बाल उत्सव ‘प्रगति–स्वाभिमान और सफलता की ओर 2.0’ में बच्चों ने भरी रचनात्मक उड़ान
*“संस्कार, संवाद और अनुशासन से संवरता है बचपन, आदतों पर निर्भर है बच्चों का भविष्य”*

*“मोबाइल नहीं, संस्कार बनाएं भविष्य—बच्चों की आदतों पर टिकी है सफलता की नींव”*

*“आज की आदतें, कल का नागरिक—बच्चों का भविष्य अभिभावकों की सजगता से जुड़ा”*


*गोण्डा 18 फरवरी 2026*  -  प्रकाश मैरिज हॉल, पंतनगर में मंगलवार को आयोजित प्रगति–स्वाभिमान और सफलता की ओर 2.0 बाल उत्सव में बच्चों की रचनात्मकता, आत्मविश्वास और सामाजिक चेतना का अद्भुत संगम देखने को मिला। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि आयुक्त, ने कहा कि मीना मंच केवल एक मंच नहीं, बल्कि बच्चों के सपनों, स्वाभिमान और नेतृत्व क्षमता को सशक्त करने की प्रयोगशाला है।

आयुक्त ने कहा कि जब बच्चे अपनी कहानी स्वयं लिखते हैं, कॉमिक्स बनाते हैं और जेंडर स्टीरियोटाइप, मीडिया के आदर्श स्वरूप तथा हानिकारक बॉडी टॉक जैसे विषयों पर विचार रखते हैं, तब वे केवल प्रतिभागी नहीं रहते—वे परिवर्तन के वाहक बनते हैं। शिक्षा का उद्देश्य पुस्तकीय ज्ञान तक सीमित न होकर अभिव्यक्ति, निर्णय क्षमता, सामाजिक संवेदनशीलता और नेतृत्व कौशल का विकास होना चाहिए।

आयुक्त ने बच्चों की प्रस्तुतियों की मुक्तकंठ से सराहना करते हुए कहा कि आज के प्रतिस्पर्धात्मक और डिजिटल युग में बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए अभिभावकों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने अभिभावकों से आग्रह किया कि वे बच्चों से नियमित रूप से संवाद बनाए रखें, उनकी भावनाओं, विचारों और समस्याओं को गंभीरता से सुनें तथा विश्वास का वातावरण तैयार करें, जिससे बच्चे स्वयं को अकेला या उपेक्षित न महसूस करें।

आयुक्त ने विशेष रूप से बच्चों की स्क्रीन गतिविधियों पर संतुलित निगरानी रखने की आवश्यकता पर बल दिया और कहा कि मोबाइल, टीवी और इंटरनेट का अत्यधिक उपयोग बच्चों के मानसिक और शारीरिक स्वास्थ्य पर प्रतिकूल प्रभाव डाल सकता है। इसके विकल्प के रूप में खेलकूद, योग, व्यायाम और अन्य शारीरिक गतिविधियों को दिनचर्या में शामिल करना आवश्यक है।

उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में अनेक बच्चे अवसाद, तनाव और नकारात्मक सोच से गुजर रहे हैं, ऐसे में अभिभावकों को समय-समय पर परामर्श (काउंसलिंग) की व्यवस्था करनी चाहिए। सकारात्मक आदतें, अनुशासन और संवेदनशील पालन-पोषण ही बच्चों को आत्मविश्वासी, संतुलित और जिम्मेदार नागरिक बनाने की मजबूत नींव रखते हैं। कार्यक्रम में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले बच्चों को आयुक्त देवीपाटन मंडल शशि भूषण लाल सुशील के हाथों द्वारा पुरस्कृत किया गया।

आयुक्त ने बताया कि पुरस्कृत बच्चों को स्टेट लेवल प्रतियोगिता में प्रतिभाग के लिए भेजा जाएगा। जिन बच्चों को पुरस्कार नहीं मिल सका, उनसे कहा गया कि यह अंतिम अवसर नहीं है—निरंतर प्रयास से सफलता अवश्य मिलेगी।
इस अवसर पर चैंपियन ऑफ चेंज श्रेणी में 10 बच्चों को सम्मानित किया गया, जिनमें गोण्डा की अनसुइया यादव व लक्ष्मी सोनी, बलरामपुर की साक्षी, श्रावस्ती की अनुप्रिया, बहराइच की निधि तिवारी सहित अन्य प्रतिभाशाली बच्चे शामिल रहे।

