10 महीने में 141 नाबालिगों, 219 महिलाओं ने छोड़ा घर
नितेश श्रीवास्तव

भदोही। कालीन नगरी में बीते 10 महीने में सोशल मीडिया के जरिए संपर्क में आकर 141 किशोरियां और 219 युवतियां लापता हो गई हैं। पुलिस जांच में सामने आया कि वह अंजना युवकों से फोन और फेसबुक के माध्यम से बातचीत करके घर छोड़ दी थीं। पुलिस टीम ने इसमें 51 को छोड़कर शेष को खोज निकाला है। ज्यादातर लड़कियों की उम्र 15 से 18 वर्ष के बीच है। सोशल मीडिया के माध्यम और फोन से अंजान युवकों के संपर्क में आने से वह घर का मोह त्याग दे रही हैं। बीते 10 महीने में अलग-अलग थानाक्षेत्र से कुल 141 किशोरियां लापता हो गईं। यही नहीं 219 युवतियां भी घर छोड़कर चली गईं। जिले के हर थाने की दो टीमें रोज लापता लड़कियों को खोजने में जुटी रहती हैं। परिजनों ने लड़कियों को पढ़ने के लिए मोबाइल दिए। इसके गलत इस्तेमाल से वह अंजान लोगों से जुड़ गईं। हाल ही में गोपीगंज के एक गांव से दो चचेरी बहनें एक साथ ही गायब हो गईं। पुलिस ने एक को अमेठी से प्रेमी के साथ पकड़ा। हालांकि, दूसरे की तलाश अब भी हो रही है। बीते एक सप्ताह में सुरियावां, औराई, भदोही, गोपीगंज से ही करीब सात किशोरियां घर छोड़कर चली गई। पुलिस विभाग के आंकड़ों पर गौर करें तो एक अप्रैल 2025 से 31 जनवरी 2026 तक 141 किशोरियां लापता हुईं। इसमें 128 को बरामद किया गया। जबकि 13 को पुलिस नहीं ढूढ़ सकी। 219 युवतियां भी घर से गायब हो गईं। इसमें 38 की तलाश अभी की जा रही है। साल 2024 में यह संख्या 110 और 180 ही था। ऐसे में साल 2025 में यह डेढ़ गुना अधिक हो गया है।




सोशल मीडिया और मोबाइल के अधिक प्रयोग से दिक्कतें बढ़ रही है। लापता होने वाली किशोरियों और युवतियों को पुलिस टीमें लगाकर खोजा जा रहा है। अधिकांश बरामद की जा चुकी हैं, जो लापता हैं उनकी तलाश में टीमें लगी हैं। - अभिमन्यु मांगलिक, एसपी
भदोही में स्थित है पांडव काल का अनोखा शिवलिंग: तिलेश्वर महादेव मंदिर में मौसम के साथ बदलता है शिवलिंग का रंग
नितेश श्रीवास्तव


भदोही। भदोही के गोपीगंज से 4 किलोमीटर दूर गंगा तट पर स्थित तिलेश्वर महादेव मंदिर में एक अद्भुत शिवलिंग स्थापित है। यह शिवलिंग अपनी क‌ई विशेषताओं के लिए जाना जाता है। मौसम के अनुसार इस शिवलिंग का रंग बदलता है। साल में एक बार यह चपरा भी छोड़ता है। महाभारत काल से जुड़े इस मंदिर की स्थापना पांडवों के अज्ञातवास के दौरान भीम द्वारा की गई थी। इसी कारण शिवलिंग का आकार भी विशाल है। मंदिर तिलंगा गांव में स्थित होने के कारण इसे तिलेश्वर महादेव के नाम से जाना जाता है। पुरातत्त्व विभाग ने जब मंदिर के गर्भगृह की खुदाई की,तो शिवलिंग का दूसरा छोर नहीं मिला। खुदाई के दौरान क‌ई प्राचीन देवी-देवताओं की मूर्तियां मिली,जो आज भी मंदिर परिसर में एक नीम के नीचे स्थापित है। श्रद्धालु इन मूर्तियों की भी पूजा करते हैं। महाशिवरात्रि और श्रावण मास में यहां एक माह तक मेला लगता है। इस दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालु दर्शन के लिए आते हैं। मान्यता है यहां की गई प्रार्थना से भक्तों की मनोकामना पूरी होती है।
बोर्ड परीक्षा: 92 केंद्रो पर लगाएं जाएंगे अतिरिक्त केंद्र व्यवस्थापक

