जहानाबाद: मननपुर में गूँजी बच्चों की हँसी, मेहनत को मिला सम्मान — शिक्षा, खेल और संस्कार का सुंदर संगम
मखदुमपुर (जहानाबाद)।प्राथमिक विद्यालय मननपुर में बिहार शिक्षा परियोजना, जहानाबाद के आलोक में वार्षिक बाल मेला सह स्पोर्ट्स मीट, शिक्षक-अभिभावक संगोष्ठी एवं पुरस्कार वितरण समारोह का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम के दौरान बच्चों की प्रतिभा, मेहनत और अनुशासन को सम्मानित करते हुए शिक्षा, खेल और संस्कार का सुंदर समन्वय देखने को मिला।
कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय के पूर्व प्रभारी प्रधान शिक्षक शंभू कुमार द्वारा किया गया, जबकि कार्यक्रम का सफल संचालन वर्तमान प्रधान शिक्षक विवेक कुमार ने किया।
विद्यालय परिसर में दिनांक 29 जनवरी 2026 को आंगनवाड़ी तथा कक्षा 1, 2 एवं 3 के बच्चों के बीच आयोजित स्पोर्ट्स मीट का पुरस्कार वितरण आज शिक्षक-अभिभावक संगोष्ठी के अवसर पर किया गया। प्रतियोगिताओं में प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले बच्चों को आकर्षक पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। वहीं आंगनवाड़ी के सभी बच्चों को स्कूल बैग प्रदान किए गए तथा अन्य सभी प्रतिभागियों को उपहार देकर उनका उत्साहवर्धन किया गया।
शिक्षक-अभिभावक संगोष्ठी के दौरान प्रधान शिक्षक विवेक कुमार ने
“हम और आप मिलकर करेंगे बच्चों का समग्र विकास”
विषय पर अभिभावकों से संवाद करते हुए बच्चों के शैक्षणिक, मानसिक एवं नैतिक विकास से जुड़ी विद्यालय की भावी योजनाओं की जानकारी साझा की। उन्होंने बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए अभिभावकों से निरंतर सहभागिता और सहयोग का आह्वान किया।
कार्यक्रम को सफल बनाने में वरीय शिक्षक अजीत कुमार, सुरेश कुमार निराला, ममता कुमारी, ऋषभ कुमार श्रीवास्तव, आंगनवाड़ी सेविका मनोरमा देवी एवं सहायिका शवाना खातून का सराहनीय योगदान रहा।
कार्यक्रम का समापन बच्चों के उज्ज्वल भविष्य की कामना, प्रेरणादायी संदेशों तथा अल्पाहार वितरण के साथ किया गया। बच्चों के चेहरे पर मुस्कान और अभिभावकों की संतुष्टि ने इस आयोजन को यादगार बना दिया।
कार्यक्रम में गूँजती प्रेरणादायी पंक्तियाँ—
नन्हे कदम जब आगे बढ़े,
सपनों ने भी पंख लगाए।
मेहनत की राह पर चलकर,
तुमने अपने रंग दिखाए।
हार में भी हिम्मत रखना,
जीत को बनाना पहचान।
हम सब मिलकर गढ़ेंगे मिलकर,
तुम्हारा सुनहरा अरमान।
3 hours ago
- Whatsapp
- Facebook
- Linkedin
- Google Plus
1- Whatsapp
- Facebook
- Linkedin
- Google Plus
0.4k