बाल उत्सव का उद्देश्य उच्च प्राथमिक विद्यालयों में संचालित सेल्फ-स्ट्रीम एवं मीना मंच गतिविधियों के माध्यम से बच्चों के सपनों और आकांक्षाओं का उत्सव मनाना, आत्मविश्वास को पोषित करना और सफलता की कहानियों को साझा करने का मंच प्रदान करना रहा। कार्यक्रम ने सिद्ध किया कि सही दिशा और अवसर मिलने पर बच्चे न केवल स्वयं आगे बढ़ते हैं, बल्कि समाज को भी सकारात्मक परिवर्तन की प्रेरणा देते हैं।


इस अवसर पर संयुक्त विकास आयुक्त देवीपाटन राकेश कुमार पाण्डेय, सहायक निदेशक (बेसिक शिक्षा) राम सागर पति त्रिपाठी तथा जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी अमित सिंह उपस्थित रहे।
ऐतिहासिक दुखहरण नाथ मंदिर के दानपात्र का ताला तोड़कर चोरी, घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद
*गर्भगृह में तोड़ा दानपात्र, पुलिस जांच में जुटी

गोंडा।जिले के नगर कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत स्थित ऐतिहासिक दुखहरण नाथ मंदिर में चोरी की घटना सामने आई है।जिसमें एक अज्ञात युवक जूते पहनकर मंदिर के गर्भगृह में प्रवेश कर दानपात्र का ताला तोड़कर नगदी चुरा लिया है।यह पूरी घटना मंदिर में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है।यह घटना नगर कोतवाली से लगभग 300 मीटर की दूरी पर स्थित दुखहरण नाथ मंदिर में हुई।सीसीटीवी फुटेज के अनुसार चोर अर्धरात्रि लगभग एक बजे मंदिर का दरवाजा तोड़कर अंदर घुसा और गर्भगृह में प्रवेश करते ही उसने अपनी कमर से प्लास निकालकर दानपात्र तोड़ने का प्रयास किया।काफी मशक्कत के बाद जब वह पहला दानपात्र नहीं तोड़ पाया तो उसने इधर उधर देखा और फिर पूरी ताकत लगाकर उसे तोड़ दिया तथा उसमें रखे पैसे निकालने के बाद उसने बाहर लगे दूसरे दानपात्र को तोड़कर उसमें से भी नगदी चुराई और मौके से फरार हो गया।मंदिर के महंत राघवेंद्र ने इस घटना के संबंध में नगर कोतवाली में तहरीर देते हुए उन्होंने चोर के खिलाफ सख्त कार्यवाही की मांग किया है।इसके साथ ही महंत ने मंदिर परिसर में रात के समय सुरक्षा ड्यूटी लगाने की भी मांग की है।महंत राघवेंद्र ने बताया कि पहले भी इस तरह की घटनाएं हो चुकी हैं लेकिन इस बार चोर ने धार्मिक मर्यादा का भी उल्लंघन किया है।जूते पहनकर गर्भगृह में प्रवेश करना और दानपात्र तोड़ना गंभीर मामला है।उन्होंने कहा कि न तो मंदिर सुरक्षित है और न तो यहाँ के लोग सुरक्षित हैं।महंत ने कहा कि यदि मेरे द्वारा पहले ही तहरीर दे दिया जाता जब पहली बार चोरी हुई थी तो आज इस तरीके की घटना न होती और हम चाहते हैं कि पुलिस इस मामले में कठोर कार्यवाही करे।
बोर्ड परीक्षा में दूसरे के स्थान पर परीक्षा दे रहा मुन्ना भाई गिरफ्तार
*1500 रुपये लेकर दूसरे के स्थान पर दे रहा था परीक्षा