नितेश श्रीवास्तव

भदोही। जिले में 18 फरवरी से शुरू होने वाली बोर्ड परीक्षा को पारदर्शी ढंग से कराने के लिए शिक्षा विभाग ने तैयारी शुरु कर दी है। हाईस्कूल और इंटरमीडिएट की परीक्षा के लिए बने 94 केंद्रो में 92 पर अतिरिक्त केंद्र व्यवस्थापक लगाए जाएंगे। विभूति नारायण राजकीय इंटर कॉलेज ज्ञानपुर और मॉडल इंटर कॉलेज सागरपुर को छोड़कर सभी पर केंद्र व्यवस्थापक, स्टेटिक मजिस्ट्रेट संग अतिरिक्त केंद्र व्यवस्थापक रहेंगे। तीनों की मौजूदगी में ही डबल लॉक से प्रश्नपत्र निकाले जाएंगे। माध्यमिक शिक्षा परिषद की ओर से होने वाली बोर्ड परीक्षा में इस बार हाईस्कूल और इंटर के करीब 54.34 हजार परीक्षार्थी शामिल होंगे। परीक्षा की तैयारी को लेकर विभाग जोर-शोर से लगा है। नकल पर नकेल लगाने के लिए विभाग की ओर से तैयारी की जा रही है। इसके लिए जिले को तीन जोन और 12 सेक्टरों में बांटा गया है। कक्ष निरीक्षकों की सूची को फाइनल की जा रही है। परीक्षा केंद्रों पर केंद्र व्यवस्थापक के अलावां प्रशासन की तरफ से एक-एक स्टेटिक मजिस्ट्रेट और शिक्षा विभाग की ओर से अतिरिक्त केंद्र व्यवस्थापक लगाए जाएंगे। परीक्षा केंद्र की हर गतिविधि पर नजर रखी जाएगी। डबल लॉक आलमारी, यानि जिसमें पेपर सुरक्षित और गोपनीय तरीके से रखा जाता है, उसकी एक चाबी भी अतिरिक्त केंद्र व्यवस्थापक के पास रहेगी। परीक्षा शुरू होने से पहले दोनों केंद्र व्यवस्थापकों की मौजूदगी में डबल लॉक को खोला जाएगा। इसके बाद प्रश्नपत्र का वितरण किया जाएगा। जिला विद्यालय निरीक्षक अंशुमान ने बताया कि पारदर्शी परीक्षा के लिए सभी तैयारी की जा रही है। 94 में 92 केंद्रो पर अतिरिक्त केंद्र व्यवस्थापक भी लगाए जा रहे हैं।
तुर्किये के टैरिफ से भारत को सालाना 3500 करोड़ का नुकसान
*भदोही के कालीन उद्यमी बोले - तुर्कीय के कालीन पर भारत सरकार को रसिप्रोकल टैरिफ लगाना चाहिए*




नितेश श्रीवास्तव

भदोही। अमेरिका से ट्रेड डील, यूरोपीय संघ और ब्रिटेन से फ्री ट्रेड एग्रीमेंट (एफटीए) होने के बाद भारतीय कालीन उद्योग को काफी हद तक राहत मिली है। अभी भी तुर्किये का भारतीय उत्पादों पर 45 प्रतिशत टैरिफ कालीन उद्योग पर भारी पड़ रहा है। अगर भारत तुर्किये पर रेसिप्रोकल टैरिफ लगाए तो तुर्किये के रूप में भारत को 3500 करोड़ का बाजार मिल सकता है। अमेरिका भारतीय कालीन का सबसे बड़ा खरीदार है इसलिए अमेरिका ट्रेड डील को कालीन उद्योग के लिए सर्वाधिक लाभप्रद बताया जा रहा है। नगर के कालीन उद्यमी मानते हैं कि भारत की ओर से तुर्किए पर रेसिप्रोकल टैरिफ नहीं लगाए जाने से तुर्किये के कालीन धड़ल्ले से भारत आ रहे हैं। उनके भारी भरकम टैरिफ के चलते भारतीय कालीन का तुर्किये को निर्यात लगभग समाप्त होने के कगार पर पहुंच गया है। उद्यमी बताते हैं कि तुर्किये में मशीन से गलीचा बनता है। इसमें से 20 प्रतिशत तक भारत आयात कर रहा है।
26 करोड़ से बहरैची में बनेगा दूसरा सीएम मॉडल कंपोजिट विद्यालय


