्र विष्णुपद मंदिर में पूजा-अर्चना से की। मंदिर में उन्होंने भगवान विष्णु के समक्ष प्रदेश की सुख-समृद्धि और शांति की कामना की। पूजा के बाद उन्होंने कहा कि भगवान के दर्शन का सौभाग्य प्राप्त हुआ और वे अत्यंत प्रसन्न हैं। इस अवसर पर बड़ी संख्या में श्रद्धालु और स्थानीय नागरिक भी मौजूद रहे।

धार्मिक कार्यक्रम के बाद निशांत कुमार ने प्रसिद्ध “माउंटेन मैन” दशरथ मांझी के गाँव पहुँचकर उनकी प्रतिमा पर माल्यार्पण किया और श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने मांझी के परिजनों से मुलाकात कर उनके योगदान को नमन किया। ग्रामीणों ने इस दौरे को सम्मान और प्रेरणा का प्रतीक बताते हुए इसे गौरवपूर्ण क्षण कहा।

पूरे कार्यक्रम में जनता दल (यूनाइटेड) के कार्यकर्ताओं की सक्रिय भागीदारी रही। राजनीतिक में आने की संभावनाओं से जुड़े सवालों पर निशांत कुमार ने कोई टिप्पणी नहीं की और धार्मिक यात्रा को व्यक्तिगत आस्था से जुड़ा बताया।

गया जी के नैली आहार के पिंड से खुलेआम मिट्टी की अवैध बिक्री, रात भर डंफरो पर लादकर बेची जा रही है मिट्टी

गयाजी। गया जिले के नगर प्रखंड अंतर्गत नैली गांव स्थित सड़क किनारे नैली आहार के पिंड से माफियाओं द्वारा खुलेआम मिट्टी की अवैध खुदाई और बिक्री की जा रही है। हैरानी की बात यह है कि यह गतिविधि लंबे समय से जारी है, लेकिन अब तक प्रशासन की ओर से कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है।

स्थानीय ग्रामीणों के अनुसार, रात 8 बजे से बड़े डंफर और अन्य वाहनों से आहार के पिंड की मिट्टी काटकर बेची जा रही है, जिससे आहार की संरचना कमजोर हो रही है और भविष्य में जल संरक्षण व्यवस्था पर गंभीर खतरा मंडरा रहा है। यह आहार क्षेत्र सिंचाई और जल संचयन के लिए महत्वपूर्ण माना जाता है।

ग्रामीणों का आरोप है कि अवैध मिट्टी खनन से न केवल सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचाया जा रहा है, बल्कि इससे पर्यावरणीय असंतुलन भी पैदा हो रहा है। बरसात के मौसम में पिंड टूटने की स्थिति में आसपास के खेतों और बस्तियों को नुकसान पहुंचने की आशंका जताई जा रही है।

स्थानीय लोगों ने जिला प्रशासन, अंचलाधिकारी और खनन विभाग से मांग की है कि मामले की तत्काल जांच कर दोषियों पर सख्त कार्रवाई की जाए तथा अवैध मिट्टी खनन पर अविलंब रोक लगाई