गोंडा।यूपी बोर्ड की हाईस्कूल व इंटरमीडिएट की परीक्षाएं आज से प्रारम्भ हो गई हैं।परीक्षा के पहले ही दिन जिले में एक मुन्ना भाई को दूसरे परिक्षार्थी की जगह हिंदी का पेपर देते हुए पकड़ा गया।शासन द्वारा परीक्षा में किसी भी प्रकार की गड़बड़ी रोकने के लिए पहले ही निर्देश जारी किये जा चुके थे।यह घटना मनकापुर तहसील क्षेत्र स्थित जनता इंटर कॉलेज में सामने आई।परीक्षा शुरू होने के 15 मिनट बाद स्टैटिक मजिस्ट्रेट और आंतरिक सचल दल प्रभारी अमित कुमार ने कक्ष संख्या 26 की तलाशी लिया,तो पता चला कि हाईस्कूल के छात्र सुधीर कुमार के स्थान पर मनीष कुमार 1500 रुपये लेकर परीक्षा दे रहा था।दूसरे के स्थान पर परीक्षा देते पकड़े जाने के बाद मनीष कुमार पुत्र जलाल,निवासी चटकनवा थाना खोंड़ारे को छपिया थाने के पुलिस के सौंप दिया गया।परीक्षा केंद्र व्यवस्थापक की तरफ से आरोपी मनीष कुमार के खिलाफ छपिया थाने में मुकदमा दर्ज कराने के लिए तहरीर भी दिया गया है।जिले के जिला विद्यालय निरीक्षक ने पूरे मामले की रिपोर्ट यूपी बोर्ड को भेज दिया है तथा पकड़े गए आरोपी के खिलाफ कार्यवाही प्रारम्भ कर दिया गया है।इसके साथ ही, इस परीक्षा केंद्र पर होने वाली आगामी परीक्षाओं पर विशेष निगरानी रखने के निर्देश दिये गये हैं।छपिया थानाध्यक्ष प्रबोध कुमार ने बताया कि पूछताछ के दौरान आरोपी मनीष कुमार ने स्वीकार किया कि वह 1500 रुपये लेकर सुधीर कुमार की जगह परीक्षा दे रहा था।
दंगा भड़काने की साजिश के आरोप में अवध केशरी सेना अध्यक्ष गिरफ्तार
*रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह पर की थी टिप्पणी

गोंडा।रक्षामंत्री राजनाथ सिंह पर अभद्र और विवादित टिप्पणी करने के आरोप में गाजियाबाद पुलिस ने अवध केशरी सेना के राष्ट्रीय अध्यक्ष ठाकुर नीरज सिंह को गिरफ्तार कर लिया है।यह कार्रवाई शालीमार गार्डन थाने में दर्ज एफ आई आर के आधार पर की गई है।शिकायतकर्ता राजेश सिंह ने पुलिस को दिये गए तहरीर में बताया कि नीरज सिंह ने 13 फरवरी को एक वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर पोस्ट किया,जिसमें रक्षामंत्री के खिलाफ कथित रूप से अपमानजनक भाषा का इस्तेमाल किया गया।आरोप है कि वीडियो में गाली गलौज के साथ धमकी भरे शब्दों का भी प्रयोग किया गया है,जिससे भावनाएं आहत हुईं।शिकायत में कहा गया है कि इस तरह की टिप्पणियां समाज में वैमनस्य फैलाने वाली हैं और इससे प्रदेश में अशांति या दंगा भड़कने की आशंका पैदा हो सकती है।नीरज सिंह पर एक विशेष जातिगत टिप्पणी करने का भी आरोप लगाया गया है,जिसके बाद लोगों में नाराजगी बढ़ गई।पुलिस ने मामले में मुकदमा दर्ज किया है और जांच के बाद आरोपी को गिरफ्तार किया गया है।वजीरगंज थानाध्यक्ष विपुल पांडेय ने बताया कि आरोपी मूलरूप से गोंडा जिले के खिरिया गांव का मूल निवासी है।गाजियाबाद पुलिस ने स्थानीय पुलिस की मदद से उसे हिरासत में लिया और अपने साथ ले गई।उन्होंने बताया कि गिरफ्तारी की सूचना परिजनों को दे दी गई है और आगे की कार्रवाई गाजियाबाद पुलिस द्वारा की जा रही है।
विदेश राज्यमंत्री का निजी सचिव बताकर मारपीट करने वाले रमन यादव सहित चार के विरुद्ध मुकदमा दर्ज
*जांच में जुटी पुलिस