रिपोर्ट -‌ नितेश श्रीवास्तव

भदोही। भदोही तहसील के बहरैची में मुख्यमंत्री मॉडल कंपोजिट विद्यालय निर्माण के लिए शासन से स्वीकृति मिल गई है। बेसिक शिक्षा विभाग ने 26 करोड़ का स्टीमेट बनाकर शासन को भेज दिया है। जिले के दूसरे सीएम माॅडल विद्यालय में विद्यार्थियों को आधुनिक सुविधाएं मिलेंगी। इसमें करीब दो हजार बच्चों का नामांकन होगा। जिले में 885 प्राथमिक, पूर्व माध्यमिक और कंपोजिट विद्यालय संचालित हैं। काॅन्वेंट विद्यालयों जैसी सुविधा के लिए जिले की तीन तहसीलों में एक-एक मुख्यमंत्री मॉडल कंपोजिट विद्यालय बनना है। औराई ब्लाॅक के गिर्दबड़गांव में स्कूल का निर्माण कार्य शुरू चल रहा है। भदोही के बहरैची में जमीन चिह्नित की गई थी। अब शासन से स्वीकृति मिलने पर स्टीमेट बनाकर भेज दिया गया है। विद्यालयों में कक्षा एक से 12 तक की कक्षाएं चलाई जाएंगी। ज्ञानपुर के घरांव में जमीन का चयन किया जा चुका है। पांच से छह एकड़ भूमि में विद्यालय का निर्माण कराया जाएगा। शिवम पांडेय, बीएसए ने बताया कि मुख्यमंत्री मॉडल कंपोजिट विद्यालय तीनों तहसीलों में बनना है। औराई के गिर्दबड़गांव में काम चल रहा है। बहरैची में अप्रैल से काम शुरु होने की संभावना है। घरांव में आगामी वर्ष में स्वीकृति मिलने पर निर्माण होगा। बहरैची में बनने वाले विद्यालय पर 26 करोड़ रुपये खर्च होंगे।सीएम मॉडल कंपोजिट विद्यालय में स्मार्ट क्लास, रोबोटिक्स और मशीन लर्निंग ट्रेनिंग, लैंग्वेज, मैथ्स, साइंस व कंप्यूटर लैब, हॉल, खेलकूद का मैदान, मॉड्यूलर किचन, डाइनिंग हॉल के साथ, सीसीटीवी कैमरे, सोलर पैनल आदि आधुनिक सुविधाएं विकसित की जाएंगी। औराई के गिर्दबड़गांव में निर्माणाधीन मुख्यमंत्री मॉडल कंपोजिट विद्यालय का निर्माण करीब-करीब 50 फीसदी तक पूर्ण हो गया है। शासन की प्राथमिकता में शामिल होने के कारण नोडल अफसर से लेकर डीएम शैलेष कुमार हर महीने उक्त विद्यालय का निरीक्षण कर प्रगति रिपोर्ट लेते हैं।
साधकों की साधनास्थली रही है बाबा बड़ेशिव धाम
*मंदिर का सुरम्य वातावरण करता है आकर्षित*