गोंडा।जिले के मनकापुर कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत विदेश राज्यमंत्री कीर्तिवर्धन सिंह उर्फ राजा भैया का सोशल मीडिया एकाउंट पर निजी सचिव बताने वाले रमन यादव व तीन अन्य के विरुद्ध मारपीट का मुकदमा दर्ज किया गया है।किशुनदासपुर गांव निवासी अमलेश उपाध्याय ने आरोप लगाया है कि गैस सिलेंडर लेकर घर लौटते समय उनके साथ मारपीट की गई है।पुलिस ने रमन यादव उनके भाई अजय यादव,विनय यादव और एक अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है।रमन यादव कथित तौर पर अपने सोशल मीडिया एकाउंट इंस्टाग्राम पर खुद को विदेश राज्यमंत्री का निजी सचिव बताता है और इसी के माध्यम से लोगों पर धौंस जमाने का काम करता है।मनकापुर कोतवाली पुलिस ने चारों आरोपियों के खिलाफ मारपीट और गाली गलौज समेत कई धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दिया है।इस मामले की जांच उपनिरीक्षक बाल मुकुंद चौहान को सौंपी गई है।मारपीट के दौरान पीड़ित अमलेश उपाध्याय की दाहिनी आँख में चोटें आई हैं और उन्होंने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में अपना उपचार कराया है।पीड़ित अमलेश उपाध्याय ने बताया कि यह घटना सोमवार 16 फरवरी को अपरान्ह लगभग तीन बजे हुई, जब वह मदन सिंह की गैस एजेंसी से गैस सिलेंडर लेकर मनकापुर रेलवे क्रासिंग होते हुए अपने घर जा रहा था।क्रासिंग पर ही आरोपियों ने उनकी बाइक में अपनी मोटरसाइकिल भिंड़ा दिया और गाली गलौज करना शुरु कर दिया।जब अमलेश ने इसका विरोध किया तो रमन यादव, अजय यादव व विनय यादव जो सगे भाई हैं,ने एक अज्ञात व्यक्ति के साथ मिलकर उनके साथ मारपीट किया।अमलेश उपाध्याय ने आरोप लगाते हुए बताया कि आरोपियों ने उन्हें भद्दी भद्दी गालियां देते हुए जान से मारने की धमकी भी दिया।रमन यादव ने इस दौरान खुद को विदेश राज्यमंत्री व गोंडा सांसद कीर्तिवर्धन सिंह उर्फ राजा भैया निजी सचिव बताया।पीड़ित के अनुसार,मारपीट के बाद आरोपियों ने कहा कि फिर तुमको मारेंगे तो मेरा कुछ नहीं कर पाओगे।वहीं इस पूरे मामले को लेकर के मनकापुर कोतवाल अरविन्द कुमार सिंह ने बताया कि पीड़ित की शिकायत पर तीन नामजद और एक अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।पूरे मामले को लेकर के मनकापुर कोतवाली पुलिस द्वारा जांच की जा रही है।पीड़ित व्यक्ति का मेडिकल परीक्षण भी कराया गया है और आगे की जांच में मनकापुर कोतवाली पुलिस जुटी हुई है।

यूपी बोर्ड परीक्षा में ड्यूटी लगाए जाने से नाराज डिप्लोमा इंजीनियर्स संघ ने किया विरोध प्रदर्शन
*परीक्षा ड्यूटी से मुक्त किए जाने की मांग

गोंडा।उत्तर प्रदेश डिप्लोमा इंजीनियर्स संघ के बैनर तले सैकड़ों इंजीनियरों ने बोर्ड परीक्षा में ड्यूटी लगाए जाने के विरोध में प्रदर्शन किया।उन्होंने काली पट्टी बांधकर कलेक्ट्रेट और कमिश्नर कार्यालय तक मार्च किया,जहाँ राज्यपाल को संबोधित एक ज्ञापन नगर मजिस्ट्रेट पंकज वर्मा को सौंपा।महासंघ की मुख्य मांग है कि सभी इंजीनियरों को तत्काल प्रभाव से परीक्षा ड्यूटी से मुक्त किया जाए।उनका कहना है कि शासनादेश के अनुसार इंजीनियरों की ड्यूटी नहीं लगानी चाहिए उसके बाद भी उन्हें मजिस्ट्रेट के दायित्वों का निर्वहन करने के लिए नियुक्त किया जा रहा है,जिससे उन्हें काफी दिक्कतें आ रही हैं।महासंघ के देवीपाटन मंडल अध्यक्ष इंजीनियर रवि कुमार यादव के नेतृत्व में सौंपे गये ज्ञापन में बताया गया कि शासन के गृह (पुलिस) अनुभाग 9 द्वारा 28 जनवरी 2026 को एक स्पष्ट शासनादेश जारी किया गया था।इस आदेश में माध्यमिक शिक्षा परिषद की हाईस्कूल और इंटरमीडिएट परीक्षाओं के लिए नामित अधिकारियों को कार्यपालक मजिस्ट्रेट की शक्तियां प्रदान की गई हैं।महासंघ का आरोप है कि शासनादेश में सिंचाई विभाग और लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों को इस ड्यूटी से छूट दी गई है।इसके बावजूद देवीपाटन मंडल के विभिन्न जिलों में प्रशासन द्वारा इन विभागों के अभियंताओं की जबरन ड्यूटी लगाई जा रही है।प्रदर्शनकारियों ने कहा कि नियम विरुद्ध ड्यूटी लगाने से तकनीकी कर्मचारियों के मनोबल पर नकारात्मक प्रभाव पड़ रहा है और उनमें गहरा असंतोष है।मंडल अध्यक्ष रवि कुमार यादव ने कहा कि जब शासन ने हमें इस कार्य से मुक्त कर रखा है तो स्थानीय प्रशासन नियमों की अवहेलना क्यों कर रहा है?यह सीधे तौर पर शासनादेश की गरिमा के प्रतिकूल है।सिंचाई और लोक निर्माण विभाग के कर्मचारियों को बोर्ड परीक्षा की ड्यूटी से तत्काल कार्यमुक्त किया जाए।28 जनवरी 2026 के शासनादेश का अक्षरशः पालन सुनिश्चित हो।नियम विरुद्ध आदेश जारी करने वाले उत्तरदाई अधिकारियों पर संज्ञान लिया जाए।प्रदर्शन के दौरान महासंघ ने चेतावनी दिया है कि यदि जल्द ही इन गलत ड्यूटियों को निरस्त नहीं किया गया तो संगठन उग्र आंदोलन और कार्य बहिष्कार के लिए बाध्य होगा।ज्ञापन देते समय मंडल के विभिन्न जनपदों से आए भारी संख्या में डिप्लोमा इंजीनियर और पदाधिकारी उपस्थित रहे।
बंदूक की नोक पर बार बालाओं को पैसे देने के मामले में आयोजक से पूछताछ शुरू
*लाइसेंसी असलहे के दुरूपयोग का आरोप,कार्रवाई की तैयारी