नितेश श्रीवास्तव

भदोही। जिले में शिवभक्तों की आस्था का प्रमुख केन्द्र बाबा बड़े शिव मंदिर का इतिहास 16वीं शताब्दी से जुड़ा हुआ है। मंदिर परिसर का सुरम्य वातावरण हर किसी को आकर्षित करता है। शायद यहीं कारण है कि यह मंदिर परिसर निर्माण काल से ही साधकों की साधना स्थली रही है। यहां मोरंग के राजा के साथ ही मौनी स्वामी ने साधना की थी। वहीं आज भी जनवरी-फरवरी माह के दौरान नागा साधु एक महीने तक यहां रूक कर भोलेनाथ की साधना करते हैं।
मंदिर का निर्माण कार्य लगभग 16वीं शताब्दी में हुआ था। तब मंदिर के चारों ओर घनघोर जंगल हुआ करता था। जिसमें पलाश के वृक्ष अधिक थे। बताया जाता है कि एक बार अयोध्या के राजा शिकार करने जंगल में आये थे। वे भूख प्यास से व्याकुल थे, तो एक साधु ने उनको दर्शन दिया और उनकी प्यास बुझाई । मान्यता है कि जहां साधु ने उन्हें दर्शन दिया था। उसी स्थान पर राजा ने एक शिवलिंग की स्थापना की। कालांतर में शिवलिंग जमीन के अंदर चला गया। एक दिन नगर के एक धार्मिक व्यक्ति के घर सर्प आया। सर्प को देख आसपास के लोग उसे मारने को दौड़ पड़े, लेकिन उस व्यक्ति ने उन्हें रोकते हुए जिस ओर नाग देवता चले। अनायास ही उसी ओर चल पड़े। जंगल में पहुंचने के बाद सर्प एक जगह पर अपना फन पटकने लगा। जहां खुदाई की गई तो भोलेनाथ के शिवलिंग का दर्शन हुआ। उसके बाद से ही यह लोगों की आस्था का प्रमुख केन्द्र हो गया मंदिर का सुरम्य वातावरण न सिर्फ आम लोगों को बल्कि साधु-संतों को भी आकर्षित करता है। इस मंदिर की एक और खासियत है। मंदिर के चारों तरफ हनुमान जी मूर्ति विराजमान है। मंदिर के ठीक सामने एक प्राचीन तालाब है। जिसमें कमल पुष्प सुशोभित होते हैं। इसके अलावा चारों तरफ घने पेड़ों का परिक्षेत्र है। यह साधकों को भी आकर्षित करती है। लगभग 60 वर्ष पूर्व मोरंग के राजा, जो राजा बाबा के नाम से प्रसिद्ध हुए। इस स्थान को अपनी तपस्थली बनाई। इसी तरह मौनी स्वामी ने भी यहीं पर पीपल के वृक्ष के नीचे साधना की। पीपल का वृक्ष आज भी है। जनवरी-फरवरी में महाकुंभ के समय नागा साधु एक महीने तक मंदिर पर प्रवास कर साधना करते हैं।
₹1 के कमीशन पर बनाता था कोडिन सिरप का बिल:फर्म संचालक ने कागजों में दिखाई 10 लाख की सप्लाई, 12 करोड़ का लेन-देन
रिपोर्ट -‌ नितेश श्रीवास्तव

भदोही। भदोही में पुलिस ने कोडीनयुक्त कफ सिरप प्रकरण में वाराणसी के रहने वाले एक फर्म संचालक को गिरफ्तार किया है बताया जाता है कि फर्म संचालक ने फर्जी तरीके से 10 लाख बोतलों की सप्लाई सिर्फ कागजों में दिखाई थी ।भदोही के औराई थाने में औषधि निरीक्षक के द्वारा 2025 में कोडीन कफ सिरप का नशे के लिए इस्तेमाल होने के प्रकरण में मुकदमा दर्ज कराया था पुलिस को इस जांच में वाराणसी के रहने वाले शैलेंद्र तिवारी का नाम प्रकाश में आया जिसे माधोसिंह रेलवे स्टेशन के पास से पुलिस ने गिरफ्तार किया है । पुलिस ने बताया कि आरोपी ने पूछताछ में बताया है कि दिल्ली के एक दवा व्यापारी के कहने पर सिरप की सप्लाई कागजों में उसने की थी। फर्जी तरीके से ई वे बिल बनाकर जीएसटी फाइल करने की बात आरोपी ने स्वीकार की है पुलिस ने बताया कि करीब 10 लाख बोतलों की सप्लाई कागजों में दिखाई गई फर्जी कूटरचित तरीके से सिरप की सप्लाई हुई है इन 10 लाख बोतलों की फर्जी सप्लाई दिखाने की एवज में आरोपी शैलेंद्र तिवारी को करीब 15 लाख रुपए मिले थे ।आरोपी ने अपना कमीशन काटकर एक मेडिकल एजेंसी को पैसे ट्रांसफर किये थे। भदोही के एसपी ने कहा कि पूजा तिवारी के नाम से यह फर्म रजिस्टर्ड थी जिसका पूरा ऑपरेशन उनका पति शैलेंद्र तिवारी देखता था सिर्फ कागजों पर कोडीन कफ सिरप का बड़े पैमाने पर डायवर्सन किया गया है इस गैंग से जुड़े अन्य लोगों की भी तलाश की जा रही है।
केंद्रों पर नौ से वितरित होंगी उत्तर पुस्तिकाएं


रिपोर्ट -‌ नितेश श्रीवास्तव

भदोही ‌। जिले में यूपी बोर्ड की हाईस्कूल और इंटरमीडिएट परीक्षा की तैयारी तेज हो गई है। विभूति नारायण राजकीय इंटर कॉलेज स्थित संकलन केंद्र पर उत्तरपुस्तिकाएं पहुंच गई हैं। नौ फरवरी यानि सोमवार से परीक्षा केंद्रों को वितरण शुरू किया जाएगा। तीनों तहसीलों के परीक्षा केंद्रों पर अलग-अलग तिथियों पर कॉपियां वितरित की जाएंगी। परीक्षा शुरू होने से दो-तीन घंटे पहले प्रश्नपत्र पहुंचाने की तैयारी है, इसकी पुख्ता सुरक्षा के साथ सीसीटीवी से 24 घंटे ऑनलाइन निगरानी भी कराई जाएगी। यूपी बोर्ड की परीक्षाएं 18 फरवरी से शुरू होंगी। इसके लिए 94 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं।

जिले में 54 हजार हाईस्कूल और इंटरमीडिएट के परीक्षार्थी परीक्षा देंगे। इनके लिए लगभग चार लाख से अधिक कॉपियों एवं कला प्रपत्र की जरूरत है। सादी कॉपियों की आपूर्ति में विलंब हुआ, इससे वितरण कार्य भी देर से शुरू कराया जा रहा है।

ज्ञानपुर के पीएमश्री विभूति नारायण राजकीय इंटर कॉलेज में बनाए गए भंडार गृह में सादी कॉपियों को रखा गया है। जिला विद्यालय निरीक्षक अंशुमान ने बताया कि कापियां आ गई हैं। सोमवार से इसका वितरण शुरू कराया जाएगा।

एक-एक कॉपी का ब्योरा परीक्षा केंद्रों को रखना होगा। कॉपियों का मिलान करना पड़ रहा है। उन्होंने बताया कि नौ से 12 फरवरी तक शत-प्रतिशत कापियां 94 केंद्रों पर पहुंच जाएंगी। वितरण केंद्र से परीक्षा केंद्र तक कॉपियों को बंद वाहन में ही ले जाने के आदेश दिए गए हैं। केंद्र व्यवस्थापकों से कहा गया है कि कॉपियों की जांच मौके पर ही कर लेंगे।

क्रम संख्या का मिलान भी करें, क्योंकि बाद में कोई आपत्ति स्वीकार नहीं की जाएगी। परीक्षा के दिन परीक्षार्थियों को क्रमवार कॉपियां बांटी जाएंगी।
50वें इंडिया कारपेट एक्सपो में अब आएंगे अमेरिकी आयातक

*म‌ई तक देश और विदेश में प्रस्तावित है आठ एक्सपो, आयातकों का बढ़ा रुझान*


नितेश श्रीवास्तव

भदोही। भदोही के कालीन उद्यमी मानते हैं कि अमेरीका जैसे खरीदार हमारे पास नहीं हैं। भारतीय कालीनों का 60 प्रतिशत खरीदार अमेरीका है। जब अमेरीका ने भारतीय कालीनों के अमरीका में प्रवेश पर टैरिफ बढ़ाकर 50 प्रतिशत कर दिया था तब कालीन इकाईयों में बाजार थम गया था। गोदामों में कालीन डंप होने लगे थे। दो दिन पहले भारत-अमेरीका की बेच नए ट्रेड डील होने और टैरिफ 50 से 18 प्रतिशत होने से अब उद्यमी आगामी एक्सपो और प्रदर्शनियों में भागीदारी पर जोर दे रहे हैं। कालीन निर्यात संवर्धन परिषद (सीईपीसी) के उपाध्यक्ष असलम महबूब ने बताया कि एक्सपो के प्रति अब तक हमारे निर्यातक उदासीन बने थे। एकाएक टैरिफ घटने से उनमें उत्साह का संचार हो गया है। लोग अपनी-अपनी तैयारियों में जुट गए हैं। भदोही के निर्यातकों का रुझान नई दिल्ली में होने वाले इंडिया कारपेट एक्सपो और भारत सरकार द्वारा आयोजित भारत टेक्स पर रहता है।