गोंडा।जिले के मोतीगंज थाना क्षेत्र अंतर्गत किशुन पुरवा गांव में आयोजित एक तिलक समारोह का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है।वायरल वीडियो में बार बालाओं को बंदूक के नोक पर पैसे दिए जाते देखा जा सकता है,जिसके बाद पूरे मामले ने तूल पकड़ लिया है।बताया जा रहा है कि उक्त कार्यक्रम नकछेद मिश्रा के पुत्र कबीर मिश्रा उर्फ़ यश के तिलकोत्सव का था।आरोप है कि परसपुर थाना क्षेत्र से आए लड़की पक्ष के कुछ लोगों ने समारोह के दौरान हथियारों का प्रदर्शन किया।वायरल वीडियो में एक युवक हाथ में बंदूक लेकर उसके नोक पर दस रुपए का नोट लगाता है और फिर बार बालाओं को देता दिखाई दे रहा है।नोट लेने के बाद बार बालाएं डांस करती नजर आ रही हैं।घटना का वीडियो सामने आने के बाद लाइसेंसी हथियारों के उपयोग को लेकर सवाल खड़े हो गए हैं।आमतौर पर हथियार आत्मरक्षा के लिए जारी किए जाते हैं,लेकिन सार्वजनिक आयोजनों में इस तरह के प्रदर्शन को नियम विरुद्ध माना जा रहा है।वीडियो वायरल होने के बाद मोतीगंज थाने की पुलिस ने मामले का संज्ञान लेते हुए जांच शुरू कर दिया है।पुलिस टीम गांव पहुंचकर कार्यक्रम के आयोजक नकछैद मिश्रा से पूछताछ कर रही है और वीडियो की सत्यता की जांच कर रही है।मामले में मोतीगंज थानाध्यक्ष अरविंद कुमार यादव ने बताया कि वायरल वीडियो के आधार पर मामले की जांच की जा रही है।उन्होंने बताया कि जांच के निष्कर्षों के आधार पर आवश्यक कानूनी कार्यवाही की जाएगी।पुलिसकर्मियों को मौके पर भेजकर पूरे घटनाक्रम की जानकारी एकत्र की जा रही है।
अभिनंदन ट्रस्ट ने उठाया गरीब परिवार की लड़कियों की शादी का बीड़ा
*बेरोजगारों को स्थानीय स्तर पर रोजगार उपलब्ध कराएगा अभिनंदन ट्रस्ट

गोंडा।अभिनंदन ट्रस्ट देश व प्रदेश में पैसे के अभाव में जिन लड़कियों की शादी नहीं हो रही है उनकी शादी करवाएगा तथा बेरोजगारों को रोजगार की तलाश में अपने परिवार से दूर नहीं जाना पड़ेगा।यह बात अभिनंदन ट्रस्ट के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉक्टर विश्वास कुमार ने स्थानीय शर्मा होटल में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान मीडिया को संबोधित करते हुए बताया।उन्होंने कहा कि ट्रस्ट का मुख्य उद्देश्य देश व समाज में व्याप्त विषमताओं को दूर करना है।डॉक्टर विश्वास ने भरोसा दिलाते हुए कहा कि वह दिन दूर नहीं जब समाज में व्याप्त विसंगतियों को समाप्त कर स्वस्थ समाज की स्थापना किया जाएगा।श्री विश्वास ने कहा कि ट्रस्ट से किसी भी प्रकार के सहयोग के लिए किसी को भी कहीं जाने की आवश्यकता नहीं है बल्कि जिस भी जनपद से ताल्लुक रखते हैं उस जिले के जिला तहसील अथवा ब्लॉक प्रभारी से मिलकर शादी का निमंत्रण पत्र देकर ट्रस्ट का सहयोग ले सकते हैं।पत्रकार वार्ता में राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री डॉक्टर विश्वास कुमार के साथ,राष्ट्रीय महामंत्री संजय सिंह, डाक्टर मशरूर अहमद,शहर कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष अब्दुल रहमान, औबैदुर्रहमान सिम्पू,डाक्टर राजबहादुर सिंह मौजूद रहे।
मां की डांट के डर से खेत में छुपे थे बच्चे,24 घंटे बाद सकुशल मिले
*पुलिस,एसओजी,एनडीआरएफ व एसडीआरएफ ने चलाया सर्च अभियान

गोंडा।जिले के खोंड़ारे थाना क्षेत्र अंतर्गत ढ़डुआ कुतुबजोत गांव में रविवार देर शाम संदिग्ध परिस्थितियों में गायब हुए बच्चों को 24 घंटे के अंदर सकुशल बरामद कर लिया।सभी बच्चे घर से लगभग 200 मीटर दूर एक सरसों के खेत में डरे सहमे बैठे मिले।पुलिस पूछताछ में बच्चों ने बताया कि 7 वर्षीय कृष्णा शर्मा ने गांव के एक बच्चे की खिलौना बंदूक तोड़ दी थी।इसी बात पर उसकी माँ सोनी उसे डांटने व मारने के लिए दौड़ी।माँ की डर से कृष्णा भागा तो उसके साथ बाकी बच्चे भी भाग गये।बच्चे भागकर पास के सरसों के खेत में पहुंच गए।यहाँ वो देर तक खेलते रहे और रात होने पर उन्हें नींद आ गई।

डर के कारण बच्चे सुबह भी घर नहीं लौटे क्योंकि उन्हें आशंका थी कि घर पहुंचने पर फिर डांट या पिटाई हो सकती है।गायब होने वाले बच्चे क्रमशः विश्व प्रताप विश्वकर्मा (10)पुत्र राम कुमार,कृष्णा शर्मा (7)पुत्र जगराम,शिवसंत उर्फ शिवांशु (5)पुत्र संदीप व रितेश शर्मा (7)पुत्र अजय शर्मा शामिल थे।बच्चों के अचानक गायब होने से गांव में हड़कंप मच गया और परिजनों ने पुलिस को इसकी सूचना दिया।बच्चों की तलाश में खोंड़ारे पुलिस व एसओजी टीम सहित कई टीमें लगातार जुटी रहीं तथा देर रात एसडीआरएफ और एनडीआरएफ को भी बुलाया गया,जिसके बाद आसपास के तालाबों में सर्च अभियान चलाया गया परन्तु कुछ पता नहीं चला।

स्थिति की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक विनीत जायसवाल भी मौके पर पहुंचे और खेतों में भी तलाशी अभियान के निर्देश दिए।खेतों में तलाशी के दौरान सरसों के खेत में सभी बच्चे एक साथ बैठे मिले।जिसके बाद उन्हें सुरक्षित बाहर लाया गया और तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र खोंड़ारे में मेडिकल परीक्षण कराया गया,जहाँ सभी बच्चे पूरी तरह स्वस्थ पाए गए।24 घंटे बाद बच्चों के मिलने पर परिजन उन्हें गले लगाकर रो पड़े और खुशी जाहिर किया।

पुलिस बच्चों को थाने ले जाकर आवश्यक पूछताछ कर रही है।पुलिस अधीक्षक ने सभी बच्चों के सुरक्षित बरामद होने की पुष्टि करते हुए बताया कि यह घटना पारिवारिक डांट के डर से भागने का मामला निकला।पुलिस ने अभिभावकों से बच्चों के साथ संवाद और निगरानी रखने की अपील किया है ताकि ऐसी घटनाएं दोबारा न हों।

चार बच्चों के गायब होने से मचा हड़कंप,बच्चों के गायब होने पर गुमशुदगी रिपोर्ट दर्ज
गोंडा।जिले के खोंड़ारे थाना क्षेत्र अंतर्गत ढंड़ुवा कुतुबजोत गांव में एक साथ चार बच्चे संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गए हैं।इस घटना से पूरे गांव और आसपास के इलाकों में हड़कंप मच गया है।परिजनों ने बच्चों की काफी खोजबीन किया परन्तु जब वे नहीं मिले तो खोंड़ारे थाने में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई गई है।लापता बच्चों में क्रमशः विश्व प्रताप विश्वकर्मा (10) पुत्र रामकुमार विश्वकर्मा,कृष्णा शर्मा (7) पुत्र जगराम,रितेश शर्मा (7) पुत्र अजय शर्मा व शिवसंत उर्फ दिव्यांशु (5) पुत्र संदीप शामिल हैं।इन बच्चों के अचानक गायब होने से परिजनों का रो रो कर बुरा हाल है।बच्चों की गुमशुदगी रिपोर्ट दर्ज होने के बाद खोंड़ारे थाने की पुलिस ने क्षेत्राधिकारी मनकापुर के साथ मौके पर पहुंच कर देर रात 4 बजे तक सघन सर्च अभियान चलाया।एसडीआरएफ और एनडीआरएफ की टीमों को भी बुलाया गया।टीमों ने तालाबों और नदियों में भी बच्चों को तलाश किया परन्तु खबर लिखे जाने तक कोई सुराग नहीं मिला है।खोंड़ारे थानाध्यक्ष यशवंत सिंह ने बताया कि बच्चे कल देर शाम 5 बजे से लापता हैं।पुलिस को देर रात सूचना मिली जिसके बाद मौके पर जांच और सर्च अभियान चलाया गया।उन्होंने कहा कि आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की भी जांच की जा रही है और दिन में भी अलग अलग स्थानों पर बच्चों की तलाश जारी है,लेकिन अभी तक उनका कोई पता नहीं चला है।