आने वाले महीने में लगने वाले एक्सपो

जांजगीर चांपा छत्तीसगढ़ एक्सपो 19 से 21 फरवरी
इंडिया कारपेट एक्सपो नईदिल्ली 11 से 14 अप्रैल
कोपेनहेगन लाइफस्टाइल एक्सपो डेनमार्क 22 - 26 अप्रैल
होम इनस्टाइल हांगकांग फेयर 27 से 30 अप्रैल
डोमोटेक्स चाइना फ्लोर शंघाई 27 से 29 मई
भारतटेक्स एक्सपो नई दिल्ली 14 से 17 जुलाई
माफिया विजय मिश्रा गैंग के चंदन तिवारी की संपत्ति जब्त:भदोही में 4 लाख से अधिक की संपत्ति गैंगस्टर एक्ट में कुर्क

नितेश श्रीवास्तव

भदोही। सपा और निषाद पार्टी के पूर्व विधायक विजय मिश्र के करीबियों की मुश्किलें थमने का नाम नहीं ले रही हैं। पुलिस ने गैंगस्टर एक्ट में करीबी एवं पूर्व प्रधान चंदन तिवारी और गोपालकृष्ण तिवारी की चार लाख छह हजार की संपत्ति जब्त किया। शासन स्तर से पूर्व विधायक विजय मिश्र और उनके गैंग के सदस्यों पर लगातार कार्रवाई हो रही है। संगठित एवं पेशेवर अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में पुलिस करीबियों पर शिकंजा कस रही है। गैंगस्टर अपराधियों के खिलाफ संपत्ति जब्तीकरण की कार्रवाई के लिए तीन फरवरी को जिला मजिस्ट्रेट शैलेष कुमार ने कुर्क का आदेश दिया। कोइरौना थाने की पुलिस ने पूर्व विधायक के करीबी एवं आनापुर के पूर्व प्रधान चंदन तिवारी की बुलेट और गोपाल कृष्ण तिवारी उर्फ बुल्ले के आयशर ट्रैक्टर को जब्त यया। बुलेट की कीमत 84 हजार 560 और ट्रैक्टर की तीन लाख 22 हजार 168 रूप्ये आंकी गई। पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक ने बताया कि दोनों 2015 से ही अपराध जगत में सक्रिय होकर आपराधिक कृत्यों से अर्जित धन से अपने नाम से वाहनों को क्रय किया था। जिला मजिस्ट्रेट के आदेश के क्रम में कार्रवाई की गई।


*अब तक 200 करोड़ की संपत्ति हो चुकी है कुर्क*

आगरा जेल में बंद ज्ञानपुर के पूर्व विधायक विजय मिश्रा के परिजनों और करीबियों पर पुलिस का लगातार शिकंजा कसता चलता जा रहा है। पूर्व विधायक, बेटे, भतीजे और करीबियों की अब तक 200 करोड़ की संपत्ति कुर्क या जब्त हो चुकी है। सामूहिक दुष्कर्म सहित सात दर्जन से अधिक मामले में जेल में बंद पूर्व विधायक और उनके कुनबे पर शासन की नजर टेढ़ी बनी है। करीब पांच साल में 200 करोड़ से अधिक की चल-अचल संपत्ति कुर्क की जा चुकी है। रिश्तेदारों की संपत्ति हड़पने के मामले में अगस्त 2020 में मध्यप्रदेश के आगर से गिरफ्तार पूर्व विधायक पर कुछ महीनों में ताबड़तोड़ दो दर्जन से अधिक एफआईआर दर्ज की गई थी। एसपी अभिमन्यु मांगलिक ने बताया कि जीरो टॉलरेंस नीति के तहत कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने बताया कि अब तक पूर्व विधायक एवं करीबियों की 200 करोड़ की संपत्ति कुर्क हो चुकी है।